ग्राम सिरोर, नेताला में प्रातःकाल भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री धामी

दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सीमांत विकासखंड भटवाड़ी के ग्राम सिरोर, नेताला में प्रातः काल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम वासियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने भागीरथी नदी से हो रहे कटाव के बारे में भी ग्राम वासियों से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने ग्राम सिरोर के खेतों में पावर वीडर से जुताई की। मुख्यमंत्री ने गांव क्षेत्र में मंडुवे की खेती को बढ़ावा देने के मकसद से ग्राम सिरोर में ’लाइन शोइंग’ विधि से मंडुआ की बोआई की एवं महिलाओ को मंडुए के बीज वितरित किए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न कृषि उपकरणों के बारे में जानकारी लेते हुए आधुनिक उपकरणों को किसानों को ज्यादा से ज्यादा वितरित किए जाने की बात कही। उन्होंने खेतो में जीवामृत खाद, बीजामृत खाद का भी छिड़काऊ किया। साथ ही जीवामृत खाद, बीजामृत खाद के इस्तमाल को खेतो में ज्यादा से ज्यादा बड़ाए जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर गांव में फलदार पौधों का रोपण भी किया। उन्होंने कहा कि बंजर भूमि में हम अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने चहिए। उन्होंने कहा प्रातः काल भ्रमण के दौरान ग्राम वासियों से मिलकर सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का फीडबैक मिलता है। उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाए जाने का सपना गांव को आदर्श एवं सर्वश्रेष्ठ बनाने से ही पूरा होगा।

सराहनीयः रात्रि चौपाल के जरिए लोगों की सीएम ने जानी समस्या


दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी मुख्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के उपरांत रात्रि विश्राम हेतु ग्राम नेताला में भागीरथी नदी किनारे स्थित होमस्टे पहुंचे। इस अवसर पर भारी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री श्री धामी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम वासियों का हाल-चाल जाना।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ग्राम नेताला वासियों के साथ रात्रि चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनी, साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोगों के बीच में बैठकर प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को सुना एवं समस्या के निदान हेतु अधिकारियों के निर्देश भी दिये।

उत्तरकाशी दौरे पर सीएम, अधिकारियों से की ईमानदारी से कार्य करने की अपेक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के अपने भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ईमानदारी और निष्ठा से काम करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि विकास योजनाओं एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों का पूरा लाभ सभी क्षेत्रों और लागों के मिल सके, इसके लिए हमें तत्परता से जुटे रहना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही या शिथिलता और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जल्दी ही जिले के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जायेगी। श्री धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं और सतर्कता विभाग को ऐसे मामले पर निरंतर प्रभावी निगरानी रख कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों को क्षेत्र पंचायत और तहसील दिवसों में अनिवार्य रूप से भाग लेकर जनता की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को आम आदमी की जिंदगी में बदलाव लाने के लिये समर्पित होकर जुटना होगा। उन्होंने रोजगारपरक योजनाओं और सामाजिक आर्थिक विकास के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि जिले के विकास के लिये आवश्यक संसाधनों की कमी नही होने दी जायेगी। जिले में एप्पल मिशन की धनराशि में वृद्धि के लिये प्रस्ताव भेजने के निर्देश देते हुए श्री धामी ने कहा कि जिले को किवी मिशन में भी शामिल किया जायेगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का ब्यौरा मुख्यमंत्री के सम्मुख रखा।
बैठक में विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता किशोर भट्ट, मनवीर चौहान, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

मां गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाए जाने का कार्य निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा हैः मुख्यमंत्री

दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में भागीरथी नदी किनारे आयोजित गंगा आरती में सम्मिलित होकर पूजा अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली एवं तरक्की की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा आरती में स्थानीय एवं अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने पर निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य गंगा का उद्गम स्थल है। इस राज्य के एक बड़े भाग से मां गंगा बहती है। मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता में हमारे राज्य की अहम भूमिका है। हम सभी को अपने मन से मां गंगा की निर्मलता पर कार्य करना चाहिए। मां गंगा की स्वच्छता के प्रति हमें दूसरों को भी जागरूक करना होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में मां गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ बनाएं जाने का कार्य निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार धाम यात्रा हेतु मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं से वार्ता कर उनसे यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। जिस पर श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।
इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा, विधायक संजय डोभाल, विधायक दुर्गेश्वर लाल, विधायक सुरेश चौहान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में 34710.19 लाख की 110 योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में आयोजित “मुख्य सेवक आपके द्वार“ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए रू. 34710.19 लाख की 110 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें रू. 13699.01 लाख की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं रू. 21011.18 लाख की 56 विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 6 प्रतिभाशाली छात्रों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सम्मान राशि का चेक वितरित किया, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को अनुदान राशि एवं आवास की चाबी भेंट की। साथ ही डेयरी विकास, मत्स्य पालन, सहकारिता, उद्यान आदि विभागों की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के कुल 63 लाभार्थियों को चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनो को व्हीलचेयर के साथ ही 16 लाभार्थियों को आपदा राहत किट, कृषि एवं बागवानी से संबंधित उपकरण वितरित किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के विकास हेतु विभिन्न घोषणाएं की। जिसमें विकास खण्ड मोरी के मोरी मौताड़ मोटर मार्ग के बागी पुल से आराकोट तक जिला मार्ग का नवनिर्माण कार्य कराया जाने। विकास खण्ड मोरी के जखोल से धारा गाँव के लिए मोटर मार्ग का नव निर्माण किए जाने। विकासखण्ड नौगांव के कुवा अनु० जाति बाहुल्य गाँव को जोड़ने हेतु मोटर मार्ग का विस्तार एवं सुदृढीकरण कार्य किए जाने। यमुनोत्री धाम के समीप खरसाली से मालाथाच ट्रैक मार्ग हनुमान चट्टी से गुलाबीकांठा ट्रैक मार्ग, राना चट्टी 1 से घिनाडा ट्रैक मार्ग एवं बनास तप्त ऋषि कुण्ड व प्राकृतिक झरने व स्थलों को पर्यटकों हेतु विकसित करने हेतु स्वीकृति प्रदान किए जाने। बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ में ईको पार्क की स्वीकृति प्रदान की जाने। तिलोथ पुल से लक्षेश्वर तक तथा तामाखाणी से तिलोथ पुल तक आस्था पथ का निर्माण किए जाने। पटूड़ी धनारी को सेम मुखेम मोटर मार्ग से जोड़ना तथा ज्ञानसु उपरी कोट मोटर मार्ग से स्थानाचट्टी तक मोटर मार्ग एवं मल्ला, बेलक त्रिजुगीनारायण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य किए जाने। चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखकर जनपद उत्तरकाशी में मुख्य बाजार से लीसा डिपो तक वाहन पार्किंग निर्माण एवं उत्तरकाशी शहर में अन्य पॉकेट पार्किंग के निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान किए जाने।सरनौल से सोत्तरी बुग्याल सरुताल को पर्यटक सर्किट के रूप में आगे प्रस्तिवित किए जाने। चिन्यालीसौड़ में राजीव नवोदय विद्यालय के लिए भवन स्वीकृत किए जाने एवं रा.इ.का मनेरी का नाम गत वर्ष दिवंगत पर्वतारोही सविता कन्सवाल के नाम पर रखे जाने की घोषणा शामिल रही।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी संख्या में आए लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए कहा कि उत्तरकाशी क्षेत्र के लिए हो रही 110 विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास से जिले में विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा इन लोकार्पण एवं शिलान्यास से जिले में सड़क मार्ग, स्वास्थ्य सुविधाएं, विकास खंड कार्यालयों व स्कूलों को अनावासीय भवन, स्कूलों में पुस्तकालय, शौचालय एवं प्रयोगशाला की सुविधाएं तथा खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल एवं पर्यटकों व स्थानीय जनता हेतु पार्किंग की सुविधा प्राप्त होगी एवं मूलभूत सुविधाओं का विस्तार एवं विकास होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ से अधिक किसानों को रू. 6000 सालाना दिये जा रहे हैं। आज सभी को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों का मुफ्त में इलाज किया जा रहा है। सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी का देश में तेजी से विस्तार हुआ है। 09 सालों में प्रधानमंत्री जी ने उत्तराखंड को दिए विकास के नवरत्न के साथ ही आज हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। केदारनाथ – बद्रीनाथ धाम में रू. 1300 करोड़ से पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। मानसखण्ड मंदिर माला मिशन का काम तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत जनपद उत्तरकाशी में 21 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। अन्त्योदय अन्न योजना के तहत 13 हजार से अधिक एवं खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 34 हजार से अधिक परिवारों को लाभान्वित किया गया है। उत्तरकाशी जनपद में जल जीवन मिशन के तहत 7488 लक्ष्य के सापेक्ष 6278 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा राज्य सरकार, राज्य में विकास की नई नींव रखने का कार्य कर रही है। होम स्टे को बढ़ावा देने के साथ ही आज राज्य में 4000 से अधिक होम स्टे रजिस्टर्ड हैं। 16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन का विकास किया जा रहा है। रू. 2,000 करोड़ की टिहरी लेक डेवलपमेंट परियोजना पर कार्य गतिमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में 03 करोड़ से अधिक आवास दिये गए है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थी परिवारों को महिलाओं के नाम पर आवंटित मकानों को पंजीकृत करने का कार्य किया है। उत्तरकाशी जनपद में प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजना के तहत लक्ष्य 1544 के सापेक्ष 1457 लोगों को लाभान्वित किया गया है तथा प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना के तहत लक्ष्य 652 के सापेक्ष 306 लोगों को लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के लगभग 9 लाख किसानों के खातों में लगभग 1390 करोड़ की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। किसानों को 03 लाख रूपए और महिला स्वयं सहायता समूहों को बिना ब्याज के 05 लाख रूपए तक का ऋण, “फार्म मशीनरी बैंक“ योजना के तहत किसानों को 80 फीसदी तक सब्सिडी पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराईं जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में लगभग 18 हजार पॉलीहाउस के स्थापना हेतु रू० 304 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री के विशेष प्रयासों से वर्ष 2023 को इंटरनेशनल एयर ऑफ मिलेट्स के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य में स्टेट मिलेट मिशन को मंजूरी दी गई है। जिसके तहत अंत्योदय परिवारों को एक किलो मडुवा दिया जाएगा। राज्य सरकार की 6 एरोमा वैली विकसित करने की भी योजना है। मिशन एप्पल और मिशन कीवी के साथ ही मिशन दालचीनी एवं मिशन तिमरु भी प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के हित में देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून उत्तराखंड में लागू किया है। हमारी सरकार वायदानुसार प्रदेश में जल्द ही समान नागरिक संहिता लागू करेगी। उन्होंने कहा जबरन या प्रलोभन से धर्म परिवर्तन पर रोक हेतु सरकार ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक पारित किया है। हमारी सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास पर कार्य कर रही है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने एवं उसका विकास सरकार की प्रथमिकता है। राज्य सरकार उत्तराखंड राज्य को वर्ष 2025 तक हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। इस हेतु हम विकल्प रहित संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
यमुनोत्री के विधायक संजय डोभाल, पुरोला के विधायक दुर्गेश्वर लाल और गंगोत्री के विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी के कुशल और सफल नेतृत्व में प्रदेश में विकास के संकल्पों को पूरा करने का काम कर रहा है।
इस दौरान कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राणा, पूर्व विधायक राजकुमार, केदार सिंह रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता सूरतराम नौटियाल, स्वराज विद्वान, मनवीर चौहान, राम सुन्दर नौटियाल, केशर सिंह रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सरकार की योजनाओं को क्षेत्रों में पहुंचाने में ब्लॉक प्रमुख निभाते हैं अहम भूमिकाः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्लॉक प्रमुख गणों के साथ संवाद कार्यक्रम में कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती व्यवस्था में ब्लॉक प्रमुख महत्वपूर्ण कड़ी है। सरकार की योजनाओं को अपने क्षेत्रों में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी इन पर होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लॉक प्रमुखों के मानदेय में वृद्धि जल्दी की जायेगी। ब्लॉक प्रमुखों की निधि बढ़ाये जाने एवं अन्य मांगों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मांगों का आंकलन कर उचित निर्णय लिया जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। पिछले 09 वर्षों में समाज के हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। गरीबों के जन-धन खाते खोलने के पीछे बड़ी सोच थी। आज विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थी को धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। डिजिटल ट्रांजेक्शन देश में तेजी से बढ़ा है। भारत दुनिया में सबसे अधिक डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाला देश है। कोरोना काल में गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की गई, जिसका लाभ गरीबों को अभी तक मिल रहा है। पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, हर घर नल, हर घर जल एवं अन्य विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन हो राहत दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही है। राज्य में कृषि, बागवानी, पर्यटन के क्षेत्र में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। नई पर्यटन नीति लाई गई है। होम स्टे को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखण्ड अटल आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रत्येक परिवार को 05 लाख रूपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है। राज्य में अन्त्योदय कार्ड धारकों को साल में 03 सिलेण्डर मुफ्त दिये जा रहे हैं। यह सुविधा राज्य के 01 लाख 81 हजार गरीब परिवारों को दी जा रही है। एप्पल एवं कीवी मिशन पर तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। दालचीनी एवं तिमुर को भी मिशन के रूप में लिया गया है।
इस अवसर पर भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार, अपर सचिव पंचायती राज ओमकार सिंह, ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष दर्शन सिंह दानू, संरक्षक गोविन्द सिंह दानू एवं विभिन्न जनपदों से आये ब्लॉक प्रमुखगण उपस्थित थे।

भागीरथी-2 चोटी पर ध्वज ग्रहण करने पर एनडीआरएफ के जवानों को मिली बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भागीरथी-2 चोटी का पर्वतारोहण कर लौटे एन.डी.आर.एफ के जवानों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पर्वतारोही दल का ध्वज ग्रहण कर इस अभियान का विधिवत समापन किया।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के सभी जवानों को इस कठिन अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान करने से आने वाली चुनौतियों का सामना करने में आसानी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पर्वतीय क्षेत्रों में जब भी रेस्क्यू ऑपरेशन की बात आती है तो सबसे पहले हमारी एस.डी.आर.एफ के साथ एन.डी.आर.एफ को याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। राज्य में एन.डी.आर.एफ ने समय-समय पर आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सराहनीय कार्य किया है। देश के अलावा अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भी विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में एन.डी.आर.एफ द्वारा तेजी से राहत एवं बचाव के कार्य किये जाते हैं, हमारे इन जवानों की कार्यकुशलता सराहनीय है।

महानिदेशक एन.डी.आर.एफ अतुल करवल ने कहा कि एनडीआरएफ के प्रथम पर्वतारोहण अभियान-2023 में अभियान दल द्वारा भागीरथी-2 का 30 मई 2023 को सफल आरोहण किया। उप महानिरीक्षक एनडीआरएफ गम्भीर सिंह चौहान के नेतृत्व में दल के 38 पर्वतारोही शामिल थे। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में एन.डी.आर.एफ की एक बटालियन स्थापित की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, आईजी एस.डी.आर.एफ रिद्धिम अग्रवाल एवं एनडीआरएफ के पर्वतारोहण दल के जवान उपस्थित थे।

व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिये अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी का होगा गठन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित ’’व्यापारी सम्मेलन’’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिये अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जायेगी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने ’’9 वर्ष उत्कर्ष के’’ उपलक्ष्य में आयोजित व्यापारी सम्मेलन की सभी व्यापारी भाइयों को हार्दिक बधाई व शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था और वित्तीय शक्तियों की रीढ़ हैं तथा वे ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वोकल फॉर लोकल का जिक्र करते हुए अपील की कि वे प्रधानमंत्री के वोकल फार लोकल के आह्वान पर जोर दें और ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत बनने के लिए हरसंभव प्रयास करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार केवल माल या सेवाओं का आदान-प्रदान नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज में परस्पर विश्वास का भी आदान-प्रदान होता है। समान की गुणवत्ता के महत्व का उल्लेख करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार की एक ही कुंजी है, गुणवत्ता, और गुणवत्ता रूपी कुंजी ही उत्पादकता और लाभ रूपी ताले को खोल सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर कारोबार का देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है तथा आज अमृतकाल में सबके प्रयास की यही भावना देश की ताकत बन रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हुई, जिसको आगे बढ़ाने में व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा व्यापारी हितों में नए-नए कदम उठाए जा रहे हैं। आज पूरे देश में हर स्तर पर व्यापारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा आज देश-विदेश के उद्यमी देवभूमि उत्तराखंड में निवेश करने के लिए बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल में देश ने प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से विकास किया है तथा विदेशों में देश का गौरव बढ़ा है। आज उन्हीं के दिशा निर्देशन में उत्तराखंड में हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, चाहे केदारनाथ धाम का सौंदर्यीकरण हो या बाबा बद्रीविशाल में चल रहे निर्माण कार्य हों, ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक बन रही रेल लाइन हो या फिर दिल्ली से देहरादून के बीच बन रहा एलिवेटेड हाइवे हो, हरिद्वार में बन रहा मेडिकल कॉलेज हो या फिर उधमसिंहनगर में एम्स का सेटेलाइट सेंटर हो, हर क्षेत्र में विकास हो रहा है, जो डबल इंजन की सरकार में ही सम्भव है तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भ्रष्टाचार तथा भयमुक्त समाज का जिक्र करते हुये कहा कि आज व्यापारी वर्ग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है तथा व्यवसायी बिना किसी डर के व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसी भी कीमत पर व्यापारी समाज का अहित नहीं होने देगी।
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का जिक्र करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने कहा था कि भारत में संपदा की कोई कमी नहीं है, बस हमें अपने दिमाग और संसाधनों का सही उपयोग करना है तथा श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2047 के विजन के अनुरूप आने वाले 25 सालों के लिए जब हम एक संकल्प के साथ निकले हैं तो हमें लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की इस बात को भूलना नहीं है तथा प्रधानमंत्री के कथन कि 21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा, को चरितार्थ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, हरिद्वार सांसद डॉ0 रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल आदि ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये व्यापारियों के योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला।
इस अवसर पर रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, डोईवाला विधायक ब्रजभूषण गैरोला, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित सम्बन्घित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने संतों का आशीर्वाद लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कनखल स्थित जगतगुरू आश्रम में जगतगुरू स्वामी राजराजेश्वराश्रम से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसके बाद डामकोठी पहुंचे, जहां उन्होंने पंचायती निर्मल अखाड़ा के स्वामी ज्ञानदेव शास्त्री, बड़ा अखाड़ा के महन्त दुर्गादास, महन्त रूपेन्द्र सहित अन्य सन्त महात्माओं से भी शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल ’निशंक’, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, पूर्व लक्सर विधायक संजय गुप्ता, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह अधिकारीगण उपस्थित रहे।

केन्द और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बहुद्देशीय शिविर लगाने के निर्देश

आमजन को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले इसके लिए सभी जनपदों में नियमित बहुद्देशीय शिविर लगायें जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकांश जन समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही हो। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए टोल फ्री नम्बर 1064 का बोर्ड सभी कार्यालयों में लगे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। भ्रष्टाचार से संबंधित विजिलेंस को जितनी शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन पर की गई कार्यवाही की विजिलेंस से नियमित रिपोर्ट ली जाए। मुख्यमंत्री ने सभी एस.एस.पी को निर्देश दिये कि जनपद स्तर पर विवेचना से संबंधित जो मामले एक साल से अधिक समय से लम्बित हैं, अभियान चलाकर तीन माह के अन्दर उनको निस्तारित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि विवेचना संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण हो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की पहली समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारियों एवं एस.एस.पी को दिये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में निर्देश दिये कि ग्राम सभाओं की चौपालों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा माह में कितनी बार भ्रमण किया जा रहा है। इसका भी कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग पूरा अपडेट रखे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि जिलाधिकारी नियमित ग्रामसभा चौपालों में जाएं और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को भी भेंजे। ग्राम भ्रमणों की मासिक रिपोर्ट, बीडीसी एवं तहसील दिवस की मासिक रिपोर्ट एवं उनमें प्राप्त शिकायतें और उनके निस्तारण के लिए की गई कार्यवाही की नियमित रिपोर्ट कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग को भेजें। मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिये कि जन समस्याओं के निस्तारण के लिए जन प्रतिनिधियों एवं आम जन के फोन रिसीव न करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश अधिकारी फोन रिसीव न कर पा रहे हैं, तो बाद में अवश्य कॉल बैक करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल एवं कुमांऊ कमिश्नर अपने मण्डलों में जन समस्याओं के त्वरित निदान एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा करें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि बरसात का समय शुरू होने वाला है। सभी जिलाधिकारी जिन क्षेत्रों में जल भराव होता है, मलवा आने की संभावनाएं होती हैं, इनके समाधान के लिए अभी से पूरी कार्ययोजना बना लें। वर्षाकाल के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखें। जिला अधिकारी जनपदों में प्रतिमाह आय-व्ययक की भी समीक्षा बैठक करें। मुख्यमंत्री घोषणाओं पर जनपदों में प्रगति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट भेजी जाए। जनपदों में जिन दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य किये जा रहे हैं, उनमें तेजी लाई जाए। तात्कालिक रूप वाले कार्यों को समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। सड़कों की स्थित हर जगह सही हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जनपदों में जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, यदि उनमें किसी स्तर पर विलंब हो रहा है, तो जिलाधिकारी इसकी सूचना शीघ्र शासन को दें। सभी जनपदों में जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों से बचने के लिए अभी से पूरी तैयारियां की जाएं।
बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग दीपक कुमार गैरोला, वर्चुअल माध्यम से कमिश्नर कुमांऊ दीपक रावत, सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।