सीएम ने किया जिला सूचना कार्यालय चंपावत द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका 2024 का विमोचन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनकपुर स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में स्थानीय जनता से मिले तथा उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित निराकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। आम जनता को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरलीकरण समाधान एवं निस्तारण की भावना के साथ जन समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित किये जाने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिये गए है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग चंपावत द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका 2024 का भी विमोचन किया,और पुस्तिका प्रकाशन पर विभाग की सराहना भी की। कुमाउनी लोक गायक हरु जोशी द्वारा यूसीसी पर बनाए गए गीत को लांच किया।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मिले। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ भाजपा नेता रोहतास अग्रवाल के आवास पर जाकर उनका भी हालचाल जाना।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा, प्रदेश भाजपा मंत्री हेमा जोशी, जिलाधिकारी नवनीत पाण्डे, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

सीएम ने राज्य में महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा एवं समस्त आयामों के सुदृढीकरण हेतु मोबाइल वैनों को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा एवं समस्त आयामों के सुदृढीकरण हेतु प्रचार प्रसार एवं रेस्क्यू मोबाइल वैनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि हमारी सरकार महिला, किशोरियों व बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिये सदैव कटिबद्ध है तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की यह पहल सराहनीय है।

उल्लेखनीय है कि ये मोबाइल वैन राज्य के जनपदों में गांव गांव जाकर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों से सम्बन्धित संचालित समस्त योजनाओं का प्रचार प्रसार सुनिश्चित कर, उन योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास करने के साथ ही किसी भी पीड़ित महिला व किशोरी को सुरक्षा प्रदान करते हुये चिकित्सा, कानूनी एवं आश्रय सुविधा प्रदान करेंगी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव प्रशांत कुमार आर्य, उप निदेशक विक्रम सिंह, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी मोहित चौधरी, राज्य परियोजना निदेशक आरती बलोदी, नोडल अधिकारी मुख्यालय उदय प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिद्वार सुलेखा सहगल, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्यालय तरूणा चमोला सहित सम्बन्धित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

दून में विभिन्न विधानसभाओं की विकास योजनाओं का सीएम ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिटी फॉरेस्ट (निकट सहस्त्रधारा हैलीपैड), देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की लगभग 226 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 186 करोड़ के शिलान्यास एवं 40 करोड़ के लोकार्पण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की लोकार्पण एवं शिलान्यास की गई योजनाओं में मुख्य रुप से सिटी फॉरेस्ट परियोजना, हरबर्टपुर बस स्टैण्ड, आढत बाजार पुनर्विकास परियोजना, मसूरी मॉल रोड का फसाड एवं सौंदर्गीकरण का कार्य, इको पार्क मसूरी, मालदेवता क्षेत्र में वॉटरफॉल (जल प्रपात) का सौंदर्गीकरण का कार्य, गौरा देवी पार्क एवं कृत्रिम झील का सौंदर्गीकरण कार्य, राजकीय इण्टर कॉलेज मियांवाला के समीप जौहड़ की भूमि पर वॉटर पार्क लैण्डस्केपिंग का कार्य, मियांवाला पंचायत घर के पास गन्ना सेन्टर के समीप भूमि पर पार्क निर्माण/लैण्डस्केपिंग / सौंदर्गीकरण कार्य, एवं आई०एस०बी०टी० परिसर में लैण्डस्केपिंग / आरबोरीकल्चर का कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की लगभग 226 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण, यहां के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा सरकार ने विभिन्न कार्यक्रमों के तहत संपूर्ण प्रदेश में कई शिलान्यास और लोकार्पण किए है। जिसमें टनकपुर में 2215 करोड़, हरिद्वार में एनएचएआई की 4700 करोड़, हरिद्वार में 1168 करोड़, चंपावत में 161 करोड़, अल्मोड़ा में 117 करोड़, पौड़ी गढ़वाल में 828 करोड़, रुद्रप्रयाग में 456 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया। राज्य सरकार का संकल्प है कि जिन योजनाओं का शिलान्यास किया है उनका लोकार्पण भी किया जाए। सरकार हर क्षेत्र के संतुलित विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। हमारा जोर संतुष्टिकरण पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। देश तेजी से विकास करते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है। सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, आस्था के सम्मान, आजीविका, हर क्षेत्र में दुनिया नए भारत का दर्शन कर रही है, भारत की ताकत को प्रतिष्ठित कर रही है। देश के विकास के साथ ही उत्तराखंड का भी तीव्र विकास हुआ है। लोगों की उत्तराखण्ड के प्रति धारणा बदल चुकी है। डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड में काम कर रही है। राज्य में नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर तेजी बढ़ें हैं, नागरिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है, गरीबों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, किसानों का सम्मान बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में चौड़ी सड़कों का जाल बिछ रहा है, ऋषिकेश के बाद अब उधमसिंह नगर में एम्स का सेटेलाइट सेंटर बन रहा है। दिल्ली देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेस वे, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन, हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य सेवाएं पहले से बेहतर हुई हैं। देहरादून से अयोध्या तक की हवाई सेवा शुरू हुई है। पंतनगर, चिन्यालीसौड़, गौचर में हवाई अड्डे का विकास हो रहा है। राज्य के प्रत्येक क्षेत्र को हेली सेवा से जोडने का कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में नकल विरोधी कानून के तहत नकल कराने वालों पर कार्यवाही हो रही है, महिलाओं को समान अधिकार देने हेतु समान नागरिक संहिता लागू किया है, लैंड जिहाद के खिलाफ युद्ध स्तर पर कार्यवाही हो रही है और दंगारोधी कानून लाया गया है। केदारखण्ड के साथ ही मानसखण्ड मंदिर माला के तहत मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ की पवित्र भूमि से “21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक“ बताया था। उसी क्रम में देवभूमि में चहुंमुखी विकास किया जा रहा है, उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाने के कार्य निरंतर जारी है। सक्षम, समर्थ और विकसित उत्तराखंड बनाने की नींव को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार आगे भी प्रधानमंत्री जी की आकांक्षाओं और उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष डॉ. आरके जैन, वी. सी एमडीडीए श्री बंशीधर तिवारी, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

विश्व दलित परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेन्द्र पाल सिंह चमार ने डीजीपी को भेजा पत्र

देहरादून। दलित व्यक्ति के साथ अत्याचार उत्पीड़न और गालीगलौज करने के आरोप में गिरफ्तार आशुतोष नेगी को कठोर सजा दिलाने की मांग को लेकर दलित समुदाय मुखर होने लगा है। इस मामले में विश्व दलित परिषद ने उत्तराखण्ड के डीजीपी को पत्र भेजकर आशुतोष नेगी व अन्य आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। साथ ही मांग पूरी न होने पर आन्दोलन की चेतावनी भी दी है।
विश्व दलित परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेन्द्र पाल सिंह चमार ने डीजीपी अभिनव कुमार को भेजे पत्र में कहा है कि आशुतोष नेगी व उसके कुछ साथी अनुसूचित जाति के एक समाज सेवी रोजेश राजा कोली के साथ अपमानजनक व्यवहार, मारपीट और गालीगलौज करने के आरोप में गिरफ्तार हैं। इन आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने डीजीपी से अनुरोध किया है कि आशुतोष नेगी और अन्य आरोपियों को जमानत न दी जाए बल्कि उन्हें कठोर से कठोर दण्ड दिया जाए।
अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेन्द्र पाल सिंह चमार ने कहा है कि उत्तराखण्ड की मौजूदा सरकार में अनुसूचित जाति के लोगों के हित सुरक्षित हैं, उनका मान सम्मान बढ़ा है और उन्हें न्याय भी मिलता आया है। किन्तु कुछ ऐसे असामाजिक तत्व हैं जो बुरी भावना से दलित समाज के लोगों के साथ अतयाचार करते हैं और उनके मान सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं। यदि ऐसे आरोपियों को जमानत मिली तो दलित समाज का विश्वास टूट जाएगा और उन्हें आन्दोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

सीएम ने हल्द्वानी में किया 778 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में 778.14 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया, जिसमें काठगोदाम रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय व अन्य योजनायें शामिल हैं। महाशिवरात्रि व महिला दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि देवभूमि का मूल स्वरूप किसी भी कीमत पर बिगड़ने नही दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बनभूलपुरा घटना को अंजाम देने वाले एक-एक दंगाई को जब तक सलाखों के पीछे नहीं डाल दिया जाता, तब तक हमारी सरकार चौन से नहीं बैठेगी। जिन लोगों ने कानून के काम को रोकने का कार्य किया है जो भी दोषी होगा उनके खिलाफ जांच होगी। उन्होंने कहा प्रदेश में जिन लोगों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुचाया है वसूली भी उन्ही दंगाइयों से होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय, ड्राइविंग सेंटर सहित यह निर्माण कार्य कई साल पहले तैयार हो जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार द्वारा तमाम ऐसे कार्य किये जा रहे हैं, जो पूर्व की सरकारों ने इच्छाशक्ति की कमी के कारण नहीं हो पाये।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाभार्थियों को चेक प्रदान किये गये। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत लखपति दीदी योजना के अन्तर्गत 10 स्वयं सेवी संस्थाओं को 4 करोड़ 6 लाख 50 हजार के चेक प्रदान किये गये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत जनपद की 40 बालिकाओं 10-10 हजार के चेक दिये गये। समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल तथा 10 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर दी गई। कृषि विभाग के 25 कृषको को सम्मानित किया गया। बनभूलपुरा घटना में पत्रकारों के दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त होने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से 10 लाख का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर ईजा बैंणी महोत्सव पर आधारित वीडियो भी मुख्यमंत्री द्वारा लांच की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि जैसे पवित्र भूमि पर लंबे समय से सरकारी भूमि पर लैंड जिहाद का खतरनाक षड़यंत्र रचा जा रहा है। सिंचाई विभाग, वन विभाग, नगर निगम सहित अन्य विभागों की सरकारी भूमि पर कब्जे की नीयत से कथित धार्मिक स्थल बनाकर उन्हें कब्जाया जा रहा था। सरकार द्वारा अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाकर लगभग 3500 एकड अधिक भूमि से अतिक्रमण मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में अतिक्रमण अभियान भविष्य में भी चलता रहेगा। सरकार जनता का दुख दर्द समझती है सरकार द्वारा व्यापारियों हेतु वैडिंग जोन बनाये जाने की भी बात मुख्यमंत्री ने कही।

उन्होंने कहा कि राज्य हित में नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और धर्मांतरण को लेकर कानून बनाये गये हैं, इससे युवाओं, महिलाओं के हित सुरक्षित होने के साथ देवभूमि के स्वरूप को बनाये रखने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार द्वारा केवल फैसले ही नहीं लिये जा रहे है, बल्कि सभी योजनाओं को धरातल पर भी उतारा जा रहा है। सरकार द्वारा जिन योजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है समयावधि के भीतर उन योजनाओं को पूर्ण कर लोकार्पण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा आज रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय व अन्य कार्यों का शिलान्यास उनके द्वारा किया गया है मां शीतला देवी के आर्शीवाद से लोकार्पण भी उन्ही के द्वारा किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा हमेशा से ये लक्ष्य रहा है कि उत्तराखण्ड का सर्वांगीण विकास हो और उत्तराखंड प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय, ड्राइविंग स्कूल का निर्माण होने से जहां रोजगार के अवसर बढेंगे, वही इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। अब आम जनता को वाहनों से सम्बन्धित कार्यों के लिए इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा। उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने का जो ’’विकल्प रहित संकल्प’’ हमने लिया है। उत्तराखण्ड की देवतुल्य जनता के विश्वास और सहयोग से हम निश्चित रूप से सफल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हम उत्तराखंड के अंतिम छोर पर खडे़ व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए दिनरात प्रयासरत हैं। सरकार का लक्ष्य विकास की धारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, इसके लिए ही सरकार दिन-रात प्रयत्नशील हैं। विकसित उत्तराखंड निर्माण का जो स्वप्न हमने देखा है, उसके लिए हम ’’स्पष्ट विजन’’ के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमारी नीति और नियत दोनों स्पष्ट हैं, जिससे हम राज्य की विकास यात्रा निरंतर आग बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में इन्फ्रास्क्टचर, पर्यावरण सुरक्षा एवं आधुनिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास के लिए भी विशेष अभियानों का संचालन किया जा रहा है। राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए, राज्य में पलायन को रोकने के लिए, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए और राज्य की आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सरकार द्वारा नीतिगत योजनाओं का खाका तैयार किया गया है।

अपने सम्बोधन में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आज प्रदेश में विकास की लहर चल रही है और प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा हल्द्वानी शहर की फिजा भी परिवर्तित होने वाली है। देश के प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखण्ड के लिए अनेकों कार्यों का जो संकल्प लिया है जल्द ही धरातल पर उतरने वाले है।

कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, डा0 मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, रामसिंह कैडा, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डा0 अनिल कपूर डब्बू, सुरेश भट्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरम्वाल, पूर्व मेयर डा. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, सचिव परिवहन अरविंद सिंह हयांकी, जिलाधिकारी वंदना, एसएसपी पीएन मीणा, नगर आयुक्त विशाल मिश्रा के साथ ही बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

देहरादून में हुआ सीएम का भव्य रोड शो, भारी भरकम जुड़ी जनता


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ’नारी शक्ति महोत्सव’ के अंतर्गत देहरादून के त्यागी रोड से लेकर बन्नू स्कूल मैदान तक आयोजित भव्य रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित महिलाओं, क्षेत्रीय जनता ने मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्रीय जनता के स्वागत से मुख्यमंत्री अभिभूत नजर आए। मुख्यमंत्री ने भी लोगों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह,विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सहदेव सिंह पुंडीर, सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के सदस्यों ने की मुख्यमंत्री से भेंट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सचिवालय देहरादून में उत्तराखण्ड चार धाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के सदस्यों ने भेंट की। इस अवसर पर समस्त तीर्थ पुरोहितों एवं पुजारियों ने उत्तराखंड राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड विधेयक पारित किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया एवं उन्हें अभिनंदन पत्र भेंट किया।

तीर्थ पुरोहितों एवं पुजारीयों ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता विधेयक पास कर ऐतिहासिक कार्य किया है। इससे देश में उत्तराखण्ड राज्य का सम्मान बढ़ा है।

इस अवसर पर अध्यक्ष उत्तराखण्ड चार धाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत सुरेश सेमवाल, उपाध्यक्ष संतोष त्रिवेदी, पुरूषोतम उनियाल, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सीएम ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों एवं मॉनिटरिंग हेतु कमेटी गठित किए जाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय देहरादून में चारधाम यात्रा 2024 की तैयारियों के सम्बन्ध में आयोजित बैठक में प्रतिभाग करते हुए आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों एवं मॉनिटरिंग हेतु कमिटी गठित किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चारों धामों में यातायात प्रबंधन के सुगम संचालन हेतु एसपी/ एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी को नियुक्त किए जाने, सभी अधिकारी एवं विभागों में आपसी समन्वय से कार्य किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा बीते सालों की यात्रा में जो कमी एवं समस्याएं सामने आई हैं, उनके अनुभवों से, प्लानिंग से काम कर उन समस्याओं को इस वर्ष दूर किया जाए। संपूर्ण पैदल मार्गाे एवं संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी लगाए जाए। उन्होंने कहा यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा शासन स्तर से चारों धामों की लाइव मॉनिटरिंग की जाए साथ ही आपदा कंट्रोल रूम का सुचारू संचालन किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब मौसम पूर्वानुमान की सूचना यात्रियों तक समय से पहुंचे। जिसके लिए यात्रियों के मोबाईल पर अलर्ट मैसेज की व्यवस्था की जाए। पैदल मार्गाे की नियमित सफ़ाई हो। यात्रा मार्ग पर बने शौचालयों में विशेष तौर पर साफ सफाई रखी जाए। यात्रा मार्गाे पर शौचालय की संख्या भी बढ़ाई जाए। उन्होंने मिशन मोड पर प्लास्टिक फ्री चार धाम पर काम करने के निर्देश दिए। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व ही चारों धामों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। पैदल मार्गाे में स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर सुचारू पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम मार्गों का सुधारीकरण यात्रा से पूर्व कर लिया जाए। जिन स्थानों पर अधिकांश मार्ग अवरूद्ध होते है ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण कर जे.सी.बी / मशीन आदि की व्यवस्था की जाए। यात्रा के दौरान कोई भी मार्ग बंद होने पर उसे तुरंत खोले जाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चारधाम यात्रा हेतु बसों व टैक्सियों आदि की आवश्यकता के सम्बन्ध में आंकलन कर पूर्व में व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तार जल्द किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा चारधाम यात्रा मार्गों पर अस्थाई चिकित्सा केन्द्रों में चिकित्सा व अपेक्षित स्टाफ की तैनाती के साथ जीवनरक्षक दवाई, उपकरण, पोर्टेबल आक्सीजन सिलेण्डर एवं एम्बुलेन्स / एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा घोड़े खच्चरों को होने वाली बीमारियों की रोकथाम हेतु पैदल मार्गों पर पशु चिकित्सकों की तैनाती की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा सीजन में धामों एवं यात्रा मार्गाे पर एस०डी०आर०एफ०, पुलिस बल, जल पुलिस, गोताखोर, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती का प्रबन्धन किया जाए साथ ही जहां आवश्यकता हो वहां अस्थाई पुलिस चौकी की स्थापना भी की जाए ।उन्होंने कहा यात्रा के दौरान अच्छा कार्य करने वाले लोगों / विभागों को सम्मानित किए जाएगा।

इस दौरान बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, बी.के.टी.सी अध्यक्ष अजेंद्र अजय, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, डीजीपी अभिनव कुमार, सचिव सुभाष बगौली, वर्चुअल माध्यम से विभिन्न जिलों के जिला अधिकारी, एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सीएम ने किया अल्प, मध्य तथा दीर्घकालिक विभागीय कार्य योजनायें व सशक्त उत्तराखण्ड पुस्तिकाओं का विमोचन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैम्प कार्यालय सभागार में सशक्त उत्तराखंड रोड मैप तैयार किये जाने के सम्बन्ध में तैयार की गयी कार्य योजना से सम्बंधित पुस्तिकाओं-अल्प, मध्य तथा दीर्घकालिक विभागीय कार्ययोजनायें व सशक्त उत्तराखण्ड का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने पुस्तिकाओं के विमोचन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के महत्वाकाक्षी विजन तथा प्रखर मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड सरकार राज्य के समावेशी विकास हेतु पूर्ण समर्पण भाव से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि विगत नवम्बर में मसूरी में चिन्तन शिविर का आयोजन किया गया था, जिसके आउटकम के रूप में आज हमारे सामने राज्य के अल्पकालिक, मध्यकालिक तथा दीर्घकालिक विकास हेतु सभी विभागों के रोडमैप तैयार हैं, जिसके लिये अधिकारी सराहना के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इन रोड मैपों के माध्यम से अधिकारी लगातार समवर्ती अनुश्रवण करना सुनिश्चित करें तथा इन पुस्तिकाओं में जो शार्ट टर्म व लॉन्ग टर्म योजनाओं का उल्लेख किया गया है, उन्हें धरातल पर उतारने के लिये अभी से कार्य करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, प्रमुख सचिव एल.एल. फैनई, सचिव शैलेश बगौली, सचिव दीपक गैरोला, अपर सचिव सविन बंसल सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

देहरादून में दहशत का पर्याय बना गुलदार पकड़ा गया

देहरादून में दहशत का पर्याय बने गुलदार को वन विभाग की टीम आखिरकार पकड़ने में कामयाब हुई है। गुलदार के पकड़े जाने के बाद स्थानीय निवासियों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद में बढ़ते गुलदार के हमलों के मद्देनजर वन विभाग को जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने के सख्त निर्देश दिए थे।

गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व सिगली गांव में घर के आंगन से गुलदार ने एक चार वर्षीय बच्चे को उठाकर निवाला बना लिया था। इसके कुछ समय बाद ही सोंधोवाली क्षेत्र में रिस्पना नदी के पास भी गुलदार ने एक बालक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अभी कुछ दिन पहले गलजवाड़ी गांव में भी गुलदार ने एक 9 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया था। इसे लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त था।

वन विभाग की ओर से लगातार गुलदार को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गुलदार के बढ़ते हमलों के मद्देनजर वन विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने के निर्देश दिए थे। मसूरी वन प्रभाग में रेंजर राकेश नेगी ने बताया कि गुलदार को किमाड़ी गांव में लगाए गए पिंजड़े में कैद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले काफी समय से इस गुलदार की तलाश की जा रही थी।