शिक्षा और स्वास्थ्य में प्रदेश को बेहतर बनाना हमारा उद्देश्य

ऋषिकेश।
मंगलवार को कैलाशगेट स्थित होटल त्रिहरी का लोकार्पण करने आए हंस कल्चरल सेंटर के संस्थापक मंगला माता व भोले महाराज ने प्रेस से वार्ता की। मंगला माता ने प्रदेश को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला उत्थान और समाज को नशा मुक्त करने के दिशा में व्यापक स्तर पर काम करने की जानकारी दी। बताया कि उनकी संस्थाएं विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। प्रदेश में आंखों की समस्याओं को देखते हुए बहादराबाद में आई हॉस्पिटल का निर्माण किया जा रहा है। हल्द्वानी में पीपी मोड के तहत कैंसर हॉस्पिटल को गोद लिया गया है। सुविधाओं का प्रदेश में ही विकास हो, ऐसी व्यवस्थाऐं विकसित की जा रही है।
टीबी प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं को जागरुक करने के साथ दवाई का पूरा कोर्स व विटामिन्स की गोलियां वितरित की जा रही है। हेल्दी स्वर्णिम उत्तराखंड की कल्पना साकार करने को हंस कल्चरल सेंटर गांव-गांव में कार्य करने जा रहा है। उनका सपना है कि प्रदेश के हर घर का नौजवान पढ़ा लिखा और स्वस्थ हो। बालिकाओं की शिक्षा के लिए प्रोत्साहन योजना और हर घर से डॉक्टर व इंजीनियर बनाने का प्रयास हम कर रहे है।
109
रोजगार से रुकेगा गांव का पलायन
मंगला माता ने गांव से पलायन रोकने को जरुरी बताया। कहाकि हमारी संस्था प्रदेश के गांवों में रोजगार के अवसर पैदा करेगी। उन्होंने राजस्थान, कच्छ का उदाहरण दिया। बताया कि हमने वहां मिल्क चिलिंग प्लान के तहत महिलाओं को दो-दो भैंसे दी, आज वहां रोजगार के साथ आर्थिकी रुप से परिवार मजबूत हुआ है। उन्होंने उत्तराखंड के गांवों का अध्ययन करके भौगोलिक परिस्थिति के हिसाब रोजगार के अवसर पैदा करने की बात कही।

राजनीति में जाने का कोई विचार नही
मंगला माता ने स्पष्ट किया कि उनका और भोले महाराज का राजनीति में जाने का कोई विचार नही है। भाजपा व कांग्रेस, दोनों राजनीतिक दलों से राज्यसभा की सीट का ऑफर होने के सवाल को उन्होंने टाल दिया। कहाकि राज्य के विकास को लेकर हम कार्य कर रहे है। हमारी कोई राजनीतिक इच्छा नही है।

दून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न

खेल वार्षिकोत्सव में नीलगिरी सदन ने मारी बाजी

ऋषिकेश।
श्यामपुर स्थित दून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं में नीलगिरी सदन पहले, शिवालिक सदन दूसरे व अरावली सदन तीसरे स्थान पर रहा। खेल अध्यापिका ज्योति कलूड़ा ने खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम की जानकारी दी। बताया कि 200 मीटर लंबी दौड़ बालिका वर्ग में आरती पहले, हिमानी दूसरे व अनुष्का तीसरे स्थान में रही। वहीं, बालक वर्ग में आदित्य पहले, शुभम दूसरे व अरविन्द तीसरे स्थान में रहे। चक्का फेंक बालिका वर्ग में आशा पहले, नन्दिनी दूसरे व गुंजन तीसरे स्थान में रही। वहीं, बालक वर्ग में अरविन्द पहले, प्रांजल दूसरे व जतिन तीसरे स्थान में रहे।
ऊंची कूद बालिका वर्ग में भावना पहले, पूजा दूसरे व आस्था तीसरे स्थान में रही। 107बालक वर्ग में आकाश पहले, गौरव दूसरे व रुद्राक्ष तीसरे स्थान में रहे। लंबी कूद बालिका वर्ग में पूजा पहले, छवि दूसरे व गुंजन तीसरे स्थान में रहे। वहीं, बालक वर्ग में ऋषभ पहले, आदित्य नौटियाल दूसरे व शुभम तीसरे स्थान में रहे। समापन कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन ने विजयी छात्रों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मौके पर ओपी भटट, सीएम डोभाल, डॉ. मनीष पाण्डेय, डॉ. सुनीता शर्मा, स्वाति पाण्डेय, अरुणकांत पैन्यूली, अरुण कोठारी, अजय जुयाल, शिखा भंडारी, मीरा कोठारी, अंजना रतूड़ी, मनोरमा, बबीता नेगी, दीपिका, रजनी आदि मौजूद थे।

गौहरीमॉफी व बसंतीमंदिर में गुलदार का आतंक

गुलदार ने मवेशियों पर किया हमला

ऋषिकेश।
गंगा से सटे इलाके हरिपुर कला, बसंती मंदिर, गौहरीमॉफी व लक्कड़घाट, मंशादेवी में गुलदार पालतू मवेशियों पर हमला कर रहा है। बीती रात गुलदार ने हरिपुर कला नई बस्ती निवासी हुकम सिंह व पशुलोक निवासी परमिन्दर सिंह के बछड़े पर हमला बोल दिया। हरिपुरकला के ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे खदेड़ा। हरिपुर कला के ग्राम प्रधान सतेन्द्र धमान्दा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गुलदार गंगा से सटे इलाके में धमक रहा है। जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। ग्राम प्रधान ऋषिकेश अनिता असवाल का कहना है कि मंशा देवी, गुमानीवाला में जंगल से सटे इलाके में गुलदार ने बीते एक सप्ताह में आधा दर्जन पालतू मवेशियों पर हमला किया है। वे क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं। रेंजर ऋषिकेश गंगासागर नौटियाल का कहना है कि क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे पर लगातार निगरानी की जा रही है। गुलदार रात में कई किलोमीटर की दूरी तय करता है। जिस कारण उसके क्षेत्र बदलते रहते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा गया है।

करंट लगने से युवक की मौत

ऋषिकेश के चन्द्रभागा पुल के पास हुआ हादसा

ऋषिकेश।
साहिल (35) पुत्र यामीन निवासी मदारीपुर थाना दौराला जिला मेरठ उत्तर-प्रदेश सोमवार देर रात चन्द्रभागा पुल के पास यूनीपोल लगाने का काम कर रहे थे। अंधेरा होने के कारण लोहे का बोर्ड हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे बोर्ड में करंट दौड गया। हादसे में झुलसे युवक को लोगों ने मायाकुण्ड स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा ने बताया कि मृतक के चाचा नईम ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कहीं है। इसलिए पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

सर्वहारानगर के लोगों ने मुख्यमार्ग बंद करने का आरोप लगाया

ऋषिकेश।
मंगलवार को सर्वहारानगर के लोगों ने हाईवे अॅथारिटी पर मुख्य मार्ग बंद करने के आरोप लगाए। कार्यों का निरीक्षण करने आए अभियंता डीपी सिंह का लोगों ने घेराव किया। स्थानीय सभासद विकास तेवतिया ने बताया कि हाईवे सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए निर्माण एजेंसी ने 40 फुट के करीब गड्ढे खोदे गए हैं जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। सर्वहारा नगर का मुख्य मार्ग बंद होने जा रहा है। करीब 10 हजार की आबादी के पास दूसरा कोई वैकल्पिक मार्ग भी नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजपाल खरोला ने अभियंता से मुख्य मार्ग को बंद नहीं करने की बात कही। अभियंता ने बताया कि सुरक्षा दीवार बनने के बाद यदि मुख्य मार्ग से ही आवागमन रखा जाता है तो मार्ग में और ढलान हो जाएगी। जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। बताया कि पहले ही मार्ग में ढलान के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। विकास तेवतिया ने बताया हाईवे पर कार्य के चलते पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने व विद्युत पाले हटाने के लिए संबधित विभागों की संयुक्त बैठक होनी आवश्यक है। 106
कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला की मध्यस्थता में तय किया गया कि गुरुवार को हाईवे अॅथारिटी के जीएम, ऊर्जा व पेयजल विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक होगी। राजपाल खरोला ने फोन पर वार्ता कर अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए गुरुवार को सर्वहारा नगर में बैठक करने की जानकारी दी। मौके पर नेता सभासद दल कांग्रेस मनीष शर्मा, जितेन्द्र यादव, सुनील प्रजापति, सुषमा, गुड्डु, रामबदन, सुनील उपाध्याय आदि लोग मौजूद थे।

दून भवानी स्कूल ने श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल को हराया

ऋषिकेश।
पहला मैच दून भवानी स्कूल व श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। इसमें दून भवानी स्कूल ने 25-21 से मैच अपने नाम किया। दूसरा मैच ओंकारानंद सरस्वती निलयम-बी व सत्येश्वरी मेमोरियल स्कूल रायवाला के बीच हुआ जिसमें ओंकारानंद सरस्वती निलयम-बी 25-13 से विजयी रहा। तीसरा मैच आर्मी स्कूल रायवाला व ओंकारानंद सरस्वती निलयम-ए के बीच हुआ जिसमें आर्मी स्कूल-ए ने 25-24 से मैच अपने नाम किया। चौथा मैच एनडीएस श्यामपुर व साईंबाबा इंटरनेशनल स्कूल छिद्दरवाला के बीच हुआ जिसमें एनडीएस श्यामपुर ने 25-21 से मैच जीत लिया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद ढालवाला मुनिकीरेती के अध्यक्ष शिवमूर्ती कंडवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य देवशीष दास, उपप्रधानाचार्या अर्चना गैरोला, आईडी जोशी, ऊषा ममता, अलका रखवाल, कविता, सुनीता, सीमा चौधरी, संगीता बिष्ट, वहीद अहमद, सतेन्द्र चौहान आदि उपस्थित रहे।

तहसील में हड़ताल पर रहे मिनिस्ट्रीयल कर्मी

ऋषिकेश।
मिनिस्ट्रीयल संघ की प्रदेशव्यापी हड़ताल के समर्थन में ऋषिकेश तहसील के मिनिस्ट्रीयलकर्मी कार्य से विरत रहे। जिसके चलते कर वसूली, नाजिर कक्ष, तहसीलदार न्यायालय व एसडीएम कार्यालय से संबंधित कार्य नहीं हो सके। एसडीएम कार्यालय में बाबू की अनुपस्थिति में जरूरी डाक नहीं बन पाए। नायब नाजिर के न होने से तहसील संबंधित रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी। वहीं एसडीएम पहले से ही प्रशासनिक कार्य से तहसील से बाहर हैं और नायब तहसीलदार हैं ही नहीं। तहसीलदार अभी मातृ शोक से गुजर रही हैं। ऐसे में तहसील में जन सामान्य के काम भी पूरी तरह से प्रभावित रहे। सुदूर क्षेत्रों से आए फरियादी घंटों इंतजार के बाद घर लौट गए। एसडीएम कोर्ट की सभी सुनवाइयों की तारीख दो बार बढ़ाई जा चुकी है। व्यवस्था के तौर पर डोईवाला तहसीलदार आईडी उनियाल ही ऋषिकेश तहसील का पदभार संभाल रहे हैं। कहा कि प्रशासनिक आदेशानुसार तहसीलदार की वापसी तक वह ही कार्यभार संभालेंगे।

महिलाओं ने पकड़ा कच्ची शराब का जखीरा

ऋषिकेश।
गुमानीवाला में महिलाएं अवैध शराब के खिलाफ काफी समय से अभियान चला रही हैं। वे कई बार छापेमारी कर अवैध शराब नष्ट कर चुकी हैं। महिलाओं की पहल से प्रभावित होकर वन व आबकारी विभाग ने कई बार संयुक्त कार्रवाई कर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। छापेमारी के कुछ दिनों के बाद कारोबारी अवैध शराब के काम में फिर लिप्त हो जाते हैं। महिलाओं ने वनविभाग व आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह से बंद नहीं हुआ तो वे जिम्मेदार विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगी। अभियान में ऐला देवी, पिंकी देवी, कृष्णा देवी, दर्शनी देवी, सुमित्रा देवी, कमला देवी, दिला देवी, राजेश व्यास, देवेन्द्र बैलवाल, मनोज ममगाईं, बलराम, सुन्दर जीना आदि थे।

श्यामपुर में ग्रामीणों के पीछे दौड़ा हाथी

शोर मचाकर लोगों ने हाथी को खदेड़ा

ऋषिकेश।
श्यामपुर क्षेत्र में हाथी का आंतक है। बीती रात्रि नौ बजे हाथी ग्राम सभा खदरी के विनोद विहार से श्यामपुर ग्रामसभा के नेगी मोहल्ले में घुस गया। श्यामपुर निवासी मुकुन्द सिंह के घर की चाहरदिवारी तथा विनोद विहार की सुरक्षा दीवार तोड़ डाली। गोपाल सिंह के खेत में चारे की फसल चट करने के बाद जोगेन्द्र सिंह के गेहूं के खेत को रौंद डाला। ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद भी हाथी टस से मस नहीं हुआ। इतना ही पार्टी से लौट रहे खदरी के ग्रामीण गुलाब सिंह और उनके तीन साथियों के पीछे हाथी ने दौड़ लगा दी। जिससे गुलाब सिंह गिरकर चोटिल हो गए। 104आसपास के लोगों ने किसी तरह गुलाब सिंह को हाथी से बचाया। श्यामपुर क्षेत्र पंचायत सदस्य कोमल सिंह नेगी ने हाथी के आबादी मे आने की सूचना वन विभाग को दी है। उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी गंगा सागर नौटियाल से ग्रामीणों के नुकसान का मुआवजा दिलाने और हाथी के आबादी में प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। रेंजर गंगासागर नौटियाल का कहना है कि क्षेत्र में गामीणों की मदद से गश्त की जा रही है।

प्रशासन और बेघर समिति के खिलाफ कोतवाली में तहरीर

ऋषिकेश।
ऋषिकेश में डंडे को लेकर सुर्खियां बटोरने वाले बेघर समिति के अध्यक्ष धीरेन्द्र भारद्वाज एक बार फिर से चर्चाओं में हैं। सुबह उन्होंने कोतवाली पुलिस को प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी। वहीं शाम को ग्राम सभा खदरी खडकमाफ के प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर ने उनके खिलाफ श्यामपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी। उनका आरोप है कि बेघरों ने पंचायत की भूमि कब्जाने का प्रयास किया है। बेघर समिति के अध्यक्ष धीरेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि 2015 में एसडीएम ऋषिकेश ने बेघर समिति से जुड़े परिवारों का सत्यापन किया था। दो सितम्बर 2015 को ऋषिकेश तहसील ने एक रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी थी जिसमें उक्त लोगों को भूमि आंविटत करने की झूठी जानकारी दी गई। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें गुमराह किया है।102
इसके बाद बेघर समिति के सदस्य दोपहर बाद हरिद्वार मार्ग पर ऑटोनॉमस कॉलेज के सामने खाली पड़ी भूमि पर तंबू लगाकर बैठ गए जबकि कुछ सदस्य ग्रामसभा खदरी खडकमाफ जा पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही गांव के प्रधान सरोप सिंह पुंडीर, उपप्रधान टेक सिंह राणा व पंचायत सदस्य तुलसा देवी भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के आमने-सामने होने से इलाके में तनाव फैल गया। प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर ने बेघर समिति के अध्यक्ष धीरज भारद्वाज व अन्य समिति के सदस्यों के खिलाफ ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। प्रधान ने मामले में श्यामपुर पुलिस को तहरीर भी दी। उधर, बेघर समिति के लोगों का कहना था कि प्रशासन ने उन्हें घर बनाने के लिए भूमि आवंटित की है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।