मोबाइल की छिनाझपटी करने वाले दो युवकों को मुनिकीरेती पुलिस ने किया अरेस्ट


शीशमझाड़ी निवासी बीना बंगवाल पत्नी संजय ने मुनिकीरेती पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का मोबाइल 25 जनवरी को स्कूटी सवार दो युवकों ने छिन लिया। मामले पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले में गंगा रिसोर्ट रोड कैलाश गेट के पास से समय दो युवकों अश्वनी कुमार पुत्र चंद्रप्रकाश और अमन कुमार गौड़ पुत्र अंगद गौड़ दोनों निवासी चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश देहरादून को अरेस्ट किया गया।

पुलिस ने लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया है।

दून सेंटर आफ एक्सीलेंस का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आईटीडीए, आईटी पार्क देहरादून में स्मार्ट सिटी देहरादून द्वारा आयोजित ‘‘सदैव दून’’ दून इन्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर सेवा का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने दून सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर निदेशक आईटीडीए अमित सिन्हा एवं सीनियर डायरेक्टर एच.सी.ई रामचन्द्रन के बीच इंक्यूबेशन सेंटर में इन्टरनेट ऑफ थिंक्स (आई. ओ. टी ) के एमओयू हस्ताक्षरित किया गया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में स्मार्ट सिटी की एक नई परिकल्पना की शुरूआत की। इसके परिणामस्वरूप देश के 100 शहरों में स्मार्ट सिटी के तहत कार्य हो रहे है। इन शहरों में बेहतर कार्य हो रहे हैं। अन्य शहरों को भी स्मार्ट सिटी बनाने की मांग बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्पष्ट सोच एवं दृढ़ निश्चय के परिणामस्वरूप आज देश हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। स्मार्ट सिटी के बहुआयामी परिणाम हैं। देहरादून की स्मार्ट सिटी में बेहतर कार्य हो रहे हैं, यह अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगी। राज्य में पिछले 20 सालों में ट्रेफिक में बहुत तेजी से वृद्धि हुई है। समय के अनुसार आधुनिक तकनीक का प्रयोग बहुत जरूरी है। तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं को ठीक करने एवं जनता से जुड़ी समस्याओं के निवारण में स्मार्ट सिटी का मॉडल बहुत कारगर साबित होगा। स्मार्ट सिटी के सेंटर से तमाम समस्याओं को नियंत्रित करने में सुविधा होगी।

सचिव शहरी विकास एवं आवास भारत सरकार दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि दून इन्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर की सेवा यहां के नागरिकों के जीवन में बहुत सुधार लायेगी। उन्होंने कहा कि देहरादून में इंक्यूबेशन सेंटर की शुरूआत भी हो रही है, यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सेंटर के माध्यम से युवाओं में सृजनात्मकता का विकास होगा । देहरादून का पिछले साल स्मार्ट सिटी में 24वां स्थान था। आज देहरादून 9वें स्थान पर है। जबकि स्मार्ट सिटी के अन्दर तीसरे राउंड के शहरों में देहरादून का प्रथम स्थान है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत भी उत्तराखण्ड राज्य में अच्छी प्रगति हुई है। स्मार्ट सिटी का मुख्य उद्ेश्य है सुविधाओं का बेहतर तरीके से इस्तेमाल हो। जन सुविधा के दृष्टिगत अभिनव प्रयास होने जरूरी हैं।

सीईओ स्मार्ट सिटी-जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दून इन्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर सेवा को आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ विस्तारित किया जा रहा है। जन सुविधाओं एवं जागरूकता की दृष्टि से अनेक सुविधाएं इस सेवा के माध्यम से दी जा रही हैं।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा एवं सहकारिता राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव आर.के सुधांशु, शैलेश बगोली, एडीजी अभिनव कुमार, निदेशक शहरी विकास विनोद कुमार सुमन आदि उपस्थित थे।

उत्तराखंड के पांच कलाकारों को विस अध्यक्ष ने किया सम्मानित

देश के नाम पेंटिंग में एक विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले देवभूमि उत्तराखंड के 5 कलाकारों को उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सभी कलाकारों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

अवगत करा दें कि हाल ही में इंटरनेशनल आर्ट एंड इमैजिनेशन फॉर्म और प्रिंटिंग डॉट कॉम के माध्यम से वर्चुअल आर्ट गैलरी का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तराखंड के पांच कलाकरों जिनमें राजेश चंद्र, मानसी पोखरेल, अमरजीत सिंह राणा, सानिया बिष्ट और सागर राजभर ने प्रतिभाग कर वर्चुअल आर्ट गैलरी के माध्यम से अपने चित्रों को प्रदर्शित किया था। वर्चुअल आर्ट गैलरी के माध्यम से विश्व भर से 3000 कलाकारों ने कोरोना काल में रचनात्मकता का संदेश दिया था। इस कार्यक्रम को लंदन से वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में विश्व का सबसे बड़ा ऑनलाइन क्रिएटिव इवेंट का खिताब मिला है। उत्तराखंड से प्रतिभाग करने वाले इन पांचों कलाकारों ने मिलकर भारतीय थीम को चित्रित कर अपने कलाकारी का लोहा विश्व में मनवाया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी 5 कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन सभी कलाकारों ने विश्व रिकॉर्ड हासिल करने में कार्यक्रम का सहयोग किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, समय-समय पर इस प्रकार के मंचों के माध्यम से उत्तराखंड के कलाकार अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं। कहा कि उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है कि विश्व रिकॉर्ड हासिल करने में उत्तराखंड के इन कलाकारों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल के दौरान लॉकडाउन की स्थिति में जहां सभी लोग घर पर बैठे हुए थे वहां इन कलाकारों ने घर पर रहते हुए अपने रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा के दम पर कला गैलरी के माध्यम से कोरोना आपदा को एक अवसर में बदल दिया। उन्होंने अन्य युवा कलाकारों से इन से प्रेरणा लेने का आव्हान किया।

रायवाला में क्षतिग्रस्त सड़क से मशीनों द्वारा हटेगा कीचड़, नालियां भी होंगी साफ

आखिरकार कांग्रेस पार्टी का रायवाला प्रतीतनगर में खस्ताहाल सड़क मार्ग को लेकर किया गया आंदोलन जनता के काम आ गया। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने खस्ताहाल सड़क पर ही प्रेसवार्ता कर खुले मंच से दो फरवरी के बाद आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी। इसका असर आज देखने को मिला। मौके पर लोनिवि के सहायक अभियंता राकेश कैलकुरा, अवर अभियंता लक्ष्मीकांत गुप्ता व ठेकेदार हरि अग्रवाल मौके पर पहुंचे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि पिछले कोई वर्षों से रोड की हालत दयनीय बनी है लोग परेशान हैं परन्तु विधायक जी चादर ओढ़कर सोये हैं लेकिन अब ग्रामीण जाग गये हैं। इसलिये कार्य की गति के साथ साथ गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। इसलिये अगर शीघ्र कार्य की गति नहीं बढ़ाई गई तो तीन फरवरी से हम सड़क पर ही आशियाना बनायेगें जब तक कार्य की प्रगति नहीं हुई।

सहायक अभियंता राकेश कैलकुरा ने कहा कि रोड़ का कार्य शुरू हो गया है जल्द ही तीव्र गति से किया जायेगा साथ ही रोड पर जमें पानी को भी शनिवार से ठेकेदार द्वारा पम्प मशीनों द्वारा निकलवा कर रोड़ के कीचड़ को जल्द खत्म किया जायेगा और जो नाली के गंदे पानी से नालियों का निर्माण किया जा रहा था, उसे रूकवाकर साफ पानी का टैंकर मँगवाकर निर्माण कार्य सुचारू करवाया गया है।

मौके पर स्थानीय निवासी सतीश रावत, अलका क्षेत्री, दीपा चमोली, रविन्द्र बिजल्वाण, शांति सेमवाल, आर्यन गिरी राकेश पोखरियाल, दीपक व महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी व जितेन्द्र त्यागी मौजूद रहे।

पौड़ी में विकास कार्यो की सीएम त्रिवेंद्र ने की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विकास भवन सभागार पौड़ी में अधिकारियों के साथ जनपद के विकास कार्यो की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सरकारी योजनाओं से जनमानस को अधिकाधिक लाभ दिलाने हेतु मैकेनिजम बनाने के निर्देश दिये। साथ ही कोविड के दौरान कार्यो की भरपाई हेतु विकास कार्यो में तेजी के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि शीघ्र ही बहुउद्देशीय शिविरों के आयोजन की शुरूआत की जायेगी।

मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी में जिला योजना के तहत स्वरोजगार के क्षेत्र में किये जा रहे विकास कार्यो को बेहतर बताया। जबकि राज्य योजना, केन्द्र पोषित में और सुधार लाने हेतु मण्डलायुक्त रविनाथ रमन एवं जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल को मानीटरिंग करने के निर्देश दिये। क्यूआरटी में 75 प्रतिशत समाधान को अच्छा कार्य बताया। उन्होने समूहों के लिए निर्धारित मानक बनाने को कहा, जिसके आधार पर समूहों के उत्पादों का आकलन कर, उनकी कार्य प्रगति की समीक्षा की जा सकें। उद्यान विभाग के समीक्षा के दौरान मौनपालन कार्य को बढ़ाने के निर्देश दिये। कहा कि मधु न्याय पंचायतों को हब बनाने की परिकल्पना है, ताकि खरीददार वहीं पर मिल सके। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना बहु लाभदायक योजना है। इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ने के लिए पंचायती राज विभाग को अपनी भूमिका निभाने के निर्देश दिये। जनपद में स्थापित पिरूल प्लान्ट की जानकारी लेते हुए कहा कि पिरूल की योजना से गरीब वर्ग के लोगों को आय प्राप्ति के अवसर देता है। कृषि विभाग को जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु घेरबाड कार्य को बेहतर बताया तथा और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिये। ताकि लोगों की फसलों की सुरक्षा के साथ साथ क्षेत्र में पैदावार को बढा़वा मिल सकें। उन्होने पशुपालन विभाग द्वारा की जा रही कड़कनाथ पॉट्री पालन एवं पशुओं की कृत्रिम गर्भाधान की जानकारी ली। जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में तीन लाख के करीब कड़क नाथ मुर्गी का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी धीरज सिंह गब्र्याल ने बताया कि जनपद में 20 हेक्टेअर पर कीवी प्लांटेंसन का कार्य चल रहा है, जिसमें पहली बार बजट का प्रोविजन किया गया है तथा हिमाचल, बागेश्वर से प्लांट मंगाये गये हैं। मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई ने विकास कार्यो की जानकारी देते हुए बताया कि जिला योजना में 7986.00 लाख अनुमोदित परिव्यय के सापेक्ष क्रमिक व्यय 6369.05 अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष ब्यय 88.66 प्रतिशत है। बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत जनपद की प्रगति 86.11 के साथ पहला स्थान पर है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्राइमरी सेक्टर विभाग यथा कृषि, पशुपालन, उद्यानीकरण, पर्यटन, दुग्ध, मत्स्य, मौन पालन, सहकारिता आदि क्षेत्रों पर फोकस किया गया, जिसमें अनुमोदित परिव्यय 13.40 करोड़ था। बताया कि 702 पॉलीहाउस को एनआरएलएम एवं आईएलएसपी के समूहों को दिये गये हैं तथा 90 प्रतिशत सब्सिडी दे रहे हैं। जनपद के सभी विकास खण्डों में करीब 300 न्यूट्री गार्डन बना रहे है। जिनमें से 105 बनकर तैयार हो गये है, जिनकी रख रखाव महिला समूह आदि किया जा रहा है।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिह रावत, विधायक पौड़ी मुकेश सिह कोली, विधायक लैंसडोन दिलीप रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, बहुउद्देशीय सहकारिता समिति अध्यक्ष संपत सिह रावत आदि उपस्थित थे।

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ऐंपण कला से जुड़ी बेटियों से किया संवाद

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सर्किट हाउस में पारम्परिक एैंपण कला से जुड़ी बेटियों से संवाद करते हुए कहा कि जिस खोई विरासत को एैंपण के माध्यम से बेटियों द्वारा संजोने का कार्य किया जा रहा है वह अपने आप में सराहनीय है। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि एैंपण प्राचीन कला है वर्तमान पीढ़ी की बच्चियों को इससे जुड़ते देखकर बेहद प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि आज हम देश-प्रदेश में राज्य की पहचान इस कला के माध्यम से संजोने का कार्य कर रहे जो एक गर्व की बात है। इस बात का गर्व है कि बहनें इस एैंपण कला को जीवंत कर रहीं है साथ ही इससे आर्थिकी में भी सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के क्षेत्रीय व्यंजनों को विशेष खान-पान की पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है पहाड़ी व्यंजनों को प्रोत्साहन देते हुए विशेष श्रेणी में लाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिल्पकला को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के कुशल कारीगरों को आधुनिक श्रेणी की कारीगरी सिखाने में कारगर हुए है। उन्होंने कहा कि इसी कुशलता को दृष्टिगत रखते हुए उत्तराखण्ड में आवास नीति लागू की गयी है जिसमें उत्तराखण्ड के शिल्प नीति से जो अपने भवनों का निर्माण करेगा उसे एक अतिरिक्त मंजिल बनाने की अनुमति दी जायेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक पहचान समाप्त होती जा रही जिसे हम अपने कुशल शिल्पियों के माध्यम से धरातल पर लाने का प्रयास कर रहे है। शिल्पियों के कुशल प्रदर्शन से ही प्रदेश में बेरोजगारी दर कम हो रही है जिससे क्षेत्रीय कारीगरो को इससे प्रोत्साहन मिल रहा है तथा वे आत्मनिर्भर हो रहे है।

इस संवाद कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही महिला उद्यमियों को सम्मानित करते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण की ओर अग्रसर होने की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पारम्परिक एैंपण से जुड़ी बेटियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सौर स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों, होम-स्टे योजना के लाभार्थियों, पीएम स्वनिधि से लाभार्थियों और जनपद के चयनित किसानों को किसान पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरित करते हुए सभी को स्वरोजगार क्षेत्र में किये जा रहे कार्यो के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा एैंपण स्टॉल का अवलोकन कर बेटियों से चर्चा की गयी और एैंपण को प्रोत्साहित करने के लिए उनसे सुझाव प्राप्त किये। इस दौरान राजकीय बाल किशोरी गृह की बच्चियों द्वारा बनाये गये एैंपण की मुख्यमंत्री द्वारा बेहद प्रशंसा की गयी। कार्यक्रम में एकीकृत आजीविका परियोजना, उद्योग विभाग, कृषि, उद्यान आदि विभागों के स्टॉल लगाये गये थे। जिनका अवलोकन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया और स्टॉलों की सराहना की गयी।

इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत, बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय टम्टा, विधायक महेश नेगी आदि उपस्थित थे।

सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने को डबल लेन से जुडे़ंगे विकासखंडः त्रिवेंद्र सिंह रावत

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में विकास खण्ड स्तर तक बेहतर सड़क सुविधाओं के विकास एवं सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिये विकास खण्ड मुख्यालयों को डबल लेन सड़क से जोड़ा जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास खण्ड मुख्यालयों को जोड़ने वाली अधिकांश सड़कें कम चैड़ी होने के कारण यातायात की सुगमता के लिये कम आबादी वाले विकास खण्डों को जोड़ने वाली सड़कों को डेढ़ लेन तथा अधिक आबादी वाले विकास खण्डों को डबल लेन सड़क से जोड़ा जायेगा। डबल लेन सडक से इन क्षेत्रों में अवागमन और अधिक सुरक्षित तथा सुविधापूर्ण हो सकेगा। यातायात नियंत्रण एवं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में भी इससे मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास खण्डों को जोड़ने वाली सड़कों के चैड़ीकरण से राज्य के सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक आवागमन सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी गांवों को सडक से जोड़ने का लक्ष्य भी पूर्ण होने वाला है। इससे विकास खण्डों तक ग्रामीण क्षेत्र वासियों को आवगमन में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सडकों का सुदृढ़ीकरण क्षेत्रीय विकास की राह भी प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश की राजधानी से राज्य को जोड़ने वाली सड़कों के और अधिक सुदृढ़ीकरण एवं चारधाम तथा भारतमाला सड़क परियोजनाओं से राज्य के सभी लोग बेहतर सड़कों से जुड़ जायेंगे। कर्णप्रयाग तक रेल पहुंचने से राज्य वासियों को तो सुविधा होगी ही, चार धाम यात्रा को भी नये आयाम प्राप्त होंगे।

आम आदमी पार्टी में स्थानीय लोगों ने ली सदस्यता

आम आदमी पार्टी ऋषिकेश विधानसभा में कई स्थानीय लोगों ने दिल्ली में आप पार्टी द्वारा लगातार किये जा रहे विकास कार्यों एवं दिल्ली मॉडल से प्रभावित होकर विधानसभा संगठन मंत्री दिनेश असवाल संगठन मंत्री एवं पूर्व विधानसभा प्रभारी अमित बिश्नोई की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।

मौके पर संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने दिनों दिन बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य के विषय पर सरकार को घेरा। कहा कि वो अब नए विकल्प के रूप में आप पार्टी जैसी ईमानदार सरकार चुनना चाहता है जिसके कारण अब आमजन के झुकाव लगातार आप पार्टी की और बढ़ता जा रहा है।

इन्होंने ली सदस्यता
अंजू धीमान, मंजू देवी, सत्येंद्र सिंह, रामचंद्र रमोला, विनोद कुमार, राहुल यादव, अनूप चमोली, प्रवीण रागढ़, योगेश जख्मोला, रणवीर सिंह जेठुड़ी, जय वीर सिंह, महेश चंद्र संजय पाल, मदन मोहन ने पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर धनपाल सिंह रावत, प्रवीण असवाल, जगदीश कोहली, अमित बिश्नोई, दिनेश कुलियाल, अमन नौटियाल, सुनील दत्त सेमवाल, जय प्रकाश भट्ट, सुभाष बगियाल, शुभम रावत, शिवा डिसूजा उपस्थित थे।

एम्स ऋषिकेश में अब कराएं बिना सर्जरी के पथरी का उपचार

पथरी स्टोन की समस्या से जूझ रहे रोगियों के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश की ओर से अच्छी खबर है। संस्थान में अब बिना सर्जरी के भी गुर्दे की पथरी का इलाज संभव हो सकेगा। एम्स में अति अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित इस सुविधा का विस्तार करते हुए एडवांस यूरोलाॅजी सेंटर स्थापित कर सेवाओं की शुरुआत कर दी गई है। बताया गया है कि यह उपचार आयुष्मान भारत योजना में शामिल है।

लगातार आधुनिकतम तकनीकियों और मेडिकल सुविधाओं में इजाफा कर रहे एम्स ऋषिकेश ने यूरोलाॅजी विभाग में अति आधुनिक मशीनों को स्थापित कर मरीजों की सुविधा के मद्देनजर यूरोलाॅजिकल सेवाओं में विस्तार किया है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत ने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना एम्स की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि एडवांस यूरोलाॅजी सेंटर में बिना सर्जरी किए अथवा बिना चीरा लगाए गुर्दे की पथरी के उपचार की सुविधा शुरू कर दी गई है। लिहाजा अब एम्स अस्पताल में उपलब्ध नई तकनीक और सुविधाओं से पथरी तोड़ने के लिए मरीज को बेहोश करने की आवश्यकता नहीं होगी। बताया कि उच्च तकनीक आधारित इस नई सुविधा के शुरू होने से गुर्दे की पथरी का इलाज कराने वाले मरीज को उसी दिन अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सेंटर के वीडियो यूरोडायनेमिक यूनिट में यूरिन की रुकावट संबंधी सभी तरह के परीक्षण आसानी से हो सकेंगे और इस प्रक्रिया में मरीज को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

संस्थान के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डाॅ. अंकुर मित्तल ने इस बाबत बताया कि एडवांस यूरोलाॅजी सेन्टर एक समर्पित केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इस केंद्र में यूरोलाॅजी से संबंधित सभी तरह की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और सर्जिकल की सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इस नए केंद्र में अतिरिक्त काॅर्पोरल शाॅक वेव लिथोट्रिप्सी सुविधा उपलब्ध है। जिससे किडनी में स्थित अधिकतम डेढ़ सेमी. आकार की पथरी को बिना ऑपरेशन के तोड़ा जा सकता है। यह तकनीक बहुत ही सटीक और सुविधाजनक है।
डा. मित्तल ने बताया कि इससे मूत्र की पथरी को भी आसानी से हटाया जा सकता है। इस तकनीक से रोगी को बेहोश करने के लिए एनेस्थीसिया देने की आवश्यकता भी नहीं पड़ती है। ईएसडब्ल्यूएल शाॅक वेव उत्पन्न करके मूत्र में स्थित पथरी को छोटे टुकड़ों में तोड़ा जाता है जो मूत्र मार्ग से आसानी से बाहर निकल जाते हैं। उन्होंने बताया कि एडवांस यूरोलाॅजी सेंटर में आधुनिक व नवीनतम उच्च तकनीक वाली डोर्नियर डेल्टा-2 मशीन लगाई गई है। साथ ही यहां मूत्र पथ की बीमारियों की जांच के लिए यूरोडायनेमिक्स परीक्षण की सुविधा के अलावा एडवांस वीडियो और एंबुलेटरी यूरोडायनामिक्स सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

इस अवसर पर डीन एकेडेमिक प्रोफेसद मनोज गुप्ता, मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. लतिका मोहन,डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा, आईबीसीसी की प्रमुख वरिष्ठ सर्जन डा. बीना रवि, डा. मधुर उनियाल, यूरोलाॅजी विभाग के प्रोफेसर एके मंडल, डा. विकास पंवार, डा. सुनील कुमार, डा. शेंकी सिंह, डा. रूद्रा आदि मौजूद थे।

यह हैं एडवांस यूरोलाॅजी सेंटर की विशेषताएं
सेंटर में एक्स-रे, मिक्ट्युरेटिंग सिस्टोयूरेथोग्राम (एमसीयूजी), रेट्रोग्रेड यूरेथ्रोग्राम (आरयूजी), नेफ्रोस्टोग्राम, अल्ट्रासाउंड, ट्रांस-रेक्टल अल्ट्रासाउंड (टीआरयूएस) गाइडेड प्रोस्टेट बायोप्सी तथा इमेज गाइडेड थैराप्यूटिक प्रक्रियाओं की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए यहां नवीनतम इमेजिंग उपकरण, अल्ट्रासाउंड मशीन व सी-आर्म फ्लोरोस्कोपी मशीनें स्थापित की गई हैं।

इस तरह होगा उपचार आसान
यह मशीनें गुर्दे, मूत्राशय, मूत्रमार्ग और प्रोस्टेट में किसी भी मूत्र संबंधी विकार का पता लगा सकती हैं। जिससे उपचार करने में आसानी होती है और मरीज को आईपीडी में भर्ती किए बिना सभी आपातकालीन प्रक्रियाओं को डे-केयर में ही किया जा सकता है। इस सेंटर में एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों की दिक्कतें कम होंगी और उनका समय भी बचेगा। निकट भविष्य में यह केंद्र यूरोलॉजी के लिए नैदानिक सेवाएं प्रदान करने में सहायक होगा। एडवांस यूरोलाॅजी सेंटर में सेवाएं शुरू होने से मूत्र संबंधी विकारों के इलाज के लिए किसी भी मरीज को उत्तराखंड से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

स्पीकर के कैंप कार्यालय का घेराव करने पहुंचे जन एकता पार्टी के 33 अरेस्ट

बैराज रोड स्थित स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय का घेराव करने जा रहे उत्तराखंड जन एकता पार्टी के नेता कनई धनाई सहित 33 समर्थकों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। सभी को आईडीपीएल चैकी लाया गया। अरेस्ट लोगों में 11 महिलाएं भी शामिल रहीं। बता दें कि पिछले 14 दिनों से नेपाली फार्म तिराहा पर कनई धनई विधानसभा अध्यक्ष व स्थानीय विधायक पर 14 सवालों को लेकर धरना दे रहे थे।

पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार, आज कनक धनाई अपने समर्थकों के साथ कैंप कार्यालय विस अध्यक्ष पहुंचे। कोतवाली पुलिस की ओर से इन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। साथ ही भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। आंदोलन कर रहे सभी लोगों ने स्पीकर के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद बैरिकेडिंग तोड़ने का असफल प्रयास किया। तभी पुलिस ने कनक धनाई सहित 33 आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

इनकी हुई अरेस्टिंग
सोम अरोड़ा, गुरमुख सिंह, राजेश कुमार सोनी, दीपक चैहान, मोहन सिंह सती, संदीप, मनीष रावत, विकास सिंह असवाल, नरेंद्र गुसाई, राम सिंह, कपूर सिंह धनाई, विशाल वर्मा, सूरज यादव, किशन सिंह, अरविंद भट्ट, धीरज सिंह, अमित रावत, शान सिंह रागढ़, हिमांशु पंवार, अंकित बिश्नोई, नितिन पोखरियाल, रोशनी धनाई, हीमा देवी, विमला देवी, रेखा देवी, स्वाति नेगी, सुमित्रा राणा, निर्मला देवी, सावित्री देवी, सुनैना कंडियाल, मनु रावत, पुष्पा देवी।