सीएम ने कोविड नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोरोना के नए वैरिएंट के दृष्टिगत प्रदेश वासियों से अपील की है कि कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पूरा पालन करें। कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य में पूरा जन सहयोग मिला है। राज्य सरकार द्वारा कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी तैयारियां की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों का अभी दूसरा टीका नहीं लगा है, समय होते ही टीकाकरण करा लें। मास्क का उपयोग जरूर करें एवं एक दूसरे से उचित दूरी बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी एवं सचिव स्वास्थ्य को कोरोना के नए वैरिएंट की दृष्टिगत कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन सुनिश्चित कराने एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सचिव स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाय कि कोविड पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं हो।

हर महीने 2 दिन आयोजित होगा पत्रकारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

राजधानी देहरादून में विचार एक नई सोच संस्था द्वारा पत्रकारों व उनके परिजनों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। उत्तराखंड के जाने-माने फिजीशियन व कॉर्डियोलाजिस्ट डॉ एसडी जोशी देहरादून ने पत्रकारों व उनके परिजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। डॉ एसडी जोशी की मेडिकल टीम द्वारा ईसीजी व शुगर की जांच निशुल्क की गई। जबकि लाइफ केयर पैथोलॉजी सेंटर द्वारा ब्लड की बिभिन्न जांचों पर 60 प्रतिशत छूट प्रदान की गई।
जानकारी के मुताबिक देहरादून के रिस्पना पुल आईएसबीटी रोड़ स्थित प्रसार भारती दूरदर्शन केन्द्र के सामने विचार एक नई सोच संस्था द्वारा पत्रकारों व उनके परिजनों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभांरभ समाजसेवी विनोद रावत व डॉ एसडी जोशी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार व उनके परिजन स्वास्थ्य जांच को पहुंचे। स्वास्थ्य शिविर में लगभग 100 के करीब पत्रकारों व उनके परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान 50 के करीब लोगों की ईसीजी जांच, 70 के करीब लोगों की शुगर जांच व 45 करीब पत्रकारों की ब्लड की बिभिन्न जांचे की गई।

हर महीने 2 दिन पत्रकारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच
स्वास्थ्य शिविर के दौरान डॉ एसडी जोशी ने सभी पत्रकारों व उनके परिजनों को कोरोना के साथ ही बिभिन्न सीजनल बीमारियों को लेकर जागरूक किया गया। डॉ एसडी जोशी ने कहा पत्रकारों की दिनर्चया काफी तनावपूर्ण होती है साथ ही बड़ी संख्या में पत्रकार आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं इस लिए समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। इसलिए उन्होंने पत्रकारों के बेहत्तर स्वास्थ्य को लेकर अभियान शुरू किया है। अब हर माह के पहले व आखिरी शनिवार को पत्रकार के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करेंगे। इसमें जांचे निशुल्क रहेंगी।

पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर पॉलिसी बनाए सरकार
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बतौर मुख्यअतिथि मौजूद समाजसेवी विनोद रावत ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने सभी पत्रकारों व उनके परिजनों को मास्क वितरित किए। विनोद रावत ने कहा पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं वह अपने स्वास्थ्य की परवाह न कर समाजहित में लगातार कार्य करते रहते हैं। कुछ पत्रकारों को छोड़कर बड़ी संख्या में पत्रकार आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं। ऐसे में वह अपने व अपने परिवार के स्वास्थ्य की जांच समय-समय पर नहीं करा पाते हैं। इसलिए सरकार को चाहिए की उसे समय-समय पर पत्रकारों के स्वास्थ्य जांच के लिए कैंप का आयोजन करते रहना चाहिए। सरकारी अस्पताल में व्यवस्था न होने पर यदि कोई पत्रकार अपना या अपने परिजनों का प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवाता है तो उसका भुगतान सरकार को करना चाहिए। राज्य सरकार को चाहिए की समाज के चौथे स्तंभ पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर भी वह एक पॉलिसी लेकर आये। जिससे पत्रकारों के हितों की रक्षा हो सके।

हर जनपद में लगाएंगे स्वास्थ्य शिविर
विचार एक नई सोच संस्था के संचालक राकेश बिजल्वाण ने बताया कि देहरादून से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर अभियान की शुरूआत हो गई है। अब उनकी संस्था हर जनपद में पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करेगी। आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में आशीष सकलानी, घनश्याम चन्द्र जोशी, आलोक शर्मा, अमित अमोली, आशीष नेगी, अरूण पांडेय, कपिल थापा, दीपक जुगराण, एसपी सती, विकास कपरवाण, ज्ञान प्रकाश पांडेय, अन्नु, व रूद्रा कैमिस्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।

आपको बता दें कि डॉ एसडी जोशी उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवा में एक जाना माना नाम है। सरकारी नौकरी में रहते हुए अधिकतम समय पहाड़ों में सेवा देने वाले डॉ जोशी सेवानिवृत्त होने के बाद लगातार हर माह दुर्गम पर्वतीय इलाकों में निशुल्क हैल्थ लगा रहे हैं। डॉ जोशी ने पत्रकार साथियों से बात करते हुए कहा कि उनका सपना है उत्तराखंड का हर व्यक्ति, परिवार स्वस्थ्य रहे। इसको लेकर वह लगातार प्रयासरत हैं। विचार एक नई सोच संस्था भी उनके इस भगीरथ प्रयास में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है।

जनता मिलन कार्यक्रम में बोले विस अध्यक्ष विकास कार्य ही मेरी पहचान

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर ग्राम पंचायत में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने श्यामपुर के आंतरिक मोटर मार्गाे के निर्माण के लिए विधायक निधि से आठ लाख रूपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर विस अध्यक्ष ने कहा कि श्यामपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत विकास के अनेक कार्य हुए हैं जिससे जनता लाभान्वित हो रही है।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान विस अध्यक्ष ने कहा कि श्यामपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आंतरिक मोटर मार्गाे के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग दो करोड लागत से मोटर मार्गाे का निर्माण किया गया है जबकि विधायक निधि से भी श्यामपुर में एक करोड़ की लागत से आंतरिक मोटर मार्गाे का निर्माण किया गया है साथ ही 300 से अधिक स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। जिससे जनता को आवागमन में सुविधा हो रही है।
उन्होंने कहा है कि श्यामपुर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए 10 करोड रुपए की लागत से कार्य चल रहा है। 30 साल की कार्य योजना बनाई जा रही है ताकि जनसंख्या के बढ़ते घनत्व के अनुसार पर्याप्त रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा क्षेत्र में बंचिंग केबल एवं लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हो चुका है जबकि अनेक स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगवाए गए हैं। ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। विस अध्यक्ष ने कहा कि श्यामपुर ग्राम पंचायत शहर की तर्ज पर विकसित हो रही है। विकास सतत चलने वाली प्रक्रिया है।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैन्यूली, खुशीराम पेटवाल, चंदन सिंह भंडारी, हरी प्रसाद कुशवाहा, लक्ष्मी रयाल, देवेंद्र रयाल, कविता नेगी, शोभा उप्रेती, प्रमिला अस्वाल, तरुण बडोनी, जे डी शर्मा, राम राज शर्मा, महादेव घिल्डियाल, दीपक जखमोला, सुमित्रा बडोनी आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

विस अध्यक्ष ने सीएम की घोषणाओं को धरातल में उतारने के दिए निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विगत दिनों ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर अभी तक की गई शासकीय एवं विभागीय कार्यवाही की जानकारी के लिए विभिन्न विभागों के सचिव एवं उच्च अधिकारियों के संग बैठक की। बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से सभी घोषणाओं पर उचित कार्यवाही करने के लिए एक समय सीमा निर्धारित की एवं उस पर शीघ्र शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए जिससे जल्द ही घोषणाओं को धरातल पर उतारा जा सके।
विधानसभा भवन देहरादून में आयोजित बैठक के दौरान शहरी विकास, पर्यटन विभाग, सिंचाई विभाग, आवास विभाग, वन विभाग, ऊर्जा विभाग, युवा कल्याण विभाग एवं गृह विभाग के सचिव एवं संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 18 सितंबर को ऋषिकेश में संपन्न हुई जन आशीर्वाद रैली के दौरान की गई घोषणाओं पर विभाग द्वारा की गई कार्यवाही से संबंधित जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों से चर्चा की। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रत्येक घोषणा से संबंधित विभाग वार अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की एवं एक निश्चित समय सीमा तय कर अधिकारियों को घोषणाओं पर उचित कार्यवाही कर शासनादेश जारी करने एवं योजनाओं को धरातल पर लाने के निर्देश दिये।
अवगत करा दें कि 18 सितंबर को ऋषिकेश में जन आशीर्वाद रैली के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों को लेकर घोषणा की थी जिनमें संजय झील का सौंदर्यकरण कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने, बैराज स्थित झील पर साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स प्रारंभ कराए जाने, ऋषिकेश में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराए जाने, मां गंगा की धारा को निरंतर व व्यवस्थित स्वरूप में त्रिवेणी घाट पर लाए जाने, कैंपा योजना के अंतर्गत वनों से सटे गांव जैसे सत्यनारायण मंदिर से गौहरीमाफी, साहब नगर, भट्टोंवाला और रुषाफार्म में सड़क तथा विद्युत एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने, गुलदार प्रभावित क्षेत्र रायवाला, साहबनगर, खदरी के निवासियों की जान माल की सुरक्षा का प्रबंध किए जाने, खदरी, लक्कड़घाट, गुमानीवाला, रुषा फार्म, भट्टूोंवाला, छिद्दरवाला आदि क्षेत्रों में हाथी व अन्य वन्यजीवों से सुरक्षा के प्रबंध किये जाने, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र गौहरीमाफी, साहब नगर, ठाकुरपुर गढ़ीमयचक में बाढ़ सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्यवाही यथाशीघ्र प्रारंभ किए जाने, ग्रामीण क्षेत्रों में हाईटेक मिनी स्टेडियम की स्थापना, छिद्दरवाला में सौंग नदी एवं जाखन नदी के संगम से सौंग नदी के बाएं तट पर साहबनगर गांव तक बाढ़ सुरक्षा योजना बनाए जाने, रायवाला नहर एवं पुराने शाखा गूलों के पुनरोद्धार व नई पक्की गूलों के निर्माण की योजना बनाये जाने, गौहरीमाफी नहर एवं पुरानी शाखा गूलों के पुनरोद्धार व नई पक्की गूलों के निर्माण किये जाने, महिला एवं पुरुषों हेतु हाईटेक शौचालय निर्माण किये जाने, आस्था पथ पर स्टैंडर्ड साइनेजेज, लाइटिंग, बैंचेस आदि की व्यवस्था किये जाने, ऋषिकेश को योगा हब के रूप में विकसित किये जाने एवं 20 करोड़ रुपए सड़क मार्गों के निर्माण के लिए, आईडीपीएल, कृष्णानगर को न उजाड़े जाने, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण कर प्रमाण पत्र जारी करने तथा शासकीय सेवाओं में क्षैतिज आरक्षण दिए जाने संबंधित मुख्य घोषणाएं की गई थी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी घोषणा पर कार्यवाही पर लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी घोषणाओं का शासनादेश कर धरातल पर उतारकर जनता को इसका लाभ मिलना चाहिए। इस अवसर पर बैठक में मौजूद घोषणाओं से संबंधित विभागीय सचिव एवं अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त करते हुए उनके द्वारा तय किए गए समय सीमा पर विभागीय कार्यवाही को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, सचिव नेहा वर्मा, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव हरीश सेमवाल, सचिव विनोद कुमार सुमन, निदेशक राजाजी टाइगर रिजर्व डीके सिंह, निदेशक शहरी विकास ललित मोहन रयाल, अपर सचिव पर्यटन युगल किशोर पंत, रीजनल ऑफिसर एनएचएआई सीके सिंह,विभव मित्तल, विक्रम सिंह राणा, एसके टम्टा,जी एस रावत, आरसी कैलकुला, रचना थपलियाल, अनिरुद्ध भंडारी, चंद्र मोहन पांडे, शक्ति प्रसाद आदि सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

स्वच्छता और कोरोना के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन

आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश में बीएड के प्रशिक्षणार्थीयो ने समाज, घर व विद्यालय को स्वच्छ रखने एवं अपने को स्वस्थ रखने के प्रति एक अभियान चलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडेय तथा संगीता नागपाल, प्रगति गुल्हाटी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। कार्यक्रम में बीएड छात्रा स्वाति रावत एवं साक्षी पालीवाल ने विद्यार्थियों को हस्तनिर्मित मास्क बनाना एवं कोराना से कैसे बचाव किया जाये इसके लिए जागरूक किया और अपने आसपास की स्वच्छता को बनाये रखने के लिए एक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन करवाया।
पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र हिमांशु कुमार प्रथम एवं द्वितीय चांदनी अंसारी तथा तृतीय अनुष्का राणा रही। कार्यक्रम में अंकिता पेटवाल, चेतना नारंग, शुभम राणा, रजनी गर्ग, सतीश चौहान, नरेन्द्र खुराना, कर्णपाल बिष्ट, रामगोपाल रतूड़ी, आदि उपस्थित रहे।

धामी ने प्रतापनगर क्षेत्र के विकास के लिए की कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद के प्रतापनगर के सेम-मुखेम स्थित गड़वागीसौड़ मैदान में आयोजित श्री सेमनागराजा त्रिवार्षिक मेला एवं जात्रा सेममुखेम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री सेमनागराजा को नमन करते हुए कहा कि जब से नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने है तब से भारत का पूरे विश्व में वर्चस्व बढ़ा है। आज पूरी दुनिया योग को स्वीकार करती है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही जाता है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत की पूरी दुनिया में एक नई पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा हमारे राज्य में भी धार्मिक पर्यटन सहित राज्य की आर्थिकी को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्य किये जा रहे है। प्रदेश में चारधाम यात्रा मार्ग का निर्माण एवं रेलवे लाइन निर्माण जैसे प्रमुख कार्य इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब हमारे राज्य को 25 वर्ष होंगे तब हमारा राज्य एक युवा राज्य होगा। डबल इंजन की सरकार उत्तराखण्ड को देश का एक सर्वश्रेठ राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सेवक का पदभार संभालने के बाद मेरे द्वारा राज्य हित व जनहित में अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए गये हैं। राज्य का वित्तीय आंकलन करने के बाद ही राज्य हित व जनहित में निर्णय लिये जाते हैं तथा घोषणाएं की जाती है। उन्होंने कहा कि जो घोषणाएं की जा रही हैं, उन्हें पूरा भी जरूर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की नयी खेल नीति, आयुष्मान कार्ड योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों को सिंगल विन्डो सिस्टम के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने, वर्तमान में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन निशुल्क किये जाने, आंगनबाडी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि किये जाने जैसी उपलब्धियों के बारे में भी विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने मेले में देव डोलियों का आशिर्वाद लिया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने श्री सेमनागराजा के त्रिवार्षिक मेले को राज्य स्तरीय मेला घोषित किये जाने, मड़वागीसौड़ से सेम नागराजा मन्दिर तक रास्ते में टिनशेड का निर्माण, राइका गरवाण गांव के अधूरे भवन निर्माण हेतु अवशेष धनराशि अवमुक्त किये जाने, ग्रामसभा पडिया में मिनी स्टेडियम का अवशेष कार्य पूर्ण कराये जाने, डोबरा-चांठी पुल से लम्बगांव तक मोटर मार्ग का डामरीकरण व चौड़ीकरण किये जाने, जाख से डोबरा पुल तक मोटर मार्ग का डामरीकरण व चौड़ीकरण किये जाने, माजफ इण्टर कॉलेज को प्रान्तीयकरण किये जाने की प्रक्रिया में शामिल करने सेम-मुखेम जाने वाले मार्ग का निर्माण किये जाने ओणेश्वर महादेव में पर्यटन विभाग का अतिथि गृह बनाये जाने, लम्बगांव-रैका-दिन्याली मोटर मार्ग का निर्माण किये जाने लम्बगांव से जाखणी गांव 6 किमी मोटर मार्ग का निर्माण एवं लम्बगांव में सार्वजनिक शौचालय बनाये जाने घोषणा की।
इस अवसर पर अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण. विधायक प्रतानगर विजय सिंह पंवार, जिलाधिकारी इवा अशीष श्रीवास्तव, एसएसपी तृप्ति भट्ट, ब्लाक प्रमुख प्रतापनगर प्रदीप रमोला व जाखणीधार सुनीता देवी, विनोद रतूड़ी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

सल्ट विधानसभा को 63.33 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सल्ट के देघाट पंहुचे। जहां पर उन्होने विधानसभा क्षेत्र सल्ट की 63.33 करोड़ रू0 की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकापर्ण किया। जिनमें 1732.25 लाख रू0 की योजनाओं का शिलान्यास व 4601.67 लाख रू0 की योजनाओं का लोकापर्ण शामिल है। जिन विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया उनमें मुख्यमंत्री घोषणा के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र सल्ट में कैहडगांव़ जगोई शिव मंदिर होते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र तक मोटर मार्ग का निर्माण लागत 1129.73 लाख रू0, वित्तीय वर्ष 2021-22 में राज्य योजना के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र सल्ट के सुमनलता भदौला मोटर मार्ग से सेरा कालोनी-भनेरिया तक मोटर मार्ग का नव निर्माण लागत 107.95 लाख रू0, वित्तीय वर्ष 2021-22 में मुख्यमंत्री की घोषणा के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र सल्ट के शशिखाल से शहीद स्मारक मोटर मार्ग के रिवाखाल से किचार तक मोटर मार्ग का नव निर्माण लागत 63.77 लाख रू0, रा0इ0का0 भौनखाल में भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला, रसायन विज्ञान प्रयोगशाला व जीव विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण कार्य लागत 45.64 लाख रू0, रा0इ0का0 नैकणापैसिया में 02 कक्षा-कक्ष, कला एवं शिल्प कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष का निर्माण लागत 72.54 लाख रू0, रा0इ0का0 क्वैराला में प्रयोगशाला कक्ष, कला एवं शिक्ष कक्ष, भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला, रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण कार्य लागत 76.46 लाख रू0, रा0इ0का0 सराईखेत में कला एवं शिल्प कक्ष का निर्माण कार्य लागत 18.06 लाख रू0, रा0इ0का0 स्याल्दे में प्रयोगशाला कक्ष, कला एवं शिल्प कक्ष, पुस्तकालय कक्ष, रसायन विज्ञान प्रयोगशाला व जीव विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण कार्य लागत 119.12 लाख रू0, विकासखण्ड सल्ट खुमाड़ के विकासखण्ड कार्यालय एवं आवासीय भवनों का सुदृढ़ीकरण कार्य लागत 98.98 लाख रू0 शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जिन योजनाओं का लोकापर्ण किया गया उनमें राज्य योजनान्तर्गत विधानसभा क्षेत्र सल्ट के अन्तर्गत स्याल्दे देघाट में स्थित गोलना को तामूढौन-देघाट-खल्डुवा मोटर मार्ग तथा देघाट गनाई मोटर मार्ग से जौरासी मोटर मार्ग हेतु सेतु का निर्माण लागत 515.53 लाख रू0, मा0 मुख्यमंत्री की घोषणा के अन्तर्गत जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सल्ट में पत्थरखोला महरगॉव मोटर मार्ग का नव निर्माण लागत 604.18 लाख रू0, विधानसभा क्षेत्र भिकियासैंण के अन्तर्गत देघाट-जौरासीं मोटर मार्ग का निर्माण लागत 579.69 लाख रू0, नाबार्ड योजनान्तर्गत विकासखण्ड सल्ट की शक्तिपीठ ग्राम समूह पेयजल योजना लागत 1322.63 लाख रू0, नाबार्ड योजनान्तर्गत विकासखण्ड सल्ट की बुंगीधार खाल्यों ग्राम समूह पेयजल योजना लागत 274.22 लाख रू0, नाबार्ड योजनान्तर्गत विकासखण्ड सल्ट की रतखाल सीमा रिस्टाना ग्राम समूह पेयजल योजना लागत 1219.2 लाख रू0, 100 एलपीएम ऑक्सीजन प्लान्ट की स्थापना लागत 56.8 लाख रू0, सल्ट के मुख्य बाजार में हाईटैक शौचालय का निर्माण लागत 29.42 लाख रू0 शामिल है।
देघाट में आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने अनेक घोषणायें की जिनमें देवी मंदिर देघाट का सौन्दर्यकरण करने, जाख से भगेतिया तक सम्पर्क मार्ग का निर्माण किया जायेगा, आर्य इण्टर कालेज देघाट के खेल के मैदान की चाहार दीवारी का निमार्ण व गेट का निर्माण, मानिला मुख्य मार्ग से बजों मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण किया जायेगा, जगतुकखाल-नकतुरा बुंगीधार मोटर मार्ग सुधारीकरण किया जायेगा, ग्राम सभा जाख से भगेतिया मे स्वर्गा आश्रम का सौन्दर्यकरण किया जायेगा, राजकीय सा0 स्वास्थ्य केन्द्र देघाट व देवायल में होम्योपैथी डिस्पेंसरी का निर्माण किया जायेगा, ताबाडोन कैहड़गांव, परथौला सिंचाई लिफ्ट योजना का निमार्ण किया जायेगा, गुजरूकोट हरूहीत मंदिर का सौन्दर्यकरण किया जायेगा व स्याल्दे बाजार में कार पार्किंग का निमार्ण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुये उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार विकास की ओर लगातार अग्रसर है। उनके नेतृत्व में प्रदेश 2025 तक देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की ओर अग्रसर है। उन्हांने कहा कि सरकार द्वारा हर वर्ग के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान योजना के अन्तर्गत 44 लाख लोगों के कार्ड व 3 लाख 40 हजार से अधिक मरीज उपचार करा चुके है। सरकार द्वारा आशा, आंगनबाड़ी व पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय बढाने का कार्य किया है। देश में खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिये खेल नीति 2021 लागू की है। प्रदेश में कोविड से प्रभावित हर वर्ग को आर्थिक सहायता दी गयी है। सरकार द्वारा 24 हजार पदों को भरा जाना है जिसमें 10 हजार पदों पर विज्ञापन निकल चुके है और प्रक्रिया गतिमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार है हमने शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपनों को पूरा करने के लिये जरूरी निर्णय लिये। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा लिये गये अनेक फैसले व विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के आर्थिक सहायता के चौक वितरित किये जिनमें वात्सल्य योजना के 3 चैक, विभिन्न महिला व युवक मंगल दल के 7 लाभार्थियों के चैक, 5 महालक्ष्मी किट व 6 स्वयं सहायता समूहों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर आधारित चैकों का वितरण किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा ने कहा कि सल्ट क्षेत्र शहीदों की भूमि रही है। शहीदों के सपनों को साकार करने के लिये केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि देश के विकास के निर्माण में उत्तराखण्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय विधायक महेश जीना ने उपस्थित जन समूह के समक्ष मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि क्षेत्र के विकास के लिये कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होने कहा कि स्व सुरेन्द्र सिंह जीना के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने व क्षेत्रीय जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता में है। इस दौरान विधायक ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र में हुये अनेको विकास कार्यों की जानकारी दी।
कार्यर्क्रम में जिला महामंत्री प्रेम शर्मा, मण्डल अध्यक्ष विक्रम बिष्ट, पूरन रजवार, देवीदत्त शर्मा, हरीश कोटिया, मनवर सिंह, जिला पंचायत सदस्य हंसा नेगी, मीना शार्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष अशोक तिवारी, नरेन्द्र भण्डारी, जिलाधिकारी वन्दना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी व क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

महिला चौपाल में मताधिकार के बारे में बताया

मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने आज राजकीय इंटर कॉलेज, कोरबा (साहिया) में ‘‘महिला चौपाल’’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने मतदान शपथ दिलवाकर किया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत स्वीप के अन्तर्गत वोटर कार्ड बनाने व मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने के लिए राज्य भर में विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। अधिक से अधिक लोगों को मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जा रही है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोग अपने मत का प्रयोग करें।
उन्होंने बताया कि 1 नवम्बर से 30 नवम्बर तक राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में 18 साल के युवाओं, महिलाओं को केंद्रित कर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गत चुनाव के आधार पर महिला वोटर की संख्या जिन क्षेत्रों में कम रही वहां विशेष जागरूकता कैंप आयोजित किये जा रहे हैं। चकराता क्षेत्र में महिला वोटर अनुपात कम रहने के कारण मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिनांक 26 नवम्बर, 2021 को राजकीय इंटर कॉलेज, कोरबा (साहिया) में ‘‘महिला चौपाल’’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न बूथ की 11 बीएलओ ने अपने क्षेत्र में वोटर कार्ड बनाने व किसी भी तरह के वोटर कार्ड में संशोधन करने के बारे में चर्चा की।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को खेल द्वारा निर्वाचन के विषय में बताया गया। विशेष तौर पर हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर-1950, दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधा आदि की जानकारी दी गई। ईवीएम मशीन का प्रदर्शन कर वोट देने की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में व्यावहारिक रूप से समझाया गया। उपस्थित महिलाओं द्वारा बहुत से प्रश्न पूछकर जानकारी ली। गांव क्वारना के बुजुर्ग वोटर भवान जोशी (105 वर्ष) द्वारा अपने अनुभवों को बताते हुए सभी से वोट देने की अपील की गई। अंत में समस्त उपस्थित महिलाओं द्वारा जौनसार का लोक नृत्य ‘‘नाटी’’ प्रस्तुत कर कार्यक्रम को लोक संस्कृति से सरोबार कर दिया। इस कार्यक्रम में स्वीप कॉर्डिनेटर सुजाता, स्वीप कन्सल्टेंट अनुराग गुप्ता, विनोद कुमार प्रधानाचार्य, हिमांशु नेगी, मेधा चमोला, स्थानीय महिलाओं, महिला स्वयं सहायता समूह बीएलओ व 18 साल से अधिक आयु के युवाओं ने प्रतिभाग किया।

हमारा संविधान हमारी व्यवस्था और हमारे समाज का पथ प्रदर्शक-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने संविधान दिवस के अवसर पर विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा संविधान अनेकों विशेषताओं से भरा हुआ है। संविधान नागरिकों को ना केवल अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाता है, बल्कि हमारे कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। हमारा संविधान हमारी व्यवस्था और हमारे समाज का पथ प्रदर्शक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तेजी से प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। उनके द्वारा लिए गये निर्णयों से भारत को वैश्विक स्तर पर एक अलग पहचान मिली है। मोदी जी के प्रयासों से 21 जून को विश्वभर में योग दिवस मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के मुख्य सेवक की शपथ लेने के बाद मैंने प्रत्येक क्षण प्रदेशवासियों को समर्पित करने का प्रयास किया है। जन हित में अनेक निर्णय लिए हैं। समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए कार्य किये जा रहे हैं। राज्य में कोरोना की प्रथम डोज शत प्रतिशत पूर्ण करने का लक्ष्य दिसम्बर 2021 तक रखा गया था, जो कि अक्टूबर 2021 में ही पूर्ण किया जा चुका है। कोरोना की दूसरी डोज के शत प्रतिशत का लक्ष्य भी 15 दिसम्बर 2021 तक पूर्ण किया जायेगा।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 1949 में आज ही के दिन हमारा संविधान बनकर तैयार हुआ। 2 वर्ष 11 माह एवं 18 दिन हमारे संविधान के निर्माण में लगे। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का बोध कराता है। प्रधानमंत्री द्वारा देश के समग्र विकास के लिए हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए कार्य किये जा रहे हैं। युवा, महिला, किसान, गरीब, मजदूर सबकी चिंता प्रधानमंत्री जी ने की है। भारत में विश्व का सबसे बड़ा कोविड टीकाकरण अभियान चलाया गया है। देश में 118 करोड़ कोविड टीकाकरण हो चुका है। राज्य में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण की प्रथम डोज होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर का अहम योगदान रहा। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2017 को मैंने निर्णय लिया कि विधानसभा के प्रत्येक कक्ष एवं सभी सरकारी कार्यालयों में बाबा भीमराव अंबेडकर का चित्र लगेगा। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर एक साधारण व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार थे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, स्वामी ईश्वरदास, सचिव विधानसभा मुकेश सिंघल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

पत्रकार और उनके परिजनों के लिए फ्री हैल्थ चैकअप

उत्तराखंड के जाने-माने फिजीशियन व कॉर्डियोलाजिस्ट डॉ एसडी जोशी देहरादून में कल शनिवार 27 नंवबर को दोपहर 2 से 3 बजे तक पत्रकारों व उनके परिजनों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। इस दौरान ईसीजी व ब्लड से संबधित बिभिन्न जांचे भी की जायेंगी। आपको बता दें कि इस हैल्थ कैंप का आयोजन विचार एक नई सोच संस्था द्वारा किया जा रहा है। यह निशुल्क हैल्थ चौकअप कैंप, रिस्पना पुल आईएसबीटी रोड़ पर स्थित दूरदर्शन केन्द्र के सामने विचार एक नई सोच मीडिया संस्थान के कार्यालय में लगाया रहा है।
विचार एक नई सोच मीडिया संस्थान के संचालक राकेश बिजल्वाण ने बताया कि स्वास्थ्य जांच को आने वाले पत्रकार साथी अपना व अपने परिजनों को दोपहर 1 बजे तक कार्यालय में लाकर रजिस्ट्रेशन करवा लें। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया ऑनलाइन भी है। आप फोन नंबर पर भी अपना या अपने परिजनों का रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए आपको अमित अमोली 9358580033, आशीष नेगी 8650119302, अरूण पांडेय 9808348445, राकेश बिजल्वाण 8859910002 पर संपर्क कर सकते हैं। राकेश बिजल्वाण ने कहा स्वास्थ शिविर में ईसीजी जांच फ्री की जायेगी। जबकि ब्लड, शुगर टेस्ट में 60 प्रतिशत की छूट रखी गई है।
आपको बता दें कि डॉ एसडी जोशी उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवा में एक जाना माना नाम है। सरकारी नौकरी में रहते हुए अधिकतम समय पहाड़ों में सेवा देने वाले डॉ जोशी सेवानिवृत्त होने के बाद लगातार हर माह दुर्गम पर्वतीय इलाकों में निशुल्क हैल्थ लगा रहे हैं। डॉ जोशी ने बात करते हुए कहा कि उनका सपना है उत्तराखंड का हर व्यक्ति, परिवार स्वस्थ्य रहे। इसको लेकर वह लगातार प्रयासरत हैं। विचार एक नई सोच संस्था भी उनके इस भगीरथ प्रयास में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है।

दिन- कल शनिवार 27 नंवबर 2021
समय- दोपहर 2 से 3 बजे तक
जांचे- ईसीजी व ब्लड से संबधित व शुगर की जांचें
स्थान- दूरदर्शन केन्द्र के ठीक सामने, विचार एक नई सोच कार्यालय, आईएसबीटी रोड़, निकट रिस्पना पुल, देहरादून, उत्तराखंड