जेपी नड्डा ने राज्य सरकार की पत्रिका का किया विमोचन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के एक स्थानीय होटल में उत्तराखण्ड के विकास पर आधारित पुस्तक “उत्तराखण्ड विकास के स्वर्णिम पथ पर“ एवं “युवा प्रदेश युवा नेतृत्व विकल्प रहित संकल्प“ पत्रिका का विमोचन किया।
उत्तराखण्ड सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं, सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में हो रहे कार्यों की जानकारी “उत्तराखण्ड विकास के स्वर्णिम पथ पर“ पत्रिका में दी गई है।
“युवा प्रदेश युवा नेतृत्व विकल्प रहित संकल्प“ पत्रिका में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कैबिनेट में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, कोविड 19 में प्रभावितों को राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे राहत पैकेज, मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में की गई घोषणाओं एवं राज्य के विकास के लिए रोडमैप की जानकारी दी गई है।
इस अवसर पर प्रदेश के सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद गण, विधायकगण उपस्थित थे।

कांग्रेस की रणनीति तैयार, मानसून सत्र में लोगों को बड़ा मैसेज देने की कर रही तैयारी

23 अगस्त से होने वाला विधानसभा का सत्र इस बार कई मायनों में खास होने वाला है। इस सत्र में जहां सीएम धामी पहली बार सदन में बतौर मुख्यमंत्री रहेंगे। वहीं, इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद नेता प्रतिपक्ष बने प्रीतम सिंह भी नेता प्रतिपक्ष के तौर पर पहली बार सदन में होंगे। इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष चुनाव से पहले सदन के जरिए अपनी ताकत दिखाने का मौका नहीं छोड़ेंगे।
कार्यमंत्रणा की बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश के विकास के लिए सतत विकास लक्ष्य पर सत्र के दौरान एक दिन चर्चा करने के लिए अपनी बात रखी जिस पर की समिति के सभी सदस्यों द्वारा सहमति प्रदान की गई। कांग्रेस इस सत्र में देव स्थानम बोर्ड को निरस्त करने के लिए प्राइवेट बिल लेकर आएगी। साथ ही भू-कानून लागू करने के लिए भी प्राइवेट बिल लाने जा रही है। इससे एक बात तो साफ है कि कांग्रेस सदन में तीखे तेवरों के साथ जमकर अपनी आवाज उठाने की प्लानिंग बना चुकी है।
सत्र के दौरान सदन के पटल पर रखे जाने वाले विधेयकों में अभी तक आईएमएस यूनिसन विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2021, डीआईटी (संशोधन) विधेयक, 2021, डीआईटी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2021 विधान सभा को प्राप्त हुए हैं।
वहीं, दो असरकारी विधेयक उत्तराखण्ड (उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम, 1950) (संशोधन) विधेयक 2021 कांग्रेस विधायक मनोज रावत लेकर आएंगे, तो उत्तराखण्ड चार धाम देवस्थानम् प्रबन्धन (निरसन) विधेयक, 2021 कांग्रेस विधायक हरीश धामी सदन के पटल पर रखेंगे। सवाल यह नहीं है कि कांग्रेस प्राइवेट बिल लेकर आ रही है। सवाल यह है कि अगर सरकार इन बिलों को स्वीकार करती है और देवस्थानम बोर्ड को रद्द कर देती है, तो इसका पूरा श्रेय कांग्रेस का जाएगा। सरकार ऐसा किसी भी हाल में नहीं होने देना चाहेगी। ऐसे में कांग्रेस के पास दोनों ही स्थिति में बड़ा मुद्दा है।
कुल मिलाकर कांग्रेस ने सरकार को पूरी तरह से घेरने की तैयारी कर ली है। कुछ भी हो कांग्रेस दोनों बिलों को लेकर सरकार को जहां सदन में घेरने का काम करेगी, वहीं सदन की चर्चा जनता के पास भी पहुंचेंगी कि सरकार की राय भू कानून और देवस्थान बोर्ड को लेकर क्या है ।

जनता से संवाद और अधिक सक्रियता दिखाने पर नड्डा का जोर

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों के साथ आयोजित बैठक में प्रवास कार्यक्रमों को लेकर जानकारी ली और जरुरी दिशा निर्देश दिये। दो दिवसीय उतराखंड दौरे पर पहुंचे नड्डा ने हरिद्वार के निकट आयोजित एक होटल में आयोजित बैठक में प्रवास के दौरान जन समस्या को सुनकर उनके निस्तारण पर बल दिया। नड्डा ने जनता के साथ अधिक संवाद स्थापित करने और प्रवास कार्यक्रमों में अधिक सक्रियता बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। ज़िला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर किस तरह और बेहतर संवाद स्थापित हो सकता है और प्रवास कार्यक्रम और उपयोगी बने इसे लेकर जरूरी निर्देश दिये।
उन्होंने सरकार द्वारा किये जा रहे जन कल्याण के कार्यों को आम जन तक पहुचाने में संगठन को अधिक सक्रियता से कार्य करने की बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों और सांसदों के साथ भी विकास कार्य और चुनाव को लेकर चर्चा की। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर सत्र का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संग़ठन द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कोविद काल के दौरान जंहा अन्य पार्टियो के नेता जहां घरों में दुबके पड़े थे वहीं भजपा कार्यकर्ता जी-जान से सेवा ही संग़ठन अभियान के तहत लोगो की सेवा में जुटे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए प्रदेश भर में प्रत्येक बूथ पर स्वास्थ्य स्वयं सेवक तैयार कर रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की और कहा कि उनकी सरकार जनपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कोविड कॉल को देखते हुए पर्यटन गतिविधियों के ठप होने के मध्येनजर बिभिन्न व्यवसायियों जुड़े लोगों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए अलग अलग आर्थिक पैकेज घोषित किये गए।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बैठको के क्रम में सभी मंत्रियों व पार्टी सांसदों व विधायकों की भी बैठक ली । बैठक में नड्डा ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से जनाकांक्षाओं पर खरा उतरने की अपेक्षा की। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने काम व्यवहार पार्टी के गरिमा के अनुरूप कार्यपद्धति को अपनाने पर जोर दिया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सभी मंत्रियों की बैठक भी ली। जिसमे मंत्रियों से उनके मंत्रालय द्वारा चलाई जारही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ली।
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संग़ठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी श्रीमती रेखा वर्मा, प्रदेश संग़ठन महामंत्री अजेय, केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंन्द्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, कुलदीप कुमार, सुरेश भट्ट, सहित सभी मंत्री, सांसद, विधायक प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व र्मोचों के सभी प्रदेश अध्यक्ष महामंत्रियों ने भाग लिया।

सांसद बलूनी की पहल ला रही है रंग, कैंसर अस्पताल की होगी स्थापना

उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के प्रयासों से उत्तराखंड में टाटा कैंसर अस्पताल की स्थापना चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है। प्रमाणिक कार्यशैली में विश्वास करने वाले बलूनी उत्तराखंड को शीघ्र ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात देने वाले हैं। इस संबंध में आज एटॉमिक एनर्जी के मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह के अध्यक्षता में नई दिल्ली में एक बैठक आयोजित हुई।
टाटा कैंसर अस्पताल प्रबंधन तेजी से उत्तराखंड में कैंसर अस्पताल की स्थापना के लिए कार्य कर रहा है। उनके अधिकारियों के दौरे जारी हैं। राज्य सरकार के साथ निरंतर उनका समन्वय चल रहा है। आज केंद्रीय परमाणु ऊर्जा मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में टाटा कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ राजेंद्र अच्युत बड़वे, उपनिदेशक डॉ पंकज चतुर्वेदी, उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी, चिकित्सा शिक्षा के महानिदेशक रविशंकर और उत्तराखंड कैंसर हॉस्पिटल के डॉक्टर उपस्थित थे।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी कार्यकाल में पूरे देश में हर क्षेत्र में नए आयाम जुड़े हैं। इससे उत्तराखंड भी अछूता नहीं है। गत 7 वर्षों में उत्तराखंड में आम जनता अपने आसपास बदलते हुए उत्तराखंड को और विकास की हर दृष्टि में बढ़ते उत्तराखंड को अनुभव कर कर रही है। सांसद बलूनी ने कहा कि वह निजी तौर पर जानते हैं कि भले ही कैंसर के क्षेत्र में विज्ञान में बहुत तरक्की कर ली है, अनेक रोगों पर विजय हासिल कर ली है, पर आज भी कैंसर समाज में मानसिक तनाव और भय की दृष्टि से देखा जाता है। ऐसे में राज्य में टाटा कैंसर इंस्टिट्यूट की स्थापना से हम राज्य की जनता को सस्ता और उच्च कोटि का प्रमाणिक उपचार तो देंगे ही, साथ ही समय पर जांच कराने से रोगी शीघ्र स्वस्थ भी हो सकेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा के राहत पैकेज पर उठाये सवाल

उत्तराखंड के चुनावी मौसम में सत्ता और विपक्ष में जुबानी जंग जारी है। सत्ता पक्ष जहां बड़े-बड़े पैकेज की घोषणा कर जनता को अपनी तरफ कर लुभाने का प्रयास कर रहा है। वहीं विपक्ष इन राहत पैकेजों पर सवाल खड़े कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने हमला बोलते हुए कहा कि चुनावी साल में ही भाजपा को राहत पैकेजों की याद क्यों आई है। सरकार करोड़ों के पैकेज की घोषणा कर बातें बड़ी-बड़ी कर रही है लेकिन धरातल पर यह पैकेज मिल किसको रहा है इसका उसे कुछ अता-पता नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछले एक साल में उत्तराखंड ही नहीं देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए पैकेज की बड़ी घोषणा को दूरबीन से ढूंढ रही है। वैसे ही उसे अब धामी सरकार के पैकेज को भी उसी दूरबीन से ही ढूंढना होगा। एक तरफ सरकार अपने पैकेज में महिला स्वयंसेवी समूह को आर्थिक रूप से मजबूत करने की बात कर रही है और दूसरी तरफ उन्ही से उनका स्वरोजगार छीनने की कोशिश कर रही है। विपक्ष के विरोध के बाद सरकार ने टेक होम राशन में ई टेंडर की निविदा निरस्त की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा यह जुमलेबाजो की सरकार है और इन्हें जुमलेबाजी में महारत हासिल है।

2017 के विधानसभा चुनाव के समय प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की जनता से बड़े-बड़े वायदे किए थे लेकिन उन वादों का क्या हुआ उस पर राज्य सरकार बात करने से भी कतरा रही है। एक बार फिर चुनाव से पहले वही वायदे शुरू कर दिए गए हैं। भाजपा आलाकमान द्वारा चुनाव से पहले तीन मुख्यमंत्री बदलने से यह साफ हो चुका है कि उनको भी पता चल चुका है कि चार साल में कुछ काम नहीं हुआ है। उत्तराखंड की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। प्रीतम बोले मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री बदलने से कुछ होने वाला नहीं है 2022 में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस सत्ता में आएगी और 2017 से बंद पड़े डब्बे इंजन को चालू कर विकास की गाड़ी को फिर पटरी पर दौड़ायेगी।

18 प्लस का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने वाला पहला जिला बना बागेश्वर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए बताया कि जनपद बागेश्वर एवं जनपद पौड़ी के विकास खण्ड खिर्सू द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु के समस्त नागरिकों का प्रथम डोज कोविड-19 टीकाकरण शत-प्रतिशत किया जा चुका है। जनपद बागेश्वर एवं विकास खण्ड खिर्सू को 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों हेतु दिया गया लक्ष्य (2011 सेन्सस के सापेक्ष 2021 की सम्भावित जनसंख्या) क्रमशः 172210 एवं 29374 है। जिसके सापेक्ष दिनांक 12 अगस्त, 2021 तक जनपद बागेश्वर एवं विकास खण्ड खिर्सू द्वारा क्रमशः 176776 एवं 37789 लाभार्थियों का प्रथम डोज़ टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में दुनिया का सबसे बडा कोविड टीकाकरण अभियान चल रहा है। प्रधानमंत्री जी का उत्तराखण्ड को विशेष सहयोग मिला है। इस महीने अभी तक 17 लाख डोज मिल चुकी हैं। हम दिसम्बर अंत तक उत्तराखंड मे शतप्रतिशत वैक्सीनैशन कर दिया जाएगा।
भारत सरकार के मार्ग दर्शन में 16 जनवरी 2021 से सफलता पूर्वक कोविड-19 टीकाकरण अभियान आयोजित कर रहा है। टीकाकरण अभियान को बढ़ावा देने के लिए लगातार राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। दिनांक 17 अगस्त 2021 के कोविड-19 टीकाकरण कवरेज के अनुसार 45 वर्ष और उससे अधिक के लाभार्थियों के टीकाकरण की प्रथम खुराक 2326374 (83 प्रतिशत) एवं द्वितीय खुराक 1336923 (48 प्रतिशत) तथा 18 से 44 वर्ष के नागरिकों के टीकाकरण की प्रथम खुराक 3027666 (61 प्रतिशत) एवं द्वितीय खुराक 211958 (4 प्रतिशत) है।
राज्य में आतिथि तक कोविड-19 टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत कुल 7435124 खुराक दी जा चुकी हैं। जिसमें प्रथम खुराक 5661943 (73 प्रतिशत) एवं द्वितीय खुराक 1773181 (23 प्रतिशत) हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद बागेश्वर एवं विकास खण्ड खिर्सू को जनपदो से प्राप्त सूचना अनुसार राज्य में कोविड-19 टीकाकरण शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाले प्रथम जनपद एवं विकास खण्ड के रूप में प्रमाणित किया गया एवं उपरोक्त उपलब्धियों की सराहना की गयी। इसी के क्रम में उक्त अभियान में जनपद बागेश्वर के जिला अधिकारी (विनीत कुमार मीणा), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डॉ सुनीता टम्टा), जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डॉ प्रमोद सिंह जंगपांगी) एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कार्मिकों तथा जनपद पौडी के जिला अधिकारी (डॉ० के. विजय कुमार जोगडण्डे), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डॉ मनोज शर्मा). जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डॉ गम्भीर सिंह तालियान) एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कार्मिकों को बधाई दी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत भी उपस्थित थे।

आर्शीवाद यात्रा ने भाजपा कार्यकार्तओं में भरा जोश

केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट के नेतृत्व में आशीर्वाद यात्रा के ऋषिकेश आगमन पर नटराज चौक पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से अजय भट्ट का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने अजय भट्ट को केंद्र में राज्यमंत्री के रूप में पर्यटन व रक्षा विभाग का दायित्व मिलने पर अपनी शुभकामनाएं दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र से मिली इस नई जिम्मेवारी का अजय भट्ट भली-भांति निर्वहन करेंगे एवं प्रदेश के विकास में अपना अहम योगदान देंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री के ऋषिकेश आगमन पर कार्यकर्ताओं में जोश एवं उत्साह है।
आशीर्वाद यात्रा नटराज चौक से प्रारंभ होकर देहरादून तिराहे, कोयल घाटी तिराहे से होकर नेपाली फार्म तक पहुंची जहां पर हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं द्वारा आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर आशीर्वाद यात्रा पर पुष्प की बरसा के साथ जोरदार नारेबाजी हुई। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट फूल मालाओं से लादा गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, शिव कुमार गौतम, रीना शर्मा, अनीता तिवारी, उषा जोशी, प्रदीप कोहली, संदीप खुराना, जितेंद्र अग्रवाल, जयंत किशोर शर्मा, सुंदरी कडंवाल, सुरेंद्र मोघा, पुनीता भंडारी,आरती दुबे, विजेंद्र मोगा, रमेश चंद शर्मा, नितिन सक्सेना एवं नेपाली फार्म तिराहे पर ब्लॉक अध्यक्ष भगवान सिंह पोखरियाल, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोबन सिंह केंतुरा, चमन पोखरियाल, भगवान सिंह महर, अनीता राणा, समा पवार, प्रदीप धस्माना, लक्ष्मी गुरुंग, अमर खत्री, विजय जुगरान, भूपेंद्र रावत, कमला नेगी, राम रतन रतूड़ी, पद्मा नैथानी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

कांग्रेस कार्यकार्तओं ने किया विरोध, लगाये नारे
भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद रैली के ऋषिकेश आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजपाल खरोला के नेतृत्व में भारी विरोध किया।
खरोला ने कहा कि भाजपा जन आशीर्वाद रैली नाटक है। पूर्व में प्रदेश की जनता ने प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा को आशीर्वाद देकर सत्तासीन किया, मगर लेकिन आज भ्रष्टाचार चरम पर है। महंगाई अपने उच्च स्तर पर है। बेरोजगारी कितनी ऊंचाई पर पहुंच गई है कि शायद अब रोजगार मिलने की आस ही लोगों ने छोड़ दी है। खरोला ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से पूर्ण बहुमत से उत्तराखंड में सरकार बनाने के बावजूद 4 साल में 3 मुख्यमंत्री बदलकर कुम्भ घोटाला, छात्रवृत्ति घोटाला, फ्लाईओवर घोटाला, राशन घोटाला, बस खरीद घोटाला आदि पर पर्दा डालने का काम किया। वही उत्तराखंड भाजपा के कई प्रदेश पदाधिकारियो से लेकर कई विधायकों पर इन चार सालो में दुष्कर्म के आरोप लग चुके है, सरकार की उदासीनता के कारण राज्य के बेरोजगार दर-दर की ठोखरे खाने को मजबूर हो गए। खरोला ने कहा कि राज्य में ना विकास का कोई एजेंडा है ना महिला सुरक्षा और न ही रोजगार देने का, भाजपा का एक ही एजेंडा रह गया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकारी नगर अध्यक्ष सुधीर राय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज देवराड़ी, पार्षद (मनीष शर्मा, राकेश सिंह, देवेंद्र प्रजापति, राधा रमोला, शकुंतला शर्मा, पुष्पा मिश्रा, भगवान सिंह पवार, जगत सिंह नेगी) पुष्कर बंगवाल, वीरेंद्र सजवाण, विक्रम भंडारी, परमेश्वर राजभर, दीनदयाल राजभर, राजेंद्र तिवारी, विवेक तिवारी, राजेंद्र गैरोला, एकांत गोयल, जितेंद्र पाल प्रजापति, सोनू पांडे, राहुल पांडे, जयपाल सिंह, रेनू नेगी, सरोजिनी थपलियाल, राजेश गोयल, दीपक धमादां, अभिषेक शर्मा, अभिनव मलिक,सन्नी प्रजापति, अजय धीमान, लोकपाल कैंतुरा, राजू गुप्ता, जितेंद्र यादव, अजय यादव, अजय दास, सौरभ वर्मा, राकेश वर्मा, अमित सागर आदि मौजूद रहे ।

धामी सरकार की बड़ी पहल-207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचे अब निःशुल्क

उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास एवं विस्तार के लिये एक नयी योजना अस्तित्व में आ गयी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में निःशुल्क पैथोलॉजी जांच योजना का शुभारम्भ करते हुए इसे राज्य की जनता को समर्पित किया। देहरादून के जिला चिकित्सालय (कोरोनेशन) अस्पताल) में आयोजित शुभारम्भ कार्यक्रम की अध्यक्षता राजपुर विधायक खजान दास द्वारा की गयी।

निशुल्क जांच योजना से आमजन को मिलेगा लाभः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निःशुल्क जांच योजना का लाभ समाज के अन्तिम छोर पर खड़े लोगों तक पहुंचेगा। अभी तक धन के अभाव में जो लोग अपनी जांच नहीं करा पाते थे, अब उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।

दिसम्बर तक शत प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती पर राज्य सरकार का विशेष ध्यान है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से सुधार हुआ है। राज्य में 72 प्रतिशत लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है, जबकि 23 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। दिसम्बर तक राज्य में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले सात सालों में केन्द्र सरकार से उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में मदद मिली है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का प्रधानमंत्री का एजेण्डा रहा है। इस माह केन्द्र से राज्य को काविड की 17 लाख वैक्सीन मिली। अगले माह से और अधिक वैक्सीन केन्द्र से मिलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में निःशुल्क जांच योजना की अच्छी शुरूआत हुई। इस योजना का लाभ सभी को मिलेगा। इस योजना के प्रसार के लिए हर जिले में बड़े आयोजन किये जायेंगे। अटल उत्तराखण्ड आयुष्मान योजना के तहत सभी परिवारों को 5 लाख रूपये तक का निःशुल्क उपचार दिया जा रहा है। इसस योजना के तहत अभी तक 3 लाख 17 हजार से अधिक लोगों का मुफ्त ईलाज हो चुका है।

मरीजों को जांच संबंधित सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से राज्य के प्रमुख जिला, उप जिला चिकित्सालयों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क जांच योजना आज से लागू हो गयी है। इस योजना के लागू होने से मरीजों को उपचार के दौरान डायग्नोस्टिक एवं जांच संबंधित सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध होगी। यह योजना पूरे वर्ष भर कार्यशील रहेगी, ताकि आईपीडी, ओपीडी एवं इमरजेन्सी में आने वाले मरीजों को पैथोलॉजी जांच के लिए किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

पहले चरण में 6 जिलों की 38 और दूसरे चरण में शेष जिलों की 32 चिकित्सा इकाइयों पर चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही योजना
योजना के प्रथम चरण में निःशुल्क जांच की सुविधा राज्य के 6 जनपदों क्रमशः अल्मोड़ा, टिहरी, देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार एवं ऊधमसिंहनगर में स्थित 38 जिला उप जिला चिकित्सालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। द्वितीय चरण में राज्य के शेष जनपदों के 32 चिकित्सा इकाईयों पर यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से लागू होगीं।

योजना में 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें शामिल
योजना का क्रियान्वयन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा लोक निजी सहभागिता के अनुसार होगा। निःशुल्क जांच योजना के अन्तर्गत 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच को सम्मिलित किया गया है, जिसके लागू होने से सरकारी अस्पतालों में पैथोलॉजी सुविधाओं का सुदृढीकरण होगा।

स्टैंडर्ड डायग्नोस्टिक प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा सुनिश्चित
सेवा प्रदाता के साथ किए गए अनुबंध के अनुसार लैब, प्रयोगशाला हब मॉडल के अनुसार कार्य करेगी, जिसे कलेक्शन सेंटर एंड टेस्टिंग सेंटर या स्पोक कलेक्शन सेंटर मॉडल अनुरूप क्रियान्वित किया जायेगा। लैब द्वारा की जाने वाली समस्त जांचों एवं वहां पर कार्य करने वाले तकनीशियन, पैथोलॉजिस्ट एवं अन्य मानव संसाधन के संबंध में एनएबीएल गाईडलाईन,, एसओपी का अनुपालन करना आवश्यक किया गया है।
पैथोलॉजी सैम्पल जांच रिपोर्ट के संबंध में आन्तरिक एवं बाह्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सेवा प्रदाता द्वारा स्टैंडर्ड डायग्नोस्टिक प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त यह लैब समुदाय हेतु प्राइमरी डायग्नोस्टिक टेस्ट की उपलब्धता भी सुनिश्चित करेगी।
वित्तीय वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा इस योजना को संचालित करने के लिए रू० 5 करोड़ का बजट प्राविधान किया गया है। मिशन द्वारा अनुबंधित फर्म के स्तर से लगभग 500 मानव संसाधन का रोजगार सृजन होगा, जिन्हें सेवा प्रदाता की ओर से नियुक्त किया जा रहा है। इस योजना के लागू होने से उपचार के दौरान मरीजों के अतिरिक्त जेब खर्च में कटौती होगी और जन सामान्य को स्वास्थ्य उपचार लेने में सहायता होगी।
योजना के शुभारम्भ अवसर पर सचिव अमित नेगी, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा, निदेशक एनएचएम डॉ० सरोज नैथानी, जिला चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिखा जंगपांगी, चन्दन हैल्थ केयर के डायरेक्टर अमित श्रीवास्तव, एनएचएम तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण एवं जिला चिकित्सा के समस्त चिकित्सक एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित हुए।

सीएम का आग्रह-केदारपुरी में फेज-टू के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करे पीएम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाये जाने तथा वासुकी ताल क्षेत्र के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों को भी नये लोकेशन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिये।
प्रधानमंत्री ने स्थानीय जन भावनाओं के अनुरूप ईशानेश्वर मंदिर के पुनर्निर्माण, आस्था चौक पर “ऊँ“ कार की प्रतिमा स्थापित करने, शंकराचार्य समाधि एवं शिव उद्यान के डिजाइन में जन भावनाओं के अनुरूप संशोधन करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारपुरी में फेज-टू के 113.92 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने हेतु प्रधानमंत्री से समय देने का आग्रह किया। इस सम्बन्ध में प्रधानमंत्री द्वारा शीघ्र समय निर्धारण हेतु आश्वासन दिया गया।

प्रधानमंत्री के विजन एवं मार्गदर्शन में हो रहा है केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केदारनाथ में 2013 में आयी आपदा के बाद प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारपुरी, एक नयी सुरक्षित एवं सुविधा युक्त धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में निर्मित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि स्थानीय स्थापत्य कला, नवीन तकनीकी के इस्तेमाल, ठोस अपशिष्ट निस्तारण व्यवस्था के साथ केदारनाथ धाम सुनियोजित आधुनिक संसाधनों से युक्त इको फ्रेंडली टाउन के रूप में विकसित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को यह भी अवगत कराया कि बद्रीनाथ को स्मार्ट स्प्रिचुअल हिल टाउन के रूप में विकसित करने के लिये प्रथम चरण के 245 करोड़ की योजना के कार्यों को शुरू करने के लिये 22 राजकीय भवनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्णय राज्य की कैबिनेट द्वारा लिया जा चुका है। इससे कार्यों में अब तेजी आ सकेगी।
मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के प्रथम चरण के कार्य पूर्ण हो चुके हैं जिसमें टेम्पल प्लाजा, एराइवल प्लाजा, मन्दाकिनी एवं सरस्वती नदी पर सुरक्षा दीवार निर्माण, 05 घाटों का निर्माण, मन्दाकिनी रिवर फ्रंट के कार्य 5 गेस्ट हाउसों का निर्माण, 3 ध्यान गुफाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है। आदि शंकराचार्य की गुफा का निर्माण कार्य गतिमान है जबकि, द्वितीय चरण में 113.92 करोड़ के 13 कार्यों पर भी कार्यवाही गतिमान है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, विशेष सचिव डॉ पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव युगल किशोर पंत उपस्थित थे।  

अफगानिस्तान में उत्तराखंड के लोग भी फंसे, सरकार हुई सक्रिय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अफगानिस्तान में उत्तराखण्ड के जो लोग फंसे हुए हैं, उन्हें वापिस सकुशल लाने के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। ये लोग जल्द ही सकुशल अपने घर वापस आ जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आज ही इस संबंध में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में भी बात कर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केन्द्र सरकार के लगातार सम्पर्क में हैं। केन्द्र सरकार द्वारा अफगानिस्तान से प्रत्येक भारतीय की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा रही है।