रिटायर फौजी ने पहले की पत्नी की हत्या, फिर खुद को भी गोली से उड़ाया

रानीपोखरी थाना क्षेत्र के रखवाल गांव में रिटायर फौजी ने घर में आपसी विवाद के चलते पहले अपनी पत्नी की अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद रिटायर फौजी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना के बाद मौके पर रानीपोखरी थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रिटायर फौजी वीर सिंह अपने रिश्तेदारों के घर से आया था। नहाने के लिए पानी गर्म करने के दौरान पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद गुस्से में रिटायर फौजी ने लाइसेंसी बंदूक से पहले पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

ब्लू राइडर साइकिल क्लब ने सदस्यों के बीच सद्भावना मैच का आयोजन किया

ब्लू राइडर की संजय गुप्ता एकादश और संजय शर्मा एकादश के बीच गंगा भोगपुर के पास मैदान में क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। इस मैच में संजय गुप्ता एकादश की टीम ने 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच का आयोजन ब्लू राइडर साइकिल क्लब ऋषिकेश के द्वारा किया गया था।
गंगा भोगपुर के पास मैदान में आज ब्लू राइडर साइकिल क्लब की दो टीमों के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। इस मैच में संजय गुप्ता एकादश ने संजय शर्मा एकादश को 4 विकेट से हराया। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर संजय गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संजय गुप्ता ने बॉलिंग करते हुए 2 विकेट हासिल किए। वहीं उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए शानदार 32 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही संजय शर्मा एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 73 रन बनाए और सर्वाधिक चंद्र बल्लभ डिमरी ने 30 रनों की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया।
वहीं संजय गुप्ता एकादश की ओर से सर्वाधिक 4 विकेट और 2 स्टंपिंग विनय पाण्डेय ने किया। इस आसान सा लक्ष्य का पीछा करते हुए संजय गुप्ता एकादशी मात्र 16 ओवरों में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, प्रदेश महासचिव विजय सारस्वत, नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी विनय सारस्वत ने संयुक्त रूप से टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और मैच में अंपायरिंग भरत गुसाईं जी ने की।
इस मौके पर ब्लू राइडर साइकिल क्लब के अध्यक्ष ज्योति प्रकाश शर्मा, शैलेंद्र बिष्ट, राकेश सिंह मियां, विजेंद्र रतूड़ी, बलवीर जैसल, अब्दुल रहमान, मनीष शर्मा, योगेश पाल, अशोक नेगी, कमलेश डंगवाल, सौरभ नैथानी, नटवर श्याम, प्रकाश डोभाल, वीरेंद्र नौटियाल, चंद्र नेगी, पंकज ब्रेजा, अनुराग अग्रवाल, आशीष मिश्रा, मनोज प्रसाद, नवीन भट्ट, राजन, अजय प्रजापति, मनोज रावत, यशपाल चौहान, महेश चंद्र सती, राजीव आनंद, अरुण गुप्ता आदि मौजूद रहे।

गांव और शहर का समुचित विकास मेरी प्राथमिकता रहा है-विस अध्यक्ष

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर कला में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने आंतरिक मोटर मार्गाे के निर्माण एवं सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपए जले की घोषणा की। जबकि विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर 150 स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी।
इस अवसर पर विस अध्यक्ष ने कहा कि हरिपुर कला क्षेत्र में आंतरिक मोटर मार्गाे का जाल बिछा हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता मे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित विकास करना है। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि मोटर मार्ग, विद्युत व्यवस्था और शुद्ध पेयजल आपूर्ति यह आम जनजीवन की मुख्य समस्या रहती है इसके समाधान के लिए ऋषिकेश विधानसभा में पर्याप्त मात्रा में मोटर मार्गाे का निर्माण किया गया है जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा हो रही है।
विस अध्यक्ष ने कहा कि शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक पेयजल की योजनाएं संचालित की जा रही है जो 30 वर्षों की कार्य योजना के तहत बनाई जा रही है ताकि बढ़ते जनसंख्या घनत्व के अनुसार 30 वर्षों तक यह योजना कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को लेकर अनेक नए ट्रांसफार्मर क्षेत्र में लगाए गए ताकि लो वोल्टेज की समस्या न रहे। बंचिंग केवल का कार्य विभिन्न क्षेत्रों में किया गया है जिससे लोगों को विद्युत करंट लगने जैसी समस्या से भी निजात मिल रही है।
उन्होंने कहा है कि जिन क्षेत्रों में मोटर मार्गाे का डामरीकरण नहीं हुआ है वहां के लिए विधायक निधि से पांच लाख दिए जा रहे हैं, जबकि हरिपुर कला में सामुदायिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा जिसके लिए पाच लाख विधायक निधि से दिए गए हैं। उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी ताकि लोगों को जंगली जानवरों के खतरों से बचा जा सके एवं आवागमन में परेशानी न हो। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का सम्मान भी किया।
इस अवसर पर महंत कमल दास महाराज, कांता प्रसाद बडोला, स्वामी अखिलेश योगी, हरिपुर कला की प्रधान गीतांजलि जखमोला, समाजसेवी मनोज जखमोला, युवा मोर्चा के महामंत्री अंकित बाहुखंडी, कृष्ण लाल दुआ, अमित शर्मा, सुरेंद्र रयाल, रितु दुआ, राजेश लखेडा, राजेश भारद्वाज, धर्मेंद्र मोहन ग़्वाडी, उपप्रधान मनोज शर्मा, कमलेश कांडपाल, दिनेश थपलियाल, शिवानी गोस्वामी, दीपिका लखेडा, अमृत भाई पटेल, सीमा शर्मा, रीता, पूजा ग़्वाडी, विशांत गुप्ता, अनीता गुप्ता, अनिल रयाल, श्रीनिवास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

पर्यटकों का स्वागत करेंगे लाटा-लाटी, इंस्ट्राग्राम में बड़ी संख्या में है फॉलोवर

उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) में ‘लाटा-लाटी’ पर्यटकों का स्वागत करेंगे। साथ ही यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को पहाड़ी संस्कृति से भी रूबरू कराएंगे। इसके अलावा ‘लाटा-लाटी’ राज्य के विभिन्न पर्यटक स्थलों का भी प्रचार करेंगे। जी हां
लाटी किरदार लाकर लोगों के बीच चर्चाओं में आईं कंचन जदली अब पर्यटन विभाग के लिए भी कार्टून बनाएंगी। पहाड़ी कार्टून चित्रों और गुदगुदाती पंचलाइन से कंचन ने लोगों को अपनी बोली-भाषा से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया है। कंचन की इस कला ने सोशल मीडिया पर खूब धमाल मचाया है। जिसके बाद कंचन की लाटी आर्ट का सहारा कई विभाग अपनी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए ले रहे हैं।
इसी कड़ी में अब पर्यटन विभाग के गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) ने कंचन की लाटी आर्ट के माध्यम से पर्यटकों को उत्तराखंड की संस्कृति दिखाने का निर्णय लिया है। राज्य के पर्यटन स्थलों का भी लाटी के जरिए प्रचार-प्रसार किए जाने की तैयारी है।
कचंन को पर्यटन विभाग की ओर से इस संबंध में पत्र मिला है, जिसमें जीएमवीएन व शौचालयों में लाटी आर्ट का उपयोग किए जाने की बात कही गई। इससे पूर्व कंचन की लाटी आर्ट के जरिए समाज कल्याण विभाग ने नशामुक्ति के खिलाफ अभियान चलाया था। महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से भी कंचन की लाटी आर्ट का सहयोग लिया गया।
लाटी आर्ट की कंचन जदली ने कहा मैं कुछ समय पहले ही कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से मिली थी और उन्हें मेरी आर्ट और आइडिया पसंद आया है। अपनी आर्ट के जरिए मैं अपने राज्य की संस्कृति को बढ़ाना चाहती हूं और मुझे लगता है कि पर्यटन व संस्कृति को बढ़ावा देने वाले हर विचार या व्यक्ति को सरकार का सहयोग दे रही है। सोशल मीडिया पर लाटी छाई हुई है। कंचन द्वारा मौसम, ईगास, फूलदेई और हरेला से जुड़े लाटी आर्ट बनाए गए हैं। बीते दिनों ईगास पर बनाई लाटी आर्ट भी खूब वायरल हुई थी। इंस्ट्राग्राम पर 15 हजार से ज्यादा लोग लाटी को फॉलो करते हैं।

युवा मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के लिए लागू की नई खेल नीति

उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए धामी सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। बीते मंगलवार को उत्तराखंड कैबिनेट उत्तराखंड खेल नीति 2021 के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नई खेल नीति में खेल एवं खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को तलाशने के साथ ही खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पूर्व मुख्यसेवक के रूप में ज़िम्मेदारी लेते ही खेल और खिलाड़ियों की सुविधाओं को प्राथमिकता से अपने एजेंडे में शामिल किया था।
मुख्यमंत्री ने कई बार सार्वजनिक सभाओं में कहा था कि खिलाड़ियों को जब तक सुविधाएँ नहीं मिलेंगी तब तक कैसे वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे? इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए नई खेल नीति को लागू करने की क़वायद शुरू की गई और महज चार महीने में नई खेल नीति तैयार कर लागू भी कर दी गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई खेल नीति को लेकर कहा है कि ’नई खेल नीति आगामी ओलंम्पिक में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का गोल्ड मेडल का सफर तय करेगी।’ मुख्यमंत्री ने बताया कि नई खेल नीति में खिलाड़ियों की फ़िट्नेस, जनरल डाइट के साथ-साथ एक्स्ट्रा न्यूट्रिएंट्स, फूड डाइट की व्यवस्था भी रखी गई है। इतना ही नहीं प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए रोजगार के अवसर और इससे सम्बंधित सुविधाएं देने का प्रावधान इस नई नीति में किया गया है। मुख्यमंत्री के घोषणा अनुसार, प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं में नेशनल-इंटरनेशनल लेवल की स्किल डेवलपमेंट करने हेतु आर्थिक प्रोत्साहन देने की भी व्यवस्था की गई है।
वहीं, खेल मंत्री अरविन्द पाण्डेय का कहना है कि उत्तराखंड खेल नीति 2021 प्रदेश में खेल संस्कृति के विकास व उन्नयन हेतु उत्कृष्ट एवं प्रभावी है। वर्तमान में इलेक्ट्रॉनिक कल्चर से प्रभावित बच्चों और युवाओं को पुनः खेलों के प्रति प्रेरित कर प्ले फील्ड कल्चर की ओर अग्रसर किया जा सकेगा।
गौरतलब है कि युवा मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास में जुटे हैं। इससे पूर्व खेल अवस्थापन सुविधाओं को विकसित करने के लिए प्रदेश में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, हर ज़िला मुख्यालय पर “खेलो इंडिया” स्तर की सुविधा और हर ग्राम पंचायत में ओपन जिम विकसित करने की ओर प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा अलिम्पियन वंदना कटारिया, पेरालम्पियन मनोज सरकार समेत कई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।

ईमानदारी-महिला बैंक कर्मी की अगुंठी लौटाई

बदलते दौर में ईमानदारी की मिसाल कम ही देखने को मिलती है। लेकिन इसका मतलब यह नही कि ईमानदारी बिल्कुल खत्म ही हो चकी है। समाज में ऐसे लोग है जो अपने कर्तव्यों का सही पालन कर रहे है। इन्ही की बदौलत ईमानदारी आज भी जिन्दा है।
एक महिला बैंक कर्मी देहरादून से रोज ऋषिकेश विश्वनाथ बस सेवा के माध्यम से अपडाउन करती है। रोजमर्रो की जिन्दगी में उनकी अगुंठी कब उंगली से निकलकर बस कहीं गिर गई उन्हें पता ही नही चला। ऐसे में जब उन्हें इसका अहसास हुआ तो वह बहुत परेशान हो गई। उन्होंने इसकी सूचना घर वालों को भी दी। ऐसे में कई जगह ढ़ूढ़ंने के बाद भी उन्हें नही मिली तो उन्होंने थक हारकर बस सेवा कों सपंर्क कर अगुंठी खोने की बात कही।
वहीं, उससे पहले ही बस आपरेटर ने बस में अगुंठी मिलते ही इसे संभाल लिया कि जिस भी यात्री की यह अगुंठी होगी संपर्क करने पर वह दे देंगे। क्यो कि वह इतने यात्रियों की पहचान नही कर सकते है। फिर क्या था था, महिला की आपबीती बताने और पहचान बताने पर अगले दिन महिला बैंक कर्मी की अंगूठी वापिस लौटाई गई। अगुंठी मिलने पर महिला की खुशी का कोई ठिकाना नही रहा और उन्होंने विश्वनाथ बस सेवा के अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी और बस स्टाफ का धन्यवाद दिया।

भाजपा के चुनाव प्रभारी के कार्यक्रम तय

भाजपा चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी और सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह, लॉकेट चटर्जी उतराखंड के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच कर अलग अलग समूहों में चुनाव प्रबंधन से संदर्भित बनाई गई समितियों की बैठक ली। पार्टी मुख्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति के साथ बैठक में रोडमैप पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी के रोडमैप के तहत निर्धारित कार्यक्रमो की समीक्षा की गई और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रमों की प्रगति के साथ जरुरी मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रभारी और सह प्रभारी चुनाव प्रबंधन की 33 समितियों की अलग अलग समूहों में समीक्षा करेंगे।
प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कमलेश उनियाल ने बताया कि वृहस्पतिवार को 11ः30 बजे तक चुनाव प्रबंधन समिति की पहली बैठक प्रह्लाद जोशी, दुष्यंत कुमार गौतम, आर पी सिंह, लॉकेट चटर्जी भाजपा प्रदेश कार्यालय में लेंगे। तत्पश्चात जोशी 12ः30 से 2 बजे तक रुद्रप्रयाग, चमोली व पौड़ी जिले की विधानसभाओं के कोर ग्रुप की बैठक श्रीनगर में लेंगे। इसमें प्रह्लाद जोशी के अलावा चुनाव सह प्रभारी सरदार आर पी सिंह भी मौजूद रहेंगे। वहीं, सायं 4ः15 से 6ः30 तक चुनाव प्रभारी जोशी देहरादून में कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत भेंट का समय सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा सभी प्रभारी सह प्रभारी चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से बनाये गए 33 समितियों की अलग-अलग समूहों में समीक्षा बैठक लेंगे।

विस अध्यक्ष ने जरुरतमंदों को 7 लाख रुपये की सहायता राशि बांटी

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर कोरोना के दौरान 32 मृतक आश्रितों को विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से एवं अनेक लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सात लाख के चेक वितरित किए।
चेक वितरण के अवसर पर विस अध्यक्ष ने कहा है कि कोरोना काल के दौरान अनेक लोगों की असमय मृत्यु हुई है ऐसे लोगों को सरकार द्वारा वात्सल्य योजना के तहत लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अनेक ऐसे लोग हैं जिनके कोरोना के दौरान मृत्यु हुई है उन्हें विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दी गई है, ताकि वह अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में कोरोना के दौरान मृत्यु हुई है उनके साथ सरकार एक स्तंभ के रूप में खड़ी है। उन्होंने कहा है कि सरकार हर प्रकार से सहयोग करने के लिए तैयार है। इस अवसर पर उन्होंने कहा है कि कोरोना अभी समाप्त नहीं हुआ इसलिए स्वयं की सतर्कता, जागरूकता व सुरक्षा फिर भी आवश्यक है।
विस अध्यक्ष ने कहा कि भले ही सरकार व विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है परंतु प्रत्येक व्यक्ति को स्वाबलंबन व स्वरोजगार के साथ खड़े होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का विवेकाधीन कोष कोई सरकारी योजना नहीं है बल्कि स्वयं के विवेक के आधार पर आर्थिक रूप से जरूरतमंद, कमजोर वर्ग दिव्यांग, विधवा को यह धनराशि उपलब्ध कराई जाती है ताकि वह समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
इस अवसर पर श्यामपुर मंडल के अध्यक्ष गणेश रावत, राज्य आंदोलनकारी कमला नेगी, ए.के मजूमदार, सुरेंद्र सिंह रावत सरदार मंगा सिंह, प्रधान चमन पोखरियाल लाभार्थियों में सावित्री देवी, कुसुम रानी, सविता देवी, रुकमणी कैंतूरा, पुष्पा रानी आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भारतीय जनता पार्टी वीरभद्र मंडल की महामंत्री सुंदरी कंडवाल ने किया।

सीएम ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत छात्राओं को चेक बांटे

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत मुख्यमंत्री आवास में महिला प्रौद्योगिकी संस्थान देहरादून की तीन छात्राओं को चेक प्रदान किये। मुख्यमंत्री द्वारा कम्प्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग की तृतीय वर्ष की छात्रा कु. गरिमा शर्मा को 1 लाख 70 हजार 950 रुपये का चेक प्रदान किया गया। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की चतुर्थ वर्ष की छात्रा कु. अलविना खानम को 56 हजार 100 रुपये का चेक प्रदान किया गया। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की चतुर्थ वर्ष की छात्रा कु. शिप्रा नेगी को 27 हजार 500 रुपये का चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत इन छात्राओं का 1 मार्च 2020 से 31 मार्च 2022 की अवधि का लिया गया शुल्क महिला प्रौद्योगिकी संस्थान देहरादून द्वारा वापस किया गया है। भविष्य में भी संस्थान द्वारा इन छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 2 अगस्त 2021 को कोविड-19 में अपने अभिभावकों को खोने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में जिन बच्चों ने अपने अभिभावकों को खोया, इस कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन सरकार का प्रयास है कि इन बच्चों की जो भी मदद हो सकती है, वह राज्य सरकार करेगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, निदेशक महिला प्रौद्योगिकी संस्थान देहरादून प्रो. आर.पी.एस. गंगवार, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंकुर दुम्का भी मौजूद रहे।

जीवन पथ की अनजान डगर में बहुत जरूरी है आयुष्मान कार्ड

अचानक आए बुखार से यदि हालत खराब हो जाए और बुखार का प्रभाव दिमाग तक पहुंच जाए तो इस तरह के मरीज के परिजनों की चिंता स्वाभाविक है। लेकिन घबराहट के इन हालातों में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा संचालित आयुष्मान योजना का उन्हें जो सहारा मिला उसे वह कभी नहीं भुला पाएंगे। और आयुष्मान कार्ड के महत्व को समझते हुए लाभार्थी राज्य सरकार का आभार तो जता ही रहे हैं साथ ही लोगों से कार्ड बनाने की अपील कर रहे हैं।

महंत इंद्रेश अस्पताल में अपने बेटे का उपचार करा रही है हरिद्वार लालढांग निवासी माहेश्वरी देवी कहती हैं मेरे बेटे को पहले बुखार आया था। अचानक ही स्थितियां इतनी गंभीर हो गई कि बुखार उसके दिमाग में चढ़ गया और क्लॉटिंग जैसी स्थितियां बन गई। बात जब दिमाग में क्लॉटिंग की हो तो इस उपचार के खर्च का अंदाजा हर कोई सकता है। वह बताती हैं कि उपचार का खर्चा एक ढेड लाख से कम नहीं है। लेकिन हमने आयुष्मान कार्ड बनाया है। और उसी से ही उपचार ही सारा उपचार हो रहा है। इलाज पर हमारा एक भी पैसा खर्च नहीं हो रहा है।

वह कहती है कि हम सरकार की योजना से जुड़े हैं तो हमें स्टाफ का रिस्पांस भी अपेक्षाकृत बेहतर मिल रहा है। वह कहती हैं कि सब लोगों को अपना आयुष्मान कार्ड बनाना चाहिए। ताकि वक्त मौके पर उसका लाभ लिया जा सके। अस्तपाल में तैनात आयुष्मान मित्र की ओर से मिली मदद पर भी वह कृतज्ञता जताती हैं।

माहेश्वरी देवी जैसे लोगों की प्रदेश बड़ी तादाद है जिनके परिजनों का आयुष्मान योजना के तहत मुुफ्त उपचार हुआ। और वह भी हर किसी से कार्ड बनाने की अपील करते हुए राज्य व केंद्र सरकार का आभार जताते हुए थकते नहीं हैं। लाभार्थियों के फीडबैक से साफ होता है कि आयुष्मान कार्ड यथा समय बना लेना चाहिए, क्योंकि जीवन पथ एक अनजान डगर है, यहां कभी भी कुछ भी संभव है। ऐसे में आयुष्मान का सुरक्षा कवज लेना बहुत जरूरी हो जाता है।