अल्ट्रासाउंड न होने से मरीज परेशान

ऋषिकेश।
सरकारी अस्पताल में पांच दिनों से अल्ट्रासाउण्ड न होने से मरीज परेशान है। एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट की नाइट ड्यूटी लगने से व्यवस्था बिगड़ी। ऐसे में मरीजों को प्राइवेट में महंगा शुल्क देकर अल्ट्रासाउण्ड कराना पड़ा।
सरकारी अस्पताल में एक मात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. उत्तम सिंह खरोला तैनात है। ऐसे में उनकी नाइट ड्यूटी लगाने से मरीज परेशान है। जिस कारण बीते शुक्रवार से मंगलवार तक अल्ट्रासाउण्ड नहीं हो पाये है। सबसे अधिक गर्भवती महिलाओं को दिक्कतें आ रही है।
111
सीएमएस डॉ.अशोक कुमार गैरोला का कहना है कि मंगलवार को रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर थे। जबकि और दिनों उनकी नाइट ड्यूटी लगने से अगले दिन ऑफ पर रहे। इससे दिक्कतें आई। बुधवार से अल्ट्रासाउण्ड होंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर गए हरक सिंह

भाजपा ऋषिकेश मंडल की कार्यसमिति में खुलकर रखी अपनी बात
कहा- प्रदेश में अगली सरकार हमारी, चुनाव तैयारी में जुटने का आह्वान

ऋषिकेश।
रेलवे रोड स्थित नीरज भवन में मंगलवार को एक दिवसीय कार्यसमिति में भाजपा की सरकार लाने का संकल्प लिया गया। पूर्व राज्यसभा सांसद मनोहरकांत ध्यानी ने कार्यकर्ताओं को मतभेद भुलाने की नसीहत दी। कहा कि सरकार लाने के सामूहिक प्रयास करने होंगे। वहीं, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा की सीटें बढ़ाना मेरी जिम्मेदारी है। 109
वरिष्ठ नेता देवेंद्रदत्त सकलानी ने कहा कि कार्यकर्ता अपनी शक्ति पहचानें, दूसरों की कमी न देखें। विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल ने 2017 के चुनाव में सफलता के उद्देश्य से जुट जाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल और जिला प्रभारी सुनील उनियाल गामा ने सरकार लाने का संकल्प दोहराया। कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं का उद्देश्य एक ही है। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा ने की। संचालन महामंत्री पंकज शर्मा ने किया।
इस मौके पर उषा रावत, इन्द्रकुमार गोदवानी, दिनेश सती, संजय शास्त्री, संदीप गुप्ता, जितेन्द्र अग्रवाल, केके सिंघल, हेमचन्द्र, हरीश आनंद, सरोज डिमरी, अनिता तिवाड़ी, रजनी बिष्ट, हरीश तिवाड़ी, राकेश पारछा, सतीश पाल, राजपाल ठाकुर, शिवकुमार गौतम, राजकुमार जुगलान, रीना शर्मा, सतीश दूबे, अभिषेक शर्मा, जयंत किशोर शर्मा आदि मौजूद थे।

109a
वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मानित
भाजपा मंडल की कार्यसमिति में पांच वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व सांसद मनोहरकांत ध्यानी, विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल, जिलाध्यक्ष जितेन्द्र नेगी और मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा ने संयुक्तरूप से देवेन्द्र दत्त सकलानी, हेमराज अरोड़ा, यशपाल अग्रवाल, रमाकांत अग्रवाल, रामकिशन अग्रवाल को शॉल देकर सम्मानित किया। उधर, जिलाध्यक्ष जितेन्द्र नेगी ने कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी जांची। एक मंडल महामंत्री की अनुपस्थिति पर कारण जानना चाहा तो कार्यकर्ताओं की भीड़ से जवाब आया कि वह कार्यक्रमों में आते ही नहीं हैं।

एआरटीओ में कार्यबहिष्कार के चलते परेशान रहे लोग

ऋषिकेश।
मंगलवार को संभागीय परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने एआरटीओ कार्यालय में प्रदर्शन कर एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों का कहना है कि 2012 से पदोन्नति की मांग की जा रही है। लेकिन चार साल से मामला आयोग में लटका हुआ है। जिससे गुस्साएं कर्मचारियों ने एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार पर चले जाने पर लोगों के वाहनों से संबंधित कार्य पूरे नहीं हो पाए। जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यही नहीं वाहनों के कर संबंधित कार्य भी ठप रहे। दूर-दराज से अपना लाईसेंस बनवाने आए लोगों के लाईसेंस से संबंधित कार्य भी नहीं हो पाए। उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
108
मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनोद भट्ट ने बताया कि संभागीय परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया है। उनकी मांग है कि उन्हें मुख्य सहायक पद से परिवहन द्वितीय कर अधिकारी के पद पर पदोन्नति दी जाय। मामला 2012 से आयोग में लटका हुआ है। लेकिन अभी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने मांग जल्द पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में देवेंद्र सिंह रावत, मोहन सिंह चमियाला, जनवीर रावत, सुरेश कोटनाला, प्रेमदत्त बिजलवाण, मुकेश नवानी आदि शामिल रहे।

करवाचौथ पर खरीददारी को जुटी भीड़

ऋषिकेश।
मंगलवार को ऋषिनगरी के त्रिवेणी घाट, मुखर्जी मार्ग, रेलवे रोड, क्षेत्र रोड, सुभाष चौक, मेन बजार व त्रिवेणी घाट रोड पर सुबह से महिलाओं की भीड़ रही। साड़ी, चूड़ी व ज्वेलरी सहित अन्य दुकानें महिलाओं की भीड़ से अटी नजर आई। महिलाओं ने दुकानों से अपनी मनपंसद चीजों की जमकर खरीददारी की। सुभाष चौक से महिलाएं करवाचौथ की कथा से जुड़ी किताबे व तस्वीरे ले रही थी। महिलाओं की खरीददारी के चलते मुख्य मार्गो से दुपहिया व पैदल चलने वाले को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर त्रिवेणी घाट रोड व सुभाष चौक पर बहुत दिक्कत रही। बनखण्डी से खरीददारी को पहुंची सीमा व कविता बिष्ट का कहना है कि उनका पहला करवा चौथ है इसलिए वे दो दिन पहले ही बाजार से खरीददारी करने पहुंची है। जिससे वे आराम से अपनी मनपंसद चीजों की खरीददारी कर सके। श्रेया अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने कुछ चीजें ऑनलाइन के जरिए खरीद ली है और बचे हुए सामान की खरीददारी करने पहुंची है।
106

पति की लंबी आयु को रखा जाता है करवा चौथ व्रत
करवा चौथ पर विवाहित महिलाए अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखती है करवा चौथ के व्रत का पूर्ण विर्ण वामन पुराण में किया गया है। आचार्य पंडित राकेश सेमवाल व सुरेश चन्द्र भट्ट का कहना है कि इस साल करवा चौथ के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 26 मिनट से लेकर 6 बजकर 22 मिनट तक का है। इस वर्ष करवा चौथ का दिन चंद्रोदय रात 8 बजकर 38 मिनट पर होगा। करवा चौथ के दिन चन्द्रमा को अघ्र्य देकर ही व्रत पारण किया जाता है।
107

करवा चौथ पूजन विधि
नारद पुराण के अनुसार इस दिन भगवान गणेश की पूजा करनी चाहिए। करवा चौथ की पूजा करने के लिए बालू यानी रेत की एक वेदी बनाकर भगवान शिव-देवी पार्वती, स्वामी कार्तिकेय, चन्द्रमा एवं गणेश जी को स्थापित कर उनकी विधिपूर्वक पूजा करनी चाहिए। पूजा के बाद करवा चौथ की कथा सुननी चाहिए तथा चन्द्रमा को अघ्र्य देकर छलनी से अपने पति को देखना चाहिए। पति के हाथों से ही पानी पीकर व्रत खोलना चाहिए। इस प्रकार व्रत को सोलह या बारह वर्षो तक करे उद्यापन कर देना चाहिए।

नरकंकालों पर राजनीति कर रहे सीएम : हरक सिंह

मुख्यमंत्री पर हवा-हवाई घोषणाएं करने का लगाया आरोप

ऋषिकेश।
भाजपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि केदारनाथ में मिले नरकंकालों पर सीएम राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कैलाश खेर के कार्यक्रम को सरकारी धन की बर्बादी बताया। उन्होंने बहुगुणा का बचाव किया और सीएम हरीश रावत पर निशाना साधा। उन्होंने सीएम पर हवा-हवाई घोषणाएं करने का आरोप भी लगाया।
ऋषिकेश में मंगलवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे हरक सिंह रावत ने कहा कि केदारनाथ में मिल रहे नरकंकालों पर राजनीतिक नहीं होनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का बचाव करते हुए कहा कि हरीश रावत तीन सालों से सीएम की कुर्सी पर बैठे हैं। उन्होंने केदारनाथ आपदा में लापता हुए लोगों की खोज के लिए क्या किया। हरक सिंह रावत ने कहा कि बर्फीले इलाके में आगे और नरकंकाल मिल सकते, इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
105
कहा कि कांग्रेस में संगठन नाम की कोई चीज नहीं है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा, यह हाईकमान को तय करना है। हमें सिर्फ हरीश रावत सरकार की विदाई के बारे में सोचना है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ में सूफी गायक कैलाश खेर के कार्यक्रम पर करोड़ों रुपये खर्च करने पर नाराजगी जताई। कहा कि सरकार केदारनाथ आपदा पीड़ितों पर यह पैसा खर्च कर सकती थी।

हरक के दावे से भाजपा में फेरबदल की आहट

भाजपा कार्यसमिति में हरक सिंह रावत का बड़ा बयान
कहाकि चुनाव लड़ने से ज्यादा चुनाव लड़ाने का इच्छुक
संगठन को अपने अनुभव का फायदा दिलाने का खुले मंच से दिया बयान

ऋषिकेश।
एक व्यक्ति पद दो। विधानसभा चुनाव नजदीक। सामने हरीश रावत जैसा पहाड़। लगातार हरीश रावत से हर मोर्च पर विफल होती भाजपा। रहरहकर खबरें आती कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदलेगा या फिर नेता प्रतिपक्ष। दोनों पद रानीखेत के विधायक अजय भट्ट के पास। अजय भट्ट को चुनाव भी लड़ना है। ऐसे में हरक सिंह का खुले मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधन कि वह अपने अनुभव का फायदा संगठन को पूरे प्रदेश में देना चाहते है, तो राजनीतिक हलचलों में एक बार फिर भाजपा प्रदेश नेतृत्व में परिवर्तन के संकेत मिल रहे है।
मंगलवार को भाजपा कार्यसमिति में भाग लेने आये डॉ. हरक सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को खुले मंच से बोल दिया कि मुझे चुनाव लड़ने से ज्यादा चुनाव लड़वाने में मजा आता है। कहीं न कहीं भाजपा हाईकमान की नीतियों का खुलासा कर दिया। 105 बागी विधायकों के नेता विजय बहुगुणा और सुबोध उनियाल को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करने के बाद हरक सिंह रावत को भी नई जिम्मेदारी मिलना तय माना जा रहा है। लंबे समय से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बदलने के कयास लगाये जाते रहे है। ऐसे में पुराने संघी चेहरे व कांग्रेस से बागी होकर आये मुखर नेता के रुप में हरक सिंह रावत को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों की मानें तो चुनाव के समय हरीश रावत को घेरने में हाईकमान हरक सिंह रावत को ही उपयुक्त मान रहा है। वैसे भी प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोनों पद कुमाऊ के पास है। सामंजस्य बिठाने के लिए गढ़वाल को तवज्जों दी जा सकती है।

बाजार से पुलिस ने हटाया अतिक्रमण

ऋषिकेश।
पुलिस ने बाजार में दुकानों के आगे फैले अतिक्रमण को हटाया। त्योहार सीजन के मद्देनजर पुलिस हरकत में नजर आई।
त्रिवेणीघाट रोड पर मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कई व्यापारियों ने पुलिस को देखकर खुद सामान समेट लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया। कई जगह पुलिस और व्यापारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
104
सीओ चक्रधर अंथवाल ने बताया कि त्योहार सीजन के मद्देनजर बाजार में काफी भीड़भाड़ है। दुकानों के आगे अस्थायी अतिक्रमण के कारण लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। पहले दिन चेतावनी दी गई।

गंगा की लहरों पर बीएसएफ की राफ्टिंग प्रतियोगिता शुरू

सेना, वायुसेना, अर्द्धसैनिक बल, पुलिस टीमें ले रही भाग
ऋषिकेश।
मरीन ड्राइव शिवपुरी में मंगलवार को रुस्तमजी बीएसएफ व्हाइट वॉटर राफ्टिंग चैलेंज कप-2016 का शुभारंभ डोईवाला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य और अर्जुन पुरस्कार विजेता पर्वतारोही डॉ. हर्षवंती बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर किया। बीएसएफ इंस्टीट्यूट ऑफ एडवेंचर एंड एडवांस ट्रेनिंग डोईवाला (देहरादून) के तत्वावधान में आयोजित चैलेंज कप का आयोजन बीएसएफ की 50वीं वर्षगांठ और प्रथम महानिदेशक रुस्तमजी के जन्म शताब्दी वर्ष पर किया जा रहा है।
दिल्ली मुख्यालय से आए बीएसएफ के डीआईजी उमेश नयाल ने कहा कि चैलेंज कप में वायुसेना, बीएसएफ, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), एसएसबी, उत्तराखंड पुलिस, जीएमवीएन, केएमवीएन, यूएफओ, आईपीआरओ, यूकेआरओ की राफ्टिंग टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि बीएसएफ की ओर से ‘क्लीन गंगा, सेव गंगा’ मुहिम चलायी जा रही है, जो महात्मा गांधी के 145वें जन्मदिन के अवसर से शुरू की गई। यह स्वच्छ भारत अभियान का ही हिस्सा है। अभियान के जरिए गंगा को स्वच्छ, निर्मल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
102
इस दौरान बीएसएफ के साथ-साथ देशभर से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पर्यटन विभाग, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, रेडक्रॉस की ओर से गंगा किनारे सफाई अभियान चलाया गया। सैलानियों और ग्रामीणों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट राजकुमार नेगी, डॉ. लक्ष्मण सिंह, परविन्द्र सिंह, मनोज पैन्यूली, राहुल, दिनेश कुमार, बीएस रावत, वाईएस रावत, के वेलू, लवराज सिंह धर्मशक्तू, अविनाश आदि मौजूद रहे।

103
राफ्टिंग मैराथन में आईटीबीपी की टीम जीती
पहले दिन 20 किमी राफ्टिंग मैराथन इवेंट शिवपुरी मरीन ड्राइव से नीमबीच तक चला। इसमें आईटीबीपी की टीम प्रथम रही। बीएसएफ दूसरे और उत्तराखंड पुलिस की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसमें 11 टीमों ने दमखम दिखाया। बुधवार को भी मुकाबले खेले जाएंगे। शाम को डोईवाला स्थित सेंटर में प्रतियोगिता के विजेताओं का पुरस्कृत किया जाएगा। समापन अवसर पर राज्यपाल डॉ. केके पॉल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

आंदोलनकारियों को पेंशन दिलवाने की मांग

चिन्हिकरण की मांग को लेकर की बैठक

ऋषिकेश।
उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति ने आंदोलनकारियों को पेंशन दिलाने की सरकार से मांग की है। उन्होंने छूटे आंदोलनकारियों के चिन्हिकरण करने को भी शासन से मांग की।
सोमवार को हरिद्वार मार्ग स्थित शहीद स्मारक पर आंदोलनकारियों की बैठक आहूत की गई। जिसमें आंदोलनकारियों की पेंशन प्रकरण की कार्रवाई को तेज करने की शासन से मांग की गई। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि चिन्हित आंदोलनकारियों के पेंशन प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्वयं राज्यपाल से मुलाकात की है।
101
प्रशासनिक स्तर से पेंशन मिलने से संबंधित कार्य धीमी गति से हो रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि सरकार कार्य में तेजी लाकर आंदोलनकारियों को पेंशन का लाभ दे। कहा कि आंदोलनकारियों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को लेकर समिति का प्रतिनिधि मंडल शीघ्र राज्यपाल से मुलाकात करेगा। छूटे गए आंदोलनकारियों के चिन्हिकरण की मांग भी उठाई गई।

परिवर्तन के लिए सामाजिक मुहिम की जरूरत: मुख्यमंत्री

देहरादून।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि देश में बड़े परिवर्तन के लिए सामाजिक मुहिम की जरूरत है। विभिन्न क्षेत्रों में व्यक्तिगत स्तर पर काम कर रहे लोगों के जज्बों से समाज में परिवर्तन आ सकता है। ओएनजीसी सभागार में यूथ आईकन अवार्ड समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि जो समाज अपने बीच की प्रतिभाओं को पहचानता है, सम्मानित करता है, वह वास्तव में अपने लिए रास्ता बनाता है। इससे दूसरों को भी समाज के लिए करने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि सच्चे मायने में समावेशी विकास तभी सम्भव है जब अपने गांव, समाज को बदलने की ललक हो। सुश्री कविता बिष्ट, दिव्या रावत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि समाज व गांवों की तस्वीर बदलने के लिए बहुत से लोगों ने बिना संसाधनों की परवाह किए वो काम किया है जो पूरा सिस्टम भी नहीं कर पाता है। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि कमजोर की आवाज को ताकत दिए बिना सच्चा लोकतंत्र कायम नहीं किया जा सकता है। चुनावों में बढ़ते धनबल पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल रिफोर्म की आवश्यकता है।
111
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता लाने के विशेष प्रयास करने होंगे। पब्लिक हेल्थ सिस्टम में सुधार भी बड़ी चुनौती है। पर्वतीय क्षेत्रों में डाक्टरों की कमी के कारण फार्मासिस्ट, एएनएम, आशा, दाईयां आदि की सेवाएं लेते हुए मिनिमम हेल्थ सर्विस प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य में 1 लाख 75 हजार रूपए तक का मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा, सहायक के तौर पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रावत ने आयोजक संस्था की ओर से अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, पत्रकार निधि कुलपति, ओलम्पियन मनीष रावत, बाल चैपाल के आनंद कृष्ण मिश्र, लोक गायिका अनुराधा निराला, समाजसेवी अनुजा कपूर, श्वेता तलवार, शिक्षक व लेखक सुशील कुमार सिंह, सहित अन्य व्यक्तियों को समाज में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार उर्मिलेश, डा. महेश कुरियाल, डा. आरके जैन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।