लखीमपुरी खीरी की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना

ऋषिकेश विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई घटना के लिये देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग को लेकर त्रिवेणी घाट गांधी स्तम्भ पर काली पट्टी बांधकर मौन व्रत रखा।
इस अवसर कांग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की जनता की सुध नहीं ले रहे है ऐसे में जब कोई पीड़ित से मिलने जा रहा है तो उनको गिरफ़्तार कर उनको रोकने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर देश का किसान कई महीनों से आंदोलनरत हैं। वहीं लखीमपुर खीरी में आंदोलन कर रहे किसानों को केन्द्र सरकार के मंत्री का पुत्र गाड़ी से कुचलता है। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अभी तक कोई ठोस कार्यवाही के लिये कदम नहीं उठाया है।
महानगर के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय व सोशल मीडिया के प्रदेश महासचिव दीपक जाटव ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों की नृशंस हत्या करने वाले भाजपा के कैबिनेट मंत्री के पुत्र को कठोर सजा मिलनी चाहिए।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय सारस्वत, डॉ. के एस राणा, मदन मोहन शर्मा, विजयपाल रावत, विमला रावत, पार्षद राधा रमोला, शकुंतला शर्मा, नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस सरोज देवराडी, मधु जोशी, अरविंद जैन, प्रदीप जैन, उमा ओबरॉय, नंद किशोर जाटव, हरीराम वर्मा, अप्रेश पंचमैया, जितेन्द्रपाल पाठी, जगजीत सिंह, जतिन जाटव, संजय भारद्वाज, दीनदयाल राजभर, पुरंजय भारद्वाज, नीरज चौहान, श्याम शर्मा, एनएसयूआई अध्यक्ष शिवा सिंह, अशोक शर्मा, राहुल शर्मा, सूरज विश्नोई, इमरान सैफी, राजेश शाह, गब्बर कैंतुरा, सावित्री देवी, रोशनी देवी, गौरव यादव, सोहन सिंह, बलवीर सिंह रौतेला, रजनी कांत, विक्रम भंडारी, विनय चौहान, रामकुमार, सौरभ वर्मा, रूकम पोखरियाल आदि मौजूद थे ।

पीएम को भराडीसैंण विधानसभा भवन के लोकार्पण का निमंत्रण-अग्रवाल

एम्स ऋषिकेश में पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन करने पहुंचे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री का उत्तराखंड राज्य से विशेष लगाव रहा है एवं देवभूमि उत्तराखंड के विकास के लिए उनका हमेशा एक सकारात्मक दृष्टिकोण रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उत्तराखंडवासियों का भी अटूट विश्वास एवं प्रेम रहा है।
एम्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने एक पत्र सौंपकर प्रधानमंत्री को भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया। साथ ही गैरसैंण आने का न्योता दिया। अग्रवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री ने भी उन्हें आश्वस्त करते हुए गैरसेंण के निमंत्रण के लिए प्रमुखता से विचार करने की बात कही है। विधानसभा अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की है कि प्रधानमंत्री उनका आमंत्रण स्वीकार कर जल्द ही भराड़ीसेंण विधानसभा भवन का उद्घाटन कर प्रदेश को एक सौगात देंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

गंगा स्वच्छता का संदेश लेकर सोमेश ने शुरु की साइकिल यात्रा

बद्रीनाथ (सतोपंथ) से कन्याकुमारी की साइकिल यात्रा पर निकले साहसी युवा सोमेश द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री भारत सरकार से भेंट कर उनका धन्यवाद किया। स्पर्श हिमालय अभियान के ब्रांड एंबेसडर घोषित किए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने डा. रमेश पोखरियाल निशंक का आभार व्यक्त किया और “विश्व की प्रेरणा-हिमालय” की टैग लाइन को अपनी इस साहसिक यात्रा का मूल आधार बताया।
युवा सोमेश द्वारा अपने इस अभियान में एक भारत श्रेष्ठ भारत, स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, उन्नत भारत अभियानों में युवाओं को जोड़ने हेतु आवाहन किया जा रहा है।
स्पर्श हिमालय अभियान के अंतर्गत गंगा तथा हिमालय के संरक्षण के लिए युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के निर्वहन को भी सोमेश ने अभियान से जोड़ा है।
पूर्व शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमेश की इच्छा शक्ति की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रदान की। उन्होंने सोमेश को हिमालय के महत्व को युवाओं के मध्य रखने की आवश्यकता पर बल दिया। स्पर्श हिमालय अभियान विश्व के लिए प्रेरक है जिसमे समाहित है हिमालय में ज्ञान, विज्ञान, वेद, आयुर्वेद, सुख, शांति, सौंदर्य, योग, गंगा, संजीवनी, समृद्धि, संस्कृति, रहस्य, रोमांच, आस्था और आध्यात्म। युवा देश में युवा शक्ति ही विभिन्न उदेश्यों और अभियानों को सफल तथा देश और दुनिया में पहुंचा सकती है सोमेश को इस संदेश को भी युवाओं तक देना है।
इससे पूर्व डा निशंक ने अपने आवास पर इस युवा साइकिलिस्ट का स्वागत किया तथा स्पर्श अभियान की संयोजिका आरुषि निशंक ने सोमेश के दूसरे चरण की यात्रा को फ्लैग ऑफ कर उन्हे शुभ कामनाएं प्रदान की। आरुषि ने कहा कि सोमेश हिमालय के सतोपंथ से लेकर जिस जल को देश भर में संकल्प के रूप में ले जा रहे है वो एक भागीरथ प्रयास है। ये देशभर के लिए गंगा स्वच्छता का संदेश भी प्रदान कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि विगत एक अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम से सोमेश की इस साहसिक यात्रा के प्रथम चरण का शुभारभ किया गया है।

सेवा के 20 वर्ष पूरे होने पर पीएम के नाम पाती

राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर अनिता ममगाईं सहित बूथ अध्यक्ष एवं शक्ति केंद्रों के संयोजक ने गंगा किनारे बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर आसीन होने के 20 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखे। जिसमें सभी बूथ अध्यक्षों एवं शक्ति केंद्र संयोजको सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपनी भावनाएं अपने पत्र के माध्यम से प्रकट की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक संविधानिक जीवन के 20 वर्ष पूरे करने पर ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम में पहुंच कर देवभूमि के प्रति आकर्षण एवं लगाव को दर्शाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके द्वारा निरंतर राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं वह अद्भुत है।
बलूनी ने कहा है कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता संपूर्ण देश में प्रधानमंत्री के समर्थन में उत्साहपूर्वक आज पोस्टकार्ड एवं पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं प्रकट कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व लंबे समय तक इस देश को मिलता रहे, जिससे यह देश विश्व गुरु के पद पर आसीन हो।
इस अवसर पर विधायक देशराज कर्णवाल, राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा बिपिन कैंथोला, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, रजनी बिष्ट आदि सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित हुई

वन विभाग के वन्यजीव सप्ताह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। चित्रकला में नालंदा शिक्षण संस्थान के आयुष राणा और निबंध में आकाश जेठूड़ी प्रथम स्थान पर रहे।
बुधवार को वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत श्यामपुर स्थित नालंदा शिक्षण संस्थान में रचनात्मक प्रतियोगिताएं हुई। इनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। निबंध लेखन में प्रियंका नेगी ने बाजी मारी। जबकि शिखा बडोला, तनुश्री रावत, सृष्टि पैन्यूली क्रमशः द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान पर रहे। चित्रकला में पल्लवी भारती द्वितीय, शुभम तृतीय, आयुष पैन्यूली ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत पर्यावरण प्रमुख विनोद जुगलान एवं वन क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश महेंद्र सिंह रावत ने वन्यजीव के समापन से पहले वन्यजीवों एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में जानकारी दी। प्रतियोगिता में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को लेखन सामग्री देकर सम्मानित किया। मौके पर वन दरोगा स्वयंबर दत्त कंडवाल, वन बीट अधिकारी राजेश बहुगुणा, नालन्दा शिक्षण संस्थान प्रमुख महावीर उपाध्याय, प्रधानाध्यापिका राम प्यारी कलूड़ा, टेक सिंह राणा, वीरेंद्र रयाल, विक्रम नेगी, रुचिका चौहान, प्रवेश सकलानी, अरविंद बडोनी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

कृषि मंत्री ने व्यपारियों की मांग पर मंडी समिति के नोटिस कार्रवाई पर रोक लगाई

मंडी समिति की किराया वसूली को लेकर की जा रही नोटिस की कारवाई पर उत्तराखंड के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने फिलहाल रोक लगा दी है। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने बताया कि फल एवं सब्जी थोक विक्रेता संघ के प्रतिनिधि मंडल द्वारा कृषि मंत्री से इस संदर्भ में मुलाकात की गई थी। व्यपारियों का पक्ष मजबूती से रखने पर कृषि मंत्री ने इस संदर्भ में तत्काल कृषि उत्पादन मंडी समिति के अध्यक्ष को जांच करने और मंडी सचिव को जांच पूरी ना होने तक किसी भी तरह की कारवाई न करने के आदेश दिए गये है।
फल एवं सब्जी थोक विक्रेता संघ के महामंत्री गिरीश छाबड़ा ने बताया कि मंडी समिति द्वारा पारित नियमों के अनुरूप वर्ष 1992 में 23 दुकानें ए श्रेणी में 22 दुकानें शैड एवं सात दुकानें सी क्लास में आवंटित की गई थी। उस दौरान तय किया गया था कि हर तीन वर्ष पश्चात परस्पर सहमति से दुकानों के किराए में 15 प्रतिशत की वृद्धि की जायेगी। लेकिन कुछ वर्षों बाद उक्त व्यवस्था में झोल उत्पन्न हो गया। अब तमाम व्यापारियों को किराया वसूली के नाम पर नोटिस थमाए जा रहे हैं। जिसकी वजह से व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बन गई है।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के पूर्व अध्यक्ष अनिल खुराना व पूर्व महामंत्री चंद्र प्रकाश चौरसिया भी शामिल रहे।

सनकादिक पीठ में श्रीमद् भागवत ज्ञान महायज्ञ के पाचवें दिन नंद महोत्सव मनाया

ब्रह्मपुरी राम तपस्थली सनकादिक पीठ में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान महायज्ञ के पाचवें दिन नंद महोत्सव में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पहुंचे और कथा का लाभ उठाया। इस दौरान ऋषि कुमारों ने उनका पुष्प वर्षा और स्वस्तिवाचन से स्वागत किया।
तुलसी मानस मंदिर के अध्यक्ष रवि शास्त्री ने बताया कि मदन कौशिक के पहुंचने पर ब्रह्मपुरी राम तपस्थली के संस्थापक अध्यक्ष महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज ने उत्तरीय एवं तुलसी का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने सभी आए हुए महामंडलेश्वर संत महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं व्यासपीठ पर विराजमान आचार्य सतीश कौशिक महाराज को पुष्पहार पहनाकर आशीर्वाद लिया।
उन्होंने कहा कि आज पृथ्वी पर अगर धर्म बचा है तो आज उसका श्रेय घर-घर हो रही भागवत कथा, राम कथाओं को जाता है। जो इन संत महात्माओं के द्वारा की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमे अपने बच्चों को संस्कार देने चाहिए, जिससे धर्म की रक्षा की सके। हम सभी धर्म अनुरागी भक्तों आज मां गंगा के तट पर संकल्प लें कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के साथ-साथ हम अपने क्षेत्र के आसपास पौधारोपण जरूर करेंगे। अपने घर जन्मदिन मनाए किंतु पौधा जरूर लगाएं। कौशिक ने भगवत कथा में सभी भक्तों के साथ मिलकर नंद महोत्सव भी मनाया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर दया राम दास महाराज, संदीप गुप्ता, संजय व्यास, महावीर दास, प्रमोद दास, मीना श्रीवास्तव, डॉ राहुल श्रीवास्तव, आरती श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, निधि श्रीवास्तव, गौरव पुष्पेंद्र, राखी, मनीष, सुनील, आहूजा आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शारदीय नवरात्रों में कब करनी है घट स्थापना, जानिए पूरी विधि

शारदीय नवरात्रि की शुरुआत कल से हो रही है। हिंदू धर्म में नवरात्रि का बहुत अधिक महत्व होता है। 7 अक्टूबर को नवरात्रि का पहला दिन है। नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना की जाती है और अखंड ज्योत जलाई जाती है। नवरात्रि का दौरान मां के 9 रूपों की पूजा- अर्चना की जाती है। नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम रूप शैलपुत्री की पूजा की जाती है। आइए जानते हैं कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त और मां दुर्गा की पूजा विधि जानिए।

अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना का विशेष महत्व है। घट स्थापना के दिन चित्रा नक्षत्र जैसे शुभ योगों का निर्माण हो रहा है। इस दिन कन्या राशि में चर्तुग्रही योग का शुभ संयोग बन रहा है। घट स्थापना मुहूर्त 7 अक्टूबर को सुबह 6 बजकर 17 मिनट से 7 बजकर 7 मिनट तक और अभिजीत मुहूर्त 11 बजकर 51 मिनट से दोपहर 12 बजकर 38 मिनट के बीच है। जो लोग इस शुभ योग में कलश स्थापना न कर पाएं, वे दोपहर 12 बजकर 14 मिनट से दोपहर 1 बजकर 42 मिनट तक लाभ का चौघड़िया में और 1 बजकर 42 मिनट से शाम 3 बजकर 9 मिनट तक अमृत के चौघड़िया में कलश-पूजन कर सकते हैं।

पूजा विधि-
इस दिन सुबह उठकर जल्गी स्नान कर लें, फिर पूजा के स्थान पर गंगाजल डालकर उसकी शुद्धि कर लें।
घर के मंदिर में दीप प्रज्वलित करें।
मां दुर्गा का गंगा जल से अभिषेक करें।
मां को अक्षत, सिन्दूर और लाल पुष्प अर्पित करें, प्रसाद के रूप में फल और मिठाई चढ़ाएं।
धूप और दीपक जलाकर दुर्गा चालीसा का पाठ करें और फिर मां की आरती करें।
मां को भोग भी लगाएं। इस बात का ध्यान रखें कि भगवान को सिर्फ सात्विक चीजों का भोग लगाया जाता है।

पूजा सामग्री-
लाल चुनरी
लाल वस्त्र
मौली
श्रृंगार का सामान
दीपक
घी/ तेल
धूप
नारियल
साफ चावल
कुमकुम
फूल
देवी की प्रतिमा या फोटो
पान
सुपारी
लौंग
इलायची
बताशे या मिसरी
कपूर
फल-मिठाई
कलावा

सीएम ने पीएम दौरे को लेकर व्यवस्थायें जांची, दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश एम्स पहुंचकर प्रधानमंत्री के दौरे संबंधी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल का जायजा लेते हुए एम्स प्रशासन और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा कर लिया जाए। प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्था भलि-भांति चेक कर ली जाएं और कोविड प्रोटकॉल का पूरा ध्यान रखा जाए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव वित्त अमित नेगी, सचिव सूचना पंकज पांडेय, आईजी इंटेलीजेंस संजय गुंज्याल, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारी समेत जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवभूमि से उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न ऑक्सीजन प्लांट्स का शुभारम्भ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है, इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड को ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, उडान योजना से एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने समेत केदारनाथ पुनर्निर्माण की सौग़ात दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी देव भूमि आते हैं तो हम सब को जनसेवा के कार्य करने की नई ऊर्जा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के विकास की लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा।

एवलांच की चपेट में आए नौ सेना अधिकारी की याद में बनेगा शहीद द्वार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जोगीवाला स्थित गंगोत्री विहार में अनंत कुकरेती के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्मा के शांति की कामना की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद एवं मेयर सुनील उनियाल गामा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनंत कुकरेती की स्मृति में शहीद द्वार बनाया जाएगा। गौरतलब है कि त्रिशुल पर्वत में एवलांच आने से नौ सेना के पर्वतारोही दल में शामिल सदस्यों की मृत्यु हो गई थी।