शहीद अशोक चक्र विजेता गजेंद्र सिंह बिष्ट को सीएम ने दी श्रद्धांजली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार दोपहर देहरादून के नया गांव स्थित गणेशपुर पहुंचकर 26/11 हमले में शहीद अशोक चक्र विजेता स्वर्गीय गजेंद्र सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने शहीद गजेंद्र बिष्ट की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कारगिल शहीद और सीमा पर शहादत देने वाले वीर जवानों के परिजनों और वीरांगनाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए सर्वाेच्च बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों और वीरांगनाओं को सम्मानित करते हुए खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य प्रदेश है, यहां की वीरता और शौर्य की चर्चा देश ही नहीं दुनिया में होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सैनिकों का मनोबल बढ रहा है, जहां एक ओर केंद्र सरकार ने वन रैंक वन पेंशन देकर लाखों पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत पहुंचाई है वहीं दूसरी ओर सैनिकों को दी जाने वाली सुविधाओं में भी इजाफा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शहीद सैनिकों के सम्मान में “शहीद सम्मान यात्रा” आयोजित की जा रही है, इस यात्रा का समापन देहरादून के पुरूकुल गांव में बनने जा रहे भव्य सैन्य धाम में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में कार्य कर रही है बीते 4 महीनों में सरकार ने 24000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जिसमें अब तक 12000 पदों पर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इसके अलावा प्रदेश में एनडीए/सीडीएस की तैयारी करने वाले प्रतिभावान युवाओं को मेंस एग्ज़ाम की तैयारी हेतु 50 हज़ार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है इसके अलावा मार्च 2022 तक सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का शुल्क माफ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ग के कर्मचारियों का ध्यान दे रही है। सरकार ने प्रदेश के पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी, आशा कार्यक़त्रीयों और उपनल कर्मचारियों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2025 उत्तराखंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, सरकार द्वारा बोधिसत्व कार्यक्रम श्रृंखला चलाई जा रही है जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की राय लेकर प्रदेश को आगे बढ़ाने और 2025 तक देश का नंबर वन राज्य बनाने की योजना बनाई जा रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नया गांव-गणेशपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र उच्चीकरण करने एवं गणेशपुर में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, पूर्व सैनिक और बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

खरोला ने राष्ट्रपति से लगाई आईडीपीएल को उजाड़ने से बचाने की गुहार

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। इसमें उन्होंने आईडीपीएल कॉलोनी में रह रहे लोगों को आवास का मालिकाना हक देने और नगर निगम में शामिल करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कहा कि 834 एकड़ भूमि पर बनी आईडीपीएल फैक्ट्री और अन्य परिक्षेत्र की लीज 27 नवंबर को खत्म हो चुकी है और यह क्षेत्र अब राज्य सरकार के अधीन हो गया है। फैक्ट्री की स्थापना के बाद 2700 क्वार्टरों का निर्माण किया गया था। इसके अलावा दुकानें, शॉपिंग सेंटर, एक इंटरमीडिएट कॉलेज, एक केंद्रीय विद्यालय, एक डाकघर, पुलिस स्टेशन, खेल के मैदान और एक सामुदायिक केंद्र भी बनाया गया। लीज खत्म होने पर वन विभाग पहले आईडीपीएल को अपने अधीन लेने की बात कह चुका है। आईडीपीएल फैक्टरी प्रशासन भी टाउनशिप में रहने वाले वीआरएस प्राप्त कर्मचारियों और परिजनों को सार्वजनिक नोटिस जारी कर चुका है। फैक्टरी के 834 एकड़ भूमि में से 200 एकड़ भूमि जहां पर वर्तमान पर टेलीफोन एक्सचेंज, डाकघर, फुटकर बाजार एम्स को देने पर पहले ही सहमति बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि आईडीपीएल कॉलोनी में रह रहे लोगों को आवास का मालिकाना हक देने, 45 साल से आईडीपएल परिक्षेत्र में व्यापार करने वाले दुकानदारों को सूचीबद्ध कर उचित रोजगार मुहैया करवाने और विस्थापित करने, कृष्णानगर कॉलोनी तथा बापूग्राम पंचायत क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने की मांग उठाई।

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने कन्या के विवाह के लिए सहायता की

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा आज रेलवे रोड स्थित कार्यालय में चंद्रभागा निवासी जरूरतमंद कन्या के विवाह हेतु सहयोग किया गया।
क्लब अध्यक्ष लायन जगमीत सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व उक्त बालिका के माता-पिता ने लायंस क्लब के डिवाइन से संपर्क कर बालिका के विवाह हेतु सहयोग मांगा। उसी के क्रम में आज क्लब द्वारा बालिका को कंबल, साड़ी व कुछ अन्य घरेलू सामान दिया गया। साथ ही साथ नगद धनराशि भी प्रदान की गई। जगमीत सिंह ने बताया कि क्लब अपने साथियों के सहयोग से लगातार जरूरतमंद बालिकाओं की शादियों में सहयोग करता रहता है। उन्होंने बताया कि यह सहयोग आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, सचिव विकास ग्रोवर, पूर्व अध्यक्ष लायन महेश किंगर, अमित सूरी, कोषाध्यक्ष पवन शुक्ला आदि उपस्थित रहे

विस अध्यक्ष ने भरत विहार में सुनीं जन समस्यायें

भरत विहार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षेत्र में सामुदायिक भवन के लिए अपनी निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही साढ़े चार साल में किए गए विकास कार्यों से लोगों को रूबरू कराया।
रविवार को भरत विहार के शिवा इनक्लेव में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, सीवर सहित अन्य विकास कार्य किए गए हैं। उन्हीं विकास कार्यों के आधार पर ही वह आने वाले चुनाव में जनता के सामने जाएंगे। विपक्षी दलों द्वारा केवल जनता को बरगलाने का कार्य किया जा रहा है, विपक्षी दलों का जनता एवं क्षेत्र के विकास से कोई सरोकार नहीं है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। मौके पर पार्षद विकास तेवतिया, पार्षद तनु तेवतिया, एसपी अग्रवाल, पीके जैन, सुमित पंवार, देवेंद्र दत्त सकलानी, निर्मला कुमारी, रमन शर्मा, नीरज, डीपी भट्ट, शरद बिष्ट आदि उपस्थित रहे।

जिला पंचायत सदस्य ने खुले मंच से विकास कार्यों को स्वीकृति दी

ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ के विनोद विहार कॉलोनी में जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान द्वारा आज एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामसभा खदरी खड़कमाफ, श्यामपुर में हुए कार्य एवं होने वाले कार्यों का विवरण रखा गया। उन्होंने खदरी खड़कमाफ में सड़क निर्माण कार्य 750000 रुपये, खदरी प्राकृतिक स्रोत का निर्माण व सौंदर्य करण 500000 रुपये, खदरी प्राथमिक विद्यालय व स्कूलों का सौंदर्य करण 650000 रुपये, खदरी साइन बोर्ड 200000 रुपये, राजकीय इंटर कॉलेज खदरी खड़कमाफ में बालिका शौचालय के लिए 500000 रुपये तथा इंटर कॉलेज की मरम्मत के लिए 500000 रुपये, ग्राम सभा श्यामपुर में 1100000 रुपये की विभिन्न मार्ग निर्माण कार्य, 200000 रुपये साइन बोर्ड के कार्यों की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में संजीव चौहान द्वारा गौ सेवा कर रहे नरेंद्र पुंडीर, लॉकडाउन के कारण घर आकर अपना होटल खोलने वाले प्रवीण चौहान, स्पोर्ट्स खेल रहे अंकित नेगी व टीम, फल सब्जी विक्रेता ममता देवी, नाई का काम कर रहे सोनू, कबाड़ी का काम कर रहे मोहन कुमार को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लखनऊ में तीरंदाजी प्रतियोगिता में खदरी ग्राम सभा का नाम बढ़ाने वाले तथा गोल्ड मेडल पाने वाले अर्पित जेठूडी को भी सम्मानित किया गया। वहीं, गुमानीवाला कीर्तन मंडली टीम तथा भल्ला फार्म कीर्तन मंडली टीम को कीर्तन का सामान दिया गया।
कार्यक्रम में रसिक महाराज, प्रधान संगीता थपलियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैन्यूली, लकी राम जोशी, कांता प्रसाद कंडवाल, लक्ष्मण सिंह चौहान, स्वरूप सिंह पुंडीर, नागेंद्र, कमला नेगी, कुसुम जोशी, मधु पोखरियाल, मधु भट्ट, मानवेंद्र कंडारी व सभी ग्राम पंचायत सदस्य, महिला मंगल दल अध्यक्ष, युवा मंगल दल अध्यक्ष उपस्थित रहे।।

एसबीएम इंटर कॉलेज में एनसीसी दिवस मनाया

73वें एनसीसी दिवस पर एसबीएम इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने परेड का आयोजन किया। कॉलेज परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही सामाजिक कार्य में भागीदारी का संकल्प दोहराया।
रविवार को हरिद्वार रोड स्थित एसबीएम इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि एनसीसी के द्वारा छात्रों के अंदर देश प्रेम की भावना का विकास होता है और यह आगे चलकर सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करते हैं।
लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष नवंबर माह के चौथे रविवार को एनसीसी दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य संपूर्ण देश के कैडेट को एक सूत्र में बांधना है। एनसीसी कैडेट पूरे मनोयोग के साथ कठिन परिश्रम करके लगातार ट्रेनिंग लेते हैं, जिसका लाभ आने वाले समय में देश की सेनाओं को मिलता है। इनको समय-समय पर शिविरों और प्रशिक्षण कैंपों के द्वारा भी तैयार किया जाता है। इस दौरान प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी आदि ने एनसीसी कैडेटों की परेड की सलामी ली। मौके पर शिव प्रसाद बहुगुणा, विनीत सिंघल, संजीव चौधरी, रंजन अंथवाल, नीलम जोशी, विकास नेगी आदि उपस्थित रहे।

कल सिंचाई विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे छोटे ठेकेदार

श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर में स्थानीय ठेकेदारों ने बैठक की। बैठक में ई टेंडरिंग को लेकर विरोध जताया गया। साथ ही संजय पोखरियाल को ठेकेदारी यूनियन का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। बताया गया कि अन्य पदाधिकारियों का चयन अध्यक्ष द्वारा किया जाएगा।
रविवार को हुई बैठक में ई टेंडरिंग का विरोध किया गया। नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष संजय पोखरियाल ने कहा कि संगठन छोटे ठेकेदारों के हितों की रक्षा करेगा। वहीं, सोमवार को ऋषिकेश में सिंचाई विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने गौहारीमाफी में तटबंधों के निर्माण का कार्य स्थानीय ठेकेदारों को देने की मांग की है। मौके पर हर्ष पति सेमवाल, प्रताप पोखरियाल, भगवती प्रसाद सेमवाल, हुकुम चंद रमोला, चंदन सिंह, गोविंद सजवाण, कैलाशमनी रतूड़ी, पदम सिंह बगियाल, विजयपाल राणा आदि उपस्थित रहे।

सामूहिक रुप से धनराशि एकत्र कर कन्या को दान की

ग्राम सभा रायवाला के सैनिक कॉलोनी गली नंबर 5 में रजनी देवी की कन्या दीपा की शादी 28 नवंबर 2021 को होनी हैं, घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। रजनी देवी एक विधवा महिला है, जो बच्चों का भरण पोषण करती है।
विवाह की सूचना जब पहाडी भुली ग्राम संगठन की अध्यक्ष ईशा कलूड़ा चौहान व युवा समाजसेवी नवीन नेगी को जानकारी मिली तो उन्होंने घर की आर्थिक स्थिति को देखकर विवाह के लिए धन राशि एकत्र करने का काम शुरु किया। जिसकी अधिकतम रकम 51 रुपये और स्वेच्छा से दान करने का प्रार्थना की गई। जिससे किसी भी दानदाता के ऊपर बोझ उत्पन्न ना हो सके और कोई भी व्यक्ति उस राशि को खुशी-खुशी दान कर सके। जो धनराशि एकत्र की गई है वह व्हाट्सएप, सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त की गई।

धनराशि एकत्र को ’मांँ को भेंट’ का नाम दिया गया
मित्रों, परिजनों से एकत्रित धनराशि 10051 (दस हजार 51 रूपये) को शनिवार को कन्या के घर जाकर भेंट की। नवीन नेगी ने बताया धनराशि एकत्र करने में ईशा कलूड़ा चौहान, श्वेता राणा, विनय बलोधी, अंकिता नौटियाल का बहुत बड़ा सहयोग रहा। आगे भी वह समाज के लिए निरंतर ऐसे पुनित कार्य करते रहेंगे।
एकत्र धनराशि को देकर मां के आंख में आंसू छलक गई, कन्या की माता ने सभी दानदाताओं का ह्रदय से धन्यवाद किया और बहुत ढेर सारा प्यार और दुआएं दी गयी कि आप आगे भी हम जैसे लोगों की मदद करते रहे।
मौके पर उपस्थित ईशा कलूड़ा चौहान, समाजसेवी नवीन नेगी, अनिल रावत कन्या की मां रजनी देवी, दीपा, मायावती, श्वेता राणा, विनय बलोधी, अंकिता नौटियाल, नंदनी चौहान आदि रहे।

दानपुर महोत्सव में पहुंचे सीएम, क्षेत्र को लोगों को बताया बहुत मेहनती

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कपकोट क्षेत्र में कर्मी खेल मैदान में तीन दिवसीय दानपुर महोत्सव का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद अल्मोड़ा अजय टम्टा, अध्यक्ष जिला पंचायत बंसती देव, क्षेत्रीय विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, ब्लॉक प्रमुख गोविन्द सिंह दानू, जिलाध्यक्ष भाजपा शिव सिंह, पूर्व विधायक शेर सिंह गढिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थनीय मॉ भगवती के मंदिर दर्शन कर पूजा अर्चना की तथा प्रदेश के खुशहाली के लिए कामना की। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और त्योहार हमारे संस्कृति की पहचान है तथा हम सभी को अपनी संस्कृति को बचायें रखने के लिए इस प्रकार के मेले व महोत्सवों का किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए धरातल पर कार्य करते हुए संचालित योजनाओं को उन तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होने कहा कि अपने चार माह के कार्यकाल में पांच सौ से ज्यादा फैसले लिये गये है तथा हर क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। उन्होने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों को चिन्हिकरण के लिए 31 दिसंबर, 2021 तक की तिथि बढायी गयी है, तथा आंदोलनकारियों के आश्रितों को भी पेंशन की सुविधा दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुये उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार विकास की ओर लगातार अग्रसर है। उनके नेतृत्व में प्रदेश 2025 तक देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की ओर अग्रसर है। उन्हांने कहा कि सरकार द्वारा हर वर्ग के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान योजना के अन्तर्गत 44 लाख लोगों के कार्ड व 3 लाख 40 हजार से अधिक मरीज उपचार करा चुके है। सरकार द्वारा आशा, आंगनबाड़ी, उपनल कर्मचारियों व पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय बढाने का कार्य किया है। देश में खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिये खेल नीति 2021 लागू की है। प्रदेश में कोविड से प्रभावित हर वर्ग को आर्थिक सहायता दी गयी है। सरकार द्वारा 24 हजार पदों को भरा जाना है जिसमें 10 हजार पदों पर विज्ञापन निकल चुके है और प्रक्रिया गतिमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार है हमने शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपनों को पूरा करने के लिये जरूरी निर्णय लिये। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा लिये गये अनेक फैसले व विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के आर्थिक सहायता के चौक वितरित किये जिनमें स्वंय सहायता समूह को बैंक ऋण ब्याज प्रतिपूर्ति सहायता 188 समूह के 564 के सदस्यों को 6.14 लाख तथा कलस्टर स्तरीय संगठनों को अनुदान पांच लाख की दर से पांच समूह को 20 लाख तथा स्वयं सहायता समूह को स्वालंबन हेतु आर्थिक सहायता प्रति समूह की दर से 739 समूहो ंको 70.48 लाख चैकों का वितरण किये गये।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के अनेक घोषणायें की गई, जिमसें राजकीय हाईस्कूल उद्यमस्थल को इंटरमीडिएट में उच्चीकरण करने तथा इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी प्रेम सिंह गढिया के नाम से करने, दुग नाकुरी मे गैस गोदाम व गेस्ट हाऊस का निर्माण करने, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज सनेती में जीव विज्ञान की मान्यता प्रदान करने, मॉ नंदा देवी उद्यमस्थल का जीर्णाेद्धार करने, सनगाड, नौलिंग परिसर का निर्माण कार्य करने, कफनी ग्लेशियर मार्ग पर सुन्दरढुंगा ग्लेशियर से कफली ग्लेशियर की ओर 5 किमी क्षतिग्रस्त मार्ग का नव निर्माण कार्य करवाने, नावार्ड मद के अंतर्गत जनपद बागेश्वर के विकास खंड कपकोट में चार नहरों गूलो के पुनरोद्धार एवं सुदृढीकरण की प्रायोजना बनायी जायेगी, जनपद बागेश्वर के अंतर्गत विकास खंड कपकोट मे गैनाड गधेरे में बाढ सुरक्षा योजना बनायी जायेगी, जनपद बागेश्वर के अंतर्गत विकास खंड कपकोट के ग्राम कपकोट के भुरकुटी नाले में बाढ सुरक्षा कार्य किया जायेगा, एएनएम ट्रेनिंग स्कूल काण्डा के भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जायेगी, प्राथमिक स्वास्थ केंद्र बदियाकोट में भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जायेगी, विकास खंड कपकोट मे बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किया जायेगा, मीनी स्टेडियम बघर, शामा, पोथिंग, फरसाली व खुनौली में निर्माण किया जायेगा, विधानसभा कपकोट के अंतर्गत विद्युतीकरण से वंचित गांवों एवं तोको के विद्युतीकरण का कार्य एवं पुराने लाईनो को सुदृढ करने हेतु मरम्मत के सभी कार्य किये जायेगे, विधान सभा कपकोट के अंतर्गत उरेडा से संचालित लघु जल परियोजनाओं से पोषित गांवो/तोको की विद्युत लाईनो का सुदृढीकरण एवं विद्युत विभाग के ग्रिड से विद्युत आपूर्ति का कार्य की स्वीकृति प्रदान की जायेगी, आर्मी कैंटीन खोलने के लिए सेना के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर इसे जल्दी खोलने का प्रयास किया जायेगा, हरसीला इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कार्य करने, पोथिंग चेटाबगड मोटर का निर्माण कार्य करने, कीवी मिशन की शुरूआत किये जाने के प्रयास किये जायेंगे। इसी के साथ ही कपकोट क्षेत्र में ड्रोन वॉटर बनाया जायेगा, कपकोट क्षेत्र में एडवेंचर समिट का भी आयोजन किया जायेगा, ग्राम पोथिंग में स्थित सुकुण्डा जलाशय के सौन्दर्यीकरण एवं संरक्षण कार्य की योजना बनायी जाने सहित कुमांऊ से गढवाल को जोडने वाली सडक का निर्माण कार्य करने की घोषणा की गयी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्रीय विधायक बलवंत सिंह भौर्याल के पांच साल में किये गये विकास कार्याे की पुस्तक का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर मेला समिति के सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा शिखर वैली मार्डन पब्लिक स्कूल रीमा के नव निर्माण भवन का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा ने कहा केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने कार्य किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि देश के विकास के निर्माण में उत्तराखण्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है, और कहा कि विकास कार्यों को पूरा करने व क्षेत्रीय जनता को योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता में है।
इस दौरान विधायक वलवंत सिंह भौर्याल ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र में हुये अनेको विकास कार्यों की जानकारी दी तथा दानपुर महोत्सव मे पहुंचने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र की समस्याओं से भी अवगत कराया। दानपुर महोत्सव में जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर विभाग की संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी गयी, जिसमें क्षेत्रीय जनता द्वारा 24 समस्याओं पंजीकृत की गयी। शिविर में स्वास्थ विभाग द्वारा 14 दिव्यांग प्रमाण बनाये गये तथा 70 लोगो को स्वास्थ परीक्षण किया गया, बाल विकास विभाग द्वारा 78 लोगो को जानकारी, समाज कल्याण विभाग द्वारा 53 लोगो को पेंशन के आवेदन पत्र उपलब्ध कराये गये, उद्यान विभाग द्वारा 50 लोगो को विभागीय जानकारी दी गयी, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 100 लोगो को विभागीय योजनाओ की जानकारी, उद्योग विभाग द्वारा 15 लोगो के स्वरोजगार आवेदन पत्र प्राप्त किये, उरेडा द्वारा 25 लोगो को विभागीय जानकारी तथा अन्य विभागों द्वारा भी अपने-अपने विभागों की संचालित योजनाओं की जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही, दीपा आर्या, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी, मुख्य विकास अधिकारी डीडी पंत, पुलिस उपाधीक्षक शिव सिंह राणा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं आम जनमानस व मेला समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आरजे काव्य द्वारा किया गया।

सीएम आवास में आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड @ 25 समिट ’बोधिसत्व’ का आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड @ 25 समिट बोधिसत्व में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार, केन्द्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. के. विजयराघवन, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन मंच पर उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री के विजन पर किया जा रहा उत्तराखण्ड का विकासः सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को विजन दिया है। इस विजन को पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। बोधिसत्व कार्यक्रम के माध्यम से समाज के हर क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों के सुझावों के आधार पर आगे के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। 2025 तक उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं।

विकास और प्रकृति में संतुलन आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास प्राकृतिक संपदा है। इस प्राकृतिक संपदा के सदुपयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हिमालय को बचाने एवं प्रकृति के साथ संतुलन के लिए सभी को आगे आना होगा। प्राकृतिक संपदाओं एवं अन्य स्रोतों से राज्य की आय बढ़ाने की दिशा में भी विशेष प्रयास किये जा रहे हैं।

केन्द्र सरकार से मिल रहा पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड हिमालयी राज्य होने के नाते यहां की भौगोलिक परिस्थितियां अलग हैं। आपदा की दृष्टि से उत्तराखण्ड संवेदनशील राज्य है। किसी भी चुनौती से निजात पाने के लिए केन्द्र सरकार का राज्य को हर संभव सहयोग मिलता रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सबका सहयोग जरूरी है। उत्तराखण्ड के विकास की यात्रा सबकी सामूहिक यात्रा है। राज्य के विकास के लिए जो भी जन सुझाव प्राप्त होंगे उन सुझावों पर पूरा विचार किया जायेगा। प्रदेश के समग्र विकास के लिए अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं।

नीति आयोग उपाध्यक्ष ने कहा हाई वैल्यू एग्रीकल्चर और प्राकृतिक खेती पर फोकस हो
नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि उत्तराखण्ड अभी युवा राज्य है। उत्तराखण्ड के पास अनेक प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हैं। उत्तराखण्ड के बहुमुखी विकास के लिए नये सिरे सोचना होगा। सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को शिक्षा का हब बनाना होगा। माध्यमिक शिक्षा का हब तो उत्तराखण्ड है, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में और प्रयास करने होंगे। उत्तराखण्ड में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। पर्यावरण एवं ऊर्जा संरक्षण की दिशा में प्रयासों की जरूरत है। हाई वैल्यू एग्रीकल्चर के क्षेत्र में प्रयास करने होंगे। एरोमैटिक एवं मेडिसनल प्लांट, फ्लोरीकल्चर, हॉर्टीकल्चर के क्षेत्र में उत्तराखण्ड में अपार संभावनाएं है। उन्होंने सुझाव दिया कि इसके लिए गोष्ठी का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में विशेष प्रयास होने चाहिए। उत्तराखण्ड में महिलाएं लगनशील हैं। महिलाओं को अधिक से अधिक प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाय। उत्तराखण्ड को स्वयं प्राकृतिक खेती की ओर जुटना चाहिए। नदियों के पुनर्जीवीकरण की दिशा में और प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिये कि उत्तराखण्ड में जितने भी साइंटिफिक इंस्टीट्यूशन हैं, वे मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करें। हमारा प्रयास होना चाहिए कि अगले दस सालों में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय तीन से चार गुना बढ़ सके। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द राज्य के विकास के लिए नया ब्लू प्रिंट बनाकर दिया जायेगा।

साइंटिफिक डेवलपमेंट प्लान जरूरीः डॉ के विजनराघवन
केन्द्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. के. विजयराघवन ने कहा कि उत्तराखण्ड के पास हिमालय के रूप में बड़ी संपदा है। हिमालय देश एवं दुनिया को प्रभावित करता है। हिमालय को सस्टनेबल तरीके से प्रोटक्ट करना एवं इसके लिए डैवलपमेंट के कार्य करना एक बड़ा कार्य है। इसमें अनेक सांइंटिफिक इंस्टीट्यूट काफी कार्य कर चुके हैं। इसके लिए साइंटिफिक डेवलपमेंट प्लान जरूरी है।

हिमालय के प्रति सबकी जिम्मेदारीः डॉ अनिल जोशी
पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि बोधिसत्व के माध्यम से राज्य के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। हिमालयी राज्यों को आपस में लगातार चिंतन एवं मंथन करने की जरूरत है। हिमालय सबका है, इसके प्रति सबकी भागीदारी होनी चाहिए। प्रदेश के विकास के लिए अपनी कमजोरी एवं ताकत का नये सिरे से विश्लेषण करना जरूरी है।

अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि भौगोलिक विषमताओं के बावजूद भी इन्फ्रास्ट्रक्चर में राज्य ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उत्तराखण्ड में कई क्षेत्रों में मजबूतियां भी हैं, तो कुछ क्षेत्रों में चुनौती भी हैं। हिमालय, गंगा, जलवायु एवं शांतप्रिय समाज यहां की मजबूती हैं। रोजगार, कनेक्टिविटी, पलायन को रोकना, आपदा एवं बोर्डर ऐरिया से संबंधित मामले राज्य के समक्ष चुनौतियां भी हैं। आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड बनाने के लिए इन चुनौतियों को कम करने के लिए राज्य में प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा लोगों से संवाद कर सुझाव लिये जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक महेन्द्र भट्ट, नीति आयोग से डॉ. नीलम पटेल, सचिव नियोजन बीवीआरसी पुरूषोत्तम, मुख्यमंत्री के चीफ कॉर्डिनेटर दुर्गेश पंत, शासन से प्रमुख सचिव, सचिव, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, विभिन्न संस्थानों के निदेशक एवं गणमान्य उपस्थित थे।