गांव-गांव कांग्रेस अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं का प्रवास कार्यक्रम

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व कार्यक्रम संयोजक राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर न्याय पंचायत की खदरी ग्राम सभा में अति पिछड़े दलित, बोक्सा समुदाय के बीच जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमन्त्री स्व. लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गांव-गांव कांग्रेस अभियान के तहत गांधी के विचारों पर गोष्ठी, गांधी के प्रिय भजनों का गायन और कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियों पर गोष्ठी और ग्रामवासियों से संवाद के आयोजन के पश्चात सहभोज कर रात्रि निवास किया गया।
राजपाल खरोला ने कहा कि रात्री निवास के बाद प्रातः श्यामपुर न्याय पंचायत के गौहरी माफी ग्राम सभा मे कांग्रेस कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों के साथ भारत माता की जयकारे लगाते हुए प्रभात फेरी निकाली और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा पुष्पांजली अर्पित कर उन्हें नमन किया।
राजपाल खरोला ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में 3 दिवसीय गांव गांव कांग्रेस अभियान का समापन हरिपुर कला में किया गया। जहां ग्रामवासियों के साथ संवाद किया गया और उनकी परेशानिया जानी। मौके पर गांधी के विचारों पर गोष्ठी का आयोजन किया गया और पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चलाई गयी योजनाओं की जानकारी दी।
राजपाल खरोला ने कहा कि गांव-गांव कांग्रेस अभियान के तहत ग्रामवासियों की दैनिक जिंदगी और उनकी परेशानियों के साथ जुड़ने का मौका मिला और भविष्य में ग्राम सभा के प्रति क्या विकास के कदम उठाए जा सकते है, उस पर विचार विमर्श किया।
राजपाल खरोला ने कहा कि ग्रामवासियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन का मन बना चुके है और भाजपा की जन विरोधी नीतियों से तंग आ चुके है। आगामी विधानसभा चुनाव में गांवों से मिल रहा प्यार वोट में तब्दील होगा और कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ग्राम सभाओं का चौमुखी विकास होगा।

कृष्णा नगर कालोनी में कांग्रेस ने प्रभात फेरी निकालकर जनजागरुकता अभियान चलाया

गांव-गांव कांग्रेस कार्यक्रम के तहत आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला के नेतृत्व में कृष्णा नगर कालोनी में कांग्रेस जनों ने जनजागरूकता के लिये प्रभातफेरी निकाली। जिसमें रामनामी धुनी बजाकर महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री सहित कांग्रेस के नारों के साथ लोगों को उनके विचारों को आत्मसात् करने अपील की गई।
इस अवसर जयेन्द्र रमोला ने कहा कि प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देशानुसार गांव-गांव कांग्रेस कार्यक्रम के तहत कल दूसरे दिन खदरी ग्रामसभा में बोक्सा बस्ती के कुंदन सिंह के घर पर सामूहिक भोज व रात्रि प्रवास करने के पश्चात सुबह कृष्णा नगर कालोनी में प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी के माध्यम से आम जन को जागरूक कर उनके सुझाव लिये।
रमोला ने बताया कि इस कार्यक्रम के बाद ग्रामसभा गौहरी माफ़ी में ग्रामीणों के साथ गोष्ठी कर लोगों को देश के लिये हमारे महापुरुषों के बलिदान की गाथा को बताने का काम किया गया। साथ ही कहा कि आज की भाजपा सरकार हमारे महान विभूतियों को भुलाने का काम कर रही है।
प्रभात फेरी में विजेंद्र सिंह, सूरजपाल, रामबहादुर, रूपराम, कृष्णपाल, रामरति, शीतल, मायावती, विजय कुमार, राजकुमार, ऋषिपाल, सुरेंद्र, शेखर, पंकज, सुनील, रवि, आकाश, गौरव, अनिल, बाबूराम, जॉन, हरिओम, पंकज शुक्ला, महेश, शुभम, अजय, अनिल यादव, सुनीता, महेंदर, शीशपाल, कुसुम, उषा देवी, काजल, नीति दास, सोना देवी, रजनी देवी, राजू, बबीता, सीमा, लक्ष्मी, गीता देवी, वीरपाल, मनोज, प्रीतिदेवी आदि मौजूद थे ।

गंगा के तेज बहाव में तीन महिला डूबी

रायवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गीता कुटीर घाट पर रविवार सुबह नहाते समय तीन महिलाएं गंगा के तेज बहाव में बहने लगी। सूचना पर जल पुलिस और आपदा राहत टीम ने उनकी तलाश को गंगा सर्च ऑपरेशन चलाया। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि रविवार को गीता कुटीर घाट पर तीन महिलाएं स्नान करने के लिए गंगा में पहुंची थी। इस दौरान गंगा के तेज धारा में वह लोग बहने लगे। लोगों की सूचना मिलने पर जल पुलिस और आपदा राहत दल की टीम ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।

आम आदमी पार्टी की ऋषिकेश में जनसभा, भीड़ जुटने आप नेताओं में उत्साह

प्रधानमंत्री के ऋषिकेश दौरे से पूर्व आप ने अपनी ताकत का अहसास करा दिया है। रविवार को आदमी पार्टी के जंगपुरा दिल्ली के विधायक प्रवीन कुमार ने विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान पार्टी के बुद्वि जीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजे सिंह नेगी ने जनसभा के माध्यम से भारी भीड़ जुटाकर टिकट के लिए अपनी प्रबल दावेदारी प्रस्तूत की।
रविवार की शाम श्यामपुर ग्रामीण क्षेत्र स्थित राणा फार्म हाऊस में आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रवीन कुमार ने राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। विकास की बात उठाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक में राष्ट्रीय दलों ने उत्तराखंड को सिर्फ लूटा है। वर्ष 2017 में प्रदेश की सत्ता पर प्रंचड बहुमत के साथ सत्तासीन हुई भाजपा ने जनता से जो वादे किए गए थे उन्हें पूरा नहीं किया गया। कहा कि अगर उत्तराखंड में विकास चाहिए तो अरविंद केजरीवाल की तरह ईमानदार व्यक्ति कर्नल अजय कोठियाल को मुख्यमंत्री चुनना पड़ेगा। विधायक ने कहा कि यह कैसी विडंबना है कि ऊर्जा प्रदेश में ही लोगों को देश के विभिन्न राज्यों से महंगी बिजली की कीमत चुकानी पढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा की मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रहीं। प्रवीन कुमार ने कहा कि राज्य के विकास के लिए आम आदमी पार्टी का रोड़ मैप तैयार है। आप की सरकार बनते ही प्रदेश में प्रत्येक परिवार को रोजगार दिया जायेगा। तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त सरकार देगी। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं शिक्षा को लेकर भी दिल्ली की तर्ज पर ऐतिहासिक कदम उठाये जायेगें। सभा के समापन अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने धन्यवाद भाषण देकर कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुऐ कहा कि 2022 में ऋषिकेश में आम आदमी पार्टी का ही विधायक बनेगा। इस दौरान पार्टी जोन प्रभारी सुनील लोहिया, चुनाव संचालन कमेटी के सचिव ओ पी मिश्रा, जिला अध्यक्ष अमित विश्नोई ,महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा पांडे ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर दिनेश कुलियाल, धनपाल रावत, कुलदीप राणा, चंद्रमोहन भट्ट, संजय पोखरियाल, सुनील सेमवाल, लालमणि रतूड़ी, अजय रावत, जगदीश कोहली, सुनील कुमार, उषा बूढ़ाकोटी, रजनी कश्यप, कंचन, राखी ध्यानी, आशा सिंह, संयोगिता, मनमोहन नेगी, विक्रांत भारद्वाज, हिमांशु नेगी, देवराज नेगी, नीरज कश्यप, प्रवीन असवाल, गुरुप्रीत सिंह, जय प्रकाश भट्ट, उत्तम सिंह पंवार, नवीन कुमार, संजय सिलस्वाल, नरेंद्र सिंह, प्रेम कुमार, अरविंद जोशी, मोहन असवाल, पुरोषत्तम, सुषमा राणा, उषा उनियाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

संत निरंकारी मिशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन

संत निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। शिविर में 65 लोगों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि संत निरंकारी मिशन हमेशा से ही मानवता की सेवा हेतु अग्रणी रहता है। मसूरी के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने बताया कि शिविर में रक्तदान करने हेतु 140 लोगों ने पंजीकरण किया। इसमें से 65 ने रक्तदान किया। बताया कि संत निरंकारी मिशन की ओर से समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है।
मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नगर राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, मिशन के टिहरी क्षेत्रीय संचालक जीएस चौहान, ब्रांच संयोजक केएस नेगी, शिक्षक सेवादल रमेश असवाल, भाजयुमो अध्यक्ष विवेक उनियाल का शिविर संचालन में विशेष सहयोग रहा।

राज्य में तेज गति से टीकाकरण अभियान के लिए सीएम की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, मणिपुर सहित उत्तराखंड की मसूरी क्षेत्र की क्यारकुली भट्टा ग्राम पंचायत और पानी समितियों से सीधा वर्चुअल संवाद स्थापित किया गया। वर्चुअल संवाद में प्रधानमंत्री ने पानी पंचायत समितियों से जल जीवन मिशन के इंप्लीमेंट से पूर्व और इंप्लीमेंट के पश्चात गांव के लोगों, विशेषकर गांव की महिलाओं और गांव की अर्थव्यवस्था में आए व्यापक सकारात्मक बदलाव से रूबरू हुए। पानी पंचायत समितियों द्वारा प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि जल जीवन मिशन के इंप्लीमेंटेशन के बाद किस तरह से उनके गांव की दशा-दिशा बदल गई है। जल जीवन मिशन से पूर्व जहां गांव की महिलाओं को कई मिलों दूर पानी ढोने जाना पड़ता था तथा कई बार घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ता था अब जल जीवन मिशन के इंप्लीमेंटेशन के बाद महिलाओं का पानी ढोने और लाइन में लगने के समय की बचत हुई है जिससे महिलाएं अब अपने समय को बाल बच्चों के अच्छे पालन पोषण, अपने जीवन को उन्नत बनाने, नई-नई स्किल सीखने तथा अपने और सामुदायिक जीवन को आगे बढ़ाने में व्यापक समय दे पा रही है तथा उसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
इसी कड़ी में मसूरी क्षेत्र की क्यारकुली भट्टा पानी समिति की अध्यक्षा कौशल्या रावत ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि जल जीवन मिशन के साकार होने से और गांव में पलायन कर चुके लोगों द्वारा वापस रिवर्स पलायन किया जा रहा है। गांव में पहले की तुलना में बहुत अधिक पर्यटन आ रहे हैं जिससे गांव में होमस्टे योजना की डिमांड में भी काफी बढ़ोतरी हुई है तथा गांव में 35 होमस्टे पर्यटन विभाग के समन्वय से बन चुके हैं। अध्यक्ष ने कहा कि कुल मिलाकर कह सकते हैं कि जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन के पश्चात गांव का पानी और गांव की जवानी अब गांव के काम आ रही है। उन्होंने कहा कि हमारे गांव में शत प्रतिशत कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है। महिलाओं को अब घर-घर पेयजल उपलब्ध होने से वह अपने समय और ऊर्जा का सदुपयोग अब दूसरे काम में करने लगी है जिससे गांव की अर्थव्यवस्था में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। गांव की पानी पंचायत समिति द्वारा व्यापक पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया गया है और आगे भी 1 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा है।
पानी पंचायत समितियों से वर्चुअल संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना का भली-भांति क्रियान्वयन गांव के कर्मठ लोगों और जागरूक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से पूरा हो पाया। उन्होंने कहा कि पहले के समय हम वाटर ट्रेन और वाटर टैंक से पेयजल आपूर्ति के बारे में सुना करते थे लेकिन जल संरक्षण, जल संवर्धन और जल प्रबंधन के गुजरात के पूर्व अनुभव और उसी जल संरक्षण और जल संभरण के अनुभव से प्रेरित होकर जल जीवन मिशन (हर घर जल) जैसी योजना को क्रियान्वित करने की प्रेरणा मिली। उन्होंने भारत के सभी नागरिकों को जल संरक्षण, जल संचय, भूमिगत जल पुनर्भरण, वर्षा जल संग्रहण इत्यादि की सामूहिक जिम्मेदारी और भागीदारी का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें जल के महत्व को समझना होगा और अपनी छोटी-छोटी ऐसी नकारात्मक आदतों मैं सुधार लाना होगा जो जल के दुरुपयोग को बढ़ावा देती है। यह कार्य सभी नागरिकों के चौतन्न्य और सक्रिय भागीदारी से ही संभव होगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पानी का एक छोटा सा कुआं बहुत लोगों की प्यास बुझा सकता है लेकिन बड़ा समुंदर किसी भी व्यक्ति की प्यास नहीं बुझा सकता अर्थात किसी भी व्यक्ति का छोटा सा जल संरक्षण, जल संचय, जल संवर्धन और जल के सदुपयोग का प्रयास बहुत बड़ा बदलाव ला सकता है। हमें इस बात को गांठ बांधना चाहिए और यह हमारे जीवन का मिशन होना चाहिए। इस दौरान माननीय प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन की ई-पुस्तिका, जल जीवन मिशन के बजट के सदुपयोग से संबंधित 15 वें वित्त आयोग की मार्गदर्शिका और जल जीवन मिशन में व्यापक पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने से संबंधित जल जीवन मिशन मोबाइल ऐप का भी विमोचन किया गया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हमें केवल हर घर जल उपलब्ध ही नहीं करवाना बल्कि जल की गुणवत्ता भी सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत अथवा पानी समितियों के बीच से महिलाओं को पेयजल टेस्ट किट वितरण और उनको पेयजल टेस्टिंग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जो एक तरह से महिला सशक्तिकरण का भी प्रतीक है। साथ ही गांव में स्थानीय स्तर पर ही प्लंबर, मैकेनिकल आदि कार्यबल भी तैयार किया जा रहा है जिससे लोगों को विभिन्न काम करवाने में बहुत सहूलियत होगी तथा स्थानीय स्किल्ड युवाओं को रोजगार भी प्राप्त हो रहा है।
इस दौरान क्यारकुली भट्टा गांव में कार्यक्रम में उपस्थित उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात गांव के उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री की प्रेरणा से महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के संबंध में अनेक योजना भारत सरकार और राज्य सरकार के स्तर पर संचालित की जा रही है जिसमें उज्जवला योजना, स्वामित्व योजना, जल जीवन मिशन योजना, प्रधानमंत्री वंदना योजना इतिहास प्रमुख हैं, जो महिलाओं को अनेक प्रकार से लाभ पहुंचा रही है।
इसी कड़ी में जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार ने पंचायत प्रतिनिधि और पानी पंचायत समिति की अध्यक्षा कौशल्या रावत और सभी महिलाओं को प्रधानमंत्री से वर्चुअल संवाद करने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के बेहतर क्रियान्वयन तथा इसके पश्चात गांव में विभिन्न विकास कार्यों में आए सकारात्मक बदलाव से प्रेरणा लेने के लिए अन्य ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों को भी क्यारकुली भट्टा ग्राम पंचायत का जरूर भ्रमण करना चाहिए तथा उनको भी अपनी ग्राम पंचायत में इसी तरह के विकास कार्यों को इंप्लीमेंट करना चाहिए। कहा कि अन्य जनप्रतिनिधियों को भी इस ग्राम पंचायत से प्रेरणा लेनी चाहिए कि जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन के बाद महिलाओं के पास जो अतिरिक्त समय की बचत हुई उसका महिलाओं ने गांव की खेती, हस्तशिल्प, हथकरघा, गांव की अर्थव्यवस्था और गांव के विभिन्न विकास कार्यों में किस तरह से सकारात्मक बदलाव लाने में सदुपयोग किया है।
इस दौरान क्यारकुली गांव में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सचिव पेयजल नितेश झा, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार, अपर सचिव नितिन भदौरिया, उप जिलाधिकारी मसूरी मनीष कुमार, महाप्रबंधक जल संस्थान एस के शर्मा, संयुक्त सचिव महावीर सिंह चौहान, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल, अधीक्षण अभियंता नमित रमोला, राकेश सिंह सहित पानी पंचायत समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के उच्चस्थ अधीनस्थ कार्मिक और ग्राम पंचायत के लोग उपस्थित थे।

पीएम ने राज्य को लक्ष्य से अधिक वैक्सीन उपलब्ध करायी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जी.टी.सी हेलीपैड पर मीडिया से अनौपचारिक वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमारे अनुरोध पर अगस्त माह से पर्याप्त मात्रा में उत्तराखण्ड को वैक्सीन उपलब्ध करवाई। स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य विभाग के कर्मचारी जो भी वैक्सीनेशन के कार्य में लगे हैं उन्होंने बहुत मेहनत और लगन से कार्य किया है जिससे कि हम वैक्सीनेशन के अपने लक्ष्य के निकट आ गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि नवम्बर माह तक हम अपने लक्ष्य को पूर्णतः प्राप्त कर लेंगे। 95 प्रतिशत वैक्सीनेशन प्रदेश में हो गया है। कुछ जगहों पर 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन कर दिया गया है। वैक्सीनेशन की हमारी प्रगति बहुत तेजी से चल रही है। प्रधानमंत्री द्वारा देश में नई कार्य संस्कृति व नये कार्य व्यवहार की बदोलत लोगों में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने की भावना जागृत हुई है इस भावना को और अधिक बढ़ावा देने का हमारा प्रयास है। हम प्रधानमंत्री मोदी के पदचिन्हों पर चलते हुए उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को आगे बढ़ायेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के वन्य जीव अभयारण्यों में 18 साल तक के बच्चों को निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था से देश के 45 करोड़ युवाओं को पर्यटन से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश युवा सेना एवं अर्द्धसैन्य बलों आदि में सेवा हेतु जाते हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखंड योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं का ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध होगी तथा उन्हें सैन्य बलों में भर्ती होने में सुविधा होगी तथा उनकी शारीरिक दक्षता भी बढ़ेगी। युवाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना में बसों के क्रय में तथा दीनदयाल गृह आवास योजना में होम स्टे स्थापित करने वालों को सब्सिडी की मौजूदा अधिकतम सीमा को भी बढ़ाया गया है।

धामी ने रुद्रपुर में प्रदेश का सबसे ऊंचा राष्ट्रध्वज फहराया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, रुद्रपुर में उत्तराखण्ड के सबसे ऊंचे राष्ट्रध्वज का लोकार्पण किया। उन्होने हनुमान चालीसा के उच्चारण के साथ बटन दबाकर 191 फीट ऊंचे तिरंगे को फहराया। तदोपरान्त राष्ट्रगान के पश्चात तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पूरे गांधी पार्क का माहौल देश भक्ती में सरोबर हुआ। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने ओलम्पिक 2021 में पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार, आईएएस की परीक्षा में पूरे देश में 38वें स्थान प्राप्त करने वाली वरूणा अग्रवाल, वन्देमातरम ग्रुप के संयोजक संजय आर्या व कोरोना काल में जनसेवा करने वाले राधास्वामी सत्संग ब्यास रूद्रपुर के सदस्यों को सम्मानित किया। उन्होने स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी दर्शन लाल, दलवीर व सेवा सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान उन्होने जनसभा को सम्बोन्धित करते हुए कहा कि सरकार का प्रत्येक क्षण प्रदेश की जनता के लिए समर्पित है, सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि प्रत्येक जनता जो अन्तिम छोर तक विकास पहुंच सके ताकि उन लोगों तक भारत सरकार व राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विद्युत, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार व लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रही है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा बंगाली समुदाय के लिए उनके प्रमाण-पत्रों में पूर्वी पाकिस्तानी या बांग्लादेशी शब्द को हटाने, नजूल भूमि पर जनता को मालिकाना हक देने का कार्य प्रारम्भ, किसानों के गन्ने का पूर्ण भुगतान आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। उन्होने कहा कि जनपद में धान खरीद प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु लगभग 200 धान क्रय केन्द्र स्थापित किये गये है ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इस पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होने कहा कि बाजपुर मे 20 गांव के कई वर्षों पुराने मामलों का निस्तारण कर 5800 परिवारों को मालिकाना हक देने का कार्य किया गया है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य किया जा रहा है जिसके अन्तर्गत प्रदेश में 24000 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गयी है व बेरोजगारों के लिए नौकरिया हेतु आवेदन फार्म को निशुल्क कर दिया गया है। उन्होने कहा कि समूह ख और ग में एक वर्ष की आयु सीमा में छूट दी गयी है ताकि कोरोना काल में जो लोग फार्म भरने से वंचित रह गये है उन्हे अवसर मिल सके व लोक सेवा आयोग की प्रारम्भिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को 50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी ताकि वे आगे की तैयारी बिना किसी व्यवधान के पूर्ण कर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलम्बी बनाने के लिए लगातार राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अन्तर्गत समूह की महिलाओं के उत्थान के लिए 119 करोड़ का पैकेज राज्य सरकार द्वारा दिया गया है। उन्होने कहा कि जिन लोगो का रोजगार कोरोना काल में प्रभावित हुई है सरकार उन सभी वर्गों का आर्थिक सहायता के रूप में सहयोग कर रही है। उन्होने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए उद्योंगों का विकसित होना बहुत जरूरी है जिसके लिए सरकार अगले तीन महीने में उद्योंगों की सभी समस्याओं का समाधान करेगी। उन्होने कहा कि उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय बेराजगारों को रोजगार मिले इसके लिए प्राविधान लाया जायेगा जिसे सख्ती से लागू किया जायेगा। उन्होने कहा कि प्रदेश के सभी एयरपोर्ट को हवाई सेवाओं से जोड़ा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का चहुमुंखी विकास हो रहा है जो आज से पहले किसी अन्य प्रधानमंत्री के कार्यकाल में नही हुआ है, जैसे ऑल वेदर रोड के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ना, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से लोगो को लाभान्वित करना, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर को शुद्ध जल देना। उन्होने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को उत्तराखण्ड से अत्यधिक लगाव है, वे निरन्तर उत्तराखण्ड का चहुमुखी विकास के लिए प्रदेश सरकार की हर सम्भव सहायता कर रहे है। उन्होने कहा कि आज हमारी सीमाऐं पूर्ण रूप से सुरक्षित है। उन्होने कहा कि रूद्रपुर के ईएसआईसी अस्पताल का राज्य सरकार व केन्द्र सरकार द्वारा शीघ्र ही संचालन किया जायेगा जिसमें सभी प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जायेगी। उन्होने कहा कि जिस तरह से हमारे देश के प्रधानमंत्री निरन्तर विकास के क्षेत्र में नये आयाम गढ़ रहे है उसी प्रकार उन्ही के पदचिन्हों पर प्रदेश की सरकार भी उत्तराखण्ड को सम्पूर्ण देश में सबसे बेहतर प्रदेश बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होने कहा कि उत्तराखण्ड को विश्व में सांस्कृतिक व आध्यात्मिक प्रदेश के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा राज्य आन्दोलनकारियों के चिन्हिकरण के लिए समय सीमा बढ़ाई गई है व राज्य आन्दोलनकारियों के आश्रितों को भी सरकार द्वारा पेंशन दी जायेगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा व पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है जो हमे आत्मसात करने वाला मुख्यमंत्री मिला है। उन्होने कहा कि उत्तराखण्ड वीरों की भूमि है, आज देश की सीमाऐं पूरी तरह से सुरक्षित है। जिस तरह से आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास कर रहा है उसी प्रकार उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में निरन्तर विकास कर रहा है।
विधायक राजकुमार ठुकराल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व केन्द्रीय पर्यटन व रक्षा राज्यमंत्री ी अजय भट्ट को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होने कहा कि आज रूद्रपुर के लिए एक बड़ा दिन है जो आज यहां पर ओजस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व केन्द्रीय पर्यटन व रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट के कर कमलों से उत्तराखण्ड का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया गया है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक हरभजन सिंह चीमा, राजेश शुक्ला, मेयर रामपाल, ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, अध्यक्ष वन विकास निगम सुरेश परिहार, डीआईजी निलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई, सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

सरकारी अस्पतालों की तर्ज पर राजकीय मेडिकल कालेजों में भी मुफ्त उपचार-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार शहीदों के सपनों और राज्य आन्दोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में आगे बढ़ायेगी। जनता, सरकार के भाव को समझे। यह बात उन्होंने उत्तराखंड शहीद स्मारक रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीदों की पुण्य स्मृति पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य आन्दोलनकारियों के हित में कई घोषणायें कीं, जिनमें राज्य आन्दोलनकारियों को सरकारी अस्पतालों की तर्ज पर राजकीय मेडिकल कालेजों में मुफ्त उपचार उपलब्ध करवाने, उद्योग धंधों में राज्य आन्दोलकारियों और उनके परिजनों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने और विभिन्न विभागों में सेवारत राज्य आन्दोलनकारियों को हटाये जाने सम्बंधी मामले में ठोस पैरवी करना शामिल है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उन शहीदों को नमन करता हूं जिनके सर्वाेच्च बलिदान की वजह से हमें उत्तराखंड राज्य मिला है। राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान खटीमा, मसूरी एवं मुजफ्फरनगर में लाखों आंदोलनकारियों ने भाग लिया जिसमें से कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य का विकास शहीदों के सपनों के अनुरूप किया जाएगा। इसके लिए हमारी सरकार लगातार कार्य कर रही है। राज्य आंदोलनकारियों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 सितम्बर 2021 को घोषणा की थी कि राज्य आन्दोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया फिर से शुरू की जायेगी, उसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। हमारी सरकार जो भी घोषणा करेगी उसको हर हाल में धरातल पर उतारा जायेगा। राज्य आंदोलनकारियों एवं शहीदों का सपना था कि युवाओं को रोजगार के लिए भटकना न पड़े इसके लिए हमारी सरकार ने पहली कैबिनेट में यह फैसला लिया कि विभिन्न विभागों पर रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती निकालेंगे, जिनमें आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए हर जिले में कैंप लगाए जा रहे हैं। इसक अलावा कोरोना से प्रभावित व्यवसायियों और स्वयं सहायता समूहों को क्रमशः 200 और 118 करोड़ के राहत पैकेज घोषित किये गये हैं जिनका पैसा प्रभावितों के खाते में आने लगा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहल करते हुए हमारी सरकार मरीजों को सरकारी अस्पतालों में 207 जांचें मुफ्त में करवाने की सुविधा दे रही है। कोरोना के कारण अनाथ और बेसहारा हुय बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेदारी भी सरकार उठा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद मुजफ्फरनगर संजीव बालियान, उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा उत्तराखण्ड प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुजफ्फरनगर के विधायक प्रमोद उडवाल, राजेन्द्र अन्थवाल, प.. महावीर शर्मा एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

उत्तराखंड में फिल्म नीति के तहत कई आकर्षक सुविधाएं दी जा रही-सतपाल महाराज

उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में फिल्म जगत से जुड़े निर्माता निर्देशकों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तराखंड में फिल्म नीति के तहत कई आकर्षक सुविधाएं दी जा रही हैं। हम अपने राज्य में अपनी फिल्म परियोजनाओं के लिए आने के इच्छुक निर्माताओं और निदेशकों के लिए अधिक से अधिक बुनियादी ढांचे को सुविधाजनक बनाने और विकसित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री और उनकी टीम से मिलने के लिए करीब 33 प्रोडक्शन हाउस से जुड़े निर्माता निर्देशक मौजूद रहे। जिसमें धर्मा प्रोडक्शन, महेश कोठारे, नेटफ्लिक्स, एमेजॉन प्राइम, बालाजी टेलीफिल्म्स, भंसाली प्रोडक्शन, एंडेमोल शाइन इंडिया, जियो स्टूडियो, सलमान खान वेंचर्स, एमएक्स प्लेयर, राजश्री प्रोडक्शन जैसे प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस हैं। इस बैठक का उद्देश्य फिल्म शूटिंग के लिए उत्तराखंड को एक आदर्श गंतव्य के रूप में बढ़ावा देना था। पर्यटन मंत्री ने बैठक के दौरान बताया कि मैन वर्सेज वाइल्ड की शूटिंग उत्तराखंड में हुई थी जहां प्रधानमंत्री बेयर ग्रिल्स के साथ नजर आए थे।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सुंदर भव्य पर्वतों, नदियों, खूबसूरत नजारों, वास्तुशिल्प के कारण उत्तराखंड आकर्षक रचनात्मक स्थलों में सदैव शामिल रहा है। पहाड़ की विहंगम और खूबसूरत वादियों में शूटिंग के लिए फिल्मी सितारे लगातार उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। उत्तराखंड को दुनिया का पसंदीदा फिल्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रहे हैं। महाराज ने बताया कि पूर्व में प्रसिद्ध फिल्म मधुमती, भीगी रात, कटी पतंग, लक्ष्य, केदारनाथ, स्टूडेंट ऑफ द ईयर, कोई मिल गया, लक्ष्य, दम लगा के हैय स्या, बत्ती गुल मीटर चालू सहित अनगिनत फिल्मों की शूटिंग कर चुके हैं।
शूटिंग के लिए देवभूमि का कॉर्बेट नेशनल पार्क, ऋषिकेश, रानीखेत और मसूरी के पर्यटक स्थल आकर्षण के केंद्र हैं। इतना ही नहीं उत्तराखंड के चार धामों केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे तीर्थ स्थलों में श्रद्धलुओं की दिलचस्पी बढ़ रही है।
उत्तराखंड सरकार, पर्यटन खोजकर्ताओं और फिल्म बिरादरी के लिए उत्तराखंड में नए स्थानों को विकसित करने पर काम कर रही है। एक राज्य के रूप में उत्तराखंड में शूटिंग के अनुभव को एक सहज और निर्बाध प्रक्रिया बनाने के लिए पर्यटन विभाग का निरंतर प्रयास है, और उसी के लिए उनके पास फिल्म बिरादरी के सुझावों और इनपुट का स्वागत है। पहली फिल्म नीति 2015 में बनी, इसके बाद 2019 में संशोधित फिल्म नीति बनी। आगे भी इसमें फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोगों के सुझावों के अनुरूप जरूरी सुधार किये जाएंगे।
सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर ने बताया कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं हैं। हम निर्माताओं और निर्देशकों का स्वागत करते हैं और विशेष रूप से उत्तराखंड के ऑफबीट डेस्टिनेशनों में शूटिंग करें। बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माताओं को अस्सी नब्बे के दशक से ही उत्तराखण्ड अपनी ओर आकर्षित करते हुए आया है। कोरोना संकट के चलते पटरी से उतरे पर्यटन और फिल्म उद्योग को धीरे धीरे गति मिलने लगी है। एक तरफ उत्तराखंड के पर्यटक स्थल टूरिस्ट से गुलजार हो रहे हैं, वहीं फिल्मकार भी यहां शूटिंग के लिए खासी रुचि दिखा रहे हैं। फिल्म शूटिंग के लिए उत्तराखंड नया हब बन रहा है। प्रदेश की लोकेशन में फिल्म निर्माताओं की बढ़ रही इस रुचि को प्रोत्साहित कर उत्तराखंड में शूटिंग को आसान बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है। जिससे उत्तराखंड की लोकेशन में शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही प्राचीन भवनों का जीर्णाेद्धार कर हम उन्हें पर्यटन के लिए खोलने का प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर फिल्म प्रोड्यूसर गिल्ड के अध्यक्ष नितिन आहूजा, पर्यटन विभाग के अपर निदेशक विवेक चौहान, वरिष्ठ शोध अधिकारी सुरेंद्र सिंह सामंत, उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी/संयुक्त निदेशक के एस चौहान, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, चित्रांशी रावत, रूप दुर्गापाल सहित फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित थे।