मंत्री अग्रवाल ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दी

कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीपावली के पावन पर्व पर नगर के मुख्य बाजारों में पहुंच कर स्थानीय व्यापारियों, खरीददारी करने आए लोगों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी।
रविवार को दीपावली के पावन अवसर पर मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने त्रिवेणी घाट बाजार, मुखर्जी मार्ग हरिद्वार रोड, लक्ष्मण झूला रोड, गोल मार्केट, लाजपत राय मार्ग आदि क्षेत्रों के बाजारों में स्थानीय व्यापारियों, पटाखा व्यापारियों एवं खरीदारी को पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी कुशल क्षेम जानी।
इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल हैं दीपावली, गोवर्धन, भैया दूज की शुभकामनाएं दी। मंत्री डॉ अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देते हुए स्थानीय लोगों द्वारा हाथ से निर्मित दीप भी खरीदे।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने दीपावली पर्व पर सभी लोगों के जीवन में खुशहाली, सुख-समृद्धि और उन्नति की भी कामना की। उन्होंने बधाई संदेश देने के दौरान लोगों से स्थानीय उत्पादों को खरीदने की भी अपील की।
इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने स्टाफ के साथ गोलगप्पे सहित चटपटे व्यंजनों का स्वाद भी चखा। इस मौके पर मंत्री की धर्मपत्नी शशि प्रभा अग्रवाल, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पवार, जयंत शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, रीना शर्मा, प्रदीप कोहली, बृजेश शर्मा, संजय व्यास, व्यापारी नेता मनोज कालरा, ललित जिंदल, राजपाल ठाकुर, रूपेश गुप्ता, रीता गुप्ता, उषा जोशी, सिमरन गाबा, संजय कौशिक, त्रिलोक परमार, रूपेश गुप्ता, विजय बडोनी मस्तु, संजीव सिलस्वाल, दिगंबर नौटियाल आदि लोग उपस्थित रहे।

मासूम चेहरों की मुस्कराहट की वजह बने आईएएस बंशीधर तिवारी

हर असरदार शख्स के घर दिवाली पर तोहफों की बारिश हो जाती है। गिफ्ट, मिठाई, ड्राई फ्रूट, चॉकलेट, जूस औन न जाने क्या क्या लोग लेकर आ जाते हैं। असरदार शख्स यदि आईएएस अफसर हो, तो कहने ही क्या। उस पर यदि डीजी सूचना, डीजी शिक्षा, निदेशक पंचायतीराज, एमडी जीएमवीएन जैसे अहम पदों की जिम्मेदारी हो, तो तोहफों की संख्या का अंदाजा आप लगा सकते हैं। इन तोहफों को समेटने की बजाय बंशीधर तिवारी ने उनका सही उपयोग करते हुए असल जरूरतमंद लोगों तक इसे पहुंचाया। शनिवार को दोपहर बाद एक इनोवा भर कर सामान लेकर वे बनियावाला स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास पहुंचते हैं। यहां 107 छोटी छोटी बच्चियों के चेहरे इन गिफ्ट, मिठाई, चॉकलेट, फुलझड़ी को देखते ही खिल उठते हैं। ये सिलसिला यहीं नहीं थमता, बल्कि शहर के कई अन्य ऐसे ही स्थानों पर वे कई दिनों से ऐसे ही सामान लेकर पहुंच रहे हैं। इन तमाम चीजों का जिक्र यहां इसीलिए किया जा रहा है, क्योंकि यहीं इस राज्य में कई आईएएस, इंजीनियर और कई अहम पदों पर बैठे ऐसे अफसर भी हैं, जो दिवाली पर मिलने वाले इन उपहारों को दोबारा बाजार में बेचने के लिए भी कुख्यात रहे हैं।
कुछ आईएएस और अन्य अफसर तो ऐसे रहे, जो उनके घर आने वाले मिठाई के डिब्बों को अपने ड्राइवर के जरिए फिर उन्हीं दुकानों तक पहुंचा देते थे। इन मिठाई के डिब्बों को बेचने के बाद जो भी मिलता था, उसे लेने में कोई संकोच नहीं करते थे। ऐसे में बंशीधर तिवारी जी की ये पहल हर उस असरदार शख्स के लिए सीख है, जिसके घरों में तोहफों की बारिश होती है। ऐसा नहीं है कि उनकी ओर से ऐसा पहली बार किया गया हो। बल्कि पीसीएस के रूप में एसडीएम पद से अपनी सेवाएं शुरू करने के समय से ही वे हर दिवाली पर अपने यहां आने वाले सामान को अनाथ आश्रम, सरकारी स्कूलों के छात्रावास में बांटते आए हैं। काश उनकी इस मुहिम को देख कर बाजार में तोहफों को बेचने वाले कुछ सीख ले सकें। उनकी ये मुहिम असल मायनों में दिवाली जैसे महापर्व को बेहद खास बना देती है।
साभार- रवि नेगी, वरिष्ठ पत्रकार

सीएम धामी ने कहा दीपावली का पर्व सभी के लिए मंगलमय हो

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व अशांति पर शांति, बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। दीपावली मां लक्ष्मी और देवी अन्नपूर्णा की आराधना तथा सामाजिक समरसता का पर्व भी है। दीपावली का यह पर्व हम सबके जीवन को प्रकाशमय करे इसकी भी उन्होंने कामना की है। मुख्यमंत्री ने भैयादूज पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व भाई-बहनों के प्रेम के साथ ही मातृ शक्ति के सम्मान, परिवार एवं समाज में उनके महत्व को भी प्रदर्शित करता है।

मोदी को विदाई देते समय सीएम ने दी उत्तराखंड की सौगातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के पश्चात शनिवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौली ग्रांट एयरपोर्ट देहरादून में प्रधानमंत्री को विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को अल्मोड़ा के प्रसिद्ध बाल मिठाई एवं ब्रह्मकमल से सुसज्जित टोपी भेंट की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
वहीं, दिल्ली पहुंचने पर मोदी ने ट्वीट के माध्यम से उत्तराखंड दौरे को अविस्मरणीय और अद्भुत बताया। उन्होंने एक वीडियो के माध्यम से उत्तराखंड दौरे की सुंदर प्रस्तुति भी दी।

धामी सरकार का विधायकों को तोहफा, दो नोडल अधिकारी उनके प्रस्तावों को गति देने का करेंगे कार्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखण्ड राज्य के विकास में दलीय सीमा से उपर उठकर पुनः एक कदम और बढ़ाया है। धामी द्वारा समस्त विधायकों को सचिवालय स्तर पर उनके द्वारा प्रेषित प्रस्तावों के निस्तारण में सहयोग हेतु दो आई०ए०एस अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किये जाने की सूचना देने हेतु धनतेरस/दीपावली के उपहार स्वरूप विशेष पत्र प्रेषित किया है।
विधायकों को अपने क्षेत्र में निरन्तर क्षेत्र भ्रमण करने की आवश्यकता होती है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान संज्ञान में आने वाली जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और क्षेत्र के विकास से सम्बन्धित योजनाओं के प्रस्तावों पर सचिवालय स्तर पर सम्बन्धित विभागों से चर्चा, विमर्श आदि के लिए बार-बार देहरादून भी विधायकों को आना पड़ता है। बार-बार देहरादून आने से जहाँ एक ओर विधायकगणों का जनसम्पर्क एवं क्षेत्र भ्रमण का कार्य प्रभावित होता है, वहीं दूसरी ओर राजकीय समय व संसाधनों का भी व्यय होता है।
मुख्यमंत्री द्वारा विधायकगणों की इस समस्या का समाधान करने के प्रयास में विधायकगणों के द्वारा समय-समय पर उठाये गये विषय या विकास योजनाओं की प्राशासनिक/वित्तीय स्वीकृति से सम्बन्धित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण में सहयोग एवं समन्वय हेतु अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवा के अपर सचिव स्तर के दो अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया है। कुमाऊँ मण्डल के विधायकों के सहयोग हेतु नवनीत पाण्डे व गढ़वाल मण्डल के विधायकों के सहयोग हेतु ललित मोहन रयाल अपर सचिव मा मुख्यमंत्री को उक्त दायित्व सौंपा गया है।
दोनों ही नोडल अधिकारियों का दायित्व होगा कि अपने-अपने मण्डल से सम्बन्धित विधायकगण से प्राप्त प्रस्तावों के त्वरित निस्तारण के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों से समन्वय करते हुए विधायकगण को वस्तुस्थिति से अवगत करायेंगे ।
मुख्यमंत्री धामी द्वारा अभी कुछ दिन पूर्व ही समस्त विधायकों से दलीय सीमा से ऊपर उठकर राज्य के विकास हेतु 10-10 विकास योजनाओं के प्रस्ताव आमंत्रित किये गये है और अब पुनः समस्त विधायकों को सचिवालय स्तर पर प्राप्त प्रस्तावों के तत्परता से यथोचित निस्तारण में सहयोग हेतु दो आई०ए०एस० अधिकारियों को इस प्रकार की जिम्मेदारी दिया जाना उत्तराखण्ड के विकास में सबको साथ लेकर चलने का एक और अभिनव प्रयास है, और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का उत्कृष्ट अनुकरण है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना का शिकार हुआ व्यक्ति, मंत्री ने पहुंचाया अस्पताल

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अपने काफिले के संग बल्लीवाला फ्लाई ओवर से गुजर रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ एक व्यक्ति उन्हें दिखाई दिया, जिसकी बाईक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के आसपास काफी संख्या भीड़ एकत्र हो गई, मगर किसी ने भी उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत तक नहीं उठाई। इस दौरान बल्लीवाला फ्लाईओवर से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति पर नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल अपने काफिले को रूकवाया एवं दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को अपने वाहन में बिठाकर देहरादून स्थित सिनर्जी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां कैबिनेट मंत्री ने चिकित्सकों को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के शीघ्र उपचार हेतु निर्देशित किया। जिसके बाद शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मंत्री ने यहां चिकित्सकों को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की बेहतर ढंग देखरेख करने हेतु निर्देश दिए, जिस पर दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के परिजनों ने मंत्री का आभार जताया।

शहरी विकास मंत्री ने डोईवाला पालिका के पर्यावरण मित्रों का किया सम्मान

शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर पालिका डोईवाला में कार्यरत पर्यावरण मित्रों का सम्मान किया। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में नेशनल अवार्ड मिलने का श्रेय पर्यावरण मित्रों को दिया।

आज पालिका परिसर में स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में नगर पालिका परिषद डोईवाला का फास्ट मूविंग सिटी श्रेणी में बढ़ते हुए नेशनल अवार्ड मिलने पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण मित्र के बिना निकाय स्तर पर स्वच्छता की कल्पना नहीं की जा सकती। पर्यावरण मित्र ही किसी भी निकाय की रीड की हड्डी होते हैं। कोरोना काल में पर्यावरण मित्रों ने एक योद्धा की भूमिका निभाते हुए कोरोना से सीधा मुकाबला किया था।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड को पहली बार स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 की विभिन्न श्रेणी में 6 अवार्ड मिले हैं। उन्होंने इन अवार्ड का श्रेय पर्यावरण मित्रों को दिया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण मित्रों के साथ है। उनके प्रोत्साहन के लिए सरकार ने प्रतिदिन पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाते हुए 500 रुपए किया है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत मिशन में पर्यावरण मित्रों की अहम भूमिका है। डॉ अग्रवाल ने स्वच्छ भारत मिशन में और रावण मित्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आवाहन किया।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि घर के भीतर हमें स्वयं साफ सफाई का ध्यान रखना होगा। जबकि बाहर बाजार, पार्क, गली, मोहल्ले आदि में पर्यावरण मित्र अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने डोईवाला नगर पालिका परिषद में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को टी-शर्ट, लोअर और मिष्ठान देकर सम्मानित किया।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष डोईवाला सुमित्रा मनवाल, अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी, सफाई निरीक्षक सचिन रावत, अमित कुमार, सतीश चमोली, रविंद्र पवार सहित सभी सभासद गण तथा पर्यावरण मित्रों के परिजन उपस्थित रहे।

डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क का मंत्री डा. अग्रवाल ने किया उद्धाटन

शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेम चंद अग्रवाल ने राजपुर स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुख़र्जी पार्क में लाइट एंड शो का उद्घाटन किया। इसी के साथ पार्क को जनता को समर्पित कर दिया गया।

मंत्री डॉ अग्रवाल राजपुर स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क पहुंचे। यहाँ उन्होंने पार्क में लाइट एंड साउंड शो का रिमोट दबाकर शुभारंभ किया। इस दौरान माँ गंगा पर आधारित 20 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। जिसमें मां गंगा के स्वर्ग से धरती पर अवतरित होने तक की कहानी दिखाई गई। साथ ही उत्तराखंड को धरती का स्वर्ग दिखाया गया। इसके अलावा माँ गंगा की उत्तराखंड को लेकर अपने मन की बात दिखाई गई।

इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने बताया कि करीब सवा तीन करोड़ रुपए की लागत से पार्क का जीर्णाेद्धार किया गया है। इसका मुख्य आकर्षण लाइट एंड साउंड शो है, प्रतिदिन शाम को दो शो लाइट एंड साउंड के दिखाये जाएंगे। इसका न्यूनतम चार्ज भी लिया जाएगा।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि गंगा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री के जरिए लोगों को पौराणिक कथाओं का ज्ञान होगा। मां गंगा के प्रति नई युवा पीढ़ी की आस्था बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सामान्य ज्ञान में भी वृद्धि होगी।

डॉ अग्रवाल ने बताया कि इसके अलावा पार्क के आकर्षण चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, पुश्ता गार्डन, गजेबो, टोपारी गार्डन, चिपको आंदोलन पर आधारित वृक्षों का संग्राक्षरण है। डॉ अग्रवाल ने बताया कि पार्क में शौचालय (महिला पुरुष /विकलांग), पेयजल की सुविधा, पार्किंग, कैन्टीन की सुविधा भी दी जाएगी।

डॉ अग्रवाल ने पार्क में स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के फोकस लाइट को बढ़ाने के लिए भी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला, मंडल महामंत्री युवा मोर्चा दीपक अरोड़ा, महिला मोर्चा महामंत्री संगीता नौटियाल, रेलवे बोर्ड सदस्य शशांक, प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन योगेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट राजकोट नरेंद्र अग्रवाल, पूर्व पार्षद रोशन बाला, अध्यक्ष व्यापार मंडल राजपुर देहरादून मोहित अग्रवाल, संगीता असवाल, अश्विन खत्री, सूरज प्रकाश, अमित डंग, संजय बॉक्सर, वसीम खान, जावेद खान, परवेज खान, भारत भूषण गर्ग, दिनेश गुसाईं, एमडीडीए के अधीक्षण अभियंता एससी राणा, उद्यान अधिकारी एआर जोशी, अधिशासी अभियंता मनोज जोशी, अवर अभियंता सचिन कुमार, सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।

आईएएस वंशीधर तिवारी हुए सम्मानित, मिला गढ़भूमि सम्मान 2022

सामुदायिक रेडियो हेंवलवाणी की 21 वीं स्थापना दिवस समारोह चंबा में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम शुभारंभ का कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, प्रताप नगर विधायक विक्रम नेगी, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत व समाजसेवी व अधिवक्ता संजय शर्मा दरमोडा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पांच प्रतिभाओं को समान्नित किया गया, कला एवं संस्कृति संरक्षण के क्षेत्र में लोकगायिका मीना राणा, उल्लेखनीय प्रशासनिक कार्य क्षेत्र में आईएएस वंशीधर तिवारी महानिदेशक सूचना व शिक्षा, पत्रकारिता में जगमोहन रौतेला, शिक्षा व समाज सेवा में हुकुम सिंह ओनिआल, शिल्पकार सर्वजीत खत्री को गढ़भूमि सम्मान-2022 से समान्नित किया गया।

इस अवसर पर लोकगायक पदम गुसाईं, रवि गुसाईं व साथियों ने गढ़वन्दना खोली का गणेश मोरी का नारायण से सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया वह लोग गायक मीना राणा व सौरव मैठाणी ने अपने गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी। साथ ही श्रोताओं का सम्मान व स्कूली छात्र छात्राओं ने लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया जिसमें मॉडर्न स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया द्वितीय स्थान बालिका इंटर कॉलेज चंबा और तीसरा स्थान मॉडर्न स्कूल एकेडमी ने प्राप्त किया जिन्हें ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया क्या गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा सामुदायिक रेडियो हेंवलवाणी स्थानीय भाषा का एक मजबूत और प्रभावी मीडिया माध्यम है वै जल्द ही स्टेशन भवन हेतु मुख्यमंत्री से बात करेंगे। भूमि हेतु जल्दी कार्यवाही करेंगे। कार्यक्रम में हेंवल वाणी के अध्यक्ष रघुभाई जड़धारी केंद्र निदेशक राजेन्द्र नेगी, आरती बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष सुमना रमोला, ब्लॉक प्रमुख शिवानी बिष्ट, प्रमुख राजेन्द्र भंडारी, शांति प्रसाद भट्ट, विजय जड़धारी, सोमवारी लाल सकलानी, शक्ति जोशी, यलमा सजवाण, सतवीर पुंडीर, आदि मौजूद रहे।

जमरानी बांध परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत सम्मिलित करने की स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमरानी बांध परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत सम्मिलित करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया है।
जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में जमरानी बांध परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत सम्मिलित करने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना पर धन आबंटन हेतु जल शक्ति मंत्रालय द्वारा वित्त मंत्रालय भारत सरकार प्रेषित किया जाएगा।
जैसा कि विदित है कि उत्तराखंड राज्य के जनपद नैनीताल में काठगोदाम से 10 किलोमीटर अपस्ट्रीम में गौला नदी पर जमरानी बांध (150.6 मीटर ऊंचाई) का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना से 150000 हेक्टेयर कृषि योग्य क्षेत्र सिंचाई सुविधा से लाभान्वित होगा, साथ ही हल्द्वानी शहर को वार्षिक 42 एमसीएम पेयजल उपलब्ध कराए जाने तथा 63 मिलियन यूनिट जल विद्युत उत्पादन का प्रावधान है।
10 जून 2022 को जल शक्ति मंत्रालय द्वारा जमरानी बांध परियोजना को पीएमकेएसवाई को रु 2584 करोड की निवेश स्वीकृति प्रदान की गई थी। आज दिनांक 18-10-2022 को सचिव जल शक्ति मंत्रालय की अध्यक्षता एवं नीति आयोग तथा प्रमुख सचिव सिंचाई उत्तर प्रदेश की उपस्थिति में आयोजित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में शामिल करने हेतु अनुमोदन प्रदान किया गया। परियोजना के सापेक्ष धन आवंटन हेतु जल शक्ति मंत्रालय द्वारा प्रस्ताव वित्त मंत्रालय को प्रेषित किया जाएगा।