अनंत अंबानी के राज्य आपदा प्राधिकरण में पांच करोड़ की धनराशि देने पर मुख्यमंत्री ने आभार जताया


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कोरोना के खिलाफ जंग में अनंत अम्बानी एवं रिलायंस फाउंडेशन द्वारा उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में 5 करोड़ की राशि का योगदान दिये जाने पर उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि संघर्ष की इस घड़ी में उनका यह सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती मिलेगी।

सास को मुखग्नि देकर इस अधिकारी ने निभाया बेटे का धर्म…

नगर पालिका मुनिकीरेती में अधिशासी अधिकारी के पद पर तैनात बद्री प्रसाद भट्ट ने दिवंगत सास को मुखाग्नि देकर बेटे का धर्म निभाया।

दरअसल ईओ बद्री प्रसाद भट्ट की सास पिछले कई वर्षों से बीमार चल रही थी। कोई बेटा ना होने के कारण ईओ दामाद उनकी सेवा अपने घर पर ही कर रहे थे। मगर आज उनकी सास शकुंतला देवी ने अपनी अंतिम सांसे ली। तो दामाद बद्री प्रसाद भट्ट ने बेटे का धर्म निभाते हुए पूर्णानंद घाट पर पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।

’ईओ कोविड ड्यूटी में भी निभा रहे अहम रोल’
अधिशासी अधिकारी बद्रीप्रसाद नगर पालिका मुनि की रेती क्षेत्र में इन दिनों कोविड की ड्यूटी में अहम भूमिका निभा रहे है। पालिका क्षेत्र में कर्मचारियों के साथ प्रतिदिन सैनिटाइजेशन अभियान में लगे हुए हैं। वह स्वयं प्रत्येक दिन अलग-अलग वार्डो में जाकर सैनिटाइज कर रहे हैं। इसके अलावा लोगों में कोविड को लेकर जागरूकता अभियान भी चला रहे है।

ऊर्जा निगमों ने 76,491,752 रुपए का चेक सीएम तीरथ को सौंपा

देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में आज ऊर्जा सचिव राधिका झा के नेतृत्व में यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल एवं यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीरज खैरवाल ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को अपनी सामाजिक दायित्व निर्वहन (Corporate Social Response) योजना के अंतर्गत राज्य में कोविड एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से लड़ने हेतु कुल रुपए 76,491,752 (सात करोड़ चौंसठ लाख इक्यानवे हजार सात सौ बावन रुपए) के चेक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नाम से भेंट किए गए।

राधिका झा ने बताया कि उक्त धनराशि में रुपए 57518291 का चेक यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा तथा रुपए 18973461 का चेक यूपीसीएल द्वारा दिया गया है। उक्त धनराशि राज्य को आपदाओं से बेहतर तरीके से निबटने में मददगार होगी। इससे पूर्व भी यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा फरवरी माह में वित्तीय वर्ष 2019-20 में अर्जित लाभ के अनुरूप राज्य सरकार को रुपए 40.01 करोड़ लाभांश के रूप में दिया गया था।

इस संबंध में जानकारी देते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा निर्धारित लक्ष्य 4822 मिलियन यूनिट के सापेक्ष 5088.88 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया था। साथ ही संपूर्ण कोविडकाल में भी निगम के समस्त विद्युत गृहों की मशीनें चौबीसों घंटे उत्पादन के लिए तैयार रखी गई थी। संदीप सिंघल ने बताया कि भविष्य में भी हमारी योजना अधिक से अधिक ऊर्जा उत्पादन कर राज्य सरकार की आर्थिक एवं ऊर्जा आवश्यकताओं में सहयोग की रहेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा सामाजिक हित में निगमों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऊर्जा निगम के कार्मिकों द्वारा अपनी मेहनत से न केवल प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति की जा रही है, बल्कि समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बखूबी निर्वहन किया जा रहा है।

देवस्थानम बोर्ड पर पुनर्विचार किया जाएगाः सीएम

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सप्तसरोवर, हरिद्वार में विश्व हिंदू परिषद के केन्द्रीय मार्गदर्शक मंडल उपवेशन में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ की आस्था से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। कुंभ क्षेत्र में शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। संतों की मांग पर उन्होंने कहा कि मुनीकीरेती व ढ़ालवाला के शराब के ठेके बंद किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री तीरथ ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड में शामिल किए गए 51 मंदिरों पर पुनर्विचार किया जायेगा। जल्द ही तीर्थ पुरोहितों की बैठक बुलाई जायेगी। सबके हक-हकूकों का पूरा ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि चार धामों के बारे में शंकराचार्यों द्वारा प्राचीन काल से जो व्यवस्था की गई है उसका पूरी तरह पालन किया जाएगा, उसमें कोई छेड़छाड़ नहीं होगी।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हरिद्वार में होने वाले अगले कुंभ के लिए 2010 एवं 2021 कुंभ के अनुसार चिन्हित भूमि के अनुरूप अखाड़ों, शंकराचार्यों, महामंडलेश्वर और संत समाज के लिए अभी से भूमि चिन्हित की जाएगी। इसके लिए डिजिटल प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शपथ लेने के बाद मैंने सबसे पहले हरिद्वार कुंभ की बैठक ली। शिवरात्रि के स्नान पर्व पर हरिद्वार कुंभ में संतो का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।

पिथौरागढ़ के दो शहीद आश्रितों का सरकारी सेवा में हुआ समायोजन

उत्तराखंड में शहीदों के आश्रितों के लिए सरकारी नौकरी में समायोजन योजना के तहत प्रदेश सरकार ने पिथोरागढ़ जनपद में दो आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन कर दिया है। जिला प्रशासन ने इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया। लाभार्थियों में एक शहीद की धर्मपत्नी व दूसरी बहन हैं।

प्रदेश में शहीदों की विधवाओं व आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन करने की योजना है। इसके तहत प्रदेश सरकार ने पिथोरागढ़ जनपद में दो महिलाओं को नौकरी पर समायोजित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें पिथोरागढ़ तहसील के मूनाकोट गांव निवासी शहीद लॉसनायक गोविंद प्रकाश चंद्र की धर्मपत्नी सुनीता चंद तथा गंगोलीहाट तहसील के ग्राम बड़ेना निवासी शहीद सिपाही राजेंद्र सिंह की सिंह बहन खीमा का समायोजन किया गया है। शासन स्तर से इसके लिए संबधित जिला प्रशासन को निर्देश जारी किए गए हैं। पिथोरागढ़ प्रशासन के मुताबिक शासन के निर्देशों के मुताबिक उक्त महिलाओं को राजस्व विभाग में समायोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि देश रक्षा में अपने प्राणों की आहूति देने वाले शहीदों के बलिदान को भी नहीं भुलाया जा सकता। शहीदों की विधवाओं व आश्रितों की मदद के लिए हर संभव प्रयास सरकार की ओर से किए जा रहे हैं। पिथोरागढ़ में दोनों शहीदों के आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। शहीद परिवारों की सेवा के लिए हमारी सरकार कृत संकल्पित है।

शहीदों के आश्रितों को सेवायोजित करने के लिए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का आभार जताया। कहा कि देश रक्षा में प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का पूरा देश ऋणी रहेगा। बलिदान के इस ऋण को कभी नहीं चुकाया जा सकेगा। हमारी सरकार ने आश्रितों को सेवायोजित करने की जो योजना संचालित की है उसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम ही होगी।

संतों की शरण में पहुंचे भाजपाई पार्षद, भगवा रंग का समर्थन किया

भगवाकरण के मामले में ऋषिकेश नगर निगम के पार्षद आज मायाकुंड स्थित कृष्ण कुञ्ज आश्रम पहुंचे। अखिल भारतीय संत समिति के अध्यक्ष स्वामी गोपालाचार्य महाराज और महासचिव स्वामी अखंडानंद महाराज के समक्ष उन्होंने अपनी बात रखी। सभी पार्षदों ने लिखित में भगवाकरण का समर्थन किया। साथ ही सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर कर अपनी तरफ से स्वीकृति भी दी। वहीँ संतों ने बताया ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने इस मामले में मध्यस्ता की और गतिरोध समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई।

कहा कि मेयर अनिता ममगाईं द्वारा लाया गए प्रस्ताव का हम सभी पूर्व समर्थन करते हैं, यदि उपरोक्त प्रस्ताव वापस ले लिए गया है तो हम भाजपा के पार्षद पूर्ण समर्थन के साथ सदन में प्रस्तुत करते हुए पास कराएंगे। मुलाकात करने वालों में पार्षद विकास तेवतिया, जयेश राणा, सोनू प्रभाकर, रीना शर्मा, शारदा सिंह, शिव कुमार गौतम, राजू दिवाकर, राम अवतारी पंवार, मीनाक्षी,रविंद्र बिड़ला और तनु तेवतिया मौजदू रहे।

संत समिति के अलावा इस मौके पर नमामि गंगे के प्रदेश संयोजक कपिल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती भी मौजूद रहे।

महिलाओं को कमांडो का प्रशिक्षण देने वाले शिफू शौर्य भारद्वाज की सीएम त्रिवेंद्र ने की प्रशंसा

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस लाईन देहरादनू में उत्तराखण्ड की महिला कमाण्डो फोर्स एवं स्मार्ट चीता पुलिस का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमाण्डो प्रशिक्षक शिफू शौर्य भारद्वाज, सैन्य अधिकारी रूबीना काॅर्की, पीटीसी नरेन्द्र नगर के प्रशिक्षक हितेश कुमार, कमाण्डो निरीक्षक नीरज कुमार एवं प्रशिक्षित महिला पुलिस कमाण्डो को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस के दस्ते में आज उत्तराखण्ड महिला कमाण्डो का दस्ता जुड़ गया है। उत्तराखण्ड देश का चैथा राज्य बन गया है, जहां पुलिस विभाग में महिला कमाण्डो का दस्ता तैयार किया है। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस कमाण्डो को बेहतर प्रशिक्षण दिया गया। कमाण्डो को प्रशिक्षण देने वाले शिफू शौर्य भारद्वाज का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मात्र एक आग्रह पर यह प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण उनके द्वारा निःशुल्क दिया गया। किसी भी विद्या में पारंगत होने का सबसे बड़ा उद्देश्य आत्म सुरक्षा होना चाहिए। विद्या का सदुपयोग होना जरूरी है। विद्या के ज्ञान के साथ ही चपतलता का होना भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि स्कूलों एवं काॅलेजों में पढ़ने वाली बेटियों को भी प्रारम्भिक आत्म सुरक्षा के गुर सिखाने जरूरी है। बेटियों को मोटिवेशन देना जरूरी है। यह समाज की आवश्यकता है। पढ़ाई के दौरान उन्हें आत्म सुरक्षा से संबंधित जानकारी हो। हमारा प्रयास है कि आने वाले समय में प्रदेश में हम बेटियों को आत्म सुरक्षा की दृष्टि से प्रशिक्षित करें। इन 22 प्रशिक्षित महिला कमाण्डो की भूमिका इस दृष्टि से और अधिक बढ़ जाती है। इस तरह के अन्य संगठनों का सहयोग लेकर आने वाले भविष्य में इसके लिए अधिकारियों को योजना बनाने को कहा गया है, ताकि इस तरह का एक बहुत बड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में चलाया जा सके।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। पति की पैतृक सम्पति में पत्नी को सह खातेदार बनाया है। ऐसा निर्णय लेने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है। समाज में जिस तरह बदलाव हो रहा है, ऐसे समय में महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना भी बहुत जरूरी है। हमारी बेटियां सशक्त एवं मजबूत होनी चाहिए इस सोच के साथ अनेक कार्यक्रम चल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमाम रास्ते बेटियों के लिए खोले हैं। आईएनएस तरंगिणी में पांच महिलाओं ने 18 हजार किमी की जोखिम भरी यात्रा पूरी की। आज बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं। इन्फेन्ट्री एवं सीमाओं पर देश की बेटियां जा रही हैं। महिला सशक्तीकरण के लिए बेटियों का सर्वांगीण विकास बहुत जरूरी है।

पुलिस लाईन देहरादून में प्रशिक्षित 22 महिला कमाण्डो ने सुरक्षा से संबधित अनेक करतब दिखाए। 104 प्रशिक्षत चीता पुलिस दल का भी मुख्यमंत्री ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने चमोली जनपद में आपदा के दौरान दिवंगत दो पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जनपद में आपदा के दौरान हमारी महिला अधिकारियों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों में सराहनीय कार्य किया गया।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, महिला आयोग की अध्यक्ष विजया बड़थ्वाल, मुख्यमंत्री के सैन्य सुरक्षा सलाहकार ले.ज.(रिटा.) जे.एस. नेगी, सचिव गृह नितेश झा, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।

मौन रखकर युवाओं ने दी पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि

पुलवामा शहीदों की याद में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला में छिद्दरवाला ग्रामसभा के युवाओं के साथ मिलकर शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी और उसके बाद क्षेत्र के युवाओं में सफाई अभियान चलाकर गाँव की सड़कों को साफ करने का काम किया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि पूर्व वर्षों से जहां युवा पाश्चात्य सभ्यता को अपनाकर वैलेण्टाइन डे मनाता आ रहा है वहीं आज छिद्दरवाला ग्रामसभा के युवाओं ने एक मिशाल पेश की है। जिन्होंने देश की रक्षा के के लिये अपने प्राण न्योछावर किये आज उनको श्रद्धांजलि दी और ग्रामसभा की रोड़ों को साफ करने का कार्य कर युवाओं को संदेश देने का काम किया है कि हमें कभी अपने देश के जवानों का बलिदान नहीं भूलना चाहिये साथ ही हमें आसपास के क्षेत्रों को जब समय मिले साफ रखना चाहिये।

पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोकुल ने कहा कि हमारे गाँव के युवा समय समय पर ऐसे कार्य करते रहते हैं चाहे कोरोना काल बात रही हो चाहे उससे पहले की बात हो हर वक्त हमारी ग्रामसभा का युवा सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहता है।

श्रद्धांजलि देने वालों में कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष अंशुल त्यागी, अर्जुन थापा, रवि बग्याल, लक्की पैन्यूली, जितेन्द्र त्यागी, विपुल मल, अर्जुन पुरी, शुभम सिंह, मोहित ठाकुर, रवि कुमार, शुभम कश्यप, अनिल चैहान, शुभम पुण्डीर, सोनू कुमार, शुभम मल, जितेन्द्र चैहान, भीम पुरी, राजू चैहान, महावीर चैहान, आकाश जोशी, नवीन चैहान, अमन चैहान, अर्जुन कलूडा आदि बड़ी संख्या में युवा शामिल थे।

मेयर अनिता ने किया नगर निगम के स्मार्ट कंट्रोल रूम का उद्घाटन

हाइटेक तकनीक अपनाने के मामले में तमाम तरह के अभिनव प्रयोग करने के बाद अब नगर निगम ने अपने वाहनों को भी डिजिटल तकनीक से लैस कर दिया है। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए यह तकलीक मील का पत्थर साबित हो सकती है।

नगर निगम के ग्रामीण क्षेत्र स्थित बापू ग्राम कैंप कार्यालय में मेयर अनिता ममगाई ने स्मार्ट कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर ही व्यवस्थाओं सुधार किया जा सकता है। बताया कि निगम के वाहनों में जीपीएस सिस्टम स्टॉल कराया गया है जिससे रियल टाइम ट्रैकिंग हो जाए कि कौन सा वाहन किस वार्ड पर कौन से घर पर है। इसका कंट्रोल सेंटर नगर निगम के ग्रामीण क्षेत्र के बापू ग्राम के कार्यालय में बनाया गया है। मेयर के अनुसार इससे हर घर कूड़ा गाड़ी पहुंचाने का लक्ष्य नगर निगम पूरा करने में कामयाब हो जाएगा। अगर किसी को कूड़ा गाड़ी ना पहुंचने की शिकायत है तो वह नगर निगम के टोल फ्री नंबर में शिकायत कर सकते हैं या मेयर हेल्पलाइन के माध्यम से भी सूचित कर सकेंगे।ऐसा करने पर तुरंत उनके घर पर गाड़ी पहुंचा दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि वाहन ट्रैकिंग प्रणाली के जरिए स्वच्छ शहर सुंदर शहर का सपना साकार हो सकेगा।उसकी विशेषताओं की जानकारी देते हुए मेयर ने बताया कि इससे शहर भर में कचरा संग्रह स्थानों आवास और व्यापारिक स्थान पर कूड़ा वाहन निर्धारित समय और रूट प्लान के साथ संचालन किए जा सकेंगे।जिससे शहरवासियों के घर घर से समय पर कूड़ा का कलेक्शन संभव हो पायेगा। उन्होंने बताया कि कूड़ा कलेशन वाहन, ट्रक और जेसीबी में रियल-टाइम ट्रैकिंग, जीपीएस और कचरा निगरानी उपकरण लगाये गये हैं। इससे रीयल-टाइम ट्रैकिंग कचरे के समय पर उठाने और शहर भर में एकत्र किए गए डिब्बों की वास्तविक स्थिति भी सुनिश्चित होगी।

मेयर अनिता ममगाई के अनुसार इसके साथ ही निगम प्रशासन द्वारा यूजर चार्ज देना भी लोगों के लिए आसान बना दिया गया है अब वह ऑनलाइन पेमेंट के द्वारा भी अपने यूजर चार्ज का भुगतान कर सकेंगे।इसमेंअपने पते और स्थान के साथ एक उपयोगकर्ता के रूप में हर घर का एक व्यक्तिगत खाता होगा ।नगर निगम के उपयोगकर्ता शुल्क दिशानिर्देशों में सूचीबद्ध शुल्क के अनुसार व्यक्तिगत खाते का मासिक इनवॉइस मैन्युअल और स्वचालित रूप से जनरेट करेंगे।उपयोगकर्ता अपने क्रेडेंशियल्स का उपयोग करते समय बिलिंग और खाता जानकारी ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसमें कई भुगतान विकल्प जैसे कि कैश, पेटीएम, यूपीआई – बीएचआईएम, नेटबैंकिंग आदि की सुविधाओं को भी जोड़ा गया है। किसी भी तरह की समस्या होने पर नगर निगम के टोल फ्री नम्बर 9118003135292 पर कभी भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती हैै।

मेयर ने बताया कि एक मोबाइल ऐप भी उपयोगकर्ताओं के लिए बनाया जा रहा है। इसमें उपयोगकर्ता अपने बिल और खाते की जानकारी ऑनलाइन कभी भी देख सकते हैं। इस अवसर नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल, रमेश रावत, आनंद शशांक सिंह, पार्षद रश्मि देवी, लक्ष्मी रावत, विपिन पंत, गुरविंदर सिंह, विजय ,बडोनी, वीरेन्द्र रमोला, अनिता प्रधान, राजेन्द्र बिष्ट, सुभाष बाल्मीकि, सुनील उनियाल, ममता नेगी, रोमा सेहगल, रविन्द्र राणा, प्रकान्त कुमार, प्रदीप धस्माना, अक्षय खेरवाल, यसवंत रावत, मदन कोठरी, हेमलता चैहान, प्रमिला त्रिवेदी, बीना रावत, सरिता बिष्ट, परीक्षित मेहरा, गौरव कैंथोला, अमित सिंह, आशीष नेगी, धीरेंद्र आदि मौेजूद रहे।

राम मंदिर के निर्माण के लिए एक माह का वेतन देकर एम्स निदेशक ने पत्नी सहित पेश की मिशाल

अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एम्स ऋषिकेश में कार्यरत चिकित्सक व अन्य कर्मचारी भी सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। मंदिर निर्माण के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जुटी विभिन्न संगठनों के प्रति​निधियों का कहना है कि ​संस्थान में कार्यरत कर्मचारी उन्हें अपनी सामर्थ्य अनुसार आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इस अभियान के तहत एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत व उनकी धर्मपत्नी वरिष्ठ सर्जन प्रोफेसर बीना रवि ने अपनी एक-एक महीने की तनख्वाह दानस्वरूप भेंट की है।
गौरतलब है कि इन दिनों विभिन्न संस्थाएं भव्य मंदिर निर्माण को लेकर जनसहयोग की अपील कर रही हैं,जिसके तहत विभिन्न इलाकों में लोगों से आर्थिक सहयोग एकत्रित किया जा रहा है। नेशनल मेडिकोज एसोसिएशन एम्स शाखा इसके लिए आगे आई है।

नेशनल मेडिकोज एसोसिएशन की शाखा अध्यक्ष डा. मीनाक्षी धर व आरडीए के अध्यक्ष डा. विनोद ने बताया कि संस्थान के फैकल्टी, चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों से सहयोग राशि एकत्रित की जा रही है।

डा. विनोद के अनुसार लोग इस कार्य में अपने स्तर पर भी बढ़चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। बताया कि कई लोग अभियान से जुड़े सदस्यों से संपर्क कर अपनी सामर्थ्य अनुसार सहयोग राशि प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक काफी संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, एमबीबीएस व नर्सिंग छात्र-छात्राओं के साथ ही संस्थान के सुरक्षाकर्मी व अन्य स्टाफ के लोग उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान कर रशीद प्राप्त कर चुके हैं।

इसी क्रम में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत व वरिष्ठ शल्य चिकित्सक प्रो.बीना रवि ने अपनी एक- एक माह की तनख्वाह दानस्वरूप भेंट कर सहभागिता की है।
इस अभियान में डा.रविराज, डा.जितेंद्र, डा.आनंद, डा.अजय, डा.शिशिरा,कौशल, संकेत, रवेंद्र,बलराज, नवीन, दिव्यांश आदि सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर रहे हैं।