अब एक क्लिक पर मिलेगी 75 सेवाएं- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आई.आर.डी.टी. सभागार में ‘”अपणि सरकार” एवं उन्नति पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों से जिन लोगों ने अपने प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाई, उनसे बात भी की और उनसे सुझाव भी लिए। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से उन्नति पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे। उन्नति पोर्टल के माध्यम से शासन स्तर पर मुख्य सचिव एवं विभागीय सचिव तथा जिला स्तर पर जिलाधिकारियों तक डैशबोर्ड बनाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अपणि सरकार, पोर्टल के जरिए अब एक क्लिक पर 9 विभागों की 75 सेवाओं का लाभ आमजन ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे ले सकते हैं। सुशासन की दिशा में यह बड़ा प्रयास है। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, सहित कुल 75 सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेगें। प्रदेशवासियों को वे सेवाएं घर बैठे मिल सकेंगी जिनके लिए उन्हें ऑफिसों के चक्कर काटने पड़ते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन ऑनलाईन सेवाओं के शुरू होने से लोगों को आवश्यक प्रमाण पत्र सुगमता से प्राप्त होंगे। समय और खर्चे की भी बचत होगी। सभी प्रमाण पत्र डिजी लॉकर में एकीकृत एवं संग्रहित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत की एक अलग पहचान बनी है। पिछले सात सालों में देश की कार्य संस्कृति में तेजी से परिवर्तन हुआ है। तकनीक का तेजी से विस्तार हुआ है। समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। प्रदेश में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद्चिन्हों पर चलकर कार्य किये जा रहे हैं। प्रदेश में दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी के सुधार पर और प्रयासों की जरूरत है, इस दिशा में सरकार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से मुझे मुख्य सेवक की जिम्मेदारी मिली है, तब से हमने सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण व संतुष्टि के मूल मंत्र को अपनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री से वर्चुअल बातचीत के दौरान कमला राणा ने सुझाव दिया कि जन समस्याओं की त्वरित समाधान और प्रमाण पत्रों के लिए ग्राम सभाओं में कैंप लगाये जाने चाहिए। टिहरी के प्रणव रावत ने सुझाव दिये कि सरकार द्वारा ऑनलाईन माध्यम से दी जाने वाली सुविधाएं प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचे, इसके लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार होना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पिथौरागढ़ की सुश्री निशा, हरिद्वार से सुश्री उपासना सिंह ने भी बातचीत की।
मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा ने कहा कि आज जिन दो पोर्टल का मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ किया गया है। इससे जनसुविधाएं सुलभ होंगी। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अन्त्योदय का जो संदेश दिया, इस दिशा में यह सराहनीय प्रयास है। विभागों में समन्वय के लिए भी ये पोर्टल बहुत कारगर साबित होंगे। उन्नति पोर्टल के माध्यम से सभी विभागों की परियोजना, उसकी निगरानी एवं वर्तमान परियोजना की स्थिति की जानकारी को प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते, निदेशक आई.टी.डी.ए. आशीष कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार एवं वर्चुअल माध्यम से विधायकगण एवं सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

सीएस ने अधिकारियों की एसीआर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लिखने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि विभाग द्वारा वर्ष 2021-22 से अपने अधिकारियों की एसीआर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लिखी जाएं। उन्होंने कहा कि इस सुविधा को राज्य सरकार द्वारा मॉडल के रूप में प्रदेश के पीसीएस अधिकारियों के लिए प्रदेश में लागू किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग द्वारा अपनी विभागीय आवश्यकताओं के अनुसार इस प्रारूप को मॉडिफाई करते हुए अपने विभागों में लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे एसीआर लिखे जाने की प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूर्ण किया जा सकेगा। विभागों द्वारा इस पहल के क्रियान्वयन की मुख्य सचिव द्वारा लगातार समीक्षा की जाएगी।
मुख्य सचिव डॉ. सन्धु द्वारा अधिकारियों को दिए गए निर्देश के अनुक्रम में सचिव कार्मिक अरविन्द सिंह ह्यांकी द्वारा उत्तराखण्ड प्रान्तीय सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि आई.एफ.एम.एस. पोर्टल पर ऑनलाइन किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड प्रान्तीय सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि का अंकन वर्ष 2021-22 से ऑनलाइन प्रक्रिया हेतु समय-सीमा भी निर्धारित की गयी है, ताकि वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि निर्धारित समय-सीमा के अन्तर्गत पूर्ण की जा सके।
सचिव ह्यांकी ने बताया कि प्रशासकीय/कार्मिक विभाग द्वारा ऑनलाइन मूलभूत सूचनाएं निर्गत किए जाने की अंतिम तिथि 31 मई एवं सम्बन्धित अधिकारी द्वारा स्वमूल्यांकन आख्या अंकित किए जाने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गयी है। प्रतिवेदक प्राधिकारी द्वारा मन्तव्य अंकित किए जाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई एवं स्वीकर्ता प्राधिकारी द्वारा मन्तव्य अंकित करने की तिथि 30 सितम्बर निर्धारित की गयी है। इसके साथ ही सम्बन्धित अधिकारी को वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि संसूचित किए जाने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गयी है।
सचिव ह्यांकी जारी आदेश में बताया कि यदि सम्बन्धित अधिकारी द्वारा स्वमूल्यांकन आख्या निर्धारित समयावधि में अंकित नहीं की जाती है तो ऐसी स्थिति में वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि पोर्टल द्वारा स्वतः ही प्रतिवेदक अधिकारी को और तदनुसार ही समीक्षक एवं स्वीकर्ता प्राधिकारी को भी निर्धारित समय सारणी के उपरान्त स्वतः ही पोर्टल द्वारा अग्रसारित हो जाएगी। प्रत्येक स्तर पर निर्धारित समय-सीमा के अन्तर्गत सम्बन्धित अधिकारी की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि के उपरोक्तानुसार संचरण की पोर्टल जनित सूचना एसएमएस व ई-मेल के माध्यम से सम्बन्धित अधिकारियों को भी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि यदि सम्बन्धित अधिकारी द्वारा नियत तिथि के अन्दर स्वमूल्यांकन आख्या अंकित नहीं की जाती है तो प्रतिवेदक अधिकारी द्वारा इसका उल्लेख अपने मन्तव्य में किया जाएगा और इस विषय में टिप्पणी सम्बन्धित सक्षम प्राधिकारी/अधिष्ठान द्वारा सम्बन्धित अधिकारी की सेवा पुस्तिका/व्यक्तिगत पत्रावली में संरक्षित की जाएगी। इसके साथ ही, यदि प्रतिवेदक/समीक्षक/स्वीकर्ता प्राधिकारी समय से प्रविष्टि अंकन सम्बन्धी अपने दायित्व निवर्हन में विफल रहते हैं तो इस विषय में टिप्पणी भी सम्बन्धित सक्षम प्राधिकारी/अधिष्ठान द्वारा सम्बन्धित प्रतिवेदक/समीक्षक/स्वीकर्ता प्राधिकारी की सेवा पुस्तिका/व्यक्तिगत पत्रावली में संरक्षित की जाएगी।

11 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव आर के खुल्बे द्वारा जानकारी दी गई है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा प्रदेश में दिसंबर माह के द्वितीय शनिवार 11 दिसंबर 2021 को राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन का अनुमोदन किया गया है। इसी क्रम में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के चेयरमैन द्वारा उत्तराखंड में सभी जिला और वाह्य (outlying) अदालतों में 11 दिसंबर को लोक अदालत के आयोजन का निर्णय लिया गया है। यह लोक अदालतें माननीय उच्च न्यायालय के साथ-साथ श्रम न्यायालयों, राज्य और जिला उपभोक्ता शिकायत निवारण आयोगों और डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल देहरादून में भी आयोजित की जाएंगी।

कांग्रेस का बूथ जीतने पर फोकस, चुनाव जीतने लिए कर रहे मेहनत

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश प्रभारी के दिशा निर्देशानुसार उत्तराखंड कांग्रेस के तत्वावधान में 20 नवम्बर को प्रदेश भर में आयोजित बूथ ट्रेनिग कार्यक्रम के तहत आज देहरादून रोड स्थित कार्यलय में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियो ने बूथ ट्रेनिंग कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।
खरोला ने कहा कि बूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर के दौरान उन्हें कांग्रेस की विचारधारा को जन जन तक पहुचाने के लिये और चुनाव के दौरान और बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत प्रबंधन के लिए पशिक्षण दिया जाएगा।
खरोला ने कहा कि कोई भी चुनाव बिना बूथ की मजबूती के नही जीता जा सकता है। अगर हमारा बूथ मजबूत होगा तो हम विजय जरूर होगे।
बूथ प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक विजय सारस्वत ने जानकारी देते हुए कहा कि 20 नवम्बर को प्रातः 10 बजे जय राम आश्रम में बूथ प्रशिक्षण कार्यकम का आयोजन किया जाएगा जिसमे ऋषिकेश विधानसभा के समस्त 171 बूथों के कांग्रेस जन मौजूद होंगे। सारस्वत ने कहा के दिल्ली से प्रशिक्षण देने आने वाली टीम में कुछ ऐसे प्रशिक्षित लोग होंगे जो पूरे भारतवर्ष में जाकर विशेष तरीके से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का कार्य कर रहे हैं जिसमें विशेष तौर पर ऋषिकेश के प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के सह प्रभारी दीपिका पांडे सिंह भी मौजूद रहेंगी।
बैठक में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, डॉ. केएस राणा, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, मनोज गुसाईं, लल्लन राजभर, विजयपाल रावत, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, पार्षद नेता प्रतिपक्ष मनीष शर्मा, संजय गुप्ता, राकेश सिंह, देवेंद्र प्रजापति, सोनू पांडे आदि मौजूद रहे।

एम्स के सिक्योरिटी गार्ड ने ही चुराये थे सीसीटीवी कैमरे

कोतवाली पुलिस के मुताबिक 13 नवंबर को ऋषिकेश एम्स अस्पताल के प्रशासनिक कार्यालय की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। जिसमें बताया किी संस्थान से स्टील फोटोग्राफी कैमरा सहित अन्य सामान चोरी हो गए हैं। जिनकी कीमत आठ लाख रूपये बताई गई। पुलिस ने मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। मामले के खुलासे के लिए संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। सीसीटीवी कैमरे की मदद से कैमरा चुराने वाले की पहचान की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को एम्स संस्थान के अंदर से ही मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल महेश जोशी ने बताया की आरोपी पहचान भानु पंवार पुत्र रतन सिंह निवासी सर्वहारा नगर, काले की ढाल, ऋषिकेश के रूप में हुई है। चोरी का माल बरामद होने पर मामले में धारा 411 की बढ़ोत्तरी की गई है।

चोरी करने के बाद पार्किंग के पास बूथ में छिपाये कैमरे
पुलिस पूछताछ में आरोपी सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि वह 9 नवंबर की रात को उसकी डयूटी थी। रात के समय सुरक्षा डैशबोर्ड पर रखी चाबी को उठाकर सीढ़ियों के रास्ते जाकर कमरे का दरवाजा खोला।जहां से उसने कैमरे व अन्य सामान को चोरी कर लिया। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चाबी फिर से सुरक्षा डैशबोर्ड पर रख दी थी। पकड़े जाने के डर से उसने कैमरों को पीजी पार्किंग के पास बने एक बूथ पर छुपा दिया। उसके बाद मौका देखकर कैमरों को बाहर जाकर बेच सके।

सदन में हमारा खुद का भी आचार-व्यवहार भारतीय मूल्यों के हिसाब से हो-पीएम

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में संसद और राज्यों के विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारियों के तीन-दिवसीय शताब्दी सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को किया। 82वें पीठासीन अधिकारी सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा की गई। इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी सम्मेलन में प्रतिभाग किया।
उद्घाटन अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि हमें देश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है। कोरोना की लड़ाई में सभी राज्यों ने एकजुटता के साथ काम किया जोकि ऐतिहासिक है।भारत 110 करोड़ वैक्सीन डोज का आंकड़ा पार कर चुका है। यह समय अपनी सफलताओं को आगे बढ़ाने का है और साथ ही नए विजन के साथ नए नियम और नीतियां भी बनानी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे सदन की परंपराएं और व्यवस्थाएं स्वभाव से भारतीय हों। हमारी नीतियां, कानून भारतीयता के भाव को, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने वाले हों। सबसे महत्वपूर्ण, सदन में हमारा खुद का भी आचार-व्यवहार भारतीय मूल्यों के हिसाब से हो। पीएम मोदी ने कहा कि ये हम सबकी ज़िम्मेदारी है। भारत विविधताओं से भरा है।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधान मंडलों के समक्ष ज्वलंत विषयों पर चर्चा और संवाद के माध्यम से देश के सामने सर्वमान्य समाधान प्रस्तुत करने का दायित्व है जिससे लोकतांत्रिक परंपराओं और समृद्ध हो सके। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बदलते परिपेक्ष में हमने अपनी विधायी संस्थाओं में जनता की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप नियमों और प्रक्रियाओं में भी परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि प्रगतिशील कानून बनाने में जनप्रतिनिधियों के साथ जनता की सक्रिय भागीदारी बने ताकि आम जनता की आर्थिक सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके।
इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायिका के पीठासीन अधिकारी के रूप में हमारा विशेष दायित्व है कि हम एक समर्थ सक्षम और सशक्त विधायिका के निर्माण का सामूहिक संकल्प लें जो 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप होने के साथ-साथ नई चुनौतियों का सामना करने में भी सफल हो।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दो दिवसीय सत्र के दौरान शताब्दी यात्रा समीक्षा और भविष्य के लिए कार्य योजना एवं पीठासीन अधिकारियों का संविधान, सदन और जनता के प्रति दायित्व विषय पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद के सभापति, विधानसभाओं के उपाध्यक्ष एवं विधानसभा के सचिव उपस्थित रहे।

रोडवेज की खस्ताहाल के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार-राजे नेगी

एक तरफ यात्री बसों के लिए परेशान हैं तो दूसरी ओर दर्जनों बसे गैराज में मरम्मत व सर्विसिंग की राह निहार रही हैं। मामला यहीं तक ही सीमित नही है कुछ बसों को रोड़वेज की इनकम बढाने के चक्कर में देहरादून के एक निजी कालेज में लगा दिया गया है। इस हाल में है अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश का रोड़वेज डिपो। कोरोनाकाल के शुरू होने के बाद से ऋषिकेश डिपो में बसो और कर्मचारियों का टोटा लगातार बना हुआ है। इसकी वजह से कई रूटों की सर्विस बुरी तरह प्रभावित हो रही है। खासतौर पर ऋषिकेश से सटे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग रोड़वेज की लचर सर्विस से बेहद परेशान हैं।
इस गंभीर मामले पर आम आदमी पार्टी ने आवाज बुलंद की है। पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा प्रभारी डॉ राजे सिंह नेगी ने हरिद्वार रोड़ स्थित पार्टी कार्यालय से जारी बयान में कहा कि ऋषिकेश में जिम्मेदारों की उदासीनता से रोडवेज का सफर बेहद मुश्किल भरा होता जा रहा है। इन दिनों सुविधाओं को लेकर जहां रोडवेज बसों के लिए यात्री बस स्टैंड पर परेशान देखे जा सकते हैं। वहीं स्थिति यह है कि हर रोज परिवहन निगम की दर्जनों बसें कार्यशाला में खड़ी देखी जा रही हैं। संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद भी जिम्मेदारों की मनमानी और लापरवाही के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। कुछ बसों को देहरादून के निजी कालेजों में लगाया गया है जिसकी वजह से नेपाली फार्म से देहरादून रोजाना आवागमन करने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोड़वेज की गलत नीतियों की वजह से सुविधाओं और आय के मामले में ऋषिकेश डिपो विपरीत हालातों के दौर से गुजर रहा है। देहरादून सहित दिल्ली मार्ग पर भी बसों की किल्लत देखने को मिल रही है। आप के विधानसभा प्रभारी डॉ नेगी के अनुसार जल्द ही व्यवस्था मे सुधार न हुआ तो मजबूरन आम आदमी पार्टी को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री दिनेश असवाल, प्रभात झा, दिनेश कुलियाल, हिमांशु नेगी, अश्वनी सिंह, पंकज गुसाईं, अजय रावत, मनमोहन नेगी, चंद्रमोहन भट्ट उपस्थित थे।

डीएसबी इण्टरनेशनल पब्लिक स्कूल का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ग्राम्यांचल डिग्री कॉलेज में 11 नवंबर 2021 से 14 नवंबर 2021 के बीच आयोजित जूनियर नेशनल चौंपियनशिप तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य की ओर से डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ऋषिकेश के छात्रों ने ओलंपिक राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिसमें छात्रों ने 14 स्वर्ण पदक, 3 रजत पदक व 2 कांस्य पदक प्राप्त किए।
अंडर 10 वर्ग में अभीष्ट भारद्वाज ने 2 स्वर्ण, वर्णित रावत ने 2 स्वर्ण तथा मनीष कंडियाल ने 1 स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
अंडर 14 बालक वर्ग में आदित्य दत्त ने 2 स्वर्ण, ओजस पैन्यूली ने 1 स्वर्ण व 1 कांस्य पदक, अभिनव घनसोला ने 1 स्वर्ण पदक तथा बालिका वर्ग में आकांक्षा उनियाल ने 2 स्वर्ण, श्रीयशी ने 1 स्वर्ण व 1 रजत , तन्वी बागड़ी ने 1 स्वर्ण व 1 रजत पदक प्राप्त किया। अंडर 17 वर्ग में अर्पित सिंह ने 2 स्वर्ण, आदित्यवर्धन रमोला ने 1 स्वर्ण व 1 रजत, अभिनव सिंह ने 1 स्वर्ण व 1 कांस्य पदक प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 पदक प्राप्त करते हुए रिकर्व राउंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
छात्रों की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन ब्रह्म स्वरुप ब्रहमचारी महाराज ने छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव सहगल ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि कोरोना काल में भी छात्र-छात्राओं ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए निरंतर अभ्यास किया। छात्रों के अभिभावकों का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कोच पवन सैनी व मैनेजर आकांक्षा वर्मा व विद्यालय के खेल विभाग का भी आभार व्यक्त किया।

महिला, बुजुर्ग और युवाओं को मिलकर करना होगा चुनाव में कार्य-रमोला

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रेश्वर नगर दुर्गा मंदिर स्थित लक्ष्य पैलेस में एआईसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला के उपस्तिथि में बूथ कमेटियों का गठन किया गया। जिसमें आगामी 2022 चुनाव के लिए महिलाओं और युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण बताई गई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई व भ्रष्टाचार से युवाओं को अवगत करते हुए बताया कि भाजपा की ये लुटेरी सरकार किस तरह लोगो को लूटने का काम कर रही है। इसके विरुद्ध युवाओं और महिलाओं को एक साथ एकजुट होकर कांग्रेस के हाथ के निशान के साथ मजबूती से खड़ा होना होगा और जो भाजपा की निकमी सरकार है इसे जड़ से उखाड़ फेंकने का काम युवाओं और महिलाओं को करना होगा। महिलाओं और युवाओं के साथ हुई बैठक में युवाओं और महिलाओं के सुझावों को बड़ी गंभीरता से सुनकर उन पर अमल करने का संकल्प लिया। इन्ही सुझावों की सूची में एक आपत्ति ऋषिकेश शहर के एक मात्र पीजी कॉलेज पर की गई घोषणाओं के विरोध में युवाओ द्वारा बताई और महिलाओं द्वारा रसोई गैस, खाद्यय तेल के बढ़ते दामों पर आपत्ति जताई गई कि किस तरह से भाजपा के नेताओं ने झूठी घोषणा कर आम जन मानस के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष परमेश्वर राजभर ने कहा कि अब वरिष्ठजनों के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं को राजनीति में आगे आकर कार्य करने की आवश्यकता है और चुनाव के समय हर बूथ पर सबसे अधिक संख्या में युवाओं की और महिलाओं की भागीदारी रहनी चाहिये व बूथों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हुजूम होना चाहिये ताकि सभी बूथों पर कांग्रेस चुनाव जीत कर आगे बढ़े और आज समाज में महिलाओं और युवाओं का प्रभुत्व ज्यादा है जो समाज को सार्थकता ओर सकारात्मकता की ओर ले जाने की शक्ति रखते है समस्त महिला शक्ति और युवाशक्ति से आह्वान किया है।
बैठक में तनीषा बिजल्वाण, लक्ष्मी देवी, कलावती, सुमन, आशा राजभर, पुष्पा शाह, राजेश शाह, मन्नू राजभर, ज्योति हलदर, सतीश राजभर, लक्ष्मण, अनिल कुमार, राजेश राजभर, शुभलाल, पिंटू प्रजापती, मोहित कुमार, सूंदर गौड़, हजरत अली, कार्तिक कुशवाहा, सुनील साहनी, नीरज सिंह, श्याम शर्मा, सुनील, मनोज राजभर, मुन्नीलाल आदि लोग मौजूद रहे।

विशेषज्ञों ने पांच तकनीकी सत्र के माध्यम से किसानों को दी जानकारी

उत्तराखंड के पहले तीन दिवसीय अंतराष्ट्रीय मसाला एवं सब्जी महोत्सव में दूसरे दिन पांच तकनीकी सत्र संपन्न हुए। जिसमें देशी-विदेशी वक्ताओं व विभिन्न शोध संस्थाओं, विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने प्रतिभाग कर मसाला एवं सब्जी की विभिन्न प्रजातियों के उत्पादन, प्रसंस्करण व पैकेजिंग में नवीनतम तकनीकी के सम्बन्ध में अपने अनुभवों को साझा किया।
दूसरे दिन का प्रथम सत्र आलोक गुप्ता अध्यक्ष, सुरभि फाउन्डेशन नई दिल्ली एवं रिर्पाेटियर डॉ. सुरेश राम उपनिदेशक श्री हेमवती नन्दन सहायक विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुआ। इसमें निदेशक आईसीएआर-एनआरसीएसएस अजमेर डॉ एसएन सक्सैना, निदेशक आईसीएआर-सीआईपीएचटी लुधियाना डॉ नचिकेत आदि ने मूल्यवर्धन तकनीक, बाजार व्यवस्था पर जानकारी दी। द्वितीय सत्र उत्तराखंड उद्यान विभाग के निदेशक डॉ एचएस बवेजा की अध्यक्षता में हुआ। इसमें न्यूयार्क से आई सलाहकार अदिति चौहान, सचिन अवस्थाी आदि ने भाग की खेती और उसके औषधीय उपयोगों के बारे में जानकारी दी। तृतीय सत्र में विदेशी वक्ताओं(रूस, आस्ट्रिया, अमेरिका, सिंगापुर आदि) ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। इसमें उन्होंने मसालों और सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के विषय पर चर्चा की। चतुर्थ सत्र में वक्ताओं ने विभिन्न प्रकार के प्रयोगों के माध्यम से डिजिटल उपयोगिता के बारे में बताया। अंतिम सत्र पर्यावरण विज्ञान की प्रोफेसर डॉ परमिन्द्र कौर की अध्यक्षता में हुआ। इसमें वक्ताओं, संबंधित विभागीय अधिकारियों और कृषकों ने कृषि विषय पर सामूहिक रूप विचार-विमर्श किया गया। किसानों को सब्जी एवं मसालों के उत्पादन में आ रही कठिनाईयों का समाधान करते हुए सत्र का समापन किया गया। मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, ऋषिकेश मंडी अध्यक्ष विनोद कुकरेती, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी, सभासद मनोज बिष्ट, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार उत्तराखंड उद्यान विभाग के समस्त अधिकारी, प्रगतिशील कास्तकार, उद्यमी उपस्थित रहे।

पालिका ने लगाई खाद की स्टॉल
अंतराष्ट्रीय मसाला एवं सब्जी महोत्सव में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से जैविक खाद के पैकेटों की स्टॉल लगाई गई है। अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने बताया कि इस खाद को घरों से निकलने वाले जैविक कूड़ें फलों, सब्जियों आदि से तैयार किया गया है। उन्होंने बताया इस खाद को घरों में खेतों, गमले आदि में आसानी से प्रयोग किया जा सकता है। उचित मूल्य पर यह पालिका के काउंटर से प्राप्त की जा सकती है।