एआईसीसी सदस्य ने नेपाली समुदाय के बीच जाकर सुने उनके विचार

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयन्ती पर न्याय पंचायत स्तर आयोजित होने वाले गाँव गाँव कांग्रेस कार्यक्रम के अंतिम दिन कल देर शाम को श्यामपुर न्याय पंचायत के ग्रामसभा प्रतीत नगर में नेपाली समुदाय के वरिष्ठ जनों व महिलाओं के साथ विचार गोष्ठी का आयोजन कर वरिष्ठ जनों व सामाजिक कार्य से जुड़े लोगों का माल्यार्पण कर शॉल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि तीन दिन तक चले गाँव गाँव कांग्रेस कार्यक्रम के माध्यम से हमने नेपाली समुदाय के लोगों के बीच जाकर उनके विचारों को सुना साथ ही उनको पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के किए गए हर वर्ग व हर समुदाय के लिये किये गये जनहित के कार्यों से अवगत कराया । 

रमोला ने बताया आज अगर कोई ग़रीबों व हर समुदाय को साथ लेकर उनके हितों की बात करती है तो वह कांग्रेस है, कांग्रेस ने कभी किसी गरीब का घर उजड़ने नहीं दिया कभी किसी गरीब के मुँह से निवाला नहीं छीना परन्तु आज इस जनविरोधी सरकार में आम लोगों की जेब में डाका डालने का काम किया है उनके मु्ंह से खाने का निवाला निकालने का काम किया है परन्तु अब हमको आने वाले 2022 के चुनाव में इनको जवाब देने का काम करना है हमको आम जन के हितों की लड़ाई लड़नी है ।

रमोला ने बताया कि आज इसी कार्यक्रम के तहत हमने वयोवृद्ध पंडित राधारमण अधिकारी, गोरखा सुधार समिति के अध्यक्ष क्षेत्र बहादुर मल्ल, वरिष्ठ कांग्रेसी इवकला शर्मा, ज्योतिषाचार्य हरि कृष्ण अधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी कीर्ति राम नौटियाल व राधा कृष्ण समिति की अध्यक्ष ममता गोसाईं को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया ।

कार्यक्रम का संचालन ज़िला कांग्रेस सचिव अलका क्षेत्री ने किया ।

कार्यक्रम में गोरखा सुधार समिति के संरक्षक चन्द्र बहादुर थापा, अध्यक्ष क्षेत्र बहादुर मल्ल, टीका बहादुर थापा, चित्रबीर क्षेत्री, बिष्णु थापा, ख़ेमे बहादुर शाही, द्वारिका प्रसाद जोशी, गोपाल थापा, कांग्रेस नेता प्रकाश पाण्डेय, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी, दीपा चमोली, मंजु क्षेत्री, यशोदा देवी, सपना देनी, लल्लन राम, अशोक थापा, किशन नौटियाल, शान्ति देवी मल्ल, रुक्मणी देवी मल्ल, सपना थापा, मैना देवी, लीला देवी शर्मा, पार्वती देवी शाही, मनु थापा, संदीप खंतवाल, जितेन्द्र त्यागी, रवीन्द्र बिजल्वाण, दर्शन सिंह नेगी आदि मौजूद थे।

राज्य में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को हर संभव सुविधा दी जाये-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित कैम्प कार्यालय में चारधाम यात्रा की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाय प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को हर संभव सुविधा दी जाय।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालु एवं पर्यटक देवभूमि उत्तराखण्ड से अच्छा संदेश लेकर जाएं, यह सबकी जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के प्रति किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में यदि एक भी यात्री को परेशानी होगी तो प्रदेश का मुख्य सेवक होने के नाते मुझे परेशानी होगी।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े रूद्रप्रयाग, चमोली एवं उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाय कि चारधाम यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं अच्छी हों। गाईडलाइन के अनुसार श्रद्धालु दर्शन कर सकें। पर्यटक स्थलों पर जाने वाले यात्रियों को भी कोई परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम यात्रा के लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद जिन लोगों को परमिशन मिली है, वही लोग उत्तराखण्ड के चार धाम यात्रा के लिए आयें।
बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, डीजीपी अशोक कुमार, मुख्यमंत्री के अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव दिलीप जावलकर, गढ़वाल कमिश्नर रविनाथ रमन, डीआईजी गढ़वाल नीरू गर्ग, अपर सचिव युगल किशोर पंत उपस्थित थे।

राज्य सरकार ने छात्रवृत्ति की धनराशि बढ़ाने का शासनादेश जारी किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में डॉ. शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति और श्रीदेव सुमन राज्य मेधावी छात्रवृत्ति में बढोतरी का शासनादेश जारी कर दिया गया है। अब डॉ. शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति रूपए 250 प्रतिमाह से बढ़ाकर रूपए 1500 प्रति माह कर दिया गया है। साथ ही यह छात्रवृत्ति 11 बच्चों की बजाय 100 बच्चों को प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार श्रीदेव सुमन राज्य मेधावी छात्रवृत्ति में भी वृद्धि करते हुए इसे रूपए 150 प्रति माह से बढ़ाकर रूपए 1000 प्रतिमाह कर दिया गया है। श्रीदेव सुमन राज्य मेधावी छात्रवृत्ति योजना में प्रत्येक विकास खंड से 5 छात्र-छात्राओं का चयन कर राज्य भर से प्रतिवर्ष 475 छात्र-छात्राओं को इस छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा।
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ये घोषणाएं की थीं।

धामी सरकार ने 6 माह के ब्याज प्रतिपूर्ति का शासनादेश जारी किया

मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के ऋण खाता धारकों को 6 माह हेतु ब्याज प्रतिपूर्ति सहायता उपलब्ध करायी जायेगी। इसका शासनादेश जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा की थी। यह ब्याज प्रतिपूर्ति सहायता, अधिसूचना निर्गत होने की तिथि से आगामी 6 माह की अवधि के लिये मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत वर्तमान ऋण प्राप्त खाताधारकों और इंगित अवधि में ऋण प्राप्त करने वाले खाताधारकों को अनुमन्य होगी।

त्योहारों से पहले कोविड ओर डेंगू से बचाव की जाय प्रभावी व्यवस्था-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में कोविड 19 के साथ डेंगू एवं मलेरिया बीमारी की रोकथाम के लिये प्रभावी प्रयासों की जरूरत बताते हुए इस सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित विभागों एवं जिलाधिकारियों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिये हैं।
सोमवार को सचिवालय मे इस सम्बन्ध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं शासन के उच्चाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिये हैं। सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के बाद डेंगू एवं मलेरिया के लक्षण सामने आते हैं। इसके लिये साफ सफाई, दवा आदि के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि डेंगू से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जाय। स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाय। यह सुनिश्चित किया जाय कि अस्पतालों में प्लेटलेट्स की पर्याप्त उपलब्धता हो। नगर निकायों द्वारा समय-समय पर फॉगिंग की जाए। शहरी क्षेत्रों में डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता एवं जल निकासी पर विशेष ध्यान दिया जाय। तथा व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाय।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वर्षाकाल के बाद डेंगू जैसी बिमारियों की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसके लिये प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक प्रबन्धन पर ध्यान दिया जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना की रिकवरी रेट में तेजी से सुधार हुआ है। इस पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे, इस दिशा में सतर्क रहने की भी जरूरत उन्होंने बतायी।
कोविड-19 की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना का प्रभाव कम जरूर हुआ है लेकिन समाप्त नहीं हुआ है इसके लिए सभी स्तरों पर एहतियात एवं सावधानी बरती जानी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने इस सम्बन्ध में भी व्यापक जन जागरूकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के प्रभाव को नियन्त्रित करने के लिये इस सम्बध में जारी निर्देशों एवं सावधानियों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाय, लोग इसके प्रति लापरवाह न बने इस पर ध्यान दिया जाय।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिये है कि राज्य सरकार द्वारा जनहित को ध्यान मे रखते हुए 207 प्रकार की पैथालॉजिकल जांचे निशुल्क उपलब्ध कराये जाने, जच्चा बच्चा को अस्पताल से निःशुल्क घर छोड़ने के लिये संचालित खुशियों की सवारी जैसी योजनाओं का भी जनता को सरल तरीके से समझाने के लिये व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है, इसकों और अधिक प्रभावी बनाये जाने के लिये स्वास्थ्य विभाग, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के साथ ही निजि चिकित्सालयों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने सभी पीएचसी एवं सीएचसी मे आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की व्यवस्था के साथ ही तीन नये मेडिकल कालेजों हरिद्वार, रूद्रपुर एवं पिथौरागढ़ में अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर ध्यान देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने पीएम केयर फण्ड के तहत उपलब्ध कराये गये वेंटिलेटर आदि की भी जानकारी प्राप्त की तथा इनकी स्थापना के सम्बन्ध मे कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में सचिव स्वास्थ्य डॉ0 पंकज कुमार पाण्डेय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कोरोना संक्रमण की रोकथाम, वैक्सीनेशन, डेंगू एवं मलेरिया आदि बीमारियों से बचाव के लिये किये जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, सचिव अमित नेगी, अपर सचिव स्वास्थ्य सोनिका, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. तृप्ति बहुगुणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

धामी सरकार दे रही विकास कार्यों को वित्तीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के नगर पंचायत पोखरी में खण्डजा एवं सी.सी. मार्ग हेतु 97.06 लाख, नालियों के निर्माण हेतु 49.20 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र डोईवाला के अन्तर्गत वार्ड न. 14 में अम्बेडकर पार्क के निकट उपलब्ध भूमि पर पार्क के निर्माण हेतु 72.90 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र रायपुर की डांडा खुदानेवाला पेयजल योजना के प्रथम चरण हेतु 1.70 करोड़ रूपये, विधानसभा क्षेत्र मसूरी की कालीदास रोड पुनर्गठन सीवरेज योजना हेतु 4.89 करोड़, नगर निगम देहरादून के वार्ड नं. 1 में कुठालगांव पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण कार्य हेतु 3.95 करोड़ रूपये, विधानसभा धर्मपुर की वार्ड नं. 70 लक्खीबाग को ओ.डी.एफ. मुक्त बनाने हेतु दरभंगा बस्ती में नई सीवर लाईन का कार्य एवं वार्ड के अन्य क्षेत्रों में सीवर लाईन/चैम्बर्स की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य हेतु 97 लाख 89 हजार रुपये, गैरसैंण में आधुनिक शौचालय निर्माण हेतु 41.36 लाख, सुशीला तिवारी हास्पिटल चौराहे से आई.टी.आई. नीम के पेड़ (रौला गधेरा तक) पुरानी ए.सी. एवं पी.वी.सी पाईप लाईन के स्थान पर नई एम.एस. एवं जी.आई. पाईप लाईन बिछाने हेतु 1 करोड़ 95 लाख रूपये, विधानसभा क्षेत्र लालकुंआ बिन्दुखत्ता क्षेत्र में 200 शौचालय स्थापित किये जाने हेतु 50.00 लाख रूपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के गांधी ग्राम ताकुला का गांधी स्टडी सेंटर एवं आरकाइव के रूप में विकास किये जाने हेतु 77.89 लाख रुपये, मुनस्यारी को पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किये जाने हेतु अवशेष धनराशि 27.95 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस सम्बन्ध में शासनादेश भी निर्गत कर दिया गया है।

पीएम की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस हुई सतर्क, शुरु किया सत्यापन अभियान

कोतवाली पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाकर की गई कार्यवाही में 350 लोगों का सत्यापन करते हुए किरायेदारों का सत्यापन ना कराने पर 15 मकान मालिकों के विरुद्ध कार्यवाही कर डेढ़ लाख का जुर्माना किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व अपराध पर अंकुश लगाने व अपराधियों की धरपकड शुरू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में किरायेदारों के सत्यापन कराने व सत्यापन ना कराने वाले मकान मालिकों पर कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है। उक्त आदेश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक देहात क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश द्वारा भी अपने अधीनस्थों को उक्त विषय में कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है। जिस पर महेश जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के द्वारा आज प्रातः 6 बजे से एम्स पुलिस चौकी क्षेत्र में एम्स हॉस्पिटल से लगते हुए इलाके शिवाजी नगर, बैराज कॉलोनी, स्टर्डिया व आवास विकास में किरायेदारों के सत्यापन की जांच हेतु अभियान चला गया।
उक्त अभियान में प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के द्वारा स्वयं उपस्थित रहकर नेतृत्व करते हुए वरिष्ठ उप निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश, चौकी प्रभारी एम्स, चौकी प्रभारी आईडीपीएल, चौकी प्रभारी त्रिवेणी घाट, चौकी प्रभारी बस अड्डा, चौकी प्रभारी श्यामपुर, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, महिला कॉन्स्टेबल की टीम बनाकर सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान से पूर्व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के द्वारा टीम के सभी अधिकारी/कर्मचारी गणों को को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
सत्यापन अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन करते हुए सत्यापन ना कराने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। सत्यापन के दौरान 350 लोगों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही 15 चालान कर डेढ़ लाख का जुर्माना किया गया। इसके अतिरिक्त ऐम्स हॉस्पिटल रोड पर ठेली एवं फड़ लगाने वाले व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए यातायात के दृष्टिगत रोड किनारे से अतिक्रमण हटाया गया।

धामी सरकार का वादा पूरा, आवेदन शुल्क न लिये जाने का जीओ हुआ जारी

राज्य की विभिन्न चयन संस्थाओं द्वारा भर्ती के लिए आमंत्रित आवेदन पत्रों हेतु अभ्यर्थियों से 31 मार्च 2022 तक आवेदन शुल्क न लिये जाने का शासनादेश जारी कर दिया गया है। कोविङ-19 से रोजगार एवं अर्थव्यवस्था पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में शासन द्वारा शासनादेश जारी किया गया है।
उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, उत्तराखण्ड अधीनस्थ चयन आयोग, उत्तराखण्ड प्राविधिक शिक्षा परिषद्, उत्तराखण्ड चिकित्सा चयन बोर्ड एवं राज्य की अन्य चयन संस्थाओं द्वारा भर्ती के लिए आमंत्रित आवेदन पत्रों हेतु, लिये जाने वाले शुल्क से अब आवेदकों को राहत मिलेगी। आवेदकों से दिनांक 31 मार्च 2022 तक राज्याधीन सेवाओं की सभी “समूहों“ की समस्त परीक्षाओं हेतु आवेदन शुल्क नहीं लिया जायेगा।

सरकार कर रही व्यवस्था, उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार मिले-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम कुन्जा बहादुरपुर, भगवानपुर में राजा विजय सिंह एवं सेनापति कल्याण सिंह के बलिदान दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि कुन्जा बहादुरपुर में कृषि महाविद्यालय बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सेवक के रूप में वीरों की भूमि कुंजा बहादुरपुर आने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ। राजा विजय सिंह की इस भूमि को नमन करते हुए उन्होंने सभी शहीद सैनानियों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि ब्रितानी हुकुमत से दो-दो हाथ करने वालों को पैदा करने वाली इस भूमि को मैं नमन करता हूं। हमें गर्व है कि आजादी के लिए शुरूआती दौर की अंग्रेजो के खिलाफ बगावत शुरू हुई, उसका बिगुल कुंजा बहादुरपुर गांव से भी फूंका गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हिन्दुस्तान का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ाने, भारत को सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री कार्य कर रहे हैं। उन्हीं के पद्चिन्हों पर चलकर राज्य में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे नौजवानों और छात्रों के बीच में काफी समय तक कार्य करने का मौका मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। रोजगार के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखण्ड में उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों का रोजगार मिले, इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। लोगों की आर्थिकी में कैसे सुधार हो, इसके लिए सरकार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैंने मुख्य सेवक के रूप में शपथ ली, पहली कैबिनेट में हमने निर्णय लिया कि सरकारी सेवाओं में सभी रिक्त पदों पर भर्ती की जायेगी। लगातार भर्ती प्रक्रियाएं जारी हैं। कोरोना की वजह से अनेक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरकार ने निर्णय लिया कि सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट दी जायेगी। जिसका शासनादेश भी हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों, कलस्टरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली प्रदेश की बहनों को 5 लाख रूपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। इन्हे राहत पहुंचाने के लिये पैकेज दिया गया है। पर्यटन, परिवहन से जुड़े एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को राहत पैकेज दिया है। ग्राम प्रधानों का मानदेय 1500 रूपये से बढ़ाकर 3500 रूपये किया है। बिजली का सरचार्ज माफ किया गया है। सभी किसानों का शत प्रतिशत गन्ना भुगतान किया है। गन्ने का नया मूल्य भी जल्द तय किया जायेगा। धान की खरीद के लिए क्रय केन्द्रों पर अच्छी व्यवस्था हो, इसके लिए खाद्य विभाग एवं जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिये गये हैं। कोरोना के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले हर क्षेत्र के लोगों को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव है। प्रदेश में कई जगह 95 प्रतिशत से अधिक वैक्सीनेशन हो चुका है। नवम्बर के अंत तक शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का हमारा लक्ष्य है। संघ लोक सेवा आयोग, राज्य लोक सेवा आयोग, एनडीए, सीडीएस की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले राज्य के आर्थिक रूप से गरीब अभ्यर्थियों को सरकार द्वारा 50 हजार रूपये की धनराशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम, द्वि़तीय विश्व युद्ध, आजादी के बाद लड़े के गए युद्ध, शहीदों एवं उनकी वीरांगनाओं के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि सालम क्रांति के शहीदों की स्मृति में जैंती गांव में शहीद स्मारक बनाया जा रहा है। उत्तराखंड से द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगना एवं वेटरन को अब प्रतिमाह पेंशन 8 हजार रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए किया गया है। सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए पढ़ाई हेतु हल्द्वानी में छात्रावास बनाया जा रहा है। हरिद्वार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सदन बनाया जा रहा है। राज्य स्थित कैण्ट बोर्ड में निवास करने वाले भूतपूर्व सैनिकों का भवनकर माफ करने हेतु यथोचित कार्यवाही की जा रही है। कुटुम्ब पेंशन का नाम अब सम्मान पेंशन रखा गया है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न युद्धों व सीमान्त झडपों तथा आन्तरिक सुरक्षा में शहीद हुये सैनिकों व अर्द्ध सैनिक बलों की विधवाओं/आश्रितों को एकमुश्त 10 लाख रूपये के अनुदान को बढ़ाकर 15 लाख रूपये किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रदेशवासियों को विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना चलाई जा रही है। अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना के तहत 3.5 लाख से अधिक लोग अपना निःशुल्क ईलाज करा चुके हैं। अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना के निःशुल्क कार्ड बनाये जायेंगे। 207 प्रकार की निःशुल्क जांचे की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखण्ड योजना के तहत प्रदेश के सभी ग्रामपंचायतों में ओपन जिम खोले जायेंगे। महालक्ष्मी किट योजना के तहत बच्चे और माँ को उचित पोषण के साथ ही आवश्यक सामग्री प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत कोरोना में अनाथ हुए बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, प्रतिमाह पोषण राशि की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, विधायक कुंवर प्रणव चौंपियन, देशराज कर्णवाल, प्रदीप बत्रा, सुरेश राठौर, भाजपा के हरिद्वार जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान एवं गणमान्य उपस्थित थे।

तीन माह के कार्यकाल में मैंने प्रदेश की खुशहाली के लिए कार्य किया-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीटीसी, देहरादून पर मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव है। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जिस तेजी से कार्य हुए यह सबके सामने प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखण्ड की धरती पर आ रहे हैं। उनका देवभूमि उत्तराखण्ड आना हमारे लिए शुभ क्षण है, जिसकी हम प्रतीक्षा कर रहे हैं। मीडिया द्वारा पूछे जाने पर कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा प्रदेश के विकास के लिए आपके कार्यों की सराहना की गई, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री का आभारी हैं। वे हमारे प्रेरणास्रोत हैं। उनका इस प्रकार से कहना हमें और अधिक दायित्ववान ओर जिम्मेदार बनाता है, कि हम और मजबूती से कार्य कर जन-जन का कल्याण करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उत्तराखण्ड की जनता का ऋणी हूं, सभी का स्नेह और आशीर्वाद मुझे मिल रहा है। लोगों ने मेरा उत्साह बढ़ाया है। तीन माह के कार्यकाल में मैंने प्रयास किया कि उत्तराखण्ड के सूदूरवर्ती हर क्षेत्रों में रहने वाले माताएं, बहनें, बुजुर्ग, नौजवानों, बच्चों एवं गरीब जनता के लिए कुछ न कुछ देने का प्रयास करूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए और तेज गति और ऊर्जा से जन-जन के कल्याण के लिए कार्य करने के लिये वे संकल्पबद्ध हैं।