कृषि सुधारों से किसानों को नए अधिकार मिलेः पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल के कृषि सुधारों ने किसानों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं। आज आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि इन सुधारों से किसानों को नए अधिकार मिले हैं तथा वे सशक्त और बंधनमुक्त हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इन सुधारों ने महाराष्ट्र के धुले जिले के किसान जितेंद्र भोइजी को मक्के की फसल का बकाया भुगतान प्राप्त करने में मदद की। प्रधानमंत्री ने राजस्थान के किसान मोहम्मद असलम की भी सराहना की। मोदी ने कहा कि जहां जागरूकता है, वहीं जीवंतता होती है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के कैथल जिले के वीरेंद्र यादव की भी प्रशंसा की, जो आस्ट्रेलिया से वापस लौटकर पराली की समस्या के समाधान के लिए काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अनुरोध किया कि वे अपने आसपास के गांवों का दौरा करके किसानों को खेती में नवाचारों और हाल के कृषि सुधारों के बारे में जागरूक करें। मोदी ने कहा कि संकट के समय संस्कृति बहुत काम आती है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि अजंता की गुफाओं की विरासत और कला को संरक्षित करने के साथ-साथ डिजिटल रूप भी दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिलॉग में खिले हुए चेरी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों ने मेघालय की सुंदरता को और बढ़ा दिया है।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि देवी अन्नपूर्णा की बहुत पुरानी प्रतिमा कनाडा से भारत वापस आ रही है। इस मूर्ति को वाराणसी के मंदिर से 1913 के आसपास चुराकर देश के बाहर भेज दिया गया था। मोदी ने इसके लिए कनाडा सरकार और अन्य सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। यह सुनिश्चित करने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि इन धरोहरों को स्वदेश वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से देश कई प्रतिमा और कलाकृतियों को वापस लाने में सफल रहा है।
मोदी ने कहा कि जाने-माने पक्षीविज्ञानी सालीम अली के 125वें जयंती समारोह 12 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। उन्घ्होंने ने पक्षियों सर्वेक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया था। मोदी ने लोगों से इस तरह के प्रयासों से जुडने की अपील की। प्रधानमंत्री ने ब्राजील के जोनास मैसेट्टी का भी उल्घ्लेख किया जिन्हें विश्वनाथ के नाम से भी जाना जाता है और वे वेदांत और गीता की शिक्षा देते हैं। प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड में नवनिर्वाचित सांसद गौरव शर्मा द्वारा संस्कृत में शपथ लेने की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रसार प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र कल गुरु नानक देव का 551वां प्रकाश पर्व मनाएगा जिनके उपदेश वैंकूवर से वेलिंगटन और सिंगापुर से दक्षिण अफ्रीका तक प्रेरणा देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल नवम्बर में करतारपुर साहिब गलियारे का उद्घाटन ऐतिहासिक घटना थी। इससे विदेशों में रहने वाले सिखों का दरबार साहिब की सेवा में योगदान देना आसान हो गया है।
मोदी ने कहा कि उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आईआईटी दिल्ली से लेकर आईआईटी गुवाहाटी तक कई शिक्षण संस्थानों के छात्रों के साथ बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद भी अपने संस्थानों में पूर्व छात्रों के रूप में योगदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईआईटी के पूर्व छात्रों ने अपनी आईआईटी में सम्मेलन कक्ष, प्रबंध केन्द्र और इनक्यूबेशन केन्द्रों का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से मौजूदा छात्रों की पढ़ाई में सुधार होता है। मोदी कहा कि आईआईटी दिल्ली ने एक अक्षयनिधि शुरू की है, जो एक शानदार विचार है। 5 दिसंबर को अरबिंदो की पुण्यतिथि मनाई जाएगी।
मोदी ने कहा कि श्री अरबिंदो के विचारों में बहुत गहराई है। उन्होंने युवाओं से इस महान व्यक्तित्व के बारे में और अधिक जानने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे देश वोकल फॉर लोकल की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसे श्री अरबिंदो के स्वदेशी के दर्शन से प्रेरणा मिल रही है। स्वयं श्री अरबिंदों को स्वदेशी की प्रेरणा उनके परिवार से मिली थी। मोदी ने कहा कि देश ने अब लॉकडाउन चरण से बाहर निकलने के बाद कोविड-19 के टीके पर चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि कोरोना के बारे में कोई भी लापरवाही बहुत घातक होगी। मोदी ने सभी को कोरोना से लड़ाई को मजबूत करने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने लांच किया रमेश भट्ट का गीत ‘मेरी शान उत्तराखंड’

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में अपने मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट के चर्चित गीत ’मेरी शान उत्तराखण्ड’ को लॉन्च किया। इस गीत की खासियत ये है कि इसमें उत्तराखंड के पहाड़ों की खूबसूरती और संस्कृति के दर्शन तो हैं ही, अपनी मेहनत से उत्तराखण्ड की तकदीर में बदलने में जुटे युवाओं की प्रेरक कहानियां भी हैं। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने इस गीत की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में युवाओं को बताने तथा स्वरोजगार को प्रेरित करने की दिशा में यह गीत सराहनीय प्रयास है। इससे निश्चित रूप से हमारे युवाओं को रिवर्स माइग्रेशन की भी प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट ने बताया कि उनके द्वारा पिछले महीनों में स्वरोजगार यात्रा के दौरान प्रदेश के कई जिलों का भ्रमण कर स्वरोजगार की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों से लगातार संवाद किया तथा उनके अनुभवों को जानते रहे। युवाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ साथ उनकी प्रेरक कहानियों को अपने सोशल मीडिया पर भी वे शेयर करते रहे हैं। उनके वीडियोज को सोशल मीडिया पर लाखों लोगों द्वारा देखा जाता है। इससे न सिर्फ स्वरोजगार के लिए अन्य युवाओं को प्रेरणा मिली, बल्कि स्वरोजगार के क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की जानकारी भी युवाओं तक पहुंची।

कहा कि इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने यह गीत तैयार किया है। जिसमें उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति की झलक के साथ स्वरोजगार की दिशा में अच्छा काम कर रहे युवाओं को भी दिखाया गया है। गीत के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति के बारे में तो बताया ही गया है साथ ही ये भी बताने का प्रयास किया गया है, कि किस तरह पहाड़ की विषम परिस्थितियों से निकल कर युवा, देश-विदेश में अपने हुनर का डंका बजा रहे हैं। मेरी शान उत्तराखण्ड गीत के बोल हिंदी में हैं। शिल्पा प्रोडक्शन के तहत बने इस गीत का निर्देशन अजय ढौंडियाल ने किया है, संगीत ईशान डोभाल ने जबकि कैमरा व संपादन सन्दीप कोठारी ने किया है।

इस अवसर पर सीएम के ओएसडी धीरेंद्र पंवार, अपर सचिव सुरेश जोशी, विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते, मुख्य निजी सचिव विक्रम चैहान, वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिव केके मदान, हेम चंद्र भट्ट, कपिल चैहान आदि उपस्थित थे।

कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों पर आईपीसी की धारा 452, 454 और 380 में मुकदमा

मुनिकीरेती थाने में न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों पर स्कूल में जबरन घुसकर कार्यालय का ताला तोड़ सामान चोरी करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र 156 सीआरपीसी के बाद मुनिकीेरती पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हैं।
सच्चा वेदिक संस्थान तपोवन अध्यक्ष अजय स्वामी ने बताया कि तपोवन स्थित सच्चा शिशु मंदिर जूनियर हाई स्कूल में माणिक गोयल और हर्षित गोयल दोनों पुत्र गिरीश गोयल और अनुराग गोयल पुत्र स्वामी सतपाल निवासी तपोवन ने स्कूल में घुसकर जबरदस्ती संरक्षक के कार्यालय का ताला व कुंडा तोड़कर कार्यालय से लैपटॉप और 5 हजार की नगदी सहित महत्वपूर्ण कागज लेकर फरार हो गए। मुनीकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश के आधार पर संबंधित धाराओं में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना एसएसआई रमेश सैनी को सौंपी गई हैं।

सात माह से बंद पड़े विद्यालयों के खुले ताले, सोशल डिस्टेंस के साथ छात्रों ने की पढ़ाई

सात माह से कोरोना संक्रमण के चलते बंद पड़े शिक्षण संस्थान आज खोले गए। इस मौके पर बच्चों में उत्साह देखा गया। प्रशासन की गाईडलाइन के अनुसार बच्चों ने सोशल डिस्टेंस आदि का पालन किया और शिक्षा ग्रहण की।

आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का शिक्षण कार्य ऑफलाइन प्रारंभ हुआ। प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद पांडे की मौजूदगी में शिक्षकों व छात्रों ने सामाजिक दूरी को ध्यान में रखकर, मास्क पहनकर और अभिभावकों के सहमति पत्र के साथ पढ़ाई शुरू करवाई। मौके पर सतीश चैहान, नरेन्द्र खुराना, कर्णपाल बिष्ट, राजकुमार यादव, नन्द किशोर भट्ट, रामगोपाल रतूड़ी, रश्मि गुसाई आदि उपस्थित रहे।

उधर, श्री भरत मंदिर इंटर काॅलेज में भी छात्रों को सहमति पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत की मौजूदगी में अध्यापकों और छात्रों को सैनिटाइज, मास्क पहनकर शिक्षा ग्रहण करवाई गई।

कृष्णा पब्लिक स्कूल में मेयर अनिता ने किया कंप्यूटर क्लासेस का उद्धाटन

मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि आज का युग कंप्यूटर का युग है किसी भी क्षेत्र में सफलता अर्जित करने के लिए कंप्यूटर का ज्ञान होना बेहद आवश्यक है। आधुनिक शिक्षा पाने का हर बच्चे का अधिकार है।

कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल में कंप्यूटर क्लासेस का मेयर अनिता ममगाईं ने उद्धाटन किया। उन्होंने स्कूल प्रबंध की ओर से स्कूली बच्चों के साथ क्षेत्र के निर्धन बच्चों के लिए निशुल्क रूप से कंप्यूटर शिक्षा प्रारंभ कराए जाने पर खुशी जताई। कहा कि देश में गुणवत्ता परक बेहतर शिक्षा का अधिकार प्रत्येक बच्चे का है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू होने से आने वाले समय में राष्ट्र की नींव और मजबूत होगी। इससे पूर्व स्कूल प्रबंध समिति की ओर से संचालक डॉ बीएन तिवारी द्वारा महापौर का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।

उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने पर चार शिक्षक गौरव पुरस्कार से सम्मानित

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दून विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चार शिक्षकों को ‘‘डाॅ. भक्त दर्शन उच्च शिक्षा गौरव पुरस्कार-2020’’ से सम्मानित किया। जिन चार शिक्षकों को सम्मानित किया। उनमें राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. मोहन चन्द्र पाण्डेय को वाणिज्य एवं प्रबंधन के क्षेत्र में, एम.बी काॅलेज हल्द्वानी के एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. शिव दत्त तिवारी को वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में, पं. ललित मोहन शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऋषिकेश के प्रो. (डाॅ.) सतेन्द्र कुमार को साहित्य के क्षेत्र में एवं प्रो. डाॅ. संजय कुमार को इतिहास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि हेमवती नन्दन बहुगुणा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डाॅ. डीएस रावत के नाम पर उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों के विज्ञान, काॅमर्स, सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वालों को छात्रवृत्ति दी जायेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कर्नल (डाॅ.) डी.पी. डिमरी द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘उद्यमिता एवं हिमालय के प्रेरणादायक उद्यमी’’ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि डाॅ. भक्त दर्शन ने शिक्षा के क्षेत्र में अनेक सराहनीय कार्य किये। वे एक कुशल राजनीतिज्ञ, शिक्षक, सम्पादक थे। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने अहम योगदान दिया। वे सरल स्वभाव एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कई अभिनव पहल किये। उन्हें पहाड़ से विशेष प्रेम था। डाॅ. भक्त दर्शन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दिये गये उत्कृष्ट योगदान के कारण राज्य सरकार ने उनके नाम पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य के स्थानीय संसाधनों से किस तरह लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन में सुधार लाया जा सकता है, इस विषय पर शोध की आवश्यकता है। हम अपने प्राकृतिक संसाधनों एवं स्थानीय उपजों का कैसे बेहतर इस्तेमाल कर सकें। इन क्षेत्रों में विभिन्न विषयों पर आधारित शोध हो। प्रकृति ने देवभूमि उत्तराखण्ड को बहुत कुछ दिया है। इसका सही तरीके से उपयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आर्थिकी में सुधार लाने के लिए राज्य में रूरल ग्रोथ सेंटर की शुरूआत की गई है। पिछले 06 माह में इन सेंटरों से 06 करोड़ से अधिक की बिक्री हुई है व इनमें कार्य करने वालों को 60 लाख से अधिक का शुद्ध लाभ हुआ है। राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों को 05 लाख तक एवं कृषकों को 03 लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है।

उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि अगले साल से डाॅ. भक्त दर्शन पुरस्कार उनके जन्म दिवस के अवसर पर 12 फरवरी को दिया जायेगा। जयहरीखाल डिग्री काॅलेज का नाम डाॅ. भक्त दर्शन के नाम पर रखा गया है। पौड़ी जनपद में मुसेटी गांव में उनका स्मारक बनाया गया है, अब मुसेटी में डाॅ. भक्त दर्शन द्वार बनाया जा रहा है। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि अभी डिग्री काॅलेजों में 93 प्रतिशत फैकल्टी है। इसे जल्द शत प्रतिशत किया जायेगा। उच्च शिक्षा में चार लाख छात्रों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। जल्द की हर डिग्री काॅलेज में 4जी कनेक्टिविटी और वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।

विधायक विनोद चमोली ने कहा कि डाॅ. भक्त दर्शन का जीवन दर्शन व्यावहारिक, राजनीतिक सुचिता, पहाड़ के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डाॅ. भक्त दर्शन के बारे में लोगों को अधिक जानकारी प्राप्त हो सके इसलिए उनके जीवन एवं कार्यों पर आधारित जानकारी स्कूली पाठ्यक्रमों में होनी चाहिए।

राज्य सरकार माफिया तंत्र से मुक्ति के लिए संकल्पबद्धः सीएम

हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की जरूरत है। माफिया तंत्रों जो अवैध रूप से प्रदेश के अन्दर घुसने का प्रयास करते हैं, चाहे नशा माफिया हो, खनन माफिया हो, वन माफिया हो इनके खिलाफ एक होकर हमें लड़ना है। राज्य सरकार माफिया तंत्र से मुक्ति के लिए संकल्पबद्ध है। सरदार बल्लभ भाई पटेल का जीवन हमें प्रेरणा और बल देगा। यह बात मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलिस लाईन में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रैति परेड में प्रतिभाग के दौरान कही।

उन्होंने परेड का निरीक्षण किया व राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने पोखरी थाना को सर्वश्रेष्ठ थाना चयनित होने पर ट्रॉफी एवं एक लाख रूपये का चेक देकर सम्मानित किया। पुलिस के अधिकारियों को अग्निशमन के क्षेत्र में विशिष्ट पदक तथा सेवा पदक, उत्कृष्ट विवेचना एवं उत्कृष्ट अनावरण के पदकों से सम्मानित किया।

उन्होंने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल ने देश की आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया। आजादी के बाद उन्होंने मजबूत इच्छा शक्ति से देश की रियासतों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। किसी भी देश, राज्य एवं बल की मजबूती के लिए एकता होना सबसे जरूरी है। समाज की शक्ति एकता से ही बढ़ती है। सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने समाज के हर वर्ग के समान विकास के लिए प्रयास किये। उन्होंने प्रशासनिक तंत्र और पुलिस को मजबूती देने का कार्य किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से सरदार वल्लभ भाई पटेल के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार हो रहा है।

इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी, विधायक हरबंस कपूर, गणेश जोशी, खजान दास, मुन्ना सिंह चैहान, मेयर सुनील उनियाल गामा, नरेश बंसल, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव गृह नितेश झा, पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

श्री भरत मंदिर इंटर काॅलेज में दो नवंबर से दो पालियों में होंगी कक्षा संचालित

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने बताया कि दो नवंबर 2020 से शासन के निर्देश पर विद्यालय खोला जाएगा। जिसमें शासन के निर्देशानुसार प्रथम पाली में कक्षा 10 के विद्यार्थियों को समय प्रातः नौ से दोपहर 12 और द्वितीय पाली में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दोपहर एक बजे से साढे़ तीन बजे तक बुलाया जाएगा और शिक्षण कार्य करवाया जाएगा।

प्रधानाचाय ने बताया कि विद्यालय में सैनिटाइजर की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है और सभी छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी पहले से ही कर ली गई है और सभी विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को कोविड-19 में शिक्षा विभाग के दिशा निर्देश अनुसार अपने माता-पिता, अभिभावकों से सहमति पत्र लाना अनिवार्य होगा।

साथ ही विद्यालय में सामाजिक दूरी का पूरा ध्यान रखा जाएगा और शासन के दिशा निर्देशों को पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा। इस अवसर पर लखविंदर सिंह, डा. सुनील दत्त थपलियाल, नवीन मेंदोला, रंजन अंथवाल, रमेश बुटोला आदि उपस्थित थे।

ऋषिकेश की कनुप्रिया का यूरोप में क्लिनिकल साइकोलाॅजिस्ट में रिसर्च के लिए हुआ चयन

ऋषिकेश। तीर्थनगरी की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमा रही है। इसी क्रम में अब कनुप्रिया रावत का भी नाम जुड़ गया है। कनुप्रिया यूरोप में जाकर रिसर्च करेंगी। रायवाला निवासी कनुप्रिया रावत को यूरोप के पोलैंड की प्रसिद्ध काजिमिज विल्कि यूनिवर्सिटी ने भारत से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट में रिसर्च के लिए चुना है। उनकी उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। नवरात्र उत्सव के समापन मौके पर मिले सम्मान को पाकर कनुप्रियाा बेहद अभिभुत नजर आई।

डा. राजे नेगी ने बताया कि कनुप्रिया को भारत से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट में रिसर्च के लिए चुना है। वह भारत से चुनी गई इकलौती स्कॉलर हैं। जो वहां पर रिसर्च करेंगीं। कनुप्रिया की पढ़ाई का खर्चा भी यूनिवर्सिटी उठाएगी यूनिवर्सिटी ने कुल 5 रिसर्च स्कॉलर को चुना है जिनमें कनुप्रिया भी एक है। उन्होंने वर्ष 2018 में देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार से एमएससी की थी। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने पीएचडी के लिए तैयारी की और चयनित हो गई। डॉ नेगी ने बताया कि वह जुडो की खिलाड़ी भी रही है चारों भाई बहनों में सबसे बड़ी है और उनके छोटे भाई बहन उनको अपना रोल मॉडल मानते हैं।कनुप्रिया की छोटी बहन निधि रावत बॉलीबाल की नेशनल खिलाड़ी रही है और वर्तमान में योग शिक्षका के रूप में कार्य कर रही है।
कनुप्रिया मूल रूप से चमोली जिले में थराली के पास गूंगा गांव के रहने वाली है। उनके पिता पुलिस में अधिकारी थे जिनका कुछ वर्ष पहले देहांत हो गया था। कनुप्रिया ने कहा कि अपनी पढ़ाई पूरी कर वह वापस उत्तराखंड के दूरगामी क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। इस मौके पर महासभा के उत्तम सिंह असवाल, लोक गायक धूम सिंह रावत, खेल शिक्षक दिनेश पैन्यूली, अंजली वर्मा, मोनिका पंवार, मनोज नेगी, मनोज रौतेला, लक्ष्मी प्रसाद रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।

निगम क्षेत्र में लोगों को कूड़ा एकत्र को मिलेंगे 50 हजार कूड़ादान

ऋषिकेश को साफ और स्वच्छ रखने की मुहिम में नगर निगम प्रशासन प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ नजर आ रहा है। शहर में घरों से निकली गंदगी सड़कों पर बिखर कर शहर की सुंदरता पर दाग ना लगा सके इसके लिए नगर निगम ने तमाम चालीस वार्डो के प्रत्येक घर में डस्टबिन बांटने का अभियान शुरू किया है। नगर निगम प्रांगण सहित बापू ग्राम स्थित निगम के ग्रामीण क्षेत्र के कैम्प कार्यालय में महापौर ने अभियान का श्रीगणेश लोगों को डस्टबिन बांटकर किया।

नगर निगम महापौर अनिता ममगाई ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में अव्वल आने के संकल्प के साथ साथ निगम काम कर रहा है। घरों की गंदगी सड़कों पर नजर ना आए इसके लिए निगम क्षेत्र के प्रत्येक घर में निगम की ओर से दो-दो निशुल्क डस्टबिन दिए जाएंगे। जिसमें लोगों को सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग डालकर रोजाना निगम के स्वच्छता वाहन में डालना होगा। स्वच्छता वाहन में जीपीएस सिस्टम के अलावा हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाएगा। जिसके जरिए नियमित रूप से निगम के वाहन घर-घर तक पहुंचकर कूड़ा एकत्र करेंगे। बताया कि कूड़े के निस्तारण के लिए यूएनडीपी एचडीएफसी बैंक के माध्यम से निस्तारण प्लांट लगा दिया गया है। गीले कूड़े के निस्तारण के लिए कंपोस्ट पिट बनाई जा रही हैं जिससे खाद बनाई जा सकेगी। मौके पर एसएनए एलम दास, विनोद लाल, पार्षद विजेंद्र मोगा, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद अनीता प्रधान, पार्षद अनीता रैना, पार्षद विपिन पंत,पार्षद लष्मी रावत,पार्षद रश्मि देवी, पार्षद कमलेश जैन, पार्षद रीना शर्मा, पार्षद सुंदरी कंडवाल, पार्षद पुष्पा मिश्रा, पार्षद शकुंतला शर्मा, पार्षद शोकत अली, ग्रामीण जन संपर्क अधिकारी प्रदीप धस्माना, अनिकेत गुप्ता, रंजन अंथवाल, राजीव राणा राणा आदि मौजूद रहे।