सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट, गिरफ्तार

देशद्रोह, सांप्रदायिक द्वेष फैलाने और लोगों को भड़काने के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार
ऋषिकेश।
पुलिस ने फेसबुक पर विवादित पोस्ट डालने के आरोप में ऋषिकेश निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर देशद्रोही गतिविधियां, सांप्रदायिक द्वेष फैलाने, लोगों को भड़काने और इलेक्ट्रानिक माध्यमों पर आपत्तिजनक सूचनाएं प्रकाशित करने का आरोप है।
ऋषिकेश कोतवाल वीसी गोसाईं ने बताया कि तिलकरोड ऋषिकेश निवासी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा (24) पुत्र हरविन्दर सिंह ने अपनी फेसबुक आईडी पर देश के नक्शे को खंडित करते हुए आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड किए। फेसबुक में खालिस्तान का प्रचार करने के साथ भड़काऊ टिप्पणी लिखी। कोतवाल ने बताया कि 2015 में युवक ने जनरैल सिंह का जन्मदिन भी मनाया था। 22 फरवरी 2016 को जगजीत ने फेसबुक में पोस्ट शेयर किया था, जिसमें मोहम्मद अली जिन्ना और खालिस्तान समर्थक आतंकवादी जनरैल सिंह भिंडरवाला का चित्र पोस्ट करने के साथ पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे थे। 107
कोतवाल ने बताया कि आरोपी जगजीत सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 505 के तहत सांप्रदायिक द्वेष फैलाने, धारा 153 बी के तहत लोगों का भड़काने व नफरत फैलाने, धारा 124 ए के तहत देशद्रोही गतिविधि करने और सूचना तकनीकी कानून की धारा 67 के तहत इलेक्ट्रानिक माध्यमों से जरिये आपत्तिजनक सूचनाएं प्रकाशित करने पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल वीसी गोसाईं ने बताया कि जगजीत के पिता की मायाकुंड में कारों के डेंटिंग पेंटिंग की दुकान है। आरोपी ने अपने फेसबुक पेज पर खुद को शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) यूथ का उत्तराखंड अध्यक्ष लिखा है।
109
कुछ दिन पहले जमानत पर आया था बाहर
आरोपी पर पंजाब में हत्या का एक मामला चल रहा है। कोतवाल ने बताया कि जगजीत को 16 जून 2016 को थाना सिटी जिला खन्ना (पंजाब) में पंजाब पुलिस ने हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया था। वहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। कुछ दिन पहले ही युवक जमानत पर बाहर आया था।

शहर में विवादित पोस्टर भी लगाए थे
ऋषिकेश। बीते वर्ष रेलवे रोड, तिलक रोड पर पाकिस्तान एवं खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे पोस्टर लगाए गए थे। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जगजीत ने यह विवादित पोस्टर लगाने की बात कबूली है।

ऋषिकेश में राज्यस्तरीय विद्यालयी बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता आगाज

13 जिलों की बालिका टीमें ले रही प्रतियोगिता में हिस्सा
अंडर-19, 17 और 14 तीन वर्गों में हो रही प्रतियोगिता
ऋषिकेश।
कैलाशगेट स्थित पूर्णानंद इंटर कालेज के खेल मैदान में राज्यस्तरीय विद्यालयी बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुक्रवार को रंगारंग आगाज हुआ। राज्य के 13 जिलों की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। वॉलीबाल के मुकाबले अंडर-19, 17 और 14 तीन वर्गों खेले जा रहे हैं। 101
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन लीग मैच खेले गए। अंडर-19 के पहले मैच में चमोली का मुकाबला ऊधमसिंह नगर की टीम से हुआ। इसमें चमोली ने 25-16 और 25-14 के अंतर से ऊधमसिंह नगर को हराया। दूसरा मुकाबला अंडर-17 वर्ग में देहरादून और नैनीताल के बीच रहा। इसमें देहरादून ने 25-9 व 25-3 से मुकाबला अपने नाम किया। इसी वर्ग का अगला मुकाबला मेजबान टिहरी जिले की टीम और हरिद्वार के बीच खेला गया। टिहरी ने पहला सेट 25-13 से जीता। दूसरे सेट में हरिद्वार ने वापसी करते हुए 25-13 से बराबरी की। तीसरा सेट टिहरी ने 25-14 के अंतर से अपने नाम कर 2-1 से जीत दर्ज की। 102
इससे पहले मुख्य अतिथि एसडीएम नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, स्वामी गुरु प्रसाद परमहंस ने संयुक्तरूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों ने ध्वज की स्थापना भी की। वक्ताओं ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने खेल भावना से खेलने की शपथ ली। साथ ही छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति किए। इस मौके पर बचन पोखरियाल, खंड शिक्षाधिकारी ओपी वर्मा, राजेन्द्र कुकरेती, सुधाकांत गैरोला, महेश पालीवाल, श्याम सिंह सरियाल, आलोक पांडे, जितेन्द्र पंवार, दाताराम भट्ट, आलोक चौधरी, सुखदेव बडोनी, महेंद्र लाल, राममोहन लाल नौटियाल आदि मौजूद रहे।

निबंध प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत

बाल अधिकार एवं संरक्षण पर कराई गई थी निबंध स्पर्धा
ऋषिकेश से 70 छात्र-छात्राएं ने लिया प्रतियोगिता में भाग
ऋषिकेश।
नौ अगस्त को देहरादून जिले के विभिन्न स्कूलों में बाल अधिकार एवं संरक्षण पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें राज्य के विभिन्न विद्यालयों से 280 छात्र शामिल हुए थे। ऋषिकेश के विजेता छात्रों को शुक्रवार को नगर पालिका ऋषिकेश के स्वर्ण जयंती सभागार में पुरस्कृत किया गया। इसमें प्रथम स्थान पर 21 हजार, द्वितीय पर 11 हजार और तीसरा स्थान पर रहने वाले प्रतिभाग को पांच हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। 105
निबंध प्रतियोगिता पंजाबी भाषा वर्ग में पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कालेज की मनप्रीत कौर ने पहला, गुरु नानक पब्लिक स्कूल के विकास ने दूसरा और पंजाब सिंघ क्षेत्र कालेज के गुरप्रीत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। संस्कृत भाषा वर्ग में साधु महाविद्यालय के प्रांशु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी खाली, संस्कृत भारती के अध्यक्ष योगेश्वर ध्यानी, आरोग्य भारती वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष यज्ञवृत्त शर्मा, उपाध्यक्ष दिनेश कुमार मृदगल, सचिव विद्यावृत शर्मा, सहसचिव मुकेश जैन, सभासद अरविंद जैन, नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवमोहन मिश्रा, जयेन्द्र रमोला, मदन सिंह चौहान, कमलेश गुप्ता, अभिषेक शर्मा आदि उपस्थित थे। संचालन मदनमोहन शर्मा ने किया।

नगर पालिका ऋषिकेश में समितियों के विवाद ने तूल पकड़ा

ऋषिकेश।
नगर पालिका ऋषिकेश में समितियों को लेकर पैदा हुआ विवाद गहराने लगा है। पुरानी समितियों को बहाल करने का विरोध कर रहे सभासदों ने शुक्रवार को भवन कर दफ्तर में ताला जड़ दिया। दिनभर दफ्तार के आगे धरना देते हुए सभासदों ने नए सिरे से समितियों के चुनाव की मांग उठाई।
ऋषिकेश नगर पालिका के कई सभासदों ने भवनकर दफ्तर में तालाबंदी कर रोष जताया। सभासद हरीश तिवाड़ी, विकास तेवतिया, कविता शाह, अनिता बहल, उर्मिला देवी, सावित्री देवी ने पुरानी समितियों को भंग करने की मांग उठाई। कहा कि समितियों के चुनाव को स्थगित करके पालिका प्रशासन ने आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया है। आरोप लगाया कि समितियों का कार्यकाल एक साल का होता है, लेकिन इस नियम का भी उल्लंघन किया जा रहा है।
सभासदों ने कहा कि चुनाव प्रकिया के दौरान नाम वापसी दिन पालिकाध्यक्ष ने नियमों के विपरीत जाकर चुनाव स्थगित किए। उन्होंने पालिका प्रशासन पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाया। कहा कि शासन में शिकायत की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी। उन्होंने शासन पर पालिका में नियमों के विपरीत हो रहे कार्यों को बढ़ावा दिने का आरोप लगाया। सोमवार को फिर धरना देने की चेतावनी दी।
104
ये हैं समितियां
भवन कर समिति, सार्वजनिक निर्माण समिति, स्वास्थ्य समिति, अर्थ समिति, पथ प्रकाश समिति, नगर सुधार समिति, ऑफिस एवं स्टाफ समिति।

10 अगस्त को स्थगित हुए थे चुनाव
समितियों के चुनाव के लिए 21 जुलाई को आचार संहिता लागू हुई थी। नामाकंन पत्र बिक्री चार अगस्त से शुरू हुई। आठ अगस्त तक नामांकन जमा हुए। नौ अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच की गई। 10 अगस्त को नाम वापसी की प्रक्रिया चली। लेकिन पालिकाध्यक्ष ने दोपहर दो बजे के बाद चुनाव स्थगित करने की सूचना जारी कर दी। चुनाव 12 अगस्त को होने थे।

भवन कर समिति की होनी बैठक
चुनाव स्थगित होने के बाद नगर पालिका ने पुरानी समितियां बहाल की थीं। शुक्रवार नौ सितंबर को भवन कर समिति की बैठक बुलाई गई थी। इसके चलते कई लोग अपनी फाइलों पर आपत्ति निस्तारित करने पहुंचे। तालाबंदी के कारण बैठक नहीं हो सकी। लोगों को बैरंग ही लौटना पड़ा। वहीं, कर समिति के पदाधिकारियों ने कर अधीक्षक निशात अंसारी से बैठक कराने की मांग की। ईओ का कार्यभार देख रहीं कर अधीक्षक ने बैठक को उच्चाधिकारियों के अगले निर्देश मिलने तक स्थगित कर दिया।

दो साल से चल रही पुरानी समितियां
नगर पालिकाध्यक्ष ने 10 अगस्त को समितियों के चुनाव स्थगित कर दिए थे। पालिका में चुनाव के चलते आचार संहिता लागू थी, पालिकाध्यक्ष वोटर की भूमिका में थे। नगर पालिका अधिनियम में स्पष्ट जानकारी नहीं होने का यहां फायदा उठाया गया। चुनाव भंग नहीं किया गया, स्थगित किया। स्थगित का अर्थ है कि पालिका जब चाहे समिति के चुनाव एक नियत तिथि पर करा सकता है। ऐसी ही व्यवस्था रखते हुए पुरानी समितियों से ही कार्य चलता रहेगा। लेकिन एक वर्ष पूर्ण होने पर बोर्ड में प्रस्ताव आना जरूरी है। पुरानी समिति को दो वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है।

बैठक कराने की मांग
भवन कर समिति अध्यक्ष दीपक धमीजा ने कर अधीक्षक से मुलाकात कर बैठक कराने की मांग की। उनके समर्थन में अन्य सभासद शिव कुमार गौतम, कुलदीप शर्मा, अशोक पासवान ने भी कर समिति के कार्यों में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाए। सभासद अशोक पासवान ने तो दूसरे गुट के सभासदों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया।

सभासदों की तालाबंदी के चलते भवन कर समिति की बैठक नहीं हो सकी। अधिशासी अधिकारी बाहर हैं। सोमवार को अधिशासी अधिकारी के आने पर ही मामले का निस्तारण हो सकेगा।
– निशात अंसारी, कर अधीक्षक पालिका ऋषिकेश

गेट मीटिंग दूसरे दिन भी जारी

ऋषिकेश।
उत्तराखंड वाणिज्यकर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन में शुक्रवार को भी गेट मीटिंग जारी रखी। इस दौरान कर्मचारियों ने एक घंटे तक कार्य बहिष्कार किया।110
शुक्रवार को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड वाणिज्य कर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन के मुख्य गेट पर गेट मीटिंग का आयोजन किया। एक घंटे तक चले धरना प्रदर्शन में कर्मचारियों ने मांगे पूरी नही होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। पदोन्नति में समय सीमा की बाध्यता समाप्त करने, शासन द्वारा वेतन विंसगति को दूर करने आदि की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में बलवंत सिंह राणा, राजेश अधिकारी, सुशील मनवाल, हरीश राणा, संजय सिंह, उमादत्त जुगरान, सोनूराम, भूपेन्द्र सिंह भंडारी, राहुल बिष्ट, लोकेश कुमार, जुगेश कुमार, दीपक रावत, मिनी झिंक्वाण, विनीता राणा, पुष्पा जोशी आदि शामिल रहे।

ऋषिकेश में नहीं थम रहा डेंगू का कहर

सरकारी अस्पताल में डेंगू के चार और मरीज मिले
ऋषिकेश।
ऋषिकेश में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को सरकारी अस्पताल में चार मरीजों की डेंगू रिपोर्ट पॉजीटिव आई। वहीं ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। प्राइवेट अस्पतालों में भी यही स्थिति रही।
सरकारी अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को 670 नए मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें डेंगू की आशंका पर 37 मरीजों के ब्लड जांच की गई। इसमें चार मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। फिजीशियन डा. ऋचा रतूड़ी ने बताया कि वायरल पीड़ितों के बाद अब डेंगू के मामले बढ़ने लगे हैं। इसके अलावा 50 मरीजों की मलेरिया की जांच की गई। इसमें तीन में मलेरिया की पुष्टि हुई। वहीं टाइफाइड की आशंका पर 63 मरीज के ब्लड सैंपल जांचे गए, जिनमें आठ मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हुई। दूसरी ओर प्राइवेट अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या रिकार्ड तोड़ रही है। मायाकुंड स्थित निर्मल अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या हर दिन हजार के आंकड़े को छू रही है। अन्य नर्सिंग होम और प्राइवेट अस्पतालों का भी यही हाल है।

कांग्रेस सभासद दल के नेता को चिकनगुनिया
संक्रामक बीमारियों की चपेट में जनप्रतिनिधि भी आ रहे हैं। नगर पालिका में कांग्रेस सभासद दल के नेता मनीष शर्मा में चिकनगुनिया के लक्षण मिले हैं। उनका इलाज एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। प्राइवेट अस्पताल की जांच में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी से इनकार किया है। चिकनगुनिया और डेंगू मच्छर के काटने से होते हैं। इनमें तेज बुखार के साथ जोड़ों में दर्द होता है। दोनों बीमारियों को हड्डी तोड़ बुखार भी कहा जाता है।

उभरते कलाकारों को मिलेगा मौका

ऋषिकेश।
श्री सत्या साईं आर्गेनाइजेशन इंडिया ऋषिकेश के तपोवन में वैदिक लर्निंग सेंटर खोलेगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत घाट और सेंटर का उद्घाटन करेंगे। संस्थान गंगातट पर साईं स्नान घाट बनाने के साथ नाम संकीर्तन का आयोजन करेगा। इसमें उभरते कलाकारों को मौका दिया जाएगा। 106
संस्थान के अध्यक्ष निमेश पंड्या ने तपोवन स्थित सत्या साईं मंदिर में जानकारी देते हुए बताया कि आर्गेनाइजेशन देश के 20 राज्यों में काम कर रहा है। संस्थान ऋषिकेश में लोगों की जरूरतों के अनुसार सेवाएं देगा। इसमें तपोवन में सत्या साईं स्नानघाट, सत्या साईं वैदिक लर्निंग सेंटर खोला जाएगा। साथ ही सत्या साईं संकीर्तन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यूपी-उत्तराखंड प्रभारी राजीव चोपड़ा ने बताया कि ऋषिकेश के तपोवन में तीन दिन कार्यक्रम होंगे। सत्या साईं अन्नपूर्णा हॉल का उद्घाटन रवीश खन्ना ने किया। सत्या साईं स्कूल तपोवन के छात्रों के स्वराजंलि नाटक की प्रस्तुति दी। समापन गंगा आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर आरते रत्नाकर, एसजे राघवी आदि उपस्थित थे।

सरकारी अस्पताल में सुविधाएं न होने से भड़के भाजपाई

ऋषिकेश।
शहर में बीमारियां फैलने पर गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं नाकाफी होने पर रोष जताया। कहा कि ऋषिनगरी में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने प्राइवेट नर्सिंग होम संचालकों पर मरीजों को लूटने का आरोप लगाया।103
मुनिकीरेती मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह सेंगर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता कैलाशगेट पर जमा हुए और प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश और मुनिकीरेती नगर पालिका क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर और टाइफाइड तेजी से फैल रही है। सरकारी अस्पताल में संसाधनों की कमी से लोग परेशान हैं। प्राइवेट अस्पताल मरीजों से भरे पड़े हैं और मनमानी फीस वसूल रहे हैं। चेतावनी दी कि यदि सरकारी अस्पताल में सुविधाएं नहीं बढ़ाई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में शांति गौड़, इन्द्रा आर्य, मीनाक्षी जोशी, शांति ठाकुर, भरत बिष्ट, अनिल बडोला, विजय रावत, विजय असवाल, विक्रम सिंह, मनीष कुकरेती, कलावती, सुनीता खंडूड़ी, मंजू गोस्वामी, सचिन रस्तौगी, डीसी जोशी, सुनील कंडवाल, मनोरमा रावत, संजय बहुगुणा आदि शामिल थे।

ऑटोनामस कालेज में चलेगी संस्कृत की पाठशाला

ऋषिकेश।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार के अधीनस्थ साहित्य संस्कृत संस्थान की ओर से ऋषिकेश के आटोनामस कालेज में अनौपचारिक संस्कृत कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसके लिए शिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। शुक्रवार को अनौपचारिक संस्कृत शिक्षण केंद्र का शुभारंभ विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, हनुमान मंदिर के महंत महामंडलेश्वर डा. रामेश्वर दास महाराज और प्राचार्य डा. डीसी नैनवाल ने किया। कार्यक्रम में संस्कृत के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है।111 उन्होंने संस्कृत भाषा के अधिकतम प्रयोग पर जोर दिया। संचालन संस्कृत केंद्र के शिक्षक राजेश शर्मा ने किया। छात्रों ने संस्कृत में लघु नाटक और गीत भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर डा. दयाधर दीक्षित, डा. विनोद प्रकाश अग्रवाल, डा. डीपी भट्ट, डा. अशोक नेगी, डा. योगेश्वर प्रसाद ध्यानी, राधे श्याम, स्वाति, नम्रता, प्राची, आकांक्षा आदि मौजूद रहे।

खेल प्रतियोगिता में नीलकंठ संकुल विजेता

ऋषिकेश।
यमकेश्वर ब्लाक की खेल प्रतियोगिता में नीलकंठ संकुल के छात्र छाए रहे। विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
खेल प्रतियोगिता के परिणाम शुक्रवार को घोषित हो गए। 100 मीटर बालिका वर्ग में नीलकंठ संकुल की आंचल और बालक वर्ग में मनीष ने बाजी मारी। लंबीकूद सब जूनियर वर्ग में भी नीलकंठ संकुल के मनीष विजेता रहे। ऊंचीकूद सब जूनियर वर्ग में भी नीलकंठ संकुल के राहुल राय ने बाजी मारी। कबड्डी बालक और बालिका वर्ग में भी नीलकंठ संकुल, गोला फेंक सब जूनियर बालक वर्ग में दीपू बाबरी नीलकंठ, खो-खो जूनियर बालक वर्ग में नीलकंठ पहले स्थान में रहे।
प्राथमिक वर्ग 50 मीटर बालक वर्ग में सत्येन्द्र राय नीलकंठ, 50 मीटर बालिका वर्ग में रजनी दिउली, 100 मीटर बालक वर्ग मिथुन नीलकंठ, 200 मीटर बालक वर्ग में शरद शाहू नीलकंठ, 200 मीटर बालिका वर्ग में रजनी दिउली, 400 मीटर बालक वर्ग में सत्येन्द्र नीलकंठ, बालिका वर्ग में नीलाक्षी बड्यूण, खो-खो प्राथमिक बालक व बालिका वर्ग में नीलकंठ पहले स्थान में रहा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत जौंक की अध्यक्ष शकुंतला राजपूत, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष इन्द्र प्रकाश अग्रवाल, विकास भंडारी ने संयुक्तरुप से विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर सभासद महावीर सिंह नेगी, बनवारी लाल, नरेन्द्र कैंथोला, एमएम उप्रेती, कुंवर राणा, मेहरबान बिष्ट, मुकेश असवाल आदि मौजूद रहे।