चोरी की बाइक के साथ बागपत से एक आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को यूपी के बागपत से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने बताया कि एक माह पहले वाल्मीकि नगर ऋषिकेश निवासी नीरज पुत्र स्व. राजू ने एक तहरीर दी थी। जिसमें पुलिस को बताया गया था कि छह जून को जयराम आश्रम के पास से उसकी बाइक चोरी हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया। खुलासे को पुलिस टीम यूपी के जिला बागपत रवाना हुई। वहां पर स्थानीय पुलिस की मदद से नीतीश पुत्र कृष्ण पाल निवासी आजाद नगर, थाना बड़ौत, बागपत, यूपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया है।

केरल के लापता युवक को पुलिस ने परिजनों से मिलाया

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जिलेभर में समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यापन अभियान चलाकर किरायेदारों/मजदूरों/थैली-फड़-रेडी लगाने वाले व्यक्तियों/संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है। जिसके तहत सत्यापन कार्यवाही करने हेतु थाना एवं चौकी क्षेत्र में अलग-अलग टीमें गठित की गई, जिनके द्वारा लगातार प्रत्येक दिवस सत्यापन कार्यवाही की जा रही है।
29 जुलाई को यातायात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम सत्यापन कार्यवाही के लिए नटराज चौक के आस पास के क्षेत्र में सत्यापन कार्रवाई कर रही थी। तो संदिग्ध/लावारिस अवस्था में मिले एक व्यक्ति से पूछताछ की गई तो ज्ञात हुआ कि उक्त व्यक्ति केरल का रहने वाला है, जिसका नाम पता बाईजू पुत्र वारकी निवासी कोलिथड़ संथीगिरी, जिला कन्नूर, केरल है। जिससे गहनता से पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति से उसके परिजनों का फोन नंबर लेकर बात की गई तो ज्ञात हुआ की उक्त व्यक्ति 6 माह पहले अपने परिजनों के साथ कुछ कहासुनी हो जाने पर घर से चला गया था जो कि भटकते हुए ऋषिकेश पहुंच गया।
यातायात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र के द्वारा तत्काल पूरी घटना से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश को अवगत कराया गया, जिनके आदेशानुसार उक्त व्यक्ति को कोतवाली ऋषिकेश में लाया गया। उक्त व्यक्ति से प्राप्त फोन नंबर पर संपर्क कर उसके परिजनों को स्थिति से अवगत कराया गया तथा परिजनों के आग्रह पर गुमशुदा व्यक्ति बाईजू को कोतवाली ऋषिकेश में ही सकुशल संरक्षण में रखा गया। जिसके पश्चात आज े गुमशुदा उपरोक्त के बड़े भाई थॉमस पुत्र वारकी कोतवाली ऋषिकेश पर आए तथा गुमशुदा व्यक्ति बाईजू को उनके बड़े भाई थॉमस को सकुशल सुपुर्द किया गया। 6 माह पश्चात अपने भाई को सकुशल पाकर थॉमस के द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा उत्तराखंड पुलिस की प्रशंसा करते हुए सहृदय आभार प्रकट किया गया।

मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना-टोटल मिक्स राशन यूनिट का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में 108 एम पैक्स के कम्प्यूटरीकरण का शुभारम्भ करने के साथ ही मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के अन्तर्गत साइलेज उत्पादन एवं विपणन सहकारी संघ लि के संयुक्त उद्यम टोटल मिक्स राशन की छरबा इकाई का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहाकारिता की मूल अवधारणा है कि उसमें सबका सहयोग हो। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप प्रदेश भी डिजिटल ट्रांजेक्शन की ओर बढ़ रहा है। इसका ही प्रतिफल है कि इसके माध्यम से लाभार्थी को पूरी की पूरी धनराशि डीबीटी के माध्यम से उसके खाते में जमा हो रही है इससे चोर बाजारी के रास्ते भी बन्द हुए है, जबकि इस सम्बन्ध में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने कहा था कि यदि किसी लाभार्थी को दिल्ली से 100 रूपये स्वीकृत होते हैं तो लाभार्थी तक 15 रूपये ही पहुंच पाते हैं। डिजिटल ट्रांजेक्शन के माध्यम से इस व्यवस्था में बदलाव आया है। अब लाभार्थी को शत प्रतिशत धनराशि प्राप्त हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना के बाद उत्तराखण्ड दूसरा राज्य है जहां 670 पेक्स के कम्प्यूटीकरण की प्रक्रिया गतिमान है जिनमें से 108 एम पेक्स का कम्प्यूटरीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, इसके तहत राज्य सरकार द्वारा सहकारी बैंक एवं नाबार्ड के सहयोग से 37.52 करोड़ की लागत से इन प्राथमिक सहकारी संस्थाओं को डिजिटल प्लेटफार्म पर लाने के प्रयास किये गये हैं। यह डिजिटल इंडिया के क्रियान्वयन में भागीदारी सुनिश्चित करने का भी सार्थक प्रयास है। एम पैक्स कम्प्यूटरीकरण से खातो को आनलाइन किये जाने तथा समिति के सदस्यों के लगभग 10 लाख से अधिक खातों को डिजिटल प्लेटफार्म पर आने से राज्य के 30 लाख से अधिक ग्रामीण जन लाभात्वित होंगे। हमारी इस योजना को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा भी गया है। सहकारिता के क्षेत्र में उठाये गये सुधारात्मक कदम बेस्ट प्रेक्टिस के रूप में पहचान बनाये इसके प्रयास हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना पिछले वर्ष केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कर कमलों द्वारा शुरू की गई थी। हमारी माताओं बहनों जिनकों अपने पशुओं के घास के लिये दूर-दूर जाना पड़ता है तथा आपदा का सामना करना पड़ता है, उन सबको इससे निजात कैसे मिल सकती है इन सभी का समाधान है मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पशुपालकों को पोषण प्रणाली में हो रहे प्रौद्योगिक विकास से जोड़ते हुये मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के अन्तर्गत उत्तराखण्ड के दूरस्थ ग्रामीण पर्वतीय क्षेत्रों के पशुपालकों को पैक्ड सायलेज उनके घर पर उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की जा रही है साथ ही सायलेज उत्पादक एवं विपणन सहकारी संघ लि के द्वारा टीएमआर यूनिट के शिलान्यास से पशुपालकों को फायदा होगा।
इस योजना का उद्देश्य एक लाख से अधिक महिलाओं लाभार्थियों को रियायती दरों पर सायलेज फीड ब्लॉक उपलब्ध कराकर चारे के बोझ से मुक्त किया जा रहा है जिससे पशुओं के स्वास्थ्य और दूध की पैदावार में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा स्व निधि योजना, मुद्रा योजना के साथ ही सामाजिक पैंशन, कृषि, बागवानी, औद्यानिकी आदि की योजनाओं का लाभ तत्परता से सभी सम्बन्धित को प्राप्त हो इसके लिये हम प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समस्याओं को अटकाने में नही बल्कि समाधान का है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाये उत्तराखण्ड के नव निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगी। इस सम्बन्ध में सभी विभागों द्वारा 2025 तक का रोड मेप तैयार किया जा रहा है। समाज के अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाकर ही प्रदेश आगे बढ़ सकता है। हर जरूरत मंद को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो इसके लिये सरलीकरण समाधान एवं निस्तारण के मंत्र के साथ कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिये जरूरी है कि हमें जो भी दायित्व सौंपा गया है उसका बेहतर ढ़ंग से निर्वहन किया जाय, जब हम अपने दायित्वों को पूरे मनोयोग एवं इमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तो इससे समाज में बदलाव आने के साथ स्वंय में आत्मिक संतुष्टि का भाव भी उत्पन्न होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
प्रदेश के 20 लाख घरों में 13 से 15 अगस्त तक हर घर में राष्ट्रीय ध्वज लगाये जाने तथा 2 अगस्त से सभी लोगों से अपनी सोशल साइट प्रोफाइल पर तिरंगा लगाये जाने के अभियान का हिस्सा बनने की भी मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण भी वितरित किये गये जिनमें शंभु महिला समूह, राधेस्याम महिला समूह, मां पार्वती महिला समूह व हेमा महिला समूह को पाचं-पांच लाख रूपये के ऋण प्रदान किये गये।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में 33 लाख लोग सहकारिता से जुड़े है, सहकारिता के ऑनलाईन होने से लोगों को अपने खाते की पूरी जानकारी प्राप्त हो रही है। देश के कई राज्यों में प्रदेश की सहाकारिता कम्प्यूटरीकरण कार्य प्रणाली अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 6.41 लाख लोगों को बिना ब्याज के 37 करोड़ का ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा 3837 महिला समूहों को पांच-पांच लाख के ऋण उपलब्ध कराये जा चुके है। उन्होंने कहा कि महिला समूहों के साथ ही पुरूष समूहों को भी ऋण उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की जायेगी।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव मा मुख्यमंत्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव सहकारिता डॉ. बी.आर.सी. पुरूषोतम सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

ऑनलाइन टैक्सी सर्विस के संचालन को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया

गढ़वाल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन ने ऑनलाइन टैक्सी सर्विस के संचालन को अनुमति देने के लिए प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया है। टैक्सी संचालकों ने एक स्वर में उत्तराखंड में ऑनलाइन टैक्सी सर्विस का लाइसेंस निरस्त करने की मांग उठाई है।
रविवार को आईएसबीटी परिसर ऋषिकेश में गढ़वाल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने कहा कि ऑनलाइन टैक्सी सर्विस को उत्तराखंड से खदेड़ने के लिए आंदोलन के साथ-साथ न्यायालय की शरण भी ली जाएगी। सरकार ने इसे उत्तराखंड में लाइसेंस देकर स्थानीय टैक्सी-मैक्सी संचालकों के हितों के साथ कुठाराघात किया है। इसके चलते पूर्व से आर्थिक मंदी झेल रहे टैक्सी-मैक्सी संचालकों के समक्ष भुखमरी की नौबत आ गई है। कहा कि सोमवार को इस मामले को लेकर शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की जाएगी।
मौके पर सचिव बिजेंद्र कंडारी, सह सचिव रमेश सिंह रावत, जौलीग्रांट एयरपोर्ट टैक्सी चालक एवं मालिक समिति के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद, टाटा सूमो जीप कमांडर एसोसिएशन ऋषिकेश के सचिव राधेश्याम व्यास, कोषाध्यक्ष दिनेश कोठियाल, ऋषिकेश डीलक्स टैक्सी मैक्सी ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत डग, सचिव ललित सक्सेना, सह सचिव सोमेंद्र बासु, नीलकंठ टाटा सुमो जीप कमांडर कल्याण समिति अध्यक्ष सोनू डंगवाल, टूरिस्ट टैक्सी ओनर्स एसोसिएशन लक्ष्मण झूला के अध्यक्ष राजेश कंडारी, इनोवा टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन के सचिव नवीन सेमवाल, दून थ्रीव्हीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र लांबा आदि शामिल रहे।

निःशुल्क जांच शिविर में 150 लोगों की जांच की गई

रोटरी क्लब ऋषिकेश और शिवालिक डेंटल एवं ऐमपैथ द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं खून जांच शिविर का आयोजन वीरभद्र मार्ग स्थित शिवालिक डेंटल क्लिनिक में किया गया। जिसका उद्घाटन रोटरी क्लब के डीजीइ अरुण मोगिया ने किया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा लगाए जा रहे स्वास्थ्य के इस शिविर से बहुत से लोगों को फ़ायदा मिलेगा व ग़रीब व्यक्ति जो ब्लड टेस्ट कराने में असमर्थ है, उसे भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने क्लब द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए क्लब को और भी स्वास्थ्य शिविर लगाने के लिए कहा कि समाज में सबसे बड़ी सेवा लोगों की स्वास्थ्य सेवा करना है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब अगस्त के महीने में दो या तीन स्वास्थ्य शिविर ब्लड टेस्ट के साथ साथ आँखों व स्कीन के स्वास्थ्य शिविर लगाएगा। सचिव विशाल तायल ने कहा कि रोटरी क्लब स्वास्थ्य शिविर का सिलसिला लगातार चलता रहेगा और इसके लिए जितने भी प्रयास होंगे क्लब द्वारा किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अरुण मोगिया ने को शाल व रूद्राक्ष की माला पहनाकर उनका सम्मान किया गया। क्लब द्वारा कार्यक्रम में विशेष संयोग देने पर डाक्टर पारुल गर्ग, डॉक्टर राजेंद्र गर्ग व डॉक्टर हरीओम प्रसाद को भी सम्मानित किया गया। शिविर में लगभग एक सौ पचास लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया। कार्यक्रम में राजीव गर्ग, नितिन गुप्ता, डॉक्टर अरुण शर्मा, जितेंद्र बर्थवाल, डॉक्टर डीके श्रीवास्तव, संजय अग्रवाल, डॉक्टर राजे नेगी, गोपाल सिंह, बलवंत सिंह डंग, सुशील गोयल, हिमांशु अग्रवाल रहे।

श्री शिव महापुराण कथा सुनने में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब

ग्राम सभा खदरी खड़क माफ में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन कथा व्यास वैष्णवाचार्य पण्डित शिव स्वरूप नौटियाल ने कहा कि श्रावण मास में शिव महा पुराण कथा सुनाने और सुनने का बड़ा महात्म्य है। हरिनाम कथाएं सुनने से जीवन की व्यथाएं समाप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि शिवलिंग पर बिल्वपत्र चढ़ाने से कोटिशः कन्याओं के विवाह के समान पुण्य की प्राप्ति होती है।
कथा श्रवण करने वालों में गीता देवी, नीलिमा कोठियाल, सुनीता चौहान, कुसुम ढोंडियाल, ज्योति राणा, अनिता राणा, आशा भट्ट, शशि भट्ट, डोली बोरा, अनुराधा कोठियाल, श्यामा देवी, रामेश्वरी देवी, भागा देवी, संतोषी सिलस्वाल, मधु चमोली, मधु पैन्यूली, संतोषी बलूनी, रजनी बलूनी, बीना पाण्डेय, रामेश्वरी बेड़वाल, जमुना चौहान, चन्द्रकला कुकरेती, कुसुम भट्ट, लखमा देवी नौटियाल, दयाश्वरी देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आर्थिक सहायता देकर छात्रा की मदद की

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने एक शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रही छात्रा को आर्थिक सहायता दी है। क्लब ऋषिकेश डिवाइन के संस्थापक ललित मोहन मिश्र व अध्यक्ष लियो रजत भोला ने बताया कि एक छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ने में तेज है, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण शिक्षण संस्थान में दाखिला नहीं हो पा रहा है। लिहाजा क्लब ने मेधावी छात्रा की वार्षिक फीस जमा करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। मौके पर सचिव मोहित गनेरिवाला, कोषाध्यक्ष घनश्याम डंग, आशु डंग, कृष्णा कालरा, अंकित कालरा, मयंक अरोरा, अमित सूरी आदि मौजूद रहे।

प्रसिद्ध समाजसेवी मांगे राम अग्रवाल की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आशीर्वाद वाटिका, डोईवाला देहरादून में स्व. हरज्ञान चंद अग्रवाल सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के पिता एवं विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल की 19वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल की प्रतिमा का अनावरण किया एवं विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगो को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डोईवाला विधानसभा के केशवपुरी में संस्कार केंद्र की चारदीवारी का निर्माण कार्य किए जाने एवं क्रीडा क्षेत्र में क्रीड़ा मैदान बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल ने संपूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने इस क्षेत्र के अंतिम छोर पर खड़े लोगों को हमेशा आगे लाने का कार्य किया। स्वर्गीय मांगेराम अग्रवाल के पुत्र प्रेम चंद्र अग्रवाल के अंदर भी वही ललक दिखाई पड़ती है। उन्होंने कहा स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल के सपनों के अनुरूप सरकार लगातार जन सेवा का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हंस फाउंडेशन ने हमेशा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जन सेवा का कार्य किया है। कोरोना काल में हंस फाउंडेशन द्वारा गरीबों की मदद की गई एवं मरीजों तक ऑक्सीजन सिलिंडर, दवाइयां पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना पर पूरी तरीके से नियंत्रण किया। भारत ने 2 स्वदेशी कोविड वैक्सीन तैयार की। भारत में कोविड की 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाई जा चुकी है। बूस्टर डोज का अभियान भी तेजी से चल रहा है। गरीब कल्याण अन्न योजना से करोड़ों लोगों को मुफ्त में राशन पहुंचाया गया। उन्होंने कहा प्रत्येक ग्राम सभा आदर्श ग्राम सभा बने इसके लिए सरकार ने कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड पूरे हिमालय क्षेत्र को विकास की राह दिखा सकता है। इकोनोमी और इकोलॉजी में संतुलन रखते हुए सतत विकास की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा उत्तराखंड को नशा मुक्त करने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए पूरे समर्पित भाव से काम करना है।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल ने हमेशा गरीबों के हितों एवं समाज के उत्थान हेतु कार्य किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में शिशु/विद्या मंदिर खोलने का बेड़ा उठाया। संघ के कार्यों में उनका अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी की पुण्यतिथि पर सालों से लगातार वृक्षारोपण के कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में संस्थापक हंस फाउंडेशन मंगला माता, श्री भोले महाराज, प्रांत प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ युद्धवीर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक बृजभूषण गैरोला एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की गाथाओं को याद रखे-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सुना।
मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हम सभी देशवासियों का कर्तव्य है कि हम देश को आजादी दिलाने वाले सभी ज्ञात अज्ञात महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान गाथाओं को सदैव याद रखे।
प्रधानमंत्री की पहल पर इस स्वतंत्रता दिवस पर 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेश वासियों से इस महान अभियान में प्रतिभाग करते हुए अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पूरे विश्व में हमारी एकता का संदेश जाएगा। आज पूरा विश्व भारत की ओर देखता है। भारतीय संस्कृति, योग व आयुष के महत्व को दुनिया मान रही है।
मुख्यमंत्री के साथ मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं अन्य गणमान्य लोगों ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना।

कौशिक को हटाया भट्ट को मिली प्रदेश अध्यक्ष की कमान

निकाय और 2024 लोकसभा चुनावों से पहले उत्तराखंड बीजेपी में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। बीजेपी आलाकमान ने उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की जगह पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने युवा नेता महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड के नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया। विधानसभा चुनाव के बाद से ही उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के चेहरे में बदलाव के कयास लगाये जा रहे थे। इस बदलाव को लेकर बड़ी बात यह निकलकर आ रही है कि भट्ट की नियुक्ति को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी की सहमति बड़ा फैक्टर रही।
साल 1971 में चमोली के थाला पोखरी गांव में जन्मे महेंद्र भट्ट बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। साथ ही दो बार विधायक भी रहे हैं। महेंद्र भट्ट का संबंध बदरी केदार मंदिर समिति से भी रहा है इसलिए पार्टी को लग रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनकी ताजपोशी का असर पूरे गढ़वाल में देखा जाएगा। बीजेपी सूत्रों की मानें तो भट्ट के नाम पर सीएम पुष्कर सिंह धामी को भी कोई ऐतराज नहीं था क्योंकि भट्ट उनके ही समकक्ष नेता हैं। दो हमउम्र नेता सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बना सकते हैं।
वहीं, माना जा रहा है कि भविष्य में होने वाले कैबिनेट विस्तार में बीजेपी मदन कौशिक को कैबिनेट में जगह दे सकती है, जिससे सरकार में हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण जिले का बड़ा प्रतिनिधित्व हो सके। मदन कौशिक को एक तेज तर्रार किस्म का प्रशासक माना जाता है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी उनका उपयोग सरकार में करना चाहती है।

इन समीकरण के तहत मिली भट्ट को कमान?
दरअसल पुष्कर धामी के मुख्यमंत्री बनने और मदन कौशिक के प्रदेश अध्यक्ष होते हुए बीजेपी के भीतर ही गढ़वाल की अनदेखी की बात उठ रही थी। जिसके बाद गढ़वाल के पहाड़ी इलाके के किसी नेता को बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा तेज थी। बीजेपी की रणनीति गढ़वाल और कुमाऊं के साथ ही जातीय समीकरण साधने की भी रही क्योंकि धामी कुमाऊं से आते हैं और राजपूत हैं। मदन कौशिक गढ़वाल मंडल के मैदानी इलाके से जुड़े ब्राह्मण थे। कौशिक का पूरे गढ़वाल में उतना प्रभाव नहीं था इसलिए बीजेपी ने गढ़वाल के ब्राह्मण महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बड़ा दांव खेला। महेंद्र भट्ट की उम्र भले ही 51 साल की हो लेकिन उनका राजनीतिक अनुभव कम नहीं है। उनकी छवि एक तेजतर्रार हिंदूवादी नेता की है। एबीवीपी से लेकर बीजेपी युवा मोर्चा और बीजेपी के मुख्य संगठन में काम करने का उनका लंबा अनुभव है। भट्ट साल 1991-96 तक बीजेपी की स्टूडेंट विंड एबीवीपी में सक्रिय रहे। साल 1997 से 2002 तक बीजेपी युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रहे।
2002 में पहली बार महज 32 साल की उम्र में भट्ट नंदप्रयाग से विधायक चुने गए। साल 2007-10 और 2014 से 2017 तक दो बार भट्ट बीजेपी के प्रदेश मंत्री रहे। 2010-12 तक भट्ट को दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बनाया गया। 2017 में भट्ट बद्रीनाथ से विधायक चुने गए। लेकिन 2022 का चुनाव हार गए. हार के बावजूद अपने इलाके और सोशल मीडिया पर वह लगातार सक्रिय रहे।
वहीं, पूर्व विधायक महेंद्र प्रसाद भट्ट के भारतीय जनता पार्टी के नये अध्यक्ष बनने पर वित्त व संसदीय कार्यमंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दूरभाष पर अपनी शुभकामनाएं दी।
शनिवार को नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होने के बाद मंत्री डॉ अग्रवाल ने बधाई दी। कहा कि श्री भट्ट जी के कुशल नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी। बताया कि महेंद्र भट्ट गढ़वाल और कुमाऊं के लोकप्रिय नेता हैं। उसी का लाभ श्री भट्ट को मिला। बताया कि पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सह सचिव रहे। डॉ अग्रवाल ने कहा कि भट्ट के दिशा निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। युवाओं को आगे बढ़ने में प्रेरणा मिलेगी।