लक्ष्मण झूला में नए पुल के टेंडर प्रक्रिया मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई

लोक निर्माण विभाग की ओर से लक्ष्मण झूला में पुराने झूला पुल के समीप टू-लेन मोटर पुल का निर्माण के लिए हुई टेंडर प्रक्रिया का मामला हाईकोर्ट पहंुच गया है। आरोप है कि अर्हता पूरी न करने वाली कंपनी को टेंडर दे दिया गया है। जिस पर हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाये रखने का आदेश जारी किया है। अब इस मामले में 20 फरवरी को सुनवाई होगी।
आपको बता दें कि इस पुल के निर्माण के लिए विभाग की ओर से 20 नवंबर, 2021 को टेंडर आमंत्रित किए गए थे। 23 नवंबर को टेंडर खोले गए। जिनमें हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी, कैलाश हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी और पीएंडआर इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी के टेंडर को विभाग की ओर से सही पाया गया और पीएंडआर इंफ्रा प्रोजेक्ट के टेंडर को मंजूरी दे दी गई।
इस पर ऋषिकेश की हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी हाईकोर्ट पहुंच गयी। उच्च न्यायालय नैनीताल में विभाग की इस प्रक्रिया को चुनौती देते हुए हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी ने आरोप लगाया कि जिस कंपनी को काम दिया गया है वह टेंडर की अर्हता को पूरा नहीं करती है। कंपनी के निदेशक अजय शर्मा के अनुसार इस पूरे मामले में मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर कंपनी की ओर से आपत्ति दर्ज करानेे के बावजूद उनकी बात को नहीं सुना गया। जिस पर वे न्यायालय की शरण में गए। उनका कहना है कि न्यायालय में सुनवाई की तिथि तक जिस कंपनी को काम दिया गया उसके साथ एग्रीमेंट नहीं हुआ था। उन्हें अंदेशा है कि बैक डेट पर एग्रीमेंट किया जा सकता है। दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग नई टिहरी के अधीक्षण अभियंता एनपी सिंह का कहना है कि 5 जनवरी, 2022 को संबंधित कंपनी के साथ एग्रीमेंट कर दिया गया था।

कनक धनाई ने शुरु किया प्रचार, कोविड गाइड लाइन का पालन करने की अपील भी की

उत्तराखंड जन एकता पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत कोविड नियमों का पालन करते हुए ऋषिकेश विधानसभा सीट से उजपा के प्रत्याशी कनक धनाई के नेतृत्व में आज चुनाव प्रचार प्रारम्भ कर दिया गया।
बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा इसी माह 8 जनवरी को अचार सहिंता लागू कर दी गई है और उत्तराखंड में 14 फरवरी को विधानसभा के चुनाव होने हैं। बहुत कम समय चुनाव के लिए रह गया है। ऐसे में विधानसभा चुनाव में ताल ठोक रही पार्टी उजपा ने कोविड नियमों का पालन करते हुए ऋषिकेश विधानसभा के अंतर्गत रायवाला से चुनाव प्रचार प्रारंभ कर दिया।
मौके पर सत्य नारायण मंडल अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, विकाश डंगवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र रतूड़ी, दीपक चौहान, लखपत सिंह रावत, गौरव सिंह, अजय चमोली, अमन रावत समेत अन्य उजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजनीति को समाजसेवा का सशक्त माध्यम मान रहे है आप प्रत्याशी राजे नेगी

आधुनिक समय में राजनीति और राजनीतिज्ञों को जनमानस संशय की दृष्टि से देखने लगा है, परन्तु व्यक्ति की नीति व नीयत साफ हो तो राजनीति भी समाज सेवा का सशक्त साधन हो सकता है। इन शब्दों पर खरा उतरने की चुनौतियों के साथ ऋषिकेश विधानसभा सीट से शहर में समाजसेवी के तौर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने वाले राजे सिंह नेगी आम आदमी पार्टी से अपना भाग्य आजमाने के लिए सियासत के रणक्षेत्र में उतरे हैं। उनकी सोशल एक्टीविटीज और लोकप्रियता के चलते ही आम आदमी पार्टी ने जब उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहली लिस्ट घोषित की तो उनका नाम सबसे ऊपर था। यह उनकी शख्सियत का ही जादू है कि आप की सदस्यता ग्रहण करने के महज एक वर्ष के भीतर जहां पार्टी ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया वहीं पार्टी का जबरदस्त जनाधार बड़ाने में भी वह कामयाब रहे। हालांकि इसकी असली परख अभी होनी बाकी है। लेकिन राजनैतिक पंडित भी मानते हैं कि इस चुनाव में विधानसभा भवन पहुंचने के लिए राष्ट्रीय दलों में सीधी लड़ाई नही बल्कि त्रिकोणीय संघर्ष की संभावना दिखने लगी है। हरिपुर कलां के शिक्षक परिवार में जन्मे राजे की मानें तो पिता प्रेम सिंह नेगी से संस्कार उन्हें विरासत में मिले हैं।यहीं उनकी सबसे बड़ी पूंजी भी है। चिकित्सक के तौर पर मानवता की सेवा के लिए जीवन सर्मपित करने वाले नेगी शहर में निःशुल्क शिक्षण संस्थान उड़ान प्लेय स्कूल के जरिए जहां चर्चा में रहे हैं वहीं अनेकों पुरुस्कारों से नवाजे जाने वाले नेगी की विभिन्न आंदोलनों में भी सक्रियता देखने को मिली है। गढ संस्कृति के उत्थान के लिए वर्षों से संघर्षरत रहे नेगी को इसका लाभ भी उनके चुनावी मिशन में मिल सकता है। जिसकी फिलहाल तो पूरी उम्मीद नजर आ रही है। राजनीति की बिसात पर चुनावी ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो फिलहाल भविष्य के गर्भ में है लेकिन इस बात की संभावना जरूर है कि ऋषिकेश विधानसभा में राजे सिंह नेगी चौंकाने वाला परिणाम दे सकते हैं।

व्यापारियों को कोविड नियमों का पालन करने के निर्देश

कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को कोविड नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को ऋषिकेश कोतवाली में पुलिस और व्यापारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में सीओ डीसी ढौंडियाल ने व्यापारियों से कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए अपना व्यापार संचालित करने को कहा। उन्होंने दुकानों में भीड़ न एकत्रित होने देने, मास्क पहनने व ग्राहकों को भी मास्क पहनने की अपील करने सहित अन्य नियमों का पालन करने का आग्रह किया। मौके पर कोतवाल रवि कुमार सैनी, नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, रवि जैन, राजकुमार तलवार, दीपक बंसल, आशु अरोड़ा, आशु डंग, युवा नगर अध्यक्ष शिवम टुटेजा, एकांत गोयल, घाट रोड अध्यक्ष पवन शर्मा, प्रदीप गुप्ता, मनोज टुटेजा आदि उपस्थित रहे।

1292 केस मिलने के साथ आज 5 संक्रमित लोगो की मौत

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद अब मरीजों की मौत के आंकड़े भी बढ़ गए हैं। सोमवार को विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे पांच संक्रमितों की मौत हो गई। कोरोना से एक ही दिन में इतनी संख्या में मरीजों की मौत का आंकड़ा 23 जून 2021 के बाद सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार सोमवार को एम्स ऋषिकेश में तीन, दून मेडिकल कॉलेज में एक जबकि पौड़ी जिले में एक संक्रमित की मौत हुई है।
इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों का कुल आंकड़ा अब 7429 हो गया है। सोमवार को देहरादून में 441, हरिद्वार में 254, नैनीताल में 220, यूएस नगर में 193 नए मरीज मिले। इसके अलावा अल्मोड़ा में 36, बागेश्वर में सात, चमोली में 15, चम्पावत में सात, पौड़ी में 56, पिथौरागढ़ में 12, रुद्रप्रयाग में 14, टिहरी में 28 और उत्तरकाशी में नौ नए संक्रमित मिले हैं।
राज्य भर के अस्पतालों से सोमवार को 294 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया जिससे एक्टिव मरीजों की संख्या 5009 हो गई है। राज्य में कोरोना संक्रमण की दर 7.57 प्रतिशत जबकि मरीजों के ठीक होने की दर 94 प्रतिशत से अधिक चल रही है। सोमवार को कुल 15 हजार सात सौ के करीब सैंपलों की रिपोर्ट लैब से मिली जबकि 21 हजार के करीब सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

पर्यटकों सहित कोरोना के 30 नए मामले मिले
मुनिकीरेती, ऋषिकेश में कोरोना की रफ्तार नहीं थम रही है। सोमवार को दिल्ली के पांच पर्यटकों समेत 30 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। सभी मरीजों को आईसोलेट कराने की प्रक्रिया में स्वास्थ्य विभाग की टीम जुट गई है। मुनिकीरेती में कोविड नोडल अधिकारी डा. जगदीश जोशी ने बताया की 16 लोगों के एंटीजन रैपिड टेस्ट लिए गए थे, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। जबकि चार लोगों की रिपोर्ट निजी लैब से आई है। मरीजों को आईसोलेट किया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में हुई जांच में 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव ने बताया कि अस्पताल में 137 लोगों की आरटीपीसीआर और 50 लोगों का एंटीजन रैपिड टेस्ट हुआ था, इनमें 10 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दो लोगों को कोरोना दवा की किट दी गई है। सभी को होम आईसोलेट किया गया है।

चुनावी माहौल के बीच कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। बीते 24 घंटे में 1413 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं एक मरीज की मौत हुई है। संक्रमण दर 07.79 प्रतिशत हो गई है। जबकि 482 संक्रमित ठीक हुए हैं। 14118 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। कुल संक्रमितों की संख्या 350885 हो गई है।
उत्तराखंड में चुनावी माहौल के बीच कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। रविवार को प्रदेश में एक दिन में 1413 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। जबकि देहरादून जिले में सबसे अधिक 505 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
नैनीताल में 139, हरिद्वार में 299, पिथौरागढ़ में 8, अल्मोड़ा में 21, ऊधमसिंह नगर में 203, चंपावत में 12, टिहरी में 22, उत्तरकाशी में 8, बागेश्वर में 3, पौड़ी में 147, चमोली में 34, रुद्रप्रयाग में 12 संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या घटी है। राज्य में कुल 332655 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। रिकवरी दर 94.80 प्रतिशत दर्ज की गई। कुल मृतकों की संख्या 7424 हो गई है।

पर्यटकों की आमद बढ़ने से रोपवे कर्मचारी भी संक्रमित
चमोली जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रविवार को जोशीमठ-औली रोपवे के 27 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। जबकि दो कर्मचारी दो दिन पहले पॉजिटिव आए थे। जिसके चलते प्रशासन ने रोपवे का संचालन फिलहाल बंद करा दिया गया है। एसीएमओ डा. उमा रावत ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि रोपवे कर्मचारियों के पॉजिटिव आने की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
दरअसल इन दिनों औली में बड़ी संख्या में बाहर से पर्यटक आ रहे हैं, जिसमें अधिकांश रोपवे से औली पहुंचना पसंद कर रहे हैं। जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर बर्फ और पाला गिरा होने से भी मार्ग काफी खतरनाक बना हुआ है, जिसके चलते इस पर वाहनों का आवागमन काफी सीमित हो रखा है। ऐसे में अब जीएमवीएन (गढ़वाल मंडल विकास निगम) को रोपवे संचालन करना चुनौती बन गया है।
एसडीएम जोशीमठ कुमकुम जोशी ने बताया कि कर्मचारियों के स्वस्थ होने तक रोपवे का संचालन बंद रहेगा। सोमवार को वहां सैनिटाजेशन किया जाएगा। साथ ही अन्य कोविड गाइड लाइन का पालन कराते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गुरु का जीवन और संदेश लाखों लोगों को शक्ति का देता है-धामी

गुरु गोबिंद सिंह की आज 355वीं जयंती है। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा कि गुरु का जीवन और संदेश लाखों लोगों को शक्ति का देता है। गुरु गोविंद सिंह महाराज का प्रकाशोत्सव राज्य में हर्षाेल्लास व श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार भव्‍य पांडाल नहीं सजाए गए। गुरुद्वारों में सूक्ष्‍म आयोजन कर श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारे में माथा टेक राज्य की खुशहाली के लिए अरदास कराई। गुरूद्वारे परिवार की और से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि जब भी धर्म पर संकट आया महापुरुषों ने जन्म लेकर उसकी रक्षा की। गुरु गोविंद सिंह का सिख धर्म में अमूल्य योगदान है। वे सत्य और धर्म की रक्षा के मार्ग पर चलने वाले सच्चे दिव्यात्मा थे। त्याग और बलिदान के साथ ही दृढ़ संकल्प का अद्भुत रूप गुरू गोविंद सिंह में था। गुरू गोविंद सिंह में गुरू नानक देव की दसवीं ज्योति प्रकाशमय हुई। जिस वजह से इन्हें दसवीं ज्योति भी कहा जाता है। वह साहस, करुणा और उदारता के प्रतीक थे। दलितों की सेवा करने के उनके प्रयासों को दुनिया भर में व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है। हमारा समाज उनकी शिक्षाओं और बलिदानों का ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शासन-प्रशासन ने अपनी तरफ से आमजन की सुरक्षा के सभी इंतजाम किए हुए हैं। कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन करें। आम जनमानस की जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। इसलिए सभी लोगों को चाहिए कि मास्क पहनकर ही घर से निकले और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें। विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान भी हमें इन बातों का ध्यान रखना होगा।

गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर प्रकाश पर्व का उल्लास
हर वर्ष गुरु गोविंद सिंह की जयंती 9 जनवरी को मनाई जा जाती है। प्रकाश पर्व के इस अवसर पर देश में खुशी और उल्लास का माहौल है। सवा लाख से एक लड़ावाँ ताँ गोविंद सिंह नाम धरावाँष् का उद्घोष करने वाले गुरु गोबिंद सिंह जी मानव रूप में सिखों के दसवें और अंतिम गुरु थे। बिहार के पटना साहिब में जन्मे गुरु गोविंद सिंह का बचपन का नाम गोबिंद राय था, उनके पिता, नौवें गुरु थे। गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के बाद, नौ साल की उम्र में उन्हें श्गुरु गद्दीश् में विराजमान किया गया था। गुरु गोविंद सिंह की जयंती के अवसर पर प्रभात फेरी निकाली जाती है गुरुद्वारों में सबद, कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन होता है।

मुख्यमंत्री का दावा, विकास के नाम पर बीजेपी को वोट देगी जनता

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि हम लोकतंत्र के इस पर्व का स्वागत करते हैं। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड समेत पांचों राज्यों में चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में भाजपा की प्रचण्ड बहुमत की सरकार बननी तय है। हमें पूरा विश्वास है कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को देखते हुए जनता भाजपा को फिर से दिल खोलकर आशीर्वाद देगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग ने आज उत्तराखण्ड समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तिथियां घोषित कर दी हैं। इसके साथ ही उत्तराखण्ड में चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण फिर तेजी से फैल रहा है। इस संक्रमण के बीच सुरक्षित तरीके से चुनाव करवाना निर्वाचन आयोग के लिए एक बड़ी चुनौती है। यदि सभी राजनैतिक दल और नागरिक निर्वाचन आयोग से जारी गाइडलाइन का पालन करें तो इस चुनौती का सामना किया जा सकता है। धामी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। केन्द्र सरकार के सहयोग से अवस्थापना विकास, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। डबल इंजन सरकार ने जनहित और प्रदेशहित को सर्वाेपरी रखते हुए राज्य को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया। समाज के हर वर्ग (युवा, महिला, किसान, व्यापारी, शिक्षकदृकर्मचारी, संविदा, आउटसोर्स कर्मी आदि) के हितों को ध्यान में रखते हुए फैसले लिए और उनको विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के सफल प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव पूर्व किए अधिकांश वायदे पूरे किए हैं, यही हमारी ताकत भी है। भाजपा कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उमंग के साथ चुनाव में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेगा, जिसके बूते उत्तराखण्ड में फिर से भाजपा जीतेगी और नया इतिहास बनेगा। मुख्यमंत्री धामी ने सभी नागरिकों से कोरोना को लेकर सतर्क रहने और कोविड गाइडलाइन का पालन करने का अनुरोध किया है।

पालिका प्रशासन ने सरकारी संपत्तियों से हटाई प्रचार सामग्री

आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से सभी संबंधित विभाग आगामी विधानसभा चुनाव-2022 की निर्वाचन तैयारियों को अमली जमा पहनाने में जुट गए हैं। इसके तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने निकाय क्षेत्र में सरकारी संपत्तियों में लगे होर्डिंग्स, बैनर, फ्लेक्स आदि को हटाया।
आचार संहिता प्रभावी होने के बाद उपजिलाधिकारी नरेंद्र नगर की ओर से दिए निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने सरकारी संपत्तियों में लगी विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्री को हटाया। इस दौरान पालिकाकर्मियों ने कई जगहों से राजनीतिक पार्टियों से संबंधित फ्लैक्स, होल्डिंग, बैनर व अन्य प्रचार सामग्री को हटाया। उपजिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आचार संहिता के दौरान सरकारी संपत्तियों पर राजनीति दलों से संबंधित प्रचार व अन्य सामग्री लगाने पर पाबंदी रहेगी, जिसका पूर्णतया करना अनिवार्य होगा। इस दौरान मौके पर आदर्श आचार संहिता के लागू होने के उपरांत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ढालवाला द्वारा उपजिलाधिकारी नरेंद्र नगर द्वारा दिये गए निर्देश के अनुपालन में नगर क्षेत्र में सरकारी संपत्तियों से राजनैतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर आदि को हटाने की करवाई प्रारम्भ की गई है। इस दौरान स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, रंजन कंडारी, पर्यावरण पर्यवेक्षक आदि मौजूद रहे।

मास्क नही पहनने वालों पर सख्त हुई पुलिस, की कार्रवाई

रविवार को रायवाला पुलिस ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए रायवाला थाना क्षेत्र के रायवाला बाजार, हरिपुरकलां और छिद्दरवाला में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंढियाल के निर्देश पर विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। हालात यह रहे कि कार्रवाई से बचने के लिए लोग मास्क लेने के लिए मेडिकल स्टोर की ओर दौड़ते नजर आए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पहले दिन कार्रवाई के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन करने में 75 लोगों का चालान किया है। उन्होंने रायवाला बाजार क्षेत्र के सभी व्यापारियों को निर्देशित किया कि सोमवार से चेकिंग अभियान में तेजी लायी जाएगी। दुकान के बाहर सेनेटाइज की व्यवस्था रखें। हिदायत दी कि चालान से बचना है तो मास्क पहनकर ही घर से निकले। बाजार और सार्वजनिक स्थान पर दो गज की दूरी बनाए रखें। सभी की जागरूकता से ही इस महामारी से लड़ा जा सकता है।