दयाशंकर पाण्डेय
समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली पेंशन लाभार्थियों के खाते में आनी शुरू हो गई है। मार्च तक की पेंशन के तीन हजार रुपये बुधवार को कई लाभार्थियों के खातें में आ गए। लाभार्थियों ने समय से पेंशन खाते में आने पर खुशी जताई है।
सरकार बदलने का पहला असर समाज कल्याण विभाग के पेंशन लाभार्थियों को देखने को मिल रहा है। समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धा, विकलांग और विधवा को आजीविका चलाने के लिए हर माह पेंशन दी जाती है। लेकिन लंबे समय से विभाग की ओर से पेंशन के लाभार्थियों को समय से पेंशन नहीं मिल पा रही थी। बुधवार को ऋषिनगरी के कई पेंशन लाभार्थियों को उनके खाते में तीन हजार रुपये जमा होने का एसएमएस आया।
पेंशन लाभार्थी सुषमा, प्यारी देवी, सरस्वती देवी, मुन्नी, दुलारी आदि ने बताया कि समाज कल्याण विभाग से कभी भी समय पर पेंशन नहीं आती है, लेकिन सरकार बदलने के बाद तीन माह (जनवरी से मार्च) तक के तीन हजार रुपये बुधवार को खाते में डिपॉजिट हुए है। समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने विभाग के भ्रष्टाचार को लेकर सख्त टिप्पणी की थी। अधिकारियों को समय से पेंशन जारी करने के निर्देश दिये थे।
Category: रोजगार
हॉकर्स कल्याण योजना के तहत हॉकर्स को बांटीं साइकिलें
ऋषिकेश।
गुरुवार को ऋषिकेश श्रम विभाग की ओर से श्रम कार्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें सहायक श्रमायुक्त श्याम रतूड़ी ने हॉकर्स को साइकिलें बांटीं। साइकिलें मिलते हॉकर्स के चेहरे खिले नजर आए। सहायक श्रमायुक्त श्याम रतूड़ी ने बताया कि हॉकर्स कल्याण योजना के तहत ऋषिकेश के 70 हॉकर्स को साइकिलें वितरित की गई हैं।
आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग उठाई
ऋषिकेश।
बार एसोसिएशन ऋषिकेश ने जिलाधिकारी देहरादून से जिला शासकीय अधिवक्ता दीवानी और फौजदारी के आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग उठाई है। बार एसोसिएशन ने गुरुवार को जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। इसमें जिला शासकीय अधिवक्ता दीवानी और फौजदारी के रिक्त पदों पर आवेदन की तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह सजवाण ने बताया कि 22 अक्तूबर से दो नवंबर के बीच अधिकांश दिन अवकाश रहा। साथ ही अधिवक्तागणों के कार्य से विरत रहने के कारण योग्य अधिवक्ता आवेदन नहीं कर पाए।
एसोसिएशन को भी अभी तक विज्ञप्ति की प्रतिलिपि प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए रिक्त पदों पर आवेदन को कम से कम दस दिनों का समय बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने बढ़ाए जाने वाले समय की सूचना भी एसोसिएशन को भेजने का अनुरोध किया है। पत्र भेजने वालों में महासचिव नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष राकेश कंडवाल, संयुक्त सचिव आशुतोष डिमरी, कोषाध्यक्ष अजय सिंह वर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष अभिषेक प्रभाकर, शशि गौनियाल आदि शामिल हैं।
