बागी होकर जंगली बनी गाय में खेत में दिया बच्चा


ग्राम सभा खदरी खड़क माफ के खादर क्षेत्र में निराश्रित पशुओं की आमद थामे नहीं थम रही। पालतू से बागी होकर जँगली बने हुए इन मवेशियों ने खादर के खेतों को अपना किस कदर ठिकाना बना लिया है, इस बात का प्रमाण एक बार फिर पक्का हो गया।

बीते रोज एक पिछले पाँच साल से स्थानीय कृषक की बागी हुई गाय सहित निराश्रित मवेशियों का झुण्ड मोहर सिंह के खेत धर्म सिंह के खेत में घुस गया। जिसमें एक गाय खेतों में ही ब्याह गयी। सुबह जब स्थानीय खेतों की ओर घूमने निकले तो उन्होंने नवजात गौ वंश को देखा। जो कि अत्यधिक ठण्ड और पाला पड़ने के कारण अर्ध मूर्छित अवस्था में था, जबकि गाय लोगों को देखकर पहले ही भाग खड़ी हुई। बाद में पूर्व सैनिक सुरेंद्र प्रसाद रयाल ने स्थानीयों की मदद से नवजात गौवंश शिशु को उठाकर खेतों घर के पास बने घर में रखकर अलाव जलाते हुए गर्मी दी और घर से लाकर दूध पिलाया। जिला गंगा सुरक्षा समिति के सदस्य पर्यावरणविद विनोद जुगलान ने बताया कि बाद में भवन स्वामी गौ सेवक देव दत्त रयाल ने उस गौ वंश को अपनाने का निर्णय लिया और पालन पोषण हेतु साथ ले गए। मौके पर स्वामी भवात्मा नंद, देवेंद्र प्रसाद, मदनलाल, राय सिंह भण्डारी आदि मौजूद रहे।

एसएसपी पौड़ी ने किया कोटद्वार के टाइल्स व्यापारी के घर हुई लूट का खुलासा

कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में बीते 25 दिसंबर को चर्चित टाइल्स व्यापारी के घर लाखों रूपए व ज्वैलरी की डकैती व लूट का खुलासा कर दिया। पुलिस की कार्यशैली से खुश होकर डीजीपी अशोक कुमार ने टीम को 20 हजार रूपए का इनाम देने की घोषणा की है।

बतादें कि बीती 25 दिसंबर को शातिरों द्वारा सुबह सात बजे देवी रोड स्थित खुशी होटल के पीछे टाइल्स व्यवसाय प्रमोद प्रजापति के घर को निशाना बनाया गया था। पुलिस ने आरोपियों से दो लाख साठ हजार रूपए की नकदी के साथ सोने के सभी जेबरात लगभग चार लाख रुपये कीमत के और यूनियन बैंक की चैक बुक बरामद की हैं। पुलिस का कहना है इसमें लगभग साठ प्रतिशत लूट का सारा सामान बरामद कर लिया गया है।

एसएसपी पौड़ी पी रेणुका देवी ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस की सात तेज तर्रार टीमें लगाई गई थी। जिसमें पुलिस ने 9 दिनों के लगातार अथक प्रयास से सोमवार को अभियोग में संलिप्त अभियुक्त राजकुमार छोटा पुत्र जयवीर व उसके चार साथियों को चरथावल क्षेत्र मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश से डकैती के माल सहित गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त राजकुमार द्वारा बताया गया कि प्रवीण प्रजापति प्रमोद कुमार का करीबी रिश्तेदार है उसने ही हमें बताया कि वह काफी धनवान व्यक्ति है और अन्य जानकारियां भी दीं। प्रवीण प्रजापति द्वारा दी गई जानकारी के बाद 25 दिसंबर की सुबह कपिल कुमार उर्फ रावण, संदीप कुमार उर्फ पिंटू, संजीव कुमार उर्फ सोनू, धीरज, अंकित पुंडीर, प्रवीण प्रजापति ने मिलकर प्रमोद कुमार के घर में डकैती डालने रणनीति बनाई फिर हमने प्रमोद कुमार के घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया। अभियुक्तगणों द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश व अन्यत्र भी लूट व डकैती की घटना को अंजाम दिये जाने की जानकारी प्रकाश में आई है। मुख्य अभियुक्तगण प्रवीण प्रजापति पुत्र चंद्रपाल व अंकित पुंडीर पुत्र प्रदीप की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियुक्तो के अन्य अपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए पुलिस महानिदेशक ने 20 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

गंगा में टापू पर पहुंचे थे स्नान करने, तेज बहाव में बहने लगे तो पुलिस ने समय रहते बचाया

पूर्णानंद घाट पर अंतिम यात्रा में पहुंचे गुमानीवाला के दो लोगों को मुनिकीरेती जल पुलिस के जवानों से डूबने से बचा लिया। रैस्क्यू के दौरान जल पुलिस के जवानों को राफ्ट का सहारा लेना पड़ा।
दरअसल, थाना मुनिकीरेती क्षेत्रांतर्गत जानकी झूला पुल के समीप पूर्णानंद शमशान घाट पर रूषा फार्म गुमानीवाला से कुछ व्यक्ति अंत्येष्टि के लिए पहुंचे थे। अंत्येष्टि के दौरान दो व्यक्ति गंगा स्नान के लिए टापू पर पहुंच गए। इसी बीच गंगा का जल स्तर बढ़ने लगा। इसके चलते चीख पुकार मच गई। मौके पर सूचना जल पुलिस को मिली। राफ्ट की मदद से दोनों को सकुशल गंगा से बाहर लाया गया।

थाना इंचार्ज राम किशोर सकलानी ने दोनों की पहचान 50 वर्षीय राजेंद्र कुमार पुत्र चमन लाल और 48 वर्षीय सोहन लाल पुत्र पन्ना लाल दोनो निवासीगण रूषा फार्म गुमानीवाला देहरादून के रूप में हुई।

स्टर्डिया फैक्ट्री की झाड़ियों में लगी आग को तीन घंटे बाद बुझाने में मिली सफलता

आज शाम करीब चार बजे बंद स्टर्डिया फैक्ट्री की झाड़ियों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की भीषण लपटों को देख लोगों ने पुलिस व फायरकर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पहुंचे फायर कर्मियों को तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता मिल सकी।

करीब चार बजे स्टर्डिया फैक्ट्री के अंदर से आग की भीषण लपटें उड़ती दिखाई दी। आसपास के लोगों में यह मंजर देख हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने अपना और भी विकराल रूप धारण कर लिया। इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर आईडीपीएल चैकी इंचार्ज चिंतामणि मैठाणी मौके पर पहुंचे। वहीं, करीब साढ़े चार बजे दलकल विभाग की एक गाड़ी पहुंची।

एफएसओ बीरबल ने बताया कि आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया जलती बीड़ी, माचिस से प्रतीत हो रहा है, फिर भी इसके कारणों को जानने का प्रयास किया किया जा रहा है। बताया कि आग इतनी भयंकर थी कि इसके बुझाने के लिए एक अन्य वाहन को बुलाना पड़ा। बताया कि काफी जोर आजमाइश के बाद आग को बुझाने में तीन घंटे से अधिक का समय लगा।

सड़क दुर्घटना में रूड़की के दो युवकों की मौत

रूड़की से ऋषिकेश घूमने आए पांच युवकों में से दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि दो युवक की हालत स्थिर व एक की हालत नाजुक है।

बीते सोमवार को रूड़की से पांच युवक ऋषिकेश घूमने पहुंचे थे। रात को हरिद्वार लौटते समय उनकी कार श्यामपुर बाईपास मार्ग मंसा देवी के समीप एक पोल से टकराकर पेड़ को टक्कर मार दी।
दरअसल, मंगलवार की अलसुबह पुलिस कंट्रोल ऋषिकेश द्वारा मनसा देवी के पास एक्सीडेंट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मौके पर आसपास के लोग खड़े थे। मालूम हुआ कि कार एक खंभे से टकराकर उसके बाद एक पेड़ से टकरा गई। घटना के वक्त कार तेज गति से चल रही थी। कार के अंदर पांच लोग सवार थे। जिनमें से तीन की हालत बहुत गंभीर थी। आगे बैठे दो लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई थी। जिनको 108 की मदद से ऋषिकेश सरकारी हॉस्पिटल भिजवाया गया। कार चालक द्वारा साइड में सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया तथा बगल में लगी झोपड़ी के मेज व मिट्टी के घड़े आदि को नुकसान हुआ है।

कोतवाल रितेश शाह के अनुसार, दुर्घटना में कार की पिछली सीट पर बैठे अमित निवासी गणेशपुर रुड़की जनपद हरिद्वार, अवधेश पटेल निवासी सीबीआरआई रुड़की जनपद हरिद्वार की मौत हो गई। जबकि एम्स ऋषिकेश में भर्ती सोनू निवासी मोहनपुरा रुड़की जनपद हरिद्वार की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, दुर्घटना में कार चला रहे रमेश सिंह पुत्र तेज नारायण निवासी 429 गली नंबर 10 रामनगर रुड़की हरिद्वार, प्रशांत कुमार पुत्र दया राम ठाकुर निवासी इ18 सीबीआरआई कॉलोनी रुड़की जनपद हरिद्वार को मामूली चोट आई। आगे बैठे दोनों लोग सेफ्टी बैलून खुलने के कारण बच गए। बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना भेज दी है।

न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस को अब दर्ज करना पड़ेगा रेप के प्रयास का मुकदमा

बीते माह 10 नवंबर को तीर्थनगरी में टाॅयलेट करने गई एक महिला के साथ चार युवकों ने रेप की कोशिश की। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया। कोतवाली से मायूसी मिलने के बाद पीड़ित पक्ष एसएसपी कार्यालय पर भी पहुंचा, मगर वहां भी सुनवाई नहीं हुई। थकहार पीड़ित पक्ष ने न्यायालय की शरण ली। जिस पर आज अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सभी चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है।

क्या है मामला
अधिवक्ता अजय कथूरिया के अनुसार, बीते 10 नंवबर को तीर्थनगरी में एक महिला रात्रि करीब दस बजे टाॅयलेट करने बाहर बरामदे में बाथरूम गई। इसी बीच बदनीयत से अमनदीप, नवदीप, कमलदीप और राजेश कुमार ने महिला के ब्लाउज के अंदर हाथ डाल दिया और छातियों को दबाने लगे और लज्जा भंग करते हुए रेप की कोशिश की। साथ ही महिला को खींचकर बलपूर्वक ले जाने लगे। तभी महिला की साड़ी खुल गई और पेटीकोट फट गया।

इसी बीच चीख पुुकार मची तो महिला के पति, सास, बेटा और बेटी बाहर आए। तो आरोपियों ने सभी के साथ गाली गलौच भी की और मारपीट भी। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगा। मगर पुलिस ने लौटा दिया। एसएसपी कार्यालय से भी पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो पीड़ित पक्ष ने अधिवक्ता अजय कथूरिया की शरण ली। जिसकी बदौलत आज न्यायालय ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।

टापू में फंसे होने की सूचना से पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप, कड़ी मशक्कत के बाद बचाया

आज दोपहर करीब पौने दो बजे स्वामी नारायण घाट पर शाहजहांपुर के पांच लोग टहल रहे थे। वह इस दौरान गंगा के बीच बने टापू पर पहुंच गए। इसी बीच गंगा का जलस्तर बढ़ गया और चीफ पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने यह देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर जल पुलिस के जवान अन्य फोर्स के साथ पहुंचे और काफी मशक्कत करने के बाद पांचों लोगों को सुरक्षित टापू से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।

एसएसआई रमेश सैनी ने सभी की पहचान विशाल शर्मा पुत्र जयचन्द्र शर्मा, विकास शर्मा पुत्र राम स्वरूप शर्मा, राकेश पुत्र अमर नाथ, आदित्य पुत्र एसके शर्मा और गोपाल पुत्र राम नरेश शर्मा के रूप में कराई है। बताया कि सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं जिनका पता दुर्गा टाकीज शाहजहाँपुर है। रेस्क्यूू में कांस्टेबल सुभाष ध्यानी , बिदेश चैहान, गजपाल सिंह, गोताखोर पुष्कर रावत और पियूष चैहान शामिल रहे।

नरेंद्रनगर के समीप सड़क पर पलटा ट्रक, एक की मौत

ऋषिकेश से चंबा मोटर मार्ग यानी एनएच-94 पर एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने से बीच सड़क पर पलट गया। ट्रक की चपेट में आकर कंडक्टर की मौत हो गयी है। राजकीय अस्पताल में कंडक्टर को पीएम के लिए भेजा गया है।

एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि घनसाली से ऋषिकेश आ रहा एक ट्रक औणी बैंड नरेंद्रनगर के समीप आज सुबह के वक्त सड़क पर पलट गया। जानकारी से मालूम हुआ कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। इस कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया कि 30 वर्षीय चालक कमल पुत्र डालचंद निवासी बिजनौर सुरक्षित है, मगर 25 वर्षीय कंडक्टर दीपक निवासी बिहार की ट्रक के नीचे आकर मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु सरकारी अस्पताल ऋषिकेश ले भेजा गया है।

संकट के समय मदद मांगने गई पुलिस को आश्रम ने लौटाया बैरंग

मंगलवार को चैकी इंचार्ज कैलाश गेट विकेन्द्र कुमार पुलिसकर्मियों के साथ शीशमझाड़ी स्थित स्वामी स्वतंत्रतानंद आश्रम शिव शक्ति ट्रस्ट पहुंचे। यहां तीन घंटे तक पुलिसकर्मी आश्रम के कर्मचारियों को आवाज लगाते रहे। मगर, कोई नहीं पहुंचा। तीन घंटे बाद आश्रम के मैनेजर सतीश शर्मा बाहर आए। चैकी इंचार्ज ने पूछा कि क्या आप लॉकडाउन के चलते पीएसी के जवानों को अपने हॉल में ठहरा सकते हैं। इस पर मैनेजर ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस के ठहरने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। चैकी इंचार्ज ने बताया कि आश्रम धर्माथ कार्यों के लिए खोला गया है, यहां प्रतिवर्ष विदेशी नागरिक ठहरते हैं। संकट के समय में आश्रम के इस व्यवहार से नाराज उन्होंने कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी को इसकी सूचना दी है।

रशियन नागरिकों ने बढ़ाई मुश्किल, एबेंसी से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने किया रवाना
रशियन एबेंसी से बिना अनुमति मिले मंगलवार को 52 नागरिक बस संख्या यूपी17एटी-2444 में सवार होकर दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। तभी पुलिस को सूचना मिली और कैलाश गेट पर बस को रोका गया। मौके पर एडिशनल एसपी उत्तम सिंह नेगी भी पहुंचे। उन्होंने बस चालक से अनुमति मांगी। मगर, वह रशियन एंबेसी का कोई अनुमति पत्र नहीं दिखा पाया। चालक ने स्थानीय प्रशासन के अनुमति वाला पत्र दिखाया। इसे पुलिस ने नहीं माना। एडिशनल एसपी ने सभी विदेशी नागरिकों को एक स्थानीय होटल में ठहराया। वहीं, दो घंटे के बाद रशियन एबेंसी से अनुमति मिलने के बाद इन्हें रवाना किया गया।

लॉकडाउन को गंभीर नही दिख रहे लोग, पुलिस कर रही कार्रवाई

कोतवाली पुलिस ने कोरोना वायरस संक्रमण के तहत जारी लॉकडाउन और उत्तराखंड शासन के आदेशों का उल्लंघन करने पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल रितेश शाह ने अपील की है कि नगरवासी लॉकडाउन का उल्लंघन न करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई करने को पुलिस बाध्य होगी। कोतवाल ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले तीन लोगों की पहचान 21 वर्षीय विशाल शर्मा पुत्र बालकिशन शर्मा निवासी बापू ग्राम गली ऋषिकेश, 23 वर्षीय दुर्गेश कुमार पुत्र बृजेश कुमार निवासी बाबा सदानंद मार्ग निकट मॉडर्न स्कूल ऋषिकेश और 22 वर्षीय रमन कुमार पुत्र स्व. राजवीर सिंह निवासी न्यू जाटव बस्ती ऋषिकेश के रूप में कराई है।

हरिद्वार से चली कार ने तीन चेक पोस्ट को झूठ बोलकर किया पार
मंगलवार को एक कार संख्या यूके11ए-4283 हरिद्वार से पौड़ी के लिए चली। कार में तीन लोग सवार थे। इस कार ने हरिद्वार जिले की सीमा को लांघकर, देहरादून जिले के थाना रायवाला, इसके बाद ऋषिकेश बैरियर को पार करके मुनिकीरेती पुलिस की सीमा में प्रवेश किया। इन तीनों जिले के बैरियर पर कार सवार युवकों को पुलिस ने नहीं पकड़ा। इसके बाद कार सवार युवक तपोवन बैरियर पहुंचे। यहां चैकी इंचार्ज विनोद कुमार ने कार चालक से पूछताछ की तो उसने अनुमति होना बताया। इस पर चैकी इंचार्ज ने अनुमति पत्र देखा तो वह फर्जी पाया गया। चैकी इंचार्ज ने मौके पर ही फटकार लगाई और कार को वापस भेज दिया।