23 इंफेनटरी डिवीजन ओवर ऑल चैम्पियन

साउथ वेस्टर्न कमांडेट एडवेंचर चैलेज कप का समापन

ऋषिकेश।
बुधवार को बैराज आस्थापथ में आयोजित कार्यक्रम में साउथ वेस्टर्न कमांडेट एडवेचर चैलेंज कप का समापन हुआ। प्रतियोगिता 7 नवंबर को शुरु हुई थी। तीन दिवसीय चैलेंज कप में साइकिलिंग, रनिंग व राफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। राफ्टिंग प्रतियोगिता गोल्फ कोर्स शिवपुरी से शुरु हुई थी, लगभग 15 किमी के रन में 23 इंफेनटरी डिवीजन पहले व 16 इंफेनटरी डिवीजन दूसरे स्थान में रही। रनिंग प्रतियोगिता चीला-नीलकंठ मार्ग पर 10.6 किमी पर संपन्न हुई, जिसमें 16 इंफेनटरी डिवीजन के सुखराम पहले, राजविंदर सिंह दूसरे व 18 इंफेनटरी डिवीजन के मंजीत सिंह तीसरे स्थान में रहे। 104
साईकिलिंग प्रतियोगिता नीलकंठ मार्ग पर लगभग 12.7 किमी पर संपन्न हुई, जिसमें रेपिड डिवीजन के रमेश चन्द्र जोशी पहले व 16 इंफेनटरी डिवीजन के सुखचैन सिंह दूसरे व सुखराम तीसरे स्थान में रहे। ओवर ऑल चैम्पियनशिप के खिताब से 23 इंफेनटरी डिवीजन को नवाजा गया। सेना मेडल से सम्मानित कर्नल शुभांकर धौसाल ने विजयी प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मेजर रोम गुप्ता, लेफ्टिनेंट कर्नल शैलेन्द्र यादव मौजूद रहे।

टीएचडीसी में रिया कसीना व सचिन कुमार अव्वल

ऋषिकेश।
विद्युत मंत्रालय भारत सरकार द्वारा नामित टीएचडीसी को उत्तराखण्ड में नोडल एजेंसी नामित किया गया।विभिन्न स्कूलों में राज्य के 3654 स्कूलों से 295758 बच्चों ने भाग लिया। बुधवार को चयनित 100 छात्रों में 50 श्रेणी क व 50 श्रेणी ख का चयन जूरी मैम्बर्स ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिये किया। चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कम्युनिटी सेंटर में किया गया।श्रेणी क में रिया कसीना, आचार्य कुलम हरिद्वार, नेहा मेहता केंद्रीय विद्यालय हल्दवानी, देवाशीष डबराल आर्चाय कुलम हिरद्वार एवं श्रेणी ख में डीपीएस बीएचईएल के सचिन कुमार,गुरूनानक बालिक इंटर कॉलेज से मारी कश्यप, बाल भारती स्कूल बीएचईएल हरिद्वार के विजय राजपूत का चयन किया गया। जो राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेंगे। 103बुधवार को गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.सुरेन्द्र कुमार ने चयनित छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक कार्मिक विजय गोयल, एचएल भारत, अजय माथुर, जे बेहरा, उप महाप्रबंधक वीर सिंह आदि उपस्थित थे। विजेताओं को क्रमश:20 हजार,15 हजार व 10 हजार रूपये देकर पुरस्कृत किया गया।इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।

केवि रायवाला में गुलदार धमकने से दहशत का माहौल

रायवाला।
बुधवार सुबह केंद्रीय विद्यालय रायवाला के पास गुलदार दिखार्ई देने से बच्चों में हडकम्प मच गया। स्कूल जाने के समय टीचर कालोनी के पास गुलदार दिखाई दिया। इसके बाद स्कूल जाने वाले बच्चों को सम्भावित खतरे के प्रति आगाह किया गया। इसी क्षेत्र में दो सप्ताह पूर्व भी गुलदार दिखाई दिया। गुलदार के खतरे को देखते हुए केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को नोटिस थमा दिया। जिसमें स्कूल आते व जाते समय बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं उठाने को कहा है। गुलदार की सूचना पर स्कूल प्रशासन ने मोतीचूर रेंज को भी इसकी सूचना दी। इससे पहले भी होशियारी माता मंदिर के समीप व पार्क से सटे खाण्ड गांव में स्थानीय लोगों को गुलदार दिखाई दिया। इस सम्बन्ध में मोतीचूर रेंज अधिकारी महेंद्रगिरी गोस्वामी ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय के समीप गुलदार होने की सूचना मिली है। क्षेत्र में गश्त बढाई जाएगी।

भूमिधरी का अधिकार नहीं मिलने नाराज टिहरी बांध विस्थापित

विस्थापितों ने सरकार की बुद्धि-शुद्धि को किया यज्ञ

ऋषिकेश।
टिहरी बांध प्रभावित पशुलोक धरना स्थल पर एकत्रित हुए और राज्य सरकार की बद्धि-शुद्धि को यज्ञ किया। विस्थापित समन्वय विकास समिति पशुलोक के अध्यक्ष हरि सिंह भंडारी ने कहा कि टिहरी जनपद के एक दर्जन गांवों के तीन हजार पुनर्वासित परिवार वर्ष 2000 में पशुलोक में बसाए गए थे। लेकिन 16 साल बाद भी विस्थापितों को भूमिधरी का अधिकार नहीं मिल पाया है। विस्थापित 25 जुलाई से पशुलोक में धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
सचिव जगदमा रतूड़ी ने कहा कि क्षेत्र को राजस्व ग्राम का दर्जा न मिलने से विस्थापित सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। प्रमाण-पत्र न बनने से उनके बच्चों को रोजगार के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। इसलिए सरकार को जल्द क्षेत्र को भूमिधरी का अधिकारी देने के आदेश करने चाहिए। कार्यक्रम में प्रवीण थपलियाल, मनीष मैठानी, संजय थपलियाल, अरुण कांत बिजल्वाण, गणेश बिजल्वाण, वीरेंद्रदत्त जोशी, सूरत सिंह राणा, कुशलानंद भट्ट, प्रताप सिंह, प्रताप पंवार, शूरवीर सिंह, युद्धवीर सिंह, रमेश सिंह, जनार्धन प्रसाद, शिवकुमार, गिरीश उनियाल आदि शामिल थे।
101
वनभूमि बना भूमिधरी में रोड़ा
वनभूमि के चलते भी भूमिधरी का अधिकार मिलने में परेशानी आ रही है। पुनर्वास निदेशालय की लापरवाही एवं शासन की अनदेखी के चलते भूमिधरी का अधिकार नहीं मिल पाया है। जबकि 2005 में मुख्य संरक्षक वन ने पुनर्वास निदेशालय को शासन स्तर पर आदेश जारी करवाने को कहा था। लेकिन शासन की अनदेखी के चलते समस्या का निदान नहीं हो पाया है।

कालेधन पर पीएम मोदी का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

500 और 1000 रुपये के नोट बंद…

नई दिल्ली।
पीएम मोदी ने एक बेहद धमाकेदार ऐलान कर दिया है जो देश की आर्थिक स्थिति में जोरदार बदलाव लाएगा। आज आधी रात से 500 रुपये और 1000 रुपये के नोटों को बंद कर दिया जाएगा। यानी आज आधी रात से 500 और 1000 रुपये के नोट चलना बंद कर दिए गए हैं। पीएम मोदी ने आज देश के नाम संबोधन करने का अचानक ऐलान करके सबको चौंका दिया और इस संबोधन को आर्थिक महत्व से जोड़कर सबके अनुमानों को गलत साबित कर दिया।
30 दिसंबर 2016 तक आपके पास जो भी 500 और 1000 रुपये के नोट हैं वो बैंक और डाकघर में जमा कर सकते हैं। 10 नवंबर से 30 दिसंबर 2016 के बीच आप बैंक, डाकघर में नोट जमा कर सकते हैं। इसी फैसले के चलते 9 और 10 नवंबर को एटीएम काम नहीं करेंगे और आपको कैश की जरूरत है तो 100 रुपये के नोटों का बंदोबस्त कर लें। 9 नवंबर और 10 नवंबर को आप एटीएम से 2000 रुपये से ज्यादा कैश नहीं निकाल सकते।

30 दिसंबर तक बदल सकेंगे पुराने नोट
500 और 1000 रुपये के पुराने नोट 10 नवंबर 2016 से लेकर 30 दिसंबर 2016 तक बैंक या डाकघर में जमा करवा सकते हैं. ये 50 दिन का समय है. पैसा जमा करवाने की कोई जल्दबाजी नहीं होगी.”

10 से 24 नवंबर तक बदल सकेंगे 4000 तक के नोट
पीएम मोदी ने कहा कि 10 नवंबर से 24 नवंबर तक 4000 रुपये कीमत तक के 500 और 1000 के पुराने नोट बदले जा सकेंगे. इसके बाद इस सीमा को बढ़ाया जाएगा।
101
घबराने की जरूरत नहीं
पीएम ने कहा, ”इस ऐलान से आपको घबराने की जरूरत नहीं है. तत्काल आवश्कता के लिए आप अपने मान्य पहचान पत्र के साथ किसी बैंक या डाकघर से 4000 रुपये तक की सीमा तक बदल सकते हैं. 10 नबंबर के बाद इस सीमा में बढोतरी की जाएगी। ”

11 नवंबर तक यहां चलेंगे 500 और 1000 रुपये के नोट
पीएम ने कहा, ”मानवीय दृष्टिकोण से सामन्य नागरिकों के लिए कुछ सुविधाएं दी जा रही हैं। अस्पतालों में 11 नवंबर 2016 की मध्यरात्रि तक अस्पताल, रेलवे, बस और हवाई टिकट काउंटर पर पुराने 500 और 1000 रुपये नोट मान्य होंगे। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर भी 11 नवंबर 2016 की रात 12 बजे तक पुराने 500 और 1000 रुपये नोट मान्य होंगे।”

30 दिसंबर के बाद भी जमा कर सकते हैं पुराने नोट
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि अगर आप 10 दिसंबर 2016 की तय सीमा तक 500 और 1000 नोट नहीं बदल तो भी आपको घबराने की जरूरत नहीं है। आप मार्च 2017 तक आरबीआई के स्थानीय कार्यालय में जार भी नोट बदल सकते हैं। इसके लिए आपको अपने पास स्थित रकम का एक घोषणापत्र में ऐलान करना होगा।”

एक दिन बैंक और दो दिन बंद रहेंगे एटीएम
पीएम मोदी ने ऐलान किया कि कल एक दिन बैंक बंद रहेंगे। इसके साथ ही अगले दो दिन यानी 9 और 10 नबंवर को कुछ जगहों पर एटीएम काम नहीं करेंगे।”

2000 और पांच सौ के नए नोट जारी करेगा आरबीआई- नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी ने एक और बड़ा ऐलान किया. पीएम मोदी ने बताया कि रिजर्ब बैंक 500 और 2000 के नए नोट जारी करेगा. आरबीआई आने वाले समय में नए और उच्च मूल्य वाले नोट जारी करेगा।

104
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
पीएम ने कहा, ”आतंकवाद की भयानकता को कौन नहीं जानता है. लेकिन कभी सोचा है कि इन आतंकियों को पैसा कहां से मिलता है। सीमापार के हमारे दुश्मन नकली नोटों के जरिए देश को तबाह कर रहे हैं. देश में कई बार नकली नोटों के कारोबार का खुलासा हुआ है।”
काले धन पर पीएम ने कहा, ”हमने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक एसआईटी का गठन किया। लोगों को बेनामी संपत्ति घोषित करने की योजना शुरू की. हमने प्रयासों से कालाधन के चोर दरबाजों को बंद किया। इन प्रयासों से पिछले ढाई साल में सवा लाख करोड़ का काला धन वापस आया। देश का कौन सा नागरिक होगा जिसे अफसरों के पर छापा पड़ने की खबरों से दुख ना होता हो।”

भारतीय मुद्रा के अपरोक्ष रुप से बहिष्कार का प्रशासन नही ले रहा संज्ञान

ऋषिकेश।
तीर्थनगरी में दस रुपये के सिक्के का बहिष्कार देखने को मिल रहा है। जागरुकता की कमी और भ्रम के कारण दस रुपये का सिक्का चलन से बाहर होने की कगार पर खडा है। उस पर अफवाहें कि असली और नकली सिक्के का खेल और माहौल बिगाड रहा। कई दुकानदारों के पास दस रुपये के सिक्कें की भरमार है, उन्हें डर सता रहा कि उनके सिक्कें नकली तो नही। ऐसे में दुकानदार ग्राहकों से दस रुपये के सिक्कें नही ले रहे है। बाजार में दस रुपये के सिक्कें नही लेने से ग्राहकों में असंतोष पनप रहा है।
दुकानदार व ग्राहक जिसके पास जितने भी सिक्कें है, वह उनको चलन में नही ला पा रहा है। हालांकि कुछ दुकानदार असली व नकली सिक्कों का आंकलन उसमें बनी तिल्ली के आधार पर कर रहे है। अपरोक्ष रुप से दस रुपये के सिक्कें चलन से धीरे-धीरे गायब हो रहे है। ताज्जुब कि बात है कि भारतीय मुद्रा चलने से बाहर हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी व प्रशासन इस ओर कोई कार्रवाई नही कर रहा है। या कहें तो दबी आवाज में लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कह रहा है।
105
भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार …
एक रुपये के सिक्के और अधिक रुपये के सिक्कों को रुपये सिक्के कहा जाता है। यह सिक्के वैध मुद्रा के अंतरगत आते है। सिक्काकरण(क्वायनेज) अधिनियम, 2011 की धारा 6 में प्रदत्त अधिकार के अंतर्गत जारी सिक्के भुगतान के लिए वैध मुद्रा होंगे बशर्ते कि सिक्के को विरूपित न किया गया हो और उनका वजन इस तरह से कम न हुआ हो जो प्रत्येक के मामले में निर्धारित वजन से कम हो। (क)किसी भी मूल्यवर्ग के सिक्के जो एक रुपये से कम न हो किसी भी राशि के लिए (ख) आधा रुपया सिक्का, किसी भी राशि के लिए किंतु अधिक से अधिक दस रुपये तक, वैध मुद्रा होंगे।

बाजार में कुछ सिक्कों को लेकर भ्रम की स्थिती है। हांलाकि भारतीय मुद्रा को लेने से मना करना अपराध की श्रेणी में आता है। हमनें आरबीआई को पत्र भेजा है। 10 नवंबर को उनके अधिकारियों के साथ बैठक होनी है। इसके बाद कार्रवाई होगी।
रविनाथ रमन,जिलाधिकारी देहरादून

आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर किया रुपये लेने का विरोध

सोसायटी के लिए बच्चों से पैसे जमा कराने पर हंगामा

ऋषिकेश।
गंगानगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में अभिभावकों ने जमकर हंगामा काटा। अभिभावक एक सोसायटी के लिए बच्चों से रुपये मंगवाने को लेकर नाराज थे। स्कूल प्रशासन के रुपये वापस कराने के निर्णय पर मामला शांत हुआ।
मंगलवार को स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने उक्त सोसायटी के कार्यों पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कई गंभीर आरोप जड़े। अभिभावकों के हंगामे के चलते स्कूल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति रही। बात बिगड़ती देख स्कूल प्रशासन ने बच्चों से लिए गए रुपये वापस करने का फैसला लिया। जिसके बाद अभिभावक शांत हुए। उन्होंने भ‌विष्य में ऐसा न करने की भी चेतावनी दी। school-014सूत्रों के अनुसार उक्त सोसायटी बुजुर्गों की सेवा करने का दावा करती है, उसी के नाम पर छात्रों से रुपये मंगवाए जा रहा थे। मौके पर शिवकुमार गौतम, ऋषिकांत गुप्ता, अनिल चौधरी, प्रभुदयाल शर्मा, नीरज, विवेक वाष्णेय, योगेश पाल, अमरदीप, अमित वत्स, दिनेश बिष्ट समेत कई अभिभावक मौजूद थे।

सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानों से बैरंग लौट रहे उपभोक्ता

ऋषिकेश।
पूर्ति विभाग अब आधार नंबर लेने के लिए नया फॉर्मूला अपना रहा है। कई सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता उपभोक्ताओं को राशन नही दे रहे हैं। कारण यह कि उनका आधार कार्ड का नंबर राशन कार्ड से लिंक नही हुआ है। नए नियम के अनुसार अब राशन कार्ड में दर्ज यूनिटों का भी आधार नंबर दर्ज किया जाना है। सभासद हरीश तिवाड़ी ने बताया कि उनके क्षेत्र में कई लोग राशन नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं। बताया कि कई परिवारों में छोटे बच्चों का आधार कार्ड नहीं बना है। बीते दिनों लगे कैंप में भी पांच साल से छोटी उम्र के बच्चों का आधार कार्ड नहीं बन पाया। उन्होंने आपूर्ति विभाग पर आधार कार्ड के बहाने राशन की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया।
104
नए निर्देशों के अनुसार राशन कार्ड की सभी यूनिटों का आधार नंबर राशन कार्ड में दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया गया है। बार-बार आधार नंबर मांगने पर भी कई उपभोक्ता विभाग को जानकारी नहीं दे रहे हैं। विभाग द्वारा ऐसे उपभोक्ताओं का राशन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
-पुष्पा बिष्ट, पूर्ति निरीक्षक, ऋषिकेश

कार लूटेरों का स्कैच जारी

ऋषिकेश।
पुलिस ने रुड़की से डोईवाला लौट रहे कारोबारी को अगवा कर कार लूटने वाले बदमाशों के स्कैच जारी कर दिए हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। शनिवार को रायवाला के पास बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था।
थानाध्यक्ष रायवाला नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि डोईवाला निवासी कारोबारी अनूप कुमार रामपाल की स्मृति के आधार पर स्कैच आर्टिस्ट की मदद से दो अपराधियों के स्कैच बनवाए गए हैं। 103स्कैच के आधार पर अपराधियों की तलाश की जा रही है। शनिवार देर रात कारोबारी को अगवा कर उनकी ईको स्पोटर्स यूके 07-एएक्स 9407 रायवाला बाजार के पास लूट ली गई थी।

रेल मंत्री को ज्ञापन, ट्रेनें चलाने की मांग

ऋषिकेश।
रेलवे ने दिल्ली पैसेंजर और हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच चलने वाली लोकल ट्रेन को एक माह तक कोहरे के कारण बंद करने का फैसला लिया है। सूत्रों के अनुसार लगातार कम हो रहे यात्रियों के कारण मुरादाबाद मंडल ने ट्रेन बंद करने की रिपोर्ट शीर्ष अधिकारियों को प्रेषित की है। मंगलवार को इन्द्रानगर के लोगों ने स्टेशन मास्टर के माध्यम से रेल मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी सजवाण, ग्राम पंचायत सदस्य लोकेश कुमार, भगवानी देवी, मीरा, दीपक, सरोज नेगी, पारुल, कुसुम अग्रवाल, माया, राजीव गर्ग, लक्ष्मी बुडाकोटी, पवन राजपूत, केवल नेगी, शुभम सजवाण, निरपाल सिंह, प्रवीण कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।
103
दोनों ट्रेनों को लेकर संशय बरकरार
मुरादाबाद मंडल ने दिल्ली पैसेंजर और हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच संचालित लोकल ट्रेन के पैसेंजरों की संख्या को लेकर रिपोर्ट तैयार की है। सूत्रों के मुताबिक लगातार पैसेंजरों की संख्या कम होने से रेलवे को आर्थिक नुकसान उठाने की बात रिपोर्ट में कही जा रही है। इस लिए रेलवे ट्रेनों का संचालन बंद करने पर विचार कर रहा है। अभी एक माह के लिए रेलवे ने कोहरे का हवाला देकर ट्रेन का संचालन बंद कर दिया है। ऐसे में इन ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू हो पाएगा या नहीं, इसे लेकर लोगों में संशय बना हुआ है।