ब्लू राइडर साइकिल क्लब हर वर्ष 2 अक्टूबर को कार्यक्रम का करेगा आयोजन

ब्लू राइडर साइकिल क्लब ऋषिकेश ने आज गांधी जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं उत्तराखंड अमर शहीदों की स्मृति में साइकिल रैली का आयोजन किया। रैली को ज्योति प्रकाश शर्मा, शैलेंद्र बिष्ट और अजय गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर सुबह 6 बजे रवाना किया।
इसके बाद साइकिल रैली, अमित स्मारक से देहरादून रोड गोपाल कुटी पहुंची। जिसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीदों के चित्र पर फूलमाला चढ़ाकर सभी ब्लू राइडर सदस्यों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
साइकिल रैली का समापन त्रिवेणी घाट गांधी स्तंभ पर हुआ, जहां गंगा सभा के कार्यकारी अध्यक्ष राहुल शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा आदि द्वारा रैली स्वागत किया गया।
गांधी स्थल पर सभी ब्लू राइडर सदस्यों का सम्मान करते हुए जनप्रतिनिधि व एडवोकेट राकेश सिंह पार्षद एवं जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने संयुक्त रुप से सभी साइकिल राइडरो को प्रशस्ति पत्र भेंट किए। सदस्यों ने मुजफ्फरनगर रामपुर में शहीद हुए राज्य आंदोलनकारियों को याद करते हुए उन्हें नमन किया और समय-समय पर शहीदों की याद में ब्लू राइडर परिवार द्वारा कार्यक्रम का आयोजन करने की बात भी कही।
कार्यक्रम संयोजक मनोज सेठी, अब्दुल रहमान और संजय शर्मा की देखरेख में रैली संपन्न हुई। इस मौके पर ब्लू राइडर के सदस्य संजय गुप्ता, विजेंद्र रतूड़ी, भरत गुसाईं, अश्वनी व्यास, यशपाल चौहान, सुदेश शर्मा, सौरभ नैथानी, सुनील प्रभाकर, अशोक नेगी, कमलेश डगंवाल, पंकज बेजा, नटवर श्याम, सरदार बलवीर जसल, ललित सक्सेना, चंद्र सिंह नेगी, नवीन भट्ट, मनोज रावत, मुकेश जैन, मुकेश कृषाली, नरेंद्र कैनतुरा, चंद्र बल्लभ डिमरी, धीरज डोभाल, शेखर क्षेत्री, अतुल सरीन, दिनेश कोठारी, प्रिंस सक्सेना, राजीव लखेरा, अजय प्रजापति, राघव भटनागर, अमनदीप, विजय रावत, अमित उप्पल, नीरज अग्रवाल, नमित व्यास, प्रकाश डोभाल, नितिन राणा, गिरीश, विकास, गजेंद्र रावत, वीरेंद्र, महेश, राजीव आनंद, (9 साल के बच्चे आराध्य नैथानी, रूद्र, कृतार्थ, कृषाली,) आर्यन राजपूत, अमन सोहेल, अरब अग्रवाल, सारंग चौहान, रॉबिन कलूड़ा, अभिनव ब्यास, कुशाग्र राणा, सुजीत मंडल, नमन चतुर्वेदी, गौरव शर्मा, नीत अग्रवाल, गौरव अग्रवाल आदि भारी संख्या में ब्लू राइडर उपस्थित थे। रैली का संचालन जितेंद्र पाठी ने किया।
इस अवसर पर छोटे बच्चों ने भी बिना रुके पूरे रूट पर राइडरो के साथ पूरी साइकिल चलाई।

रामपुर तिराहे पर हुई अवमानना को कभी भुला नहीं जा सकता-प्रेमचन्द अग्रवाल

बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी महिलाओं का पुष्प माला पहना कर सम्मान किया। इस अवसर पर विस अध्यक्ष ने कहा है कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण महिलाओं के संघर्ष के बल पर हुआ है। 2 अक्टूबर के दिन रामपुर तिराहे पर हुई अवमानना को कभी भुला नहीं जा सकता। उन्होंने कहा है कि मैं स्वयं आंदोलनकारी रहा हूं परंतु वह ऐसी घटना थी जिससे हर व्यक्ति स्तब्ध था।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा है कि उस घटना के बाद संपूर्ण उत्तराखंड में आक्रोश की ज्वाला भड़की और परिणाम स्वरूप उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब युवा अवस्था में पहुंच चुका है। उत्तराखंड राज्य का विकास हम सब लोगों के आशा व उम्मीदों पर टिका हुआ है। राज्य की प्रगति में समस्त उत्तराखंड वासियों को समर्पित भाव से कार्य करने की आवश्यकता है।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा है कि यह समय संकल्प का समय है कि हम उत्तराखंड राज्य के विकास के लिए निष्ठा पूर्वक कार्य कर इस प्रदेश की खुशहाली व तरक्की के लिए सामूहिक विकास पर आगे बढ़े।
राज्य आंदोलनकारी महिलाओं का सम्मान करते हुए कहा है कि यह सम्मान न केवल उन महिलाओं का है जिन्होंने उत्तराखंड राज्य के लिए संघर्ष किया बल्कि यह सम्मान उत्तराखंड की उन तमाम महिलाओं का है जो राज्य को आगे बढ़ाने के लिए दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर रही है।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों को भी नमन किया और कहा है कि हम शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी कमला नेगी, शोभा चौहान, पुष्पा ध्यानी, पद्मा नैथानी, इंदु थपलियाल आदि महिलाओं का सम्मान किया गया। जबकि कार्यक्रम में पार्षद लव काम्बोज, चेतन चौहान, विजयलक्ष्मी शर्मा, राजेश कुमार, अरुण सिंह, रूपराम, जयंत कुमार आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रात्रि विश्राम कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्या जानेंगे-राजपाल खरोला

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने बताया कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी देवेंद्र यादव के दिशा निर्देश पर पूरे उत्तराखंड राज्य में 1, 2 व 3 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वर्गीय लाल लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तराखंड की प्रत्येक न्याय पंचायत में कांग्रेस जन रात्रि विश्राम का कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। जिसमें अति पिछड़े व दलित भाइयों के साथ अपनी दिनचर्या व्यतीत करते हुए रात्रि निवास व भोज का कार्यक्रम किया जा रहा है। इसी के तहत कांग्रेस महासचिव राजपाल खरोला के नेतृत्व में न्याय पंचायत श्यामपुर के खदरी ग्राम सभा में दलित, बोक्सा जनजाति के परिवारों के बीच जाकर रायसिंह गौड के घर पर महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर खरोला ने कहा कि महात्मा गांधी कहते थे कि हिंदुस्तान की आत्मा गांव में बसती है, जहां 70 प्रतिशत भारत का भू भाग ग्रामीण क्षेत्र में निवास करता है। आज देश की सरकार शहरी क्षेत्रों में आधुनिकीकरण कर रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में वह सुख सुविधाएं आज तक भी नहीं दे पा रही है जो उनका मूलभूत अधिकार है।
खरोला ने कहा कि आज हमें निश्चित ही बापू के दिखाए रास्ते पर चलने का प्रयास करना चाहिए क्योंकि सत्य और अहिंसा से ही मन और मस्तिष्क को जीता जा सकता है। कभी भी जोर जबरदस्ती, असत्य और युद्ध से इंसान नहीं जीते जा सकते। यदि आज हमें इंसानियत को जिंदा रखना है तो निश्चित ही हमें सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का कार्य करना होगा।
खरोला ने कहा की जहां आज पूरी दुनिया हथियारों और दूसरे देशों की सीमाओं को जीतने की होड में लगी हुई है। वही आज अगर दुनिया को सबसे ज्यादा आवश्यकता है तो गांधी की सोच उनके विचार और उनके शांति के संदेश को समझने की है। यदि दुनिया आज गांधी के सिद्धांतों पर विचार करना प्रारंभ कर दें तो शायद यह हथियारों की होड़ समाप्त होगी और पूरी दुनिया में शांति कायम होगी।
खरोला ने कहा की आज हमारी आज की पीढ़ी और आने वाली पीढ़ी जो देश का भविष्य है उसे गांधी के विचारों को पढ़ना अति आवश्यक है। गांधी एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार है एक कल्पना है और देश ही नहीं पूरी दुनिया ने उनकी अहिंसा की सोच और कल्पना को माना तभी तो आज भी दुनिया के सैकड़ों देश महात्मा गांधी जी को उनकी अहिंसात्मक व शांति की सोच के लिए याद करते है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉ के एस राणा, पूर्व मंडी समिति सभापति जय सिंह रावत, दीप शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र रावत, ब्लॉक कांग्रेस प्रभारी सतीश रावत, विनोद चौहान, भगवती सेमवाल, विजय पाल रावत, बर्फ सिंह पोखरियाल, गोकुल रमोला, मनोज गुसाईं, देवेंद्र बेलवाल, राजेंद्र गैरोला, शोभा भट्ट, राजेश्वरी चौहान, ममता नेगी, सत्येंद्र रावत, अर्जुन रामगढ, आर्यन गिरी, सुंदरमणी शास्त्री, कांता प्रसाद कंडवाल, चंदन सिंह नेगी आदि लोग मौजूद रहे।

आइएनएस क्लब और अविरल संस्था ने नगर में रैली निकालकर स्वच्छता अभियान चलाया

आइएनएस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने अविरल संस्था के साथ गांधी जयंती के अवसर पर एक स्वछता रैली का आयोजन किया। रैली के माध्यम से नगरवासियों को स्वछता का संदेश दिया गया। रैली को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसके बाद रैली नगर निगम से आरम्भ होकर तिलक रोड, हीरालाल रोड, अंबेडकर चौक, रेलवे रोड, घाट चौक से होते हुए त्रिवेणी घाट के गांधी स्तंभ पर सम्पन्न हुई।
क्लब की अध्यक्षा ऋचा सूरी ने बताया कि हमारे देश ने स्वच्छता को लेकर आज भी जागरूकता का अभाव है। इस लिए रैली के माध्यम से आमजन में स्वच्छता को लेकर जागरूकता किया गया। रैली में शामिल सदस्यों ने रास्ते मे पड़े कूड़े कचरे को साफ किया। रैली मे हम सब ने यह ठाना है, भारत स्वच्छ बनाना है जैसे नारे लगाकर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने सबको अपनी ओर आकर्षित किया।
इस अवसर पर उमा किंगर, गरिमा मिश्र, नैना खुराना, प्रिया गांधी, प्रोमिला सडाना, अविरल संस्था से मृदुल, सुनील, अभिषेक मल्होत्रा, मनीज गुप्ता, महेश किंगर, नवीन गांधी आदि उपस्थित रहे।

गंगा प्रेम हॉस्पिस कैंसर रोगियों की सेवा कर रहा-चारु माथुर कोठारी

गांधी जयंती के अवसर पर इनरव्हील क्लब ऋषिकेश के द्वारा गंगा प्रेम हॉस्पिस में कैंसर रोगियों के लिए एडल्ट डायपर्स, अंडरपैड्स, सर्जिकल कॉटन, फल, दवाईयां व अन्य जरूरी सामान का वितरण किया गया।
इस दौरान क्लब की अध्यक्ष चारू माथुर कोठारी ने कहा कि क्लब हमेशा से ही जरूरतमंद लोगों की सेवा करता आ रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कैंसर का समय पर बेहतर उपचार न मिलने पर यह जानलेवा हो जाता है। एक स्टेज के बाद कैंसर रोगियों पर उपचार कारगर नहीं रह पाता। ऐसे में अस्पताल भी रोगियों को भर्ती नहीं करते है। उन्होंने गंगा प्रेम हॉस्पिस जैसी संस्थाऔं की प्रशंसा करते हुए कहा कि कैंसर रोगियों के लिए यह संस्थान वरदान साबित हो रहा है।
इस मौके पर क्लब सचिव अंजू मित्तल, स्नेह जैन, सुशीला राणा, हेमा गुल्हाटी, गीता कुकरेती, वर्षा खन्ना, प्रवीन मलिक, स्वीटी कुकरेजा आदि उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री 7 को ऋषिकेश एम्स में ऑक्सीजन प्लांट का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऋषिकेश का दौरा तकरीबन तय हो गया है, लेकिन वह बाबा केदार के दर्शन करने जाएंगे या नहीं, अभी यह तय नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड आने से हमें ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तराखंड आ रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी आएंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आगमन हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री का सात अक्तूबर को ऋषिकेश आने का कार्यक्रम तय हो चुका है। वह ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ करेंगे और वर्चुअल माध्यम से देश भर के ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा अभी उनका कोई कार्यक्रम नहीं है। हालांकि सरकार के स्तर पर केदारनाथ में तैयारियां हो रही हैं, लेकिन अभी पीएम का बाबा केदार के दर्शन का कोई कार्यक्रम नहीं है।

एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन आठ अक्तूबर को होगा
जौलीग्रांट स्थित देहरादून हवाई अड्डे पर बने नए टर्मिनल का उद्घाटन आठ अक्तूबर को होगा। पहले यह माना जा रहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी सात अक्तूबर को इस टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। लेकिन अब केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे।

उत्तराखंड के हित में जो जरूरी होगा, वह कानून बनाएंगे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के हित में जो भी जरूरी होगा, सरकार वह कानून बनाएगी। उन्होंने कहा कि भू कानून को लेकर कमेटी का गठन कर दिया है। जनसंख्या कानून पर विस्तार से चर्चा हो रही है। जनसांख्यिकीय असंतुलन के मुद्दे पर जांच को लेकर उन्होंने फिर दोहराया कि उत्तराखंडियत को बचाने के लिए यह जरूरी है।

प्रधानमंत्री दो अक्तूबर को करेंगे भट्टा-क्यारकुली गांव के लोगों से संवाद 
प्रधानमंत्री हर घर जल, जल जीवन मिशन के तहत प्रधानमंत्री गांधी जयंती पर मसूरी के भट्टा-क्यारकुली गांव की ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति से संवाद करेंगे। वर्चुअल संवाद दो अक्तूबर को सुबह 10 से  दोपहर 12 बजे तक चलेगा। ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की अध्यक्ष कौशल्या रावत ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर गांव के लोगों में काफी उत्साह है। गांव में अधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। 

महात्मा गांधी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों से सीधा संवाद करेंगे। इसमें मसूरी का क्यारकुली गांव का भी चयन किया गया है। देशभर के गांवों के साथ क्यारकुली गांव के लोगों से भी प्रधानमंत्री वर्चुअल ग्रामीणों से जल जीवन मिशन पर वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव पहुंच रहे हैं और कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।

गुरुवार को नमामि गंगे, जल संस्थान, भारत सरकार के अधिकारी, एनआईसी की टीम गांव पहुंची और तैयारी को अंतिम रूप दिया। कार्यक्रम के लिए गांव के पंचायती चौक पर वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की अध्यक्ष कौशल्या रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री से संवाद  हमारे लिए गर्व की बात है। गांव के लोगों में कार्यक्रम को लेकर बड़ा उत्साह है। गांव में लगे टेंट में एलसीडी आदि उपकरण लग चुके हैं। गुरुवार को जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता नमित रमोला, ईई जल संस्थान केसी पैन्यूली, एई टीएस रावत, अभय भंडारी, राकेश रावत आदि ने तैयारियों का जायजा लिया।

सीडीओ नितिका खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के संवाद के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। संवाद के दौरान प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के तहत गांव में हुए कार्यों पर बात करेंगे। क्यारकुली गांव का चयन प्रधानमंत्री कार्यालय से हुआ है। 

विधानसभा सचिवालय के खाली पदों के लिए 30 तक करें आवेदन

उत्तराखंड विधानसभा सचिवालय में खाली पदों पर नियुक्तियों के लिए पहली बार सीधे दरवाजे से भर्ती की जाएगी। इसके लिए विधानसभा ने समूह क और ख श्रेणी के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। 30 अक्तूबर तक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन फार्म भर सकते हैं।

विधानसभा प्रभारी सचिव मुकेश सिंघल ने खाली पदों की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की। जिसमें प्रतिवेदक के तीन, अपर निजी सचिव के पांच, समीक्षा अधिकारी का एक पद, समीक्षा अधिकारी (लेखाकार) दो पद, सहायक समीक्षा अधिकारी एक पद, व्यवस्थापक के दो, लेखाकार के एक, सहायक लेखाकार के एक, सहायक फोरमैन के दो, सूचीकार के एक, कंप्यूटर ऑपरेटर के एक, कंप्यूटर सहायक के चार, वाहन चालक के एक, रक्षक पुरुष व महिला के सात पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।

शुक्रवार से इन पदों की ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 18 से 42 आयु के युवा इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिसमें 100 अंकों का प्रश्न पत्र होगा। अभी तक विधानसभा में भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन और लिखित परीक्षा की व्यवस्था नहीं थी।
ऐसे करें आवेदन
विधानसभा सचिवालय में खाली पदों के लिए www.ukvidhansabha.uk.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन फार्म भरना होगा। एक अक्तूबर से आवेदन भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 30 अक्तूबर तक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। 

उम्मीदवारों से इतना लिया जाएगा आवेदन शुल्क
प्रदेश सरकार ने कोविड महामारी के कारण अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लोक सेवा आयोग व अन्य संस्थाओं के माध्यम से होने वाली भर्ती प्रक्रिया में आवेदन शुल्क में छूट दी है। लेकिन विधानसभा सचिवालय के माध्यम से कराई जा रहीं भर्ती में उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क लिया जाएगा। सामान्य, ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों से 975 रुपये और एससी व एसटी श्रेणी के लिए 875 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।

कानून का शिंकजा कसा तो कोर्ट में हाजिर हुआ पप्पू गिरधारी

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या का पति पप्पू गिरधारी दो महीने की कानूनी रस्साकशी के बाद जैन दंपती हत्याकांड के मामले में शुक्रवार को कोर्ट में हाजिर हो गया। कोर्ट में हाजिर होकर उसने हाईकोर्ट का स्टे ऑर्डर सेशन अदालत में दाखिल किया।
कई तारीखों पर गैरहाजिर रहने के चलते 29 जुलाई को अभियुक्त पप्पू गिरधारी के खिलाफ सेशन अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। इस पर पप्पू गिरधारी ने जिला जज के यहां अर्जी देकर मामले को किसी और अदालत में स्थानांतरित करने की अपील की। इस पर जिला जज ने मामला दूसरी अदालत में स्थानांतरित भी कर दिया। इस बीच पप्पू गिरधारी ने गैर जमानती वारंट के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी। इस याचिका के चलते सेशन अदालत ने वारंट को स्थगित कर दिया था। बाद में हाईकोर्ट ने वारंट को लिस्टिंग की जाने वाली तिथि तक स्टे कर दिया। शुक्रवार को पप्पू गिरधारी कोर्ट में हाजिर हुआ। हाईकोर्ट के आदेश की इंटरनेट प्रति को उसके वकील अनिल भटनागर ने स्वयं सत्यापित करके कोर्ट में दाखिल किया। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के लिए 23 नवंबर की तारीख तय की है।

31 साल पहले हुआ था दोहरा हत्याकांड
यह मामला करीब 31 साल पुराना है। 11 जून 1990 की रात सिविल लाइंस में रहने वाले कारोबारी नरेश जैन और उनकी पत्नी पुष्पा जैन की हत्या कर दी गई थी। घटना की रिपोर्ट उनकी बेटी प्रगति जैन ने लिखाई थी। इस मामले में जोगीनवादा निवासी पप्पू गिरधारी, हरिशंकर उर्फ पप्पू, बदायूं में थाना कोतवाली के मोहल्ला ब्रह्मपुरा के जगदीश सरन गुप्ता, रोहली टोला के भगवान दास, कटरा चांद खां के केपी वर्मा, साबिर, शीशगढ़ के योगेश चंद्र, आंवला के बजरुद्दीन, भुता के नरेश कुर्मी, फतेहगंज पश्चिमी के हरपाल, बदायूं की पूनम उर्फ सुनीता उर्फ गुड्डी समेत ग्यारह लोगों पर आरोप तय किए गए।

वीर चंद्र सिंह गढवाली की पुण्यतिथि पर पीठसैंण में उनकी प्रतिमा का अनावरण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट व अन्य महानुभावों की उपस्थिति में वीर चंद्र सिंह गढवाली की पुण्यतिथि के अवसर पर पीठसैंण, पौड़ी गढ़वाल में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए और ‘घस्यारी कल्याण योजना’ के लाभार्थियों को किट वितरित किए गए।

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली कर्म और धर्म दोनों से सैनिक थे
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को श्रद्धांजलि देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली एक सच्चे सैनिक तो थे ही, साथ ही वे एक प्रखर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी थे। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली कर्म और धर्म दोनों से सैनिक थे।

उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीरभूमि और तपोभूमि भी
उत्तराखण्ड की धरती, भारत ही नहीं पूरी दुनिया में देवभूमि के नाम से जानी जाती है। मगर यह देवभूमि, एक वीरभूमि और तपोभूमि भी है। उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुए बीस वर्ष ही हुए हैं परंतु यहां का इतिहास और परम्पराएं सदियों पुरानी हैं। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली, माधो सिंह भण्डारी और तीलू रोतेली की बहादुरी के गीत गढ़वाल के गांव-गांव में गाए जाते हैं।

पुष्कर सिंह धामी अंतिम ओवर में उतरने वाले धाकड़ बल्लेबाज
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी भी देश या राज्य की नियति का फैसला, वहां की सरकार की नियत से तय होता है। पुष्कर सिंह धामी ने बिल्कुल सही नारा दिया है कि सरकार का दृढ़ इरादा, बातें कम काम ज्यादा। बातें कम होनी चाहिए लेकिन काम ज्यादा होना चाहिए। पुष्कर सिंह धामी को उनकी छात्र राजनीति के दिनों से ही जानता हूं। उनके पास ऊर्जा है, क्षमता है और कुछ कर गुजरने की जज्बा भी है। क्रिकेट की भाषा में कहें तो 20-20 के मैच में धामीजी को आखिरी ओवर में उतारा गया है। धामी धाकड़ बल्लेबाज हैं। उन पर उत्तराखण्ड के लोगों की बहुत सारी उम्मीदें टिकी हुई हैं। पूरा विश्वास है वे इन उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।

अमृत महोत्सव के दौरान गढ़वाली जी की प्रतिमा का अनावरण सुखद संयोग
रक्षा मंत्री ने कहा कि गलवान में मातृभूमि की रक्षा के लिए हमारी सेना के वीर जवानों ने देश के मान सम्मान की रक्षा की। यह सुखद संयोग है कि आज जब वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा का अनावरण हो रहा है तो देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव भी मना रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले साढे सात वर्षों में मिशन मोड में काम हुआ है। चालीस साल तक देश के पूर्व सैनिकों को ओआरओपी के लिए इंतजार करना पड़ा। मगर मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद ओआरओपी लागू कर दिया।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत बना विकास का पुजारी
उत्तराखण्ड के सामरिक महत्व को देखते हुए बीआरओ द्वारा यहां पर 1000 किमी लम्बी सड़कों के निर्माण पर काम चल रहा है। इन सड़कों के बन जाने से जहां सुरक्षा और सामरिक दृष्टि से देश को लाभ होगा वहां आर्थिक दृष्टि से प्रदेश की जनता को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। भारतीस सीमा के आखिरी गांव माना तक सड़क की ब्लेक टॉपिंग का काम चल रहा है जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।
अब लिपुलेख के रास्ते मानसरोवर यात्रा पर जाना सुगम हो गया है। यह रास्ता आर्थिक और सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यह रास्ता भारत और नेपाल को और करीब लाने में सहायक होगा। नेपाल हमारे लिए केवल एक मित्र देश नहीं है बल्कि उसके साथ हमारा परिवार जैसा संबंध है। भारत शांति का पुजारी तो हमेशा रहा है। प्रधानमंत्री अब भारत को विकास का पुजारी भी बना दिया है।

मुख्यमंत्री स्वस्थ उत्तराखण्ड योजना का शुभारम्भ, मुख्यमंत्री ने की अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ’मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखंड योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि राज्य के समस्त 7795 ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थानों पर एक-एक ओपन जिम ( मुख्यमंत्री ग्रामीण युवा फिटनेस सेन्टर) खोला जायेगा। ’वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिक लग्जरी बसों की खरीद के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी की मौजूदा अधिकतम सीमा को 15 लाख रूपए से बढ़ाकर 20 लाख रूपए किया जायेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में गैर वाहन पर्यटन उद्यम के लिए 33 प्रतिशत सब्सिडी की मौजूदा अधिकतम सीमा को 14 लाख रूपए से बढ़ाकर 20 लाख रूपए किया जायेगा। दीन दयाल गृह आवास योजना के अंतर्गत होमस्टे स्थापित करने वाले उद्यमियों को सब्सिडी कुल लागत की मौजूदा 33 प्रतिशत या रू0 10 लाख, जो भी कम से बढ़ाकर सब्सिडी कुल लागत का 33 प्रतिशत या रू० 12 लाख, जो भी कम हो, किया जाएगा।

हर घोषणा की हो रही क्रियान्विति
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि हम सभी के लिए गर्व की बात है कि आज हम वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जी का स्मरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में जिम्मेदारी निभानी शुरू की है तब से सरकार लगातार ही जनहित के फैसले ले रही है।युवाओं को रोजगार से जोड़ते हुए विभिन्न विभागों पर रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती का कार्य 15 अगस्त से शुरू हो गया है। साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत प्रत्येक जिले में इच्छुक युवाओं की सुविधा अनुसार कैंप लगाए जा रहे हैं। सरकार जो घोषणा करेगी, घोषणाओं के शासनादेश भी जारी होंगे। उन्होंने कहा राज्य में लंबे समय बाद चार धाम यात्रा शुरू हुई है, ऐसे में यात्रियों को किसी समस्या का सामना ना करना पड़े उसके लिए सरकार कार्य कर रही है। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत कार्य करने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों को कोरोना काल में समस्याओं का सामना करना पड़ा। उनके लिए 119 करोड़ का राहत पैकेज दिया गया। ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाया गया।
रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को उत्तराखण्ड आने पर प्रदेश वासियों की ओर से धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखण्ड को बहुत बड़ा सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में आगे बढे, देश के अग्रणी राज्यों में हमारे राज्य का नाम हो इसके लिये वे निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद गढ़वाल तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, डा. धन सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक महंत दिलीप रावत, रितु खंडूड़ी, मुकेश कोली, महेश जीना, भरत सिंह चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य के सभी वन्यजीव पार्क में 18 साल तक के बच्चों का नही लगेगा शुल्क

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मालसी डियर पार्क स्थित देहरादून-जू में 1-7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले वन्य जीव सप्ताह का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तराखण्ड के टाइगर रिजर्व, नेशनल पार्क, वन्यजीव अभ्यारण्य, कन्जर्वेशन रिजर्व, चिड़ियाघर, नेचर पार्क में देशभर के 18 साल तक के बच्चों हेतु निःशुल्क प्रवेश दिया जायेगा, इससे देश के 45 करोड़ युवा छात्रों एवं युवाओं को पर्यटन से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये युवा प्रदेश के पर्यटन एवं ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने में हमारे ब्राण्ड एम्बेस्डर भी बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की, कि उत्तराखण्ड का 71 प्रतिशत भू-भाग वन क्षेत्र है। यहां के स्थानीय लोगों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण करने हेतु, वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण के क्षेत्र अत्यंत महत्पूर्ण है। यहां के लोगों को वनों एवं वन्यजीवों के आर्थिकी से जोड़ने हेतु सी.एम. यंग-ईकोप्रिन्योर स्कीम की शुरुआत की जायेगी। इस स्कीम के अन्तर्गत 1 लाख युवाओं को ईको-प्रिन्योर बनाया जायेगा। इस स्कीम के अन्तर्गत नेचर गाइड, ड्रोन पाइलट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, ईकोटूरिज्म, वन्यजीव टूरिज्म आधारित कौशल के उद्यम में परिवर्तित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने वन्य जीव संघर्ष में अपनी जान गंवाने वाले, वन कार्मिकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिये शीघ्र नीति निर्धारण की भी बात कही है।
मुख्यमंत्री ने इस प्रकार के प्रकृति एवं वन्य जीवों से संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यक्रमों में छात्रों की भी भागीदारी सुनिश्चित किये जाने पर बल देते हुए कहा कि राज्य का 71 प्रतिशत भू भाग वनों से आच्छादित है, इसमें हमारा प्रकृति से जुड़ाव स्वाभाविक से रहता है। राज्य के 6 राष्ट्रीय उद्यान, 7 वन्य जीव विहार, 4 संरक्षण आरिक्षित तथा 2 टाइगर रिजर्व राज्य की पहचान हैं। वनों एवं वन्य जीवों के संरक्षण एवं संवर्धन में राष्ट्रीय स्तर पर हमारी निरंतर पहचान बनी रहे इसके लिये सभी को सहयोगी बनना होगा। संस्कृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने में भी वन्य जीवों का बड़ा महत्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की अवधारणा के मूल में ऊर्जा एवं पर्यटन को राज्य की आर्थिकी का मजबूत आधार माना गया था। हम इस दिशा में प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने सभी से राज्य के विकास में सहयोगी बनने की अपेक्षा करते हुए कहा कि हमें जो भी जिम्मेदारी मिली है। हम उसे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निभाये ताकि हमें इसमें पछतावा न हो, पूरे मनोयोग से बेहतर ढ़ंग से कार्य करने वालों की ईश्वर भी मदद करता है। इससे आत्म सन्तुष्टि भी मिलती है, मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य समाज के अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुचाना है सभी के सहयोग से हम इसमें अवश्य सफल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सांप, तितली एवं बांज वृक्ष पर आधारित तीन पोस्टर, कामन वर्ड ऑफ उत्तराखण्ड कॉफी टेबल बुक तथा स्कूलों के लिये दी जाने वाली ई-बुक का भी लोकार्पण किया।
अपने सम्बोधन में वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड से सभी की आस्था जुड़ी है। कार्बेट नेशनल पार्क उत्तराखण्ड की पहचान है। उन्होंने कहा कि वन एवं वन्य जीवों के संवर्धन मे भी देश मे उत्तराखण्ड का अपना महत्व है। देवभूमि के साथ ही यह गंगा यमुना की धरती है। हमारे राष्ट्रीय उद्यान, वन्यजीव विहार, नेचर पार्क, चिडिया घर टाइगर रिजर्व के साथ ही बढ़ती टाइगरों व हाथियों एवं सैंकड़ो पक्षियों की विभिन्न प्रजातियां समृद्ध जैव विविधता की परिचायक तथा पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र है। उन्होंने कहा कि वनों एवं वन्य जीवों के संरक्षण में उत्तराखण्ड देश की धरोहर है। उन्होंने मुख्यमंत्री को युवा एवं ऊर्जावान मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनकी युवा सोच प्रदेश को विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ायेगी। प्रदेश का समग्र विकास ही हम सबका संकल्प भी है।
इस अवसर पर उन स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया जिनमें इको क्लब का गठन किया गया है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी, मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक जे.एस. सुहाग, अपर प्रमुख वन संरक्षक रंजन मिश्रा आदि उपस्थित थे।