टनल से 12 शव बरामद, जारी है रेस्क्यू अभियान

जनपद के तपोवन आपदा प्रभावित क्षेत्र में आज भी राहत एवं रेस्क्यू कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। रविवार को अलग अलग स्थानों से 12 लोगों के शव बरामद किए गए। तपोवन टनल में 5 शव तथा रैणी क्षेत्र में 7 शव बरामद किए गए। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया निरंतर स्थलीय निरीक्षण कर सर्च आप्रेशन का जायजा ले रही है।

उन्होंने रैणी एवं तपोवन टनल में युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में लापता लोगों के शव बरामद होने पर टीम को इसी तरह कार्य में तेजी लाने को कहा।

प्रात काल के समय टनल में शव बरामद होने की सूचना पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान ने संबंधित अधिकारी के साथ टनल के भीतर रेस्क्यू कार्य का जायजा लिया तथा बरामद शवो को पहचान एवं पोस्टमार्टम के लिए भेजने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी रैणी पहुंचे जहां उन्होंने रेस्क्यू कार्य का जायजा लिया।

तपोवन बैराज परिसर में दोनों और पोकलैंड, जेसीबी मशीनें युद्ध स्तर पर कार्य कर रही हैं।

जबकि बाढ़ प्रभावित नदी किनारे में जिला प्रशासन के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम द्वारा खोजबीन कार्य गतिमान है।

जिलाधिकारी ने कहा रैणी क्षेत्र में जिला प्रशासन नेतृत्व मे एनडीआरएफ की टीम लगाकर मलवे में लापता लोगों की तलाश करायी जा रही है।

रविवार को मिले शवों की शिनाख्त इस प्रकार है। आलम सिंह पुत्र सुन्दर सिह, निवासी टिहरी गढवाल, अनिल पुत्र भगत निवासी कालसी देहरादून, जीतेंद्र कुमार पुत्र देशराज निवासी जम्बू कश्मीर, शेष नाथ पुत्र जय राम निवासी फरीदाबाद, जितेंद्र धनाई पुत्र मतवार सिंह निवासी टिहरी, सूरज ठाकुर पुत्र श्रीनिवास रामपुर कुशीनगर, जुगल किशोर पुत्र राम कुमार निवासी पंजाब, राकेश कपूर पुत्र रोहन राम निवासी हिमाचल प्रदेश, हरपाल सिंह पुत्र बलवंत सिंह निवासी चमोली, वेद प्रकाश पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गोरखपुर, धनुर्धारी पुत्र राम ललित सिंह निवासी गोरखपुर के रहने वाले थे।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि आपदा मे लापता 206 लोगों मे से अभी तक 50 लोगों के शव विभिन्न स्थानों से बरामद हुए है। साथ ही दो लोग पहले जिन्दा मिले थे। अब 154 लोग लापता चल रहे है जिनकी तलाश जारी है।

रविवार को जिले में 2 पूर्ण शव और 4 मानव अंगों का नियमानुसार 72 घंटे बाद अंतिम संस्कार किया गया।

वही दूसरी ओर जिला प्रशासन आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राशन किट, मेडिकल एंव अन्य रोजमर्रा की जरूरतों की आपूर्ति करने में दिनरात जुटा है। प्रभावित गांवों में हालात सामान्य होने लगे है।

तपोवन में ट्राली से आवाजाही सुचारू ढंग से चल रही है। जुगजू में भी लोनिवि द्वारा ट्राली लगाने का काम जारी है।

रैणी पल्ली मे भी ब्रिज निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।
यहां पर क्षत्रिग्रस्त पेयजल लाईन को अस्थायी तौर पर ठीक किया गया है।

मेडिकल टीम प्रभावित क्षेत्रों में कैंप लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है।
अब तक 998 मरीजों का उपचार किया गया।

हैली से इधर उधर फंसे 445 लोगों को उनके गतंव्य तक भेजा गया।

प्रभावित परिवारों में अब तक 515 राशन किट बांटे जा चुके हैं। जबकि 36 सोलर लाइट उपलब्ध कराई गई। पशुपालन विभाग द्वारा रैणी में 25 फीड ब्लाक बांटे गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में 8 मृतकों के परिजनों तथा चार घायलों को सहायता राशि और एक परिवार को गृह अनुदान राशि दी गई।
वहीं जिला प्रशासन के अधिकारीध् कर्मचारी द्वारा प्रभावित गाव में पहुंच कर उनकी कुशलक्षेम पूछी गई।

तपोवन घटना स्थल पर गढ़वाल मंडल आयुक्त रविनाथ रमन, डीआईजी आईटीबीपी अपर्णा सिंह, डीआईजी पुलिस नीरू गर्ग, एनडीआरएफ के कमांडर पी के. तिवारी, एसडीआरएफ के कमांडर नवनीत भुल्लर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

16 फरवरी से महिंद्रा थार फेस्टिवल की शुरूआत, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं है, प्रदेश के सभी 13 जिलों में एक से बढ़कर एक पर्यटक स्थलों के अलावा कई विशेष खासियत हैं, जिससे देश दुनिया में उत्तराखंड को अलग पहचान मिलती है। इन्हीं सब बातों को देखते हुए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले स्थित केदारघाटी में होटल इंडस्ट्री के तौर पर अपने देश दुनिया में अलग पहचान बना चुके हैं, क्लब रिट्रीट ग्रुप द्वारा केदारघाटी में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए महिंद्रा थार फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। दो दिन तक चलने वाले इस फेस्टिवल की आगामी 16 फरवरी से शुरुआत होगी।

क्लब रिट्रीट ग्रुप के संचालक और कम उम्र के एट्रप्रन्योर जतिन बगवाड़ी ने बताया कि महिंद्रा थार फेस्टिवल 16 फरवरी को गुप्तकाशी में और 17 फरवरी को चोपता में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन से केदार घाटी के अलावा आस-पास के इलाके भी एक्सप्लोर हो सकेंगे। इसके अलावा पर्यटक ऑफ रोड ड्राइविंग का मजा ले सकेंगे। इतना ही नही एडवेंचर टूरिज्म में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटक के लिए केदार घाटी खास जगह बन जाएगी। जतिन की खास बात यह है कि समय-समय पर इस तरीके के आयोजन से केदारघाटी को गुलजार रखते हैं। वर्तमान में वे विलेज रिवर रिट्रीट गुप्तकाशी केदार रिवर रिट्रीट सीतापुर (गौरीकुंड), आईवीवाई टॉप श्रीनगर समेत आधे दर्जन रिसोर्ट का संचालन कर रहे हैं।

गीताभवन में सर्वदलीय संघर्ष समिति का धरना 29वें दिन भी जारी

गीता भवन स्थित आयुर्वेदिक औषधि निर्माण साला को स्वर्ग आश्रम जौंक से सिडकुल हरिद्वार स्थानांतरण व कर्मचारियों के खाते में दो महीने से वेतन न दिए जाने के विरोध स्वरूप धरना व आंदोलन 29वें दिन भी लगातार जारी है।

सर्वदलीय संघर्ष समिति के संयोजक आशुतोष शर्मा ने बताया कि कर्मचारी व उनका परिवार दो महीने से वेतन ना मिलने के कारण अपनी सामान्य जरूरतों को भी अब पूरा नहीं कर पा रहे है, जबकि कोविड पश्चात राज्य की आर्थिक स्थिति कुछ हद तक पटरी पर आ रही है। वहीं इस औषधि निर्माण शाला में कार्यरत रहे कार्मिकों को वेतन न मिलने से आर्थिक विपन्नता की स्थिति का सामना कर रहे हैं। जिसके विरोध स्वरूप आज आयुर्वेद औषधि निर्माण शाला के कार्मिकों द्वारा अर्थी पर लेट कर आंदोलन की शुरुआत की।

लोकतांत्रिक ढंग से चल रहे इस आंदोलन को प्रबंधकों द्वारा गंभीरता से लिया जाना अति आवश्यक था। परंतु प्रबंधक वर्ग अपने इन कर्मचारियों की जायज मांगों को भी अनदेखा करता है और उसके तानाशाही पूर्ण रवैया के कारण आज कर्मचारियों के परिवार भूखे मरने की स्थिति में आ गए हैं।

स्वर्ग आश्रम जौक नगर पंचायत के चेयरमैन माधव अग्रवाल ने कहा कि प्रबंधकों द्वारा पूर्व में भी अपने कर्मचारियों की तनख्वाह दिए बगैर गीता भवन परिसर को छोड़ दिया गया था जिसमें प्रबंधन की मंशा हमेशा से यही रही है कि कर्मचारी कमजोर है जब उनके आर्थिक स्थिति प्रतिकूल रूप से प्रभावित होगी तो वह स्वयं प्रबंधन के सामने घुटनों पर आ जाएंगे।

मौके पर कांग्रेस के जिला महामंत्री सुभाष शर्मा, मुरली शर्मा, राधेश्याम प्रजापति, सुरेंद्र थापा, हुकम सिंह, घनश्याम तिवारी, अंकित गुप्ता, चेतन चैहान, अरुण चैबे मनोरंजन, विजेंद्र कुमार, मानव राय, कमल राय, बहादुर पासवान, अजीत पासवान आदि शामिल थे।

मौन रखकर युवाओं ने दी पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि

पुलवामा शहीदों की याद में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला में छिद्दरवाला ग्रामसभा के युवाओं के साथ मिलकर शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी और उसके बाद क्षेत्र के युवाओं में सफाई अभियान चलाकर गाँव की सड़कों को साफ करने का काम किया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि पूर्व वर्षों से जहां युवा पाश्चात्य सभ्यता को अपनाकर वैलेण्टाइन डे मनाता आ रहा है वहीं आज छिद्दरवाला ग्रामसभा के युवाओं ने एक मिशाल पेश की है। जिन्होंने देश की रक्षा के के लिये अपने प्राण न्योछावर किये आज उनको श्रद्धांजलि दी और ग्रामसभा की रोड़ों को साफ करने का कार्य कर युवाओं को संदेश देने का काम किया है कि हमें कभी अपने देश के जवानों का बलिदान नहीं भूलना चाहिये साथ ही हमें आसपास के क्षेत्रों को जब समय मिले साफ रखना चाहिये।

पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोकुल ने कहा कि हमारे गाँव के युवा समय समय पर ऐसे कार्य करते रहते हैं चाहे कोरोना काल बात रही हो चाहे उससे पहले की बात हो हर वक्त हमारी ग्रामसभा का युवा सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहता है।

श्रद्धांजलि देने वालों में कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी, अर्जुन थापा, रवि बग्याल, लक्की पैन्यूली, जितेन्द्र त्यागी, विपुल मल, अर्जुन पुरी, शुभम सिंह, मोहित ठाकुर, रवि कुमार, शुभम कश्यप, अनिल चैहान, शुभम पुण्डीर, सोनू कुमार, शुभम मल, जितेन्द्र चैहान, भीम पुरी, राजू चैहान, महावीर चैहान, आकाश जोशी, नवीन चैहान, अमन चैहान, अर्जुन कलूडा आदि बड़ी संख्या में युवा शामिल थे।

बसंतोत्सव में 50 दिव्यांगों को मिला शिविर का लाभ

श्री भरत मंदिर झंडा चैक में बसंतोत्सव के अवसर पर आयोजित निशुल्क दिव्यांग प्रमाण पत्र कार्यक्रम का शुभारंभ बसन्तोत्सव समिति की अध्यक्षा मेयर अनीता ममगाईं के द्वारा किया गया।

शिविर में मेयर अनिता ने दिव्यांगों के लिए निःशुल्क दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले सभी चिकित्सकों को सम्मानित किया। मेयर ने पूरे मेले का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि मेले में निशुल्क अंग वितरण आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा परामर्श और दिव्यांग जनों के प्रमाण पत्र बनाने संबंधी सभीछ कार्यों का लाभ जनता को मिला है। इस अवसर पर लगभग 50 दिव्यांगों को दिव्यांग प्रमाण शिविर का लाभ मिला। महन्त वत्सल प्रपन्नाचार्य, वरुण शर्मा, पार्षद विजयलक्ष्मी, राजेश दिवाकर, मनीष बनवाल, पार्षद विपिन पंत, पार्षद कमलेश जैन, मीडिया प्रभारी रवि शास्त्री, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, प्रधानाचार्य धीरेंद्र जोशी, रंजन अंथवाल, विकास नेगी आदि उपस्थित थे।

बसंतोत्सव में दूसरे दिन निशुल्क अंग वितरण शिविर में 150 को मिला लाभ

बसंतोत्सव 2021 के दूसरे दिन श्रीभरत मंदिर परिसर पर दिव्यांगों के लिए निशुल्क अंग वितरण शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन पूर्व पेसिफिक मिस इंडिया अनुकृति गुसाईं रावत और भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज व रोटरी क्लब के अध्यक्ष नितिन गुप्ता, पूर्व मंडी समिति सभापति राकेश अग्रवाल, एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने संयुक्त रूप से किया।

मुख्य अतिथि अनुकृति गुसाई रावत ने कहा कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में दिव्यांग जनों के लिए वह कार्य करना चाहती हैं।

रोटरी क्लब के सहयोग से वह इस दिशा में शीघ्र कार्य करने की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांग भी समाज का ही एक अंग है दिव्यांग शब्द का अर्थ दिव्य शरीर वाला है आत्मा कभी विकलांग नहीं होती नकारात्मक व्यक्तियों के लिए दिव्यांग जनों ने कई उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। जिसमें अल्बर्ट आइंस्टीन जैसे महान वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंस का उदाहरण भी प्रस्तुत किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय पैरा ओलंपिक खिलाड़ी नीरजा गोयल को सम्मानित किया और कहा कि अन्य दिव्यांग जनों को भी सक्रिय रहना चाहिए। कभी भी खुद को असहाय नहीं समझना चाहिए।

अनुकृति गुसाईं ने रोटरी क्लब ऋषिकेश व मारवाड़ी युवा मंच फरीदाबाद के कार्यों की सराहना करते हुए रोटरी क्लब के अध्यक्ष नितिन गुप्ता, प्रोजेक्ट चेयरमैन चंद्रशेखर शर्मा, विशाल तायल, सचिव संजय अग्रवाल, नवीन अग्रवाल को इस नेक कार्य के लिए सम्मानित भी किया।

वहीं, निशुल्क अंग वितरण शिविर में आज करीब 150 दिव्यांगों के रजिस्ट्रेशन हुए तथा आवश्यक अंगों का नाप लिया गया। इन्हें कल अंग वितरित किए जायेंगे।
साथ ही डॉक्टरों की टीम के द्वारा दिव्यांग जनों के सर्टिफिकेट बनाने का कार्य किया जाएगा।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने की पीएम मोदी से मुलाकात


राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मौके पर चमोली में आई आपदा को लेकर चर्चा हुई। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा सांसद को राज्य की हर संभव मदद का भरोसा दिया।

आज मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें नए दायित्व के लिये बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने पुर्ण निष्ठा व इमानदारी से इस जिम्मेदारी का निर्वाह करने का आश्वासन प्रधानमंत्री को दिया। सासंद नरेश बंसल ने चमोली आपदा समेत विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा की व प्रधानमंत्री ने राज्य के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया हैै।

राशन की कालाबाजारी, घटतोली व बदसलूकी का आरोप लगा कार्डधारकों ने किया प्रदर्शन

बनखंडी में एक सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान में आज उपभोक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर राशन कार्डधारकों ने डीलर पर राशन में घटतोली व कालाबाजारी का आरोप भी लगाया। चेतावनी दी कि विभागीय कार्यवाही ना होने पर आंदोलन किया जाएगा।

शनिवार को पूर्व सभासद हरीश तिवाडी के नेतृत्व में बनखंडी के उपभोक्ता राशन डीलर राजेन्द्र यादव की दुकान पहुचे। जहा दुकान बंद मिलने पर हरीश तिवाड़ी ने जिला पूर्ति अधिकारी जसवंत कंडारी को फोन कर समस्या की जानकारी दी। बताया कि ऑन लाइन फॉर्म भरने के नाम पर पूर्व में राशन डीलर दो बार उपभोक्ताओ से फॉर्म जमा करा चुका है। लेकिन कई कार्डधारकों को दो माह से राशन नही दे रहा है। जब लोग राशन की मांग कर रहे है तो तुम्हारा राशन नहीं आया है तीसरी बार फॉर्म भरकर दो तब राशन तीन महीने बाद मिलेगा कहकर परेशान कर रहा है। जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

पूर्व सभासद हरीश तिवाडी ने बताया कि काफी समय से राशन डीलर के विरुद्ध लोगों की शिकायतें आ रही थी। राशन कार्ड धारकों का कहना है कि डीलर महिलाओं से अभद्रता से भी पेश आता है। उन्होंने कहा अगर उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कार्यवाही नही होती है तो सीधे मुख्यमंत्री से शिकायत कर राशन की दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की जाएगी।

वही, स्थानीय कार्ड धारकों का कहना है कि राशन विक्रेता द्वारा सप्ताह में सिर्फ 3 दिन दुकान खोली जाती है बाकी दिन दुकान बंद ही रहती है। अभी कुछ दिन पहले राशन विक्रेता के विरुद्ध आवाज उठाई गई थी राशन विक्रेता को शनिवार तक का समय दिया गया था। लेकिन आज जब कार्ड धारक दुकान पर एकत्रित हुए तो राशन विक्रेता की ओर से दुकान ही नहीं खोली गई। स्थानीय राशन कार्ड धारक रजनी देवी का कहना है कि डीलर द्वारा सफेद कार्ड पर पीले राशन कार्ड का राशन दिया जा रहा है।

इस पर भी अभी तक 2 महीने तक राशन नहीं दिया गया है। कार्डधारक किरण लता का कहना है कि राशन विक्रेता महिलाओं से अभद्रता से पेश आता है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान फ्री का राशन खाकर तुम लोगो ने मौज की है अब राशन नहीं मिलेगा। इस दौरान लोगो ने बंद दुकान के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। इस अवसर पर मधु देवी, लक्ष्मी, कंचन अंजलि, गुड़िया, किरण देवी, ममता, रोशनी, राजवती, शकुंतला, पुष्पा, उषा, कुसुम, ममता, पिंकी, मनमीत कुमार, बाली पाल, ललित शर्मा, राकेश पारछा, सुभाष पाल आदि मौजूद थे।

उत्तराखंड को मिला अवार्ड आफ एक्सीलेंस

उत्तराखण्ड को 18 वें सीएसआई एसआईजी ई-गवर्नेस अवार्ड 2020 दिया गया है। यह अवार्ड उत्तराखण्ड को राज्यों की श्रेणी में ई-मंत्रीमंडल के लिए दिया गया है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने उत्तराखण्ड को ई-मंत्रीमंडल और उत्तराखण्ड ऑडिट मैनेजमेंट के लिये पुरस्कार प्रदान किये। उत्तराखण्ड की ओर से यह पुरस्कार एनआईसी के एसआईओ के0नारायण तथा संयुक्त सचिव गोपन विभाग ओमकार सिंह ने यह पुरस्कार प्राप्त किये।

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र जैसवाल, उप-सचिव गोपन विभाग अजीत सिंह एवं उत्तराखंड ऑडिट मैनेजमेंट सिस्टम टीम के रजत मेहरा, नोडल ऑफिसर, ऑडिट सेल उत्तराखंड, तकनीकी निदेशक, एनआईसी नरेन्दर सिंह नेगी उपस्थित थे।

ज्ञातव्य है कि नॉन-प्रोफिट सोसायटी सीएसआई ई गवर्नेस में विभिन्न श्रेणियों में बेहतर कार्य के लिए अवार्ड देती है। उत्तराखण्ड में ई-कैबिनेट की पहल को ई-गवर्नेस की दिशा में बङा कदम मानते हुए अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया है। संस्था द्वारा इसे बेस्ट प्रेक्टीसेज के अंतर्गत अन्य राज्यों के साथ भी साझा किया गया।

उत्तराखण्ड को यह पुरस्कार प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गोपन विभाग एवं एनआईसी के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि गुड गवर्नेस के लिए ई-गवर्नेस बहुत जरूर है। ई-कैबिनेट, ई-ऑफिस, ई-डिस्ट्रिक्ट, सीएम हेल्पलाईन आदि महत्वपूर्ण पहल हैं। कोशिश है कि लोगों को सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक लाभ मिले।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने भी ने गोपन विभाग एवं एनआईसी के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ई-कैबिनेट की पहल करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है। उत्तराखण्ड में ई-कैबिनेट के मॉडल पर दूसरे राज्यों में भी विचार किया जा रहा है। सचिवालय के लगभग सभी अनुभागों में ई-ऑफिस प्रारंभ किया जा चुका है। सूचना तकनीक के प्रयोग से प्रशासनिक कार्यकुशलता में सुधार हुआ है।

126 दुपहिया वाहनों का पुलिस ने चालान कर जुर्माना वसूला

कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस की टीमों ने अलग-अलग जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने 126 दुपहिया सीज किए गए।

कोतवाल रितेश साह की नेतृत्व में पुलिस टीम ने यातायात नियमों को उल्लंघन करने वालों पर शिंकजा कसा। श्यामपुर चैकी, आईडीपीएल क्षेत्र, कोयलघाट तिराहे, हरिद्वार रोड, चंद्रभागा पुल, नटराज चैक और चंद्रभागा पुल पर दुपहिया वाहन को रोका गया। इस दौरान पुलिस ने चालाकों से वाहन संबंधित दस्तावेज चेक किए। साथ ट्रिपल राइडिंग, बैगर डीएल, मास्क न होने पर चालान की कार्रवाई। पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बरती। पुलिस की औचक कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ने गलियों से वाहनों को निकालने में समझदारी समझी। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस की कार्यवाही का विवरण

1- कुल वाहन सीज- 126( एक सौ छब्बीस)

2- चालान माननीय न्यायालय- 32(बत्तीस)

3- कुल चालान- 158(एक सौ अठावन)