खेत में पानी छोड़ने पर दबंगों ने किसान को मारी गोली, मौत

हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में खेत में पानी छोड़ने का विवाद खूनी खेल पर उतर आया। दबंगों ने एक किसान केखेत में पानी छोड़ दिया जिससे उसकी फसल खराब हो गई। विरोध करने पर दबंगों ने पहले तो किसान से मारपीट की और बाद में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के कुंआहेड़ी गांव में 35 वर्षीय भारतवीर पुत्र ब्रजवीर अपने परिवार के साथ अपने खेतों के पास ही बनाए गए घर में रहता था। खेत के बगल से नाली गुजरती है जिसके दूसरी तरफ अन्य लोगों के खेत हैं। पड़ोसी ने अपने खेतों में सिंचाई की थी, लेकिन बाद में पानी भारत के खेतों की ओर छोड़ दिया जिससे उसकी फसल को नुकसान हो गया।

बताया जा रहा है कि भारत ने पड़ोसियों के सामने इस बात का विरोध किया। लेकिन विरोध जताने पर दूसरे पक्ष के लोग भड़ गए और मारपीट पर उतर आए। बाद में उन्होंने भारत की पीठ से तमंचा सटाकर गोली चला दी जो भारत के शरीर के आरपार हो गई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े और घायल अवस्था में उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल लाए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खेत पीड़ित के खेत के पास हैं। जहां रात में पानी छोड़ने से कटे हुए गेहूं में पानी रिस जाने के कारण दोनों पक्षों में सुबह के समय कहासुनी हो गई थी। इसके बाद फोन पर भी दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई। शाम के समय दोनों पक्षों में झगड़ा होने पर भरतवीर की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मौके से लाठी-डंडे और 315 बोर तमंचे का खोखा बरामद किया है। जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल और एसपी देहात एसके सिंह ने भी मौके का मुआयना किया। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में युवक की हत्या की गई है।

निर्विरोध पार्टी उम्मीदवार जीतने को 400 पार की शुभ शुरुआतः भाजपा

भाजपा ने सूरत से निर्विरोध पार्टी उम्मीदवार जीतने को 400 पार की शुभ शुरुआत बताया है। साथ ही प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने दावा किया कि जिस तरह चुनाव परिणामों से पहले ही पार्टी का खाता खुला है, ठीक उसी तरह राज्य में कमल के आगे कई पंजों की जमानत जब्त होने वाली है।

मीडिया में बयान जारी करते हुए जोशी ने गुजरात में सूरत सीट से भाजपा उम्मीदवार श्री मुकेश दलाल के निर्विरोध जीत पर खुशी जताई हैं। उन्होंने कहा, इतिहास में पहली बार किसी भाजपा उम्मीदवार का बिना चुनाव के लोकसभा पहुंचने का यह पहला मौका है। जो देश में मोदी जी के तीसरी बार प्रचंड जीत का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा, ठीक ऐसे ही मिलते जुलते आसार भाजपा के पक्ष में उत्तराखंड में भी नजर आ रहे हैं। जिस तरह का उत्साह और माहौल मतदाताओं के बीच मोदी जी को लेकर देखा गया और जिस तरह का फीड बैक कार्यकर्ताओं से प्राप्त हो रहा है। उसको देखते हुए, एक से अधिक कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त होना तय है।

उन्होंने कटाक्ष किया, जिस तरह प्रस्तावक के फर्जी हस्ताक्षर करने की बात सामने आने पर सूरत में कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन रद्द हुआ। ठीक ऐसे ही फर्जी घोषणाएं और सोशल मीडिया पर झूठा प्रचार कांग्रेस ने उत्तराखंड में किया है। जनता को न उनके दिल्ली के नेता नजर आए, न स्थानीय नेताओं की सभाओं में जनता नजर । और तो और उम्मीदवार भी पूरी तरह सोशल मीडिया के प्रचार पर निर्भर रहे, यही वजह है कि पोलिंग बूथों पर उनके कार्यकर्ता भी नजर नहीं आए, लेकिन जनता ने अपना जवाब ईवीएम में दर्ज कर दिया है, जो पांचों सीटों पर भाजपा की रिकॉर्ड मतों से जीत के रूप में 4 जून को सामने आ जाएगा।

उत्तराखंड राज्य स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में ऋषिकेश के खिलाड़ियों का रहा जलवा

उत्तराखंड एमेच्योर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में देहरादून में उत्तराखंड राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता परेड ग्राउंड देहरादून बैडमिंटन हॉल में आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में नेशनल रेफरी किक बॉक्सिंग एवम कोच शिवानी गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 अप्रैल 2024 को उत्तराखंड एमेच्योर किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कोटनाला ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता में देवभूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मनन डोगरा दो स्वर्ण, हर्षित भट्ट दो स्वर्ण, दिव्यता थापा दो स्वर्ण, सोनाक्षी पात्रों दो स्वर्ण, तविषा तनेजा दो स्वर्ण,वर्णिका दो स्वर्ण, श्लोक गैरोला स्वर्ण एवम रजत,निकिता कौशिक स्वर्ण एवम रजत,सान्या स्वर्ण एवम रजत, भव्या चौहान दो रजत, शिवानी रजत एवम कांस्य, गरिमा कोठियाल दो रजत,माधवन रजत एवम कांस्य, सार्थक भट्ट दो स्वर्ण, अंश पाल दो रजत, प्राची नौटियाल दो कांस्य पदक हासिल किए।

कोच शिवानी गुप्ता ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता महाराष्ट्र पुणे के लिए हुआ है। इस अवसर पर उत्तराखंड एमेच्योर के किक बॉक्सिंग एसोसिएशन अध्यक्ष अरविंद कोटनाला, वर्किंग प्रेसिडेंट ओम प्रकाश मल, महासचिव सत्येंद्र कुमार, कोच मुक्ति, कोच विपिन डोगरा, कोच सुमित कुमार, कोच आदर्श कुमार, कोच मिंटू सैनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के कारण भगवान राम अयोध्या में कई दशकों से एक टेंट में रहने को मजबूर रहेः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में आयोजित हिन्दू नव वर्ष महोत्सव में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये मेरा परम् सौभाग्य है कि आज मुझे एक साथ इतने महानुभावों का सानिध्य प्राप्त हो रहा है। आप सभी की आभा और ऊर्जा ने मेरे मन मस्तिष्क को और भी अधिक जागृत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित प्रत्येक संत को, सनातन संस्कृति के प्रत्येक प्रहरी को दंडवत प्रणाम करता हूं और आशा करता हूं कि आप सभी सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।

उन्होंने इस दौरान दिल्ली भाजपा के सभी लोकसभा प्रत्याशियों के भारी मतों से विजयी होने की कामना करते हुए सभी को ष्हिन्दू नववर्षष् की शुभकामनाएं प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह हिन्दू नववर्ष महोत्सव कई मायनों में विशिष्ट है, क्योंकि जहां एक ओर आप सभी विद्वानों का सानिध्य प्राप्त हो रहा है, वहीं सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर हम सबको आत्मिक शांति प्राप्त हुई है। ब्रह्म पुराण के अनुसार चौत्र शुक्ल प्रतिपदा को ब्रह्मा जी ने सृष्टि का निर्माण किया था, इस दिन को नव संवत्सर, गुडीपडवा सहित कई नामों से देश के अलग अलग क्षेत्रों में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज भी हमारी गणना इतनी सटीक है कि अमावस्या और पूर्णिमा सहित सूर्यग्रहण और चंद्रग्रहण जैसी खगोलीय घटनाओं की सटीक जानकारी हमें पहले ही प्राप्त हो जाती है और इन सबका आधार पूर्ण रूप से वैज्ञानिक है। इतनी विशेषताओं को समेटे हुए हमारा नव वर्ष वास्तव में हमें कुछ नया करने की प्रेरणा देता है। ग्रहों की चाल पर आधारित हमारा नववर्ष सबसे विशिष्ट और वैज्ञानिक है फिर भी यह दुर्भाग्य है कि हमारा समाज एक स्वर में भारतीय नववर्ष को नहीं मनाता।

उन्होंने कहा कि, भारतीय नव वर्ष के प्रति इतनी उदासीनता का मुख्य कारण संस्कृति के संवर्धन के प्रति पूर्व की सरकारों की उदासीनता रही। परंतु 2014 के पश्चात समय बदल चुका है, आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में आज पुनः भारतीय सनातन संस्कृति की धर्म ध्वजा पूरे विश्व में शान से फहरा रही है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को ज्ञात है कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के कारण भगवान राम अयोध्या में कई दशको से एक टेंट में रहने को मजबूर थे। आदरणीय मोदी जी को देश की सेवा करने का अवसर मिला तो उन्होंने दृढ़ निश्चय के साथ अयोध्या में श्रीराम का भव्य और दिव्य मंदिर बनवाकर राम लला को टेंट से महल में लाने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने केदारनाथ तथा बद्रीनाथ धाम के पुनर्विकास कार्यों में हर कदम पर हमारा भी पूरा साथ दिया। इतना ही नहीं, देवभूमि के विभिन्न पौराणिक मंदिर जिनके पुनर्विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता थी उन मंदिरों के लिए प्रधानमंत्री जी के सहयोग और मार्गदर्शन में मानसखंड मंदिर माला मिशन भी प्रारंभ किया गया। जिसके तहत मानसखंड के विभिन्न पौराणिक मंदिरों का पुनर्विकास और वहाँ तक पहुँचने की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा रही है।

इतना ही नहीं मोदी जी के नेतृत्व में बने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और उज्जैन के महाकाल लोक जैसे निर्माण कार्य आज विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। आदरणीय मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अब देश के साथ ही विदेशों में भी सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में हमने अपने संकल्प पत्र में यह संकल्प लिया है कि हम विश्वभर में रामायण उत्सव मनाएंगे। ऐसे संकल्प सिर्फ वही ले सकते हैं जिन्होंने सनातन संस्कृति को शुद्ध अंतः करण से अपना माना हो। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ ही देश का चहुंमुखी विकास भी हुआ है। आज भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है और तीसरी बनने की ओर अग्रसर है। देश का समग्र विकास सुनिश्चित करने के साथ ही आदरणीय मोदी जी ने देश हित में कई अभूतपूर्व एवं कड़े निर्णय लिए हैं। राम मंदिर निर्माण के अलावा ब्।। लागू करना, धारा 370 का खात्मा और तीन तलाक की समाप्ति ऐसे कुछ उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि हमने भी एक ओर जहां उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी को समान अधिकार देने की पहल की है, वहीं धर्मांतरण विरोधी कानून बनाकर और लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई कर हमने ये बता दिया है कि सनातन के खिलाफ किया गया कोई भी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक ओर उत्तराखंड में हम जहां एक ओर समान नागरिक संहिता की बात कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में ष्मुस्लिम पर्सनल लॉ की बात कर रही है। यह बहुत शर्मनाक है। आज जब देश मे चुनाव चल रहा है तो ये दल मंदिरों में जाने का ढोंग कर रही हैं। दिल्ली में केजरीवाल की पार्टी बहुत धूर्तता से कार्य कर रही है। आज तमाम विदेशी शक्तियों के साथ मिलकर यह दल मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकना चाहती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मतदान हो चुका है और पांचों सीट भाजपा जीत रही है। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली के लोगों से भी कहना चाहता हूँ कि दिल्ली की 7 की 7 सीट जीतकर देनी हैं और मोदी जी को एक बार फिर देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

वनाग्नि रोकने को सीएम धामी ने बुलाई बैठक, दिए निर्देश

उत्तराखंड में गर्मियां शुरू होते ही जंगलों का धधकना शुरू हो चुका है। जंगलों को आग बचाना सरकार की पहली प्राथमिकता बन गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज तमाम विभागों से जुड़े अधिकारियों के साथ अहम बैठक की और अधिकारियों को वनाग्नि रोकने के लिए दिशा निर्देश दिए।

सीएम धामी ने अधिकारियों के साथ हुई वर्चुअल बैठक में कहा ‘गर्मियों के चार महीने उत्तराखंड में वनाग्नि की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होते हैं। इन महीनों में अधिक से अधिक सतर्क रहना चाहिए। पूरा प्रयास कर वनाग्नि की घटनाओं को रोकने की कोशिश करनी चाहिए। सीएम धामी ने कहा स्थानीय स्तर पर प्रभारी वनाधिकारी के स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किये जाएं। हेल्पलाइन नम्बर तथा टोल फ्री नंबर जारी करते हुए, उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। लोगों को भी इसके लिए जागरूक किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र में भी वनाग्नि की घटनाएं हो रही हैं उसके लिये सम्बंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। सीएम ने कहा कि अगर कोई जानबूझकर वनों में आग लगाने की घटना में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। बैठक में पिरुल का उपयोग किए जाने तथा आबादी क्षेत्रों में बंदरों के आवागमन को रोकने पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

ब्रह्मलीन हुए शैव मृत्युंजय हिरेमठ, धर्माचार्यों ने व्यक्त की संवेदना

श्री केदारनाथ धाम में वेदपाठी का कार्य संभाल रहे शैव मृत्युंजय हिरेमठ का शुक्रवार शाम आकस्मिक निधन हो गया। उनके ब्रह्मलीन होने से चारों ओर शोक की लहर है। धर्माचार्यों से लेकर आम लोग उनके निधन पर गहीर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति ने भी उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने प्रार्थना की है कि भगवान केदारनाथ हीरेमठ को अपने श्री चरणों में स्थान दें। उनके पारिवारिक जनों को इस दुख को सहन करने की क्षमता प्रदान करें। आज उन्हें मंदाकिनी तट पर समाधि दी गयी।

बता दें कि केदारनाथ धाम के वेदपाठी शैव मृत्युंजय हीरेमठ को शुक्रवार को अचानक दिल का दौरा पड़ा था जिससे मात्र 31 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। युवा वेदपाठी मृत्युंजय हीरेमठ, रावल 108 श्री गुरुलिंग जी महाराज के चार पुत्रों में सबसे छोटे थे। दक्षिण भारत के जंगम शैव समुदाय से तालुक रखनेवाले मृत्युंजय हीरेमठ अविवाहित थे। उनका परिवार अब स्थायी रूप से उखीमठ (रुद्रप्रयाग) में ही निवास करता है। उनके पिता गुरुलिंग भी केदारनाथ धाम के पुजारी के रूप में सेवा दे चुके हैं। उनके बड़े भाई शिवशंकर लिंग मंदिर समिति केदारनाथ प्रतिष्ठान में पुजारी के पद पर हैं। देश विदेश में बाबा केदारनाथ के भक्त मृत्युंजय को उनके मधुर मंत्रों और आरतियों से पहचानते हैं। वह शिव स्त्रोतम् सहित भगवान भोलेनाथ के भजनों का लय वद्ध गायन करते थे। सोशल मीडिया में उनके भजनों को काफी प्रशंसा भी मिली। केदारनाथ मंदिर परिसर में उनका गाया ‘सौराष्ट्रदेशे विशदेऽतिरम्ये ज्योतिर्मयं चन्द्रकलावतंसम्। भक्तिप्रदानाय कृपावतीर्णं तं सोमनाथं शरणं प्रपद्ये ॥’ लोगों को बहुत पसंद आया था। सोशल मीडिया पर उनकी मधुर आवाजा में गाया ये श्लोक मंत्र बहुत वायरल हुआ था

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने केदारनाथ धाम में वेदपाठी का कार्य संभाल रहे मृत्युंजय हीरेमठ (के आकस्मिक निधन पर शोक- संवेदना जतायी है। उन्होंने कहा कि मृत्युंजय हीरेमठ ने हमेशा निष्ठा एवं सेवा भाव से कार्य किया तथा शोसल मीडिया में उनके शिव भक्ति स्त्रोत, भजन तथा लय पूर्ण गायन लोकप्रिय रहे। उनके निधन से मंदिर समिति को अपूर्णीय क्षति हुई है। उनके निधन की खबर के बाद मंदिर समिति के उखीमठ, जोशीमठ, देहरादून सहित सभी कार्यालयों, विश्रामगृहों में शोक सभा आयोजित हुई

उत्तराखंड में प्रथम चरण में संपन्न हुए लोस चुनाव, लोगों में दिखा कम उत्साह

उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। सुबह लोगों ने खासा उत्साह दिखाया, लेकिन शाम ढलते ही मतदान का जोश कम होता गया। शाम 5 बजे तक 53.56ः मतदान हुआ है। हालांकि पोस्टल बैलेट, 85$ उम्रदराज वोटर और दिव्यांग वोटरों को मिलाकर ये आंकड़ा थोड़ा बढ़ सकता है। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में 61 फ़ीसदी वोटिंग के मुकाबले बेहद कम वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा 59.36 फीसदी मतदान नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट पर हुआ है।

आज सुबह से ही मतदान को लेकर सभ जिलों में उत्साह देखा गया। सुबह सुबह पोलिंग बूथ पर वोटरों का तांता लगना शुरू हो गया। कहीं बुजुर्ग महिलाएं, कहीं जोड़े में सजी दुल्हनें, कहीं फर्स्ट टाइम वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग करने घऱों से निकले। लेकिन दोपहर बाद मतदान के प्रति लोगों की दिलचस्पी कम होती दिखी। अनेक जगहों पर वोटरों ने मतदान का बहिष्कार किया। शाम होते होते मतदान के आंकड़े में कमी देखी गई।

शाम 5 बजे तक कुल 53.56 फ़ीसदी वोटिंग हुई जो 2019 के मुकाबले बेहद कम है।
अल्मोड़ा संसदीय सीट पर 44.43 फीसदी
गढ़वाल लोकसभा सीट पर 48.79 फीसदी
टिहरी संसदी सीट पर 51.01 फीसदी
हरिद्वार लोकसभा में 59.01 फीसदी
नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट पर शाम 5 बजे तक सबसे ज्यादा 59.36 फीसदी मतदान हुआ है।

मतदान को लेकर दुल्हन और दुल्हे में दिखा उत्साह, परिधान में ही पहुंचे वोट देने

उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहले चरण की वोटिंग जारी है। पांचों सीटों पर सुबह से ही मतदान के लिए खासा उत्साह दिख रहा है। आजकल शादी का सीजन भी चल रहा है। इस बीच कई पोलिंग बूथ पर सुखद तस्वीरें देखने को मिली हैं, जहां दुल्हनें जोड़े में सजकर वोट देने निकली। पौड़ी हो या कासशीपुर, दुल्हनों ने वोट देने के लिए गजब का उत्साह दिखाया है।

गढ़वाल लोकसभा सीट के विकासखंड कोट में भी दुल्हन ने ससुराल विदा होने से पहले वोट किया और लोकतंत्र के पर्व में भाग लिया। दुल्हन सोनाली ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय रणाकोट में पहुंचकर मतदान किया।

श्रीनगर में भी नवविवाहित जोड़ा शादी की रस्म खत्म होते ही जीआईसी श्रीनगर के पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचा। श्रीनगर के ही जोखोला पोलिग बूथ पर विदाई से पहले दुल्हन पति के साथ वोट देने पहुंची।

काशीपुर की 23 साल की दीक्षा की शादी देहरादून के अंशुल के साथ हुई है। बीते रोज अंशुल बारात लेकर काशीपुर पहुंचे थे। शुक्रवार 19 अप्रैल सुबह को विवाह समारोह की सभी रस्में पूरी हो गई थी, लेकिन सुबह विदाई से पहले दीक्षा अपने पति अंशुल और अन्य परिजनों के साथ मतदान केंद्र गई और वोट किया। वोट डालने के बाद दीक्षा की विदाई हुई. दूल्हे अंशुल ने कहा कि वो भी देहरादून में जाकर सबसे पहले मतदान करेंग.. नवविवाहित की इस पहल की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।

बता दें कि 5 लोकसभा सीटों पर 85 लाख मतदाता 55 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। नतीजे 4 जून को आएंगे।

मुख्यमंत्री धामी के हल्द्वानी रोड शो में उमड़ा जनता का हूजूम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नैनीताल लोकसभा के अंतर्गत हल्द्वानी में आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान हजारों की संख्या में जनता का हुजूम उमड़ा और पूरा हल्द्वानी शहर भगवामय हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोटों से जीताने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की रामनवमी हम सबके लिए बहुत विशेष है। यह दिन हम सबके जीवन में पहली बार आया है जब रामलला जो 500 वर्षों से अपने घर से बाहर रह रहे थे, इस बार का अपना जन्मदिन अपने महल में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी का विशेष अभिनंदन करता हूँ कि उनकी वजह से आज हम सबको यह अवसर प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है और मोदी जी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उत्तराखंड की पांचों सीटें भी हम जीतकर प्रधानमंत्री जी के 400 पार के नारे को साकार करने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हर किसी को मतदान में जरूर भाग लेना है और हिमालयी राज्यों के बीच सबसे अधिक मतदान का रिकॉर्ड बनाना है। साथ ही ऐतिहासिक विजय हमें यहां से भाजपा को दिलानी है। उन्होंने कहा कि 4 जून को जब नतीजे आएंगे, उस दिन निश्चित हम एक बार फिर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनते देखेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के हृदय में उत्तराखंड बसता है और अब हमारी बारी है कि हमें यहां से प्रचंड बहुमत से सभी प्रत्याशियों को जीत दिलानी है।

विकास करते समय हम किसी से पक्षपात नहीं करते हैंः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुल्तानपुर, (लक्सर), हरिद्वार में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऋषिकेश की जनसभा से सभी को अपना प्रणाम और राम राम भेजा है। उन्होने कहा निश्चित ही इस क्षेत्र के प्रस्तावित विकास कार्य को आगे बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा हरिद्वार लोकसभा से प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत जी को सबने समर्थन देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक योजनाएं आगे बढ़ी हैं। मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीब व्यक्ति को आगे बढ़ाने की चिंता, अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचने का काम किया गया है। बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी ने दिन रात समाज हित में काम किया है, देश की सेवा की है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में काम करती है। ’विकास करते समय हम किसी से पक्षपात नहीं करते हैं।’ हमने सुल्तानपुर को ग्राम सभा से नगर पंचायत घोषित कर विकास कार्यों को गति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कश्मीर के अंदर धारा 370 का खात्मा, देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू, तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को मुक्ति मिली है, अयोध्या में भगवान श्रीराम का दिव्य व भव्य मंदिर का निर्माण, लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण दिया गया है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को एक विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव से पूर्व किए वादे को पूरा करते हुए राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर दिया है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने लंबे समय से चली आ रही नकलों पर कड़ी कार्रवाई की है। नकल माफियाओं का खेल बंद करके युवाओं को उनका हक दिलाया और नकल विरोधी कानून लागू किया। इसके साथ ही धर्मांतरण रोकने के लिए धर्मांतरण कानून, दंगाईयों से सख्ती से निपटने के लिए दंगारोधी कानून को मंजूरी दे दी गई है। महिलाओं को सरकारी नौकरी में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क, पेयजल, बिजली सहित अन्य सुविधाएं ग्रामीणों को उपलब्ध करा रहे हैं। पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए 11 करोड़ रुपए से पाइपलाइन बिछाई जा रही है। अकोड़ा खुर्द से दरगाहपुर गांव को जोड़ने के लिए बाण गंगा नदी पर पुल का निर्माण कराया है। गेब्बू नदी पर भी पुल का निर्माण कराया गया है। सुल्तानपुर से पँचलेश्वर महादेव मंदिर से कंकर खाता तक सड़क का निर्माण कराया गया है। लक्सर को सीधे दिल्ली-देहरादून हाइवे से जोड़ने के लिए शाहपुर भोगपुर से रायसी तक स्टेट हाइवे का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही बाढ़ सुरक्षा के लिए काम किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा ’सरकार आज जनता की सेवा के लिए पूरी शक्ति और सामर्थ्य से काम कर रही है।’

मुख्यमंत्री ने कहा ’पूर्व की सरकारों ने हर वर्ग को वोटबैंक की तरह प्रयोग किया। इन लोगों ने देश का नमक खाकर भी देश को छलने की कुचेष्टा की।’ विपक्षी दलों ने एकजुट होकर गठबंधन बना लिया, लेकिन यह गठबंधन भी ठगबंधन निकला।
ठगबंधन के ये नेता अब जेल की सलाखों के पीछे पहुंच रहे हैं। नेता या तो जेल में हैं या फिर बेल में हैं। विपक्षियों ने जितना देश को लूटना था वह लूट चुके हैं, परन्तु अब आदरणीय मोदी जी के नेतृत्व में इनकी लूट की दुकानों पर ताला लग चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को भारी बहुमत से जीताकर प्रधानमंत्री मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में सबने अपना योगदान देना है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, संजीव शर्मा, श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।