वनों में मानव हस्तक्षेप कम करने को वन्यजीव गलियारे होंगे चिह्नित

ऋषिकेश।
अब हाथियों को और अधिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी। राजाजी राष्ट्रीय पार्क एवं उससे सटे वन प्रभागों में हाथियों के आवागमन के रास्तों को चिह्नित करके उनका प्रबंधन किया जा रहा है। इसके साथ वन क्षेत्रों में जबरन घुस रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की योजना भी पार्क प्रशासन बना रहा है।
इंसान व हाथियों के बीच संघर्ष रोकने के लिए राजाजी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन हाथियों की सुरक्षा के लिए पहल करने जा रहा है। इसके लिए पार्क क्षेत्र के विभिन्न गलियारों को चिह्नित करने के साथ उनके नए तरीके से प्रबंधन की योजना पार्क प्रशासन ने बनाई है। खासकर परम्परागत गलियारें बंद होने के बाद हाथियों के इंसान पर हमले की घटनाओं से वन महकमा चिंतित है।
राजाजी राष्ट्रीय पार्क के मोतीचूर रेंज अन्तर्गत हरिपुर कला, छिद्दरवाला, खाण्ड गांव, चीला रेंज से सटे कासाण, कोडिया व रसूलपुर, हरिद्वार जनपद के लालढांग, चिड़ियापुर, बेरीवाड़ा, धौलखण्ड रेंज के करीब 14 गांव जंगल से सटे हुए हैं। इसके साथ नरेन्द्रनगर व देहरादून वनप्रभाग के ढालवाला, चौदहबीधा, भट्टोवाला में भी हाथियों की घुसपैठ लगातार बढ़ रही है। वन्य वैज्ञानिक डॉ. रितेश जोशी बताते हैं कि कुछ इलाकों में मानवीय दखल के कारण हाथियों की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। 104
राज्य गठन के बाद हाथियों के परम्परागत गलियारे बंद होने से लोगों पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। इसलिये इनके संरक्षण के लिए ठोस योजना बननी चाहिए। राजाजी राष्ट्रीय पार्क निदेशक सनातन का कहना है कि हाथियों के आवागमन के रास्तों को चिह्नित करके उनका प्रबंधन किया जाएगा। इससे इंसान व हाथियों के बीच संघर्ष पर अंकुश लगने के साथ हाथियों के संरक्षण को भी बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि पार्क से सटे वन प्रभागों में इसे लागू करने को लेकर बातचीत की जा रही है।

धूमधाम के साथ मनाया गया एनसीसी स्थापना दिवस

ऋषिकेश।
शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में एनसीसी का स्थापना दिवस बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने कहा कि एनसीसी से युवाओं में देशप्रेम, अनुशासन, एकता के गुणों का विकास होता है। इस विधा के माध्यम से देश की तीनों सेनाओं के लिए योग्य और सुपात्र जवान तैयार होते हैं।
एनसीसी अधिकारी कै. गोविन्द सिंह रावत ने बताया कि एनसीसी के 69 वें स्थापना दिवस पर 31 यूके बटालियन हरिद्वार के निर्देश पर एनसीसी दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। कैडेटों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया। इस मौके पर वाईपी त्रिपाठी, लखविन्दर सिंह, रंजन अंथवाल, सुनील थपलियाल, विकास नेगी, राजीव शर्मा आदि मौजूद थे। 103उधर, राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल में एनसीसी दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। प्रधानाचार्य ओपी जोशी ने छात्रों को राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में सुशील रावत, रमाशंकर विश्वकर्मा, जेपी रयाल, विजयपाल सिंह, डा.संजय ध्यानी, मोनिका रौतेला, अंजू रस्तौगी, हरेन्द्र राणा आदि मौजूद थे।

योग प्रतियोगिता में एसबीएम इंटर कॉलेज अव्वल

ऋषिकेश।
शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के हॉल में नगर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के सब जूनियर बालिका वर्ग में मेजबान स्कूल एसबीएम इंटर कॉलेज पहले व हरिचदं इंटर कॉलेज दूसरे स्थान में रहा। जबकि सब जूनियर व जूनियर बालक वर्ग में एसबीएम इंटर कॉलेज पहले स्थान में रहा। जूनियर बालिका वर्ग में हरिचंद इंटर कॉलेज पहले व श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज दूसरे स्थान में रहा।
सीनियर बालिका वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहले, हरिचन्द इंटर कॉलेज दूसरे व श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज तीसरे स्थान में रहा। इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत ने किया। उन्होंने योग को शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। कहा कि स्वस्थ जीवन शैली के लिए नियमित व्यायाम करना चाहिये। 102
योग प्रवक्ता सुरेन्द्र रयाल ने बताया कि क्षेत्रीय प्रतियोगिता में अव्वल टीम को जनपद स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया जाएगा। इस मौके पर बीना रयाल, ऋतु पुंडीर, पवन पाटनी, कै. गोविन्द सिंह रावत, जगदंबा प्रसाद थपलियाल, मोनिका चौहान, नीरा त्यागी, विकास नेगी, रंजन अंथवाल, सुनील दत्त थपलियाल, राजीव शर्मा, प्रवीण रावत आदि मौजूद थे।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा महिला आयोग: कैंतुरा

ऋषिकेश।
शनिवार को गंगाभोगपुर गांव में महिलाओं की समस्या सुनने पहुंचीं आयोग की अध्यक्ष सरोजनी कैंतुरा ने कहा कि बदलते दौर में महिलाओं को खुद ही आत्मनिर्भर बनकर परिवार को मजबूत करना होगा। इसके लिए आयोग उन्हें हरसंभव मदद देगा। एक दिसम्बर से सेंटर खोलकर दो दर्जन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने चीला, कुनाऊं गांव पहुंचकर महिलाओं की समस्या सुनी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसके तहत महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव पार्वती नेगी, सोहन सिंह भंडारी, पीएस रावत, बिट्टू भंडारी, एचएस रानाकोटी, सुरेन्द्र सिंह नेगी सहित अन्य मौजूद थे।

मुनस्यारी से मांउण्टेड टैल बाइकिंग प्रतियोगिता शुभारंभ

पिथौरागढ़।
राष्ट्रीय स्तरीय मांउण्टेड टैल बाइकिंग प्रतियोगिता, 2016 का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी द्वारा दीप प्रज्वलित कर जनपद पिथौरागढ़ के तहसील मुनस्यारी में आज गुरूवार को किया गया। 02 दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तरीय मांउटेण्ड ट्रेल बाइकिंग प्रतियोगिता में 10 राज्यों समेत, एस0एस0बी0 एवं आर्मी के कुल 32 साईकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे है।
इस अवसर पर प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी द्वारा टैªकिंग एवं साहसिक खेलों, ऐडवेंचर एवं रोमांच से भरे इन खेलों की महत्वता पर प्रकाश डाला गया एवं सीमांत क्षेत्र में इस प्रकार के आयोजनों की सराहना भी की तथा पर्यटन के विकास हेतु इस प्रकार के आयोजन को महत्वपूर्ण भी बताया।
प्रथम दिवस पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं द्वितीय दिवस 25 नवम्बर, 2016 को राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न हुआ। उत्तराखण्ड वन विकास निगम की ओर से आयोजित उक्त 2 दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय माउण्टेंड ट्रेल बाइकिंग 2016 के राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 1 लाख, 50 हजार, द्वितीय विजेता को 1 लाख, तृतीय विजेता को 60 हजार, चर्तुथ विजेता को 40 हजार, 5वे विजेता को 30 हजार एवं छठे स्थान पर रहे विजेता को 20 हजार रू0 की धनराशि का नगद पुरस्कार दिया जायेगा इसके अतिरिक्त राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 30 हजार, द्वितीय को 20 हजार, तृतीय को 10 हजार, चर्तुथ को 5 हजार रू0 का ईनाम भी दिया जायेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय फैडरेशन के महासचिव ओमकार सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में फैडरेशन की ओर से द्वितीय ईवेंट किया जा रहा है इससे पूर्व नैनीताल से मसूरी तक साईकिल प्रतियोगिता आयोजित की गयी। 103उन्होंने कहा कि मुनस्यारी साईकिल के आयोजन हेतु बेहतर स्थान है एवं अंतराष्ट्रीय स्तर की साईकिल प्रतियोगिता के क्षेत्र में बेहतर स्थान बन रहा है। उक्त प्रतियोगिता में भारतीय साईकिल फैंडरेशन की ओर से 24 व एस0एस0बी0 की ओर से 5 एवं स्थानीय स्तर पर मुनस्यारी के 9 साईकिलिस्ट भी प्रतिभाग कर रहे है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव एम रामास्वामी, प्रबन्ध निदेशक वन विकास निगम एस0डी0एस0 लेपता, जिलाधिकारी रंजीत सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी आशीष कुमार चैहान, क्षेत्रीय प्रबंधक वन विकास निगम जी0सी0पंत, भारतीय साईकिलिस्ट फैडरेशन के महासचिव ओमकार सिंह, डी0एल0एम0 ईको टी0एस0बोहरा, बीना कौशल धर्मशक्तू विशेष कार्याधिकारी पण्डित नैन सिंह पर्वतारोहण संस्थान मुनस्यारी, कमांडेंड एस0एस0बी डीडीहाट राजेश कुमार, ब्लाक प्रमुख मुनस्यारी नरेन्द्र रावत, तारा पांगती, उपाध्यक्ष आपा प्रबन्धन मनोहर टोलिया, हीरा चिराल आदि उपस्थित थे।

प्रदेश मेें महिलाओं के लिए कोई न कोई पेंशन योजना है: सीएम

पिथौरागढ़।
अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान आज द्वितीय दिन मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा जनपद पिथौरागढ़ अंतर्गत विकासखण्ड धारचूला में उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित सतत विकास संकल्प यात्रा में प्रतिभाग कर उपस्थित जनता को संबोधित कर सरकार द्वारा शुरू की गई सतत विकास संकल्प यात्रा एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित जनता को विस्तारपूर्वक दी। सतत विकास संकल्प यात्रा में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 तक प्रदेश में कोई युवक बेरोजगार नहीं रहेगा, युवाओं को उद्यमों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार की ओर प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर हाथ को कुछ न कुछ काम अवश्य दिया जाएगा। सत्त विकास संकल्प यात्रा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि गाॅवों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना और प्रदेश से गरीबी को पूर्णतः खत्म करना ही इस संकल्प यात्रा का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि गरीबी एक अभिशाप है और निरंतर विकास कार्यों के मध्यनजर वर्ष 2020 तक गरीबी रेखा से नीचे कोई नहीं रहेगा। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार विकास को आगे बढ़ाने हेतु सतत प्रयास करती आ रही है जिसमें प्रदेश की जनता के कल्याण हेतु एवं प्रदेश के विकास हेतु सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रहीं हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मेरे राजनीतिक कार्यकाल में धारचूला एवं मुनस्यारी के लोगों द्वारा जो सहयोग मुझे दिया गया है मैं उसे कभी नही भूला सकता हमारा यह रिश्ता आजीवन है। उन्होंने कहा कि इस सीमांत क्षेत्र में किये गये विकास हेतु वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी की का विशेष सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक उम्र की महिला के लिए प्रदेश मेें कोई न कोई पेंशन योजना प्रारम्भ की गयी है प्रदेश सरकार द्वारा पेंशन को नागरिकों के अधिकार के रूप में स्थापित किया गया है।102 सरकार द्वारा पेंशन योजना में देश में अन्य राज्यों से अधिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि लोग खेती से जुड़े इस क्षेत्र में अनेक योजनओं के तहत प्रोत्साहित किया जा रहा है उन्होंने प्रदेश में शिक्षा, तकनीकी एवं चिकित्सा के अनेक संस्थान खोले गये है इसका फायदा तभी उठा पायेंगे हम जब शिक्षा को महत्व देगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेती, संस्कृति, शिल्प पर ध्यान देगे। प्रदेश में प्रत्येक योग्य, दक्ष्य को सरकार कार्य देगी सरकार द्वारा इस क्षेत्र में अनेक नौकरियां खोली जा रही है।
इस अवसर पर प्रदेश राज्य जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष कैलाश रावत, अध्यक्ष नगर पािलका पिथौरागढ़ जगत सिंह खाती,, अध्यक्ष जिला पंचायत पिथौरागढ़ प्रकाश जोशी, क्षेत्र प्रमुख धारचूला नेत्र सिंह कुवंर, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अजय जोशी,एसडीएम धारचूला राजकुमार पाण्डेय, ब्लाक कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष डुंगर सिंह दानू, अस्कोट पाल घराने के राजा भानु प्रताप सिंह, आदि उपस्थित थे।

पौराणिक मेले संस्कृति के साथ आर्थिकी का भी संसाधन: हरीश रावत

चमोली।
पिण्डर क्षेत्र की पारम्परिक झलक प्रस्तुत करने वाले तीन दिवसीय पिण्डर घाटी सांस्कृतिक एवं पर्यटन मेले का आज समापन हो गया। मेले के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि ऐसे मेलों के माध्यम से हम अपनी पौराणिक विरासत को संरक्षित कर राज्य की आर्थिकी को और अधिक रफ्तार दे सकते है।
मुख्यमंत्री ने 11 वर्षो से आयोजित हो रहे पिण्डर घाटी सांस्कृतिक व पर्यटन मेला समिति को बधाई देते हुए मेला समिति को मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए 2 लाख रूपये की धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे मेलो के आयोजन से क्षेत्र की होनहार प्रतिभाओं तथा आर्थिक विकास को उचित मंत्र मिलता है। कहा कि राज्य में अनेक धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है तथा राज्य सरकार पर्यटकों को अधिक से अधिक सुविधाऐं मुहैया करा रही है। इस वर्ष 15 लाख से अधिक पर्यटक/श्रृद्धालु श्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए आये है। वर्ष 2017 में हमारा लक्ष्य 30 से 40 लाख पर्यटकों को लाने का है। खेती पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अपने खेतों में भी कार्य करने पर महिलाओं को मनरेगा श्रमिक का दर्जा देकर पारिश्रमिक दिया जायेगा। उन्होने कहा कि उत्तराखण्ड पहला राज्य है जिसमें किसानों को पेंशन दी जा रही है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय व परम्परागत खेती को प्रोत्साहन देने के लिए फसलों पर बोनस दिया जा रहा है। उन्होनें कहा कि जैविक खेती को बढ़ावा देेने के साथ ही फल पौधशालाओं की स्थापना की जा रही है। बेमौसमी सब्जी को बढ़ावा देते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में उत्पादित स्थानीय एवं परम्परागत फसलो का समर्थन मूल्य भी दिया जा रहा है।101
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य 2020 तक प्रत्येक परिवार के कम से कम एक सक्षम व्यक्ति को रोजगार उपलब्ध कराना तथा 2022 तक हर व्यक्ति को काम मुहैया कराना है। विभिन्न विभागों में 30 हजार पदों को भरा जा रहा है जिसमें से 16 हजार पदों पर नियुक्ति की जा चुकी है। जनपद को खुले में शौच से मुक्त होने पर उन्होंने जिला प्रशासन एवं जनपद वासियों को बधाई देते हुए बताया कि अगामी 26 जनवरी तक उत्तराखण्ड राज्य पूर्ण रूप से खुले में शौच से मुक्त राज्य बन जायेगा।
जनपद के सोनला कण्डारा मोटर मार्ग पर मैक्स वाहन दुर्घटना में मृतक परिवारों के प्रति दुःख एवं संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को 50-50 हजार की धनराशि तत्कालिक सहायता के तौर पर देने के निर्देश जिलाधिकारी को दिये। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख राकेश जोशी, जिप सदस्य भावना रावत, मेला समिति के अध्यक्ष सुरपाल सिंह, उपाध्यक्ष नन्दू बहुगुणा, कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह रावत, सचिव खीमानन्द खण्डूडी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह रावत, जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन, पुलिस अधीक्षक प्रीती प्रियदर्शनी, सीडीओ विनोद गिरी गोस्वामी, एसडीएम सीएस डोभाल सहित भारी संख्या में मेलार्थी मौजूद थे।

मोदी की परिवर्तन रैली में आगरा के गाँव-गाँव से पहुंचे लोग

आगरा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगरा परिवर्तन रैली ने बसपा प्रमुख मायावती की आगरा रैली में जुटी भीड़ के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर आये उससे घंटों पहले ही आगरा का कोठी मीना बाजार मैदान खचाखच भर चुका था। लोगों के आने का सिलसिला आगरा की सड़कों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन तक रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली के लिए लोगों का उत्साह उनके चेहरे से दिख रहा था। लोग कई किलोमीटर से पैदल चलकर मोदी की झलक पाने के लिए पहुंचे और हजारों लोग तो आगरा शहर में जाम के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभा स्थल तक ही नहीं पहुँच पाए। परिवर्तन रैली में महिलाओं की तादात भी हजारों में थी। भाजपा को खासकर शहरी क्षेत्र की पार्टी माना जाता है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली में आगरा के गाँव-गाँव से लोग पहुंचे। उनमें अधिकतर गरीब, किसान और मध्यम वर्ग से थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगरा परिवर्तन रैली में आयी हुई जनता पैसे देकर बुलाई हुई जनता नहीं थी बल्कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीबों, किसानों और मध्यम वर्ग के लिए किये जा कामों से प्रभावित होकर आई थी। सभा को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों के लिए जिनके पास अपना घर नहीं है, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का शुभारंभ किया। यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस योजना के अन्तर्गत सभी ग्रामीण परिवारों को जिनके पास खुद का घर नहीं है, उनको आजादी की 75वीं वर्षगाँठ वर्ष 2022 तक पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित व पक्के घर उपलब्ध कराये जाएंगे। इस योजना के अंतर्गत लाभार्थी को प्रति घर लगभग 1.50-1.60 लाख रुपये में उपलब्ध कराये जायेंगे। लाभार्थी की इच्छा पर 70,000 रुपए की राशि के ऋण का भी प्रावधान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगरा जिले के लाभान्वितों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृति पत्र भी प्रदान किये। इस योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा वर्ष 2019 तक एक करोड़ घर बनाने का लक्ष्य है। जिन लोगों के पास अपना खुद का घर नहीं है तथा एक या दो कमरे के कच्ची छत कच्ची दीवार के मकान में रहने वाले गरीब परिवारों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है।
modi-1प्रधानमंत्री ने साथ ही साथ मथुरा से पलवल चैथी रेल लाइन और मथुरा जंक्शन से भूतेश्वर यार्ड ढांचे में परिवर्तन व रेल फ्लाईओवर का भी शिलान्यास किया। आगरा की परिवर्तन रैली में 500 और 1000 के नोटों की नोटबंदी के कारण विपक्ष के निशाने पर आये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमकर अपने विरोधियों और कालाधन रखने वाले लोगों पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगरा परिवर्तन रैली में गरीबों और आम आदमी की तारीफ करते हुए कहा कि नोटबंदी से देश के गरीब, नौकरीपेशा और मध्यम वर्ग ने सबसे ज्यादा कष्ट उठाया है, इसके बाद भी उफ तक नहीं की। प्रधानमंत्री ने जनमानस को विश्वास दिलाया कि गरीब, दलितों, किसानों, मध्यम वर्ग और आदिवासियों ने जो कष्ट उठाया, वह बेकार नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि नोटबंदी की परेशानियों में तपकर देश सोना बनकर निकलेगा। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर जनता से 50 दिन का समय माँगा और गरीब आम जनता को विश्वास दिलाया कि जनता की मुश्किल देखते हुए सरकार लचीलापन भी अपनाएगी। लेकिन प्रधानमंत्री ने काला धन रखने वालों के प्रति अपना सख्त रुख रखा।

मोदी ने विपक्ष के नेताओं से मुलाकात की

नई दिल्ली।
राज्यसभा में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं चलकर विपक्षी नेताओं के पास गए और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत विभिन्न दलों के नेताओं से काफी देर तक बातचीत की। उच्च सदन में आज भोजनवकाश की घोषणा होने के बाद मोदी विपक्षी दीर्घाओं के पास गए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता कर्ण सिंह, आनन्द शर्मा आदि से बातचीत की। मोदी आम तौर पर सदन में गंभीर मुद्रा में रहने वाले मनमोहन का कुछ देर तक हाथ पकड़े रहे और दोनों को किसी बात पर हंसते हुए देखा गया।मोदी ने इससे पहले जदयू नेता शरद यादव, तृणमूल कांग्रेस के सुखेन्दु शेखर, कांग्रेस के सुब्बीरामी रेड्डी आदि से भी बातचीत की। उन्होंने बसपा प्रमुख का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और और जवाब में मायावती ने भी हाथ जोड़े। किन्तु दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। pmप्रधानमंत्री जब राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल और द्रमुक की कनिमोई से बात कर रहे थे, उसी समय विख्यात महिला बॉक्सर एवं मनोनीत मैरीकॉम एवं मनोनीत संभाजी राव भी वहां पहुंचे। मोदी मैरीकॉम और संभाजी राव के साथ काफी उत्साह से बात करते दिखे। इस दौरान उन्होंने संभाजी के कंधे पर हाथ रखा हुआ था। उल्लेखनीय है कि उच्च सदन में पिछले कई दिनों से नोटबंदी के मुद्दे पर हो रही चर्चा में प्रधानमंत्री की उपस्थिति की मांग पर विपक्ष के हंगामे के चलते गतिरोध बना हुआ है। आज बृहस्पतिवार होने के कारण प्रश्नकाल के दौरान प्रधानमंत्री के तहत आने वाले मंत्रालयों से संबंधित मौखिक सवाल पूछे जाते हैं। इसीलिए मोदी आज उच्च सदन में आए थे। किन्तु सदन में प्रश्नकाल के बजाय अधूरी चर्चा को आगे बढ़ाया गया और प्रधानमंत्री एक घंटे तक सदन में चर्चा सुनते रहे।

मोदी सरकार ने केन्द्रीय नौकरशाही में किया भारी फेरबदल

नई दिल्ली।
शीर्ष स्तर पर नौकरशाही में किए गए फेरबदल के तहत कोयला सचिव अनिल स्वरूप को स्कूल शिक्षा का सचिव नियुक्त किया गया है। केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों में 19 नए सचिव नियुक्त किए गए हैं। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा बुधवार रात जारी एक आदेश के मुताबिक, 1981 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल स्वरूप को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं सुशील कुमार को नया कोयला सचिव नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग में सचिव हैं।गृह मंत्रालय में विशेष सचिव एवं वित्तीय सलाहकार संजीवनी कुट्टी को कुमार की जगह सीमा प्रबंधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं दूसरी ओर, एनएचएआई चेयरमैन राघव चन्द्रा को राष्ट्रीय जनजाति आयोग का नया सचिव नामित किया गया है। इसी तरह, नीति आयोग में विशेष सचिव युद्धवीर सिंह मलिक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन होंगे और वह चन्द्रा का स्थान लेंगे। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजीव यादव संसदीय मामलों के मंत्रालय के सचिव होंगे और वह प्रभाष कुमार झा का स्थान लेंगे जिन्हें आधिकारिक भाषा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। खेल विभाग में सचिव के तौर पर कार्यरत यादव की जगह इंजेति श्रीनिवास ने ली है जो भारतीय खेल प्राधिकरण की महानिदेशक हैं। आधिकारिक भाषा विभाग के सचिव अनूप कुमार श्रीवास्तव जनजाति मामलों के मंत्रालय के सचिव होंगे। वहीं लोक उपक्रम विभाग के सचिव ए. लुइखाम को अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय में विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है। वह इसी विभाग के सचिव का पदभार संभालेंगे।ग्रामीण विकास विभाग में विशेष सचिव एवं वित्तीय सलाहकार सीमा बहुगुणा लोक उपक्रम विभाग में नयी सचिव होंगी।
वहीं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रीति सुदन और केपी कृष्णन को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग और कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के सचिवों के तौर पर नियुक्त किया गया है। 7878सुदन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में विशेष सचिव हैं, जबकि कृष्णन भूमि संसाधन विभाग के विशेष सचिव हैं।राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) में सचिव एवं महानिदेशक एनएस कांग को दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के निदेशक राजीव कपूर को नवीन एवं अक्षय ऊर्जा मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी उपमा चौधरी को मसूरी स्थित अकादमी का निदेशक नियुक्त किया गया है।
वहीं संघ लोक सेवा आयोग के सचिव आशा राम सिहाग को कैबिनेट सचिवालय में समन्वय एवं जन शिकायत निपटान विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी पत्नी भारती एस. सिहाग को उर्वरक विभाग में विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है। केवल कुमार शर्मा को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वह पहले इसी विभाग में विशेष कार्याधिकारी का पद संभालेंगे और मौजूदा सचिव विनय शील ओबेराय के सेवानिवृत्त होने पर सचिव का पदभार ग्रहण करेंगे। इन 19 सचिवों की नियुक्ति के अलावा, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य आरके जैन का कार्यकाल छह महीने बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।