बैंक पर लगाया लापरवाही करने का आरोप

श्यामपुर।
श्यामपुर के ग्रामीणों ने पंजाब सिंध बैंक में प्रदर्शन किया। वह बैंक खाते से रूपये निकाले जाने से नाराज है। बीते दिनों किसान के खाते से साढ़े चार लाख रूपये उड़ा लिये थे। आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद बैंक प्रबंधन कार्रवाई नहीं कर रहा है।
सोमवार सुबह ग्रामीण किसान ऋषिपाल के समर्थन में श्यामपुर स्थित पंजाब सिंध बैंक पहुंचे। यहां उन्होंने बैंक के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि बैंक की लापरवाही से ही किसान के खाते से साढे चार लाख की रकम निकली है। बैंक सिर्फ कार्रवाई का आश्वासन दे रहा है। लेकिन दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी खाते में धनराशि नहीं आई है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों को मामले में संलिप्त होने का आरोप भी लगाया है। किसान ऋषिपाल ने कहा कि नवंबर माह में उसकी बेटी की शादी है। उसकी शादी के लिए उसने धनराशि एकत्र कर खाते में जमा की थी। लेकिन अब उसके पास धन न होने से बेटी की शादी का संकट मंडरा रहा है। ग्रामीणों बैंक को चेतावनी दी है कि जल्द ही किसान की धनराशि उसके खाते में नहीं आ जाती वह उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में अमर सिंह, टेकचंद, विजेंद्र राठौर, मंजीत सिंह, ममता देवी, दर्शनी देवी, चिंता देवी, भग्गो देवी आदि शामिल रहे।

115

क्या है मामला
लक्कड़घाट निवासी किसान ऋषिपाल के खाते से पंजाब सिंध बैंक से अलग-अलग दिनों में साढे चार लाख की धनराशि निकल गई थी। पीड़ित की शिकायत पर बैंक वालों ने आश्वासन दिया था। लेकिन दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।

चोरों ने लाखों की एलईडी व पंखे उड़ाए

ऋषिकेश।
लक्ष्मणझूला मार्ग पर देर रात चोरों ने इलैक्ट्रोनिक्स की दुकान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान से लाखों की एलईडी व पंखे ले उड़े। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नीरज सहरावत निवासी गंगानगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लक्ष्मणझूला मार्ग चौदहबीघा चुंगी के समीप उसकी इलैक्ट्रानिक्स की दुकान है। रविवार की रात वह रोज की तरह का दुकान को बंद करके चले गये।

114

सोमवार सुबह करीब 4 बजे दुकान के पास रहने वाले एक युवक शहजाद का फोन आया कि उनके दुकान का शटर आधा खुला हुआ है। सूचना पर व्यापारी दुकान की ओर गया तो शटर आधा खुला मिला। शटर को खोलने के बाद जैसे ही उसने दुकान में प्रवेश किया उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि दुकान में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। जबकि दुकान से 12 एलईडी व चार सिलिंग फैन गायब हैं। जिनकी कीमत दो से ढाई लाख तक आंकी जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीओ चक्रधर अंथवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

एसपी देहात भी रखेगी शहर पर नजर

सीसीटीवी कैमरे कनेक्ट होंगे एसपी रूरल के मोबाइल से

ऋषिकेश।
अब क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे एसपी देहात के मोबाईल से कनेक्ट होंगे। जिससे पुलिस व अपराधिक तत्वों पर निगरानी रखने में आसानी मिल सकेगी। यही नहीं नये तरीके से नगर की यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।
नगर में लगे सीसीटीव कैमरे अब एसपी देहात के मोबाईल फोन से जुड़ने जा रहे हैं। जल्द ही सभी सीसीटीवी कैमरे एसपी के मोबाईल से कनेक्ट होंगे। इससे पुलिस अधिकारियों, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, अपराधिक तत्वों, ट्रैफिक व्यवस्था और तमाम ऐसी गतिविधियां की मॉनिटरिंग हो सकेगी।

113

एसपी देहात स्वेता चौबे का कहना है कि शहर के सीसीटीवी कैमरे मोबाइल से जुड़ने के बाद मॉनिटरिंग में आसानी हो जायेगी। इसके लिए ऐजेंसी से संपर्क किया जा रहा है। जिसका परिणाम दो चार दिन में मिल जाएगा। एजेंसी का कहना है कि यह प्लान सब इंन्टरनेटिंग पर आधारित है। बहरहाल इस मुहिम को धरातल पर लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

वायरल पीड़ित के साथ फेल हुए छात्र भी दे सकेंगे परीक्षा

स्कूल कर रहे परीक्षा के विशेष इंतजाम

ऋषिकेश।
नगर में वायरल, चिकनगुनिया और डेंगू का कहर जारी है। ऐसे में स्कूल के छात्र भी इन बीमारियों से अछूते नही रहे। कई छात्रों की अद्र्ध वार्षिक परीक्षा छूटी तो कई छात्र बीमार अवस्था में ही परीक्षा देने पहुंचे। बीमार छात्र का परीक्षा परिणाम अनुकूल नही रहा। नगर में दो दर्जन से अधिक प्राइवेट स्कूल है। जिनमें से सीबीएसई स्कूल अब इन छात्रों को राहत देने की तैयारी कर रहे है।
श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य धीरेन्द्र जोशी ने बताया कि अद्र्ध वार्षिक परीक्षाएं सितम्बर में हो चुकी है। लेकिन वायरल व चिकनगुनिया के चपेट में आने से कई छात्र परीक्षा नही दे पाये। कई छात्र बीमारी में ही परीक्षा में शामिल हुए लेकिन उत्तीर्ण नही हो पाये है। ऐसे में सीबीएसई के नियम के अन्र्तगत इन छात्रों की दोबारा से परीक्षा कराई जायेगी।

112

एसबीएम के प्रधानाचार्य ने बताया कि 10 अक्तूबर के बाद ऐसे छात्रों की परीक्षा कराने की विशेष व्यवस्था कराई जा रही है। उन्होंने कहाकि फेल छात्रों को भी परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। गौरतलब है कि सीबीएसई बोर्ड फेल और परीक्षा ड्राप करने वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने का एक मौका और देता है।

युवक ने रामझूला पुल से लगाई गंगा में छलांग

ऋषिकेश।
पुलिस के अनुसार सोमवार की सुबह 9 बजे रामझूला पुल पर एक युवक पहले तो कुछ देर टहलता रहा। उसके बाद उसने अचानक से गंगा में जयमाता दी बोलकर गंगा में छलांग लगा दी। पुल पर चल रहे पर्यटक घटना को देख सकते में आ गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने युवक को गंगा में तलाशने के प्रयास किए। करीब 5 घंटे तक चले रेस्क्यू में युवक का कुछ पता नहीं लग पाया। पुलिस ने घटना स्थल के पास निरीक्षण भी किया। लेकिन कुछ नहीं मिल पाया। जिससे युवक के बारे में व घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाई। थाना प्रभारी मुनिकीरेती सीएस बिष्ट ने बताया कि रेस्क्यू अभियान चलाने के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं लग पाया है। जबकि मौके से भी कुछ नहीं मिला। पुलिस मंगलवार को फिर से रेस्क्यू चलाएगी।

111

वन्यजीव अधिनियम के तहत तीन साल का कारावास

अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनाया गया फैसला

ऋषिकेश।
वन्यजीव अधिनियम के तहत एक आरोपी को तीन साल का कारावास एवं 40 हजार रूपए का अर्थदंड दिया गया है। यह फैसला अपर मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट रजनी शुक्ला की अदालत में सुनाया गया। आरोपी हरिद्वार बाईपास पर गुलदार की खाल की तस्करी के दौरान पकड़ा गया था।
मामला अपर मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट रजनी शुक्ला की अदालत में विचाराधीन चल रहा था। सोमवार को मामले में फैसला सुना दिया गया। मामला 22 फरवरी 2016 का है। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की एक व्यक्ति गुलदार की खाल को किसी नेपाल के युवक को बेचने नटराज चौक के पास खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हरिद्वार बाईपास मार्ग के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक को दबोच लिया। जिसे थाने ले आए। युवक के पास एक बैग मिला। तलाशी लिए जाने पर बैग से गुलदार की खाल बरामद कर ली गई। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान टिकेंद्र ऊर्फ टिक्का पुत्र जगत सिंह निवासी क्यूंठा, थाना मायापुर जिला चमोली बताई। आरोपी नटराज चौक के पास नेपाल के एक युवक को खाल बेचने वाला था। पुलिस ने आरोपी को 51 वन्यजीव अधीनियम के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। तब से लेकर यह मामला अपर मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट रजनी शुक्ला की अदालत में विचाराधीन चलता रहा।

110

सोमवार को न्यायालय ने फैसला सुनाया। आरोपी को तीन साल का कारावास एवं 40 हजार का अर्थदंड दिया गया। अर्थदंड न देने पर एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

वाणिज्यकर कर्मियों ने कार्यालय में की तालाबंदी

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 11 दिनों से हड़ताल पर है कर्मचारी

ऋषिकेश।
ग्यारह दिनों से हड़ताल पर बैठे वाणिज्यकर कर्मचारियों ने मांगें न मानने पर आंदोलन को तेज कर दिया है। सोमवार को उन्होंने कार्यालय में तालाबंदी कर कामकाज ठप कर दिया। इससे कार्यालय में काम कराने आए व्यापारी बैरंग लौटे।
उत्तराखण्ड वाणिज्यकर मिनिस्टीरियल स्टॉफ एसोसिएशन के आह्मन पर कर्मचारियों ने सोमवार सुबह 11 बजे कार्यालय में तालाबंदी की। विभागीय अधिकारियों को उन्होंने दफ्तर खाली कर आंदोलन में सहयोग की अपील की। इसके बाद उन्होंने कार्यालय के सभी कमरों में तालाबंदी की। मुख्य गेट पर एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 11 दिनों से हड़ताल पर बैठे है। सोमवार को तालाबंदी होने से कार्यालय में जरूरी कार्य नहीं हो पाए।

109

तालाबंदी करने में शाखा अध्यक्ष बलवंत सिंह राणा, शाखा मंत्री राजेश अधिकारी, पुष्पा जोशी, लोकेश कुमार, विनिता राणा, मीनू झिंक्वाण, स्वामी राम, राहुल बिष्ट, सुशील मनवाल, भूपेन्द्र भंडारी, उमा दत्त जुगरान, संजय सिंह, सुखदेव सिंह, हरीश राणा सहित अन्य शामिल हुए।

रोडवेज में बीस ड्राइवरों का टोटा

ऋषिकेश।
रोडवेज डिपो में ड्राइवर का टोटा बना है। बीस ड्राइवर कम होने से लोकल रूटों पर चलने वाली बसें बंद पड़ी है। इससे हररोज निगम को एक लाख रुपए राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं लोकल रूटों पर चलने वाली सवारियां परेशान है।

108

ऋषिकेश रोडवेज डिपो में बीस ड्राइवरों के पद खाली होने से दस बसों का संचालन ठप है। सहारनपुर, रुड़की, हरिद्वार, देहरादून, छुटमलपुर सहित अन्य रूटों पर सवारियों की भीड़ को देखते हुए जितनी बसें चलनी चाहिए थी। वह बसें नहीं चल पा रही है। ऐसे में इन रूटों पर चलने वाली सवारियां बहुत परेशान है। बसों के न चलने से जहां यात्री परेशान है वहीं रोडवेज को भी हररोज एक लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। एआरएम नेतराम गौतम ने कहा आठ नई बसें भी डिपो को मिल गई है। ड्राइवरों के न होने के कारण संचालन नहीं हो पा रहा है। इन सभी स्थितियों से मुख्यालय को अवगत कराया जा चुका है।

प्रचार-प्रसार के अभाव में फीका रहा बहुउेशीय शिविर

ऋषिकेश।
सोमवार को नगर पालिका ऋषिकेश के इन्द्रमणी बडोनी सभागार में आयोजित एकदिवसीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया था। शासन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने पेंशनधारकों के आधार कार्ड बनवाने और लिंक कराने के मुख्य उद्देश्य को लेकर शिविर का आयोजन किया। शिविर में पहले तो अधिकारी ही समय से नही पहुंचे, फिर अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सिर्फ खानापूर्ति ही करते नजर आये। इस दौरान विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल भी शिविर में पहुंचे। उन्होंने समय पर अधिकारियों के न पहुंचने और शिविर का समुचित प्रचार-प्रसार नही करने पर नाराजी जताई। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार भी लगाई।

107

सहायक समाज कल्याण अधिकारी जीत सिंह रावत ने बताया स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में 11 विकलांग लोगों की जांच की और प्रमाण पत्र बनाये। 20 नए पेंशनधारक जिनके आधार कार्ड नही थे, बनाये गये और 14 पेंशन धारकों ने आधार कार्ड जमा कराया। गौरतलब है कि पेंशन धारकों के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। जिसके चलते समाज कल्याण विभाग शिविर का आयोजन कर रहा है। शिविर के समापन पर 18 विकलांग, 41 वृद्धा व एक विधवा पेंशन के फॉर्म ही जमा हो पाये। विभाग की ओर से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

बंदर के हमले से महिला घायल

छत पर कपड़े सुखाने गई थी महिला

ऋषिकेश।
आदर्शग्राम में छत पर कपड़े सुखाने गई एक महिला पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। जिससे महिला घायल हो गई। महिला का उपचार सरकारी अस्पताल में करवाया गया। उधर, स्थानीय लोगों ने वन विभाग से बंदरों के रिहायशी क्षेत्र में प्रवेश करने की रोकथाम की मांग की है।

106

सोमवार को आदर्शग्राम गली न.13 निवासी विमला देवी (30) पत्नी राजेंद्र बिष्ट सुबह के समय छत पर कपड़े सुखाने गई हुई थी। इस बीच एक बंदर कपड़े खींचने लगा। महिला ने शोर मचाया तो बंदरों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बंदरों को हल्ला मचाकर भगा दिया। स्थानीय निवासी गुड्डी कलूड़ा, हंसराम सेमवाल, दलबीर कलूड़ा, कुलदीप रांगड़, नत्थी खरोला, धनी पंवार आदि का कहना है कि वन विभाग से कई बार बंदरों को रिहायशी क्षेत्र में आने पर रोकथाम लगाने के लिए कहा गया। लेकिन विभाग समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर उन्हें चोटिल कर रहे हैं। उधर, वन रेंजर गंगा सागर नौटियाल का कहना है कि बंदरों को रिहायशी क्षेत्र में रोकथाम लगाने के तत्काल प्रयास किए जाएंगे।