लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगाः सुबोध उनियाल

विकासखंड नरेंद्रनगर में कृषक सामग्री वितरण में लापरवाही बरतने की गाज नमामि गंगे की कार्यदायी संस्था बायोसर्ट इंटरनेशनल प्रा.लि. के एक अधिकारी के उपर गिरी है। इसके तहत उच्चाधिकारियों ने तत्काल कार्यवाही कर उक्त लापरवाह अधिकारी को कार्य से मुक्त कर दिया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा, जिसके तहत यह कार्यवाही की गई है।

बता दें कि विकासखंड नरेंद्रनगर दोगी पट्टी के ग्राम सभा कोटर में कृषक सामग्री(जैविक खाद एवं कीटनाशक) वितरण में लापरवाही का एक मामला सामने आया था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से की थी। इस पर कैबिनेट मंत्री ने मुख्य कृषि अधिकारी, टिहरी गढ़वाल को मामले की जांच कर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया था। जांच में पाया गया कि न्याय पंचायत बैराइ गांव के समस्त ग्राम सभाओं में कृषक सामग्री के वितरण कार्य का जिम्मा नमामि गंगे, टिहरी गढ़वाल बायोसर्ट इंटरनेशनल प्रा.लि. इंदौर, मध्यप्रदेश में कार्यरत फील्ड समन्वयक अरूण नेगी को सौंपा गया था। जिस पर उक्त कंपनी के जिला समन्वयक महादेव मिश्रा ने कृषक सामग्री वितरण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में फील्ड समन्वयक अरूण नेगी को तत्काल कार्य से हटा दिया है। जिला समन्वयक ने बताया कि कृषक सामग्री वितरण में लापरवाही बरतने के मामले में कैबिनेट मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई है।

कोविड कर्फ्यू के दौरान चेकिंग में ट्यूशन पढ़ा रहा टीचर अरेस्ट

तीर्थनगरी में कोविड कर्फ्यू के दौरान एक कोचिंग संस्थान में टीचर को बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक बुधवार को कोविड कर्फ्यू के दौरान चेकिंग पर थे। इसी बीच श्यामपुर क्षेत्र में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट खुला मिला। इसमें 25 से 30 छात्र मौजूद थे। पुलिस ने कोचिंग संस्थान के टीचर को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि आशीष कुमार पुत्र स्व. राम लखन निवासी बंदरामऊ, राही थाना मिल एरिया, जिला बरेली, यूपी पर आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सीएम की छवि बिगाड़ने का आरोप लगाकर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दी तहरीर


भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की वीडियों को एडिट कर गलत तरीके से सोशल मीडियों में अपलोड करने वालों पर कार्रवाई की मांग पुलिस से की है। युवा मार्चो के कार्यकताओं ने इस बावत कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर भी दी है।

युवा मोर्चा के प्रदेश सह-संयोजक लीगल सेल व अधिवक्ता विकास नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत बीती 15 मई को गढ़वाल के दौरे पर थे, जहां उन्होंने तीन जिलों का भ्रमण कर वहां वैक्सीनेशन को लेकर निरीक्षण किया। वहां सीएम द्वारा पत्रकारों से वार्ता भी की गई। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उनके बयान को एडिट कर सोशल मीडिया पर चलाया जा रहा है। इससे सीएम की छवि को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करने वाले इन असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। मौके पर मंडल अध्यक्ष नितिन सक्सेना, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नितेश चैहान, मंडल महामंत्री अंकित चैहान आदि मौजूद रहे।

मुनिकीरेती में गाजियाबाद के पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज, बिना कोविड रिपोर्ट के पहुुंचे थे उत्तराखंड


मुनिकीरेती पुलिस ने बिना दस्तावेजों व बिना कोविड नेगेटिव रिपोर्ट घूम रहे गाजियाबाद के पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया हैं।

कोतवाल कमल सिंह भंडारी ने बताया कि तपोवन बैरियर पर चेकिंग के दौरान गाजियाबाद नम्बर के एक वाहन स्कार्पियो कार को रोका गया। कार सवार किसी के पास उत्तराखंड के स्मार्ट सिटी पोर्टल में रजिस्ट्रेशन नहीं था। साथ ही कोविड की नेगेटिव रिपोर्ट भी नहीं थी। इस मामले में सभी पर आपदा प्रबंधन अधिनियम व महामारी अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया है तथा वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज किया गया है।

कोतवाल ने आरोपियों की पहचान जगत सिंह पुत्र जगवीर सिंह, अरुण कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद, गौरव चैहान पुत्र रामचंद्र चैहान, प्रशान्त शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा, वैभव शर्मा पुत्र विनोद कुमार शर्मा सभी निवासी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में कराई है।

शाॅर्ट की चपेट में आए दुकानदारों से मिले स्पीकर, ली पूरी जानकारी

ऋषिकेश के हरिद्वार मार्ग स्थित बड़ी मंडी के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्टसर्किट की जांच अब विद्युत विभाग को करनी होगी। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने घटना के बाद मौके पर जाकर पीड़ितों से पूरी जानकारी हासिल की। इसके बाद विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मामले की जांच के निर्देश दिए। वहीं, जिला प्रशासन को प्रभावितों को उचित मुआवजा देने को कहा।

दरअसल, शॉर्ट सर्किट होने से 5 दुकानों में आग लग गई। जिनमें महेंद्र कुमार मद्धेशिया, आकाश मद्धेशिया, बादल जायसवाल, राशिद और इरफान की पान भंडार, फलों की दुकान सहित एक फुटकर की दुकान थी। अग्निशमन टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। इससे पहले पांचों दुकानों का सामान आग में जलकर राख हो गया। जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल मच गया।

मौके पर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने पहुंचकर प्रभावित दुकानदारों से मिलकर पूरी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने आग लगने से होने वाली हानि के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने मौके पर ही उप जिलाधिकारी को दूरभाष पर प्रभावित दुकानदारों की हानि का निरीक्षण कर उचित मुआवजा देने की बात कही। वही, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को अग्निकांड मामले की जांच के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, मंडी समिति के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, गिरीश छाबड़ा, विनोद जयसवाल, दीपक भारद्वाज, सुमित पवार, विवेक तिवारी, चंद्रभान, ऋषि जयसवाल, मनदीप, वरुण सैनी, सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।

बड़ी सब्जी मंडी के बाहर लगी आग से लाखों का नुकसान, पांच दुकानें जलीं

हरिद्वार रोड स्थित बड़ी सब्जी मंडी में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट से पांच दुकान जलकर स्वाह हो गई। सूचना पर पहुंची फायर विग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इससे पहले दुकानों में रखा सामान आग तबाह हो गया।

अग्निशमन प्रभारी बीरबल ने बताया की बुधवार तड़के 1 बजे तक 15 मिनट पर फायर विग्रेड की टीम को सूचना मिली कि हरिद्वार रोड स्थित बड़ी सब्जी में बाहर फल व सब्जी की फुटकर की दुकानों में आग लग गई। सूचना पर तत्काल एक बड़े अग्निशमन वाहन को लेकर फायर विग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। दुकानों पर लगी आग इतनी भयंकर रूप धारण कर लिया था। आग लपटें आसमान में दिखने लगी। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। इससे पहले पांचों दुकानों का सामान आग में जलकर राख हो गया।

अग्निशमन अधिकारी बीरबल ने बताया की प्रथमदृष्टतया मामला शॉर्ट सर्किट से लाग लगने की वजह बताई जा रही है। बताया की इन दुकानों के पास बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर है। जिससे शॉर्ट सर्किट होने से दुकानों में आग लगी। बताया की करीब पांच लाख रूपये का नुकसान होने को दावा दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है

बादल फटने के बाद देवप्रयाग की कई इमारतों को नुकसान

उत्तराखंड के देवप्रयाग के ऊपरी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम मूसलाधार बारिश के बाद बादल फट गया। बादल फटने से क्षेत्र में गदेरा उफान पर आ गया, कई दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, आईटीआई का भवन भी ध्वस्त हो गया।

गनीमत रही कि कोविड कर्फ्यू के चलते दुकानें बंद थी, जिससे अभी तक कोई जनहानि की कोई सूचना नहीं है। प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक ओर जहां ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का क्रम बना हुआ है तो वहीं पहाड़ों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मैदानी इलाकों में भी मौसम रंग बदल रहा है। भारी बारिश के चलते देवप्रयाग में बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे दशरथ आंचल पर्वत पर बादल फटा। जिससे शांता गदेरा उफान पर आ गया। मलबा आने से देवप्रयाग मुख्य बाजार में भी दस दुकानों को नुकसान हुआ है। संगम बाजार का रास्ता भी बंद हो गया है। कोरोना कर्फ्यू के कारण इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बंद थी। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल, एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल की तरफ बढ़ रही है।

स्टेशन के शौचालय पर मृत मिला ग्रीफ का सिपाही

अपर पुलिस अधीक्षक जीआरपी मनोज कत्याल कोविड संक्रमण के विषय में सतर्कता से ड्यूटी करने पर पुराने स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां स्टेशन के शौचालय पर ग्रीफ में पाईनियर के पद पर कार्यरत 47 वर्षीय मनोज डबराल मूर्छित हालत में गिरे हुए पाए गए। अपर पुलिस अधीक्षक जीआरपी उन्हें राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत बताया। इसके बाद मृतक के परिजनों को कोतवाली ऋषिकेश की सहायता से अंतिम संस्कार के लिए पीपीई किट उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा मृतक का सारा सामान उनके परिजनों को सौंपा गया। मौके पर देहरादून से उप निरीक्षक अनिल कुमार प्रभारी एस.ओ जीआरपी हरिद्वार भी मौजूद रहे।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक जीआरपी मनोज कत्याल को स्थानीय व्यक्ति ने सूचना देकर बताया कि जीआरपी चैकी से 200 मीटर दूर एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति गंभीर अवस्था में बीमार पड़ा हुआ है। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और 108 इमरजेंसी सेवा के जरिए राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। साथ ही ऑक्सीजन की व्यवस्था भी की गई। जहां डॉक्टर द्वारा बताया गया कि उक्त व्यक्ति का आक्सीजन लेवल बहुत कम है, समय पर अस्पताल पहुंचा पाने के बाद आक्सीजन सही हो सकी और व्यक्ति की जान बच गई। हालांकि अभी उक्त व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।

परिजनों की दूरी बनाने पर पुलिस ने रायवाला में किया अंतिम संस्कार

रायवाला पुलिस ने एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाने के बाद न सिर्फ उसे कंधा दिया, बल्कि परिजनों की भूमिका निभाकर उसे मुखाग्नि भी दी। हिंदू रिति रिवाज से अंतिम संस्कार संपन्न कराया। कोरोना महामारी के इस दौर में अंतिम संस्कार में परिजनों का साथ न मिलने पर पुलिस ने हर वह भूमिका निभाई, जिसे परिजनों को निभानी चाहिए।

थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि राजेश अग्रवाल पुत्र बंशीधर अग्रवाल निवासी उमा विहार कॉलोनी हरिपुरकलां थाना रायवाला के द्वारा सूचना मिली। बताया कि उनके पड़ोस में आकाश लांबा पुत्र विजय कुमार लांबा की मृत्यु हो गयी है। उसके माता-पिता और अन्य परिजन दिल्ली में रहते हैं, बुजुर्ग होने व कोविड-19 के संक्रमण के कारण अंतिम संस्कार करने के लिए नहीं आ पा रहे हैं। जिस कारण उक्त व्यक्ति का अन्तिम संस्कार नहीं हो पा रहा है। उक्त सूचना पर ’थाना रायवाला के चीता कर्मचारी गणो के द्वारा अपने स्वास्थ्य की परवाह किये बिना कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मृतक व्यक्ति का हिन्दू रीति रिवाज से स्वयं अन्तिम संस्कार किया गया।

पुलिस की इस मदद से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने न सिर्फ प्रशंसा की हैं, बल्कि पुलिस को सैल्यूट भी किया।

बेकाबू कार ने स्कूटर सवार दंपत्ति को मारी टक्कर, महिला की मौत


ऋषिकेश कोतवाली के आईडीपीएल क्षेत्र में एक कार की टक्कर लगने से एम्स में कार्यरत महिला कर्मी की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।

दरअसल, एम्स में सुरक्षाकर्मी के पद पर तैनात दीपा नामक महिला रोज की तरह पति सूरज सती के साथ घर से ड्यूटी के लिए जा रही थी। श्यामपुर निवासी दंपत्ति के दोपहिया वाहन को एक तेज गति से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि पति एम्स में भर्ती है। फिलहाल पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है, उक्त मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई मामला अभी दर्ज नहीं कराया गया है।