मुख्यमंत्री ने किया सुमना हादसा इलाके का हवाई सर्वेक्षण

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जोशीमठ के सुमना में ग्लेशियर टूटने वाले क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। हवाई सर्वेक्षण व सेना के अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने चमोली में मीडियाकर्मियों से बातचीत भी की।

बताया कि सुमना में जहां पर ग्लेशियर टूटा वहां पर बीआरओ के लगभग 400 मजदूर काम कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इनमें से कुल 391 लोग सेना व आईटीबीपी के कैम्पों तक पहुँच गए हैं और पूरी तरह से सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हादसे में छह मजदूरों के मारे जाने की जानकारी मिली है जबकि 4 लोग घायल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौके पर सेना, आईटीबीपी की टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी हैं। एसडीआरएफ वहां पर आगे बढ़ी है और एनडीआरएफ की कुछ टीमें भी आगे बढ़ रही हैं। जिला प्रशासन भी शुक्रवार से ही पूरी मुस्तैदी से राहत-बचाव में जुट है। गाजियाबाद में भी एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

गंगा से बेहोशी की हालत में व्यक्ति को जल पुलिस ने सकुशल निकाला


जल पुलिस ने आज एक व्यक्ति को बेहोशी की हालत में गंगा नदी से बाहर निकाला। जिसे तुंरत सीपीआर देकर होश में लाया गया।

दरअसल, 47 वर्षीय मुरादाबाद यूपी निवासी गोविंद पुत्र ताराचंद नावघाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। तभी उनका संतुलन बिगड़ा और वह गंगा नदी में जा गिरे। मौके पर चीख पुकार मच गई। जल पुलिस के जवानों ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद गोविंद को गंगा नदी से बाहर बेहोशी की हालत में निकाला गया। बाहर लाकर उसे तुरंत सीपीआर देकर होश में लाया गया। जल पुलिस की टीम में कांस्टेबल सतपाल पवार, कांस्टेबल मुकेश नेगी, कांस्टेबल हरीश गुसाईं, गोताखोर सुनील शामिल रहे।

सांडों की लड़ाई में मारे गए मासूम की मौत पर कांग्रेसियों ने फूंका नगर निगम का पुतला

ऋषिकेश में लगातार आवारा पशुओं के आतंक की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। बीते रोज आवारा पशुओं की लड़ाई में मासूम की मौत पर कांग्रेसियों का आज पारा चढ़ा रहा। निगम के खिलाफ प्रदर्शन, नारेबाजी कर पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि मासूम की मौत के जिम्मेदार नगर निगम है। उन्होंने दस लाख रूपए पीड़ित परिवार को दिए जाने की मांग भी की। कहा कि यदि मांग पूरी न हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

परशुराम चैक पर कांग्रेस पार्टी के द्वारा नगर निगम का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। शिवाजी नगर में मासूम की मौत के बाद कांग्रेस पार्टी मृत बच्चे के परिवार को दस लाख मुआवजा देने की मांग करता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर नगर निगम इस और ध्यान नहीं देता और पीड़ित परिवार को मुआवजा नहीं देता है तो उसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पुतला फूंकने वालों में जितेन्द्र पाल पाठी, लल्लन राजभर, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सजवाण, जिला महामंत्री राजेंद्र गैरोला, अजय धीमान, पूर्व जिला महामंत्री एकांत गोयल, जयपाल बिट्टू, आदित्य पाल, पूर्व महिला अध्यक्ष मधु जोशी, इमरान सैफी, राहुल पांडे, अजय दास, अजय धीमान, विपिन सैनी, पंकज गुलाटी, राजेश, उमेश, हिमांशु कश्यप, हिमांशु, अरविंद कुमार आदि उपस्थित रहे।

दो सांडों की लड़ाई की चपेट में आया मासूम, मौत

ऋषिकेश के नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर में दो सांडों की लड़ाई में एक मासूम की जान ले ली है। मामला आज शाम करीब साढ़े पांच बजे का है।

दरअसल, गली नंबर 34 शिवाजी नगर में आॅटो चालक बृजेश किराए के मकान में रहते हैं, शाम को वह ड्यूटी पर गए थे। पत्नी घर में दो बच्चों के साथ थी। मगर, घर का सबसे बड़ा बेटा नौ वर्षीय ऋषभ बाहर खेल रहा था। इसी बीच दो सांडों की आपस में भयंकर लड़ाई होने लगी। मासूम जान बचाने को एक ठेली के बगल में खड़ा हो गया। तभी साड़ों की टक्कर से भारी भरकम ठेली पलटकर बच्चे के ऊपर जा गिरी। बच्चे का सिर फट गया। मौके पर लोगों ने बच्चों को एम्स पहुंचाया। जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार सहित क्षेत्र का माहौल गममीन बना हुआ है।

मुख्य चुनाव अधिकारी पर दो उम्मीदवारों ने लगाया फर्जी वोटर बनाने का आरोप

नगर उद्योग व्यापार महासंघ के चुनाव को लेकर आज दो उम्मीदवारों (अध्यक्ष पद सूरज गुल्हाटी व महामंत्री राजीव मोहन अग्रवाल) ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल पर अन्य विपक्षी चार उम्मीदवारों के एजेंट होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव अधिकारी अन्य चार उम्मीदवारों के एजेंट के तौर पर काम कर रहे है, उनके लिए फर्जी वोटरों को भी तैयार किया जा रहा है। वहीं, नरेश अग्रवाल ने भी बचाव में सभी आरोपों को गलत बताकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

हरिद्वार मार्ग स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में महामंत्री प्रत्याशी राजीव मोहन अग्रवाल ने कहा कि महासंघ की सदस्यता तक समय के बजाए गुपचुप तरीके से की जा रही हे, साथ ही सदस्यता शुल्क भी नहीं लिया गया। उनकी ओर से जब आपत्ति की गई तो मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा उनके साथ दुव्र्यवहार किया गया। उन्होंने एजेंट होने का आरोप तक लगा डाला। साथ ही विपक्षी उम्मीदवारों की मुंशीगिरी करने का भी आरोप जड़ा। उन्होंने मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल को बदलने की मांग की। साथ ही वोटर लिस्ट जारी न होने तक चुनाव बहिष्कार की बात कहीं है।
जयेंद्र रमोला ने प्रेसवार्ता के दौरान प्रश्न किया कि क्या रात के दस बजे भी सदस्यता फार्म भरे जा सकते है, जबकि तय समय शाम सात बजे तक का ही निर्धारित हो। कहा कि रात के दौरान सदस्यता फार्म 400 थे, जबकि आज सुबह यह बढ़कर 1200 हो गए। रातों रात 800 फार्म की संख्या किस तरह बढ़ गई। उन्होंने सदस्यता शुल्क की रसीद का भी मामला उठाया। कहा कि नरेश अग्रवाल की ओर से यह कहा जाना कि सदस्यता फार्म का शुल्क की रसीद वह स्वयं काटेंगे, उनके आरोपों को सिद्ध करता है।

दीपक जाटव ने कहा कि बीते रोज लिखित में मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल को शिकायत की गई। मगर, कोई वाजिब जवाब नहीं मिला। आज तक उनके कार्यालय पर जवाब जानने पहुंचे तो मौके पर कुछ फार्म ऐसे मिले, जिनका आॅनलाइन जीएसटी नंबर जांचने पर गलत पाया गया। उन्होंने चुनाव बहिष्कार की बात कही।

इस मौके पर अध्यक्ष प्रत्याशी सूरज गुल्हाटी, ललित सक्सेना, अजय गर्ग, हितेंद्र पंवार, यशपार पंवार, राजेंद्र सेठी, अंशुल अरोड़ा आदि उपस्थित रहे।

उधर, अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी नरेश अग्रवाल ने कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद है। दरअसल, चार दिन पूर्व ही सदस्यता बढ़ाने की तिथि तय की गई थी। इसमें जो लोग आरोप लगा रहे है, उन्होंने सदस्यता फार्म की सूची पेन ड्राइव में दी है, जबकि जो मौजूदा फार्म में सभी जानकारी स्पष्ट दी गई है। उन्होंने कहा कि जो भी फार्म स्वीकार किए गए है, वह सभी चुनाव समिति के सदस्यों की मौजूदगी में लिए गए हैं, कहा कि इन वोटर लिस्ट की सूची की जांच के बाद अंतिम वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। चुनाव तय समय पर किए जाएंगे।

निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओें के कार्यों में तेजी लाई जायः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाय। उन्होंने ऊर्जा विभाग के सभी निगमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं राज्य की विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं वितरण व्यवस्था और सुदृढ़ करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली चोरी से संबंधित गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाय। इसमें संलिप्त पाये जाने वालों पर सख्त कारवाई भी की जाय। विद्युत चोरी रोकने के लिए स्मार्ट मीटरों की व्यवस्था की जाय।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि राज्य को बिजली खरीदनी न पड़े, इस दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार पर भी विशेष ध्यान दिया जाय। ऊर्जा विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण आर्थिकी को बढ़ाने एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाय। विद्युत हानि को कम करने पर विशेष फोकस किया जाय। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में हाइड्रो एवं सोलर प्रोजेक्ट की अपार संभावनाएं हैं, इस ओर आगे बढ़ने की जरूरत है।

बैठक में सचिव ऊर्जा राधिका झा ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों की भागीदारी बढ़ाए जाने के दृष्टिगत सौर ऊर्जा, पिरूल एवं एल0ई0डी0 ग्राम लाईट योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी हतोत्साहित करने हेतु ऊर्जागिरी अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही बिलिंग दक्षता में भी वृद्धि की जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की विभिन्न बहुद्देशीय परियोजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, सचिव वित्त सौजन्या, अपर सचिव एवं प्रबन्ध निदेशक यूपीसीएल एवं पिटकुल डॉ. नीरज खेरवाल आदि उपस्थित थे।

हाथी खाई कराने से ग्रामीणों को मिलेगा लाभ, फसल नुकसान होने से बचेगी

खड़कमाफ श्यामपुर के विस्थापित क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बरकरार है, बीते दिनों जंगली हाथी ने कई किसानों की फसल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय में जाकर विस्थापित क्षेत्र में हाथी खाई खुदाने के लिए आग्रह किया। इस पर वन विभाग ने अब अमल किया है।

वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और जँगली हाथी से फसल एवं मानवीय सुरक्षा के दृष्टिगत ग्रामीणों के आग्रह पर हाथी खाई खुदान कार्य करवाया। रेंजर के निर्देश पर वन दरोगा स्वयंबर दत्त कंडवाल के पर्यवेक्षण में आबादी क्षेत्र की सीमा पर सवा दो सौ मीटर लंबी हाथी खाई खुदान का कार्य पूरा कर लिया गया है।

आपकों यहां बता दें कि खड़क माफ के खदरी और विस्थापित क्षेत्र में शिवरात्रि के आसपास जँगली हाथी ने उत्पात मचाते हुए किसानों के खेतों में गेहूँ की फसल रौंद डाला था। जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने बताया कि फौरी तौर पर हाथी खाई खुदान कराया गया है साथ ही सुरक्षा के स्थाई उपाय के रूप में प्रभावित क्षेत्र के समीप गंगा के तटीय क्षेत्र में अप्रैल माह के बाद तार जाल में पत्थरों से सुरक्षा दीवार खड़ी करने का प्रभागीय वनाधिकारी राजीव धीमान द्वारा आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर ही हाथी खाई खुदान पर वन विभाग का आभार जताया है।

मौके पर वनबीट अधिकारी राजेश बहुगुणा, वनआरक्षी सुभाष बहुगुणा, विस्थापित क्षेत्र के पूर्व प्रधान हरि सिंह भण्डारी, कृषक विजय पाल सिंह, दर्शन लाल, बसन्त लाल, विजेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, शोभती देवी, राम प्यारी, प्रमिला, कमला देवी, ऊषा देवी आदि मौजूद रहे।

राजाजी की चीला रेंज में शावक गुलदार की मौत

राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में एक गुलदार के शावक के मृत मिलने से हड़कम्प मच गया। घटना राजाजी पार्क की चीला रेंज में वन कर्मियों को पावर हाउस के पीछे शव बरामद हुआ।

मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने बताया कि मृतक गुलदार के शावक की उम्र तकरीबन 25 माह तक ही है। बताया कि यह शावक कुछ दिन पूर्व ही अपनी मां से अलग हुआ था। संभवतया मृतक शावक और बाघ के बीच संघर्ष हुआ है, मृतक शावक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले है। पशु चिकित्सक व वार्डन के अनुसार शावक गुलदार और बाघ के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा। मृतक शावक के शरीर में कई जगह बाघ के दांत के निशान पाए गए। बताया कि शावक के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि होगी।

प्रदेश के मुखिया का पुतला फूंक महिला कांग्रेस ने जताया विरोध

महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी के नेतृत्व में महिलाओं पर अशोभनीय दृष्टि से टिप्पणी करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का श्यामपुर पुलिस चैकी के समीप पुतला दहन किया गया।

महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी जबान पर लगाम लगानी चाहिये व अपनी नजरों को प्रदेश में गरीबी बेरोजगारी की ओर लगाना चाहिये न कि महिलाओं के कपड़ों पर। कहा कि शर्मनाक बात है कि प्रदेश का मुखिया जो अपनी जबान पर लगाम नहीं लगा पाता है वह क्या बेरोजगारी और अपराधियों पर लगाम कस पायेगा। मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर में बैठकर प्रदेश में टूटी सड़कों, बाढ़ से ग्रसित क्षेत्रों व स्वास्थ्य की लचर व्यवस्थाओं पर अपनी नजरें डालनी चाहिये। ताकि वे इनका समाधान कर सकें। मुख्यमंत्री को इस टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी माँगनी चाहिए। अन्यथा हमें आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।

लक्ष्मी क्षेत्री ने कहा कि ऐसी स्थितियां जो देश में हो रही है वह नहीं दिखती सिर्फ उन्हें केवल महिलाओं के कपड़े दिखाई देते हैं उनके घुटने दिखाई देते हैं महिलाओं के लिये जो उन्होंने अशोभनीय बातें उन्होंने कहीं हम इसकी घोर आलोचना करते हैं।

पुतला दहन करने वालों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला, गजेन्द्र विक्रम साही, विजयपाल रावत, राधा देवी, आरती, अंजली, लक्ष्मी क्षेत्री, लक्ष्मी थापा, सीमा थापा, रमा थापा, गौरी थापा, कृष्णा राणा, ममता बिष्ट, लक्ष्मी कुलियाल, लक्ष्मी उनियाल, मीना देवी, अलका, बीना भट्ट, जितेंद्र जोशी, योगी क्षेत्री, आशीष बिष्ट, मनोज बिष्ट, राहुल सैनी, सूरज थापा, बिट्टू शर्मा, वंशु राणा, सोनू रावत, दीपक थापा, उज्वल नकपाल, मनीष चंद, आदित्य व्यास, राकेश सिंह कंडियाल, देवी प्रसाद व्यास, जितेन्द्र त्यागी, हिमांशु जाटव, नीरज कुमार आदि मौजूद थे।

सीएम तीरथ ने सड़क निर्माण में अनियमितता पर दो अभियंताओं को किया निलंबित

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सख्त एक्शन लेते हुए घटिया सड़क निर्माण मामले में लोनिवि के दो अभियन्ताओं को निलम्बित करने के निर्देश दिये है। इस सम्बन्ध में प्रमुख सचिव लोनिवि द्वारा दोनो अभियन्ताओं को निलम्बित किये जाने के आदेश भी निर्गत किये जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए प्रकरण को गम्भीरता से लेते हुए दुगड्डा लोक निर्माण प्रांतीय खंड में लक्ष्मणझूला-कांडी-दुगड्डा-रथुवाढाब-धुमाकोट मोटर मार्ग के किमी 154-155 मे घटिया सड़क निर्माण के मामले में एई अजीत सिंह व जेई अनिल कुमार को सस्पेंड करने के निर्देश दिये थे।

मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच भी बैठा दी है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार स्वच्छ, पारदर्शी व ईमानदार प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। जिस स्तर पर भी कमी पाई जाएगी, वहां सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा।