कांग्रेस प्रत्याशी चयन समिति पहुंची देहरादून, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस प्रत्याशी चयन समिति के अध्यक्ष अविनाश पांडेय, सदस्य डॉ. अजोय कुमार व सदस्य विरेंद्र राठौर सहित प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, सह प्रभारी दीपिका पांडेय व राजेश धर्माणी का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया।
एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस चुनावी समर में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं उसी परिपेक्ष में आज विधानसभा चुनाव 2022 के प्रत्याशी चयन समिति उत्तराखंड पहुंची है। आज चुनाव कोर कमेटी कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्षों प्रकोष्ठों व अनुसांगिक संगठनों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर विचार विमर्श करेगी।
रमोला ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर है आमजन भाजपा के कुशासन से परेशान है और कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है परन्तु भाजपा आज भी अपने आप में उलझी पड़ी है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा ने अपनी हार स्वीकार कर ली है इसीलिय चुनाव के चंद महीने बचे होने के बाद भी प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में पिछड़ गये हैं।
स्वागत कार्यक्रम में विधायक काजी निज़ामुद्दीन, प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, आईटी विभाग के प्रदेश महासचिव दीपक जाटव, सतपाल ब्रह्मचारी, दीप शर्मा, गौरव चौधरी, मोहित शर्मा, अनिल भास्कर, हिमांशु बहुगुणा, हिमांशु जाटव, आदित्य झा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी का उत्तराखंड पहुंचने पर स्वागत

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस गणेश गोदियाल के साथ जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडे, सह प्रभारी दीपिका पाण्डेय सिंह, राजेश धर्मानी, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य वीरेंद्र सिंह राठौड, अजय कुमार का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओ के साथ स्वागत किया।
खरोला ने बताया कि आज देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यलय में स्क्रीनिंग कमेटी की प्रथम बैठक है जिसमे अविनाश पांडे की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा चुनाव में टिकेटों के आवंटन को लेकर रायशुमारी होगी।
खरोला ने कहा कि बैठक के बाद विभिन्न चुनावी समितियों के प्रतिनिधि भी कमेटी से मुलाकात करेंगे। वे उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्षों की चार टीमों से मुलाकात करेंगे।
खरोला ने कहा देवेंद्र यादव के नेतृत्व में जिस तेजी के साथ कांग्रेस के कार्यक्रम चल रहे हैं निश्चित ही उनके इन कार्यों से कांग्रेस के प्रत्याशियों को अधिक समय मिल पाएगा। जनता के साथ मुलाकात का और चुनाव प्रचार करने का जिससे कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव में अधिक से अधिक फायदा मिल पाएगा।

कागज की गड्डी देकर ठगी करने वाले शातिर ठग पुलिस गिरफ्त में

कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि शिवा पुत्र स्व. वीरेंद्र ठाकुर निवासी सुभाष नगर, बनखंडी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 20 नवंबर को वे बैंक में पैसा जमा करवाने के लिए गए थे। इस बीच अजनबी लोगों ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और रूमाल के अंदर कागज की गड्डी हाथ में थमा दी। बताया कि उनसे शातिर ठगों ने 30 हजार रुपये ठग लिए। तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर एसओजी की टीम के साथ संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी। इस दौरान उक्त बैंक और आसपास के करीब 35 सीसीटीवी कैमरों की डिटेल चेक की गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों को पुलिस ने बस अड्डे के पास गोपाल नगर के पीछे ग्राउंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक हिरासत में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान शिवकुमार पुत्र रनछोड़ भाई निवासी पालईया रोड, रेलवे पटरी के सामने, डहग्राम, गांधीनगर, गुजरात, सोमनाथ पुत्र हुकुम सिंह निवासी ग्राम नगली, मेहनाज, नागल, सहारनपुर, यूपी हाल निवासी दोनों रुड़की, सुरेंद्र कुमार पुत्र रंजीत कुमार निवासी ग्राम बगेड़ी, रविदास मंदिर सिविल लाइन, रुड़की के रूप में हुई है। आरोपी शिवकुमार पर पहले भी कोतवाली में ठगी के मामले में मुकदमा दर्ज है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।

धामी सरकार की खेल नीति और कैबिनेट के निर्णय

शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने कैबिनेट निर्णयों की जानकारी दी।
उत्तराखण्ड खेल नीति को मंजूरी।
उत्तराखण्ड पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन एवं पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इण्डिया लि. के अंतर्गत निर्मित होने वाले 66 के.वी. एवं इससे अधिक क्षमता वाले पारेषण लाईनों हेतु मुआवजे के लिये भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुरूप मूल्य भूमि का 15 प्रतिशत क्षतिपूर्ति के रूप में देने का निर्णय।
न्याय विभाग के अंतर्गत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं इंटरनेट सुविधाओं से सुसज्जित विशेष मोटर वाहनों के माध्यम से सचल न्यायालय इकाइयों द्वारा उत्तराखण्ड के न्यायालयों में साक्ष्य इत्यादि अभिलिखित करने की योजना को मंजूरी।
राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत आवंटित खाद्यान्न पर राशन विक्रेताओं का लाभांश 18 रू. प्रति कुन्तल से बढ़ाकर 50 रू. प्रति कुंतल किया गया।
उत्तराखण्ड वन विकास निगम में स्केलर संवर्ग में 2 वर्ष का दैनिक श्रम की अवधि की सेवा को ए.सी.पी के अंतर्गत जोड़ने का निर्णय लिया गया।
वर्ग 3 भूमि के पट्टेदारों/कब्जेधारकों तथा वर्ग 4 भूमि के अवैध कब्जेधारकों में से अनुसूचित जाति एवं जनजाति एवं बीपीएल परिवारों को 3.125 एकड़ भूमि को निःशुल्क विनियमितीकरण को मंजूरी।
उत्तराखण्ड मूल्य वर्धित कर अधिनियम, 2005 के अंतर्गत सोप स्टोन पाउडर पर लागू करने का निर्णय।
राज्य के पर्वतीय भागों में पर्याप्त पार्किंग स्थान उपलब्ध कराने के लिये टी.एच.डी.सी इण्डिया लि. को लोक निर्माण विभाग में इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं के लिये प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी के तहत मंजूरी।
श्री बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत प्रभावित होने वाली भूमि, भवन, लॉज आदि भूमि एवं भवन स्वामियों की सहमति के आधार पर प्रतिकर दिये जाने का निर्णय।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल राजपत्रित सेवा नियमावली संशोधन को मंजूरी।
सोसायटी रजिस्ट्रेशन अधिनियम 1860 की धारा 5 क में संशोधन का निर्णय।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में नॉन बॉण्डेड छात्रों के लिये एम.बी.बी.एस. पाठ्यक्रम में
शुल्क निर्धारण वर्तमान वर्ष से मंजूरी।
उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विभाग टेक्नीशियन (लैब, ओटी, डेंटल इत्यादि) संवर्ग सेवा नियमावली संशोधन को मंजूरी।
उत्तराखण्ड अपर निजी सचिव चयन में सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी संस्था/विश्वविद्यालय से एक वर्षीय कम्प्यूटर पाठ्यक्रम के प्रमाण पत्र की शर्त समाप्त।
उत्तराखण्ड मेगा इंडस्ट्रियल एवं इनवेसमेंट नीति – 2021 को मंजूरी।
उत्तराखण्ड मेगा टेक्सटाइल पार्क पॉलिसी 2014 संशोधन की मंजूरी।
प्रत्येक जनपद के न्याय पंचायत में मधुग्राम स्थापना के लिये एपिस सेरेना इण्डिका के 25 मौनपालकों को 20-20 तथा तराई/मैदानी न्याय पंचायतों में एपिस मैलीफेरा के 20 मौनपालकों को 25-25 मौनवंश एवं मौनगृह तथा प्रत्येक मधुग्राम में 500-500 मौनवंश एवं मौनगृह वितरित किये जायेंगे।
केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत प्रायोजित विभिन्न निर्माण कार्यों निविदा कार्यों में शिथिलीकरण को मंजूरी।
उत्तराखण्ड आबकारी प्रीमियम रिटेल वैण्डस शॉपिंग मॉल्स/डिपार्टमेंटल स्टोर/हवाई अड्डा में स्थित दुकान के अनुज्ञापन का व्यवस्थापन नियमावली 2021 को मंजूरी।
दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना में 33 प्रतिशत सब्सिडी एवं 10 लाख के मानक को बढ़ाकर 50 प्रतिशत सब्सिडी एवं 15 लाख जो कम हो को मंजूरी।
भोजन माता के वेतन मानदेय को 2 हजार रूपये बढ़ाकर 3 हजार रूपये करने का निर्णय।
पी.आर.डी. जवान के वेतन मानदेय में प्रतिदिन 70 रू. की दर से 2100 करने को मंजूरी।

क्या है खेल नीति 2021-
खेल नीति 2021 का उद्देश्य मुख्यतः दो विषयों को समावेशित करता है-
सभी के लिये खेल एवं खेलों में उत्कृष्टता 2 ई कल्चर (इलैक्ट्रनिक कल्चर) से पी कल्चर (प्ले फील्ड कल्चर) की ओर खेल नीति के सफल क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना संबंधित प्रमुख बिन्दु-

प्रतिमा श्रृंखला विकास
खेल प्रतिभाओं को आरम्भिक आयु 8 वर्ष से ही पहचानने एवं उनको तराशने हेतु प्रतिभा श्रृंखला विकास योजना को लागू किया जायेगा। उच्च प्राथमिकता वाले खेलों हेतु स्थापित किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना ऽ
राज्य के उदीयमान खिलाडियों को प्रतिवर्ष आवश्यक बैड़ी टेस्ट एवं उसकी दक्षता की मैरिट के आधार पर 8 वर्ष से 14 वर्ष तक की आयु के बालक-बालिकाओं प्रति जनपद 150-150 प्रति जनपद अर्थात पूरे राज्य में 1950 बालकों एवं 1950 बालिकाओं कुल 3900 उदीयमान खिलाडियों को मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना अन्तर्गत धनराशि रू0 1500 प्रतिमाह उपलब्ध करायी जाएगी।

मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना
राज्य के प्रतिभावान खिलाडियों को उनकी खेल सम्बन्धी आवश्यकताओं की पूर्ति से उन्हें खेलों में और अधिक मनोयोग से प्रतिभाग करने हेतु 14 वर्ष से 23 वर्ष तक की आयु के प्रतिभावान खिलाड़ियों को जनपद स्तर पर छात्रवृत्ति, खेल किट, ट्रैकसूट एवं खेल संबंधी अन्य उपस्कर आदि उपलब्ध कराये जाएंगे। प्रतिवर्ष यह सुविधा प्रति जनपद 100-100 ( कुल 2600) प्रतिभावान बालक-बालिकाओं को प्रति खिलाड़ी रू० 2000 प्रतिमाह की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जायेगी एवं खेल उपस्कर हेतु प्रतिवर्ष धनराशि रू0 10 हजार की सीमा तक मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम अन्तर्गत उपलब्ध करायी जाएगी।

खिलाड़ियों को नियुक्ति
राज्य की सेवाओं में उच्च स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को समूह ख एवं ग में चयनित विभागों के चयनित पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया का सरलीकरण किया जायेगा।

मेजर ध्यानचंद निजी क्षेत्र खेल प्रतिभागिता प्रोत्साहन कोष की स्थापना
राज्य में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने हेतु निजी क्षेत्र द्वारा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, खेल अकादमी, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु मेजर ध्यानचंद निजी क्षेत्र खेल प्रतिभागिता प्रोत्साहन कोष की स्थापना की जाएगी।

खिलाड़ियों के पुरस्कार राशि में 30 प्रतिशत से 50 प्रतिशत की वृद्धि
प्रतिवर्ष पदक विजेता खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार की धनराशि में प्रतिशत की वृद्धि की जायेगी। खिलाड़ियों हेतु दुर्घटना बीमा एवं आर्थिक सहायता 30 प्रतिशत से 50 प्रतिशत राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रशिक्षण एवं राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के समय होने वाली खेल दुर्घटनाओं/खेल इन्जरी

सरकार सख्त, 150 से अधिक डॉक्टरों के खिलाफ कुर्की के नोटिस जारी

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में बांड की व्यवस्था लागू की है। इसके एवज में डॉक्टरों को कुछ साल पहाड़ के अस्पतालों में सेवाएं देनी होती हैं। इसके उलट सैकड़ों डॉक्टर सस्ती पढ़ाई का लाभ लेकर पहाड़ पर सेवाएं देने से मुकर गए। बांड की शर्तों का उल्लंघन करने पर राज्य के 150 से अधिक डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन ने कुर्की के नोटिस जारी कर दिए हैं। इससे बांड वाले डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है।
इन डॉक्टरों को अस्पतालों में तैनात करने के कई जतन किए गए पर सफलता नहीं मिली। अब इन डॉक्टरों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की ओर से ऐसे 30 डॉक्टरों की सूची संबंधित जिलों के डीएम को दी गई थी। इस पर जिलाधिकारियों की ओर से उक्त डॉक्टरों को कुर्की के नोटिस जारी कर दिए गए हैं। ऐसे ही हल्द्वानी से मिली सूची के आधार पर भी कई जिलों में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का कहना है कि सभी सीएमओ से अस्पतालों से गायब बांड वाले डॉक्टरों की सूची मांगी गई है। ऐसे डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अन्य डॉक्टर भी जो अस्पताल से गायब होंगे, उन्हें तत्काल हटाया जाएगा। बांड वाले डॉक्टरों से ज्वाइन न करने पर हर हाल में वसूली करने को कहा गया है।

डॉक्टरों के गायब होने से सरकार को हो रहा नुकसान
उत्तराखंड में डॉक्टरों के साथ समय-समय पर संशोधित नियमों के अनुसार बीस लाख से एक करोड़ रुपये तक के बांड साइन किए गए। एमबीबीएस डॉक्टर जहां 20 लाख से पचास लाख रुपये तक बांड के दायरे में हैं वहीं, पीजी वाले बांडधारी डॉक्टरों के साथ एक करोड़ रुपये तक के बांड साइन किए गए हैं। इन डॉक्टरों के गायब रहने से सरकार को नुकसान हो रहा है।

एक डॉक्टर ने जमा कराए 34 लाख रुपये
बांड वाले डॉक्टरों पर कुर्की के शिकंजे के बाद इसका असर दिखना भी शुरू हो गया है। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर, बांड के 34 लाख रुपये जमा करा चुके हैं जबकि कई डॉक्टरों ने ज्वाइन कर लिया है।

सीएम ने दिया टास्क, 15 दिसम्बर तक स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्य पूरा करें

जिलाधिकारी प्रत्येक सप्ताह विभिन्न योजनाओं के तहत दिये जाने वाले लोन की समीक्षा करें।
केन्द्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
लोन के लिए अनावश्यक आपत्ति लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
जिला स्तरीय अधिकारियों एवं बैंकर्स द्वारा कैंप लगाकर जन समस्याओं का समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति बैठक ली
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिवालय में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस वर्ष विभिन्न योजनाओं के तहत जो लोन देने का लक्ष्य रखा गया है, उस लक्ष्य को 15 दिसम्बर 2021 तक पूर्ण किया जाय। संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बैंकर्स आपसी समन्वय स्थापित कर हर हाल में लक्ष्य पूर्ण करें। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि विभिन्न योजनाओं के तहत जो लोन दिये जा रहे हैं, उनकी प्रत्येक सप्ताह प्रगति समीक्षा की जाय।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की विभिन्न माध्यमों से लोगों को जानकारी दी जाए। विभिन्न योजनाओं के तहत जो लोन दिये जा रहे हैं, उनकी आम जन को जानकारी हो। इसके लिए जिलाधिकारियों एवं बैंक के अधिकारियों द्वारा अभियान चलाया जाय। एक ही जगह पर लोगों की लोन की समस्या का समाधान हो, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बैंक के अधिकारी कैंपों के माध्यम से जन समस्याओं का समाधान करें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि 15 दिसम्बर 2021 तक निर्धारित लक्ष्य पूर्ण करने के साथ ही जिन योजनाओं में अधिक आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, लक्ष्य से अधिक लोन स्वीकृत करने के लिए प्रयास किये जाए। अनावश्यक आपत्तियां लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जाय। बैंकों द्वारा आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के अन्दर लोन की सम्पूर्ण कार्यवाही की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ लोगों को समय पर मिले। अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाना पड़े।
मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत बढ़ाये गये लक्ष्य को भी समय पर पूर्ण कर लें। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत लोन स्वीकृति की स्थिति पर निगरानी के लिए जिलाधिकारी निरन्तर बैंकर्स के साथ समन्वय स्थापित करें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एनआरएलएम, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना, होम स्टे, स्पेशल कम्पोनेंट प्लान, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, एन.यू.एल.एम, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन प्रोग्राम, स्टैण्ड अप इण्डिया, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव एल. फैनई, सचिव अमित नेगी, शैलेश बगोली, एस. ए. मुरूगेशन, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के वरिष्ठ अधिकारी, वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित थे।

उत्तराखंड को केन्द्रीय मंत्री ने आपदा सहायतार्थ 22.5 करोड का चेक सौंपा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वर्चुअल उपस्थिति में केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह द्वारा मंगलवार को श्रम शक्ति भवन, नई दिल्ली में उत्तराखण्ड में आपदा प्रभावितों के सहायतार्थ सी.एस.आर. के अंतर्गत 7 पॉवर पीएसयू के सौजन्य से संकलित कुल रू 22.5 करोड़ का चेक आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को प्रदान किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में सचिवालय से वर्चुअल प्रतिभाग कर इस राज्य को प्रदान की गई सहायता के लिए केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्टूबर में अतिवृष्टि से उत्तराखण्ड को काफी नुकसान हुआ था। इस आपदा से निपटने के लिए केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिला। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं ऊर्जा मंत्री आर. के सिंह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र से हमें 3 हेलीकॉप्टर मिले जिसकी वजह से हम 500 से अधिक लोगों की जान बचा पाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की दृष्टि से उत्तराखण्ड संवेदनशील राज्य है। हिमालयी राज्य होने के कारण उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियां अलग हैं। उन्होंने कहा कि उतराखण्ड को ऊर्जा प्रदेश के रूप में अग्रणी राज्य बनाने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं, जिसके लिए केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री आर. के. सिंह का पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने श्री आर. के. सिंह का आभार भी व्यक्त किया।
केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड पूरे देश के लिए पूजनीय राज्य है। इस राज्य का अलग महत्व है। श्री बद्रीनाथ, श्री केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं। उत्तराखण्ड के विकास के लिए जो हो सकता है, सब किया जायेगा।
आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन के लिए केन्द्र सरकार द्वारा राज्य को हर संभव सहयोग दिया गया। इसके लिए उन्होंने केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया। आपदा प्रभावितों के लिए दी गई इस सहायता के लिए उन्होंने केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त किया।
उत्तराखण्ड में आपदा प्रभावितों के सहायतार्थ सी.एस.आर. के अंतर्गत 7 पॉवर पीएसयू द्वारा संकलित कुल 22.5 करोड़ रू की धनराशि का जो चेक प्रदान किया गया। उसमें एनटीपीसी द्वारा 8 करोड़ रू, आरईसी द्वारा 5 करोड़ रू., पीएफसी द्वारा 4 करोड़ रू., पीजीसीआईएल द्वारा 3.5 करोड़ रू., एनएचपीसी द्वारा 01 करोड़ रू. टीएचडीसी द्वारा 0.5 करोड़ रू.एवं एसजीवीएन द्वारा 0.5 करोड़ रू की धनराशि का सहयोग प्रदान किया गया है।

विभिन्न विकास कार्यों को सीएम ने दी वित्तीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र पुरोला के अन्तर्गत मठ लमकोठी मोटर मार्ग के कि.मी. 2 से 5 तक विस्तार कार्य हेतु रूपये 76.78 लाख, विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु रूपये 38.76 लाख, विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत विभिन्न 2 निर्माण कार्यों हेतु रूपये 148.40 लाख, विधानसभा क्षेत्र घनसाली के अन्तर्गत रानीगढ़ लैणी-बुढ़वा-सौड मोटर मार्ग का पीसी द्वारा डामरीकरण हेतु रूपये 389.22 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र कपकोट के अन्तर्गत गैंरखेत से लखमरा तक मोटर मार्ग के नवनिर्माण हेतु रूपये 122.90 लाख, विधानसभा क्षेत्र रूड़की के अन्तर्गत विभिन्न 2 मोटर मार्गों हेतु रूपये 392.38 लाख, विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर के अन्तर्गत वार्ड सं0-89 के मार्ग एवं नाली का निर्माण हेतु रूपये 241.93 लाख, विधानसभा क्षेत्र रायपुर के अन्तर्गत वार्ड संख्या-66 के आंतरिक क्षतिग्रस्त मार्गों पर इण्टरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण कार्य हेतु 76.40 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
वहीं विधानसभा क्षेत्र लैंसडाउन के अन्तर्गत पाली बैण्ड से पाली गांव तक हल्का वाहन मार्ग से मोटर मार्ग में परिवर्तन एवं मोटर मार्ग का विस्तार हेतु रूपये 50.17 लाख, विधानसभा क्षेत्र लैंसडाउन के ही विभिन्न 5 निर्माण कार्यों हेतु रूपये 233.97 लाख, विधानसभा क्षेत्र थराली के अन्तर्गत बांजबगड़-तेलना मोटर मार्ग के कि.मी. 9 का हल्का वाहन मार्ग से मोटर मार्ग में परिवर्तन एवं किमी 10, 11 एवं 12 तक नवनिर्माण कार्य हेतु रूपये 192.86 लाख तथा विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के अन्तर्गत ग्रीन सिटी कॉलोनी, बाजाली एन्क्लेव, कृष्ण विहार तथा डीएसपी चौक से आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य हेतु रूपये 265.33 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

विश्वविद्यालय परिसर में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री से मिले

एबीवीपी ने पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में विज्ञान, कामर्स और कला संकाय में 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की मांग उच्चशिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से की है। साथ ही उनका कॉलेज में व्याप्त अन्य समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
कल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिए भूमि दान करने वाले स्व. पंडित ललित मोहन शर्मा की प्रतिमा अनावरण में आए उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कालेज संबंधी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। बताया कि श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि का परिसर खुलने के बाद भी कॉलेज में तीनों संकाय में सीटें नहीं बढ़ी है। 12वीं पास छात्र कॉलेज में प्रवेश से वंचित नहीं हो इसके लिए तीनों संकाय में 20 प्रतिशत सीट बढ़ाई जाए। साथ ही कालेज परिसर में शौचालय और बीएसी बिल्डिंग निर्माण, खेल मैदान में छात्राओं के लिए चेंजिंग रूम और प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग की। उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर एबीवीपी जिला प्रमुख विवेक शर्मा, नगर मंत्री अनिरूद्ध शर्मा, दीपक कुमार, शुभम शर्मा आदि मौजूद रहे।

एम्स ऋषिकेश के भ्रष्टाचार पर कांग्रेस नेताओं ने बोला हल्ला

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने आरोप लगाया है कि ऋषिकेश एम्स में दवा खरीद और कर्मचारियों की नियुक्ति में बड़ा घोटाला हुआ है। कहा कि पीएमओ कार्यालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और मुख्यमंत्री को फर्जीवाड़े से अवगत कराया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में घोटाले में लिप्त लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस भूख हड़ताल करेगी और दोषियों के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराएगी।
मंगलवार को हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ईमानदारी का ढोल पीटने वाली डबल इंजन की सरकार के राज में ऋषिकेश एम्स में दवा खरीद से लेकर कई घोटाले हुए हैं। आउटसोर्स में नौकरी देने के नाम पर संबंधित एजेंसी ने घूस के रूप में रुपये वसूले। 11 महीने का एग्रीमेंट बनाकर कम वेतन दिया। उत्तराखंड के एमबीए एवं उच्च शिक्षित युवाओं की योग्यता की अनदेखी कर बाहरी लोगों को एम्स में ऊंचे ओहदों पर नियुक्त किया। जबकि स्थानीय युवाओं की योग्यता को दरकिनार कर चतुर्थ श्रेणी में नियुक्ति की। प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने आरोप लगाते हुए कहा कि एम्स भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। कांग्रेस सभी घोटालों का पर्दाफाश करने के लिए सीबीआई जांच की मांग उठा रही है। निष्पक्ष जांच कराए जाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, प्रधानमंत्री से भी शिकायत की जाएगी। सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल करेंगे। फिर भी सरकार नहीं चेती तो घोटाले में लिप्त लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे।
वहीं, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने एम्स की चिकित्सा सेवा को भी कटघरे में खड़ा किया। आरोप लगाया कि एम्स ऋषिकेश में कोरोनाकाल में संक्रमण से ग्रसित कई लोगों को जीवन से साथ धोना पड़ा है। हमने कई साथियों को खोया है।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने यह भी बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से पूर्व ब्लॉक प्रमुख डा. केएस राणा और प्रदेश सचिव शैलेंद्र बिष्ट ने कांग्रेस से दावेदारी पेश की है। उनकी दावेदारी को दून में बुधवार को स्क्रनिंग कमेटी की बैठक में रखा जाएगा।
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डा. केएस राणा, प्रदेश सचिव शैलेंद्र बिष्ट, पार्षद मनीष शर्मा, राकेश मियां, मदन नागपाल, राघव भटनागर, संजय भारद्वाज आदि मौजूद रहे।