लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताया

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस जन संपर्क अभियान में जुटी हुई है। शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं ने ऋषिकेश में जनसंपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील की।
शुक्रवार को एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्र के आशा प्लॉट में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने लोगों को कांग्रेस की नीतियों के प्रति जागरूक किया। कहा कि महंगाई को रोकने में भाजपा और केंद्र सरकार फेल हो चुकी है। मौजूदा महंगाई केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता का प्रमाण है। आम जनमानस का कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। मातृशक्ति, युवा सभी कांग्रेस के साथ हैं और सभी कांग्रेस पर भरोसा जता रहे हैं। मौके पर जितेन्द्र त्यागी, लक्ष्मी, अलका क्षेत्री, अंजली, प्रीति आदि मौजूद रहे।

कोरोना से बचाव के लिए मुनिकीरेती पालिका ने क्षेत्र को किया सेनेटाइज

कोरोना संक्रमण (ओमीक्रान) के लगातार बढ़ रहे मामलों के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला बचाव एवं सुरक्षा कार्यों में लगी है। इसके तहत बृहस्पतिवार को पालिका क्षेत्र में वृहद स्तर पर सेनेटाइजिंग अभियान चलाया गया।
अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह के निर्देश व सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में लक्ष्मणझूला रोड स्थित मधुबन चौक, कैलाश गेट और स्वामीनाराण गेट आदि स्थानों पर टैंकर की सहायता से सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। साथ ही वार्डों में हाथ की मशीन की सहायता से सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया।
सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि कोविड-19 से क्षेत्रवासियों के बचाव एवं सुरक्षा हेतु प्रतिदिन सेनेटाइजिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सफाई निरीक्षक ने क्षेत्र के लोगों से कोविड-19 से सुरक्षा एवं बचाव हेतु सरकार की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करने व घरों से बाहर निकलने के दौरान मास्क का प्रयोग और हाथों को सेनेटाइज करते रहने की अपील की।

राष्ट्रीय पार्टियों को प्रचार में पीछे छोड़ रहे कनक धनाई

उत्तराखंड जन एकता पार्टी ऋषिकेश द्वारा उजपा नेता कनक धनाई के नेतृत्व में ऋषिकेश विधानसभा की सीमा से सटी ग्रामसभा हरिपुर कलां में कार्यालय का उद्घाटन किया गया। साथ ही लंबे समय से चले आ रहे समाधान एम्स अभियान के द्वितीय चरण का आरंभ किया गया। जिसके अंतर्गत ऋषिकेश की जनता से उनको एम्स में आने वाली समस्याओं तथा एम्स प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त करने हेतु कपड़े पर हस्ताक्षर लिए जाएंगे तथा वे एम्स में उनको आयी समस्याएं भी दर्ज करा सकेंगे। ग्रामीण ऋषिकेश में लगभग 4 दिनों तक चलने के बाद शहरी ऋषिकेश हेतु अभियान चलाया जाएगा। तत्पश्चात हस्ताक्षरों समेत समस्याएं स्वास्थ्य मंत्रालय को भेज दी जाएंगी।
उजपा नेता कनक धनाई ने कहा कि एम्स प्रशाशन के मैनेजमेंट से जनता त्रस्त हो चुकी है, शायद ही ऋषिकेश का कोई ऐसा नागरिक होगा जो स्वास्थ्य लाभ हेतु एम्स गया हो और उसे किसी न किसी तरीके से परेशान न होना पड़ा हो। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष हमारे द्वारा एम्स परिसर में रोजगार में हो रही दलाली, स्वास्थ्य सुविधाओं में अव्यस्था तथा असुविधाओं एवम पार्किंग में मची लूट खसूट जैसे मुद्दों को लेकर समाधान एम्स के प्रथम चरण का आरंभ गुमानिवाला के अमित स्मारक से किया गया था, एवम आज हरिपुर कलां से हम इसके द्वितीय चरण को आरंभ कर रहे हैं।
मौके पर उजपा के विभिन्न कार्यकर्ता एवम पदाधिकारी मौजूद रहे।

राजनीति में अपराधी प्रवृति के लोगों को रोकने के लिए चुनाव आयोग की गाइडलाइन जारी

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है, जिसके लिए 21 जनवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी। इस बीच चुनाव आयोग ने राजनीति में बढ़ते अपराधीकरण से निपटने के लिए खास इंतजाम किए हैं। जिसके तहत अब दागी उम्मीदवारों को टिकट देने वाली पार्टियों को जानकारी देनी होगी कि उसे उम्मीदवार बनाने के पीछे की क्या मजबूरी थी। चुनाव आयोग की इस गाइडलाइन को लेकर उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने आज जानकारी दी।
राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों के साथ-साथ राजनीतिक पार्टियों के लिए भी उम्मीदवार के आपराधिक इतिहास को सार्वजनिक करने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है। इस बार राजनीतिक दलों को आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों की जानकारी अखबार, टीवी चौनल्स के माध्यम से विज्ञापन देकर सार्वजनिक करनी होगी। साथ ही दागी कैंडिडेट को भी पर्चा वापस लेने की अंतिम तारीख से मतदान के दो दिन पहले तक आपराधिक रिकॉर्ड का ब्योरा अखबारों और टीवी चैनलों के माध्यम से मतदाताओं के सामने रखना होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवारों को कैंपेन पीरियड के दौरान स्थानीय समाचार पत्रों और राष्ट्रीय समाचार पत्रों में तीन बार अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े विवरण का व्यापक प्रचार प्रसार करना होगा। साथ ही राजनीतिक दलों को अपनी वेबसाइट पर प्रत्याशियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी साझा करनी होगी। इसके अलावा उत्तराखंड की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि राजनीतिक दलों के लिए यह अनिवार्य है कि वे उम्मीदवारों के रूप में चुने गए लंबित आपराधिक मामलों वाले व्यक्तियों के बारे में विस्तृत जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड करें. साथ ही पार्टियों को उम्मीदवार का चयन करने के लिए एक कारण भी देना होगा।

उम्मीदवार को इन दिनों का रखना होगा विशेष ध्यान
उम्मीदवार के आपराधिक विवरण का पहली बार प्रकाशन नाम वापसी की अंतिम तारीख के पहले चार दिनों के भीतर करवाना होगा। दूसरी बार इसका प्रकाशन नाम वापसी की अंतिम तारीख के पांचवें से आठवें दिन के अंदर करवाना होगा। तीसरे और अंतिम बार इसका प्रकाशन नाम वापसी के नौवें दिन से चुनाव प्रचार के अंतिम दिन के बीच करवाना होगा। निर्विरोध रूप से जीतने वाले प्रत्याशी और उनकी पार्टी का भी कोई आपराधिक इतिहास रहा हो तो इससे जुड़ी जानकारी प्रकाशित करवानी होगी।

विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति को विशिष्ट पहचान दिलाई

आज स्वामी विवेकानंद की जयंती पर अभाविप के द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य राजेंद्र पांडे के द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के आदर्श रहे हैं क्योंकि उन्होंने भारत के वेदों साहित्य और हिंदू धर्म का बहुत गहन अध्ययन कर उसका प्रचार प्रसार विदेशों तक किया। भारतवर्ष की महानता को संपूर्ण विश्व में प्रकाशित किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष एबीवीपी प्रवीन रावत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को उठो जागो और तब तक लक्ष्य ना मिल जाए तब तक कर्म करते रहो सफलता अवश्य मिलेगी की प्रेरणा दी। साथ ही स्वामी विवेकानंद बहुत अल्प समय में संपूर्ण विश्व में भारतवर्ष को वह पहचान दिला गए जो आज तक भी धूमिल नहीं पड़ी है।
इस अवसर पर प्रांत मंत्री काजल थापा ने कहा कि इस तरह की गोष्ठियों के द्वारा महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाता है और एक उत्कृष्ट समाज के निर्माण में भी सहायता मिलती है।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं जिला प्रमुख विवेक शर्मा ने कहा कि हम जल्द ही एक ऐसी मुहिम चलाएंगे जिससे प्रत्येक युवा को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से रूबरू कराया जाएगा क्योंकि हमारा युवा विवेकानंद के विचारों को सबसे ज्यादा पसंद करता है जिसके लिए संगठन को कार्य करना होगा। इस अवसर पर विभाग प्रमुख अमित गांधी, विनोद चौहान प्रांत खेल प्रमुख, प्राची सेमवाल, वीरेंद्र चौबे, अंकुर अग्रवाल सहित एबीवीपी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देहरादून जिले में सबसे अधिक 1224 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले

उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 3005 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं दो कोरोना मरीजों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 977 मरीज स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गुरुवार को 13 जिलों में 3005 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। अब तक कुल 7435 मरीजों की मौतें हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 977 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इन्हें मिलाकर 335677 मरीजों ने संक्रमण को मात दी है। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या घटने से सक्रिय मामले बढ़ गए हैं। वर्तमान में 9936 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। प्रदेश की रिकवरी दर 93.19 प्रतिशत और सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर 10.91 प्रतिशत पहुंच गई है।
देहरादून जिले में 1224 संक्रमित मिले हैं। नैनीताल में 431, हरिद्वार में 426, ऊधमसिंह नगर में 399, चंपावत में 35, पौड़ी में 106, अल्मोड़ा में 103, टिहरी में 47, पिथौरागढ़ में 44, बागेश्वर में 59, चमोली में 71, रुद्रप्रयाग में 20, उत्तरकाशी जिले में 40 संक्रमित मिले हैं।

दून अस्पताल में 35 मरीज भर्ती, 370 को लगी वैक्सीन
राजधानी के दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार को ओपीडी में 700 से अधिक मरीज देखे गए। अस्पताल में कोरोना ग्रसित 35 मरीज भर्ती हैं। पिछले 24 घंटे में 11 मरीज भर्ती हुए हैं। अस्पताल के एमएस आवास में कोविशील्ड की 250 और कोवाक्सीन की 120 डोज लगाई गई। गुरुवार को लैब बंद होने के चलते सैंपलिंग नहीं हुई। नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि जिन भी मरीजों को कोई भी लक्षण नहीं है, उनको कोविड-19 टेस्ट कराने की आवश्यकता नहीं है।
60 वर्ष अधिक तथा हाई रिस्क मरीज जैसे डायबिटिक इत्यादि बीमारी वाले मरीजों को कोविड-19 टेस्ट कराना चाहिए। जिन भी कोविड-19 से ग्रसित मरीजों को हल्के लक्षण हैं, उनका होम आइसोलेशन समय सात दिन का है। प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना ने निर्देशित किया है कि ओपीडी, आईपीडी, टीकाकरण, सैंपलिंग आदि में मरीजों को किसी तरह की दिक्कत न आए। इसके लिए सभी एचओडी को निर्देशित किया गया है।

तीर्थनगरी में 81 लोग संक्रमित
वहीं, गुरुवार को तीर्थनगरी ऋषिकेश में 10 पर्यटकों समेत 81 लोग संक्रमित पाए गए हैं। मुनिकीरेती घूमने आए संक्रमित पर्यटक वापस लौट चुके हैं।
मुनिकीरेती क्षेत्र के कोविड नोडल अधिकारी डा. जगदीश जोशी ने बताया कि एक दिन पहले बुधवार को 104 लोगों का आरटीपीसीआर कराया था। इसकी रिपोर्ट गुरुवार को आयी है, इनमें 27 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। संक्रमितों में 10 पर्यटक हैं, जो वापस जा चुके हैं। उन्हें ट्रेस करने का प्रयास चल रहा है। वहीं, सरकारी अस्पताल में एक दिन पहले 143 लोगों ने आरटीपीसीआर कराया था। सैंपल एम्स ऋषिकेश भेजे गए थे, इसकी रिपोर्ट गुरुवार को मिली है। इनमें कोरोना के 44 नए मामले आए हैं। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव ने बताया कि गुरुवार को अस्पताल में 79 लोगों ने एंटीजन रेपिड टेस्ट कराया था, इसमें 10 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। बताया कि सभी को होमआईसोलेट किया जा रहा है।

झाड़ू इस बार उत्तराखंड से कांग्रेस-भाजपा का सफाया करेगी-सिसोदिया

टिहरी दौरे से लौटे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का हरिपुर कलां स्थित एक निजी होटल पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश विधानसभा प्रत्याशी राजे सिंह नेगी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देते हुए दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया ने कहा कि कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक आम आदमी पार्टी के पक्ष में चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्म है। भाजपा और कांग्रेस को प्रदेश विरोधी बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता इस बार झाड़ू उठाकर इन दोनों दलों का सूपड़ा साफ करने का मन बना चुकी है। सिसोदिया ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस दोनों ने उत्तराखंड में शासन किया लेकिन कोई भी सरकार एक भी बेहतर स्कूल नहीं खोल पाई है। उत्तराखंड में जनता आप को चुनती है तो 300 यूनिट बिजली फ्री देने, महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह और रोजगार नहीं मिलने तक युवाओं को 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता, 1 लाख लोगों को रोजगार और उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में ईमानदारी से राजनीति कर दिल्ली को घाटे से उबारा है और लोगों को फ्री बिजली, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर दिए हैं। उसी तरह उत्तराखंड को भी उबारा जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी विधायक प्रवीण कुमार देशमुख, राजीव चौधरी भी उपस्थित थे। स्वागत करने वालो में ऋषिकेश संगठन मंत्री दिनेश असवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष संदीप शर्मा, दिनेश कुलियाल, चन्द्र मोहन भट्ट,साहिल,प्रभात झा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कनक धनाई ने विजेताओं को सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया

उत्तराखंड जन एकता पार्टी के नेता कनक धनाई द्वारा पॉवर लिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और मिस्टर व मिसेज नार्थ इंडिया प्रतियोगिताओं के विजेताओं को देहरादून रोड स्थित उजपा कार्यालय में सम्मानित किया गया।
बता दें कि बीते दिनों में श्री भरत मंदिर परिसर में पावर लिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और मिस्टर व मिस नार्थ इंडिया की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थी, जिसमें उक्त विजेताओं ने खिताब अपने नाम किये थे। इसी परिपेक्ष्य में उजपा ऋषिकेश द्वारा इन खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में पॉवर लिफ्टिंग के विजेता परमवीर सिंह, शिवम कोहली, पॉवर लिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग के विजेता सार्थक थपलियाल, पूजा भट्ट, पूजा पयाल, बॉडी बिल्डिंग के विजेता विशाल मौर्य को उजपा की ओर से सम्मानित किया गया जिसमें से सार्थक थपलियाल और पूजा भट्ट को मिस्टर एवं मिसेज नार्थ इंडिया का खिताब मिला था।
इस मौके पर मेंटर प्रवीण सिंह सजवाण पॉवर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग, शिवम बिड़ला बॉडी बिल्डिंग, अर्जुन गुलाटी पॉवर लिफ्टिंग समेत उजपा के कार्यकर्ता एवम पदाधिकारी मौजूद रहे।

टिहरी पुलिस ने चुनाव में सुरक्षा के इंतजाम किए पुख्ता

टिहरी जनपद की पुलिस ने चुनाव को लेकर सुरक्षा समेत तमाम तैयारियों को पूरा कर लिया है। जिले और थाना क्षेत्रों के नाकों पर चेकिंग से लेकर सुरक्षा से जुड़े सभी व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने के लिए दो कंपनी बीएसएफ भी जिले में पहुंच चुकी हैं। जिनमें से एक कंपनी की तैनाती मुनिकीरेती क्षेत्र जबकि दूसरी कंपनी को जनपद के अन्य इलाकों में ड्यूटी पर लगाया गया है।
बता दें कि क्षेत्र में बीएसएफ की कंपनियां पहुंचने पर एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बीएसएफ समेत पुलिस कर्मियों को मुनी की रेती में ब्रीफ किया। इस दौरान उन्हें ड्यूटी समेत अन्य व्यवस्थाओं से अवगत कराया। खासकर एसएसपी ने सुरक्षाकर्मियों को स्थानीय लोगों के साथ व्यवहार मधुर रखने के निर्देश दिए। लाइसेंस धारी शस्त्र धारकों को चेताया कि 2 दिन के भीतर वह संबंधित थाना क्षेत्रों में अपने असला जमा करा दें। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति करने की बात भी कही है। मौके पर एसएसपी ने बीएसएफ के जवानों से सुझाव भी मांगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी ने बताया कि जनपद में चुनाव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस अपनी नजर बनाए हैं। असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी पुलिस अभियान चला रही है। चुनाव प्रभावित न हो इसके लिए पूरे जनपद के हिस्ट्रीशीटर को भी तलब कर सख्त हिदायत दे दी गई है। फिलहाल दो हिस्ट्रीशीटर जनपद से फरार चल रहे हैं। जिन्हें जल्द पकड़ने का दावा भी एसएसपी ने किया है। बताया उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे कोरोना के संक्रमण को देखते हुए चुनाव सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस के लिए चुनौती है। इस चुनौती को आमजन के सहयोग से कम किया जा सकता है। इसलिए वह नागरिकों से अपील करते हैं कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में पुलिस को अपना सहयोग दें। सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए मास्क पहने और सरकार के द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें। बताया कि यदि उनकी अपील पर नागरिक ध्यान नहीं देते तो पुलिस को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान और मुकदमा पंजीकृत करने के निर्देश दे दिए हैं।
इस दौरान बीएसएफ से असिस्टेंट कमांडर संदीप राजपूत, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार चमोली, इंस्पेक्टर रितेश शाह, प्रदीप पंत, सिद्धार्थ कुकरेती, इंस्पेक्टर रामकिशन बीएसएफ, सब इंस्पेक्टर राम कुमार, सब इंस्पेक्टर योगेश पांडे, विकास शुक्ला, सुनील पंत, पिंकी तोमर आदि मौजूद थे ।

कोठारी ने खुद को बताया सच्चा सिपाही, पर दागे कई सवाल

भगतराम कोठारी ने मीडिया के सामने खुद की हो रही अनदेखी के दर्द को उजागर किया। बातचीत करते हुए उन्होंने पार्टी के लिए किए गए अब तक के कार्यों की जानकारी भी दी। बीच-बीच में कोठारी भावुक भी हुए। कहा कि 2017 में भाजपा का दामन थामने के बाद सच्चे सिपाही की तरह उन्होंने विधानसभा और निकाय चुनाव में जी जान लगा दी। तन मन के साथ धन तक की परवाह नहीं की। निकाय चुनाव में उनकी पत्नी चारू माथुर कोठारी का टिकट होने के बावजूद काट दिया गया, फिर भी उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी को अपना समर्थन देते हुए विजय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कहा कि 15 सालों से लगातार पैराशूट प्रत्याशी को टिकट दिया जा रहा है। जिससे ऋषिकेश विधानसभा का विकास ठप पड़ा है। बताया कि 2022 विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने भाजपा हाईकमान के सामने टिकट की दावेदारी की है। जिस पर हाईकमान को नजरें इनायत करने की जरूरत है। पूछे गए सवाल के जवाब में कोठारी ने बताया कि यदि उन्हें टिकट नहीं मिलता तो वह न तो पार्टी से बगावत करेंगे न हीं निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
भगतराम कोठारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और स्थानीय विधायक के बीच की रार किसी से छुपी ने नही है। यह दूसरी वजह रही कि मुख्यमंत्री ने कभी ऋषिकेश विधानसभा की ओर ध्यान ही नहीं दिया। जिससे विकास का पहिया ऋषिकेश विधानसभा में ज्यादा रुका है। भगतराम कोठारी का कहना है कि विधायक निधि से सड़के बनाने और पथ प्रकाश की व्यवस्था कर देने से क्षेत्र का विकास नहीं होता। ऋषिकेश चार धाम यात्रा और गढ़वाल का प्रवेश द्वार कहा जाता है। पिछले 15 सालों में अभी तक किसी नए स्कूल कॉलेज अस्पताल का निर्माण तो दूर फाइलों में भी इसका जिक्र नहीं किया गया है। इससे समझा जा सकता है कि शहर का विकास किस स्तर पर होना था।