रेल मंत्री पीयूष गोयल से मिले राज्यमंत्री अजय टम्टा और सांसद कोश्यारी, की इस रेल लाइन के शीघ्र निर्माण की मांग

केन्द्रीय वस्त्र राज्यमंत्री अजय टम्टा व सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने बुधवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के शीघ्र निर्माण का अनुरोध किया।

रेल मंत्री को लिखे पत्र में टम्टा ने कहा है कि उनके संसदीय क्षेत्र अल्मोड़ा की जनता कई दशकों से टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर संघर्षरत है। इस रेल मार्ग के निर्माण हेतु 1912 में ब्रिटिश शासनकाल से वर्ष 2010-11 तक अनेक बार सर्वे का कार्य किया गया है। उन्होंने इस विषय को लोकसभा में रेल बजट पर अपने भाषण में भी उठाया था और इसका निर्माण शीघ्र प्रारम्भ करने का अनुरोध किया था।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा की याचिका समिति के समक्ष रक्षा मंत्रालय द्वारा टनकपुर-बागेश्वर रेलमार्ग को भारत की सुरक्षा की दृष्टि से सामरिक महत्व की परियोजना के रूप में चिन्ह्ति किया था। समिति द्वारा अपनी 141वीं रिपोर्ट में इसके शीघ्र निर्माण का प्रस्ताव किया गया था। इस रेल मार्ग के निर्माण में विलम्ब से क्षेत्रवासियों में अत्यंत रोष है।

उन्होंने इस संबंध में बागेश्वर-टनकपुर रेलमार्ग निर्माण संघर्ष समिति के साथ सांसद भगत सिंह कोश्यारी के पत्र का भी उल्लेख किया है, जिसमें भी उल्लेख किया गया है कि सामरिक सुरक्षा की दृष्टि से संसद की याचिका समिति के सम्मुख हिमालयी राज्यों में 14 नये रेल लाईनों की आवश्यकता बताई गयी। इन 14 रेल लाईनों में तीन उत्तराखण्ड से है, जिनमें ऋषिकेश-कर्णप्रयाग-चमोली, टनकपुर-बागेश्वर व टनकपुर-जौलजीवी है। इनमें टनकपुर बागेश्वर रेल लाईन के बीच में लगभग 80 किमी के बाद जौलजीवी 35 किमी के आसपास रेल लाईन बनेगी।

उक्त रेल लाईनों में टनकपुर-बागेश्वर-जौलजीवी छोडकर ऋषिकेश कर्णप्रयाग सहित सभी रेल लाईनों को केन्द्र ने राष्ट्रीय प्रोजेक्ट के रूप में ले लिया है। उन्होंने पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा व सीमान्त क्षेत्र की जनता के हित में टनकपुर-बागेश्वर रेल लाईन को शीघ्र बनवाने का आग्रह किया। सामरिक महत्व के कारण इसे नेशनल प्रोजेक्ट के रूप में लिया जा सकता है। इस रेल लाईन के बनने से भारत के साथ-साथ नेपाल के नागरिकों को भी बहुत सुविधा होगी।

आश्रम कब्जाने के आरोप में फरार सन्त गिरफ्तार

न्यायालय से धोखाधड़ी कर एक आश्रम की संपत्ति कब्जाने के आरोप में फरार चल रहे एक संत को रायवाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

बुधवार को रायवाला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वारंटी अनूप गौड़ पुत्र मदानंद गौड निवासी सप्त ऋषि रोड हरिपुर कलां रायवाला को गिरफ्तार किया। आरोपी काफी समय से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। विदित है कि हरिपुरकलां स्थित स्वामी दिव्यानंद शारदा फाउंडेशन के महासचिव धर्मवीर सिंह ने 24 फरवरी 2014 को अनूप गौड़ के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दी थी।

तहरीर में बताया गया कि स्वामी दिव्यानंद शारदा फाउंडेशन द्वारा अनूप गौड़ को संस्था के हरिपुर कला स्थित आश्रम में निवास के लिए वर्ष 2011 में एक कमरा दिया गया। इस बीच अनूप गौड़ ने अपनी पत्नी रेनू गौड़ सहित क्षेत्र के 11 अन्य लोगों के साथ मिलकर एक मिलते जुलते नाम वाली संस्था बनाकर सोसाइटी रजिस्ट्रार में पंजीकरण कराया। उसने स्वयं को आश्रम का मुख्य सन्त घोषित किया भवन पर अपना कब्जा जमा लिया। लोगों और अधिकारियों को प्रभावित करने के लिए उसने खुद को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का प्रचारक व विश्व हिंदू परिषद के कई अहम पदों पर होने की झूठी बातें भी बताई।

वहीं स्वामी दिव्यानंद शारदा फाउंडेशन के महासचिव की शिकायत पर हुई जांच के बाद सोसाइटी रजिस्ट्रार ने अनूप गौड़ की संस्था का पंजीकरण रद्द कर दिया और कूट रचित दस्तावेज प्रस्तुत कर संस्था का पंजीकरण कराए जाने की बाबत अनूप गौड़ के विरुद्ध पुलिस को लिखित सूचना भी दी। बीते माह उच्च न्यायालय ने पुलिस को आरोपी अनूप गौड़ की गिरफ्तारी के आदेश दिए। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। रायवाला के थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

आरक्षण निर्धारण के एक सप्ताह बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू की जायेः एचसी

हाईकोर्ट नैनीताल ने राज्य में निकाय चुनाव कराने के आदेश दिये है। कोर्ट ने 15 अक्टूबर तक सरकार को निकाय चुनावों में आरक्षण का निर्धारण करने के आदेश दिये है। कोर्ट ने आरक्षण के निर्धारण के एक सप्ताह बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा है।

दरअसल, इसी साल 25 मई को हाई कोर्ट की एकलपीठ ने राज्य सरकार की ओर से निकायों में 11 मई का आरक्षण निर्धारण से संबंधित नोटिफिकेशन निरस्त कर दिया था। एकलपीठ के इस फैसले को राज्य सरकार ने विशेष अपील दायर कर चुनौती दी थी। एकलपीठ ने सरकार को निर्देश दिए थे कि वह आरक्षण व परिसीमन से संबंधित अधिसूचना एक साथ नए सिरे से जारी करे।

सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि रुड़की नगर निगम के आरक्षण को लेकर भ्रम है। शेष नगर निगमों की आरक्षण प्रक्रिया 15 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शर्मा व न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी की खंडपीठ ने मामले को सुनने के बाद निर्वाचन आयोग को निकाय चुनाव की प्रक्रिया सात दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। खंडपीठ ने महाधिवक्ता की सहमति पर रुड़की नगर निगम के आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा है, ताकि इसके बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाए।

कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 243 आर, 243 यू और उत्तर प्रदेश म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट-1959 का हवाला देते हुए कहा कि निकायों का कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव हो जाने चाहिए थे। महाधिवक्ता ने खंडपीठ को बताया कि राज्य की 39 नगर पालिका व नगर पंचायतों के आरक्षण का निर्धारण पहले ही हो चुका है। श्रीनगर गढ़वाल, बाजपुर पालिका के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। महाधिवक्ता की इन दलीलों के बाद खंडपीठ ने विशेष अपील को निस्तारित कर दिया।

मेडिकल कॉलेजों में फीस संबंधी मामले पर हाईकोर्ट ने छात्रों को दी राहत

उच्च न्यायालय नैनीताल ने प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को राहत दी है। कोर्ट ने कॉलेजों के फीस संबंधित हिमालयन मेडिकल कॉलेज व कम्बाइंड इंट्रेंस एक्जाम एसोसिएशन की विशेष अपील को खारिज कर एकलपीठ के आदेश को बरकरार रखा है। उक्त मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायधीश राजीव शर्मा व न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी खंडपीठ ने की।

पूर्व में एकलपीठ ने सरकार के प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों के फीस बढ़ाने वाले शासनादेश को निरस्त कर दिया था। साथ ही कोर्ट ने आदेश दिया था कि जिन छात्रों ने नये शासनादेश के हिसाब से फीस भर दी है। उनको 15 दिनों के भीतर फीस वापस दी जाए।राज्य सरकार ने आयुर्वेदिक मेडिकल कालेजो की फीस बढाने को लेकर 14 अक्टूबर 2015 को एक शासनादेश जारी किया था। इस साशनादेश को छात्र ललित तिवारी समेत अन्य ने याचिका के माध्यम से हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, याचिका में कहा गया था कि सरकार ने गलत तरीके से फीस बढाने का जीओ जारी किया है ।

याचिका में कहा गया था कि मेडिकल कॉलेजों ने अपने प्रॉस्पेक्ट्स के आधार पर एडमिशन फीस को 80 हजार रुपये ली थी। परन्तु सरकार ने नया जीओ जारी कर इस फीस को बढ़ाकर दो लाख 15 हजार कर दिया। जो एक्ट के विरुद्ध व अवैध है। पूर्व में एकलपीठ ने छात्रो से अधिक ली गयी फीस को वापस करने के आदेश दिए थे। इस आदेश को कालेज व अन्य ने खण्डपीठ में चुनोती दी थी जिसपर आज सुनवाई करते हुए खण्डपीठ ने एकलपीठ के आदेश को सही मानते हुए कालेज व अन्य की विशेष अपील निरस्त कर दी है।

उत्तराखंड में पहली बार इंवेस्टर्स समिट होना बहुत बड़ी बातः राजनाथ

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के इतिहास में इंवेस्टर्स समिट का अध्याय भी जुड़ गया है। उत्तराखंड में पहली बार इंवेस्टर्स समिट आयोजित होने पर राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार को बधाई दी।

इन्वेस्टर्स समिट के समापन सत्र में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में उत्तराखंड सरकार की तारीफ की। साथ ही क्रिकेटर पृथ्वी शॉ का भी उदाहरण दिया। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने ये भी कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक संसाधन और मानव संसाधन की नहीं बल्कि सामंजस्य की कमी। जिसे दूर करने की जरूरत।

कानून व्यवस्था और सुरक्षा में उत्तराखंड आदर्श राज्य

कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था और सुरक्षा के रूप में उत्तराखंड आदर्श राज्य है। निवेश के लिए इससे बेहतर कोई दूसरी स्थिति नहीं है।

सीएम ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
इससे पहले सीएम त्रिवेंद्र रावत ने इन्वेस्टर्स समिट में प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक स्टाल का निरीक्षण कर उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मंडुवे के बिस्किट का स्वाद भी लिया। इतना ही नहीं सीएम ने हॉर्टिकल्चर से सम्बंधित उत्पादों के बारे भी जानकारी ली।

बाद में पत्रकारों से बातचीत ने सीएम ने कहा कि समिट को लेकर निवेशकों के साथ ही सरकार में भी खास उत्साह है। ये पहल राज्य के लिए वरदान साबित होगा। सीएम ने ये भी कहा कि यह दीर्घकालीन प्रोजेक्ट है और इसे आकार लेने में वक्त लगेगा। आने वाले चार से पांच सालों में अच्छे परिणाम सामने आएंगे।

जीएसटी ने देश को सिंगल मार्केट में बदल दियाः मोदी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इंवेस्टर्स समिट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में टैक्स व्यवस्था में बहुत सुधार किए गए हैं। टैक्स से जुड़े मामलों के समाधान को और पारदर्शी और तेज करने का प्रयास किया जा रहा है। इन्सॉल्लवॅन्सि और बैंकरपटीस कोड से आज कारोबार आसान हुआ है, बैंकिंग सिस्टम को भी ताकत मिली है। उन्होंने कहा कि जीएसटी के तौर पर भारत ने स्वतंत्रता के बाद सबसे बड़ा टैक्स रीफॉर्म किया है। जीएसटी ने देश को सिंगल मार्केट में बदल दिया है और टैक्स बेस बढ़ाने में भी मदद की है।

विदेशी निवेशकों के लिये भी भारत में बना सर्वोत्म माहौल

देश विदेश से निवेशकों के लिए भारत में सर्वोत्म माहौल बना है। हाल ही में शुरू आयुष्मान योजना से भारत में मेडिकल सेक्टर में निवेश की संभावना बढ़ी है। आने वाले दिनों में टायर टू टायर थ्री शहरों में मेडिकल कालेज बनेंगे, नए अस्पताल बनेंगे। देश के 50 करोड़ से ज्यादा नागरिकों को इस योजना के तहत इंश्योरेंस एश्योरेंस मिल रहा है। अमेरिका कनाडा मैक्सिको से ज्यादा आबादी को लाभ मिलेगा।

विकास की पटरी में तेज गति से आगे दौड़ रहा उत्तराखंड
उत्तराखंड देश के उन राज्यों में हैं, जो न्यू इंडिया डेमोग्राफिक रिपर्जेंट करता है। सरकार की तारिफ करते हुए उन्होंने कहा कि असीम संभावनाओं को अवसर में बदलने में उत्तराखंड त्रिवेंद्र सरकार प्रयासरत है। उत्तराखंड के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार की संभावनाएं जगेंगी। निवेशकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रक्रिया को आनलाइन किया गया है।
फूड प्रोसेसिंग को आगे बढ़ाने के लिए हो रहा काम

चार साल के दौरान कनेक्टीविटी बढ़ाने के लिए उत्तराखंड में प्रयास किए गए हैं। गांव गांव सड़कें, चारधाम आल वेदररोड, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन का काम हुआ है। इससे पर्यटन उद्योग को लाभ मिलेगा। एडवेंचर, मेडिशन, योगा को इसका लाभ मिलेगा। अब तो उत्तराखंड सरकार ने अलग उद्योग पालिसी बनाकर पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया। 18 साल में पहली बार जिलों में टूरिज्म डेस्टीनेशन बनाकर अच्छी पहल। राज्य को आर्गेनिक स्टेट बनाने में काम हो रहा है। केंद्र भी काम कर रही है।

दुनियां की सबसे बड़ी मोबाइल मेन्यूफेक्चरिंग यूनिट भारत में काम कर रही है। दुनियां के बड़े ब्रांड मेक इन इंडिया का हिस्सा है। इस इवेंट में जापान उत्तराखंड के साथ है। उत्तराखंड न्यू इंडिया की ग्रोथ को बढ़ाने के लिए आमंत्रित कर रहा हूं। भारत की प्रगति हमारे राज्यों की पोटेंशियल को चेनलाइज करें तो इस देश की विकास यात्रा को दुनियां में कोई नहीं रोक सकता है।
18 साल की उम्र का महत्व होता है

हमारे नौजवानों में ताकत है। 18 साल की उम्र का महत्व होता है। उत्तराखंड की उम्र 18 साल है। इन 18 साल को बेकार न जाने दें। औषधियों के कारण, मां गंगा के कारण, तपस्या के कारण ऐसी जड़ है। उत्तराखंड में ऐसी जड़ है। विश्वास है रावत के नेतृत्व में 18 साल की उम्र में राज्य ऐसा कार्य करेगा। इसकी शुभ शुरुआत भगीरथ प्रयास से हुई।

इससे पूर्व, पीएम मोदी ने रिबन काटकर कार्यक्रम का उद्धाटन किया। इसके बाद पीएम को उत्तराखंड की खूबसूरती की तस्वीरें दिखाई गई। वीडियो क्लीपिंग के जरिये पीएम को राज्घ्य में संभावनाएं बताई गईं। वन, पर्यटन, बागवानी, धर्म और संस्कृति के नजारे दिखाए गए। प्रदर्शनी देखने के दौरान पीएम मोदी ने फूड प्रोसेसिंग के स्टाल पर जानकारी ली। उद्घाटन के अवसर पर पारंपरिक मांगल गीत दैंणा हुंय्या, खोलि का गणेशा.. की प्रस्तुति दी गई। यह प्रस्तुति देने वाले 30 कलाकारों का दल उत्तराखंड के पारंपरिक परिधानों में सजा हुआ था।

गढ़वाली बोली से सीएम ने किया निवेशकों का स्वागत

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार, देहरादून के अलावा नये निवेशकों नये हिल स्टेशन के दिए प्रस्ताव। साढ़े तीन हजार एनएच, 35 हजार किमी सड़कें हैं। सड़कों के जाल उधगों में मिलेगा लाभ। उड़ान योजना का मिलेगा लाभ। आल वेदर रोड का काम चल रहा है। दिल्ली और दून की नजदीकियां बढ़ी। मेट्रो और सड़क मार्ग में कई योजनाओं पर चल रहा काम। पुराने पर्यटन स्थलों के साथ साथ नये 13 डेस्टिनेशन पर चल रहा काम। 4000 मेगावाट की रिन्यूवल ऊर्जा की जरूरत।पिरूल की पत्तियों से ऊर्जा उत्पादन की योजना। ऑर्गनिक खेती पर 10 हजार क्लस्टर बनाये जा रहे हैं। गढ़वाली बोली के साथ सीएम ने किया निवेशकों का स्वागत।

वीडियो क्लीपिंग के जरिये दिखाई गई उत्तराखंड की खूबसूरती

इसके बाद निवेशकों को शार्ट वीडियो क्लीपिंग के जरिये उत्तराखंड की खूबसूरती दिखाई गई। यहां पूर्व में निवेश कर चुके निवेशकों ने अपने अनुभव शेयर किए। अमूल डेयरी के निदेशक आरएस सोढ़ी ने समिट को संबोधित किया।

अमूल डेयरी के मैनेजिंग डायरेक्टर आरएस सोढ़ी ने कहा कि उत्तराखंड में जितने दूध की खपत है उसका केवल 15 प्रतिशत ही यहां उत्पाद होता है। बाकी 85 फिसदी दूध बाहर से आता है। आने वाले समय में उत्तराखंड दुग्ध उत्पादन में बढ़ोतरी कर सकता है।

चेक रिपब्लिक के राजदूत मिलॉन होवार्का ने नमस्कार कहकर अपना संबोधन शुरू किया और योगा को सराहा। उत्तराखंड की तेज गति से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि चेक गणराज्य राज्य के विकास के लिए तत्पर है। कहा कि बायोमास, सोलर एनर्जी और ऑटो मोबाइल के क्षेत्र में चेक गणराज्य और उत्तराखंड के बीच में बेहतर तालमेल हो सकता है। इसके बाद उन्होंने समिट का बुलावा देने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को धन्यवाद कहा।

जापान सैनिटेशन और एग्रीकल्चर के क्षेत्र में देंगे सहयोग

जापान के उच्चायुक्त ने कहा कि जापान और भारत के बीच हमेशा से अच्छे संबंध रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी को जापान आने का निमंत्रण दिया। कहा कि हम उत्तराखंड को सैनिटेशन और एग्रीकल्चर के क्षेत्र में सहयोग देंगे।

यहां निवेश की हैं अपार संभावनाएंः प्रणव अडानी
अडानी ग्रुप के प्रणव अडानी के कहा कि हम उत्तराखंड ऑर्गेनिक कमॉडिटी मोड में निवेश कर रहे हैं। यहां निवेश की अपार संभावनाएं हैं।

12 हजार से ज्यादा जड़ी बूटियां उत्तराखंड में उपलब्धः आचार्य बालकृष्ण

पतंजलि की ओर से समिट में शिरकत कर रहे आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि 12 हजार से ज्यादा जड़ी बूटियां उत्तराखंड में उपलब्ध हैं। इनमें कई दुर्लभ जड़ी बूटियां भी हैं। पतंजलि ने 30 हजार लोगों को रोजगार दिया है। देश का पहला फूड पार्क उत्तराखंड में पतंजलि द्वारा संचालित है।

महिंद्रा ने उत्तराखंड के विकास में योगदान दिया

महिंद्रा ग्रुप की ओर से पवन कुमार गोयंका ने पीएम मोदी, उत्तराखंड की राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रियों, अधिकारियों और निवेशकों का अभिवादन किया। कहा कि यहां का चारधाम दुनिया भर में प्रसिद्ध है। राज्य की स्थापना से लेकर अभी तक महिंद्रा ने उत्तराखंड के विकास में योगदान दिया। अभी तक महिंद्रा ने राज्य में 16 लाख गाड़िया और ट्रैक्टर बनाए हैं। राज्य की प्रगति की मनोकामना करते हुए उन्होंने उपस्थित निवेशकों से यहां निवेश करने का आग्रह किया।

चेक गणराज्य के राजदूत ने उत्तराखंड में साझीदार देश बनाने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

चेक गणराज्य के राजदूत मिलान होवार्का ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से मुलाकात कर राज्य में लघु व मध्यम उद्योगों में विशेष रूचि दिखाने का संकेत दिया। चेक गणराज्य के राजदूत ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को आगामी इंवेस्टर्स समिट में राज्य का साझीदार देश बनाने के लिये उनका आभार जताया।

सीएम से मुलाकात के दौरान चेक गणराज्य के राजदूत मिलान होवार्का ने उत्तराखण्ड व चेक गणराज्य के मध्य पीपल टू पीपल कॉन्टेक्ट के साथ ही दोनों पक्षों के विश्वविद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षा, फिल्म निर्माण सहित सांस्कृतिक संवाद व सूचनाओं के आदान प्रदान व बौद्धिक संवाद पर बल दिया।

मिलान होवार्का ने मुख्यमंत्री को चेक गणराज्य आने का निमंत्रण दिया। जिस पर निमंत्रण स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि चेक गणराज्य में विभिन्न क्षेत्रों में हो रही बेस्ट प्रैक्टिसेज के अनुभव साझा करने के दृष्टिगत यह उत्तराखण्ड व चेक गणराज्य के लिए लाभकारी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पर्यटन विशेषकर साहसिक पर्यटन, अध्यात्मिक पर्यटन, परम्परागत जड़ी-बूटी उत्पादन, बायोफ्यूलस, हैल्थ एण्ड वेलनेस, योगा, ऑगेनिक खेती, राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

पंजाबी गायक गुरदास मान ने लिया स्वामी चिदानंद का आशीर्वाद

परमार्थ निकेतन में शुक्रवार को पंजाबी गायक गुरदास मान अपनी पत्नी संग पहुंचे। वहां उन्होंने परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती का आशीर्वाद लिया।

स्वामी चिदानंद ने उन्हें प्रेरित किया कि वे प्रकृति, स्वच्छता, समरसता और सद्भाव के साथ ही गंगा समेत अन्य नदियों के संगीत को बनाए रखने के लिए एक एलबम निकालें। उनकी इस बात को गुरदास मान ने सहर्ष स्वीकार किया।

पंजाबी गायक गुरदास मान शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचे। इस दौरान स्वामी चिदानंद मुनि महाराज ने उन्हें संगीत और स्वच्छता चले साथ-साथ का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि संगीत सीधे लोगों के दिल की गहराइयों तक पहुंचता है। संगीत के माध्यम से दिया गया संदेश अत्यंत प्रभावी हो सकता है। संगीत कोई विधा नहीं बल्कि जीवन है। आपको बता दें गुरदास मान ने रोटी, जोगिया, बूट पालिस, दिल दा मामला जैसे अनेक प्रसिद्ध संगीत एलबम दिए हैं।

उत्तराखंड में गुरुवार मध्य रात्रि से पेट्रोल-डीजल के दामों में होंगे पांच रूपये कम

केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली की पेट्रोल-डीजल पांच रूपया सस्ता करने की घोषणा के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी राज्य में पेट्रोल-डीजल पांच रूपया सस्ता करने की घोषणा कर दी। जिससे राज्य के नागरिकों को कुछ राहत अवश्य मिलेगी।

केंद्रीय वित्त मंत्री की घोषणा के बाद गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, असम, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, झारखंड और हिमाचल प्रदेश ने भी 2.50 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल सस्ता किए जाने की घोषणा की। इसके बाद इन राज्यों में गुरुवार आधी रात से पेट्रोल और डीजल पांच रुपये प्रति लीटर सस्ता हो जाएगा।

पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती का स्वागत करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के साथ-साथ सभी भाजपा शासित राज्यों ने भी पेट्रोल और डीजल पर ढाई रूपये कम करने का निर्णय लिया है। जिससे पेट्रोल और डीजल के दाम पांच रुपये कम होंगे। जनता को राहत देने वाले इस संवेदनशील निर्णय के लिए मैं सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बधाई देता हूँ।

उधर, बिहार के उप मुख्घ्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि हमें जेटली की तरफ से कोई चिट्ठी नहीं मिली। पहले हम इस आदेश को देखेंगे फिर पेट्रोल-डीजल की कीमत पर फैसला लेंगे। हर राज्य की अलग-अलग स्थिति होती है इसलिए पहले लेटर आने दीजिए।

कर्नाटक के मुख्घ्यमंत्री कुमार स्वामी ने कहा कि हमने पहले दो रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल के दाम कम करके दो महीने पहले ही लोगों को राहत दे दी है।

उधर, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से अपील की है कि वह भी अन्य राज्यों की तरह 2.50 रुपये की कटौती करें, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके।

गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल पर लगने वाला वैट राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में आता है, जबकि एक्साइज ड्यूटी केंद्र सरकार के क्षेत्राधिकार में आने वाला कर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की वजह से देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हो रहा है। गुरुवार को कच्चे तेल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 86 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जो पिछले चार सालों के दौरान कीमतों में आई सबसे बड़ी उछाल है।

पहचान छुपाकर एक युवक ने युवती से की दुष्कर्म की वारदात, आरोपित गिरफ्तार

राजधानी देहरादून में एक युवती ने कोतवाली को तहरीर देकर बताया कि इंडियन आयडल प्रतियोगिता में मौका दिलाने के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवक ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बाद में युवती को जब उसके वास्तविक नाम का पता चला। तो उसने सारी बात अपने घर में बताई।

कोतवाल शिशुपाल नेगी ने बताया कि बुधवार को कोतवाली नगर पर एक युवती ने तहरीर दी। बताया कि उसे गाना गाने का शौक है। वर्ष 2016 में इंडियन आयडल के सिंगिंग ऑडिशन के लिए वेबसाइट पर स्क्रैप डाला था। इसके बाद उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को इंडियन आयडल से बताते हुए नाम अभिषेक नेगी बताया। उसने इंडियन आयडल में बिना फीस के मौका दिलाने का बात कही।

जुलाई 2016 में युवक दून आया और उसे मसूरी ले गया। जहां उसके साथ एक होटल में दुष्कर्म किया। कॅरियर के चक्कर में उस समय यह बात किसी को नहीं बताई। इसके बाद युवक ने प्रैक्टिस के लिए दिल्ली बुलाया और वहां भी दो दिन तक दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक इसके बाद उसने उसे सीए की तैयारी करने के लिए कहा। जिसके बाद वह घर आ गई। इसके बाद फिर युवक देहरादून आया और रेलवे स्टेशन पर एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गई। जहां युवक ने शादी का झांसा देकर फिर दुष्कर्म किया।

असल आईडी से सामने आयी सच्चाई
पीड़िता के मुताबिक इसी बीच एक दिन युवक की आइडी हाथ लगी तो उसके होश उड़ गए। उसका नाम फिरोज खान था। जिसके बाद उसने परिजनों को सारी बात बताई। शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी को टीम का गठन किया गया। चूंकि आरोपित युवती के संपर्क में था। इसलिए युवती की मदद से आरोपित फिरोज खान पुत्र असलम खान निवासी 360 साबरी गेट, नियर बड़ी मस्जिद मेरठ को दून बुलाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

युवती के अकाउंट का किया गलत इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक युवती के दिल्ली में रहने के दौरान आरोपित ने दोस्ती का वास्ता व आर्थिक तंगी की बात कहकर उससे खाता नंबर और एटीएम ले लिया। जिससे वह अवैध ट्रांजेक्शन करने लगा। अकाउंट की डिटेल निकाली तो इस्तेमाल किसी धोखाधड़ी में करना पाया गया। इस संबंध में सेक्टर-4 थाना बोकारो झारखंड में अकाउंट होल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।

आरोपी रशिया में आर्टिफीशियल ज्वैलरी का करता है काम
एसएसआइ कोतवाली अशोक राठौर ने बताया कि आरोपित से पूछताछ में पता चला कि वह ग्रेजुएट है। दिल्ली से उसने बीसीए भी किया है। वर्तमान में वह रशिया में आर्टिफीशियल ज्वैलरी की एग्जीवीशन लगाता है। ज्वैलरी वह दिल्ली से खरीदकर रसिया ले जाता है। वह अभी तक दस से पंद्रह युवतियों से धोखाधड़ी कर चुका है।