विधायक निधि से तीर्थनगरी में शुरू हुआ सेनिटाइजेशन अभियान

कोरोना संक्रमण का प्रभाव अभी कम नहीं हुआ है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिन क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन नहीं हुआ है उन क्षेत्रों में सैनिटाइजर के छिड़काव के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने आज वीरभद्र के कृष्णा नगर कॉलोनी से सैनिटाइजेशन के कार्य का प्रारंभ किया। उन्होंने अपने विधायक निधि से ट्रैक्टर ट्राली टैंकर गढ़ सेवा संस्थान को भेंट कर सैनिटाइजर का कार्य प्रारंभ किया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर वीर भद्र मंडल के कृष्णा नगर कॉलोनी से सेनीटाइजर के छिड़काव का कार्य प्रारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ है ऐसे में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के प्रभाव को समाप्त करने के लिए सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने विधायक निधि से गढ सेवा संस्थान को ट्रैक्टर, टैंक एवं सेनीटाइजर मशीन उपलब्ध कराई है जिससे संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

इस अवसर पर गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी, रविंद्र राणा, मनोज ध्यानी, अरुण बडोनी, गोपाल सती, राजवीर रावत, भगवती प्रसाद रतूड़ी, दिनेश पायल, सुमित पवार, मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, रमेश चंद शर्मा, तिलकराज, ताजेंद्र नेगी आदि उपस्थित थे।

मदन कौशिक के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, विधायकी बर्खास्त करने की मांग

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर भ्रष्टाचार के एक मामले को लेकर उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दाखिल होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला फूंका है। साथ ही मदन कौशिक के विरूद्ध मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कार्यकर्ताओं ने विधायकी से बर्खास्त करने की मांग की है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के विरुद्ध देहरादून निवासी सच्चिदानंद डबराल द्वारा वर्ष 2010 में विधायक निधि द्वारा हरिद्वार में 12 पुस्तकालय बनवाने को लिये 1.5 करोड़ रुपये विधायक निधि से रिलीज किये गए थे, परंतु पुस्तकालयों का कार्य धरातल पर नहीं हुआ। जिस पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दिखता है पूर्व में भी भाजपा के केंद्र व राज्य स्तर के नेताओं पर भ्रष्टाचार व अन्य मामलों के आरोप लगने के बावजूद भी पार्टी स्तर से कोई भी कार्यवाही उनके ऊपर नहीं हुई। इसलिए इनके नेता लगातार भ्रष्टाचार कर रहे है। हम माँग करते है कि मदन कौशिक के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए मुकदमा दर्ज कर इनको विधायकी से बर्खास्त किया जाए।

पुतला फूंकने वाले पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, सैनिक विभाग के प्रदेश महासचिव गजेन्द्र विक्रम शाही, पूर्व प्रधान सतीश रावत, दीपक नेगी, राकेश कंडियाल, सतेन्द्र पंवार, रवि राणा, हरभजन सिंह चैहान, राजेन्द्र सिंह भण्डारी, देवेन्द्र दत्त बेलवाल, यश अरोड़ा, अलका क्षेत्री, सरोजनी थपलियाल, आशा सिंह चैहान, विक्रम भंडारी, विशाल सजवाण, देव पोखरियाल, प्रवीण गोनियाल, हरिओम यादव, मंटू यादव, आदित्य परमार, आर्यन गिरी आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने समींक्षा बैठक के बाद दिये योजनाओं को क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश


मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जनपद देहरादून की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिये की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं विधायक मसूरी गणेश जोशी पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक डोईवाला त्रिवेन्द्र सिंह रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक चकराता प्रीतम सिंह, विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चैहान, विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुण्डीर, विधायक धर्मपुर विनोद चमोली, विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, विधायक राजपुर खजान दास, विधायक देहरादून केन्ट हरबंस कपूर उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी विधानसभाओं में आन्तरिक सड़कों के सुधारीकार्य, पेयजल, नलकूप निर्माण सीवरेज व ड्रेनेज की व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा कार्य आदि से सम्बन्धित प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान करते हुए इनके निर्माण में तेजी लाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में नालों को अण्डर ग्राउण्ड करने के लिये नीतिगत निर्णय लिये जाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि देहरादून के जिन क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया गया है वहां सड़कों के निर्माण में तेजी लाया जाए। इसमें बिजली के पोल हटाने व ड्रेनेज आदि के कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ ही पूरा किया जाए। उन्होंने चकराता विधानसभा के अन्तर्गत मीनस अटाल सड़क के सुधारीकरण के प्रस्ताव को सी आर एफ योजना में सम्मिलित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही क्षेत्र की अन्य सड़कों एवं पेयजल योजनाओं के कार्यों में तेजी लाये जाने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने डोईवाला में बस अड्डे के निर्माण से सम्बन्धित कार्यवाही 15 दिन में पूर्ण करने तथा रानीपोखरी में विद्युत सब स्टैशन, सीपेट के नजदीक बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा विभिन्न क्षेत्रों में की पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण कार्य में तेजी लाने को कहा।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी विधानसभा क्षेत्रों की गतिमान योजनाओं को अनुमोदन प्रदान करने के साथ ही इन पर शीघ्र कार्य आरंभ करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के लिये फण्डिंग की व्यवस्था एडीवी से की जानी है, उनके प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार किये जाए।

सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली ने विधानसभा क्षेत्र वार योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिये मुख्यमंत्री द्वारा की गई 45 घोषणाओं में से 32 के शासनादेश जारी किये जा चुके है जबकि शेष की कार्यवाही गतिमान है।

इसी प्रकार देहरादून केन्ट के लिये 7 में से 5, विकासनगर की 25 में से 23, रायपुर की 22 में 19, राजपुर रोड़ की 14 में 11, चकराता की 41 में से 35, सहसपुर की 55 में से 34, धर्मपुर की 54 में से 19, डोईवाला की 211 में से 187 तथा ऋषिकेश की 25 में से 11 योजनाओं के शासनादेश जारी किये जा चुके है तथा शेष पर कार्यवाही गतिमान है।

बैठक में मुख्य सलाहकार मुख्यमंत्री शत्रुघ्न सिंह, अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव एस.एन.पाण्डे, एस.ए. मुरूगेशन, सुशील कुमार आदि उपस्थित थे।

लोकसभा अध्यक्ष के दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर देशभर से पीठासीन अधिकारियों की हुई वर्चुअल बैठक

देहरादून। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जी के दो साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर लोक सभा, दिल्ली द्वारा देश भर के पीठासीन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया।इस बैठक के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा अपने दो साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों की जानकारी दी गयी। वहीं सभी राज्यों के पीठासीन अधिकारियों ने भी अपने -अपने कार्यकाल के अनुभव को भी साझा किया गया।

लोक सभा अध्यक्ष अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक के दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने भी प्रतिभाग किया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने अपने चार साल के कार्यकाल के कार्यों को डिजिटल पटल के माध्यम से बैठक में रखा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संसदीय लोकतंत्र की कार्यवाहियों को मजबूती प्रदान हुई है। इस अवसर पर विधानसभाध्यक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष को उनके दो वर्ष का सफलतम कार्यकाल पूर्ण होने पर अपने बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वर्चुअल बैठक के दौरान देश भर के सभी राज्यों के पीठासीन अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।

इस अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष द्वारा सभी राज्यों में कोरोना की वर्तमान स्थिति के बारे में भी जानकारी ली गई। वहीं लोकसभा अध्यक्ष द्वारा सभी राज्यों के विधानसभा सत्र संचालन से संबंधित विषयों पर भी वार्ता की गई ।

कैंप कार्यालय में जरूरतमंदों को स्पीकर से मिली आर्थिक मदद

कैंप कार्यालय पर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री राहत कोष के 1 लाख रुपए के चेक विभिन्न जरूरतमंदों को भेंट किये। मौके पर स्पीकर ने कहा कि आर्थिक सहायता एक समय की जरूरत को पूरा करने के लिए हो सकती है परंतु आत्मनिर्भरता के साथ स्वयं को खड़े होने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अभी कोरोना काल समाप्त नहीं हुआ है इसलिए मास्क, सैनिटाइजर एवं शारीरिक दूरी रखना अत्यंत आवश्यक है। विधानसभा के जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए गए आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत जी का भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पंकज पाथंरी, सरस्वती गुप्ता, सुशील कुमार धीमान, अहिल्या देवी, लक्ष्मी जोशी, राजेश्वरी रावत आदि जरूरतमंदों को चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में तहसीलदार डॉ अमृता शर्मा, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल आदि उपस्थित थे।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सीएम ने ली वैक्सीनेशन की जानकारी

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कारगी चैक के समीप संत निरंकारी भवन में चल रहे कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वैक्सीनेशन की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं सही पाये जाने पर मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस वैक्सीनेशन केन्द्र में 45 वर्ष से अधिक आयु एवं 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण हो रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने तत्पश्चात दून अस्पताल में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज ली।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एम्स मार्ग में बने गड्ढों को लेकर किया प्रदर्शन

तीन माह पूर्व बने एम्स-वीरभद्र मार्ग में जगह-जगह बने गड्ढों पर कांग्रेसियों ने कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। इसके तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने विधानसभा अध्यक्ष के आवास के समीप मार्ग पर ढोल नगाड़े बजाकर प्रदर्शन किया, साथ ही सरकार के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की।

एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि पहली बारिश से सरकार के किये कार्यों की पोल खुल चुकी है। बीते 14 वर्षों में ऋषिकेश विधायक ने विधानसभा में केवल सड़कों का का काम करवाया है, मगर जो सड़कें बनी वह भी कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गई। कहा कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आश्चर्यजनक है कि विस अध्यक्ष के घर के पीछे बने बने एम्स मार्ग पर गढ्डे पड़ गए हैं। जिनसे यहां लगातार दुर्घटनाओं का अंदेशा बना है। कहा कि आज कांग्रेस ने ढोल नगाड़े बजाकर कुंभकर्णी नींद में सोए विस अध्यक्ष को जगाने का प्रयास किया है। इस दौरान उन्होंने सरकार से एम्स मार्ग की निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पार्षद राकेश सिंह व देवेन्द्र प्रजापति ने कहा कि वर्तमान में ऋषिकेश विधानसभा में कमीशनखोरी का बोल बाला है, जिसमें सत्ता पक्ष के लोग शामिल हैं।

मौके पर पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, लल्लन राजभर, पार्षद शकुंतला शर्मा, पार्षद राकेश मिया,पार्षद देवेन्द्र प्रजापति ,पार्षद विजय लक्ष्मी शर्मा, विमला रावत, उमा ओबेरॉय, नन्दकिशोर जाटव, रामकुमार भतालिये, हरि राम वर्मा, परमेश्वर राजभर, दीनदयाल राजभर, विवेक तिवारी, गौरव राणा, मनोज पंवार, रवि राणा, हरभजन सिंह चैहान, सुमित त्यागी, अजय धीमान, मनोज त्यागी, दीपक भारद्वाज, नीरज चैहान, यश अरोड़ा ड़ा, राकेश कंडियाल, मनोज पंवार, प्रिंस सकसेना, गौरव यादव, अतुल त्यागी, रवि राणा, राजेश शाह, जगजीत सिंह, अभिषेक राणा, जितेन्द्र पाल पाठी, राहुल पांडेय, ऋषभ जैन, तनवीर सिंह, अरुण कुमार, शलेंद्र गुप्ता, प्रवीण गर्ग, विवेक, इमरान सैफी, हेमन्त डंग, देव बोहरा, गौरव झा, हिमांशु कश्यप, अभिषेक राणा, अशोक शर्मा, पुरंजय राजभर, हरिओम भारद्वाज, प्रकाश शर्मा आदि मौजूद थे।

हाईवे पर कूड़ा लगा रहा स्वच्छ भारत अभियान को पलीता, कांग्रेस नेता ने उठाई आवाज

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने श्यामपुर ग्रामसभा में रेलवे फाटक के समीप हाईवे पर पड़े कूड़े को हटाने के लिए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपते हुए एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि एक ओर केन्द्र व प्रदेश सरकार स्वच्छ भारत अभियान के प्रचार-प्रसार प्रसार में करोड़ों रूपये खर्च कर रही है। वहीं ग्रामसभा श्यामपुर में रेलवे फाटक के समीप हरिद्वार मार्ग के किनारे कूड़े का ढेर फैला है। मानसून सत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण यहां कूड़े से भयंकर दुर्गंध उठने लगी है, जिस कारण यहां बीमारी व संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।यहां आने वाले पर्यटकों पर इसका योगनगरी ऋषिकेश की छवि का गलत प्रभाव पड़ रहा है। जो कि बिल्कुल सही नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से जुड़े को शीघ्र हटाने की मांग की एवं यहां कूड़ा डालने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए कहा। जिस पर एसडीएम मनीष कुमार ने त्वरित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या के निवारण के लिए निर्देशित किया।

विश्व संगीत दिवस पर सुमधुर गीतों का कार्यक्रम

विश्व संगीत दिवस यानी 21 जून को विश्वभर के संगीतज्ञ एक साथ एक मंच पर जुटेंगें। यह कार्यक्रम संगम कला ग्रुप की ओर से अपने फेसबुक पेज पर आयोजित किया जाएगा।

संगम कला ग्रुप के क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने बताया कि ग्रुप के ग्लोबल अध्यक्ष वी.एस.के. सूद की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीत और संगीत के भव्य कार्यक्रम का आयोजन फेसबुक पेज पर किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम छह बजे आरंभ होगा, जो देर रात्रि 12 बजे तक आयोजित होगा। इसमें 101 नवोदित वाद स्थापित गायक अपना वीडियो संगम कला ग्रुप के फेसबुक पेज पर अपलोड कर या क्षेत्रीय समन्वयक को व्हाट्सएप कर कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते है। कोरोना महामारी के चलते स्टेज प्रोग्राम के स्थान पर ऑनलाइन ‘सिंह एंड सेलिब्रेट’ कार्यक्रम की घोषणा की गई।

ग्रुप के अध्यक्ष सूद ने बताया कि यह ग्रुप पिछले 42 वर्षों से निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन करता आ रहा है। प्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम, हरदीप कौर, सुनिधि चैहान, श्रेया घोषाल, आनंद राज आनंद, तोशी आदि गायकों ने संगम कला ग्रुप से ही अपने कैरियर की शुरुआत की।उन्होंने कहा कि संगम कला ग्रुप गायकी के दीवानों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रसिद्धि पाने का महत्वपूर्ण मंच है।

कार्यक्रम आयोजकों में नंदा मेमन, देहरादून के समन्वयक जगदीश बाबला, मसूरी के समन्वयक रूपचंद गुरुजी व सचिव जय मोहन, रूद्राक्ष आदि प्रमुख हैं।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से पालिटेक्निक परिसर हुआ जलमग्न


पहाड़ों में रुक-रुककर हो रही बारिश से मैदानी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। त्रिवेणी घाट पर गंगा का जल पार्किंग तक आ पहुंचा। इसके चलते पार्किंग पर प्रवेश निषेध कर दिया गया है। पुलिस कर्मियों ने रस्सी लगाकर पार्किंग स्थल के प्रवेश द्वार को बंद कर दिया है। गंगा घाट पूरी तरह से खाली करवा दिए गए है। मुनादी करवाकर लोगों से तटीय इलाके खाली करवा दिए गए है। नगर में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। वहीं, खदरी स्थित पालिटेक्निक का परिसर जलमग्न हो गया है।

जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने बताया कि गंगा तटीय क्षेत्र में बसे खदरी गांव में बाढ़ से नुकसान हुआ है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्र में 15 और 10 हेक्टेयर में रोपे गए पौधे खराब हो गए हैं। यही नहीं वन्य जीवों को आबादी में प्रवेश से रोकने लिए लगायी सौर ऊर्जा बाड़ भी क्षतिग्रस्त हो गई है। वर्ष 2013 से बाढ़ की विभिषीका झेल रहे राजकीय पॉलिटेक्निक खदरी की पहले से क्षतिग्रस्त चाहरदिवारी के रास्ते घुसे बाढ़ के पानी से आवासीय परिसर डूब गया है। सूचना पर एसडीएम मनीष कुमार ने हालात का जायजा लिया और राहत एवं बचाव टीम को निगरानी रखने के निर्देश दिए। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र रावत ने बताया कि सौर ऊर्जा बाड़ को नुकसान होने की सूचना मिली है। कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन जल स्तर कम होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल प्लान्टेशन के पास से बाढ़ का पानी बह रहा है।