ऋषिकेश। गुरुवार को विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल के गंगा विहार स्थित घर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त मुलाकात की। प्रेस से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। कहाकि प्रदेश में सीएम की घोषणाओं का 5 प्रतिशत भी काम नही हुआ है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय पर चुटकी ली। बोले अब तो अपने भी उनके खिलाफ बोल रहे है। सरकारी खजाने से 50 करोड़ खर्च करने के बाद भी आज प्रदेश में स्थाई राजधानी नही है। गैरसैंण राजधानी को लेकर उन्होंने सरकार पर विधानसभा को टूरिस्ट हाउस बनाने का आरोप लगाया। कहाकि सीएम कह रहे है कि वह कहीं से भी चुनाव जीत जायेंगे। उनका कहना है कि हरीश रावत अंधविश्वास में जी रहे है।

17 को पहुंचेगी परिवर्तन यात्रा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा 17 नवंबर को ऋषिकेश पहुंचेगी। जिसमें दिल्ली से सांसद व भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी मुख्य रुप से उपस्थित रहेंगे। चन्द्रभागा में जन सभा व रात्रि विश्राम ऋषिकेश में होगा। 18 नवंबर को हरिद्वार प्रस्थान करते हुए श्यामपुर व रायवाला में भाजपा कार्यकर्ता परिवर्तन यात्रा का स्वागत किया जायेगा।
Author: admin
आपके नोट बदले है, खाता नंबर बताएं कहकर ऑन लाइन पैसे उड़ाएं
फोन कॉल कर खाता से पैसे उड़ाएं
ऋषिकेश।
64 आदर्शग्राम निवासी नवीन झा पुत्र राममहेश झा यात्रा बस अड्डे के शौचालय में काम करते है। गुरुवार दोपहर दो बजे उनके मोबाइल पर फोन आया। बताया कि उनके अकाउंट में नोट बदलने है। इसलिए खाता नबंर बताए। नवीन फोन करने वाले व्यकित के झांसे में आ गया। अकाउंट नंबर बताने के कुछ देर बाद ही खाते में जमा 7600 रुपये निकाल लिये गये। फोन में रुपये निकालने का मैसेज आने पर नवीन के होश उड़ गये। वह दौड़कर हरिद्वार मार्ग स्थित पीएनबी की शाखा में पहुंचे। लेकिन भीड़ के चलते वह अपनी बात बैंक अधिकारियों को नहीं बता पाये। नवीन झा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल वीसी गौसाईं ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
नोट बदलने को बैंकों और डाकघर में उमड़ी भीड़
ऋषिकेश।
क्षेत्र के अधिकांश बैंकों में सुबह नौ बजे से ही लाइन लग गई। सुबह 11 बजे के आसपास भीड़ के चलते आईडीपीएल, दूनमार्ग, हरिद्वार मार्ग स्थित पीएनबी और रेलवे मार्ग, कैलाशगेट, रायवाला स्थित एसबीआई की शाखाओं में पुलिस बुलानी पड़ी। शाम पांच बजे तक ऋषिनगरी के 37 बैंकों में 15 करोड़ का लेनदेन हो पाया। इसमें नोट बदलना और खाते में जमा करना शामिल है। पोस्ट ऑफिस में भी भीड़ रही। शहर में शाम सात बजे तक बैंक खुले रहे। लगभग सभी बैंकों ने अतिरिक्त काउंटर लगाए थे। सुबह के समय भीड़ के चलते सड़क से गुजरना तक मुश्किल हो गया। सड़क पर दुपहिया वाहन खड़े करने से परेशानी आई। उधर, गुरुवार को साप्ताहिक बंदी के चलते बाजार बंद रहे।
एसबीआई के मुख्य प्रबंधक विश्वमोहन मिश्रा ने बताया कि पहले दिन सभी बैंकों पर नोट बदलवाने और जमा करवाने को दबाव रहा। बैंकों ने दस, बीस, पचास और सौ के नोट ही दिए। 12 नवबंर तक 500 और 2000 के नए नोट बैंकों में उपलब्ध हो जाएंगे। बताया कि शनिवार और रविवार को भी बैंक खुले रहने से ग्राहकों को नोट बदलवाने में आसानी होगी। जबकि शुक्रवार से अधिकांश एटीएम खुल जाएंगे।
यातायात के नियम बताने सड़क पर उतरे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
ऋषिकेश।
आम जनता को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने टिहरी जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएन नपल्चयाल पुलिस टीम के साथ स्वयं सड़क पर उतरे नजर आए। पुलिस क्प्तान ने दुपहिए वाहन चालकों को हैलमेट का उपयोग करने व वाहन सावधानी से चलाने के लिए कहा। वहीं राहगीरों को सड़क दुर्घटना से बचने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों से भी अवगत कराया। मुनिकीरेती लोक निर्माण विभाग तिराहे से शुरू होकर अभियान कैलाशगेट चौकी पर समाप्त हुआ। सीओ नरेन्द्रनगर जीबी पाण्डेय, मुनिकीरेती थाना इंचार्ज रवि कुमार सैनी व यातायात पुलिस के जवानों के साथ पैदल मार्च करते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएन नपल्चयाल ने दुपहिए वाहन चालकों व राहगीरों को स्वयं पंपलेंट बांटकर यातायात नियमों से अवगत कराया।
सड़कों पर दुपहिए वाहन दौड़ा रहे युवाओं को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने व वाहन की गति सीमित रखने की सलाह भी दी गई। चौपहिए वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस ने सीट बेल्ट का प्रयोग करने व ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने की नसीहत दी। अभियान के दौरान सड़कों पर वाहनों को बेतरतीब पार्क किए हुए वाहन चालकों की भी जमकर खबर ली गई।
खुल्ले पैसे के अभाव में पर्यटक हुए पैदल
ऋषिकेश घूमने आए पर्यटकों ने पैदल नापे रास्ते
ऋषिकेश।
गुरुवार से बैंकों में पांच सौ और हजार रुपये के नोट बदलने की प्रक्रिया शुरू हो हुई, लेकिन पर्यटक बैंकों के बाहर लंबी-लंबी लाइन देखकर नोट बदलने से बचते रहे। खुल्ले पैसों के अभाव में उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। बड़ी संख्या में पर्यटक से राफ्टिंग को सुबह 11 बजे रोडवेज बस से यात्रा अड्डे पहुंचे, लेकिन बड़े नोट नहीं चलने से वह परेशान रहे। मजबूरी में वह पैदल ही कैलाशगेट स्थित राफ्टिंग कंपनियों के कार्यालय पहुंचे। दिल्ली में ग्रेजुएशन कर रही प्रीति सिन्हा ने बताया कि होटल में तो वह कार्ड से खर्च कर लेंगी, लेकिन विक्रम-ऑटो चालक खुल्ले मांग रहे हैं। इसलिए वह पैदल ही कैलाशगेट जा रही हैं। वह पहले भी राफ्टिंग करने ऋषिकेश आ चुकी हैं। इस बार अपने दोस्तों के साथ आई हैं। वह दो दिन ऋषिनगरी में ही ठहरेंगे। उन्होंने पहले ही ऑनलाइन होटल और राफ्टिंग की बुकिंग करवा रखी है। उधर, रेलवे मार्ग पर खरीददारी को पहुंचे विदेशी पर्यटक भी परेशान रहे। वह स्वर्गाश्रम स्थित एक आश्रम में ठहरे हैं। गुरुवार को वह खरीदारी को ऋषिकेश के बाजार आए। बाजार बंदी के कारण उन्हें लौटना पड़ा। विदेशी एक सप्ताह के टूर पर आए हैं। इसके अलावा स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, कैलाशगेट आदि इलाकों से कई यात्री पैदल रेलवे स्टेशन और बस अड्डा पहुंचे।

हरिद्वार मार्ग के पेट्रोल पंप पर तेल खत्म
500 और 1000 के नोट पेट्रोल पंपों पर ही चल रहे थे। मंगलवार रात से हरिद्वार मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप का भारी भीड़ रही। इस कारण गुरुवार सुबह 10 बजे पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया। पंप मालिक को पेट्रोल खत्म होने का बोर्ड लगाना पड़ा। शहर के सभी पंपों पर पेट्रोल-डीजल लेने को भीड़ रही। गुरुवार को भी शहर के सभी पंपों पर एक लाख लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री हुई। इस दौरान पांच सौ से कम का तेल नहीं दिया गया। पंप संचालक 100 और 50 के नोट नहीं होने का बहाना बनाते रहे।
श्रेय लेने को भाजपा विधायक लगा रहे सीएम के होर्डिंग्स
पलटवार-कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने स्वीकृत सड़कों का श्रेय लेने का लगाया आरोप
ऋषिकेश।
गुरूवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि आईडीपीएल, बीस बीघा बापूग्राम, श्यामपुर, खदरी, आईडीपीएल व छिद्दरवाला आदि इलाकों में सड़क निर्माण के लिए उन्होंने सीएम को 13 सड़कों का प्रस्ताव भेजा है। जिनमें से आठ सड़कों को वित्तीय स्वीकृत मिल गई है। लेकिन विधायक प्रेमचन्द्र अग्रवाल सोशल मीडिया में इन सड़कों को स्वयं के द्वारा स्वीकृत कराने का झूठा प्रचार कर रहे हैं। खरोला ने कहा कि विधायक ने अभी तक स्वयं से क्षेत्र के लिए एक प्राइमरी स्कूल तक नहीं बनवाया। कहा कि एक ओर विधायक कांग्रेस सरकार के सीएम को भला बुरा कहते हैं,
वहीं दूसरी ओर शहर के होर्डिंग में वे मुख्यमंत्री को सड़क स्वीकृति के लिए धन्यवाद करते दिख रहे हैं। जिससे की लोगों को लगे कि सड़कों को विधायक ने स्वीकृति दिलायी है। पत्रकार वार्ता में ग्राम प्रधान साहबनगर ध्यान सिंह असवाल, ग्राम प्रधान ऋषिकेश अनिता असवाल, शकुम्बरी बिष्ट, सरोप पुण्डीर, रोशनी पंवार, पूनम पोखरियाल आदि उपस्थित थे।
आंदोलनकारियों का किशोर उपाध्याय ने किया सम्मान
ऋषिकेश।
श्यामपुर भल्लाफार्म में राज्य आंदोलनकारी अधिकार संगठन द्वारा आयोजित प्रदेश महासम्मेलन एवं राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह के वरिष्ठ आंदोलनकारी सम्मान समारोह में वरिष्ठ एवं ऐसे आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया जिनकी भागेदारी आंदोलन में होने के बावजूद चिन्हित होने से वंचित रहे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथी पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने सभी आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग जिन्होंने राज्य स्थापना के लिए अपना बलिदान दिया
उन्हें आज भी कोई पहचान नहीं मिल पायी है, हमें ऐसे लोगों का भी सम्मान जरूर करना चाहिए। इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा सरोजनी कैंतुरा, विधायक प्रेम चन्द्र अग्रवाल, डॉ. नंद किशोर उपाध्याय, राजेन्द्र तिवारी, ज्योति सजवाण, सुशील बलोनी, कमला रावत, रामदेव, अनिल रस्तोगी, मधु सेमवाल आदि उपस्थित थे।
तीर्थनगरी में धूमधाम से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस
ऋषिकेश।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर तीर्थनगरी के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सामाजिक, राजनीतिक व शैक्षणिक संस्थानों में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। जबकि कुछ संस्थाओं ने इस अवसर पर पौधरोपण व स्वच्छता अभियान भी चलाया।
मैती स्वयं सेवी संस्था के तत्वाधान में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शहरभर में नशा मुक्ति रैली निकाल लोगों से नशा छोड़ने की अपील की। रैली में मैती संस्था की अध्यक्ष कुसुम जोशी, श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डीवीएस रावत, कैप्टन गोविंद सिंह रावत, एसपी बहुगुणा, सुनील दत्त थपलियाल, लखविंदर सिंह आदि शामिल थे। श्यामपुर स्थित सम्राट किड्स जोन पब्लिक स्कूल में राज्य स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिसमें नौनिहालों ने पंजाबी, गढ़वाली, हरियाणवी गीत-नृत्य किये।
विद्यालय के प्रबंधक भूपेन्द्र जैन, प्रधानाचार्य वीपी धस्माना, माधवी, पारूल, अंजना, रेनू आदि उपस्थित थे। वहीं राजकीय महाविद्यालय पावकी देवी टिहरी गढ़वाल में भी राज्य स्थापना दिवस पर सामान्यज्ञान, निबंध व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण में अमित ने पहला व शालिनी ने दूसरा स्थान पाया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी, प्रो आर बाली व ओमवीर सिंह आदि मौजूद रहे। ओमकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने एक साथ योग के गुर सीखे।संस्थान के निदेशक डॉ. बीपी गंगवार, डीन प्रमोद उनियाल, नरेन्द्र पंवार, डॉ. विकास गैरोला, आम्रपाली नेगी आदि उपस्थित थे। 
राज्य स्थापना दिवस पर पर्वतीय लोक कल्याण समिति ने नगर पालिका स्थित स्वर्ण जयंती सभागार हॉल में विचार गोष्ठी का आयोजन किया। जिसमें उत्तराखण्ड राज्य ने क्या खोया क्या पाया विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। गोष्ठी में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विरेन्द्र शर्मा, मदनमोहन शर्मा, जयपाल जाटव, विजयलक्ष्मी, शीषराम कंसवाल, ज्योति सजवाण, मधु जोशी, बृजपाल राणा व जगदीश कुलियाल आदि उपस्थित थे।
शहीदों को किया नमन
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से शहीद स्थल पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ राज्य स्थापना दिवस मनाया गया। समिति से जुड़े लोगों ने राज्य स्थापना में शहीदों की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, संजय शास्त्री, उषा रावत, सरोज डिमरी, गम्भीर सिंह मेवाड़, जय सिंह रावत, युद्धवीर सिंह चौहान, डीएस गुसांई, केके बिजल्वाण, शांता राणा, विरेन्द्र शर्मा, रूकम पोखरियाल, आशुतोष डंगवाल, मनोज तिवारी, कर्मचंद अदि उपस्थित थे।
आर्म्स एक्ट में युवक गिरफ्तार
ऋषिकेश।
बुधवार को मुनिकीरेती पुलिस ने चुनाव की दृष्टि से चेंकिग अभियान चलाया। थाना प्रभारी रवि कुमार सैनी ने बताया कि मुनिकीरेती क्षेत्र में चलाये गये अभियान में पुलिस ने बिना लाइसेंस के एक नाली बंदूक व दो जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान वीरेन्द्र सिंह उर्फ छोटू पुत्र हुकुम सिंह निवासी माधोवाला डोईवाला के रुप में हुई है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया है।
ऑटोनॉमस कॉलेज में कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी
मॉडलों में नजर आयी छात्रों की रचनात्मकता
ऋषिकेश।
ऑटोनॉमस महाविद्यालय में आयोजित विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में विभिन्न विभाग के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपने विचारों को उजागर किया। इस दौरान पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन में इनोवेटर्स व स्पंदन ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बुधवार को बीएमएलटी संकाय में विज्ञान एवं कला वर्ग में मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता भाग लिया। प्रदर्शनी में अब्दुल कलाम ग्रुप को जियो थर्मल एनर्जी एवं ऊं शान्ति ग्रुप को खराब वस्तुओं से घरेलू सामान बनाने की तकनीक के लिए प्रथम पुरस्कार दिया गया। वहीं स्त्रियों के रोजगार को बढ़ावा देने की तकनीक पर मॉडल तैयार करने वाले ग्रुप विजय लक्ष्मी ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि दूध दही मक्खन की जांच के लिए बनाई गई तकनीक पर आधारित मॉडल बनाने वाले रोशनी ग्रुप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन में इनोवेटर्स और स्पंदन ग्रुप ने प्रथम व श्रीदेव सुमन और कलाम ग्रुप ने द्वितीय स्थान पाया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल, डॉ. दयाधर दिक्षित, डॉ. विजय लक्ष्मी, डॉ. शकुंज राजपूत, डॉ. मृत्युंजय शर्मा आदि उपस्थित थे।
