राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लिए हैली सेवा शुरु, बढ़ेगा पर्यटन

नागरिक उड्डयन मंत्रालय और उत्तराखण्ड सरकार द्वारा तीसरी हेलीकाप्टर समिट-2021 का आयोजन किया गया। इसकी थीम इंडिया@75 भारतीय हेलीकाप्टर उद्योग के विकास में तेजी लाना और वायु सम्पर्क बढ़ाना था।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि भारत का विकास सभी राज्यों के सहयोग से मुमकिन है। उन्होंने कहा उत्तराखंड सरकार हमेशा विकास में अपना योगदान देने हेतु तत्पर रहती है। उन्होंने कहा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं राज्य में युवा नेतृत्व से उत्तराखंड का विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा विभिन्न दुर्गम क्षेत्रों में हर छोटी बड़ी सुविधा पहुंचाने हेतु हेलीकॉप्टर का योगदान रहता है। उन्होंने कहा हमने भारत में हेलीकॉप्टरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया है। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा आज मुख्यमंत्री और मैंने संयुक्त रूप से उत्तराखंड के विभिन्न जगहों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की है इससे निश्चित रूप से जनता को लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखण्ड में एवियेशन टर्बाे फ़्यूल (एटीएफ) में लगने वाले वेट को 20 प्रतिशत से घटाकर 2 परसेंट किए जाने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहा।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय में हेलीकाप्टर एक्सीलेटर सैल की स्थापना करने और देश में हेलीकाप्टर कोरिडोर विकसित किए जाने की बात कही गई। कार्यक्रम में नागरिक उड्डयन मंत्रालय की वेबसाईट पर हेली सेवा पोर्टल का बीटा वर्जन लांच किया गया। साथ ही सिविल हेलीकाप्टर आपरेशन के दिशानिर्देश के लिए हेली दिशा नामक पुस्तिका का विमोचन किया गया। साथ ही हेलीकाप्टर आपरेशन के प्रोत्साहन के लिए नीति और हेली इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज का रोड मैप भी जारी किये गये।
समिट में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बड़ा महत्वपूर्ण दिन है। प्रधानमंत्री की सोच है कि देश का सामान्य नागरिक भी हवाई सेवा का लाभ उठाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नई हेली सेवाओ का शुभारंभ करने पर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि आम जनता भी हेलीकॉप्टर का लाभ ले सके इस पर हमारी सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हम सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के मंत्र के साथ हेलीकॉप्टर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा हेलीकॉप्टर सेवाओं को बढ़ावा देने से संबंधित आने वाली हर समस्या का समाधान करने के लिए हमारी सरकार तैयार है। उन्होंने कहा हमारी सरकार कम दामों पर जनता को हेली सुविधा देने पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेलीकॉप्टरो की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा आपदा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में हेलीकॉप्टरों ने हमेशा जीवनदायिनी की भूमिका निभाई है। प्रदेश सरकार ने उत्तराखण्ड में एवियेशन टर्बाे फ़्यूल (एटीएफ) में लगने वाले वेट को 20 प्रतिशत से घटाकर 2 परसेंट कर दिया है, इसके पीछे सरकार की मंशा यह है कि एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अधिक से अधिक हेली कंपनियां उत्तराखंड आए।
इस अवसर पर मौजूद केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि हिमालय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर की भूमिका और ज्यादा बढ़ जाती है। उन्होंने कहा एयर एंबुलेंस, एयर टैक्सी एवं आपदाओं में हेलीकॉप्टर की अहम भूमिका रहती है। हिमालयी क्षेत्रों में हेलीकॉप्टरों की कनेक्टिविटी बढ़ाई जाए इस पर कार्य किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड में हमेशा से ही हेलीकॉप्टरो की अहम भूमिका रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड में एयर टैक्सी पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा टिहरी बांध जैसी विभिन्न जगहों पर सी प्लेन उतारे जाने को लेकर हमारे प्रयास जारी है।
इस दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, उत्तराखण्ड में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, सचिव नागरिक उड्डयन भारत सरकार राजीव बंसल, संयुक्त सचिव नागरिक उड्डयन भारत सरकार उषा पाधी, एयरपोर्ट ऑथेरिटी ऑफ इण्डिया के चेयरमेन संजीव कुमार, सचिव नागरिक उड्डयन उत्तराखण्ड दिलीप जावलकर, एयरबस इंडिया के एमडी रेमी मेलार्ड, फिक्की के महासचिव दिलीप चिनॉय सहित भारत सरकार और उत्तराखण्ड सरकार के अधिकारी और एवियेशन सेक्टर से जुड़े लोग उपस्थित थे।

अनूसूचित जाति के लोगों की जमीन एक ही समुदाय के द्वारा खरीदने पर सवाल

नैनीताल के सरना गांव में अनुसूचित जाति के लोगों की जमीन कौड़ियों के दाम एक ही समुदाय के लोगों ने एक साथ खरीदी। इस मुद्दे को संवेदनशील करार देते हुए भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाक़ात कर उच्च स्तरीय जांच का अनुरोध किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात में नैनीताल की धारी तहसील के सरना गांव के मामले को उठाते हुए अंदेशा जताया कि इसके लिए बड़ी संख्या में एक समुदाय विशेष के लोगों ने शायद अनुसूचित जाति के लोगों को डराया-धमकाया और लालच दिया गया होगा। उच्च स्तरीय जांच से इसका खुलासा हो सकता है।
उन्होंने ने कहा कि 21 व 22 सितम्बर को सरना गांव में एक साथ 13 लोगों ने भूमि की रजिस्ट्री की। इस भूमि के सभी खरीददार अलीगढ़ व संभल के हैं। कुछ भूमि बेचने वालों की पत्नियों ने धारी के उप जिलाधिकारी को इस मामले में लिखित शिकायत की है। महिलाओं ने कहा है कि उनके पति ने अपनी भूमि के पंजीकृत बैनामे कर दिए। इससे भविष्य में परिवार पर प्रत्यक्ष व परोक्ष तौर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने यह भी शिकायत की है कि ये वे भूमि हैं जिस पर बैंक ऋण भी लिया गया है।
उन्होंने कहा कि बेची गई भूमि के सह खातेदार भी हैं। एक सह खातेदार ने इस सम्बन्ध में धारी के तहसीलदार के न्यायालय में एक वाद भी दाखिल किया गया है। यह भी जानकारी मिली है कि भूमि को बाजार भाव के विपरीत कौड़ियों के भाव ख़रीदा गया है। भूमि का लेन-देन नगद किया गया है। इससे यह संदेह पैदा हो रहा है कि भूमि की खरीद-फरोख्त में किसी एक खास व्यक्ति अथवा संस्था की भूमिका है। उसकी तरफ से बेनामी संपत्ति खरीदी जा रही है। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

नमामि गंगे परियोजना से गंदे नालों को टेप करने में मिली मदद-विस अध्यक्ष

नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत चंद्रेश्वर नगर में निर्मित 7.5 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) का केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल, उत्तराखंड पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल, उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एवं कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
एसटीपी प्लांट के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री ने प्लांट से संबंधित सभी जानकारियां पेयजल निगम के अधिकारियों से प्राप्त की। प्रहलाद पटेल ने पांच मंजिला सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की कार्य क्षमता देखकर इस पर संतोष जताया। कहा कि गंगा में मिलने वाले दूषित नालों को रोकना और शोधित करना एक बड़ी चुनौती है, नमामि गंगे परियोजना इस दिशा में काफी हद तक सफल रही है। उन्होंने कहा की ऋषिकेश व हरिद्वार शहर में दूषित नालों को रोकने और सीवर शोधन के लिए पर्याप्त क्षमता के एसटीपी बनाए गए हैं। ऋषिकेश में लक्कड़घाट का एसटीपी 26 एमएलडी का बनाया गया है, जो अपने आप में बहुत बड़ा प्लांट है। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट आसपास की आबादी की अगले कई सालों की जरूरत पूरी कर सकते हैं। सभी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बेहतर ढंग से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा की उच्च स्तर पर इनकी नियमित रूप से मॉनीटरिंग होती रहे।
चंद्रेश्वर नगर में तीन नालो श्मशान घाट, चंद्रेश्वर नगर एवं ढालवाला नाला से अनुपचारित गंदा पानी सीधे गंगा नदी में मिलकर गंगा जल को प्रदूषित कर रहा था। तीनों नालों को टैप कर सीवेज पंपिंग स्टेशन के माध्यम से 7.5 एमएलडी एसटीपी तक शोधन हेतु पहुंचा कर उपचारित किया जा रहा है। एसटीपी प्लांट स्थल घनी आबादी के बीच स्थित होने एवं संयंत्र हेतु पर्याप्त भूमि उपलब्ध ना होने के कारण इसका डिजाइन मूविंग बेड बायोफिल्म रिएक्टर तकनीक के अनुसार बनाया गया जो कि अपने तरह का एकमात्र बहुमंजिला एसटीपी प्लांट है। 41.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 7.5 एमएलडी एसटीपी प्लांट द्वारा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार वर्तमान में प्रतिदिन 5 एमएलडी सीवेज शोधन किया जा रहा है। इस तकनीकी पर आधारित एसटीपी प्लांट में प्राइमरी शोधन यूनिट, एमबीबीआर रिएक्टर, सेकेंडरी क्लेरिफायर, डिसइन्फेक्शन यूनिट एवं सलज डिवाटरिंग यूनिट सम्मिलित है।
विधानसभा अध्यक्ष एवं अन्य मंत्रियों द्वारा केंद्रीय राज्यमंत्री के ऋषिकेश आगमन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों के समक्ष केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री से एसटीपी प्लांट से घनी आबादी में होने वाली आवाज की समस्या के निदान पर भी बातचीत की। वही अग्रवाल ने शोधित जल को गिलास में लेकर उसकी शुद्धता के बारे में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर पेयजल निगम के चीफ इंजीनियर केके रस्तोगी, चीफ इंजीनियर एस सी पंत, नमामि गंगे के तकनीकी निदेशक प्रवीण कुमार, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता नमित रमोला एवं अन्य अधिकारी सहित ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, पार्षद शिव कुमार गौतम, कविता साह, सीमा रानी, उषा जोशी, सुमित पवार, प्रदीप कोहली, जयंत शर्मा, एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

9 करोड़ की योजनाओं से विधानसभा ऋषिकेश की आधी आबादी को मिलेगा स्वच्छ जल

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल निगम के माध्यम से लगभग 9 करोड 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली श्यामपुर में पेयजल योजना का आज जलशक्ति केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल, उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल एवं पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने संयुक्तरुप से शिलान्यास किया।
श्यामपुर के अंतर्गत पंचायत भवन, भल्लाफ़ार्म में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जलशक्ति केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि ऋषिकेश क्षेत्र में पानी की किल्लत इस पेयजल योजना से दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों की मूल भूत योजनाएं आवास, शौचालय, पेंशन, हर घर को 18 घंटा बिजली, टोंटी से जल 2022 तक प्रत्येक घर को उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि देशभर में पीएम मोदी की मंशा के अनुरूप हर घर पीने का पानी पहुंचाने के लिए राज्य सरकारों को पैसे की कोई कमी नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने इसके लिए खजाना खुला रखा है। उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार परियोजनाओं के रखरखाव के लिए ट्रेनिंग जैसे कार्यक्रम शुरू कर रही है।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने लगभग 9 करोड 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली श्यामपुर पेयजल योजना के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना से भल्ला फार्म, भट्टा फार्म, श्यामपुर मोहल्ला, श्यामपुर, बैटरी फ़ार्म एवं नंबरदार फार्म के निवासी शुद्ध पेयजल आपूर्ति से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से क्षेत्र में दो ट्यूबेल, दो उच्च जलाशय, राइजिंग मेन सहित 44 किलोमीटर नई पाइप लाइन बिछाये जाने का कार्य किया जाना है। विस अध्यक्ष ने कहा कि श्यामपुर क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए वह विगत कई समय इस योजना को स्वीकृत किए जाने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि इस पेयजल योजना के बन जाने से श्यामपुर क्षेत्र में पेयजल का संकट दूर होगा एवं हजारों परिवार शुद्ध पेयजल से लाभान्वित होंगे।
पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि प्रदेश में पेयजल योजनाओं को लेकर सरकार द्वारा विशेष कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के हर व्यक्ति को पानी देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में पंपिंग योजनाओं के तहत ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश में वर्षा जल संग्रहण को लेकर सरकार द्वारा काफी कार्य किए जा रहे हैं। जिसके लिए प्रदेश स्तर पर विस्तृत कार्य योजना बनाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह और एनजीओ की सहायता से वृहद स्तर पर जल संग्रह को लेकर कार्य किया जा रहा है। कहा कि क्षेत्रों मे 1 रूपये पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराना राज्य सरकार द्वारा जनहित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय है।
इस अवसर पर पेयजल निगम के मुख्य अभियंता केके रस्तोगी, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र पंत, अधिशासी अभियंता मिशा सिन्हा, भाजपा के मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, श्यामपुर के प्रधान विजय पाल जेठूडी, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैनूली, क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय लक्ष्मी पंवार, प्रधान दीपा राणा, खैरी कला प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल, राजवीर रावत, जसविंदर राणा, पंकज जुगलान, कमला नेगी, इंदु थपलियाल, समा पवार, पवन पांडे, राकेश व्यास, राजेश व्यास सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप धस्माना ने किया।

श्रीनगर में शिक्षकों की हत्या पर रोष जताया, शोक सभा में दी श्रद्धाजंली

आम आदमी पार्टी के बुद्विजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजे सिंह नेगी ने श्रीनगर के ईदगाह क्षेत्र में एक महिला सहित दो निर्दाेष स्कूली शिक्षकों की आतंकवादियों द्वारा की गई निर्मम हत्या की पुरजोर शब्दों में निंदा की है। पार्टी की ओर से आयोजित शोक सभा में मृतक शिक्षकों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई।
शोक सभा को सम्बोधित करते हुए नेगी ने कहा कि शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों की निर्ममतापूर्वक हत्या से समूचा देश स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माता माने जाने वाले शिक्षकों की हत्या के बाद मानवाधिकार के वे समर्थक कहां हैं जो सुरक्षा बलों द्वारा किसी आतंकवादी को मार गिराए जाने पर आवाज उठाने में एक पल भी नहीं गंवाते। उन्होंने मृतक शिक्षकों के परिवार वालों को उचित मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग के साथ केन्द्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कारवाई की मांग भी की। शोक जताने वालों में जिला संगठन मंत्री दिनेश असवाल विक्रांत भारद्वाज, शिवम भट्ट, आशीष सैनी, रोहिताश आर्य, अनिरुद्ध यादव, हर्ष शर्मा, प्रवीन असवाल, प्रभात झा, अजय रावत, सौरव पुंडीर, नीरज कश्यप, जगदीश कोहली, देवराज नेगी आदि उपस्थित थे।

युवा मुख्यमंत्री के विजन पर प्रधानमंत्री ने लगाई मुहर

देवभूमि उत्तराखंड को अगले कुछ सालों में देश के नंबर वन राज्य बनाने का संकल्पित युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुहर लगा दी है। एम्स ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ना सिर्फ़ युवा ऊर्जावान और उत्साही मुख्यमंत्री कहा बल्कि उन्हें “मित्र” कहकर संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को इस सहज भाव और अपनेपन से सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड देव भूमि है, वीर भूमि है। केन्द्र सरकार सैनिकों के हितों के लिये गम्भीर है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी एक सैनिक पुत्र हैं।
प्रधानमंत्री मोदी यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने संबोधन में पुष्कर सिंह धामी को युवा चेहरा और उत्साह से लवरेज मुख्यमंत्री बताया। प्रधानमंत्री ने 22 साल के उत्तराखंड को अगले तीन सालों में डबल इंजन की मदद से देश के शीर्ष राज्यों में शामिल करने का भरोसा दिलाया है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगले कुछ वर्ष में उत्तराखंड गठन के 25 साल में पूरे हो जाएंगे, यही समय है सही समय है कि युवा और ऊर्जावान टीम के साथ केंद्र सरकार यहां के लोगों के सपनों को नई बुलंदी पर पहुंचाए।
प्रधानमंत्री ने धामी सरकार द्वारा युद्धस्तर पर चलाए जा रहे कोविड टीकाकरण अभियान को लेकर तारीफ करते हुए कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी मैनेजमेंट का ही नतीजा है कि उत्तराखंड जल्द शत-प्रतिशत टीकाकरण वाला राज्य बन जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इन तमाम बातों से यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी युवा सोच के साथ विकास के जिस रोड मैप को लेकर चल रहे हैं, आने वाले समय में युवा उत्तराखंड हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा।

पीएम के उद्घाटन के बाद पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र देश के सभी जिलों में चालू हुए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड में एम्स ऋषिकेश में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में 35 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में पीएम केयर्स के तहत स्थापित 35 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किये। इससे देश के सभी जिलों में अब पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र चालू हो गए हैं।

नवरात्रि के प्रथम दिन देवभूमि उत्तराखण्ड आना सौभाग्यः प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने नवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि ‘आज से नवरात्रि का पावन पर्व भी शुरू हो रहा है। प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा होती है। मां शैलपुत्री, हिमालय पुत्री हैं। और आज के दिन मेरा यहां होना, यहां आकर इस मिट्टी को प्रणाम करना, हिमालय की इस धरती को प्रणाम करना, इससे बड़ा जीवन में कौन सा धन्य भाव हो सकता है।’

मन, कर्म, सत्व और तत्व का नाता है देवभूमि से
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देव भूमि उत्तराखण्ड ऋषियों की तपस्थली रही है। योग नगरी के रूप में ये विश्व को आकर्षित करती रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि उनके लिए महत्वपूर्ण है, इस भूमि से उनका मन और कर्म का नाता है तो सत्व और तत्व का भी। उत्तराखण्ड आकर उन्हें नई ऊर्जा मिलती है। उत्तराखण्ड की दिव्यधरा ने मुझ जैसे ना जानें कितने लोगों की जीवन धारा को मोड़ने में मदद की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के ही दिन 20 वर्ष पहले उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर जनता की सेवा का नया दायित्व मिला था। उन्होंने विशेष तौर पर ये बात कही कि इस यात्रा की शुरुआत उत्तराखण्ड राज्य के गठन के साथ हुई थी क्योंकि उत्तराखण्ड गठन के कुछ माह बाद गुजरात के मुख्यमंत्री का पदभार उन्होंने सम्भाला था। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर इस धरा को प्रणाम करना मेरे लिए सौभाग्य का क्षण है। प्रधानमंत्री ने राज्य को ओलम्पिक और पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

कोरोना से लड़ाई में देश का सामर्थ्य दिखा, बड़े पैमाने पर हेल्थ सुविधाएं विकसित
प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि जिस धरती से योग और आयुर्वेद जैसी जीवनदायिनी शक्तियों को बल मिला, उसी धरती से आज आक्सीजन के प्लांट समर्पित किए जा रहे हैं। कहा कि कोरोना से लड़ाई में इतने कम समय में भारत ने जो सुविधाएं तैयार की हैं, वे हमारे देश के सामर्थ्य को दिखाता है। पहले सिर्फ 1 टेस्टिंग लैब थी अब करीब 3 हजार टेस्टिंग लैबों का नेटवर्क है। मास्क और किट्स के आयातक से निर्यातक बनने का सफर किया। देश के दूर दराज वाले इलाकों में भी वेंटिलेटर्स की सुविधाएं बढ़ी हैं। मेक इन इण्डिया में कोराना वैक्सीन का तेजी से और बड़ी मात्रा में निर्माण किया गया। दुनिया का सबसे बड़ा और तेज टीकाकरण अभियान भारत में चल रहा है। भारत ने जो कर दिखाया वह हमारी संकल्पशक्ति, हमारे सेवाभाव, हमारी एकजुटता का प्रतीक है। भारत ने मेडिकल आक्सीजन के उत्पादन में 10 गुना से अधिक वृद्धि की है।

युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रभावी मैनेजमेंट से उत्तराखण्ड में तेजी से टीकाकरण अभियान
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है कि कोरोना वैक्सीन की 93 करोड़ डोज लगाई जा चुकी है। बहुत जल्द 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएंगे। भारत ने कोविड वैक्सीन प्लेटफार्म का निर्माण करके पूरी दुनिया को राह दिखाई है कि इतने बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन कैसे किया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा और ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में बहुत तेजी से कोविड टीकाकरण हो रहा है। राज्य सरकार के प्रभावी मैनेजमेंट से उत्तराखंड बहुत जल्द 100 प्रतिशत पहली डोज पूरी करने वाला है।

सरकार का लक्ष्य देश के हर जिले में हो मेडिकल कॉलेज
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सरकार इस बात का इंतजार नहीं करती कि नागरिक उसके पास अपनी समस्याएं लेकर आएंगे तब कोई कदम उठाएंगे। सरकारी माइंडसेट और सिस्टम से इस भ्रांति को बाहर निकाल रहे हैं। अब सरकार नागरिक के पास जाती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 6-7 साल पहले तक सिर्फ कुछ राज्यों में ही एम्स की सुविधा थी, आज हर राज्य तक एम्स पहुंचाने के लिए काम हो रहा है। 6 एम्स से आगे बढ़कर 22 एम्स का सशक्त नेटवर्क बनाने की तरफ हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का ये भी लक्ष्य है कि देश के हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कालेज जरूर हो।

उत्तराखण्ड में जलजीवन मिशन में हुआ काफी काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के निर्माण का सपना अटल जी ने पूरा किया था। अटल जी मानते थे कि कनेक्टिविटी का सीधा कनेक्शन विकास से है। उन्हीं की प्रेरणा से देश में कनेक्टिविटी के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अभूतपूर्व स्पीड और स्केल पर काम हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2019 में जलजीवन मिशन शुरू होने से पहले उत्तराखण्ड के सिर्फ 1 लाख 30 हजार घरों में ही नल से जल पहुंचता था। आज उत्तराखण्ड के 7 लाख 10 हजार से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचने लगा है।

सैनिकों के हितों को लेकर सरकार गम्भीर
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर फौजी, हर पूर्व फौजी के हितों को लेकर भी पूरी गम्भीरता से काम कर रही है। ये हमारी सरकार ही है जिसने वन रैंक वन पेंशन को लागू करके अपने फौजी भाईयों की 40 साल पुरानी मांग पूरी की। उत्तराखण्ड की देश की सुरक्षा में बड़ी भूमिका रही है। यहां के नौजवान, भारतीय सुरक्षा बलों की आन बान व शान हैं। केदारनाथ धाम में सुविधा बढ़ाई जा रही है, चारधाम परियोजना देश दुनिया के श्रद्धालुओं को आसान बनाने के साथ ही कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ रही है।

केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयास, उत्तराखण्ड के लोगों के सपनों को पूरा करने का आधार
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम उत्तराखंड को आगे बढ़ाने का ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयास, यहां के लोगों के सपनों को पूरा करने का आधार है। यहां कनेक्टिविटी के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। चारधाम ऑलवेदर रोड़, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, उड़ान में हवाई सेवाएं आदि से उत्तराखण्ड की जनता को काफी लाभ मिलने वाला है। अगले कुछ वर्ष में उत्तराखंड गठन के 25 साल में होगा। यही समय है सही समय है। यहाँ के लोगों के सपनों को नई बुलंदी देने वाला है।

प्रधानमंत्री की 20 वर्षों की यात्रा महान संकल्पों की यात्रा-धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखण्ड की सवा करोड़ जनता की ओर से देवभूमि आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की पिछले 20 वर्षों की यात्रा महान संकल्पों का उदाहरण है। प्रधानमंत्री जी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण मां भारती की सेवा में लगा दिया, जो हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों की सुरक्षा एवं सेवा के लिये राष्ट्रव्यापी जीवन रक्षक ऑक्सीजन प्लाण्टों को समर्पित किया है।
आज से लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व जब कोरोना महामारी का प्रारंभ हुआ था तब से आज तक प्रधानमंत्री जी ने एक नेता एवं प्रशासक की भांति ही नहीं बल्कि हमारे अभिभावक की भांति हमारा हाथ थामा और मुश्किल की घड़ी में पूरे देश को हौंसला दिया। पूरा विश्व इस बात का साक्षी है कि जिस देश को लेकर विशेषज्ञ तरह-तरह की आशंका जता रहे थे उस देश ने न सिर्फ कोरोना का डटकर सामना किया बल्कि वैक्सीन बनाने में भी अग्रणी भूमिका निभाई। सैनिकों के प्रति प्रधानमंत्री जी का सम्मान जग जाहिर है। हमने देखा है कि एक मुख्यमंत्री के रूप में और अब एक प्रधानमंत्री के रूप में वे हर बार दिवाली और होली सैनिकों के साथ मनाते हैं।

आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इण्डिया युवाओं के मन में बस चुके आंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के बच्चे बच्चे की जुबां पर आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत, स्किल इण्डिया, फिट इण्डिया, मेक इन इण्डिया जैसे नारे रहते हैं। ये सिर्फ नारे नहीं है बल्कि आज, ये देश के हर नागरिक, हर युवा के मन में बस चुके आंदोलन का रूप ले चुके हैं। कोरोना काल में आत्मनिर्भर भारत योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने करोड़ो लोगों को रोजगार और दो वक्त का भोजन सुनिश्चित किया है। जहां एक ओर आयुष्मान भारत योजना ने देश के हर व्यक्ति को यह भरोसा दिलाया है कि बीमारी के समय पर उन्हें उपचार अवश्य मिलेगा वहीं दूसरी ओर उज्जवला योजना ने करोड़ों गरीब माताओं-बहनों की आंख के आंसू पोछे हैं। सैंकड़ों वर्षों से अपने निर्माण की बांट जोह रहे श्रीराम मंदिर के पुर्ननिर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। कश्मीर से धारा 370 का खात्मा हो सका और कश्मीर का भारत में पूर्ण एकीकरण हो सका। चाहे औद्योगिक विकास हो, शैक्षिक विकास हो, सामाजिक विकास हो या आध्यात्मिक विकास हो, प्रधानमंत्री जी की सोच व्यापक रही है। यह नमामि गंगे, स्वच्छता अभियान, नई शिक्षा नीति, इन्द्रधनुष योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड जैसी अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं से परिलक्षित होता है।

कोविड से लड़ाई में केंद्र का मिला पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड चारधाम की भूमि तो है ही ये वीर भूमि भी है, जिसे प्रधानमंत्री जी ने सैन्यधाम की संज्ञा भी दी है। उत्तराखण्ड की इस भूमि से प्रधानमंत्री जी का विशेष स्नेह किसी से छुपा नहीं है। केदारनाथ की त्रासदी के समय मोदी जी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी वह उत्तराखंड की जनता के लिए पूर्ण रूपेण साथ खड़े थे। कोरोना महामारी में उत्तराखंड जैसे भौगोलिक कठिनाइयों से घिरे राज्य में भी प्रधानमंत्री जी ने साधन संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी और व्यक्तिगत रूप से उत्तराखंड की चिंता की।

उत्तराखण्ड के विकास के लिए प्रधानमंत्री ने दी महत्वपूर्ण सौगातें
उत्तराखण्ड के लिये चारधाम ऑल वेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन की महत्वपूर्ण सौगात दी है। प्रधानमंत्री के निर्देशन में केदारपुरी में जहां प्रथम चरण के 225 करोड़ के कार्य पूर्ण हो चुके हैं वहीं 184 करोड़ के कार्य द्वितीय चरण में गतिमान है। इसके साथ ही बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान के लिए जहां 245 करोड़ रूपये से अधिक स्वीकृत हो चुके हैं। वहीं गंगोत्री व यमनोत्री के लिए क्रमशः 20 करोड़ और 34 करोड़ रूपये स्वीकृत हो चुके हैं। जहां एक ओर चार दशकों से लंबित तराई-भाबर की लाइफ लाइन जमरानी बहुद्देशीय परियोजना की स्वीकृति दी है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में 27 हेलीपोर्ट विकसित करने के साथ-साथ उड़ान योजना व सीमांत पर्वतीय क्षेत्रों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजनाओं द्वारा उत्तराखंड के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। टिहरी लेक डेवलेपमेण्ट हेतु 1200 करोड़ रूपये की स्वीकृति हो या समेकित सहकारी विकास योजनाओं के लिये 3340 करोड़ रूपये की स्वीकृति हो, प्रधानमंत्री जी ने हमेशा उत्तराखंड की दिल खोलकर सहायता की है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में दिए जा रहे कोविड राहत पैकेजों सहित विकास कार्याे की जानकारी दी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और केन्द्र सरकार से प्राप्त हो रहे मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रेरणा लेते हुए उत्तराखण्ड में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। जहां 24 हजार सरकारी पदों को भरने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा नैनो उद्यम योजना के अन्तर्गत लाखों युवाओं को स्वरोजगार देने की प्रक्रिया गतिमान है। कोरोना महामारी से प्रभावित पर्यटन, परिवहन, क्षेत्रों के लिये 200 करोड़ का राहत पैकेज, स्वास्थ्य क्षेत्र की मजबूती एवं इससे जुड़े कार्मिकों को प्रोत्साहन हेतु 205 करोड़ तथा महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार को बढ़ावा देने के लिये 118 करोड़ का राहत पैकेज प्रदान किया जा रहा है। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लोगों के खातों में भेजी जा रही हैं। आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना में 44 लाख लोगों के कार्ड बन चुके हैं। इस योजना से 3 लाख 50 हजार लोग लाभान्वित हुए हैं। दिसम्बर माह तक प्रदेश में प्रथम चरण के वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत पूर्ण करने का जो लक्ष्य रखा था उस लक्ष्य को हम केन्द्र सरकार के सहयोग से इसी माह पूर्ण करने की ओर अग्रसर हैं। अब तक 96 प्रतिशत वैक्सीनेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। मार्च 2020 से पूर्व उत्तराखण्ड में मात्र 1 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर (गढ़वाल) में संचालित हो रहा था, जबकि आज 87 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट उपलब्ध हो चुके है, जिनमें से पी०एम० केयर फण्ड द्वारा उपलब्ध 25 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांटों ने पूर्ण रूप से कार्य करना प्रारम्भ कर दिया है।

वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के अनुरूप विश्व के दूसरे देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराई
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का मूलमंत्र दिया है। कोरोना काल में इस मंत्र की शक्ति को हम सभी ने देखा है। इससे कोरोना के खिलाफ जंग में ताकत मिली है। करोड़ों लोगों को गरीब कल्याण अन्न योजना में खाद्य सुरक्षा दी। वैक्सीन का देश में ही निर्माण करने के लिए प्रधानमंत्री जी ने वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित किया। उन्हीं की प्रेरणा है कि पहले जहां किसी बीमारी का टीका आने में कई वर्ष लग जाते थे, आज कोविड की वैक्सीन का इतने कम समय में देश न केवल उत्पादन शुरू हुआ बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान यहां चल रहा है। वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के अनुरूप विश्व के दूसरे देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब तक, पूरे देश में कुल 1,224 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों को पीएम केयर्स के तहत वित्तपोषित किया गया है, जिनमें से 1,100 से अधिक संयंत्रों को चालू किया गया है, जिससे प्रतिदिन 1,750 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन होता है। यह कोविड- 19 महामारी शुरू होने के बाद से भारत की चिकित्सा ऑक्सीजन उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए सकारात्मक उपायों का प्रमाण है।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री, सांसदगण, विधायकगण, केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी, एम्स के अधिकारी उपस्थित थे।

नरेन्द्रनगर को मिली कई योजनाओं की सौगात, सीएम ने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामलीला मैदान, नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल में उत्तराखंड के प्रसिद्ध 45वां सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने नरेंद्रनगर हेतु विभिन्न घोषणाएं की जिनमें नरेन्द्रनगर में सामुदायिक भवन का विस्तारीकरण होगा, नरेन्द्रनगर में बस स्टैण्ड के समीप 70 वर्षीय पुरानी जीर्ण-शीर्ण डबल स्टोरी भवन का निर्माण कार्य किया जाएगा, नरेन्द्रनगर में बाजार लाईन का पुरातत्व विरासत के रूप में संरक्षण होगा, नरेन्द्रनगर में मोटा नाला/पुलिस थाने के समीप पार्किंग निर्माण का कार्य होगा, राजकीय इण्टर कॉलेज बेरनी एवं ओडाडा में 4-4 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य होगा, नगरपालिका परिषद, मुनिकीरेती-ढालवाला के अन्तर्गत स्टेडियम का निर्माण कार्य होगा, नगर पंचायत गजा में मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य होगा, गजा क्षेत्र के अन्तर्गत घण्टाकरण मन्दिर में विश्राम गृह का निर्माण कार्य होगा, विधानसभा क्षेत्र नरेन्द्रनगर के अन्तर्गत प्राकृतिक आपदा से नुकसान हेतु रू० 2 करोड़ दिए जाएंगे, विधानसभा क्षेत्र नरेन्द्रनगर के अन्तर्गत दोगी पट्टी में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त चार पर्वतीय नहरों का पुर्ननिर्माण कार्य होगा ,नरेन्द्रनगर से डौर-गुजाराड़ा मोटर मार्ग का नवनिर्माण कार्य होगा , काटल नौदू मोटर मार्ग का नवनिर्माण कार्य होगा व सोनी से नरेन्द्रनगर- रानीपोखरी मोटर मार्ग का नवनिर्माण कार्य किया जाएगा शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों एवं विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों का अवलोकन किया एवं कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा 10वीं 12वीं के मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित भी किया गया। तत्पश्चात् मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मां कुंजापुरी की धरती को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि जब से मैनें मुख्य सेवक के रूप में जनता की सेवा करने का मौका मिला तब से हमारी सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रत्येक जिले में कैंप लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत तमाम युवाओं को ऋण वितरित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा की कोरोना की वजह से अनेक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, पर्यटन से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ का राहत पैकेज दिया गया। उन्होंने कहा सरकार ने निर्णय लिया कि सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट दी जायेगी। साथ ही मार्च 2022 तक विभिन्न भर्तियों का आवेदन शुल्क माफ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों, कलस्टरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली प्रदेश की बहनों को 5 लाख रूपये तक का ऋण बिना ब्याज दिया जा रहा है। साथ ही ग्राम प्रधानों का मानदेय 1500 रूपये से बढ़ाकर 3500 रूपये किया गया है। समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हिन्दुस्तान विकास की नई उचाईयों को छू रहा है। साथ ही भारत का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ा रहा है, भारत को सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्य कर रहे हैं। उन्हीं के पद्चिन्हों पर चलकर राज्य में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राजेंद्र विक्रम सिंह पवार (अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर), राजेंद्र भंडारी (ब्लाक प्रमुख नरेंद्र नगर) रोशन रतूड़ी (अध्यक्ष नगर पालिका मुनिकीरेती) एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

खरोला की पीएम से मांग, ऋषिकेश की 14 मुख्य मांगों पर हो कार्रवाई

उत्तरखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से ऋषिकेश पहुंचे प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन प्रेषित कर जनसमस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने अपने मांग पत्र में 17 मुख्य बिन्दुओं पर कार्यवाही की मांग की है।
पत्र की मूल भाषा इस प्रकार से है-
राज्य मे डबल इंजन की भाजपा सरकार होने के बावजूद ऋषिकेश विधासनभा अभी भी विकास से कोसो दूर है, 6 वर्ष पूर्व दिनांक 11 सितम्बर, 2015 को जब आपका ऋषिकेश आगमन हुआ था तब इस क्षेत्र का एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते मेरा यह कर्तव्य बनता था की मैं देश के प्रधानमन्त्री को ऋषिकेश विधानसभा से सम्बंधित समस्याओं से अवगत कराऊ। इसीलिए जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से मैंने 17 मुख्य समस्याए आपके सम्मुख उठाई परन्तु उनमे से एक भी बिंदु पर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया।
6 वर्ष पूर्व जो समस्याए आपके सम्मुख उठाई थी, आज पुनः वही समस्याओं से आपको अवगत करा रहा हुं। इस आशा और उम्मीद के साथ की पतित पावन गंगा नगरी की प्रमुख बड़ी समस्याओं का समाधान हो सकेगा। अब ऋषिकेश के विधायक जो की विधानसभा के अध्यक्ष भी है वो क्षेत्र के विकास के प्रति आंख मूंद कर बैठ गये है, इसी लिए क्षेत्र की जनता को उनसे कोई उम्मीद नजर नहीं आती।
1- हरकी पैड़ी हरिद्वार की तर्ज पर बाँध बना कर गंगा की अविरल धारा को त्रिवेणी घाट पर लाने का कार्य।
2- ऋषिकेश नटराज चौक से रानीपोखरी तक एलीफेन्ट कौरीडोर में फ्लाई ओवर निर्माण।
3- ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के चारो तरफ से नदियों के घिरे होने के कारण चारो ओर से बाढ़ सुरक्षा के लिए बड़े बांधो का निर्माण किया जाए।
4- एम्स हॉस्पिटल को पूरी तरह शुरू किया जाए जिससे की उत्तराखंड ही नहीं अपितु उत्तर भारत के लोगो को भी फायदा मिल सके व स्थानीय लोगो को रोजगार मिल सके।
5- आईडीपीएल फैक्ट्री का पुनर्निर्माण अथवा खाली पड़ी जमीन पर दो-तीन सरकारी फैक्ट्रीयो का निर्माण किया जाए, जिससे स्थानीय लोगो को रोजगार मिल सके।
6- टिहरी बांध विस्थापितों, बापुग्राम, कृष्णानगर कॉलोनी व अन्य वन भूमियो में जहा अत्यधिक आबादी का निवास हो रहा है को राजस्व ग्राम स्वीकृती दी जाये।
7- श्यामपुर न्याय पंचायत क्षेत्र मे एक डिग्री कालेज का निर्माण किया जाये।
8- सत्यनारायण मंदिर से गोहरीमाफी गावं के लिए वन क्षेत्र में पक्की सड़क का निर्माण।
9- खदरी रेलवे फाटक के ऊपर ओवर ब्रिज का निर्माण।
10- छिददरवाला, साहबनगर अथवा रायवाला में पंचायत भूमि पर मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाये।
11- रायवाला अथवा श्यामपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को कम से कम 20 बेड का अस्पताल बनाया जाये।
12- रायवाला में रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण।
13- हरिपुर (मोतीचूर गांव) के लिए रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण।
14- राजाजी राष्ट्रीय उद्यान में हाथियों के साथ अब इसे टाइगर रिज़र्व भी बना दिया गया है, लिहाजा पार्क से लगते हुए सभी ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा हेतु खाई खोद कर इलेक्ट्रिक फेंसिंग व सोलर लाइटों की व्यवस्था की जाये।
15- ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र मे मल्टी स्टोरी पार्किंग व ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण।
16- ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत संजय झील पर्यटन केंद्र का निर्माण कराया जाए।
17- ऋषिकेश के आस पास के क्षेत्रों (यमकेश्वर, नरेंद्र नगर, आगराखाल, डोईवाला) को मिलाकर जिला घोषित किया जाए।

सांई मंदिर से त्रिवेणीघाट तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने चलाया स्वच्छता अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रदेश एवं केंद्र सरकार में सत्ता में रहते हुए 20 साल पूरे कर लिए हैं। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी उपलक्ष में ऋषिकेश के साईं घाट से त्रिवेणी घाट तक भारतीय जनता पार्टी ऋषिकेश मंडल के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में गंगा नदी के किनारे स्वच्छता अभियान चलाया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि यह अत्यंत सौभाग्य का विषय है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवैधानिक पदों पर रहते हुए 20 साल पूरे कर रहे हैं। उत्तराखंड और ऋषिकेश के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि आज के ही दिन प्रधानमंत्री ऋषिकेश के एम्स में ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा से ही स्वच्छता के प्रति देश के प्रत्येक नागरिक से आग्रह रहा है और उसी के अनुरूप आज ऋषिकेश में भी विभिन्न नदियों एवं गंगा में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए अभूतपूर्व कार्य किये है जिस कारण देश में गुजरात मॉडल पर विकास की बात होती है। इसके पश्चात नरेंद्र मोदी ने 2014 में देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला। इस पद पर रहते हुए भी उन्हें सात साल का समय हो चुका है, सत्ता में रहते हुए अपने 20 वर्षों में मोदी के नाम कई उपलब्धियां जुड़ीं।
अग्रवाल ने कहा है कि राम मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ है। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाया गया, तीन तलाक पर कानून बनाया गया इसके अलावा भी अनेक ऐसे कार्य है जिससे देश का माथा संपूर्ण विश्व में ऊंचा हुआ है। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता के लिए नमामि गंगे योजना के तहत कार्य किया गया परिणामस्वरूप गंगा आज निर्मल एवं अविरल रूप से बह रही है।
साईं घाट से त्रिवेणी घाट तक चलाए गए स्वच्छता अभियान के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, ऋषिकेश मंडल के अध्यक्ष दिनेश सती, पार्षद शिव कुमार गौतम, राजू दिवाकर, उषा जोशी, अनीता तिवारी, पुष्पा नेगी, सिमरन गाबा, राजबाला पाल, सीमा रानी, भावना किशोर, जयंत किशोर शर्मा, सतीश पाल, अनिकेत गुप्ता, विनोद भट्ट, सचिन अग्रवाल, राकेश चंद्र, संजीव सिलवाल, राहुल दिवाकर, कपिल गुप्ता, भूपेंद्र राणा, ऋषि राजपूत, नितिन सक्सेना, अंकित चौहान, त्रिलोक परमार, सागर शर्मा, शशांक गंगवार, मनीष मौर्य, रोहित सहित अन्य लोग उपस्थित थे।