पालतू कुतिया की जबरन नसंबदी कराई, मुकदमा दर्ज

बीते शनिवार की देर रात प्रदीप पुत्र सुरेंद्र पुंडीर निवासी तपोवन ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी पालतू कुतिया मौली दो वर्ष की है। एक अज्ञात महिला उसे बहला फुसला कर घर के प्रांगण से लेकर गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गेस्ट हाउस विश्व चंदा की महिला ने उनसे गाली गलौज करते हुए पालतू कुतिया मौली को देने से मना कर दिया। महिला पर आरोप है कि उनकी मर्जी के बिना उक्त महिला ने मौली की नसबंदी भी करा ली।
तहरीर के आधार पर मुनिकीरेती पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि आरोपी महिला अदिति हरियाणा की निवासी है, जो कर्मा एनिमल ट्रस्ट का संचालन कुछ समय से तपोवन में कर रही है। उन्होंने बताया कि महिला ने मौली को स्ट्रीट डॉग समझ कर उसकी नसबंदी कराना स्वीकार किया है। इस संबंध में राजकीय पशु चिकित्सक हरि सिंह बिष्ट ने नसबंदी की बात स्वीकारी है। पुलिस मौली की तलाश में जुट गई है। मामले की विवेचना भद्रकाली चैकी इंचार्ज उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल को सौंपी गई है।

आग लगने की झूठी खबर या फोटो सोशल मीडिया पर डाली, तो कार्रवाई होगी

विदेशी जमीं के जंगलों की आग वाली वीडियों और फोटो को उत्तराखंड का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल करने से कानूनी कार्रवाई हो सकती है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने ट्वीट के जरिए तथा वन मंत्री सहित कई लोगों ने इसे भ्रामक खबर, वीडियों और फोटो बताया है। वहीं, डीजीएलओं ने इस पर कार्रवाई की बात कही है।

बता दें कि इन दिनों सोशल मीडिया पर आग लगने से उत्तराखंड जंगल की 71 हेक्टेयर जमीन पूरी तरह से बर्बाद हो गई है और लोगों की जान सहित कई जानवरों की मौत होने वाली खबर और वीडियों वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर ही जबरदस्त तरीके से ऐसी फेक न्यूज का खंडन शुरू हो गया। खुद वन मंत्री हरक सिंह ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के नाम से जो जंगल की आग की फोटो-वीडियो वायरल हो रहे हैं, उनमें कुछ पुराने और कुछ विदेशों के हैं।

वन मंत्री हरक सिंह ने आरोप लगाया कि फेक न्यूज फैलाकर विभाग की छवि को धूमिल किया जा रहा है। इसके बाद वन प्रमुख जयराज ने बाकायदा आदेश जारी कर मुख्य वन संरक्षक पराग मधुकर धकाते को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया, उनसे कहा गया कि तथ्यों से परे सूचनाओं का पुरजोर खंडन करें। वहीं, वन अधिकारियों को भी आदेश दिया कि मीडिया प्रभारी को सटीक और सही जानकारी दी जाए। इसके साथ धकाते भी फेक न्यूज के खिलाफ सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए, उन्होंने सही जानकारी देते हुए एक वीडियो भी अपलोड किया।

पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल उत्तराखंड के जंगलों में आग की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है, वायरल फोटो-वीडियो में कुछ पुराने तो कुछ विदेशों के हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बाथरूम में अटैची के अंदर मिला प्रेमिका का शव, प्रेमी सहेली को लेकर गायब

लिव इन रिलेशनशिप में प्रेमी ने प्रेमिका को धोखा देकर उसकी दर्दनाक हत्या कर दी। इसके बाद प्रेमिका की सहेली को लेकर प्रेमी फरार हो गया। यह घटना हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में घटी। मामला एक दुकानदार की वजह से सामने आया।

सिडकुल क्षेत्र की महादेवपुरम कॉलोनी की एक बिल्डिंग में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा युगल पास की एक किराना की दुकान से खरीदारी करता था। दोनों पर कई हजार का उधार बकाया था। रविवार रात करीब दस बजे दुकानदार रकम लेने बिल्डिंग में पहुंचा तो नीचे ही वह युवक मिल गया।

उसने उधारी मांगी तो वह टाल मटोल करने लगा। दुकानदार ने साथ रहने वाली युवती के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह दवा खाकर सो रही है। गुस्से में आकर दुकानदार युवती से पैसे लेने बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर पहुंचा तो कमरे में ताला लगा देख दंग रह गया।

उसने किसी तरह ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो भयंकर बदबू आई। घबराकर वह बाहर आ गया और सिडकुल पुलिस को सूचना दी। एसओ प्रशांत बहुगुणा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो बाथरूम में कपड़े की अटैची में बंद युवती का शव मिला। उसके दोनों हाथ बंधे हुए थे। 23 वर्षीय युवती की पहचान ग्वालियर, मध्यप्रदेश निवासी के रूप में हुई।

जांच में पता चला कि दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने बताया कि युवती की एक सहेली भी उसी बिल्डिंग में रहती है, लेकिन वह भी युवक के साथ फरार हो चुकी है। बताया जा रहा है कि तीनों ऑनलाइन प्रोडक्ट बेचने का काम करते थे।

होम क्वारंटीन का फॉर्म भरकर हेलमेट बेचता मिला युवक, मुकदमा

कोरोना संक्रमण के कारण पुलिस से लेकर सरकार तक लोगों की जान बचाने को दिन-रात एक कर रहे है, जबकि कुछ लोग इस पर ध्यान देने की बजाए अपने नियमों का उल्लंघन कर रहे है। देहरादून में एक शख्स होम क्वारंटीन होने के बावजूद हेलमेट बेचता मिला, तो वहीं दूसरा शख्स घर पर ताला लगाकर गायब मिला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आईएसबीटी चौकी प्रभारी विवेक भंडारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि राकेश गुप्ता ने 20 मई को बदायूं (उत्तर प्रदेश) से आकर चौकी आईएसबीटी पहुंचकर होम क्वारंटीन का फार्म भरा। इसके अनुसार उसे 14 दिन तक घर में रहना था। जांच करने पर वह आईएसबीटी चौक के पास सड़क किनारे हेलमेट बेचते मिला। पुलिस को पास आता देखकर राकेश गुप्ता भाग गया। होम क्वारंटीन के नियमों के उल्लंघन पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

दूसरा मामला प्रेमनगर से सामने आया है। उप निरीक्षक प्रवीण कुमार क्वारंटीन सेंटर मांडूवाला विधौली में गश्त कर रहे थे। इसी बीच मांडूवाला प्रधान संदेश धीमान ने बताया कि 11 मई को सुरेश गुप्ता को बाहर से आने पर होम क्वारंटीन कराया गया था। लेकिन वह घर में नहीं है, उसके घर पर ताला लगा हुआ है।

पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी जुटाई तो मालूम हुआ कि सुरेश गुप्ता 20 मई को ताला लगाकर कहीं चला गया था। तब से वह वापस नहीं आया है। दिल्ली से पहुंचे सुरेश गुप्ता के खिलाफ धारा-188 और आपदा प्रबंधन के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोरोना नियंत्रण के लिए मास्क और सोशल दूरी का कड़ाई से हो पालन

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सचिवालय में कोविड-19 के प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों की बैठक ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बाहरी राज्यों से उत्तराखण्डवासी काफी संख्या में आ रहे हैं, ये जिन जनपदों में आ रहे हैं, वहां पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जाए ताकि उत्तराखण्ड के बोर्डर ऐरिया पर स्क्रीनिंग का लोड कुछ कम हो सके। बाहर से आने वाले लोगों को जहां पर क्वारंटाइन किया जा रहा है, उसकी नियमित मोनिटरिंग की जाए। इसके लिए कर्मिकों की तैनाती की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना पर नियंत्रण के लिए सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क की अनिवार्यता का कड़ाई से पालन करवाया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों के पास मास्क की उपलब्धता हो। मास्क का इस्तेमाल न करने वालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों पर जुर्माने की कारवाई की जाए। बाहरी राज्यों के जो श्रमिक उत्तराखण्ड में हैं, अगर वो अपने राज्यों में वापस जाना चाहतें हैं, तो सम्बन्धित राज्यों से जो वाहन आ रहे हैं, उन्हें उन वाहनों में भेजने की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बाहरी राज्यों से जितने भी लोग आ रहे उनका पूरा डाटा रखा जाए कि ये कहां पर क्वारंटाइन किये गये हैं। यदि इनमें से कोई कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो अन्य लोगों को भी ट्रेस किया जा सके। इसके लिए पुलिस द्वारा संबंधित लोगों को अलर्ट के लिए एस.एम.एस भेजने की व्यवस्था भी की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कन्ट्रोल रूम एवं आईटी सेक्टर को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जिन लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है, ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है एवं पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

शराब के नशे में धुत अनुसेवक ने एसडीएम ऋषिकेश से की अभद्रता, मुकदमा दर्ज

उप जिलाधिकारी ऋषिकेश प्रेमलाल के साथ उनके ही अनुसेवक ने शराब के नशे में धुत होकर गाली गलौच कर दी। एसडीएम ने अनुसेवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

एसडीएम ने लिखित शिकायत करते हुए कोतवाली पुलिस को बताया कि 14 मई को उनका अनुसेवक घर के गेट के बाहर आया। वह शराब के नशे में धुत था और उनके साथ गाली गलौच कर रहा था। इसके बाद अगले दिन भी शराब पीकर अभद्रता की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अनुसेवक वीर सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

दुकानदार से भिड़ा ग्राहक, पान मसाला तय रेट से ज्यादा बेचने का मामला

कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक दुकानदार ने पान मसाला की ओवररेटिंग की तो ग्राहक का पारा चढ़ गया। उसने दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी चलने लगी। इससे दोनों चोटिल हो गए। वहीं, इस दृश्य को देखने के लिए चंद्रेश्वर नगर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके से ही किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे दुकानदार और ग्राहक को कोतवाली ले आए। वहीं, मौजूद भीड़ को हटवाया।

जुबिन नौटियाल का यह गीत है काफी चर्चा में, जिसे लिखा एसपी क्राइम देहरादून ने..

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में एसपी क्राइम देहरादून लोकजीत सिंह द्वारा लिखित गीत ’जज्बा‘ का विमोचन किया। यह गीत प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल ने गाया है, जबकि अक्षय एवं राहुल इस गीत के एडिटर हैं। कोविड-19 में उत्तराखंड पुलिस किस तरह लोगों को कोरोना से बचाव के लिए प्रयास कर रही है एवं जरूरतमंदो की हरसंभव सहयोग कर रही है। कोरोना संक्रमण में पुलिस रात-दिन अपनी ड्यूटी के फर्ज के साथ ही सेवा भाव से कार्य कर रही है, यह इस गीत के माध्यम से दिखाया गया है। गीत में प्रत्येक पुलिसकर्मी की फर्ज के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाया गया है।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस इस कठिन समय में अपनी ड्यूटी के साथ ही समाज सेवा भी पूरे मनोयोग से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के इस संकट के समय में पुलिस, स्वास्थ्य एवं सफाई कर्मी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

लाॅकडाउन में आपसी रंजिस भारी पड़ी मासूम पर, मौत

ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी में सात माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। मासूम के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो पक्षों के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शिवाजी नगर गली नंबर 38 निवासी विजय पुत्र महेश चंद शर्मा ने कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि बीते शुक्रवार की रात करीब आठ बजे शिवाजी नगर की गली नंबर 36 में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के तहत पत्थरबाजी चल रही थी। उस वक्त उनकी पत्नी अपनी गोद में सात माह के बच्चे को लेकर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान एक पत्थर गोद में बच्चे के लग गया। आननफानन में वह बच्चे को लेकर राजकीय चिकित्सालय गए। यहां चिकित्सकों ने बच्चे को जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया। जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, पुलिस ने तहरीर के आधार पर राजेंद्र पुत्र जगपाल निवासी गली नंबर 38 शिवाजी नगर, कुशाल व राहुल दोनों पुत्र संजय निवासी बापू ग्राम गली नंबर एक आईडीपीएल और रोहित उर्फ राजा पुत्र राजेंद्र निवासी बी ब्लॉक जहांगीरपुरी दिल्ली के खिलाफ गैर इरादातन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री के जीवन को लेकर उड़ाई अफवाह, मुकदमा दर्ज

सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जीवन लेेेेकर अफवाह उड़ा दी गई, जिससे हड़कंप मच गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने एसएसपी देहरादून को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस मामले को लेकर कैंट थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सोशल का मीडिया का कुछ लोग गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा है। कभी किसी नेता की छवि धूमिल किए जाने की कोशिश सोशल मीडिया के जरिए की जा रही है। तो कभी अफवाहों के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है। इस बार तो हद ही हो गई। अज्ञात शख्स ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जीवन को लेकर अफवाह फैला दी।
मामले पर महानिदेशक अपराध और कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने सख्त रुख दिखाते हुए एसएसपी अरुण मोहन जोशी को आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगी। ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।