प्रभावित क्षेत्रों में किये जा रहे बचाव कार्यों की सीएम ने लीं जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चाधिकारियों की बैठक लेते हुए निर्देश दिये कि उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही अतिवृष्टि के दृष्टिगत सभी अलर्ट मोड पर रहें। उन्होंने अधिकारियों से अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों एवं वहां किए जा रहे राहत व बचाव कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की। अतिवृष्टि के दृष्टिगत 2 दिनों के लिए चारधाम यात्रा भी स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम के पूर्वानुमान को देखकर ही यात्रा करें।
मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि के कारण जनपद पौड़ी में हताहत हुए लोगों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों को शीघ्र उचित उपचार दिलवाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाय कि अतिवृष्टि से प्रदेश में जहां भी नुकसान हो रहा है, प्रभावितों को मानकों के अनुसार मुआवजा राशि यथाशीघ्र मिल जाय। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से प्रदेश में हुई क्षति का पूरा आंकलन किया जाए।
मुख्यमंत्री जिलाधिकारियों से भी अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान एवं राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी के संबंध में लगातार जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिला प्रशासन एवं राहत-बचाव में लगे सभी दलों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा जाए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, डॉ रंजीत सिन्हा, एडीजी ए.पी.अंशुमान, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी एवं अपर सचिव जगदीश चन्द्र काण्डपाल उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने अपने घर में तिरंगा फहराने की अपील की

क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत स्वामी सत्यमित्रानंद राजकीय इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान डा. अग्रवाल ने शहीद स्मारिका का भी लोकार्पण किया। साथ ही मिट्टी को हाथ मे लेकर पंचप्रण शपथ ली गयी। साथ ही पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
हरिपुरकलां में ब्लॉक स्तरीय मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत मंत्री डा. अग्रवाल ने तिरंगा फहराकर कहा कि हम सभी आजादी का जश्न मना रहे है। इस मौके पर हमें उन सभी वीर-वीरांगनाओं को नमन करना है, जिनके तप, त्याग एवं बलिदान के कारण हमने आजादी पाई है। इसके अलावा प्रत्येक किसान, मजदूर, वकील, गरीब, अमीर सभी को नमन करना है जिन्होंने अपने कैरियर की परवाह किए बिना अपने जीवन का उद्देश्य आजादी को पाना बना लिया था।
डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूरे विश्व में भारत का परचम लहराया है। विदेशी नीति को सार्थक बनाते हुए मोदी ने विश्व के साथ अच्छे रिश्ते स्थापित किए है। इस वर्ष 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के ख़ास मौके पर नए अवसरों के खुलने का समय है और नई जीत और उपलब्धियां भारत की प्रतीक्षा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के नाम अनगिनत उपलब्धियां हैं जो हमारे देश को महान बना रही हैं और हमें गर्व महसूस करा रही हैं। अब हम गुलामी की ज़ंज़ीर को हटाकर आज़ादी के रंग में रंग चुके हैं।
डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर आज पूरे देश की जनता मेरी माटी मेरा देश अभियान में अपना योगदान दे रही है। हमारे राज्य में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नौ अगस्त से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
डा. अग्रवाल ने बताया कि उनके निर्देश पर शहरी विकास विभाग की ओर से प्रत्येक निकायों में शिला फलकम की स्थापना की जा रही है, जिसमें प्रत्येक निकायों में अमृत सरोवर के किनारे, स्कूल अथवा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान पर स्मारक पट्टिका की स्थापना की जा रही है। यह शिला फलकम अभियान की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।
डा. अग्रवाल ने बताया कि पंचप्रण शपथ एवं सेल्फी अभियान के तहत प्रत्येक निकायों में मिट्टी अथवा मिट्टी का दीया लेकर पंचप्रण शपथ ली जा रही है एवं शपथ लेते समय व्यक्तिगत अथवा सेल्फी को अभियान हेतु निर्मित वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि वसुधा वन्दन के तहत प्रत्येक निकाय में अमृत वाटिका बनाई जा रही है, जिसमें कम से कम 75 स्थानीय प्रजाति के पौधों का रोपण किया जा रहा है। बताया कि वीरों का वन्दन के तहत स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीदों के परिवारों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
डा. अग्रवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा के तहत 13 से 15 अगस्त के मध्य अपने घरो में राष्ट्रीय ध्वज लगाये जाने के लिए आम जनता को प्रोत्साहित करने के लिए सार्वजनिक अपील की जा रही है।
इस मौके पर प्रधान गीतांजलि जखमोला, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह, मनोज जखमोला, पूर्व सैनिक जगदीश देवली, रविदत्त जुगलान, राजेन्द्र रावत, ललित मोहन कंडवाल, मनोज शर्मा, बृज मोहन राणा, सुरेंद्र रयाल आदि उपस्थित रहे।

वीरों को नमन कार्यक्रम में बोले धामी, अमर बलिदानियों का योगदान भुलाया नही जा सकता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गुच्चु पानी, देहरादून में ‘मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान के अन्तर्गत आयोजित ‘वीरों को नमन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, विधायक मुन्ना सिंह चौहान एवं सविता कपूर भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमर बलिदानियों की स्मृति में शिलापट्ट का अनावरण किया। उन्होंने सभी को पंच प्रण की शपथ दिलाई एवं गुच्चू पानी में अमृत वाटिका के लिए वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर पवित्र मिट्टी को हाथ में लेकर शपथ दिलाई गई एवं सेल्फी भी ली गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ’मेरी माटी-मेरा देश’ कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिजनों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि आज मुख्य सेवक के रूप में उन्हें सभी को सम्मानित करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हमें उन वीरों की वंदना करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जिन्होंने देश की माटी की खातिर अपने प्राणों की आहुति दी। प्रधानमंत्री ने आजादी के अमृत काल में देशवासियों को पंच प्रण दिए हैं। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का प्रण, भारत की समृद्ध विरासत पर गर्व एवं उसका संरक्षण करने का प्रण तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने का प्रण। जिस प्रकार आज तक हमने प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए प्रत्येक अभियान को अपना सम्पूर्ण सहयोग एवं समर्थन दिया है, उसी प्रकार मुझे विश्वास है कि हम ’मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान को भी अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि देवभूमि के साथ ही वीरों की भूमि भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज सेना न केवल पहले से और अधिक सक्षम और सशक्त हो रही है बल्कि उसकी यश और कीर्ति पताका सम्पूर्ण विश्व में फैल रही है। सरकार जहां एक ओर सेना के आधुनिकीकरण पर बल दे रही है, वहीं दूसरी ओर सैनिकों और उनके परिवारों को मिल रही सुख-सुविधाओं का भी ख्याल रख रही है। प्रधानमंत्री निरंतर सैनिकों के साहस और मनोबल को बढ़ा रहे हैं। राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सैनिकों एवं उनके परिवार को मिलने वाली सुविधाओं में वृद्धि करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने सैनिकों या उनके आश्रितों को मिलने वाली अनुदान राशि बढ़ाने से लेकर शहीद सैनिकों के आश्रितों को राज्य सरकार के अधीन आने वाली नौकरियों में वरीयता के आधार पर नियुक्ति देने का निर्णय भी इसी आशय से लिया है। उत्तराखण्ड राज्य के वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों को देय एकमुश्त अनुदान राशि में वृद्धि की गई है। उत्तराखण्ड से द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगना एवं वेटरन की पेंशन प्रतिमाह 8 हजार रूपये से बढ़ाकर 10 हजार रूपये की गई है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनकी विधवाओं की प्रतिमाह पेंशन 21 हजार से बढ़ाकर 25 हजार की गई है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के अनुरूप राज्य में पांचवें धाम की नींव रखते हुए एक भव्य और राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत सैन्य धाम का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। सवाड़ में भी सैनिकों की स्मृति में स्मारक बनाया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा आज यहां पर स्थापित शिलाफलकम् में 33 अमर शहीदों और सेनानियों का नाम अंकित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को समर्पित अभियान है। “मिट्टी को नमन, वीरों को वंदन“ नाम शीर्षक के साथ इस अभियान में उत्तराखण्ड में अब तक 2000 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी के 75 वर्ष के पूरे होने और आजादी के अमृत महोत्सव का समापन करने के लिए मेरी माटी मेरा देश अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान हमारे देश के शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत देश के अलग-अलग राज्यों के ग्रामों से 7500 कलशों में मिट्टी लाई जाएगी। इस मिट्टी से नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान उन्हीं गुमनाम शहीदों को सम्मान देने उनके बलिदान को सलाम करने का एक अवसर है। ग्राम्य विकास मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वीर भूमि एवं देवभूमि उत्तराखण्ड के 95 विकासखण्डों से पवित्र माटी के कलशों को कर्तव्य पथ के लिए रवाना किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने कहा कि देश के स्वतंत्रा सेनानियों एवं अमर शहीदों के सम्मान में देशभर में व्यापक स्तर पर मेरी माटी, मेरा देश अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में अनेक स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हमारे इन महानायकों द्वारा देश सेवा के लिये दिये गये योगदान से हमारी युवा पीढ़ी अच्छी तरह परिचित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर सचिव राधिका झा, आयुक्त ग्राम्य विकास आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, नगर आयुक्त मनुज गोयल, मुख्य विकास अधिकारी झरना कमठान उपस्थित रहे।

वीर अमर शहीद प्रदीप रावत की पांचवीं पुण्यतिथि पर मंत्री अग्रवाल ने दी श्रद्धांजलि

वीर अमर शहीद प्रदीप रावत की 5वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। भारी बारिश के बीच क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुरानी चुंगी निकट परशुराम चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि 10 अक्टूबर 1990 को सैनिक कुंवर सिंह रावत के परिवार में हुआ। तीन बहनों के एकलौते भाई प्रदीप ने प्रारंभिक शिक्षा भगवती देवी पूर्णानंद महाराष्ट्र निवास सरस्वती शिशु मंदिर से की। कहा कि इसके बाद कक्षा छह से उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर आवास विकास तथा 12वीं की परीक्षा उन्होंने श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज से उत्तीर्ण की। 19 मार्च 2010 में उन्होंने सेना में दाखिला पाया। 10 अक्टूबर 2013 को स्पेशल फ्रन्टियर फोर्स में उनका चयन किया। कहा कि 02 अप्रैल 2017 में उनकी तैनाती उड़ी सेक्टर में हुई। इसके बाद 12 अगस्त 2018 को वह सीमा पर शहीद हो गए।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, चाहे कोई भी चुनौती क्यों न हो, देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय राष्ट्र है जो अपने सदियों पुराने मूल्यों में विश्वास करता है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के प्रति प्रतिबद्ध है, लेकिन अपने हितों की रक्षा के लिए हम नियंत्रण रेखा पार करने में संकोच नहीं करेंगे। पहले देश और सशस्त्र बलों में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार ने इस कमी को दूर कर दिया है। हम अपनी सेनाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि हमें सदैव सैनिकों का सम्मान करना चाहिए। सैनिकों के योगदान को सदा स्मरण करना चाहिए, उन्हीं की वजह से हम अमन से रह पाते है। हम सभी को सैनिकों से प्रेरणा लेना चाहिए और अपने कार्य को देश की प्रगति में लगाना चाहिए।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि जीवन में अनुशासन का सही उदाहरण देखना हो तो एक सैनिक से अवश्य मिलें। उनका अपने देश के लिए पागलपन देखते बनता है। उनका अनुशासन उन्हें अपने घर-परिवार से दूर तो रखता ही है, साथ ही साथ भोजन, नींद और आराम को भी त्यागना पड़ता है। वाकई यह किसी तपस्या से कम नहीं।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि जिस घर, परिवार से सैनिक निकलते हैं, वह घर और परिवार पूजनीय होता है। उस परिवार पर ईश्वर की विशेष कृपा होती है। कहा कि हमीर ने देश सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, ऐसे सच्चे देशभक्त समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते है। कहा कि हमीर आज हमारे दिलों और दिमाग में आज भी जिंदा हैं।

इस मौके पर शहीद की माता उषा देवी, पिता कुँवर सिंह रावत, पत्नी नीलम, बेटी प्रतिष्ठा, बेटा प्रतीक, चाचा भगवान सिंह, वीर सिंह, बहनें अनिता, विनीता, सुषमा, मण्डल अध्यक्ष ऋषिकेश सुमित पंवार, जिला उपाध्यक्ष दिनेश सती, प्रतीक कालिया, प्यारे लाल जुगलान, सुरेन्द्र सिंह कैंतुरा, इंद्र कुमार गोदवानी, मेजर गोविंद सिंह रावत, गुलाब सिंह रावत, शम्भू पासवान, राजू नरसिम्हा, महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष माधवी गुप्ता, रंजन अंथवाल, नितिन सक्सेना, भावना गौड़, सुधा असवाल, गोपाल सती, वीरेंद्र रमोला, जगावर सिंह सहित कई लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

मुख्य सचिव ने ली 15वें वित्त आयोग की समीक्षा बैठक

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में सचिवालय में 15वें वित्त आयोग द्वारा संस्तुत अनुदान के तहत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को योजना के तहत सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत वित्तीय एवं भौतिक प्रगति को सुनिश्चित करना एवं उस हेतु ठोस कार्ययोजना का निर्माण एवं अनुश्रवण किया जाना सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन कार्यों के उपयोगिता प्रमाणपत्र अभी तक प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, शीघ्र प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने कहा कि शहरी स्थानीय निकायों एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 के अनन्तिम एवं वित्तीय वर्ष 2021-22 के अन्तिम लेखा परीक्षित लेखाओं को शीघ्र ऑनलाईन उपलब्ध कराया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जहां कार्य ज्यादा है वहां पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ायी जाए, ताकि समय से कार्य पूर्ण हो सकें। उन्होंने शहरी विकास, पंचायतीराज एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी सामंजस्य के साथ कार्य किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि अवमुक्त बजट को शीघ्र खर्च किए जाने के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव राधिका झा, अरविन्द सिंह ह्यांकी, दिलीप जावलकर एवं अपर सचिव रोहित मीणा सहित अन्य विभागीय उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

आवासीय नक्शे 15 दिन के अंदर स्वीकृत कर प्रक्रिया को व्यवहारिक व सरल बनाएंः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास प्राधिकरणों के माध्यम से आवासीय भवनों के नक्सों की स्वीकृति आदि की व्यवस्थाओं को सुगम बनाये जाने के लिये सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश दिये है। आवासीय भवनों के नक्से 15 दिन के अंदर स्वीकृत हो जाय यह भी सुनिश्चित किया जाय तथा इस संबंध में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं को व्यवहारिक एवं सरलीकरण के साथ प्रभावी बनाये जाने पर भी उन्होंने बल दिया।

मुख्यमंत्री ने नगरीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी प्रभावी कार्ययोजना बनाये जाने को कहा ताकि स्वच्छ व सुंदर देवभूमि का संदेश देश व दुनिया में जाए। मुख्यमंत्री ने आवास एवं शहरी विकास विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने पर भी ध्यान देने को कहा। जिलों में नगर निकाय से जुड़े कार्यों की मॉनिटरिंग के लिये मुख्य विकास अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपे जाने की व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिये हैं।

सचिवालय में आवास एवं शहरी विकास विभाग द्वारा सशक्त उत्तराखण्ड /2025 से संबंधित कार्ययोजना एवं संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुये मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रतिवर्ष प्रदेश में आने वाले लाखों पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं आदि के लिये की जाने वाली व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुये योजनाओं के क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जाय।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास एवं शहरी विकास विभाग द्वारा तैयार किये गये अल्प, मध्य एवं दीर्घकालिक रोड मैप के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिये प्रभावी प्रयास किये जाये ताकि इस क्षेत्र में निर्धारित निवेश के लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीक एण्ड में देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर, नैनीताल के शहरों को जाम की स्थिति से मुक्त करने के लिये पार्किंग स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाय। इन शहरों के लिये शटल वाहन सेवा के संचालन तथा पार्किंग स्थलों के विकास में निजी सहभागिता की संभावनाएं तलासे जाने के भी निर्देश उन्होंने दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में अच्छी सड़कों के साथ बिजली, पेयजल, स्वच्छता आदि की व्यवस्थाओं के लिये समयबद्ध योजना बनाकर ही भविष्य की चुनौतियों का सामना किया जा सकेगा। उन्होंने विभिन्न प्राधिकरणों के मध्य आपसी समन्वय बनाये जाने तथा आवासीय योजनाओं आदि का मास्टर प्लान तैयार करने में स्टेक होल्डर को भी सहयोगी बनाये जाने पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने म्युनसिपल सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट, शहरी आजीविका सुधार के लिये महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन, स्ट्रीट वेन्डर, प्रधानमंत्री आवास शहरी, शहरों के सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण के लिये पार्कों के निर्माण एवं ओपन जिम जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी लाये जाने को कहा।

अपर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने बताया कि आवास विभाग के तहत वर्ष 2023-24 के लिये 8793 करोड़ के निवेश तथा 23.65 लाख रोजगार के अवसरों का लक्ष्य रखा गया है। जबकि वर्ष 2026-27 के लिये यह लक्ष्य 17586 करोड़ निवेश तथा 47.30 लाख रोजगार सृजन का है। शहरी विकास विभाग से संबंधित कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण निदेशक शहरी विकास श्री नवनीत पाण्डे द्वारा किया गया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, अपर मुख्य सचिव राधा रतूडी, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव मुख्यमंत्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, एस. एन. पाण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर मुख्य सचिव ने उच्चाधिकारियों के साथ की बैठक

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सचिवालय में खाद्य पदार्थों में मिलावट के सम्बन्ध में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक ली। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए ठोस योजना तैयार कर मिलावटखोरों पर कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रदेश में टेस्टिंग लैब की संख्या बढ़ाने और इनके निर्माण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए है। कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाए जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए सख्त से सख्त कदम उठाए जाने के साथ ही मिलावट के प्रति आमजन को जागरूक किया जाये। उन्होंने प्रयोग हो चुके खाद्य तेल से होने वाले नुक़सान से दुकानदारों और आमजन दोनों को छोटी छोटी वीडियोज़ के माध्यम से जागरूक किए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों की जानकारी देने वालों को रिवार्ड भी दिया जाना चाहिए ताकि लोग जानकारी देने को प्रोत्साहित हों। उन्होंने मिलावट से संबंधित सभी मामलों को फास्ट ट्रैक पर निपटाने के निर्देश दिए। कहा कि मिलावट के गंभीर मामलों पर प्राथमिकता के साथ शीघ्र से शीघ्र फैसला किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि नियमित जांच और कठोर कार्रवाई से ही खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी को रोका जा सकता है। उन्होंने इसके लिए ठोस एक्शन प्लान के साथ ही इसके कार्यान्वयन की टाइम लाइन निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने स्वच्छता रेटिंग प्रमाणीकरण कार्यक्रम को अभियान के तौर पर पूरे प्रदेश में शुरू किए जाने के भी निर्देश दिये।
बैठक के दौरान बताया गया कि एफडीए उत्तराखण्ड द्वारा रूको के तहत् प्रयोग किये जा चुके खाद्य तेल को पिछले वर्ष की मात्रा 3046 लीटर से इस वर्ष बढ़ाकर लगभग 8000 लीटर जब्त किया गया है। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने को लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं। बताया गया कि इस बार खाद्य एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के साथ संयुक्त रूप से आपूर्ति स्रोत पर भी कार्रवाई की गई है।
इस अवसर पर सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन उत्तराखण्ड डॉ. आर. राजेश कुमार सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

सीडीएस अनिल चौहान से की सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भेंट

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज नई दिल्ली में सीडीएस चीफ आफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान से शिष्टाचार भेंट की।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सीडीएस अनिल चौहान से जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख की भांति उत्तराखण्ड के चीन सीमा से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों को ऑपरेशन सद्भावना में सम्मिलित करने का आग्रह किया। मंत्री ने कहा उत्तराखंड की भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड के जनपद पिथौरागढ़ के 119 ब्रिगेड तथा जनपद चमोली के जोशीमठ में सेना के 09 ब्रिगेड को ऑपरेशन सद्भावना में सम्मिलित किया जाए।
सैनिक कल्याण मंत्री ने डोईवाला में कैंटीन खोलने के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया और प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए आवश्यकतानुसार अन्य स्थानांे में कैंटीन खोलने पर विचार करने का अनुरोध किय। इसके अतिरिक्त, देहरादून में निर्माण हो रहे सैन्य धाम को लेकर भी चर्चा की गई। जिसमें सैनिक कल्याण मंत्री ने सीडीएस से उत्तराखंड के वीर योद्धाओं द्वारा युद्ध के दौरान इस्तेमाल शस्त्रों को भी सैन्य धाम में स्थापित किया जाने का आग्रह किया ताकि युवा पीढ़ी देश की सेना के प्रति आकर्षित हो सके।
ज्ञात हो, कि ऑपरेशन सद्भावना विशेष रूप से नियंत्रण रेखा के पास ग्रामीण क्षेत्रों में शुरू किया गया है। इसके तहत कई कल्याणकारी पहल की जाती है। जिसमें बुनियादी ढांचा विकास, चिकित्सा देखभाल, महिला और युवा सशक्तीकरण, शैक्षिक पर्यटन और खेलकूद टूर्नामेंट शामिल हैं। परियोजनाओं को स्थानीय आबादी की जरूरतों और इच्छाओं के अनुसार योजनाबद्ध किया जाता है और सफल दीक्षा के बाद राज्य सरकार को सौंप दिया जाता है। ‘ऑपरेशन सद्भावना ’भारतीय सेना द्वारा जम्मू-कश्मीर में आबादी के करीब आने और आपसी विश्वास और विश्वास विकसित करने का संकल्प है।
इन सभी बिंदुओं पर सीडीएस अनिल चौहान ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए मामले में शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया।

मसूरी के बाद अब टिहरी में भी विंटर लाइन कार्निवल का आयोजन

उत्तराखंड में मसूरी विंटर लाइन कार्निवल की तर्ज पर अब टिहरी में भी विंटर लाइन कार्निवल का आयोजन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि आगराखाल व्यापार मंडल और न्यू विजन फाउंडेशन की पहल पर यहां 3 दिवसीय विंटर लाइन कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए तैयारियां शुरू हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार स्विट्जरलैंड की तरह टिहरी जिले के आगराखाल में भी साफ-साफ विंटर लाइन दिखाई देती है। ऐसे में आगराखाल व्यापार मंडल और न्यू विजन फाउंडेशन की पहल पर मसूरी की तर्ज पर यहां सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में तीन दिन का विंटर लाइन कार्निवल शुरू होगा।
बताया जा रहा है कि आयोजकों ने विंटर लाइन कार्निवल को हर साल आगराखाल थौल महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान यहां लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि कार्निवाल में पहाड़ी व्यंजन, पहाड़ी रहन-सहन और खान-पान को लेकर भी नई पीढ़ी को जागरुक किया जाएगा. साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति और पारंपरिक रीति रिवाजों को भी लोगों के सामने रखा जाएगा। माना जा रहा है कि उत्तराखंड में पर्यटन सबसे बड़ा रोजगार का जरिया बन सकता है। आयोजकों ने विंटर लाइन कार्निवाल टिहरी डीएम मयूर दीक्षित से मिलकर भी सहयोग मांगा है, जिस पर टिहरी डीएम ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने मेरी माटी मेरा देश अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश

शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों के साथ ’मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत किये जाने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की।
शासकीय आवास में हुई बैठक में डॉ अग्रवाल ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ’मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के अंतर्गत राज्य के समस्त निकायों में एक वाटिका बनाई जाएगी, जिसमें 75 पौधों को रोपित किया जाना है।
डॉ अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक निकाय अपने यहाँ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके नाम का शिलापट्ट लगाएंगे। उन्होंने बताया कि ’मेरी माटी मेरा देश’ के अन्तर्गत अमर शहीदों की याद एवं सम्मान में दिनांक 9 अगस्त से 15 अगस्त, 2023 तक जनपद क्षेत्रान्तर्गत शिला फलकम की स्थापना, पंचप्रण शपथ एवं सेल्फी, वसुधा वन्दन, वीरों का वन्दन, झण्डा रोहण एवं राष्ट्रगान के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि गत वर्ष की भांति 13 अगस्त से 15 अगस्त, 2023 तक ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ कार्यक्रम जनसहभागिता से आयोजित किया जायेगा।
डॉ अग्रवाल ने निर्देशित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा‘‘ के तहत फ्लैग ऑफ कोड का अनुपालन हो। पौधारोपण हेतु स्थान चिन्ह्ति कर समयान्तर्गत पौधारोपण किया जाये। कहा कि ‘‘मेरी माटी मेरा देश अभियान‘‘ कार्यक्रम के अन्तर्गत शिला फलकम की स्थापना प्रत्येक नगर निकाय में अमृत सरोवर के किनारे, अन्य जल निकाय पर, स्कूल अथवा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान में स्मारक पट्टिका की स्थापना की जानी है। यह शिला फलकम अभियान की वेबसाइट merimaatimeradesh.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि पंचप्रण शपथ एवं सेल्फी प्रत्येक निकायों में मिट्टी अथवा मिट्टी का दीया लेकर पंचप्रण शपथ ली जायेगी एवं शपथ लेते समय व्यक्तिगत अथवा सेल्फी को अभियान हेतु निर्मित वेबसाइट पर अपलोड किया जायेगा। वसुधा वन्दन प्रत्येक निकाय में अमृत वाटिका बनाई जायेगी। कहा कि कम से कम 75 स्थानीय प्रजाति के पौधों का रोपण किया जायेगा। इस मौके पर निदेशक शहरी विकास नवनीत पांडेय, लेखाधिकारी साहब सिंह रांगड़ उपस्थित रहे।