ऋषिकेश।
मंगलवार को एम्स ऋषिकेश के ऑडिटोरियम में विशेषज्ञों ने बुजुर्गों को जानकारी दी। डॉ. सुरेश शर्मा ने सरकार के द्वारा बुजुर्ग लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. मीनाक्षी धर ने हड्डियों के कमजोर पड़ने, नींद संबंधी समस्या के बारे में चर्चा की। बताया कि खानपान संतुलित करने व नियमित व्यायाम करने से इन समस्याओं से बचा जा सकता है। डॉ. मोनिका पठानिया ने सर्दी के मौसम में होने वाली बीमारियों को बताया। डॉ. रुचि दुआ ने बुजुर्ग अवस्था में विशेष रुप से शरीर की देखभाल करने पर जोर दिया। 
डॉ. शोभाएस अरोड़ा ने बुजुर्गों को मेडिकल सांइस की बारीकियां समझायी। शारीरिक क्षमता के अनुसार कार्य करने को जरुरी बताया। कहा कि भारतीय शैली को अपनाकर वृद्धावस्था में अनेकों बीमारियों से बचा जा सकता है। व्याख्यान कार्यक्रम में फुट हिल्स एकेडमी के बच्चों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में एम्स की ओर से डॉ. सुरेखा किशोर, डॉ. जया चतुर्वेदी, अंशुमन गुप्ता आदि उपस्थित थे।
Author: admin
भाजपाई बोले भारत बंद का करें विरोध
ऋषिकेश।
रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला राजपूत के नेतृत्व में भाजपाइयों ने स्वर्गाश्रम-जौंक, लक्ष्मणझूला, भारत साधू समाज मार्केट सहित अन्य जगहों पर जाकर लोगों से अपील की वे नोटबंदी के विरोध में भारत बंद का समर्थन न करें। पंचायत अध्यक्ष राजपूत ने कहा कि नोटबंदी से देश की अर्थव्यवस्था पर बेहतर प्रभाव पड़ेगा। राजनीति और चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी हो सकेगी। कृत्रिम अमीरी पर नकेल, नकली व जाली नोटों से छुटकारा, आतंकवाद से छुटकारा व ईएमआई कम होने से आम लोगों को फायदे होंगे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पंम्फलेट भी बांटे।
लोगों से अपील करने के इस अभियान में मंडल अध्यक्ष भरत लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, मंडल महामंत्री बृजेश चतुर्वेदी, त्रिवेन्द्र सिंह नेगी, सभासद गजेन्द्र नागर, चन्द्रशेखर गुप्ता, लाखन सिंह नेगी, राम प्रसाद बिजल्वाण, भानू मित्र शर्मा, गुरुपाल बत्रा, गोपाल अग्रवाल, सचिन चोपड़ा, नवनीत राजपूत, मीनाक्षी भंडारी, संतोषी देवी, पूनम तड़ियाल, बबली देशवाल, विनिता शर्मा, पूजा आर्य, जितेन्द्र धाकड़, मोहन नागर, महेश नागर, प्रवेश तड़ियाल, रामजी पाण्डेय, विकास शर्मा, जीतू अवस्थी, निपूण धाकड़, अरविन्द्र नेगी, मनोज डोबरियाल, संजीव वर्मा, श्याम वर्मा, संजय गुज्जर सहित अन्य थे।
कांग्रेस को मजबूत करेगी इंटक
ऋषिकेश।
रविवार को नगर पालिका स्वर्ण जयंती सभागार में इंटक कांग्रेस का एक दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सुंदरियाल ने संगठन के कार्यों की जानकारी दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रतिनिधियों से मजदूर वर्ग को संगठन से जोड़ने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि इंटक मजदूरों के हितों के लिए काम कर रहा है। मजदूरों की समस्याओं पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। सरकारी नियमों के अनुसार उन्हें न्यूनतम वेतन और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बावजूद इसके कई कंपनियों और फैक्ट्रियों में मजदूर वर्ग का शोषण हो रहा है। उनके हितों की सुरक्षा और हक की लड़ाई को लेकर इंटक को अभी और काम करना होगा।
केन्द्र सरकार को मजदूर विरोधी करार देते हुए अधिवेशन में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प पारित कराया गया। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जिताने के लिए इंटक कार्य करेगी।
इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र बिरला व प्रदेश उपाध्यक्ष हिमांशु मुल्तानी ने प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सुंदरियाल, संजय पालीवाल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष विनय सारस्वत, पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा का स्वागत किया। अधिवेशन का संचालन ब्रह्मचंद वाल्मीकी ने किया। अधिवेशन में गढ़वाल व कुमाऊं मंडल, पं. उत्तर प्रदेश, दिल्ली अन्य प्रदेशों के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। मौके पर प्रिंस अग्रवाल, अमित गुप्ता, दीपक अग्रवाल, नितिन शर्मा, कृष्णा, द्वारिका प्रसाद मौर्य, मोमिन अहमद, जगावर, रवि मिश्रा, शुभम वाल्मिकी, पंकज अग्निहोत्री आदि उपस्थित रहे।
फोटो 28 आरएसके 6 रविवार को नगर पालिका के स्वर्ण जयंती सभागार में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के अधिवेशन में उपस्थित कार्यकर्ता।
केंद्र सरकार के नोट बंदी के खिलाफ प्रदर्शन
ऋषिकेश।
रविवार को केन्द्र सरकार की नीतियों और नोट बंदी को लेकर राष्ट्रीय दलित जागरण मंच मुखर नजर आया। मंच से जुड़े कार्यकर्ता नटराज चौक पर एकत्र हुए। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कदम सिंह बालियान ने केन्द्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहाकि नोटबंदी से काला धन वालों को तो कोई परेशानी नहीं हो रही है बल्कि आम जनता और किसान वर्ग परेशान है। बैंकों में पर्याप्त धन नहीं होने से आम जनता परेशान है। उन्होंने केन्द्र सरकार से पुराने नोट बदलने की अवधि बढ़ाए जाने की मांग भी की।
कार्यकर्ताओं ने सांसद, विधायक व ब्यूरोक्रेट्स की संपत्ति सार्वजनिक करने की मांग उठाई। कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। केन्द्र सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं, आम लोगों की परेशानी से केन्द्र सरकार का कोई लेना-देना नहीं है।
मौके पर अजय सिंह मनिहारिया, बबलू, रणवीर चौहान, सावित्री वाल्मिकी, भोपाल सिंह, नूर मौहम्मद, तेजपाल फौजी, विपिन वर्मा, मदन लाल जाटव, शुभम कुमार, सुमित चौरसिया, अमित मोहन, अनिल कुमार, कमलेश, मायादेवी, नीटू, गीता, सोमा देवी, आकाश कुमार, ऋषिपाल, मनोज थापा, ममता आदि मौजूद रहे।
नोटबंदी का बुआई पर कोई असर नही: राधा मोहन सिंह
डोईवाला।
रविवार को डोईवाला स्थित गन्ना सहकारी समिति में ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी रहित लेनदेन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल नेट बैंकिंग का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने 40 किसानों को एसबीआई के सहयोग से नेट बैंकिंग से जोड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में नोट बंदी के बावजूद रवि की फसल की बुआई ज्यादा हुई है। आंकड़ा देते हुए बताया कि इस समय तक पिछले वर्ष किसानों ने दो लाख हेक्टेअर गेहूं की बुआई की थी जबकि इस साल नोट बंदी के बावजूद दो लाख 32 हजार हेक्टेअर गेहूं की बुआई की जा चुकी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। देश में तीन करोड 26 लाख किसानों को ऋण दिया गया है, वहीं देश में दो करोड से ज्यादा किसानों के पास क्रेडिट कार्ड हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को नेट बैंकिंग से जोडा जा रहा है। नकदी रहित लेनदेन से किसान को फायदा पहुंचेगा। जिससे किसी प्रकार की चोरी या लूट की घटना से भी बचा जा सकेगा। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता गन्ना समिति के अध्यक्ष ईश्वरचंद पाल ने की। कार्यक्रम में इफ्को के महाप्रबंधक योगेन्द्र कुमार, राज्य विपणन प्रबंधक इफ्को एचएफ सिंह, एसएस दलाल, रजनीश पांडे, नीरज कुमार, जेपी विकल, भाजपा परवादून जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह नेगी, ज्योति सजवाण, गंभीर सिंह राणा, रामेश्वर लोधी, संजीव सैनी, राजेन्द्र तडियाल, विजय बख्शी, मनोज काम्बोज, सम्पूर्ण सिंह रावत, संजीव लोधी, राजेन्द्र मनवाल, अब्दुल्ल रज्जाक, हरपाल सिंह सैनी, एअरटेल कंपनी के तेजस्वी आदि मौजूद थे।
रानीपोखरी में दुर्घटना का सबब बनी क्षतिग्रस्त सड़क
ऋषिकेश।
रानीपोखरी के घमण्डपुर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क से राहगीरों को परेशानी हो रही है। एक माह पहले बीएसएनल ने लाइन बिछाने के लिए सड़क खुदवाई लेकिन अभी तक उसके पुनर्निर्माण का कार्य नहीं हो पाया। धूल भरी सड़क अब दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। सड़क निर्माण न होने तक लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।रानीपोखरी-घमण्डपुर मुख्य मार्ग पिछले एक माह से क्षतिग्रस्त है। जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। जिससे राहगीरों को चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दोपहिए वाहन चालक रपट भी चुके हैं।
लोग दिन में सड़क पर उड़ती धूल से परेशान हैं। वहीं रात के समय गड्ढे चोटिल करते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक माह पूर्व बीएसएनएल ने क्षेत्र में लाइन बिछाने को सड़क खुदवाई। लेकिन अभी तक मार्ग को ठीक नहीं कराया गया। जिसके चलते इलाके के लोगों में रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान लिस्ट्राबाद प्रदीप कुमार ने कहा कि यदि जल्द मार्ग निर्माण न कराया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन को बाध्य होंगे।
तहसीलदार की मां की मौत, गलत उपचार देने का लगाया आरोप
ऋषिकेश।
रविवार दोपहर तहसीलदार ऋषिकेश की मां सोबती देवी (55) पत्नी दर्शनलाल निवासी शान्तिनगर की अचानक तबीयत खराब हुई। उन्हें परिवारीजन हरिद्वार रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उपचार के दौरान मौत हो जाने पर परिवारीजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा काटा। उन्होंने हॉस्पिटल प्रशासन पर गलत उपचार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार रेखा आर्य का कहना है कि उनकी मां की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें प्राइवेट अस्पताल भर्ती कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन दिए जाने से उनकी मां की मौत हुई है।
एसएसआई गजेन्द्र बहुगुणा का कहना है कि परिवारीजनों के आरोप के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कोई कार्रवाई की जा सकेगी।
पुलिस गुमशुदगी दर्ज नही कर रही है जज साहब
ऋषिकेश।
रविवार को श्यामपुर ग्राम सभा खदरी खडकमाफ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने ऋषिकेश न्यायधीश सिविल जज सीनियर डिविजन अभिषेक श्रीवास्तव के सामने विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली की पोल खोलकर रख दी। मौके पर ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं का लाभ नही मिलने का आरोप लगाया। वहीं मित्र पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी ग्रामीणों ने सवाल खडे किये। ग्रामीण राम प्रसाद ने अपने होनहार बेटे की उच्च शिक्षा के लिये सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना का लाभ नही मिलने की शिकायत की। बोक्सा जाति के चतर सिंह ने पुलिस पर अपने दामाद की गुमशुदगी दर्ज करने मे टालमटोल करने का आरोप लगाया। 
ऋषिकेश न्यायधीश सिविल जज सीनियर डिविजन अभिषेक श्रीवास्तव ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। मौके पर उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं पर कार्रवाई करने के निर्देश दिये। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर, उपप्रधान टेकसिंह राणा, सहायक समाज कल्याण अधिकारी महेश प्रताप सिंह, एसएम सिलस्वाल, तुलसा देवी, रायचन्द गौड़, समाजसेवी विनोद जुगलान, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य सुचित्रा सिंह आदि उपस्थित थे।
श्यामपुर के ग्रामीणों को कांग्रेस व भाजपा का समर्थन
मांगें पूरी न होने तक आंदोलन की चेतावनी
ऋषिकेश।
बीते चार दिनों से वार्ड नंबर पांच में सड़क निर्माण, ग्रामसभा श्यामपुर का सीमांकन, अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर ग्रामीणों का धरना जारी है। शनिवार को युवा कांग्रेस ने धरनास्थल पहुंचकर अपना समर्थन दिया। समर्थन देने वालों में नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहन अध्यक्ष शिवमोहन मिश्र, जयेन्द्र रमोला, अरविन्द जैन, यज्ञव्रत शर्मा, मनोज त्यागी, सौरभ नैथानी, गौरव राणा, अजय धीमान, अमरदीप सिंह, अमन शर्मा, अमरदीप धीमान, गौरव कुमार, राकेश कुमार, सौरभ शर्मा, अमनदीप नेगी सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे। वहीं भाजपा के पूर्व जिलायक्ष गोविंद अग्रवाल ने ग्रामीणों के धरने को अपना समर्थन दिया।
बंदीगृह से फरार हुआ आरोपी
पेट दर्द के बहाने पुलिस को धक्का देकर बंदीगृह से भागा था आरोपी
ऋषिकेश।
आबिद अली पुत्र लियाकत अली निवासी झबड़ावाला को कोतवाली पुलिस ने 5.9 ग्राम स्मैक के मामले में शुक्रवार देर रात पकड़ा था। शनिवार सुबह आठ बजे बंदीगृह में उसने पेट में दर्द होने की बात कही। जिस पर कांस्टेबल नीरज आबिद को बाहर निकालने लगे। गेट खुलने पर वह नीरज को धक्का देकर दीवार फांदकर भाग खड़ा निकला। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाल जय सिंह आर्य ने एसआई सुरेशचन्द्र बलूनी, जयपाल सिंह, धीरज, हंसराज, सोनी, ईश्वर सैनी को आरोपी को पकड़ने के लिए भेजा।
वह स्वयं उनके साथ थे। मशक्कत के बाद पुलिस ने तीन किलोमीटर दूर चांदीमारी के गन्ने के खेत में छिपे आरोपी आबिद को धर दबोचा। कोतवाल ने बताया कि जिस समय आरोपी को पकड़ा गया था उसके साथ अर्जुन पुत्र जय सिंह निवासी हंशुवाला डोईवाला भी 5.4 ग्राम चरस के साथ पकड़ गया था। बताया कि आरोपी के भागने के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के साथ ही पुलिस अभिरक्षा से भागने के मामले में भी केस दर्ज किया है।
