अपने गुरु की मूर्ति का अनावरण करने अपने पैतृक गांव पहुंचे सीएम आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्तरुप से महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिध्याणी, यमकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिध्याणी, यमकेश्वर में ब्रह्मालीन राष्ट्रसंत महंत अवैद्यनाथ महाराज की मूर्ति का अनावरण भी किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि महंत अवैद्यनाथ की प्रेरणा से ही यहां महाविद्यालय की स्थापना हुई है। उन्होंने कहा कि ग्राम कांडी में ही महंत अवैद्यनाथ का जन्म हुआ था किंतु ज्यादा समय तक नहीं रुक सके थे। कहा कि वे यहां की शिक्षा व्यवस्था के बारे में पूछते रहते थे। मैंने उन्हें अवगत कराया था कि यहां कोई डिग्री कॉलेज नहीं है, यहां के निवासियों ने समिति बनाकर कॉलेज के लिए जमीन दी और यहां कुछ कक्षाओं का प्रारंभ हो सका था। उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रुप से गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि पूज्य गुरु को उनकी जन्मभूमि पर सम्मान दे पा रहा हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे लिए गौरव की बात है कि मैं अपने स्कूली गुरुजनों का सम्मान कर पा रहा हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड में सबसे बड़ी समस्या पलायन है। यहां अच्छी शिक्षा अच्छा माहौल सौंदर्य और संभावनाएं हैं। उत्तराखंड का युवा जहां भी जाता है अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाता है। कहा कि देश 2014 के बाद नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। कोरोना में बहुत से लोगों ने अपनों को खोया है लेकिन भारत का सबसे बढ़िया प्रबंधन पूरे विश्व में सराहा गया, पहले महामारी में मौतें बीमारी से ज्यादा भुखमरी से होती थी लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदल चुका है, सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को बचाना है तो उत्तराखंड के पलायन को रोकना होगा क्योंकि उत्तराखंड देश की उत्तरी सीमा है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण को बढ़ावा देना होगा। उत्तराखंड मे आध्यात्मिक पर्यटन को इको पर्यटन से जोड़ना होगास योगी ने कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा लेकिन इसके लिए पलायन को रोकना पड़ेगा, जहां अन्य राज्यों में अव्यवस्था फैली है वही उत्तर प्रदेश में कहीं कोई उपद्रव नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश में व्यक्तिगत आस्था पर कोई प्रतिबंध नहीं है किंतु उससे किसी अन्य को असुविधा नहीं होनी चाहिए। कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वाेपरि होती है, जन भावना के साथ आस्था के नाम पर खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। कहा कि हमने उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख अनावश्यक माइक हटवाए हैं और कहीं कोई विवाद नहीं है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश उत्तराखंड की 21 वर्षों से जकड़ी समस्या का समाधान अंतिम चरण पर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ करिश्माई व्यक्तित्व है। योगी जन्म भूमि में लंबे वक्त बाद आए है। उन्होंने कहा कि महंत अवैद्यनाथ का संबंध हिंदू धर्म, भाई चारे को मजबूत करने व जो पीछे छूट गए हैं उन्हें मुख्य धारा में लाने का रहा है। उनका राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कहा कि पहले अयोध्या में भगवान राम टेंट में थे वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार बनने के बाद वहाँ भव्य मंदिर बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कहा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में अयोध्या भारत ही नहीं बल्कि दुनिया की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक राजधानी बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ मार्ग भव्य हुआ है जिससे लोगों को जल चढ़ाने में कोई दिक्कत नहीं होती है। मोदी ने कहा है कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा। उत्तराखंड में आजादी के बाद जितने पर्यटक चार धाम की यात्रा पर आए हैं इन 10 सालों में सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा मार्गों पर होटल, परिवहन व यात्रा से जुड़े लोगों से जानकारी मिली है कि आने वाले 2 माह के लिए सारे होटलों की बुकिंग फुल हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योगी का जन्म उत्तराखंड में हुआ है किंतु वे अब पूरे देश की धरोहर बन चुके हैं। कहा कि 21 सालों से उत्तराखंड-यूपी का परिसंपत्तियों के बंटवारे से संबंधित मामले का मात्र 20 मिनट की बैठक में ही हल निकल गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि महायोगी गोरखनाथ विद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं चलाई जाएंगी, साथ ही जो भी अन्य संसाधनों की आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने गुरुजनों राजेंद्र सिंह रावत, राजेंद्र सिंह भंडारी, महिमानंद बड़थ्वाल, सत्य प्रसाद बड़थ्वाल को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक रेणु बिष्ट सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

लक्ष्मणझूला में गंगा बीच पर हंगामा कर रहे सात लोग अरेस्ट

लक्ष्मणझूला पुलिस ने मिशन मर्यादा के तहत गोवा बीच पर हुड़दंग मचाने सात पर्यटकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उन पर पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

लक्ष्मणझूला थाना के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुंवर ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि गोवा बीच पर कुछ युवक हुड़दंग मचा रहे है। जिस पर पुलिस ने युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अभिषेक कश्यप पुत्र मोहन लाल कश्यप , लवी कुमार पुत्र अनिल कुमार, अभय कुमार पुत्र राजकुमार, मुकुल शर्मा पुत्र धर्मेंद्र शर्मा, निखिल चौधरी पुत्र जसवीर सिंह चौधरी सभी निवासी कस्बा सरधना,मेरठ यूपी और अभिषेक कुमार पुत्र कृष्ण जीत, अजय कुमार पुत्र अरविंद कुमार निवासी मुजफ्फरनगर, यूपी के रूप में कराई है।

सशस्त्र सीमा बल का दीक्षांत समारोह धूमधाम के साथ संपन्न

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्रीनगर में केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र सशस्त्र सीमा बल का दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान नव प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह धूमधाम से मनाया गया। मख्यमंत्री ने सलामी के उपरांत पासिंग आउट परेड का निरीक्षण भी किया। आयोजित परेड में 278 प्रशिक्षण प्राप्त जवानों द्वारा मुख्य अतिथि के सम्मुख शपथ ग्रहण किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त जवान भारतीय सीमा सशस्त्र बल का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि तन, मन व धन से देश की रक्षा करें। सीमा पर रहने वाले देश के नागरिक भी सुरक्षाबलों के समान ही एक प्रहरी के रूप में अपना दायित्व निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन शहीदों को नमन करता हूं जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपना सर्वाेच्य बलिदान दिया है। कहा कि सरहद पर खड़े जवानों के कारण ही हम अपने घरों में सुरक्षित हैं। भारतीय सीमा सुरक्षा बल हर विपत्ति में नागरिकों का साथ देता है। साथ ही उन्होंने कहा कि अर्ध सैनिक बलों का जो इतिहास रहा है उस को आगे बढ़ाने का काम यह प्रशिक्षित जवान करेंगे तथा क्षेत्र में जाकर भारत के मान सम्मान बनाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे गर्व है कि एसएसबी जवान सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ अनेकों दायित्वों का निर्वहन तत्परता से करते हैं। कहा कि एसएसबी जवानों द्वारा कोरोना काल तथा चुनाव के समय में शांतिपूर्ण तरीके से कार्य किया।
सशस्त्र सीमा बल के दीक्षांत समारोह में ओवरऑल बेस्ट प्रशिक्षु पुरस्कार सचिन सैनी तथा आंतरिक प्रशिक्षण का पुरस्कार शुभम तिवारी को दिया गया। देश रक्षा के लिए आज 278 जवान शामिल हुए। जिसमें बिहार से 94, उत्तर प्रदेश से 74, मध्यप्रदेश से 44, उत्तराखंड से 24, राजस्थान 21, जम्मू कश्मीर 20, दिल्ली से 01 जवानों ने 44 सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद आज देश सेवा की शपथ ली।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, एसएसपी यशवंत सिंह चौहान, एसएसबी महानिरीक्षक रतन संजय, उप महानिरीक्षक सृष्टि राज गुप्ता सहित सैन्य अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर

कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के संबंध में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के संग बैठक की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विशेष तौर पर बेस अस्पताल कोटद्वार में मेडिकल स्टाफ के रिक्त पड़े पदों में शीघ्र तैनाती दिए जाने एवं चिकित्सा व्यवस्था बेहतर रखे जाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव सहित विभाग के सभी अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से सख्ताई से कहा कि कोटद्वार में बेस हॉस्पिटल केवल रेफर सेंटर बन कर रह गया है, प्रत्येक मरीज को वहां से रेफर कर दिया जाता है। बेस हॉस्पिटल में डॉक्टरों की कमी के कारण स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य की सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार से बेस अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती की जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि विज्ञापन निकालकर एवं कैंपस में जाकर डॉक्टर को ऑफर किया जाए। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं कार्डियोलॉजिस्ट का होना अति आवश्यक है। उन्होंने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में एक और अतिरिक्त 108 सेवा की एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने के लिए कहा। साथ ही विभागीय अस्पताल की एंबुलेंस को भी निशुल्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को तुरंत स्वास्थ्य सेवा दिए जाने के लिए कहा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवम् सब सेंटर की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मरमत्तीकरण एवं बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कहा। उन्होंने अस्पतालों में बायोमेट्रिक व्यवस्था को लागू किए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मरीजों को हर संभव सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत सभी कार्ड धारियों का इलाज होना आवश्यक है। एनएचएम के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने बेस अस्पताल में सृजित पदों के सापेक्ष भरे हुए पदों एवं रिक्त पड़े पदों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि पैरामेडिकल स्टाफ के पद भी भरे जाएं। अधिकारियों ने बताया कि 1325 स्टॉफ नर्स के पदों की विज्ञप्ति जारी की गई है वही 62 एक्स-रे तकनीशियन पदों को भी भरा जाना है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव राधिका झा, अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव, अपर सचिव सोनीका, स्वास्थ्य निदेशक विनीता साह, पौड़ी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण कुमार, बेस हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ तिवारी, अनु सचिव जसविंदर कौर, अनु सचिव सुनील कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सैनिक बाहुल्य प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना ही ध्येय-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है। यहां के सौहार्द पूर्ण माहौल को बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। राज्य में समान नागरिक संहिता को लागू किए जाने को लेकर जल्द ही एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पौड़ी जनपद के विकासखंड थलीसैंण के पीठसैंण पहुंचे। यहां उन्होने पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की स्मृति में आयोजित क्रांति दिवस मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होने गढ़वाली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शाे पर चलने का आहवान भी किया।
मुख्यमंत्री ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली क्रांति दिवस मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने , थलीसैण में वाहन पार्किंग निर्माण की स्वीकृति, श्रीनगर विधानसभा के अन्तर्गत कच्ची सड़कों का डामरीकरण की स्वीकृति, देवराड़ी देवी मैदान (बूंगीधार) चौथान में मिनी स्टेडियम का निर्माण, चौरीखाल से कफल्ड मुसेटी लामसेम बैंड थलीसैंण तक सड़क का निर्माण कार्य किए जाने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने किशोरी एवं महालक्ष्मी किट के लाभार्थियों को किट वितरित किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान बिनसर की भूमि को नमन करते हुए कहा कि वीरो की भूमि पर दोबारा आने का मौका मिला है। हमारे शहीदों के परिश्रम, बलिदान, संघर्ष को आने वाली पीढ़ी जाने इसके लिए इस तरह के कार्यक्रम होने जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार “विकल्प रहित संकल्प“ के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है। जो घोषणा पूर्व में की गई हैं उनके शासनादेश भी जारी हो रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके नेतृत्व में यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। रजत जयंती के अवसर पर उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य होगा। उन्होंने कहा हमारा राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़े, इसके लिए सरकार निरंतर विकास कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना से उत्तराखंड में करीब 5 लाख से ज्यादा लोगों को जोड़ा गया है। वही गरीब कल्याण अन्न योजना ने कोरोना काल में भी किसी गरीब को भूखा नहीं सोने दिया। उन्होंने सितंबर माह तक इस योजना को बढ़ाए जाने पर प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद किया ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार को खत्म करने हेतु एवं भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाने हेतु 1064 नंबर लांच किया गया है जिस पर कोई भी नागरिक भ्रष्टाचार से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा इस संबंध में भ्रष्टाचार पर अभी तीन बड़ी कार्यवाही की गई है, जबकि कई शिकायतें सर्विलांस पर हैं। उन्होंने कहा हमारे वादे के अनुसार हम यूनिफॉर्म सिविल कोड जल्द ही उत्तराखंड में लागू करेंगे। पर्यावरण मित्रों का एक दिन का मानदेय बड़ाकर 500 रुपए कर दिया है। नए बजट में सरकार ने गरीब परिवारो हेतु एक साल में तीन सिलेंडर मुफ़्त देने का वादा किया है जो पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने उत्तराखंड में वृद्घावस्था पेशन योजना पर बड़ा फैसला लेते हुए अब पति-पत्नी दोनों को वृद्घावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने आगनबाडी कार्यकत्री भोजन माता पीआरडी जवान, उपनल कर्मचारी, ग्राम प्रधान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों को दी जाने वाली राशि में भी इजाफा किया है।
उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि बूंगीधार में स्थित चिकित्सालय का उच्चीकरण किया जाएगा। कहा कि थलीसैंण अल्ट्रासाउड, गाइनो के अलावा कई चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इससे पूर्व मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किशोरी रक्षा किट का वितरण किया। देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों के परिजनों तथा स्वतंत्रता सैनानियों को शॉल ओढाकर सम्मानित किया। इस मौके पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, एसएसपी यशवंत सिंह चौहान, सीडीओ प्रशांत कुमार आर्य, ब्लाक प्रमुख थलीसैंण मंजू रावत, मनमोहन सिंह आदि शामिल थे।

अमिताभ बच्चन ने माँ गंगा के पावन तट पर व्यतीत किये विश्रांति के क्षण

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने परमार्थ निकेतन पहुंचकर स्वामी चिदानंद सरस्वती जी से मुलाकात की। उन्होंने स्वामी जी का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी सहभाग किया। अमिताभ बच्चन को स्वामी चिदानंद सरस्वती ने रूद्राक्ष का पौधा, रूद्राक्ष की माला और सद्साहित्य भी भेंट किया।

परमार्थ निकेतन में अमिताभ बच्चन ने बड़ी ही विनम्रता और सहजता से परमार्थ निकेतन द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। बता दें कि बीते 26 व 27 मार्च को परमार्थ निकेतन परिसर में मेगास्टार अमिताभ बच्चन, अभिनेत्री रश्मिका मंदाना, सह अभिनेता सुनील ग्रोवर और अन्य कलाकारों ने निर्देशक विकास बहल द्वारा निर्देशित फिल्म गुडबाय के कुछ दृश्यों को परमार्थ निकेतन की यज्ञशाला, आश्रम परिसर और बगीचों में फिल्माया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने भारतीय फिल्म जगत बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता और प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार हरिवंश राय बच्चन के सुपुत्र मेगास्टार अमिताभ बच्चन का परमार्थ निकेतन में अभिनन्दन करते हुये कहा कि अमिताभ बच्चन ने अपनी फिल्मों के माध्यम से अनेक कीर्तिमान स्थापित किये। बच्चन परिवार ने भारत और भारतीय संस्कृति को गौरवान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। हरिवंश राय बच्चन जीवन और यौवन, सत्य और सौन्दर्य तथा प्रेम के अप्रतिम कवि थे जिन्होंने भारतीय काव्य और साहित्य में उत्कृष्ट योगदान दिया।

स्वामी जी ने कहा कि हमारा उत्तराखंड फिल्मों के लिये बेस्ट डेस्टिनेशन है। यहां पर बेस्ट स्पिरिचुअल डेस्टिनेशन, बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन, बेस्ट एडवेंचर डेस्टिनेशन और हिमालय की पवित्र वादियाँ व माँ गंगा जी का पावन तट अपने आप में एक बेस्ट डेस्टिनेशन है जो की अब दुनिया के सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन में से एक बनता जा रहा है। अब तक उत्तराखंड में अनेक फिल्मों की शूटिंग की जा चुकी है और आगे भी हमें अपने प्यारे प्रदेश को दुनिया का बेस्ट डेस्टिनेशन बनाये रखने के लिये हमें पहाड़ों की संस्कृति, संस्कारों के जीवंत बनाये रखने के साथ इस प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाये रखना होगा।

नदी के समीप शराब पीने से रोका तो ग्रामीणों की कर दी पिटाई

लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को दी तहरीर में घट्टूगाड निवासी संदीप सिंह राणा ने बताया की सोमवार की शाम छह बजे कुछ लोग हेंवल नदी के किनारे शराब व बीयर की पीकर हंगामा मचा रहे थे। तहरीरकर्ता ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे उल्टा उनके साथ गाली गलौज और मारपीट करने लगे। इसी बीच ग्रामीण युवकों ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उन्होंने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि दबंगों ने लोहे की रॉड से हमलाकर उन्हें जख्मी किया।

आज ग्रामीण लक्ष्मणझूला थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।

दिल्ली के दो युवक चीला शक्तिनहर में डूबे, लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र की घटना


एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि दिल्ली के चार युवक बैराज-चीला मार्ग पर घूमने को आए थे। मौके पर 25 वर्षीय प्रमोद पुत्र विनोद कुमार निवासी नगली बिहार, नजफगढ़ नई दिल्ली पानी भरने के लिए चीला शक्तिनहर में उतरा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव में बह गया।
वहीं, उसे बचाने के लिए 25 वर्षीय ही पंकज पुत्र अनूप सिंह सेक्टर 16, बी द्वारिका ,बीएसएफ फ्लैट नंबर 162, नई दिल्ली बचाने के लिए नहर में कूदा। लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में बहने लगा। सूचना पाकर लक्ष्मणझूला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोनों युवकों की तलाश में नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पाया।

बताया कि चारों युवक यूपी के मेरठ में परीक्षा देने के लिए आए थे। इस परीक्षा देने के बाद सभी चीला- बैराज मार्ग घूमने पहुंचे।

स्वर्गाश्रम में हाथी ने बाबा को पटक कर मार डाला

महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व स्वर्गाश्रम के आबादी क्षेत्र में हाथी घुस आया, उसने यहां पुलिस गेस्ट हाउस के पास रात्रि विश्राम कर रहे एक साधू को कुचलकर मार दिया।, वहीं एक और हमले के घायल हो गया। पुलिस ने साधू के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। वहीं, हाथी के हमले के घायल को अस्पताल में पहुंचाया है।

लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष वीरेंद्र रमोला ने बताया कि कुरूक्षेत्र, हरियाणा निवासी मदनदास 50 पुत्र अनिल दास पुलिस गेस्ट हाउस के पास साथियों के साथ रविवार सो रहा था। इसीबीच सोमवार तड़के करीब 2.30 बजे जंगल से हाथी आबादी क्षेत्र में घुस गया। इस दौरान रात को गहरी नींद में सो रहे बाबा मदन दास को कुचल कर मार डाला। जबकि बगल में एक और साथी को भी हाथी ने घायल कर दिया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को पीएम के लिए एम्स के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

लैंसडाउन विधानसभा से ज्योति रौतेला को महिला कांग्रेस की कमान

कांग्रेस हाईकमान चुनाव में डैमेज कंट्रोल की भूमिका बनाने लग गया है। लैंसडाउन विधानसभा से अनुकृति गुसाई रावत का टिकट फाइनल होने के बाद उठ रहे विरोध के स्वर को दबाने के लिए हाईकमान ने उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने ठीक चुनवा से पहले महिला संगठन को मबजूत करने के लिए इस विधानसभा से कांग्रेस नेत्री ज्योति रौतेला को महिला कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही चार वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी बनाये गए हैं। जिनमें कमलेश रमन, अलका पाल, भागीरथी बिष्ट, मनोरमा डोबरियाल शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। सरिता आर्य के बीजेपी में जाने से महिला प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली था। वहीँ ज्योति रौतेला को जिम्मेदारी देने के बाद पार्टी ने एक तरह से एडजस्टमेंट करने की कोशिश की है। क्योँकि ज्योति रौतेला का कार्यक्षेत्र लैंड्सडौन रहा है। बाकी चार अन्य को जो जिम्मेदारी दी गयी हैं वे भी बरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पदाधिकारी रही हैं।