एम्स ऋषिकेश में आप भी कर सकते है अपने नेत्र का दान, डायल करें…

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में गतवर्ष 2020 में लाॅकडाउन के मद्देनजर स्थगित की गई नेत्रदान की सुविधा को फिर से शुरू कर दिया गया है। बीते अक्टूबर माह से अब तक एम्स के आई बैंक में 13 लोगों के संकल्प के तहत आंखें दान की गई हैं, जिनसे 19 लोगों का जीवन रोशन हुआ है।

मार्च 2020 में विश्वव्यापी कोविड19 महामारी के मद्देनजर देशभर में लाॅकडाउन के बाद एम्स ऋषिकेश के नेत्र कोष विभाग में काॅर्निया प्रत्यारोपण की प्रक्रिया भी स्थगित कर दी गई थी। यह सुविधा सितंबर 2020 महीने तक स्थगित रखी गई। मगर इसके बाद हालात सामान्य होने पर अक्टूबर माह से इसे फिर से शुरू कर दिया गया। तब से अब तक एम्स स्थित नेत्र विभाग के आई बैंक में 13 लोगों के नेत्रदान महादान के संकल्प के तहत आंखें दान कर 19 लोगों को जीवन ज्योति प्रदान की गई।

इस बाबत एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत जी ने अपने संदेश में बताया कि नेत्रदान करना सबसे महान कार्य है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान से किसी के अंधेरे जीवन को रोशन करने के समान कोई दूसरा महादान नहीं है। लिहाजा जो लोग अपनी आंखें दान करने का संकल्प लेते हैं, वह जरुरतमंद व्यक्ति को नेत्र ज्योति देकर मृत्यु उपरांत भी अमर हो जाते हैं। निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत जी ने बताया कि एम्स ऋषिकेश में स्थापित आई बैंक में कोई भी व्यक्ति अपनी आंखें दान कर सकता है। इस प्रक्रिया में किसी भी उम्र तक का व्यक्ति प्रतिभाग कर नेत्र दान जैसे पुण्यकार्य का प्रतिभागी बन सकता है।

गौरतलब है कि एम्स ऋषिकेश में लोगों को नेत्र दान जैसे पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नेत्र कोष आई बैंक की स्थापना 26 अगस्त 2019 को की गई थी। जिसमें लगभग डेढ़ वर्ष में एम्स आई बैंक के माध्यम से काॅर्निया प्रत्यारोपण के बाद 92 लोगों को जीवन ज्योति प्राप्त हो चुकी है। इस बाबत संस्थान के नेत्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजीव मित्तल जी ने बताया कि एम्स ऋषिकेश में काॅर्निया प्रत्यारोपण की सभी विश्वस्तरीय आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि आंखें दान करने के इच्छुक व्यक्ति अपने इस संकल्प को साकार करने के एम्स आई बैंक में सीधे संपर्क कर अथवा ’ऋषिकेश आई बैंक’ से ऑनलाइन जुड़कर इस महान कार्य में योगदान कर सकता है। डाॅ. मित्तल ने बताया कि संस्थान में कोविड19 महामारी की वजह से स्थगित रखी गई काॅर्निया प्रत्यारोपण की सुविधा को अक्टूबर 2020 से फिर से बहाल कर दिया गया है। लिहाजा आंखें दान करने को इच्छुक व्यक्ति ऋषिकेश आई बैंक के 90685 63883 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एम्स संस्थान में संचालित काॅर्निया प्रत्यारोपण प्रक्रिया में कोविड19 गाइडलाइन का पूरा पालन करते हुए विशेष सावधानी बरती जा रही है।

मां कात्यायनी मंदिर में जरूरतमंदों को मिले कंबल, खिचड़ी प्रसाद भी दिया

मकर सक्रांति पर निर्धनों, ब्राह्मणों और भिक्षुकों को दान देने की परंपरा है, इसी कड़ी में आज शीशमझाड़ी स्थित ज्ञान करतार आश्रम में मां कात्यायनी मंदिर में जरूरतमंदों को कंबल बांटे गए। मुख्य अतिथि एसएसपी टिहरी तृप्ति भट्ट और कांग्रेस प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला ने आश्रम प्रबंधक गुरविंदर सलूजा के साथ सैकड़ों लोगों को कंबल वितरित किया। मौके पर खिचड़ी का प्रसाद भी दिया गया।

मौके पर एसएसपी टिहरी तृप्ति भट्ट ने कहा कि मकर सक्रांति का पुराणों में बहुत बड़ा महत्व बताया गया है। इस पुण्य दिन में ब्राह्मणों, जरूरतमंदों, निर्धनवर्ग के लोगों को दान का महत्व भी है। वहीं, पहाड़ों में इस दिन घुघुतिया त्यौहार भी मनाया जाता है, जो विशेष रूप से कौओ को समर्पित है। आज के दिन कई पकवान भी बनाए जाते है। एसएसपी ने मौके पर मौजूद लोगों को मकर सक्रांति की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर देवभूमि उद्योग मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, विमला रावत, मधु जोशी, गुरविंदर सलूजा, नमित सलूजा, प्यारेलाल जुगलान, रविंद्र सलूजा, एसएस राणा, शंकराचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष पंडित रवि शास्त्री, अशोक थापा, वेद प्रकाश ढींगरा, नर्मदा सेमवाल, दीपक दरगन, पूर्व राज्य मंत्री रमेश उनियाल, आश्रम प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, रमाकांत भारद्वाज, सुदीप शर्मा, पंडित रामदेव आदि उपस्थित रहे।

राज्यमंत्री से की कृष्णानगर काॅलोनी में सड़क निर्माण की मांग

कृष्णानगर काॅलोनी में घरों के सामने टूटी हुई सड़कों के कारण पानी भरने की समस्या पैदा हो रही है। बावजूद कोई यहां की सुध नहीं ले रहा है। इस कारण यहां के स्थानीय लोगों और उनके बच्चें कई बार इस सड़कों में गिरकर चोटिल हो रहे है। सड़क बनाने की मांग को लेकर युवा मोर्चा ने आज राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल को ज्ञापन दिया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक प्रकांत कुमार के नेतृत्व में स्थानीय लोगों का दल राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल से मिला। ज्ञापन सौंपते हुए प्रकांत कुमार ने राज्यमंत्री को बताया कि इन सड़कों में पानी भरने के कारण जहां एक ओर लोग चोटिल हो रहे है, वहीं गंदगी में मच्छर पैदा हो रहे है, इससे बीमारी का खतरा और भी बढ़ रहा है। प्रकांत कुमार ने राज्यमंत्री से मामले को गंभीर पाते हुए जल्द ही सड़क बनाए जाने की मांग की।

वहीं, राज्यमंत्री ने भी मामले की गंभीरत को समझते हुए स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस मामले को लेकर वह क्षेत्र का निरीक्षण करने आएंगे और संबंधित अधिकारियों से बात कर निस्तारण करेंगे। इस मौके पर जयप्रकाश, कृष्णा, जितेंद्र, हरिचरन लाल, मोहन लाल, गौरव, सरिता आदि उपस्थित रहे।

15 जनवरी को किसान बिल को लेकर कांग्रेस घरेगी राजभवन

किसान बिल को काला कानून बताकर कांग्रेस शुक्रवार यानी 15 जनवरी को राजभवन का घेराव करने की तैयारी में है। आज कांग्रेस भवन ऋषिकेश में इसको लेकर रूपरेखा तय की गई।

नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि शुक्रवार को होने वाले घेराव हेतु ऋषिकेश से भी चार बड़ी बसें व 20 कारें जाएंगी। कहा कि केंद्र सरकार इस काले कानून को लेकर गलत रवैया अपना रही है, उन्होंने कहा कि मोदी सरकार कुछ चुनिंदा बड़े पूंजीपतियों के हाथों में खेल रही है उनके हितो के लिए किसानों के हितों की बलि दे रही है। उन्होंने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि जब तक यह कानून रद्द नहीं किया जाएगा। कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और अपना समर्थन किसानों को देती रहेगी।

बैठक में प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, विमला रावत, महिला कॉंग्रेस अध्यक्ष मधु जोशी, अरविंद जैन, प्यारे लाल जुग्लान, ललित मोहन मिश्र, राजकुमार तलवार, नंद किशोर जाटव, प्रदीप जैन, उमा ओबराॅय, विवेक तिवारी, संजय शर्मा, अशोक शर्मा, इमरान सैफी, पुरन्जय राजभर, दीन दयाल राजभर, संजय भारद्वाज, राजेन्द्र जाटव, रुकम पोखरियाल, ऋषि जयसवाल, सिकंदर गुप्ता, मालती तिवारी, अजय राजभर, शहरुख नवाज, तेजपाल धीमान, रमेश गौंड, प्रदीप व जयपाल बिट्टू आदि उपस्थित रहे।

गैरसैंण में सीएम ने दी कार्मिक आवास निर्माण के लिए साढ़े चार करोड़ की मंजूरी

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में कर्मचारी-अधिकारियों के आवासीय व्यवस्थाओं को विकसित करने के लिए 4.59 करोड़ की स्वीकृति दे दी है। इसके लिए ब्रिडकुल को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। पहले साल में स्वीकृत राशि के सापेक्ष करीब 40 फीसदी यानि 1.83 करोड़ की राशि जारी करने पर सहमति दे दी है।

गैरसैंण विकास परिषद के लिए 1.50 करोड़ जारीः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आवास विभाग के तहत गैरसैंण विकास परिषद के तहत विभिन्न विकास कार्यों के निर्माण के लिए 3 करोड़ के प्राविधान के सापेक्ष 1.50 करोड़ अवमुक्त करने की मंजूरी दे दी है।

मुनिकीरेती स्कूल का नाम परिवर्तनः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने टिहरी गढ़वाल जिले के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक स्कूल मुनि की रेती का नाम परिवर्तित कर स्वामी शिवानंद मेमोरियल राजकीय प्राथमिक स्कूल करने की सहमति दी है।

एडुसैट प्रोजेक्ट के लिए 6 पदों के सृजन पर सहमतिः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बतौर वित्त मंत्री एडुसैट परियोजना के लिए 10 पदों के प्रस्ताव में से 6 पदों के सृजन करने पर सहमति दे दी है।

धरासू थाने में आवासीय भवनों के निर्माण पर सहमतिः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तरकाशी में पुलिस थाना धरासू में टाइप दो के 4 और टाईप तीन के दो आवासीय भवनों के निर्माण पर सहमति दे दी है।

इंडिया रिजर्व वाहिनी का प्रशासकीय भवन बनेगाः मुख्यमंत्री ने इंडिया रिजर्व वाहिनी द्वतीय के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत धनराशि में से अवशेष धनराशि 2.73 करोड़ जारी करने की मंजूरी दे दी है।

जिला योजना में स्वीकृतिः जिला योजना के लिए प्राविधानित धनराशि 665.50 करोड़ के सापेक्ष 550 करोड़ जारी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग के प्रस्ताव पर 50 करोड़ की धनराशि जिलाधिकारियों के निवर्तन पर रखे जाने पर सहमति दी है।

स्वतंत्रता सेनानी की पौत्री को विवाह के लिए मिलेगा अनुदानः स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पौत्री-नातिन को विवाह के लिए अनुदान दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने सहमति दी है। रुद्रप्रयाग, पौड़ी और यूएसनगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पौत्री-नातिन के विवाह के लिए प्रत्येक को 50 हजार रुपए (कुल 1.50 लाख रुपए) निर्गत की जाएगी।

आर्या और गैरोला को राष्ट्रपति सुधार सेवा पदकः गणतंत्र दिवस के सुअवसर पर कारागार कर्मियों को दिए जाने वाले राष्ट्रपति सुधार सेवा पदक के लिए मुख्यमंत्री ने कारागार अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार आर्या और चीफ फार्मासिस्ट कारागार हरिद्वार राकेश चंद्र गैरोला को नामांकित किए जाने पर सहमति दी है।

देहरादून नगर निगम वार्ड 99 व 68 में पाइप लाइन बिछेगीः मुख्यमंत्री ने डोईवाला विधानसभा के अंतर्गत सीएम घोषणा के क्रम में देहरादून नगर निगम के वार्ड संख्या 99 व 68 के विभिन्न मोहल्लों में पाईप लाइन बिछाने का कार्य करने के लिए वित्त विभाग के प्रस्ताव के अनुसार 1.98 करोड़ की स्वीकृति के सापेक्ष 1 करोड़ की राशि जारी करने पर सहमति दी है।

घनसाली नगर पंचायत का भवन बनेगाः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार घनसाली नगर पंचायत भवन के निर्माण के लिए 1.19 करोड़ की स्वीकृति दी है।

नगर पंचायत लोहाघाट में शिव मंदिर पार्क का निर्माण होगाः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नगर पंचायत लोहाघाट के तहत शिव मंदिर पार्क के निर्माण के लिए 44.60 लाख की स्वीकृति के सापेक्ष 40 फीसदी राशि यानि 17.84 लाख की राशि अवमुक्त करने पर सहमति दी है।

चार नगर पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना की स्वीकृतिः मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत द्वाराहाट में परियोजना के लिए 84.12 लाख की प्रशासकीय व वित्तीय सवीकृति के साथ ही केंद्रांश की पहली किश्त 16.23 लाख अवमुक्त करने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री के रूप में स्वीकृत दे दी है। लंबगांव नगर पंचायत की परियोजना के लिए 92.46 लाख की वित्तीय व प्रशासकीय स्वीकृति के साथ केंद्रांश की पहली किश्त 16.18 लाख जारी करने की सहमति दी है। नंदप्रयाग नगर पंचायत के लिए 94.14 लाख की स्वीकृति के साथ 16.47 लाख की राशि जारी करने पर सहमति दी है। नगर पंचायत गजा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के लिए 85.31 लाख की स्वीकृति के साथ केंद्रांश की पहली किश्त 14.92 लाख की राशि जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

श्री बदरीधाम में जियोटैगिंगः मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पर्यटन विभाग के प्रस्ताव पर श्री बदरीनाथ धाम के मास्टर प्लान को जियोटैगिंग व टापोग्राफिकल सर्वेक्षण कार्य के लिए 24.46 लाख की स्वीकृति दी है। साथ ही इतनी ही राशि जारी करने पर मुख्यमंत्री ने सहमति दे दी है।

16 जनवरी से लगेगी उत्तराखंड में कोरोना की वैक्सनी, 1,13,000 डोज पहुंची उत्तराखंड

उत्तराखण्ड में 16 जनवरी 2021 से आरम्भ होने वाले कोविड-19 वैक्सीन टीकाकरण अभियान के बारे में स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी द्वारा सचिवालय स्थित मीडिया सेन्टर में प्रेसवार्ता की गई। स्वास्थ्य सचिव द्वारा प्रेसवार्ता के दौरान निम्न बिंदुओं पर जानकारी दी गई।

उत्तराखण्ड को मै0 सीरम इंस्टीटयूट ऑफ इंडिया से कोविड वैक्सीन की 1,13,000 डोज आज प्राप्त हो गई हैं।

कोविड-19 वैक्सीन आज मुम्बई एयरपोर्ट से दोपहर 12ः15 पर स्पाईस जैट की फ्लाईट संख्या- SG779 पर रखी गई और यह वैक्सीन देहरादून एयरपोर्ट पर 2ः45 बजे पहुंची। एयरपोर्ट से वैक्सीन को निर्धारित कोल्ड चेन प्रणाली के अन्तर्गत देहरादून स्थित राज्य केन्द्रीय औषधि भण्डार गृह में लाया गया है, जहाँ पर इसे वॉक-इन-कूलर में सुरक्षित रखा गया है ।

केन्द्रीय औषधि भण्डार से वैक्सीन का वितरण निर्धारित मात्रा के अनुसार सभी जिला एवं रिजनल वैक्सीन भण्डारग्रहों को आज सांय तक कर दिया जायेगा और वैक्सीन कल प्रातः तक सभी जनपदों के वैक्सीन भण्डारंगृह में पहुंच जायेगी। राज्य के दूरस्थ जनपदों में वैक्सीन कल दोपहर तक पहुंच पायेगी।

उत्तराखण्ड को प्राप्त 1,13,000 डोज के सापेक्ष 1,640 डोज केन्द्रीय स्वास्थ्य ईकाईयों के हैल्थ केयर वर्कर, 3,450 आर्मड फोर्स मेडिकल सर्विसेस तथा 1,07,530 डोज राज्य के सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य सेवाओं के हैल्थ केयर वर्कर्स के लिए उपलब्ध की जा रही है। इस प्रकार 1,12,620 वैक्सीन डोज का वितरण आज कर दिया जायेगा।

वैक्सीन को प्राप्त करने के लिए सभी जनपदों की वैक्सीन वाहन राज्य मुख्यालय में पहुंच चुकी है तथा वैक्सीन की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक वैक्सीन वाहन के साथ एक-एक पुलिस स्कॉर्ट वाहन भी उपलब्ध कराया गया है।

वैक्सीन के साथ-साथ प्रत्येक डोज के लिए उतनी ही मात्रा में Auto Disposable syringes भी उपलब्ध कराई जा रही है।

वैक्सीनेशन हेतु प्रत्येक लाभार्थी को एक वैक्सीनेशन कार्ड दिया जायेगा जिसकी आपूर्ति भी वैक्सीन के साथ की जा रही है।

वैक्सीन की अगली खेप शीघ्र ही राज्य को मिलने की सम्भावना है।

वैक्सीनेशन चरणबद्ध तौर पर किया जायेगा, 16 जनवरी 2021 से हैल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन दी जायेगी, जिसमें केन्द्रीय स्वास्थ्य संस्थान, मिलिट्री अस्पताल एवं राज्य के सरकारी तथा निजी स्वास्थ्य ईकाईयों पर तैनात समस्त हैल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन दी जा रही है।

केंद्र द्वारा 1 लाख 13 हजार डोज उत्तराखंड को कराई जा रही है उपलब्ध


देहरादून। कोविड-19 वैक्सीनेशन को राज्य में आरम्भ करने की तैयारियों के क्रम में आज दूसरी बार राज्य के प्रमुख चिकित्सालयों पर पूर्वाभ्यास-ड्राईरन किया गया। पूर्वाभ्यास के बारे में जानकारी देते हुए कोविड वैक्सीनेशन के लिए नामित राज्य नोडल अधिकारी एवं मिशन निदेशक एन०एच०एम० सोनिका ने जानकारी दी, कि आज के पूर्वाभ्यास हेतु 350 टीकाकरण सत्र निर्धारित किए गए थे, लेकिन कोविन पोर्टल पर 343 सत्रों के क्रियाशील होने के अनुसार टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया।

मिशन निदेशक सोनिका ने बताया कि पूर्वाभ्यास के दौरान लक्षित 7964 लाभार्थियों के सापेक्ष 6650 लाभार्थियों को टीकाकरण के ड्राईरन में सम्मिलित किया गया, जो लक्ष्य के सापेक्ष 84 प्रतिशत टीकाकरण है। पूर्वाभ्यास की गतिविधि 340 चिकित्सा ईकाईयों पर ऑनलाईन तथा 03 स्थानों पर ऑफलाईन मोड पर संचालित की गई। इस दौरान वैक्सीनेशन के उपरान्त होने वाले प्रतिकूल प्रभाव के 243 मामलों को भी पूर्वाभ्यास में सम्मिलित किया गया।

मिशन निदेशक ने बताया कि राज्य में कोविड वैक्सीन द्वारा टीकाकरण किए जाने हेतु भारत सरकार द्वारा 1,13,000 डोज कोविड वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है और वैक्सीन की आपूर्ति मै० सीरम इंस्ट्रीटयूट ऑफ इंडिया से उत्तराखण्ड के लिए प्राप्त करने हेतु भारत सरकार द्वारा निर्देश दिए गए हैं।

टीकाकरण के पात्र लाभार्थियों के बारे में जानकारी देते हुए एन०एच०एम० निदेशक, डॉ० सरोज नैथानी ने बताया कि प्रथम चरण में सभी जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज, एम्स, सेना चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय तथा प्रमुख सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात हैल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन दी जायेगी, जिसमें आशा एवं ए०एन०एम० को भी सम्मिलित किया जा रहा है। वैक्सीन को प्राप्त करने एवं जनपदों तक आपूर्ति करने के लिए वाहन, ड्राईवर एवं अन्य कार्मिकों को तैनात कर दिया गया है तथा वैक्सीन के राज्य मुख्यालय स्थित वॉक-इन-कूलर में आने के उपरान्त इसे जनपदों को निर्धारित कोल्ड चैन प्रणाली के अन्तर्गत भेजा जायेगा।

डा. नैथानी ने बताया कि हरिद्वार कुंभ को देखते हुए यहां पर शत् प्रतिशत हैल्थ केयर वर्कर्स को आरम्भ के दौर में ही वैक्सीन दी जायेगी। डॉ० नैथानी ने यह भी बताया कि 113000 वैक्सीन की डोज द्वारा दोनों खुराक देने पर 50 प्रतिशत हैल्थ केयर वर्कर्स को ही वैक्सीन दी जा सकेगी, शेष 50 प्रतिशत के लिए पुनः वैक्सीन की आपूर्ति प्राप्त करनी होगी। ज्ञातव्य है कि कोविड वैक्सीन की 02 खुराक लगनी है, दूसरी खुराक पहली खुराक के बाद 28 दिनों के अन्तराल में लगायी जायेगी ।

हरिद्वार में मकर संक्रांति पर बिना कोरोना निगेटिव रिपोर्ट श्रद्धालुओं को नहीं मिलेगा प्रवेश

हरिद्वार। मकर संक्रांति पर्व पर हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मकर संक्रांति के स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने एसओपी जारी कर दी है। राज्य के बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को पांच दिन की अवधि की कोविड आरटीपीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाना अनिवार्य होगा।

श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना के मद्देनजर मेला पुलिस-प्रशासन ने बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों का रूट प्लान जारी करने के साथ पार्किंग स्थल भी निर्धारित कर दिए हैं। शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में रूट डायर्वजन भी लागू किया जाएगा।

भीड़ के सामान्य रहने पर पास धारक एवं गंगा सभा का परिचय पत्र धारक व्यक्ति उपरोक्त प्लान के विपरीत दिशा में भी जा सकेंगे। सामान्य परिस्थितियों में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट प्लान 13 जनवरी दोपहर 12 बजे से 15 जनवरी की दोपहर दो बजे तक लागू रहेगा। आवश्यक सेवाओं में दूध, तेल, गैस आदि के ट्रक एवं टैंकर पर यह प्रतिबंध नहीं होगा।

मकर संक्रांति को लेकर एसओपी जारी

मकर संक्रांति के स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने एसओपी जारी कर दी है। राज्य के बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को पांच दिन की अवधि की कोविड आरटीपीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाना अनिवार्य होगा।

हालांकि प्रशासन का कहना है कि राज्य सीमा पर श्रद्धालुओं को रोका नहीं जाएगा। बार्डर में पूर्व की तरह केवल रैंडम सैंपलिंग व्यवस्था ही होगी। ऐसे में कोविड रिपोर्ट की अनिवार्यता को लेकर प्रशासन स्वयं असमंजस से घिरा नजर आ रहा है।

डीएम सी. रविशंकर ने मकर संक्रांति के स्नान पर्व को लेकर एसओपी जारी कर दी। होटल, धर्मशाला, आश्रम गेस्ट हॉउस प्रबंधन को श्रद्धालुओं की थर्मल स्कैनिंग करना अनिवार्य होगा। श्रद्धालुओें के लिए दो गज की दूरी और मास्क पहनना भी अनिवार्य होगा।

वहीं कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बताया कि पूर्व की तरह स्नान पर्व के दिन भी बार्डर पर रैंडम सैंपलिंग की जाएगी।

बताया कि श्रद्धालुओं से कोविड की आरटीपीसीआर जांच की निगेटिव रिपार्ट लाने की अपेक्षा की गई है, जिसकी अवधि पांच दिन निर्धारित होगी। डीएम ने बताया कि किसी भी श्रद्धालु को रोका नहीं जाएगा, लेकिन अगर कोविड रिपोर्ट न लाने का मामला संज्ञान में आता है तो कार्रवाई की जाएगी।

लोहड़ी व मकर सक्रांति पर्व पर विरासत को सदैव जारी रखने का ले संकल्पः मेयर अनिता

मेयर अनिता ममगाई ने शहरवासियों को लोहड़ी और मकर संक्रांति के पर्व पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की है।

उन्होंने कहा कि सूर्य की उपासना का पर्व मकर संक्रांति हमें जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के साथ कर्म करने, दान-पुण्य के महत्व को समझने और बेसहारा, उपेक्षित व्यक्तियों के सुख-दुख में भागीदार बनने की सीख देता है। साथ ही लोहड़ी का पर्व हमारे जीवन में उल्लास, उमंग और आशा का संचार करता है। मेयर ममगाई ने इस अवसर पर आह्वान किया है कि देवभूमि के लोग इस पावन अवसर पर सांझा संस्कृति की विरासत को और मजबूत बनाने का संकल्प लेते हुए सकारात्मक सोच एवं नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने और जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लें। साथ ही अपील भी की है कि वे कोरोनाकाल में सरकार द्वारा जारी की गई तमाम गाइडलाइन का पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं ताकि वह खुद भी सुरक्षित रहें और उनके सभी अपने भी वैश्विक महामारी की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।

स्पीकर ने लोहड़ी पर्व पर किया वरिष्ठ पंजाबियों को सम्मानित

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने आज लोहड़ी के पावन पर्व पर पंजाबी समुदाय के वरिष्ठ जनों को सम्मानित किया एवं लोहड़ी पर्व की अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी। स्पीकर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में त्योहारों को मनाने की परंपरा अनूठी है, यहां चाहे कोई भी त्यौहार हो वह सभी आपसी भाईचारा, सौहार्दपूर्ण माहौल एवं परस्पर मिलजुल कर मनाये जाते हैं।

बैराज स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तरांचल महासभा के वरिष्ठ जनों में नारायण दास अरोड़ा, जगदीश लाल, अमृतलाल नागपाल, जगमोहन अरोड़ा, सुभाष कोहली, अमृतलाल कालड़ा, सीताराम कुमार, हरिचरण सिंह, रमेश को अंग वस्त्र भेंट कर व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। विस अध्यक्ष ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोरोनिल किट एवं नववर्ष के कैलेंडर भी वितरित किये।

विधानसभाध्यक्ष ने हार्दिक बधाई देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ये पर्व हमें जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के साथ कर्म करने, दान-पुण्य के महत्व को समझने और बेसहारा, उपेक्षित व्यक्तियों के सुख-दुख में भागीदार बनने की सीख देता है साथ ही लोहड़ी का पर्व हमारे जीवन में उल्लास, उमंग और आशा का संचार करता है। विधानसभा अध्यक्ष ने आह्वान किया है कि सकारात्मक सोच एवं नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने और जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लें।

इस अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के अध्यक्ष केके लांबा, महामंत्री प्रदीप कोहली, सुभाष कोहली, किशन खुराना, रमेश अरोड़ा, प्रदीप कुमार, सीमा खुराना, सिमरन गाबा, सुनील शेटी, नीलम खुराना आदि उपस्थित थे।