रामझूला घाट पर शराब पीने पर दिल्ली के चार युवक अरेस्ट

लक्ष्मणझूला पुलिस ने मिशन मर्यादा के तहत राम झूला घाट पर हुड़दंग मचाने पर दिल्ली के चार युवकों को गिरफ्तार करते हुए चालान की कार्रवाई की है।

प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि गंगा घाटों को सुरक्षित रखने और उसकी मर्यादा को बनाए रखने के लिए मिशन मर्यादा अभियान चलाया जा रहा है।

बताया कि आज रामझूला पुलिस के समीप गंगा घाट पर पुलिस टीम ने गश्त की। इस दौरान चार युवक शबरा का सेवन करते और हुड़दंगी करते पाए गए। जिन्हें गिरफ्तार कर चालानी कार्रवाई की गई है।

प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों की पहचान तरुण पुत्र सतपाल सिंह निवासी मुकेशनगर शाहदरा दिल्ली, नितिन कुमार पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र कुमार निवासी न्यूज़ चंद्रावल कमलानगर दिल्ली, मोहित कुमार पुत्र किशोरी लाल निवासी 28 अरूणानगर दिल्ली और कपिल सागर पुत्र भगवानदास निवासी जवाहर नगर कमलानगर दिल्ली के रूप में कराई है।

मुनिकीरेती में प्रतिबंधित घाटों पर पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

मुनिकीरेती पुलिस ने प्रतिबंधित गंगा घाट पर स्नान कर रहे हरियाणा के दो युवकों का चालान किया है। पुलिस अब डूबने की लगातार हो रही घटनाओं के बाद सबक लेकर चौकसी बढ़ाने में लग गई है।

प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने बताया की जल पुलिस फ्लड कंपनी के साथ प्रतिबंधित स्नान घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया की क्षेत्र में प्रतिबंधित घाटों पर ही डूबने की घटनाएं अधिक सामने आ रही हैं। लिहाजा साईंघाट, तपोवन स्थित नीमबीच, आस्थापथ, नावघाट आदि स्थानों पर फ्लेक्सी बोर्ड, चेतावनी बोर्ड, साइन बोर्ड लगाए जायेंगे। साथ ही लाउड हेलर के माध्यम से भी लोगों को प्रतिबंधित घाटों पर स्नान ना करने को जागरूक किया जायेगा। इस दौरान प्रतिबंधित घाट पर स्नान करने वाले हरियाणा के दो पर्यटकों का पुलिस ने चालान किया। इनकी पहचान नरेश और कृष्ण निवासी रोहतक हरियाणा के रूप में हुई है।

लक्सर के एसडीएम की गाड़ी का हुआ एक्सीडेंट, चालक की मौत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर-रूङकी मार्ग पर एसडीएम लक्सर के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी हरिद्वार से घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में वाहन चालक की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने एसडीएम लक्सर संगीता कनौजिया के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

कन्नौजिया को आज दोपहर तीन बजे एम्स की ट्रामा इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि वह सर्वाइकल स्पाइन इंज्युरी से ग्रसित है, साथ ही माथे में गुम चोटें लगी हैं। चिकित्सकों ने उनकी एमआरआई आदि जांचें लिखी हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनके वाइटल्स ठीक हैं, मगर हाथ और पैर सुन हैं। चिकित्सकों ने इसकी वजह सर्वाइकल स्पाइन इंज्युरी को बताया है, एमआरआई रिपोर्ट आने के बाद सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शिवाजी नगर में सिलेंडर फटने की घटना से दशहत, फिलहाल कोई जनहानि नहीं


शिवाजी नगर में लापरवाही से चार सिलेंडर में आग लगने की घटना का मामला सामने आया है। यह बात मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कही। गनीमत रही सिलेंडर में आग लगने की घटना से कोई जनहानि नहीं हुई। न ही घटना से कोई घायल हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के एक घंटे के बाद दलकल कर्मी पहुंचे, तब तक आग को स्थानीय लोगों ने की काबू पाया।

दरअसल, गली नंबर 16 में रमेश नामक व्यक्ति का टैंट हाउस का काम है। यहां खाली प्लाट में टैंट हाउस का गोदाम बनाया हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के बताया कि सिलेंडर खाली थे। मगर, कई दिनों से लीकेज थे। लापरवाही के चलते सिलेंडर में आग लगी।

वहीं, प्लाट से सटे एक घर की दीवार का प्लास्टर, शीशे चटक गए। जबकि कि टैंट वाले का लाखों रूपये का नुकसान बताया जा रहा है।

तीर्थनगरी में सात अवैध निर्माणाधीन भवन हुए सील

भरत विहार में राजस्व अभिलेखों में जिलाधिकारी के नाम दर्ज भूमि पर बन रहे सात अवैध निर्माणाधीन भवनों को एमडीडीए, एसडीएम कार्यालय, नगर निगम ऋषिकेश की संयुक्त टीम ने सील कर दिया है। बता दें कि निर्माणाधीन भवन जिस भूमि पर बन रहे थे विवादास्पद है।

बता दें कि ऋषिकेश में खसरा नंबर 279 भरत विहार कॉलोनी पर उपरोक्त सातों भवन निर्माणाधीन है वह स्थल जिलाधिकारी देहरादून के नाम पर राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। उक्त सातों भवन बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए गए थे। जिसके चलते उपजिलाधिकारी कार्यालय द्वारा तीन विभागों की एक समिति बनाई गईं। इसमें नगर निगम ऋषिकेश, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण तथा एसडीएम कार्यालय को नामित किया गया है। संयुक्त टीम के स्थलीय निरीक्षण किया। इसमें सातों भवन पूर्ण रूप से अवैध पाए गए। आज संयुक्त टीम ने सातों भवनों को सील किया है।

सहायक अभियंता ने बताया कि अवैध निर्माण के सिलिंग की रिपोर्ट एमडीडीए सचिव को प्रेषित कर दी है। मौके पर एमडीडीए अवर अभियंता महिपाल सिंह, सुपरवाइजर सत्यनारायण भट्ट, सतीश कुमार और पुलिस फोर्स मौजूद रही।

पुलिस ने दो राफ्टों को किया सीज, अंधेरे में चलाने पर की कार्रवाई

चेतावनी के बावजूद गंगा नदी में अंधेरे में राफ्ट चलाना दो संचालकों को भारी पड़ गया। मुनिकीरेती पुलिस ने दो राफ्ट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीज किया है।

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम नियम तोड़ने वाले राफ्टिंग संचालकों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दिन ढलने के बाद राफ्टिंग करा रहे दो संचालकों को पुलिस ने मुनिकीरेती स्थित गंगा घाट पर पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। फिर दोनों राफ्टें को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि पर्यटकों की जान से खिलवाड़ करने और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पहले भी राफ्टिंग संचालकों के साथ बैठक कर सचेत किया जा चुका है, कि किसी भी तरीके से ओवरलोड राफ्टिंग न कराएं। सूर्यास्त के बाद गंगा में राफ्टिंग न कराएं। यह राफ्टिंग गाइड और पर्यटकों की जान के साथ खिलवाड़ है। बाज नहीं आ रहे राफ्टिंग संचालकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। पहले दिन दो राफ्टें सीज कर संचालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। वहीं जिला पर्यटन अधिकारी टिहरी अतुल भंडारी ने बताया की राफ्टिंग के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बतरने पर राफ्ट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। सीज राफ्टों को पर्यटन विभाग ने कब्जे में ले लिया है।

मोतीचूर फ्लाईओवर के पास वाहन से टकराकर बुजुर्ग महिला की मौत

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक सूचना मिली कि मोतीचूर फ्लाईओवर के पास कोई अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर पहुंची और पाया कि एक महिला रोड पर घायल अवस्था में पड़ी है। महिला के पैर वाहन से कुचले हुए मिले। तत्काल महिला को पुलिस ने 108 एंबुलेंस से एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि महिला के पास किसी प्रकार का पहचान पत्र नहीं मिला। जिस वजह से उसकी पहचान की जा सके। फिलहाल मृतका के शव को एम्स अस्पताल की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखवा दिया है।

आवारा कुत्तों की तादात ने राहगीरों का किया जीना दुश्वार

गंगानगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आंतक बना हुआ है। गंगानगर की प्रत्येक सड़क पर आवारा कुत्तों का झुंड बना रहता है और गंगानगर की प्रत्येक सड़क पर चलने वाले राहगीरों व स्कूली बच्चे महिलाएं वह बुजुर्गों को काट रहे हैं। पूरे गंगानगर क्षेत्र में भय का आतंक बना हुआ है घर से निकलने वाले यह सोचने में मजबूर हैं कि किस सड़क से निकला जाए जहां आवारा कुत्ते ना हो, लेकिन सभी सड़कों पर प्रतिदिन आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है गत बुधवार को एक स्कूली बच्चे व दो महिलाओं को बुरी तरह से कुत्तों ने काट दिया जिनका इलाज चल रहा है।

हनुमंत पुरम विकास मंच के अध्यक्ष के के सचदेवा व महामंत्री अतुल गुप्ता, श्री गंगा पुरम रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष एसपीएस चौहान व गंगा नगर क्षेत्र की पार्षद उमा बृजपाल राणा ने आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश को अवगत कराया है। साथ ही तत्काल कार्यवाही की मांग की।

गंगा की तेज धारा में बहने लगा साधू, जल पुलिस ने निकाला

गंगा की तेज धारा में एक अधेड़ उम्र का साधु स्नान के दौरान फिसल गया। इसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। साधू के गंगा में बहने की सूचना पाकर जल पुलिसकर्मी गंगा में कूदे और बामुश्किल साधु को बाहर निकाला।

घटना आज शाम पांच बजे की है। जब एक साधु बाबा जिसकी उम्र करीब 65 वर्ष है, त्रिवेणी घाट में स्नान कर रहा था। तभी गंगा की तेज धारा की चपेट में आकर साधु का पैर फिसल गया। देखते ही देखते साधु गंगा में बहने लगा। यह देख जल पुलिस के जवान विनोद सेमवाल और ज्ञान सिंह ने तुरंत रेस्क्यू के लिए गंगा में छलांग लगा दी। काफी जद्दोजहद के बाद साधु बाबा को 50 मीटर बहने के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया।

पूछताछ में साधू ने अपना नाम हरदेव बताया। इसके अलावा साधु अपनी पूरी जानकारी देने में अक्षम रहा। इसके बाद जल पुलिस ने बाबा को चेतावनी देकर घाट पर सुरक्षित स्नान करने व चैन पकड़कर नहाने की सलाह दी।

वन्य जीवों के आक्रमण से मानव सुरक्षा के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जायः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि गुलदार एवं अन्य वन्य जीवों के आक्रमण से मानव सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से एक टास्क फोर्स बनाया जाय।

कहा कि यदि किसी क्षेत्र में किसी बच्चे पर गुलदार आक्रमण करता है, तो इसके लिए संबंधित क्षेत्र के वनाधिकारी एवं डीएफओ की जिम्मेदारी तय की जाय। गुलदार के मानव आक्रमण से संबंधित चिन्हित स्थानों के लिए एक्शन प्लान बनाया जाय। वन क्षेत्र में अवैध खनन एवं अवैध पातन पर सख्त कारवाई की जाय। वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी प्रयास किये जाय। वनों के संरक्षण एवं वनाग्नि को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा जन जागरूकता के साथ जन सहभागिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाय।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनों के संरक्षण, मानव एवं वन्यजीवों के संघर्ष को कम करने, भूस्खलन को कम करने के लिए वन विभाग द्वारा इनोवेटिव प्रयास किये जाय। इनोवेटिव कार्यों के लिए वन विभाग के अधिकारियों को लक्ष्य दिया जाय। जंगली जानवरों से किसानों को नुकसान न हो, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाय। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो भी कार्य किये जा रहे हैं, वह धरातल पर दिखें।

बैठक में केबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख वन संरक्षक विनोद कुमार सिंघल, महाप्रबंधक वन निगम डी.जे.के शर्मा, प्रमुख वन संरक्षक ज्योत्सना शिथलिंग एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।