राज्य हित में जो भी होगा सरकार उसे पूरा करेगी-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड को विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ाना ही हमारा ध्येय है। उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में आगे बढे, देश के अग्रणी राज्यों में हमारे राज्य का नाम हो इसके लिये हम निरंतर प्रयासरत हैं। जनसेवा का हमारा भाव है। उत्तराखण्ड का समग्र विकास ही हमारा ध्येय है। राज्यहित में जो भी अच्छा होगा वह हम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण में हमारे राज्य आन्दोलनकारियों की बड़ी भूमिका रही है। राज्य सरकार द्वारा अब आंदोलनकारी की मृत्यु के पश्चात उनके आश्रितों को भी 3100 रू. पेंशन दिये जाने की स्वीकृति प्रदान की है। राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान हमारे लिये सर्वाेपरि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं की मनोस्थिति से वे परिचित हैं, हमारे युवाओं का भविष्य उज्ज्वल हो, उन्हें रोजगार, स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हों इसके लिये राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये लगभग 24 हजार सरकारी विभागों में उपलब्ध पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है। युवाओं को समूह ‘ग’ की परीक्षा में शामिल होने के लिये अधिकतम आयु सीमा में एक साल की छूट दी गई है। भर्ती हेतु आवेदन शुल्क को माफ किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवा रोजगार मांगने वाले नहीं रोजगार देने वाले बनें इसके लिये अनेक स्वरोजगार योजनायें संचालित की गई हैं। युवाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार से जोड़ने के लिये विभिन्न क्षेत्रों में कैम्पों का आयोजन का फार्म जमा करने तथा उनकी स्वीकृति प्रक्रिया की कार्यवाही पूर्ण करने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के कारण प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई है। पयर्टन, परिवहन, राफ्टिंग व्यवसाय को उभारने के लिए इन व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता के रूप में 200 करोड़ का पैकेज दिया गया है। इसी प्रकार स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए राज्य सरकार ने 205 करोड़ का पैकेज दिया है। यह धनराशि सीधे उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान योजना लोगों के लिये वरदान साबित हुई है। इस योजना में अब तक 3.50 लाख लोगों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है, जिस पर 460 करोड़ रूप्ये व्यय किये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा का उत्तराखंड के लिए सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व है। हर वर्ष देश-विदेश के लाखों लोगों को इस यात्रा की प्रतीक्षा रहती है। सरकार कोविड-19 के सभी नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और सुगम चार धाम यात्रा हेतु प्रयासरत है। इस यात्रा के प्रारंभ होने से स्थानीय पर्यटन और परिवहन व्यवसायियों सहित पूरे प्रदेश को लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड के प्रति भावनात्मक लगाव है। आज उत्तराखंड में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। परिवहन, कनेक्टिविटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उत्तराखंड में तेजी से काम हो रहा है। कोरोना काल मे हर किसी के लिए समस्या पैदा हुई। लेकिन सरकार ने कोविड प्रभावित अर्थव्यवस्था को मज़बूती देने के लिए कई निर्णय लिए हैं। राज्य में हेली सेवाओं को बढ़ावा देने के लिये एवियेशन टर्बाे फ्यूल में 18 प्रतिशत की छूट दी गई है, इसे 20 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी के सहयोग के लिये है। अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये भी बड़ी संख्या में उद्योगों की स्थापना जरूरी है। इसके लिये जो बेहतर होगा वह किया जायेगा। राज्य के सभी क्षेत्रों के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के लिये सड़क एवं हवाई सेवाओं की बेहतर सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में भू कानून लागू करने के लिये पूर्व मुख्य सचिव श्री सुभाष कुमार की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर सभी पहुलओं पर ध्यान रखते हुए इस सम्बन्ध में कार्यवाही की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राज्य को आवश्यकतानुसार वैक्सीन उपलब्ध कराने में राज्य की बड़ी मदद की है। हमारा प्रयास राज्य के सभी लोगों को दिसम्बर, 2021 तक सभी का वैक्सीनेशन कराने का है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शिक्षा एवं उद्योग से जुड़े अनेक लोगों को सम्मानित भी किया।

दिव्यांग तैराक सत्येंद्र सिंह लोहिया को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक अवार्ड से सम्मानित मध्य प्रदेश के दिव्यांग तैराक सत्येंद्र सिंह लोहिया ने भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उन्होंने इंग्लिश चैनल पार करने के साथ ही अमेरिका में 42 कि.मी. की कैटलीना चैनल को 11.34 घंटे में पार किया है। अब तक वे 7 नेशनल तथा 3 इंटरनेशनल पैरा स्विमिंग चैम्पियनशिप में प्रतिभाग कर चुके हैं तथा अनेक मेडल प्राप्त कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने सत्येंद्र सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगता की विषम परिस्थितियों को आपने अपने अदम्य साहस एवं जीवटता के बल पर सफलता की मिसाल कायम कर युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत बने हैं। आपने साबित किया है कि मजबूत मानसिक मनोबल के बल पर कोई भी कार्य कठिन नहीं होता है।
तैराक सत्येंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगों को सहयोग और सम्मान मिलने से उनके मन में दिव्यांगता की सोच समाप्त होती है तथा हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने दिव्यांगों के लिये सहयोगी बनने की भी इच्छा जताई।
इस अवसर पर विधायक देशराज कर्णवाल, डॉ. प्रेम सिंह राणा भी उपस्थित थे।

उद्योगों को बढ़ावा देना रोजगार का सृजन करना है-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि किसी समाज एवं राष्ट्र की उन्नति में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में उद्योगों से जुड़े लोगों की समस्याओं का सरलीकरण कर समाधान किया जा रहा है। उत्तराखंड में जितने भी उद्योग स्थापित हुए हैं, उनकी समस्याओं को दूर कर उनके विकास के लिए हर संभव प्रयास किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा राज्य को दिये गये औद्योगिक पैकेज से प्रदेश में बड़ी संख्या में उद्योगों की स्थापना हुई है। भविष्य में राज्य में और अधिक उद्योग स्थापित हों इसके लिये हमारे उद्यमी ही हमारे ब्राण्ड एम्बेसडर हैं। राज्य में इन्वेस्टर समिट के आयोजन के बाद उद्योगपतियों का रूझान उत्तराखण्ड के प्रति तेजी से बढ़ा है। राज्य का वातावरण पूर्णतः उद्योगों के अनुकूल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्पूर्ण देश में भी यह संदेश जाना चाहिए कि उत्तराखंड उद्योगों के लिए एक श्रेष्ठ डेस्टिनेशन है। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योगपतियों के बीच लगातार संवाद किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। राज्य में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए केन्द्र सरकार से राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है। सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी राज्य में तेजी से बढ़ रही है। आने वाला समय उत्तराखण्ड में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बहुत अच्छा होगा।
इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सीएमडी आईटीसी लि. संजीव पुरी, उद्योग जगत से जुड़े आलोक किलोस्कर, मनीष भटनागर, प्रदीप मुल्तानी मौजूद थे।

परिवहन निगम को बसों के फेरे बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए-सीएस

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने गुरुवार को सचिवालय में परिवहन विभाग की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग को अपग्रेड करने के लिए अन्य प्रदेशों द्वारा अपनायी जा रही बेस्ट प्रेक्टिसिस का अध्ययन कर प्रदेश में भी लागू किया जाए।
मुख्य सचिव ने डग्गामारी को रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सेंट्रलाइज्ड कन्ट्रोल रूम तैयार किया जाए। साथ ही, मॉनिटरिंग एवं सर्विलांस सिस्टम का आधुनिकीकरण करते हुए एनपीआर कैमरा इंस्टॉलेशन कार्य में तेजी लायी जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पिछले दिनों डग्गामारी पर लगाम लगाए जाने से अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। डग्गामारी रूकने से परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने परिवहन निगम को बसों के फेरे बढ़ाए जाने हेतु प्रयास किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में सी.एन.जी. एवं इलेक्ट्रिक बसें चलाए जाने पर फोकस किया जाए।
मुख्य सचिव ने लीकेजिज को रोकने हेतु विशेष प्रयास किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा और डीजल चोरी पर भी लगाम लगाए जाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही मेंटेनेंस के लिए वर्कशॉप के मॉर्डनाइजेशन पर भी ध्यान दिए जाने की बात कही।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, मनीषा पंवार, सचिव परिवहन डॉ. रंजीत सिन्हा, प्रबन्ध निदेशक परिवहन निगम डॉ. नीरज खैरवाल सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

प्रदेश सचिव अतुल यादव को अब प्रदेश प्रवक्ता का भी दायित्व

समाजवादी पार्टी उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष के आदेश पर एडवोकेट अतुल यादव को प्रदेश प्रवक्ता के पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। बताते चले कि प्रदेश प्रवक्ता का दायित्व मिलने से पहले अतुल यादव प्रदेश सचिव का दायित्व भी निभा रहे है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व में भी पार्टी ने उन्हें प्रदेश प्रवक्ता बनाया था। जिसके बाद उन्हें नवीन दायित्व दिया गया था। उन्होंने दोहरी जिम्मेदारी मिलने पर संगठन का आभार जताया। कहा कि ईमानदारी के साथ दोनों जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

एम्स ऋषिकेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत 51 हजार से अधिक मरीजों का हुआ उपचार

बीते तीन वर्षों के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत एम्स ऋषिकेश में अब तक 51,120 मरीजों का निशुःल्क उपचार किया जा चुका है। यही नहीं योजना की शुरुआत से अभी तक एम्स में 10, 900 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के लिए हाल ही में राज्य सरकार द्वारा एम्स को ’आयुष्मान सम्मान’ से पुरस्कृत किया गया है। एम्स निदेशक ने आयुष्मान योजना को और अधिक प्रभावी बनाने की बात कही है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश में आयुष्मान योजना की शुरुआत सितम्बर- 2018 में हुई थी। इन स्वास्थ्य योजनाओं के तहत बीते तीन वर्षों में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित देश के करीब एक दर्जन राज्यों से आए 51 हजार से अधिक मरीजों को एम्स ऋषिकेश में निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल चुकी है। योजना के सफलतम 3 वर्ष पूर्ण होने व इस योजना का बेहतर संचालन करने पर राज्य सरकार द्वारा हाल ही में एम्स संस्थान को ’आयुष्मान सम्मान पुरस्कार’ से पुरस्कृत किया गया।
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम ’आरोग्य मंथन’-3 के दौरान एम्स में आयुष्मान योजना के प्रभारी डॉ. अरुण गोयल ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण के दौरान भी एम्स ऋषिकेश में मरीजों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान एम्स में उत्तराखंड के अलावा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, केरल और जम्मू कश्मीर के मरीजों का आयुष्मान भारत योजना में इलाज किया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल 51 हजार 120 मरीजों का इस योजना से निःशुल्क इलाज किया जा चुका है। इनमें से 39 हजार 580 मरीज उत्तराखंड राज्य के हैं। उन्होंने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति वाले इस पहाड़ी राज्य के लिए यह योजना गरीब लोगों के उपचार के लिए बेहद लाभकारी है। आयुष्मान योजना के सह प्रभारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि जिन लोगों के पास आयुष्मान भारत योजना का कार्ड नहीं है, वह लोग अपनी पहचान संबंधी संपूर्ण दस्तावेज दिखाकर एम्स ऋषिकेश में अपना आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। इसके लिए ओपीडी रजिस्ट्रेशन एरिया में अलग से आयुष्मान काउंटर स्थापित किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उन्हें इस योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेना चाहिए।
आयोजित कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने आयुष्मान योजना के सफल संचालन के लिए एम्स संस्थान को ’आयुष्मान सम्मान’ पुरस्कार से नवाजा। एम्स की ओर से यह पुरस्कार योजना के प्रभारी डॉ. अरुण गोयल और सह प्रभारी डॉ. मधुर उनियाल ने प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री द्वारा इस योजना के सफल संचालन के लिए एम्स ऋषिकेश को पुरस्कृत किए जाने पर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर अरविन्द राजवंशी ने अपने संदेश में कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य गरीब व जरुरतमंद लोगों को निशुल्क उपचार प्रदान कराना है। एम्स ऋषिकेश आयुष्मान योजना के तहत अधिकाधिक मरीजों को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने को प्रयासरत है।

रेड राइडर्स क्लब साइकिल यात्रा के माध्यम से शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धाजंली देगा

रेड राइडर्स क्लब ने प्रेस वार्ता कर बताया कि क्लब के सदस्य 2 अक्टूबर को साइकिल यात्रा के माध्यम से ऋषिकेश गांधी स्तंभ से शहीद स्मारक रामपुर तिराहा मुज़फ़्फ़रनगर तक पहुंचकर राज्य के शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
रेड राइडर्स साइकिल क्लब के संरक्षक जितेन्द्र बिष्ट व जयेन्द्र रमोला ने बताया कि हम रेड राइडर्स की टीम 2 अक्टूबर को ऋषिकेश के गांधी स्तंभ पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए प्रातः 4 बजकर 30 मिनट पर शहीद स्मारक मुजफ्फरनगर की ओर प्रस्थान करेंगे। यात्रा का रुट गुरुकुल कांगड़ी चौक, आईआईटी रुड़की कॉलेज गेट, गुरुकुल नारसन व बरला टोल प्लाजा होते हुए शहीद स्मारक होगा। रमोला ने बताया कि साथ ही इस यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिये द ओरियन्टल इन्श्योरेंस कम्पनी के जीएम राजीव अरोड़ा अपनी टीम के साथ शहीद स्मारक पर रेड राइडर्स का स्वागत करेंगे। इस यात्रा की रूपरेखा में विशेष योगदान यात्रा समिति के सदस्य मनीष मिश्रा, राजेश सूद, देवेन्द्र राजपूत, विक्रम शेडगे व नरेंद्र कुकरेजा रहा है।
रेड राइडर्स क्लब के अध्यक्ष दीपक नेगी व मुख्य राईडर्स नीरज शर्मा ने कहा कि इस यात्रा में हम सभी सुरक्षा के इंतजामों जैसे डाक्टर, मेडिकल किट व टूल किट के साथ इस यात्रा को सम्पूर्ण करेंगे। हमारी यात्रा में हमारे क्लब के 21 सदस्यों के साथ अन्य कुछ लोग भी यात्रा करेंगे। इसमें 13 साल से 62 साल के राइडर्स शामिल हैं। इस यात्रा में हमारे दस दस मिनट के चार पड़ाव होंगे व शहीद स्मारक पर पहुंचकर हमारे क्लब के द्वारा रामपुर तिराहे कांड के गवाह पंडित महावीर प्रसाद शर्मा को हमारे क्लब की ओर से शॉल व प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया जायेगा।
प्रेस वार्ता में क्लब के कोषाध्यक्ष विपिन शर्मा, सरदार बूटा सिंह, कुलदीप असवाल, शैलेश भण्डारी, विपिन शर्मा, राजेश सूद, पंकज अरोड़ा, देवेन्द्र राजपूत, नरेन्द्र कुकरेजा, विक्रम शेडगे, विक्की प्रजापति आदि मौजूद रहे।

विस अध्यक्ष ने एसडीएम को रायवाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने के दिए निर्देश

बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर रायवाला के प्रधान सागर गिरी के नेतृत्व में रायवाला क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया कि त्रुटिपूर्ण भू अभिलेख की वजह से क्षेत्रवासियों को अनेक प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही है।
रायवाला के प्रधान सागर गिरी ने कहा है कि ग्राम सभा रायवाला के निवासियों का आबादी खसरा नंबर वन भूमि पर चढ़या गया है। जबकि वन भूमि का खसरा नंबर आबादी में तब्दील हो गया है, जिसके कारण स्थानीय क्षेत्र वासियों को अनेक प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान सागर गिरी ने कहा है कि इस कारण स्थानीय लोगों को बिजली, पानी का कनेक्शन नहीं मिल रहा है जबकि वह अपने भवन निर्माण के लिए सरकार से लोन भी प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उनका खसरा वन भूमि पर दर्शा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी ऋषिकेश को दूरभाष पर निर्देशित करते हुए कहा कि स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। विस अध्यक्ष अग्रवाल ने यह भी कहा है कि तहसील प्रशासन द्वारा की गई त्रुटि का खामियाजा स्थानीय लोगों को क्यों भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि समस्या का समाधान शीघ्र किया जाए।
इस अवसर पर स्थानीय प्रधान सागर गिरी, कुशल सिंह, सुरेंद्र सिंह चौहान, गब्बर सिंह, विशाल चौहान, नवीन कुमार, आनंद सिंह, कुल बहादुर छेत्री, ममता छेत्री, चंद्रमोहन कैंतूरा, पार्वती थापा, प्रीतम सिंह, सूरत सिंह कैंतूरा, सुषमा देवी, पदम सिंह, लाखन सिंह, पूर्ण सिंह, लक्ष्मण सिंह, मंगल सिंह, विक्रम सिंह, सूरज शर्मा, लक्ष्मी देवी, पान सिंह, कुंती देवी, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार, सुमेर चंद, गंगा शरण, राकेश कुमार आदि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

एसओजी की टीम ने नगर निगम के पार्षद पति सहित दो बुकी को किया गिरफ्तार

नगर निगम पार्षद पति पर आईपीएल में सट्टा लगाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में पार्षद पति सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आईपीएल के मैच में सट्टा लगाने के आरोप में एसओजी की टीम ने नगर निगम के पार्षद पति सहित दो बुकी को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से लैपटॉप, टीवी सैटअप बॉक्स, रिपोट, चार्जर, सट्ट रजिस्टर, पांच मोबाइल समेत 3400 की रूपये की नकदी बरामद की है।
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के अनुसार एसओजी को मुखबिर ने सूचना दी कि रेलवे रोड स्थित एक होटल के कमरे में दो बुकी आईपीएल मैच का सट्टा लगा रहे हैं। एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों बुकी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। कमरे से एक लैपटॉप एक एलईडी एक सेटअप बॉक्स एक सट्टे का रजिस्टर 5 मोबाइल एक नेट के डिवाइस और 3400 रुपए नगद बरामद किए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने बताया कि बताया कि आरोपियों की पहचान विजेंद्र कुमार पुत्र ऋषिपाल निवासी मानवेंद्र नगर, बाल्मीकि बस्ती, मनीष सेमवाल पुत्र हंसराज सेमवाल निवासी आदर्श ग्राम, ऋषिकेश के रूप में हुई है। इनमें एक नगर निगम ऋषिकेश की पार्षद का पति है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे दोनों को जेल भेज दिया गया है। एसओजी देहात प्रभारी ओमकांत भूषण,उपनिरीक्षक रामनरेश शर्मा, जगदंबा प्रसाद, कांस्टेबल नवनीत नेगी, कमल जोाशी सोनी कुमार, अनित कुमार आदि शामिल रहे।

कपड़े की दुकान चलाता है पार्षद पति
बताया विजेंद्र कुमार की रेलवे रोड पर कपड़े की दुकान है। कर्जा चुकाने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में ऑनलाइन सट्टे का काम शुरू किया है। जिसके लिए मैंने यू-ट्यूब से इसकी प्रक्रिया सीखकर, इसका ऑनलाइन सॉफ्टवेयर खरीदा। इसमें पैसा लगाकर सट्टा खेलने वाले व्यक्तियों द्वारा मेरे पास एडवांस पैसा जमा किया जाता है। उसके बाद ही मैच के दौरान वह मुझे फोन के माध्यम से अपनी बोली लगाते हैं। एक हफ्ते पहले ही यह काम शुरू किया था।

रामचन्द्र तिवारी की सेवानिवृति पर स्कूल स्टाफ ने भावभीनी विदाई दी

राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र ऋषिकेश देहरादून के शिक्षणेत्तर कर्मचारी रामचंद्र तिवारी के सेवानिवृत्ति के उपरांत विद्यालय परिवार ने उनको सहर्ष विदाई समारोह के द्वारा विदाई दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कहा कि विगत 40 वर्ष की लंबी सेवा के उपरांत बेदाग सेवानिवृत्त होना सौभाग्य की बात है। हम इनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। इस अवसर पर रमाशंकर विश्वकर्मा, सूरजमणि, अनिल कुमार श्रीवास्तव, विजय पाल सिंह, श्याम सुन्दर रयाल, सुशील रावत,ललित मोहन जोशी, बी पी सती, हरेंद्र राणा, सीडी डंगवाल, राजेंद्र प्रसाद सेमवाल, प्रसाशनिक अधिकारी आर पी नौटियाल, आदित्य प्रसाद उनियाल, दिलबर सिंह नेगी, ललित कुमार चौहान, मनोज कुमार शर्मा, विनोद सिंह पवार, केशवानंद ममगाई, रामकरण यादव, मनोज कुमार गुप्ता, इंदु नेगी, सरोज लोचन, रश्मि सजवान, मोनिका रौतेला, लता अरोड़ा, बलबीर रावत सहित समस्त विद्यालय परिवार ने उनको भावभीनी विदाई दी।