ललित मोहन मिश्रा के जन्मदिन पर नगर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा का जन्मदिन व्यापारियों ने धूमधाम से मनाया। सर्वप्रथम नगर कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस भवन में केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। इसके बाद घाट रोड व्यापार मंडल सहित नगर के अलग-अलग बाजारों में व्यापारियों ने उनका जन्मदिन को उत्सव के रूप में मनाया। वहीं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों और राजनीतिक व्यक्तित्व और तमाम नागरिकों ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए अपनी शुभकामनाएं भेजी। इस अवसर पर ललित मोहन मिश्र ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यापारिक हितों के लिए वह सदैव संघर्षशील रहेंगे।

ठगी के आरोपी दो सगे शातिर भाईयों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस के मुताबिक दो माह पूर्व डबल सिंह रावत निवासी पुत्र स्व. उत्तम सिंह रावत निवासी ग्राम व पोस्ट गंगा भोगपुर, चीला, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल ने पुलिस को एक तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि ऋषिकेश बाजार में दो व्यक्तियों ने उनसे एक डॉक्टर का पता पूछा। इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति ने अपने आप को वृंदावन का पुरोहित बताकर धोखे से उनके बैग में रखे 32 हजार रूपये की रकम व कागजात लेकर फरार गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। इसीबीच घटनास्थल के आसपास के 35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज गहनता से खंगाली। साथ मुखबिर तंत्रों को भी सक्रिय किया गया। मामले पुलिस को गुरूवार को सफलता मिली, मुखबिर की सूचना पर दो व्यक्तियों को पुलिस ने धर लिया। पुलिस हिरासत में आरोपियों ने धोखाधड़ी करने का जुर्म कबूला। वरिष्ठ उपनिरीक्षक डीपी काला ने हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान अमजद और कबीर अंसारी दोनों पुत्र मोहिउद्दीन निवासी ग्राम गोपालपुर मोहर टोला थाना ठाकुरगंगती जिला गोड़ा, झारखड के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां उन्हें जेल भेजा गया है।

महिला से ठगी में भी थे ये शामिल
पुलिस ने दो माह पूर्व चोपड़ा फार्म, ग्राम खदरी निवासी चंदा सिलस्वाल पत्नी दीपक के साथ हुई ठगी के मामले का भी खुलासा किया।बताया कि दोनों भाई इस घटना में भी शामिल थे, उन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया।

लोगों की समस्या का समाधान करने के बहाने ठगते थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में दोनों भाईयों ने बताया कि पैसे कमाने के चक्कर के साधुओं के तरीके अपना लेते और समस्या का समाधान करने के बहाना बनाकर धोखा देकर उनका पैसा और ज्वेलरी लेकर फरार हो जाते है। इसी तरह तीन दिन पूर्व भी ऋषिकेश बाजार में एक बुर्जुग को धोखा दिया था।

संविधान दिवस पर विस अध्यक्ष ने भारतीय संविधान की विशेषताओं को बताया

संविधान दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष के बैराज स्थित कैंप कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि लंबे संघर्ष से मिली आजादी के बाद भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करना एक महती जिम्मेदारी थी। भारत की विविधता को एक सूत्र में पिरोकर रखने के लिए एक मजबूत आधार की जरूरत थी, जिसे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माताओं ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के बाद नागरिकों और देश को आगे ले जाने के लिए एक सशक्त दस्तावेज के रूप में 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। सभी वर्गों की भावनाओं और जन अपेक्षाओं को संविधान में समाहित किया गया, जिससे सशक्त राष्ट्र निर्माण का सपना बखूबी पूरा हो सका है।
इस अवसर पर उषा जोशी, राहुल दिवाकर, कुलदीप मचल, राजेश मचल, रविंद्र बिल्ला, राधे जाटव, राजू नरसिम्हा, पूर्णिमा तायल, नितिन सक्सेना, शुभम शर्मा, दुर्गेश कुमार, सेवाराम बिल्ला, अंशुल भारती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

स्थापना दिवस पर आप कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई

आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड में सरकार बनाने के लिए शिद्दत के साथ जुट जाने का संकल्प लिया।
शुक्रवार को पार्टी की दसवीं वर्षगांठ हरिद्वार रोड़ स्थित पार्टी कार्यालय में हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी राजे सिंह नेगी ने केक काटकर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में देश में सबसे तेजी के साथ आम आदमी पार्टी का उदय हुआ है। आज पार्टी की जहां दिल्ली में मजबूत सरकार है। वहीं देश के कई राज्यों में पार्टी का ग्राफ तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला वक्त आप ही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री व पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, महंगाई और लोगों की आर्थिक प्रगति पर काम करके साबित कर दिया है कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति व ईमानदारी से ही बदलाव सम्भव हो सकता है। पार्टी की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर ऋषिकेश विधानसभा के तमाम मंदिरों एवं गुरूद्वारों में कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल की तीसरी गारंटी मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना का टिकट भेंट करते हुए शुभारंभ भी किया। इस दौरान संगठन मंत्री दिनेश असवाल, दिनेश कुलियाल, सरदार निर्मल सिंह, सीता नेगी, पुष्पा पांडेय, रजनी कश्यप, उषा बुडाकोटी, योगाचार्य भारती, अधिवक्ता लालमणि रतूड़ी, सरदार गुरुप्रीत सिंह, सुनील वर्मा, चन्द्र मोहन भट्ट, विक्रांत भारद्वाज, प्रभात झा, अश्वनी सिंह, पंकज गुसाईं आदि शामिल रहे।

ढ़ालवाला में आयोजित शिविर में मतदान का महत्व बताया

शुक्रवार को ढालवाला के लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल में आयोजित शिविर की शुरुआत दीप व मशाल जलाकर की गई। सुपरवाइजर कृपाल सिंह राणा ने कहा कि मतदान सभी नागरिकों का अधिकार है। इसमें सभी को प्रतिभाग करना चाहिए। सभी के मतदान से ही एक अच्छी सरकार बन सकती है। 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को अपना मतदान अवश्य करना चाहिए। कहा कि मतदाता पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया ढालवाला मे 30 नवंबर तक चलेगी। जिसे भी अपना नया पहचान पत्र या पुराने पहचान में परिवर्तन करवाना है, आवेदन कर सकता है। मौके पर सभासद विनोद सकलानी, राजेन्द्र सिंह थलवाल, बीएलओ रमेश चंद्र रतूड़ी, राजेन्द्र लिंगवाल, मंजू भट्ट, बबली गोदियाल, लक्ष्मी भट्ट, रजनी सिद्धोला, स्कूल अध्यापक वीरेंद्र कुड़ियाल, निधि बडोला, मनीष भट्ट, शुभम कुड़ियाल आदि उपस्थित थे।

पंचायतों को मजबूत करने के लिए सरकार ने की है कई घोषणाएं-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को गांधी पार्क, रूद्रपुर में आयोजित लोक योजना अभियान ’’सबकी योजना सबका विकास’’ के अंतर्गत कुमाऊं मंडल के पंचायत प्रतिनिधियों की राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम प्रधानों द्वारा कोरोना काल में विपरीत परिस्थितियों में सराहनीय कार्य करने पर 10 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि देने, कोविड-19 के दौरान कोविड में दर्ज मुकदमे वापस लेने, बाटा चौक का नाम डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष जिला पंचायत का मानदेय 5000 हजार से बढ़ाकर 7000 करने, उप प्रमुख, ज्येष्ठ कनिष्ठ क्षेत्र पंचायत का 1500 से 2500 करने का प्रस्ताव किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्षों को पूर्व की भांति राज्यमंत्री का दर्जा दिये जाने का भी प्रयास किया जायेगा। पीएम आवास योजना ग्रामीण का लाभ अभी वर्ग-1 क की भूमि व स्वामित्व कार्ड वालों को ही आवास दिया जा रहा है। जिससे उधम सिंह नगर में 1000 लोग आवास से वंचित रह रहे हैं। इस सम्बन्ध में चौहद्दी निर्धारित कर आवास दिये जाने की व्यवस्था होने तक किसी भी आवास को सूची से डिलीट न किया जाये, इसके लिए डीएम व सीडीओ कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति बेहद सजग व संजीदगी से कार्य किये जा रहे हैं। आयुष्मान योजना से सम्बन्धित शिकायत मिलने पर सम्बन्धितों के खिलाफ तुरन्त कार्यवाही की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने डीआईजी को निर्देशित करते हुए कहा कि पुलिस थानों एवं चौकियों में जनप्रतिनिधियों को सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाकार उनका सम्मान किया है। यह हमारी भावना है कि जो समय, संसाधन है उससे किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पंचायतों को लगातार सशक्त करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की, मजबूती में त्रि-स्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का सबसे बड़ा योगदान है। त्रि-स्तरीय पंचायत प्रतिनिधि जनता व सरकार के बीच सेतू का कार्य कर रहे है। पंचायते आज लोकतंत्र की मूलभूत ईकाईयां है। पंचायतें ़़सामाजिक न्याय एवं आर्थिक विकास का आधार भी है। सरकारी योजनाओं को क्रियान्वयन करने की असली जिम्मेदारी त्रि-स्तरीय प्रतिनिधियों की है। त्रि-स्तरीय प्रतिनिधि पहले पायदान पर आते हैं, जहां से विकास की नीव शुरू होती है।
उन्होंने कहा कि उनका वोट तथा आवास सब ग्राम सभा में होने के कारण उनका रिश्ता-नाता सीधे-सीधे पंचायत से है। त्रि-स्तरीय प्रतिनिधियों की मान्यता व जिम्मेदारी से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में न्याय हेतु सरपंच होता था, जिसके फैंसले को सब मानते थे। जनता की सेवा करने का अवसर मिला है, इसमें कैसे, अपने ग्राम, क्षेत्र, ब्लॉक एवं जिले को अच्छे से अच्छा कर सकते हैं, सभी को आपसी भागीदारी व तालमेंल से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य को आगे बढ़ाने के लिए सभी की सामूहिक यात्रा है। हम सभी एक-एक कड़ी के रूप में है, सभी कड़ियों को पूरी जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में आवेदकों को शीघ्रता से ऋण मुहैया कराने हेतु बैंकों को 15 दिसम्बर की डेड लाइन तय की है। उन्होंने कहा कि 24000 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को भर्ती परीक्षा हेतु आवेदन शुल्क निःशुल्क किया गया है। उन्होंने कहा कि सीडीएस सिविल सेवा एवं अन्य प्रारम्भिक परीक्षाऐं पास करने वाले विद्यार्थियों को कोचिंग, किताबों आदि के लिए धनराशि की व्यवस्था की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में केदारनाथ की पावन भूमि से प्रधानमंत्री ने पूरी दुनिया को संदेश दिया कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। उन्होंने कहा हमारा प्रदेश जब 25वॉ स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणीय एवं आदर्श राज्य होगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 21वी सदी का दशक उत्तराखंड का दशक होगा, जो पर्यटन स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नंबर वन बनेगा। उन्होंने कहा बोधिसत्व विचार श्रृंखला के माध्यम से सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी लोगों से सुझाव ले रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार हर समय जनता की सेवा में समर्पित है। उन्होंने कहा हमारा का प्रण है कि जितना भी समय हमारे पास है उसका प्रत्येक पल और क्षण हम उत्तराखण्ड की जनता की सेवा में समर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों के साथ ही उपनल, पीआरडी, आंगनबाड़ी, भोजन माताओं आदि के बढ़ाये गये मानदेय के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही सरकार द्वारा की गयी घोषणाओं व उनके शासनादेश एवं क्रियान्वयन की भी जानकारी देते हुए कहा कि सरकार द्वारा समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा मानदेय बढ़ाना सिर्फ धनराशि देना नहीं है बल्कि यह आपके सेवा भाव के सम्मान की हमारी भावना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नई खेल नीति बनाई गई है। उन्होंने कहा हम प्रत्येक घोषणा के लिए पूर्व सुनियोजित तरीके से वित्तीय खर्च का प्रबंधन कर रहे हैं जिससे हमारी सारी घोषणाएं धरातल पर उतर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा कुमाऊॅ मण्डल में अच्छा कार्य करने वाले पांच ग्राम प्रधानों तथा पांच ग्राम विकास अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
पंचायतीराज मंत्री अरविन्द पाण्डे ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा कोरानाकाल में अपनी जान की परवाह किये बगैर पंचायतों में जो कार्य किये वह सराहनीय है तथा पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में वर्तमान में धनराशि ऑनलाईन आंवटित की जाती है, जिससे शतप्रतिशत पैसा पंचायतों के खाते में पहुॅचता है जिससे पंचायतों में पारदर्शिता एवं जबावदेही भी सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की शैक्षणिक योग्यता सुनिश्चित होने से पढे़े लिखे प्रतिनिधि आ रहे हैं तथा समय से विकास कार्यों में धनराशि व्यय हो रही है।
कार्यशाला में पंचायतीराज विभाग एवं अन्य रेखीय विभागों के विशेषज्ञों द्वारा कार्यशाला में आये हुए समस्त प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया तथा उनके द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गये प्रश्नों का उत्तर भी दिया गया। त्रिस्तरीय पंचायतों में जीपीडीपी, बीपीडीपी एवं डीपीडीपी में पंचायतों की आवश्यकतानुसार प्लान बनाकर अपलोड किये जाने के सम्बन्ध में सभी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया, जिसमें पंचायतें मिलने वाले अनुदान का उचित प्रबन्धन कर उपयोग कर सकें। पंचायते प्राप्त अनुदान के सापेक्ष अपने-अपने क्षेत्र की यथा आवश्यकतानुसार योजनाओं का चयन कर प्लान बनायेंगे, जिससे बजट अनुदान प्रथमतः आवश्यक एवं विकासपरक योजनाओं पर व्यय किया जा सकेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिस्वरानंद ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल की अध्यक्षता में किया गया तथा कार्यक्रम का संचालन हेमन्त बिष्ट द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विधायक राजेश शुक्ला, मेयर रामपाल, अध्यक्ष वन विकास निगम सुरेश परिहार, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रेनु गंगवार, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, एसएसपी दलीप सिंह कुॅवर मौजूद रहे।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय का नाम वीरेन्द्र सिंह सामन्ती के नाम पर रखने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरूवार को बिगवाड़ा गुरूद्वारा में स्व. वीरेन्द्र सिंह सामन्ती की अन्तिम अरदास में शामिल हुए। उन्होंने वीरेन्द्र सिंह सामन्ती के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारजनों, मित्रों एवं उनके चाहने वालों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की अरदास की।
मुख्यमंत्री ने शोक संवदेना व्यक्त करते हुए कहा कि सामन्ती के सामाजिक कार्यों एवं सेवाभावी व्यक्तित्व को हमेशा याद किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सामन्ती ने जो रास्ता समाज के लिए बनाया था, उसे आगे बढ़ाने का कार्य किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने स्व. सामन्ती के साथ बिताएं यादगार लम्बों का स्मरण करते हुए स्व. सामन्ती को जिन्दा दिल इंसान बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय वीरेन्द्र सामन्ती की स्मृति में वार्ड नम्बर 16 बिगवाड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का नाम स्व. वीरेन्द्र सिंह सामन्ती राजकीय प्राथमिक विद्यालय करने, एनएच-74 के खटीमा-पानीपत मार्ग स्थित मेडीसिटी अस्पताल से करतारपुर-सुआनगला मार्ग का नाम स्वर्गीय वीरेन्द्र सिंह सामन्ती के नाम पर रखने, स्वर्गीय सामन्ती की स्मृति में बिगवाड़ा शमशानघाट में सौन्दर्यकरण कराये जाने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरान्द तथा अरविन्द पाण्डे ने कहा कि स्व. सामन्ती सामाजिक एवं व्यवहारिक प्रतिभा के धनी होने के साथ ही अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निभाते थे। विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला ने भी स्व. सामन्ती के व्यक्तित्व के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मंत्री बलदेव सिंह औलख, मेयर रूद्रपुर रामपाल, अध्यक्ष वन विकास निगम सुरेश परिहार, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, एसएसपी दपील सिंह कुॅवर आदि उपथित रहे।

उत्तराखंडवासियों की जनभावना के अनुरूप बनेगा घोषणापत्र-भाजपा

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में शंखनाद करने के बाद भाजपा अबकी बार 60 पार नारे के साथ मैदान में है। केन्द्रीय नेताओं के लगातार कार्यक्रम लग रहे हैं। वहीं प्रचंड जीत के लिए जिन नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है उन्होंने राज्य में डेरा डाल दिया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने चुनाव प्रबंधन समिति, संसाधन, विशेष कार्य व घोषणा पत्र की बैठक में महत्वपूर्ण सुझाव पर चर्चा की। आगामी विधानसभा चुनाव दृष्टिगत चुनाव घोषणा पत्र को लेकर रणनीति पर चर्चा गई। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बैठक में घोषणा पत्र के विषय में कहा कि वह उत्तराखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप बनाया जाएगा।

श्रीनगर में पौड़ी, रूद्रप्रयाग और चमोली के विस कोर कमेटी के साथ बैठक
इसके अलावा पूर्व निर्धारित कार्यक्रमो के धरतलीय क्रियान्वयन, महा जनसम्पर्क अभियान तथा प्रधानमंत्री के आगामी उतराखंड दौरे के तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। प्रदेश प्रभारी ने श्रीनगर में भी पौड़ी, चमोली और रूद्रप्रयाग जिलों की विधानसभा की कोर कमेटी की बैठक में ग्रास रूट पर चल रहे कार्य और महा जनसम्पर्क अभियान सहित भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक ने कहा कि चुनावों में प्रत्याशियों के चयन से पहले हर विधानसभा में टीमें भेजी जाएंगी जो प्रत्याशियों का आंकलन करेगी। सभी टीमें प्रत्येक विधानसभा में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारियों विधानसभा में निर्वाचित वरिष्ठ व प्रमुख जनों से संभावित प्रत्याशियों के बारे में चर्चा करेंगे और पार्टी कार्यालय में सौंपेंगे, जिसे चयन समिति के रखा जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।
चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, आरपी सिंह और लॉकेट चटर्जी सहित कैबिनेट मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मौजूद रहे। यहां बैठक करने के बाद प्रभारी जोशी श्रीनगर गढ़वाल पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में भाग लिया। इसके बाद वह रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी जिले की कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इन बैठकों में वह चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे। भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में भाग लेने प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी सहित प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, संगठन मंत्री अजय कुमार, कैबिनेट मंत्री धन सिंह समेत विधायक पहुंचे हैं।

कोरोना के बढ़ते मामलों से देहरादून में फिर बना कंटेनमेंट जोन

जिलाधिकारी देहरादून डॉ आर राजेश कुमार ने अवगत कराया है जनपद क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा गांधी नेशनल एकेडमी ओल्ड हॉस्टल एफ.आर.आई. एवं जी-2 बी-19 तिब्बतन कालोनी डिक्लिन सहस्त्रधारा रोड कुल्हाल में कोरोनावायरस संक्रमित व्यक्ति चिन्हित होने के फलस्वरुप क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने उप-जिलाधिकारी सदर को उक्त क्षेत्रों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग एवं प्रभावी सर्विलांस कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सधिकारी को इन क्षेत्रों में सैंपलिंग कार्य कराते हुए इसकी नियमित मॉनिटरिंग कराने तथा जिला पूर्ति अधिकारी को उक्त क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्यान्न की आपूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपदवासियों से मास्क का उपयोग तथा बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी का पालन करने का अनुरोध किया।

खोये हुए मोबाईल पाकर खुश हुए 35 लोग

पुलिस ने गुरुवार 35 लोगों के गुम हुए मोबाइल उन्हें सौंपे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल तृप्ति भट्ट ने गुरुवार को ढालवाला में एसओजी कार्यालय में खोए मोबाइलों को उनके मालिकों को सौंपा। उन्होंने बताया कि ये सभी महंगे मोबाइल हैं, जिनकी कीमत 4 लाख 75 हजार रुपये के आसपास होगी। इन मोबाइलों को खोजने में एओजी प्रभारी एलएम बुटोला और उनकी साइबर सेल की टीम का अहम योगदान रहा। कहा कि मोबाइल के खोने की रिपोर्ट के आधार पुलिस उन्हें विभिन्न राज्यों से खोजकर निकाला।
मौके पर सीओ नरेंद्रनगर रविंद्र कुमार चमोली, मुनिकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, यातायात निरीक्षक सिद्धार्थ कुकरेती, उपनिरीक्षक विक्रम बिष्ट, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह चौहान, कांस्टेबल विकास सैनी आदि मौजूद रहे।