देहरादून।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बुधवार को ग्राम बालावाला एवं न्याय पंचायत मियांवाला की जनता द्वारा बालावाला में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर ग्राम क्षेत्रवासियों द्वारा मुख्यमंत्री को कलश व तलवार भेंट कर तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री रावत ने प्रदेश की महिलाओं को करवां चैथ की बधाई देते हुए स्थानीय जनता को सम्बोधित करते हुए कहा डोईवाला क्षेत्र देहरादून का एक नया क्षेत्र है जो उत्तराखण्ड के लोगों की कल्पना के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
राज्य सरकार का उद्देश्य इन नए क्षेत्रों को व्यवस्थित प्रकार से विकसित करने का है तथा पहले से बसे हुए क्षेत्रों में जनता को बिना कठिनाई के अधिक व्यवस्थित व नई सुविधाएं प्रदान करने का है। राज्य सरकार द्वारा पिछले दो वर्षो में इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति 32 प्रतिशत तथा बिजली आपूर्ति 40 प्रतिशत तक बढ़ायी गई है फिर भी जनता के समक्ष कई समस्याएं है जो शहर में जनसंख्या का दबाव बढ़ने के कारण है। इस अवसर पर संसदीय सचिव एव विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, विधायक हीरा सिंह बिष्ट आदि उपस्थित थे।
Author: admin
समाजसेवा के लिए स्वामी नारायण दास का सम्मान
ऋषिकेश।
भारत विकास परिषद ऋषिकेश शाखा ने स्वामी नारायण मिशन सोसायटी के संस्थापक डॉ. स्वामी नारायण दास को चिकित्सा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
चंद्रेश्वरनगर स्थित स्वामी नारायण मिशन सोसायटी के आश्रम परिसर में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद के प्रदेश सहसचिव इंद्र कुमार गोदवानी ने बताया कि स्वामी नारायण दास पिछले कई सालों से होम्योपैथिक पद्धति से असहाय लोगों को चिकित्सा सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने उनके कार्यों की सराहना की। कहा कि हम सबको उनसे सीख लेनी चाहिए। इस दौरान परिषद की ओर से डॉ. स्वामी नारायण दास को स्मृति चिन्ह दिया गया। इस मौके पर शाखा अध्यक्ष रमेश चंद जैन, जितेन्द्र आंनद, अनुराग शर्मा, अशोक रस्तोगी, दीपक धमीजा, योगेश तिवाड़ी, मदन रयाल, कमल कुमार जैन आदि मौजूद थे।
युगांडा से लौटे डॉ. निशंक का एयरपोर्ट पर स्वागत
डोईवाला।
युगांडा से सम्मानित होकर लौटे हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
बुधवार सुबह डॉ. निशंक जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उतरे। पहले से स्वागत को मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने निशंक को फूलमालाओं से लाद दिया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री निशंक का काफिला देहरादून के लिए रवाना हो गया। स्वागत करने वालों में पूर्व सांसद मनोहरकांत ध्यानी, मूरत राम शर्मा, रामशरण नौटियाल, रुचि भट्ट, एसके द्विवेदी, सीपी नौटियाल, पुरुषोत्तम डोभाल, शादाब शम्श, दिगंबर सिंह नेगी,
जितेन्द्र सिंह नेगी, राजीव जैन, संजीव सैनी, राजेन्द्र तड़ियाल, सौरभ थपलियाल, कुसुम कंडवाल, सीमा चौहान, ममता नयाल, कोमल कन्नौजिया, लच्छीराम लोधी, विजय भट्ट आदि शामिल रहे।
पर्व और पर्यावरण एक दूसरे के पूरक: स्वामी चिदानन्द सरस्वती
प्रियंका ओबेराय ने बच्चों संग की गंगा आरती
मॉरीशस के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष भी परमार्थ पहुंचे
ऋषिकेश।
फिल्म स्टार विवेक ओबेराय की धर्मपत्नी प्रियंका ओबेराय और दोनों बच्चे विनान वीर व ओम्या ओबेराय ने बुधवार को चिदानंद मुनि से आर्शीवाद प्राप्त किया। प्रियंका ओबेराय ने कहा कि परमार्थ आकर उन्हें अपार शान्ति का अनुभव होता है। गंगा आरती की दिव्यता उन्हें तीर्थनगरी की ओर लाती है।
बुधवार को परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि पर्व और पर्यावरण दोनों एक दूसरे के पूरक होते है। इसलिए दोनों का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। इसके अतिरिक्त महामंडलेश्वर स्वामी उमाकान्तानन्द सरस्वती, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मॉरीशस अजस सी देवी, गीतांजलि और भारत में मॉरीशस के राजदूत जगदीश गोबर्धन के परिवार के सदस्यों ने भी चिदानंद मुनि से मुलाकात की।
उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण, पवित्र नदियों, पेयजल एवं स्कूली बच्चों की स्वच्छता एवं स्वास्थ्य आदि विषयों पर चर्चा की। उन्होने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण एवं ग्लोबल वार्मिग की समस्यायें किसी एक राष्ट्र की नहीं बल्कि पूरी दुनिया की एक वैश्विक स्तर की समस्या है। हमें हमारे प्रत्येक पर्व और उत्सवों को हरित संर्वधन के साथ मनाने होंगे। हरितिमा संर्वधन के प्रतीक के रूप में स्वामी ने एक पौधा भेंट किया।
चंद्रमा को अर्ध्य दे पति के दीर्घायु की कामना की
गंगातट पर पूजा-अर्चना को जुटी सुहागिनों की भीड़
ऋषिकेश।
बुधवार को करवा चौथ पर दिन ढलते ही त्रिवेणी घाट, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, तपोवन, मुनिकी रेती, कैलाश गेट सहित गंगा तट के क्षेत्रों में महिलाओं ने दीप जलाकर गंगा की पूजा अर्चना की। सुहागिनों ने चंद्रमा को अर्ध्य देने के बाद अपने पति के दीर्घायु के साथ उनके सुहाग के लिये विशेष अनुष्ठान किये। दिनभ बाजारों में गिफ्ट की खरीददारी के लिये महिलायें अपने पति के साथ शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर देखी गई। पति-पत्नी के प्रेम संबंधों के प्रतीक करवा चौथ को लेकर धर्मनगरी में सुहागिनों में खासा उत्साह देखा गया।उधर, दुर्गा मंदिर व इंदिरानगर में महिलाओं ने करवाचौथ पर पूजा-अर्चना कर पति के दीघार्यु की कामना की। पूजन में कुसुम, मीना कंडवाल,हिमानी, लक्ष्मी सजवाण, नेहा, माला देवी, नानकी देवी, वैशाली, आंचल, रीना देवी, मंजू देवी आदि मौजूद थे।

ज्योतिष डॉ. प्रतीक मिश्रपुरी बताते है कि करवा चौथ पर सुहागिनें अपने पति की लंबी आयु की कामना के साथ परिवार की सृमद्वि व सुख शांति के लिये व्रत रखती है।चन्द्रमा मन की चंचलता का कारक है।इसलिये सुहागिनें चन्द्रमा से मन को चंचल न करने की प्रार्थना करती है। बताया कि पति-पत्नी के बीच प्रेम बढ़े इसके लिये करवा चौथ पर पति भी पत्नी के साथ व्रत रखने लगे है।
100 फुट का तिरंगा फहराने जुटेंगे केन्द्रीय मंत्री
23 अक्तूबर को चंडी पुल के नीचे स्थित कुष्ठ आश्रम में फहराया जायेगा तिरंगा
ऋषिकेश।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन के तत्वाधान में चंडी पुल के नीचे हरिद्वार में स्थित कुष्ठ आश्रम में 100 फुट का तिरंगा झंडा फहराया जायेगा। जानकारी मिशन के अध्यक्ष आशीष गौतम ने दी।
बुधवार को देहरादून मार्ग पर स्थित व्यापार सभा में आयोजित कार्यक्रम में आशीष गौतम ने दावा किया कि राज्य में पहली बार 100 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है। बताया कि 23 अक्तूबर को केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार, डॉ. प्रणव पाण्डया, फिल्म अभिनेता मनोज जोशी आदि गणमान्य अतिथियों के सानिध्य में ध्वज फहराया जायेगा। इससे पहले कार्यक्रम का संचालन कर रहे के सिंघल ने दिव्य मिशन के कार्यो से अवगत कराया।

वक्ताओं ने बताया कि कुष्ठ और अनाथ बच्चों के लिए कार्य कर रहा मिशन सदस्यता अभियान को लेकर पूरे देश में मिशन से जोड़ने के मुहिम चला रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर संघचालक घनश्याम दास बिरला ने की। मौके पर विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल, भाजपा अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी, विश्वास, भाष्कर, विनोद शर्मा, जितेन्द्र अग्रवाल, अशोक पाल, चन्द्रमणी शुक्ला, अमित वत्स, दिनेश सती, कविता शाह, राजकुमारी पंत, हरगोपाल अग्रवाल, प्रेम गुप्ता आदि मौजूद थे।
प्राइवेट स्कूलों ने नहीं माना छुट्टी का आदेश
ऋषिकेश।
राज्य सरकार की ओर से करवाचौथ पर अवकाश के आदेश दिए थे, लेकिन शहर के कई निजी स्कूलों ने यह आदेश नहीं मना। इन स्कूलों में शिक्षिकाएं और महिला स्टाफ करवाचौथ के दिन भी कार्यरत रहा। जबकि शासन से अवकाश की श्रेणी में निजी स्कूलों को भी शामिल किया था।
करवाचौथ के दिन महिला अपने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। महिलाएं घर में रहे और विधिवत पूजन कर सके, इसे देखते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने करवाचौथ पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। बावजूद बुधवार को निजी स्कूलों ने न तो अवकाश घोषित किया और न ही महिला शिक्षक और कर्मचारियों को छुट्टी दी।

उत्तराखंड अभिभावक संघर्ष महासंघ के संयोजक रवि कुमार जैन ने बताया कि निजी स्कूलों में मनमानी चल रही है। जब मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन नहीं हो रहा है, तो प्रशासनिक अधिकारियों का आदेश क्या मायने रखता है।
“मौखिक शिकायत आयी है। शासन के आदेशों का पालन क्यों नहीं हुआ। जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।”
वृजेश कुमार तिवारी, एसडीएम ऋषिकेश
राफ्टिंग चैलेंज कप में आईटीबीपी ओवर आल चैंपियन
रूस्तम जी व्हाइट वाटर राफ्टिंग चैलेंज कप का समापन
मैराथन इवेंट में आईटीबीपी ने गोल्ड, बीएसएफ ने सिल्वर व उत्तराखंड पुलिस ने कांस्य मेडल जीता
स्प्रिंग इवेंट में आईटीबीपी ने गोल्ड, बीएसएफ ने सिल्वर व आईटीबीपी ने कांस्य मेडल जीता
डोईवाला।
बुधवार को बीएसएफ की ओर से आयोजित रूस्तम जी व्हाइट वाटर राफटिंग चैंलेंज कप का समापन हो गया। प्रतियोगिता के मैराथन इवेंट में आईटीबीपी ने गोल्ड, बीएसएफ ने सिल्वर व उत्तराखंड पुलिस ने कांस्य मेडल जीता। स्प्रिंग इवेंट में आईटीबीपी ने गोल्ड, बीएसएफ ने सिल्वर व आईटीबीपी ने कांस्य मेडल जीता। प्रतियोगिता में 12 टीमों प्रतिभाग कर रही थी। बीएसएफ के संस्थापक और पहले महानिदेशक रूस्तम जी के शताब्दी वर्ष मना रहे सीमा सुरक्षा बल ने गंगा की लहरों में राफ्टिंग चैलेंज कप का आयोजन स्वच्छ गंगा निर्मल गंगा अभियान के तहत 18 अक्तूबर को शिवपुरी में किया गया था।
प्रतियोगिता का समापन डोईवाला स्थित बीएसएफ इंस्टीट्यूट ऑफ ऐडवेंचर एंड एडवांस ट्रेनिंग में किया गया। मुख्य अतिथि राज्यपाल डॉ. केके पाल ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहाकि गंगा में करोडों लोंगों की आस्था है। गंगा को स्वच्छ बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बीएसएफ के गंगा स्वच्छता अभियान की सराहना की। बीएसएफ के एडीजी आपरेशन डॉ. एपी माहेश्वरी ने बताया चैलेंज कप में बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, उत्तराखंड पुलिस, जीएमवीएन, केएमवीएन सहित 12 राफ्टिंग टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता शिवपुरी के मरीन ड्राइव से नीम बीच तक लगभग 20 किलोमीटर तक के दायरे में आयोजित की गई। क्लीन गंगा सेव गंगा के तहत प्रतिभागियों ने नारे लगाते हुए लोगों को जागरुक भी किया।

अभियान में विभिन्न स्कूल, एनसीसी केडेट, स्काउट गाइड, रेड क्रास, पर्यटक, ग्रामीण और बीएसएफ के जवानों ने सहयोग प्रदान किया। इस दौरान स्वयंसेवियों के द्वारा गंगा तटों पर सफाई भी की गयी। कमांडेट राजकुमार नेगी ने बताया कि 2015 में बीएसएफ ने गोल्डन जुबली वर्ष के तहत स्वच्छ भारत स्वच्छ हिमालय अभियान चलाया था। समापन पर बीएसएफ के पूर्व डीजी सुभाष जोशी, उत्तराखंड पुलिस के एडीजी अशोक कुमार, बीएसएफ के डीआईजी उमेश नयाल, एसडीएम डोईवाला शालीनी नेगी, एसपी ग्रामीण श्वेता चौबे आदि मौजूद रहे।
इंस्पायर फैलोशिप से मिल रही छात्रों को बड़ी राहत
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार मेधावी छात्रों को दे रही 80 हजार सालाना की छात्रवृत्ति
ऋषिकेश।
अगर आप उत्तराखंड के किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड व संस्थान से इंटरमीडिएट है और आपके अंक 80 प्रतिशत है। ऑटोनॉमस कॉलेज में अध्ययनरत है, तो आप शीघ्र ही इंस्पायर फैलोशिप के लिए आवेदन करे। इंस्पायर फैलोशिप भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से मेधावी छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृति है। इसमें न्यूनतम 80 हजार रुपये प्रतिवर्ष छात्र को मिलेंगे। बशर्ते उच्च शिक्षा में भी छात्र को न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक लाने होंगे। इसके पीछे एक मकसद छात्र के अंक प्रतिशत को बरकरार रखना भी है।
इंस्पायर फैलोशिप को बीए, एमए व पीएचडी अध्यनरत छात्र भी आवेदन कर सकते है।
ऑटोनॉमस कॉलेज के 22 मेधावी छात्रों ने फैलोशिप के लिए आवेदन भी कर दिया है, जिसमें एक पीएचडी का छात्र भी शामिल है। प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल ने बताया जिन छात्रों के 80 प्रतिशत अंक है, वह किसी भी कार्य दिवस में मुझसे संपर्क कर सकते है। बताया कि विश्वविद्यालयों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार की ओर से आयोजित सेमिनार व कार्यक्रमों में भी इन छात्रों को बुलाया जाता है। नए आइडिया डेवलप करने पर छात्रों को प्रोत्साहन भी मिलता है।
दो लाख से अधिक यात्रियों ने की हेमकुंट साहिब की यात्रा
यात्रा सुखद निपटने पर सरकार का आभार जताया
ऋषिकेश।
हेमकुंट साहिब की यात्रा सुखद संपन्न होने पर गुरूद्वारा मैनेजमेंट ट्रस्ट ने सरकार का आभार प्रकट किया। ट्रस्ट से जुडे लोगों ने कहा कि सरकार ने यात्रियों के लिए यात्रा मार्ग पर सभी सुख सुविधाएं देने की व्यवस्था कराई। जिससे कि यात्रा निर्विघन संपन्न हुई।
हेमकुंट साहिब की यात्रा 15 अक्टूबर को कपाट बंद होने पर समाप्त हो गई। मंगलवार को गुरूद्वारा हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिन्द्रा ने कहा कि सरकार ने यात्राकाल के दौरान यात्रियों को सभी सुविधाएं मुहैया करवाई। जिसका ट्रस्ट सीएम हरीश रावत के प्रति आभार व्यक्त करता है। यात्रा में 2 लाख यात्री हेमकुंट साहिब में नतमस्तक हुए एवं सकुशल यात्राकर वापस लौटे। ट्रस्ट ने सभी यात्रियों के लिए रात्रि विश्राम, लंगर, स्वास्थ्य सेवा सुविधा आदि मुहैया करवाई। इसके अलावा उत्तराखण्ड सरकार एवं राज्य प्रशासन का भी यात्रा को सुखद एवं सुरक्षित बनाए रखने में अथक प्रयास रहा।

ट्रस्ट के प्रबंधक दर्शन सिंह ने बताया कि हेलीकॉप्टर सुविधा सेवा निरंतर यात्राकाल के दौरान चलती रही। जबकि गोबिंद घाट से गोबिंद धाम तक पैदल मार्ग पर सड़क बनने के कारण यात्रियों को करीब 4 किलोमीटर कम पैदल चलना पड़ा। जोकि सरकार का एक सराहनीय कदम रहा। उन्होंने बीआरओ, प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारी, राज्य पुलिस आदि के प्रति भी यात्रा को निर्विघन संपन्न कराने में आभार व्यक्त किया है।
