भारी बारिश के अलर्ट के बीच सीएम खुद करे मॉनीटिरिंग, लगातार रख रहे नजर

प्रदेश में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों और एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से उनकी तैयारियों, बारिश की स्थिति आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी स्कूलों में 18 अक्टूबर को अवकाश रखने के निर्देश दिये। बहुत से जिलों में अवकाश कर भी दिया गया है। जिन जिलों में नहीं किया गया है, वे भी एहतियातन सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय बड़ी संख्या में पर्यटक और तीर्थयात्री प्रदेश में आए हुए हैं। जरूरी होने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराते हुए उनके रहने और भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही न हो। पर्यटक और तीर्थयात्री यहां से अच्छा संदेश लेकर जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य, जिलों और तहसील स्तरों पर कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित हों। जिलों से इन दो दिन, हर घंटे रिपोर्ट भेजी जाए। कोई घटना होने पर उसकी सूचना तुरंत दी जाए। रेस्पोंस टाइम कम से कम होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। आईटीबीपी, सीडब्ल्यूसी, बीआरओ, एसडीआरएफ, राजस्व, पुलिस आदि आपसी समन्वय से काम करें। ट्रेकर्स के बारे में पूरी सूचना रखी जाए और उनसे सम्पर्क रखें। लैंडस्लाइड जोन पर विशेष ध्यान रखा जाए। रास्ते बंद होने पर तुरंत खोलने की व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि भूस्खलन आदि स्थिति में लोग कहीं फंसे नहीं। वे सुरक्षित स्थानों पर ठहरें। आपदा बचाव और राहत संबंधी उपकरण सुचारू स्थिति में हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए पूरी सावधानी बरतनी है। यात्रियों और पर्यटकों से भी सावधानी रखने की अपील की जाए, परंतु किसी तरह के पैनिक की भी जरूरत नहीं है। जिलाधिकारी, एसएसपी स्वयं मॉनिटरिंग करें।
बैठक में सभी जिलाधिकारियों से पूरी जानकारी ली गयी। बताया गया कि सभी जगह स्थिति अभी सामान्य है। एहतियातन चारधाम यात्रियों को सुरक्षित रूकाया गया है। रुकने, खाने की पर्याप्त व्यवस्था है।
बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक संजय गुप्ता, मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव एसए मुरूगेशन, आईजी वी मुरूगेशन, आईजी एसडीआरएफ पुष्पक ज्योति, एसीईओ आपदा प्रबंधन रिद्धिम अग्रवाल, सहित वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, बीआरओ, आईएमडी, आईटीबीपी, सीडब्ल्यूसी, उत्तराखण्ड सब एरिया, सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

तीर्थनगरी में पुलिस की मुनादी, गंगा तटों से हटाये गये लोग, सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए ऋषिकेश पुलिस ने शहर में ठहरे यात्रियों, पर्यटकों तथा नदियों के किनारे रहने, बसे लोगों को सतर्क किया गया। वहीं, नदी किनारे घाटों व पहाड़ी क्षेत्र मे न जाने की अपील भी की गई।
मौसम विभाग ने आज और कल भारी वर्षा की चेतावनी/पूर्वानुमान जारी किया गया है। जिससे कि गंगा एवं अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ जाने तथा पहाड़ी इलाकों में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए महेश जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के द्वारा कोतवाली हाजा के समस्त अधिकारी/कर्मचारी गणों को मौसम द्वारा जारी चेतावनी से अवगत कराते हुए कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रचार-प्रसार करने तथा नदियों के किनारे बसे लोगों को सतर्क एवं सुरक्षित करने हेतु आदेशित किया गया। जिसके बाद ऋषिकेश पुलिस के द्वारा मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा की चेतावनी/पूर्वानुमान के दृष्टिगत ऋषिकेश क्षेत्र अंतर्गत अनाउंसमेन्ट/अन्य रूप से प्रचार-प्रसार कर मौसम विभाग द्वारा दी भारी वर्षा की चेतावनी की सूचना प्रयारित की गई।
पुलिस ने भारी वर्षा के पश्चात नदियों का जलस्तर बढ़ जाने की संभावना के दृष्टिगत गंगा एवं चंद्रभागा नदी किनारे झुग्गी-झोपड़ियों, घाटो एवं अन्य रूप से रहने वाले व्यक्तियों को खतरे वाले स्थानों से हटाया गया और सतर्क किया गया।
वहीं, चार धाम यात्रा एवं पर्यटन हेतु पहाड़ी इलाकों में जाने वाले बाहरी राज्यो से आए हुए यात्री/पर्यटकों जोकि ऋषिकेश शहर में होटलों/धर्मशालाओ या अन्य रूप से ठहरे हुए हैं सभी को होटलों/धर्मशालाओ के बाहर वह शहर के मुख्य चौक चौराहों पर अनाउंसमेंट कर मौसम विभाग द्वारा दी गई चेतावनी से सूचित किया गया। साथ ही 2 दिन तक पहाड़ी इलाकों में न जाने की एडवायजरी दी गई।

ई-रिक्शाओं संचालकों पर परमिट के आधार पर संचालन नही करने का आरोप

विक्रम युनियन कार्यालय ऋषिकेश में समस्त विक्रम, टैक्सी, थ्रीविलर की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। जिसमें नगर में संचालित हो रहे ई-रिक्शाओं से लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए देहरादून की तरह ऋषिकेश में भी संचालित करने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता विक्रम टैम्पो महासंघ उत्तराखंड के अध्यक्ष मंहत विनय सारस्वत ने की।
बैठक में तय किया गया कि 21 अक्टूबर को नेपाली फार्म, छिदरवाला, डोईवाला, ऋषिकेश, मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला क्षेत्र से सम्बंधित विक्रम एवं आटो वाहन अपने वाहनों का चक्का जाम कर ऋषिकेश आरटीओ कार्यालय पर प्रर्दशन कर ज्ञापन सौंपेंगे।
बैठक मे सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान मे ई रिक्शाओ को परमिट फ्री करने के कारण क्षैत्र मे इनकी संख्या अनियंत्रित हो गयी है, जिसके चलते हुए नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुयी है। विनय सारस्वत ने कहा कि ई रिक्शा के पंजीकरण पर रोक लगाने के साथ ही पूर्व मे इनके परमिटो पर दिये गये ग्रामीण क्षैत्रो मे ई-रिक्शाओ का संचालन देहरादून की भांति किये जाने की मांग की जायेगी।
बैठक मे विजयपाल सिंह रावत अध्यक्ष टैक्सी युनियन, त्रिलोक भंण्डारी अध्यक्ष लक्ष्मण झूला युनियन, सुनील शर्मा अध्यक्ष मुनिकिरेती, वीरेंद्र सिंह सजवाण उपाध्यक्ष, हरिमोहन कोषाध्यक्ष, पंकज वर्मा महासचिव, जगवाणी पूर्व अध्यक्ष रामझूला, राजेन्द्र लाम्बा अध्यक्ष थ्रीविलर ऋषिकेश, प्रवीण नौटियाल, बचन गुप्ता आदि मौजूद रहे।

सिंघु बॉर्डर पर युवक की हत्या होने पर जांच को गई पुलिस को रोका

सिंघु बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन स्थल के पास एक युवक लखबीर सिंह की निर्मम हत्या कर शव बैरिकेड्स से लटकाने की घटना की संयुक्त किसान मोर्चा (ैज्ञड) ने निंदा करते हुए इसे एक बड़ी साजिश बताया है। किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने शुक्रवार को कहा कि हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस घटना के दोनों पक्षों, निहंग समूह और मृतक का एसकेएम के साथ कोई संबंध नहीं है। मोर्चा किसी भी धर्म और प्रतीक की बेअदबी के खिलाफ है। किसान नेता ने कहा कि मोर्चा को धार्मिक मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है, यह एक साजिश लगती है, इसकी जांच होनी चाहिए। दल्लेवाल ने कहा कि जब हम मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग कह रहे थे कि मृतक (लखबीर सिंह) ने मरने से पहले स्वीकार किया था कि उसे किसी ने भेजा है और 30 हजार रुपये दिए हैं। इसका वीडियो प्रूफ मेरे पास नहीं है। सरकार को इस मामले की गहनता से जांच करनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के चीमा खुर्द गांव निवासी लखबीर सिंह (35 वर्षीय) के रूप में हुई है। पेशे मजदूर लखबीर अनुसूचित जाति से संबंध रखता था। एडीजीपी (रोहतक) संदीप खिरवार ने कहा कि लखबीर सिंह की हत्या के मामले में हमने आईपीसी की धारा 302/34 के तहत एफआईआर दर्ज की है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर ली है, मृतक का पोस्टमॉर्टम शुरू हो गया है। हम इंटेलिजेंस इनपुट भी इकट्ठा कर रहे हैं और हमारे पास कुछ संदिग्धों के नाम भी हैं। जल्द ही आगे की कार्रवाई करेंगे।

बेरहमी से मारा, बैरिकेड से बांधा
सोनीपत जिले के कुंडली में किसानों के प्रदर्शन स्थल के पास शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बैरिकेड से बंधा हुआ मिला। शव का एक हाथ कटा हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो क्लिप में कुछ निहंगों को जमीन पर खून से लथपथ पड़े एक व्यक्ति के पास खड़े हुए देखा गया और उसका बायां हाथ कटा हुआ था। निहंगों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मृतक को सिखों की पवित्र किताब गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के लिए सजा दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक लखबीर सिंह को पंजाब के तरण तारण का एक मजदूर बताया गया है और उसकी आयु 35 वर्ष के आसपास है। उसका शव एक बैरिकेड से बंधा हुआ मिला जो केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ 10 महीनों से आंदोलन कर रहे किसानों द्वारा बनाए एक मंच के पास स्थित है। किसानों का प्रदर्शन स्थल सिंघु में दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास स्थित है।
सोनीपत पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कुंडली पुलिस थाने को सुबह पांच बजे सूचना मिली कि किसानों के प्रदर्शन स्थल के पास एक शव मिला है। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर केवल पायजामा था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और दोषियों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। पुलिस घटना के संबंध में प्रदर्शन स्थल के पास लोगों से पूछताछ करने की कोशिश की है। शुरुआत में कुछ लोगों ने इलाके में पुलिस के प्रवेश का विरोध किया और पुलिस के साथ सहयोग नहीं किया।

पालिका मुनिकीरेती ने किए सात चालान वसूला 25 सौ रूपए का राजस्व

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ने ढालवाला क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम, गंदगी करने और थूकने पर छापेमारी अभियान चलाया। कुल सात चालानों से 25 सौ रूपए का राजस्व वसूला गया।
मंगलवार को कर निरीक्षक अनुराधा गोयल और सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में पालिका की टीम ढालवाला क्षेत्र पहुंची। यहां ढालवाला क्षेत्र में भद्रकाली मार्ग, शांति विहार, आनंद विहार स्थित दुकानों में छापेमारी अभियान चलाया गया। कूड़ा फैलाने पर चार और थूकने पर तीन चालान किए गए। जिनसे 25 सौ रूपए का राजस्व भी वसूला गया। इस दौरान कर निरीक्षक ने लोगों से प्लास्टिक का प्रयोग न करने, कूड़ा न फैलाने और जगह-जगह न थूकने की अपील भी की। छापेमारी अभियान में सुपरवाईजर जितेंद्र सिंह सजवाण भी मौजूद रहे।

स्मार्ट सिटी कार्य से नागरिकों को परेशानी ना हो, इसका ध्यान रखने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सोमवार को सचिवालय में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी के कार्यों को समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण किया जाए, साथ ही आम जन को होने वाली परेशानियों को कम से कम किए जाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि आम जन को परेशानी कम हो इसके लिए कार्यों को छोटे छोटे हिस्सों में किया जाए। एक कार्य के पूर्ण होने के बाद दूसरे काम को शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को युद्ध स्तर पर करते हुए 3 शिफ्टों में कार्य किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में प्रत्येक रूट पर एवरेज ऑक्यूपेंसी का अध्ययन कर, जिन रूट्स में बसें बढ़ाने की आवश्यकता है उनमें बसें बढ़ाई जाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट टॉयलेट को ऐप के साथ ही गूगल मैप एवं गूगल टॉयलेट लोकेशन पर भी अपडेट किया जाए, ताकि आमजन को जानकारी आसानी से मिल सके। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परियोजना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए परियोजना को ससमय पर पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगोली, जिलाधिकारी देहरादून एवं सीईओ स्मार्ट सिटी डॉ. आर. राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अनूसूचित जाति के लोगों की जमीन एक ही समुदाय के द्वारा खरीदने पर सवाल

नैनीताल के सरना गांव में अनुसूचित जाति के लोगों की जमीन कौड़ियों के दाम एक ही समुदाय के लोगों ने एक साथ खरीदी। इस मुद्दे को संवेदनशील करार देते हुए भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाक़ात कर उच्च स्तरीय जांच का अनुरोध किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात में नैनीताल की धारी तहसील के सरना गांव के मामले को उठाते हुए अंदेशा जताया कि इसके लिए बड़ी संख्या में एक समुदाय विशेष के लोगों ने शायद अनुसूचित जाति के लोगों को डराया-धमकाया और लालच दिया गया होगा। उच्च स्तरीय जांच से इसका खुलासा हो सकता है।
उन्होंने ने कहा कि 21 व 22 सितम्बर को सरना गांव में एक साथ 13 लोगों ने भूमि की रजिस्ट्री की। इस भूमि के सभी खरीददार अलीगढ़ व संभल के हैं। कुछ भूमि बेचने वालों की पत्नियों ने धारी के उप जिलाधिकारी को इस मामले में लिखित शिकायत की है। महिलाओं ने कहा है कि उनके पति ने अपनी भूमि के पंजीकृत बैनामे कर दिए। इससे भविष्य में परिवार पर प्रत्यक्ष व परोक्ष तौर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने यह भी शिकायत की है कि ये वे भूमि हैं जिस पर बैंक ऋण भी लिया गया है।
उन्होंने कहा कि बेची गई भूमि के सह खातेदार भी हैं। एक सह खातेदार ने इस सम्बन्ध में धारी के तहसीलदार के न्यायालय में एक वाद भी दाखिल किया गया है। यह भी जानकारी मिली है कि भूमि को बाजार भाव के विपरीत कौड़ियों के भाव ख़रीदा गया है। भूमि का लेन-देन नगद किया गया है। इससे यह संदेह पैदा हो रहा है कि भूमि की खरीद-फरोख्त में किसी एक खास व्यक्ति अथवा संस्था की भूमिका है। उसकी तरफ से बेनामी संपत्ति खरीदी जा रही है। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

एमडीडीए ने पूर्णानंद आश्रम के निर्माणाधीन हिस्से को किया सील

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने तीर्थ नगरी के पूर्णानंद आश्रम के निर्माणाधीन हिस्से को सील किया है।
प्राधिकरण के सहायक अभियंता सुनील गुप्ता ने बताया कि गंगा किनारे स्थित पूर्णानंद आश्रम का निर्माण हो रहा था। इस मामले में आश्रम संचालक को नक्शा पास नहीं कराने और एनजीटी के मानकों की अनदेखी करने पर नोटिस जारी किया था। कुछ दिन निर्माण कार्य रोकने के बाद फिर से शुरू कर दिया था।
बताया कि ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर बन चुका था। नापजोख करने के बाद निर्माणाधीन आश्रम को सील कर दिया गया है। टीम में अवर अभियंता अनुज पांडेय, सुपरवाईजर एसएन भट्ट, सतीश कुमार आदि शामिल रहे।

उपखंड कार्यालय में बिलों की बड़ी हुई धनराशि को लेकर प्रदर्शन

उत्तराखंड जन विकास मंच ने पानी और बिजली के मूल्यों में अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में मुनिकीरेती विद्युत उपखंड कार्यालय में धरना दिया।
मंगलवार को मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुनिकीरेती स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंचे। मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि प्रति यूनिट पर विद्युत के मूल्य में फिक्स्ड चार्ज, फ्यूल चार्ज, ग्रीन कर आदि लगाया जा रहा है जो कि उपभोक्ताओं के ऊपर दोहरी मार है। इसे समाप्त कर सरकार द्वारा आम लोगों को राहत दी जानी चाहिए।
नगर पालिका मुनिकीरेती के पूर्व अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल ने कहां कि यूपीसीएल द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं से बिल का भुगतान मासिक ना लेकर 2 माह में लिया जाता है। जिससे न्यूनतम सीमा तक विद्युत का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को स्लैब का लाभ नहीं मिल पाता है। जिससे स्लैब बढ़ जाने भारी भरकम बिल भरना पड़ता है। उन्होंने मांग की, कि यूपीसीएल द्वारा उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह बिल दिया जाना चाहिए।
तपोवन व्यापार सभा के अध्यक्ष लेखराज भंडारी ने कहा कोविड काल में घरेलू व व्यवसायिक विद्युत संयोजन वाले उपभोक्ताओं से विलंब शुल्क अधिभार नहीं लिया जाना चाहिए। कविता कंडवाल व सुभाष शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण जो उपभोक्ता अपने बिल का भुगतान समय पर नहीं कर पा रहे हैं। उनके विद्युत संयोजन को एक निश्चित समय अवधि न काटा जाए।
इस अवसर पर विनोद भाई, राकेश शर्मा, विपिन शर्मा, जसवंत, सुरेश, अर्जुन गुप्ता, धर्मेंद्र नौटियाल, नंदकुमार, देव नारायण, बेचन गुप्ता, संदीप कुमार, भगवती प्रसाद, वीरेंद्र गुसाई, सुनील कंडवाल, महेश सिंह, विवास चक्रवर्ती, नरेंद्र रतूड़ी, राकेश सेमवाल, राजेश कुमार, अंगद आदि उपस्थित रहे।

पीएम की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस हुई सतर्क, शुरु किया सत्यापन अभियान

कोतवाली पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाकर की गई कार्यवाही में 350 लोगों का सत्यापन करते हुए किरायेदारों का सत्यापन ना कराने पर 15 मकान मालिकों के विरुद्ध कार्यवाही कर डेढ़ लाख का जुर्माना किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व अपराध पर अंकुश लगाने व अपराधियों की धरपकड शुरू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में किरायेदारों के सत्यापन कराने व सत्यापन ना कराने वाले मकान मालिकों पर कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है। उक्त आदेश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक देहात क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश द्वारा भी अपने अधीनस्थों को उक्त विषय में कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है। जिस पर महेश जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के द्वारा आज प्रातः 6 बजे से एम्स पुलिस चौकी क्षेत्र में एम्स हॉस्पिटल से लगते हुए इलाके शिवाजी नगर, बैराज कॉलोनी, स्टर्डिया व आवास विकास में किरायेदारों के सत्यापन की जांच हेतु अभियान चला गया।
उक्त अभियान में प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के द्वारा स्वयं उपस्थित रहकर नेतृत्व करते हुए वरिष्ठ उप निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश, चौकी प्रभारी एम्स, चौकी प्रभारी आईडीपीएल, चौकी प्रभारी त्रिवेणी घाट, चौकी प्रभारी बस अड्डा, चौकी प्रभारी श्यामपुर, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, महिला कॉन्स्टेबल की टीम बनाकर सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान से पूर्व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के द्वारा टीम के सभी अधिकारी/कर्मचारी गणों को को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
सत्यापन अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन करते हुए सत्यापन ना कराने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। सत्यापन के दौरान 350 लोगों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही 15 चालान कर डेढ़ लाख का जुर्माना किया गया। इसके अतिरिक्त ऐम्स हॉस्पिटल रोड पर ठेली एवं फड़ लगाने वाले व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए यातायात के दृष्टिगत रोड किनारे से अतिक्रमण हटाया गया।