वन्य जीवों के आक्रमण से मानव सुरक्षा के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जायः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि गुलदार एवं अन्य वन्य जीवों के आक्रमण से मानव सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से एक टास्क फोर्स बनाया जाय।

कहा कि यदि किसी क्षेत्र में किसी बच्चे पर गुलदार आक्रमण करता है, तो इसके लिए संबंधित क्षेत्र के वनाधिकारी एवं डीएफओ की जिम्मेदारी तय की जाय। गुलदार के मानव आक्रमण से संबंधित चिन्हित स्थानों के लिए एक्शन प्लान बनाया जाय। वन क्षेत्र में अवैध खनन एवं अवैध पातन पर सख्त कारवाई की जाय। वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी प्रयास किये जाय। वनों के संरक्षण एवं वनाग्नि को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा जन जागरूकता के साथ जन सहभागिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाय।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनों के संरक्षण, मानव एवं वन्यजीवों के संघर्ष को कम करने, भूस्खलन को कम करने के लिए वन विभाग द्वारा इनोवेटिव प्रयास किये जाय। इनोवेटिव कार्यों के लिए वन विभाग के अधिकारियों को लक्ष्य दिया जाय। जंगली जानवरों से किसानों को नुकसान न हो, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाय। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो भी कार्य किये जा रहे हैं, वह धरातल पर दिखें।

बैठक में केबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख वन संरक्षक विनोद कुमार सिंघल, महाप्रबंधक वन निगम डी.जे.के शर्मा, प्रमुख वन संरक्षक ज्योत्सना शिथलिंग एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

घर से बिना बताए निकली किशोरी को पुलिस ने किया बरामद

परीक्षा में कम नंबर आने से आहत एक किशोरी घर छोड़कर चली गई। साइकिल लेकर निकली किशोरी के लापता होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। रायवाला थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू कर दी। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने साइकिल सवार किशोरी को छिद्दरवाला क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक ऋषिकेश कंट्रोल रूम 112 से रायवाला थाना पुलिस को सूचना मिली कि रायपुर खादर निवासी एक 17 किशोरी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। वह साइकिल लेकर घर से निकली है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी बताया कि सूचना मिलने के बाद रात्रि अधिकारी, चीता पुलिस को भी अलर्ट किया। इस बीच चेकिंग के दौरान किशोरी साइकिल के साथ छिद्दरवाला में पुलिस को मिली। परिजनों को बुलाकर किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया है। किशोरी ने पुलिस को बताया परीक्षा में कम नंबर आने के कारण वह घर छोड़कर आई है।

पुलिस ने दिखाई सर्तकता, तो सुसाइड के लिए जा रहे युवक की बची जान

फाइनेंस कंपनी में कार्यरत एक युवक संदिग्ध हालत में घर से लापता हो गया। सूचना मिलते ही छानबीन में जुटी पुलिस को उसकी लोकेशन लोकेशन रानीपोखरी-नरेंद्रनगर मार्ग पर मिली। मौके पर पहुंची पुलिस दंग रह गई, युवक यहां जंगल में एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया।

रायवाला पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर 12 बजे सूचना मिली कि ललित मोहन बर्त्वाल निवासी प्रतीतनगर थाना रायवाला अपने घर से बिना बताए कहीं चला गया। उस पर काफी कर्जा भी है। संभवतया वह आत्महत्या कर सकता है। उसकी लोकेशन रानीपोखरी से नरेंद्रनगर जाने वाले मार्ग पर मिली है। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तो युवक मनइच्छा मंदिर से आगे जंगल में एक पेड़ पर ललित मोहन रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने प्रयास कर रहा था। काफी समझाने के बाद पुलिस को युवक को पेड़ से नीचे उतारने में सफलता मिली। पुलिस युवक को लेकर थाने ले आयी। परिजनों को थाने बुलाया गया। थानाध्यक्ष भुवन सिंह पुजारी ने बताया कि युवक किसी फाइनेंस कर्मी में काम करता है। कंपनी के भाग जाने के बाद लोग उससे पैसे वापस दिलाने का दबाव बना रहे थे। इससे तंग आकर वह आत्महत्या करने प्रयास कर रहा था।

चाचा भतीजा को जल पुलिस ने डूबने से बचाया


बनखंडी निवासी कविन सिंह और गजेंद्र सिंह त्रिवेणी घाट में नहाने के लिए पहुंचे। इस दौरान नहाते समय गंगा के तेज बहाव में बहने लगे। घाट पर मौजूद जल पुलिस और आपदा राहत के जवानों ने तत्काल रेक्स्यू कर दोनों को बचा लिया।

बचाने वाली टीम में कांस्टेबल हरीश गुसाईं, विनोद सेमवाल आदि शामिल रहे।

जल पुलिस ने गंगा में डूबे पर्यटकों के शव को बाहर निकाला

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक आज सुबह 11 बजे तपोवन स्थित नीम बीच गाजियाबाद, यूपी निवासी छह दोस्त घूमने के लिए पहुंचे। इस दौरान वे यहां पर गंगा में नहाने के उतर गए। इसीबीच अचानक उनमें दो युवक गंगा के तेज बहाव में डूबने लगे। साथ दोस्तों की चीख पुकार मचने पर जल पुलिस ने तुरंत उनकी गंगा में सर्चिंग शुरू कर दी। जल पुलिस ने स्कूबा डाइबिंग कर एक घंटे में दोनों युवकों के शव को पानी से बाहर निकाला।

इसके बाद शवों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय में भिजवाया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। थाना निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि मृतक युवकों की पहचान 25 वर्षीय शुभम पुत्र पदम सिंह निवासी शालीमार गार्डन, साहिबाबाद, गाजियाबाद, 21 वर्षीय रजत खन्ना पुत्र प्लाट नंबर शालीमार र्गाडन, गाजियाबाद, यूपी के रूप में हुई है।

लोहाघाट का युवक त्रिवेणी घाट में बहने लगा तो जल पुलिस ने सकुशल निकाला

लोहाघाट का एक युवक मां का श्राद्ध करने के दौरान गंगा की तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगा। गनीमत रही जल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गंगा से सकुशल बाहर निकाल लिया।

चौकी त्रिवेणी घाट पर स्थानीय व्यक्ति ने डूबने की सूचना दी। इस पर पुलिस और जल पुलिस के सिपाहियों ने गंगा में छलांग लगा दी और व्यक्ति को गंगा नदी से सकुशल बाहर निकाला।

पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपना नाम गणेश सिंह सांवत पुत्र डूबर सिंह सावत निवासी लोहाघाट जिला चंपावत उम्र 38 वर्ष बताया है। बताया कि वह अपनी मां का श्राद्ध करने गंगा नदी पर आया था और श्राद्ध करते समय पैर फिसलने के कारण गंगा नदी में बहने लगा।

वहीं, युवक को सकुशल गंगा से बाहर निकालने वालों में कॉन्स्टेबल राधेश्याम, कॉन्स्टेबल तेजसिंह चौकी, कॉन्स्टेबल जल पुलिस अनिल और गोताखोर विनोद सेमवाल शामिल रहे।

ऋषिकेश कोतवाली में दो पक्षों पर मारपीट का क्रास मुकदमा दर्ज


कोतवाली पुलिस के मुताबिक रीता देवी पत्नी राकेश राजभर निवासी वीरपुर खुर्द गली नंबर 12, ऋषिकेश ने एक तहरीर पुलिस को दी। इसमें महिला ने अशोक राजभर, विजय राजभर, मनीष राजभर, जमुना, छोटेलाल, मनोज शिवदास, संजीत पर होली के दिन दोहपर के समय घर में घुसकर मारपीट कर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया।

इसके अलावा महिला ने उन पर महिलाओं की लज्जा भंग करने, गाली-गलौज कर जान मारने की धमकी देने की बात भी कही। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अशोक राजभर पुत्र नागेश्वर ने भी राकेश राजभर, नंदलाल, नंदकिशोर, मेवालाल, बिजेंदर, रीता देवी, सहित अन्य लोगों के खिलाफ उनके पोते मनीष के साथ मारपीट, गाली- गलौज व जान से मारने का आरोप लगाया है। साथ ही शिकायकर्ता ने कहा कि पत्नी और पति के कपड़े भी खींचे गए हैं।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिलने पर क्रॉस मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

दो समुदाय के लोगों के आमने-सामने आने पर पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ खदेड़ी

आज कार और स्कूटी की मामूली टक्कर होने से हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। इससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई और मौके पर जमा भीड़ को लाठियां फटकार कर खदेड़ा।

जानकारी के मुताबिक, ज्वालापुर में मोहल्ला चौहनान में आज दोपहर मुस्लिम धर्मगुरू मौलाना आरिफ स्कूटी पर सवार होकर मुख्य सड़क की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान मोहल्ला चौहनान में रहने वाला युवक वासु चौहान अपनी कार निकाल रहा था। तभी कार-स्कूटी की हल्की सी टक्कर हो गई। मौलाना आरिफ ने इसका विरोध किया तो युवक से उनकी कहासुनी हो गई। इधर, एक राहगीर ने मौलाना के साथ कहासुनी कर रहे युवक को समझाना बुझाना चाहा।
आरोप है कि युवक ने राहगीर के थप्पड़ जड़ दिए। उस वक्त मौलाना आरिफ एवं राहगीर चले गए। मौलाना के साथ हुए विवाद की सूचना मिलने पर आस पास के मोहल्लों के लोग एकत्र होकर मुख्य सड़क पर उतर आए। इधर, दूसरे पक्ष के लोग भी एकत्र हो गए। दो समुदाय के उलझने की सूचना मिलने पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।

मामला शांत न होने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लाठियां फटकार कर उन्हें दूर खदेड़ दिया। जानकारी मिलने पर आला अफसर भी सक्रिय हो गए। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह के प्रयास कराते हुए युवक ने मौलाना से मोबाइल फोन पर खेद प्रकट किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
नगर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। युवक के खेद प्रकट करने पर विवाद खत्म हो गया है।

पुल से नीचे कूदने जा रहे युवक को एसडीआरएफ टीम ने बचाया

कोटद्वार से लगभग दो किलोमीटर दूर पुल से एक लड़का छलांग लगाने की कोशिश कर रहा था, जिसे एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम द्वारा अपनी सूझबूझ व ततपरता से नीचे मे कूदने के प्रयास में वक़्त रहते पकड़ लिया व रोप रेस्क्यू करते हुए सही सलामत बाहर लाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय लोगों ने उक्त युवक को पुल के नीचे बने सपोर्टिंग पिलर के बीच देखा, जो लगातार नीचे कूदने का प्रयास कर रहा था। लोगों ने तत्काल यह सूचना पुलिस को नोट कराई। युवक अत्यंत जोखिमपूर्ण स्थान से कूदने का प्रयास कर रहा था व उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नही लग रही थी। ऐसे में रेस्क्यू कार्य को अत्यंत सूझबूझ व सावधानी से त्वरित रूप से करना अति आवश्यक था। एसडीआरएफ टीम द्वारा स्थिति संवेदनशीलता का आंकलन करते हुए। युवक से प्रेमपूर्वक वार्तालाप करते हुए पहले रोप के माध्यम से उस तक पहुँच बनाई गई और फिर रोप रेस्क्यू करते हुए पुल व स्पोर्टिंग पिलर के बीच अत्यंत खतरनाक स्थान से युवक को रेस्क्यू कर नीचे लाया गया।

युवक द्वारा अपना नाम राजीव उर्फ राजा उम्र 25 साल पुत्र रामचन्द्र निवासी प्रजापतीनगर मोहल्ला, गाड़ीघाट ,कोटद्वार बताया गया। जो अपने परिवार से रुष्ट होकर पुल से नीचे छलांग लगाने आ गया था।

नौजवान की प्राणों की रक्षा करने पर सभी प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा एसडीआरएफ टीम की अत्यंत सराहना की गई व सेनानायक एसडीआरएफ, मणिकांत मिश्रा द्वारा एसडीआरएफ टीम के इस मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई।

चार साल की बच्ची की ट्रैक्टर ट्रॉली से दबकर मौत


आज सुबह लक्कड़घाट रोड पर एक 4 वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। इससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। पुलिस की मदद से लहूलुहान हालत में बच्ची को ऋषिकेश एम्स ले जाया गया। लेकिन यहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची की शिनाख्त नंदिनी पुत्री राहुल निवासी ग्राम मुराट, थाना शिवालाकला, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवास ध्यान मंदिर रोड लक्कड़घाट श्यामपुर, ऋषिकेश के रूप में की है। श्यामपुर चौकी इंचार्ज राम नरेश शर्मा ने बताया कि मौके से चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।