सीएम ने दि हिमालयन कप ऑल इण्डिया फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता टीम को दी ट्रॉफी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों से दृढ़ इच्छा शक्ति एवं मेहनत के साथ विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान देने की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि सफलता का एक ही मूलमंत्र है विकल्प रहित संकल्प। युवा खिलाड़ी अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिये पूरी मेहनत एवं एकाग्रता के साथ प्रयास करे। युवा जिस भी क्षेत्र में जाए वहां लीडर बनने का प्रयास करें।

स्थानीय पवेलियन ग्राउण्ड में दि हिमालयन कप ऑल इण्डिया फुटबाल टूर्नामेंट के समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे युवा खिलाड़ी विभिन्न खेल की प्रतियोगिताओं में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे है। जिससे देश में उत्तराखण्ड की पहचान बन रही है। यह हमारे खिलाड़ियों की खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचायक है। हमारा यह भी प्रयास है कि भारत के पौराणिक खेलों जैसे कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल अथवा प्राचीन मल्ल, अखाड़ों से निकला गतका और मलखम्ब को विश्व पटल पर पहचान दिलायी जाए। एक समय पर भुला दिए गए ये सभी खेल आज देश-विदेश में खूब प्रसिद्ध हो रहे हैं। हमारा निरंतर यह प्रयास है कि हम खेलों के माध्यम से भी सांस्कृतिक संवर्धन का कार्य करें ताकि हमें अतीत का ज्ञान रहे और लुप्त हो रही विधाएं जीवित रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी फुटबॉल के प्रशंसक रहे हैं। खेल के मैदान में भी उत्तराखंड अग्रणी राज्य बने, इसी के तहत राज्य में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु नई खेल नीति बनाई गई है। हमारी सरकार ने खेल दिवस-2022 के अवसर पर “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना“ प्रारंभ की थी तथा कुछ समय पहले राज्य के प्रतिभाशाली उभरते खिलाड़ियों के लिए खेल छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया था जो शुरू कर दी गयी है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में 08 से 14 वर्ष के उभरते खिलाड़ियों को 1500 रूपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। हर जिले के 150 बालक और 150 बालिकाओं अर्थात प्रदेश के कुल 3900 उभरते खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर को अंतराष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं। खेल छात्रावासों के खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता 175 रूपए से बढ़ाकर 225 रूपए प्रति छात्र किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखंड योजना के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर ओपन जिम के लिए 10 करोड़ रूपए का बजट में प्राविधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत, शक्तिशाली भारत और गौरवशाली भारत का निर्माण हो रहा है। आज पूरे देश का युवा पूरी तरह से प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। पूरे विश्व में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र की भांति खेलों में भी भारत का मान सम्मान बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी खेल का मैदान हो, आज भारत का तिरंगा लहराता दिख रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की। खेलो इंडिया कार्यक्रम इसी सोच का एक अच्छा उदाहरण है। आज खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें हर जरूरी सहयोग देना शुरू किया गया है। बेहतर ट्रेनिंग सुविधाएं खिलाड़ियों को दी जा रही हैं। भारत खेल शक्ति के तौर पर भी उभर रहा है। हमारे खिलाड़ियों के जीते सोने और चांदी के पदकों ने देश के आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है। विश्व स्तर पर भी हमारे खिलाड़ियों को सम्मान प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपेक्षा के अनुरुप वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को प्रत्येक क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाने के लिए हम हरसंभव प्रयास कर रहे हैं तथा इसके लिये हम संकल्पबद्ध भी है। देवभूमि उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाने के लिए पूरी निष्ठा से हमे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा तभी सबके समेकित प्रयासों से हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एम वी एजुकेशन सोसाइटी द्वारा आयोजित ऑल इण्डिया हिमालयन फुटबॉल कप टूर्नामेंट में विजेता टीम गढ़वाल हीरोज को ट्रॉफी प्रदान की।

समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार एवं खेल विभाग के अधिकारी, खेल संघों के प्रतिनिधि, फुटबॉल के साथ ही अन्य खिलाड़ी उपस्थित थे।

बेटियों, बहनों और महिलाओं को लेना चाहिए कराटे का प्रशिक्षणः डा. अग्रवाल

ए.के. फाईट क्लब ऋषिकेश की ओर से कराटे बैल्ट प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने संस्था को दो लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की।

नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डा. अग्रवाल ने कहा कि कराटे एक ऐसी विधा है, जिसकी आज नितांत आवश्यकता है। खासकर बेटियों, बहनों और महिलाओं को कराटे का प्रशिक्षण लेना चाहिए।

डा. अग्रवाल ने कहा कि कराटे के विभिन्न चरण हो सकते हैं, मगर सभी का उद्देश्य एक ही है। स्वयं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की इस कला को आज पूरा विश्व अपना रहा है। कहा कि न सिर्फ कराटे शारीरिक रूप से स्वस्थ्य बनाता है बल्कि प्रशिक्षक के भीतर रोग प्रतिरोधक क्षमता भी प्रदान करता है।

इस मौके पर ए.के. फाईट क्लब के कराटे बैल्ट प्रतियोगिता के 35 बच्चों को मंत्री डा. अग्रवाल ने येलो, ओरेंज, ब्लू, ग्रीन, परपल, ब्राउन बैल्ट देकर सम्मानित किया। मंत्री डा. अग्रवाल ने इस कला का सदुपयोग करने का आहवान किया।

इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष शम्भू पासवान, पूर्व सभासद रवि जैन, समाजसेवी रवि जिंदल, प्रदेश संयोजक नमामि गंगे कपिल गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष मंतोष पासवान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सन्दीप शर्मा, कराटे जज रंजीत कुमार, कराटे कोच अजय कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

सीएम ने द हिमालयन कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2022 कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में एम.बी एजुकेशनल सोसायटी द्वारा आयोजित द हिमालयन कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2022 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल मैच का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिमालयन राज्य एवं अर्धसैनिक बलों के मध्य आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता से निश्चित रूप से यहां के युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र में जहां एक और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। खेल मन में एक सकारात्मक भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार द्वारा नई खेल नीति बनाई गई है, जिसके अंतर्गत प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। सभी को समान रूप से खेल नीति का लाभ प्राप्त होगा। खेल नीति के अंतर्गत युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न खेल स्टेडियमों का निर्माण भी किया जा रहा है। प्रत्येक ग्राम सभा में ओपन जिम भी खोले जाने का निर्णय लिया गया है। महिलाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाए जाने हेतु उधम सिंह नगर में महिला स्पोर्ट कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के ध्येय वाक्य से आगे बढ़ रही है। जनपद स्तरीय अधिकारीयों की जिम्मेदारी तय की गई है की प्रत्येक स्तर पर जन समस्याओं का निराकरण हो। उन्होंने कहा सरलीकरण समाधान और निस्तारण के मंत्र पर सरकार काम कर रही है। उत्तराखण्ड को 2025 तक देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो, इस दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष व पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर सुभाष अरोड़ा व देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हिमलायी राज्यों में पर्यावरण संरक्षण व फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार इस टूर्नामेंट की शुरूआत की जा रही है। टूर्नामेंट का आयोजन दो चरणों में होगा। नॉकआउट राउंड के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित होंगे। पहली बार किसी फुटबॉल टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग दूरदर्शन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक व यूट्यूब पर दिखाने के साथ ही रेड एफएम व ओहो रेडियो पर सुनी जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि फुटबॉल टूर्नामेंट राज्य के तीन जनपदों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमे चंपावत जिला भी शामिल है, टूर्नामेंट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम एचएम स्पोर्टिंग क्लब, अपुयेमी एफसी नागालैंड, असम राइफल्स, गढ़वाल हीरोज, जम्मू-कश्मीर, खाड़ हिमाचल प्रदेश, गढ़वाल राइफल्स, सीआरपीएफ, कंचनजंगा एफसी, लद्दाख की टीम प्रतिभाग कर रही है। विजेता टीम को पांच लाख रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता-तीन लाख रुपये व ट्रॉफी के साथ ही अन्य टीमों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष पिथौरागढ़ श्री राजेंद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, संयुक्त निदेशक खेल धर्मेंद्र भट्ट, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

ओपन उत्तराखंड किक बॉक्सिंग चैैंपियनशिप में कराटे खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

देवऋषि एजुकेशनल सोसायटी देहरादून में आयोजित 18 अक्टूबर को ओपन उत्तराखंड किक बॉक्सिंग चौंपियनशिप में तीर्थ नगरी की देव भूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

कराटे कोच शिवानी गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता देहरादून में देव ऋषि एजुकेशनल सोसायटी में आयोजित की गई जिसमे ऋषिकेश के 8 खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। ऋषिकेश के खिलाडियों ने मनन डोगरा लाइट कॉन्टैक्ट स्वर्ण पदक व प्वाइंट फाइट रजत पदक, हर्षित भट्ट रजत एवम कांस्य पदक, तविषा तनेजा स्वर्ण एवम कांस्य पदक, अंश पाल दो स्वर्ण पदक, वंशिका कंडवाल स्वर्ण एवम रजत पदक, निकिता स्वर्ण एवम कांस्य पदक, वसुंधरा स्वर्ण एवम रजत पदक, ऋषभ कुमार स्वर्ण एवम रजत पदक सहित कुल 16 पदक हासिल कर तीर्थ नगरी एवं राज्य का नाम रोशन किया है।

खिलाडियों की इस उपलब्धि पर SIKAI इंडिया महासचिव सिहान हिमांशु कुलेठा,SIKAI उत्तराखंड महासचिव सेंसेई मिंटू सैनी, किक बॉक्सिंग अध्यक्ष उत्तराखंड अरविंद कोटनाला , उपाध्यक्ष ओम प्रकाश ,महासचिव सतेंद्र कुमार, देव भूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर अध्यक्ष सत्यवीर सिंह तोमर, महासचिव अलक्षेंद्र सिंह, रोटरी क्लब ऋषिकेश अध्यक्ष राकेश अग्रवाल सहित तीर्थनगरी की जनता से खुशी जताई है।

प्रथम ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप तीर्थनगरी के युवाओं ने जीते पदक

द हैरिटेज स्कूल देहरादून में आयोजित 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक प्रथम ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में तीर्थनगरी की देवभूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंतरराष्ट्रीय खिलाडी एवं कोच शिवानी गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता देहरादून में द हैरिटेज स्कूल में आयोजित की गई जिसमें 6 देशो के खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। ऋषिकेश के खिलाडियों ने सोनाक्षी पात्रो स्वर्ण पदक, साइमन सपरा ने स्वर्ण पदक, द्रुविका गुप्ता ने रजत पदक, आयुषी टॉक ने कांस्य पदक, अबूजर मलिक ने कांस्य पदक हासिल कर तीर्थ नगरी एवं राज्य का नाम रोशन किया है।
खिलाडियों की इस उपलब्धि पर देव भूमि ऋषिकेश मार्शल आर्ट ट्रेनिंग सेंटर अध्यक्ष सत्यवीर सिंह तोमर, महासचिव अलक्षेंद्र सिंह, विपिन डोगरा, प्रदीप कोहली, डॉक्टर ऋतु प्रसाद, डॉक्टर हरिओम प्रसाद, रोटरी क्लब ऋषिकेश अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, एसआईकेएआई इंडिया के महासचिव सिहान हिमांशु कुलेठा, एसआईकेएआई उत्तराखंड महासचिव के सेंसेई मिंटू सैनी, प्रिंसी रावत, हरिचरण सिंह, सरमिष्ठा पटेल आदि गणमान्य लोगो ने खुशी जताई।

36वें नेशनल गेम्स के मेडल विजेता एथलेटिक्स को सीएम ने किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नेे कैम्प कार्यालय में गुजरात में आयोजित 36वें नेशनल गेम्स के एथलेटिक्स प्रतिस्पर्धा में मेडल प्राप्त करने वाले एथलेटिक्स एवं उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में आयोजित हुए 36 वें नेशनल गेम्स में राज्य के सभी खिलाड़ियों ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिये खेलों एवं खिलाड़ियों के व्यापक हित में नई खेल नीति के साथ ही अनेक कल्याणकारी कदम उठाये गये हैं।

इस अवसर पर उत्तराखंड एथलेटिक्स के अध्यक्ष व उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप शर्मा, उत्तराखंड एथलेटिक्स के सचिव, के.जे.एस.कलसी, कोषाध्यक्ष एम सी शाह, सूरज सिंह पंवार सिल्वर मेडलिस्ट, मानसी नेगी सिल्वर मेडलिस्ट, रेशमा पटेल ब्रोंज मेडलिस्ट तथा उनके प्रशिक्षक अनूप बिष्ट देवभूमि द्रोणाचार्य अवार्डी तथा लोकेश कुमार एथलेटिक्स कोच, स्पोर्ट्स कॉलेज उपस्थित थे।

गढ़वाल कप प्रतियोगिता के लिए नौ जिलों की टीमों ने किया प्रतिभाग

ट्रेडिशनल सोताकाई कराटे एसोसिएशन उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित प्रथम गढ़वाल कप उत्तराखंड राज्य स्तरीय कराटे चौंपियनशिप 2022 का भव्य आयोजन ढालवाला स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 9 जनपदों के प्रतिभागी कराटे खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा भारती उत्तराखंड के अध्यक्ष पूर्व राज्यमंत्री अरुण कुमार सूद, अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे नेगी, उत्तराखंड मार्शल आर्ट गेम्स कमेटी के निदेशक सतीश जोशी, हाकी कोच डीपी रतूड़ी समाजसेवी पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत में संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समाजसेवी उत्तम सिंह असवाल के संचालन में चले प्रतियोगिता में करीब 250 से अधिक जूनियर एवं सीनियर प्रतिभगियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के संयोजक अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच राजेन्द्र गुप्ता एवं माउंट कार्मेल क्रिशचन एकेडमी के प्रधानाचार्य सुनील सिंह ने बताया कि पहली बार उत्तराखंड में गढ़वाल कप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है जिसमे बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने रुचि लेते हुवे प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि अरुण कुमार ने कहा कि बच्चो को नशे एवं मोबाइल की लत से दूर रखने एवं अपनी आत्म सुरक्षा हेतु कराटे बहुत ही उपयोगी खेल है जिसके द्वारा हम शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बने रहते है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य में बनाई जा चुकी खेल नीति का लाभ अब प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों को मिलेगा। इस मौके पर सभी विजेता एवं उप विजेता खिलाड़ियों को उपस्थित अतिथियों द्वारा सर्टिफिकेट, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ऋषिकेश की टीम, दूसरे स्थान पर सेलाकुई देहरादून एवं तीसरे स्थान पर रुद्रपुर की टीम रही। प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक मंडल में शामिल वरदान शर्मा, सुमित कुमार, सिद्धार्थ कुमार, मोहन सिंह राणा, आकाश उनियाल, कुनाल, श्रीयांस जोशी, जयराज, मोनिका, उज्जवल डबराल, कीर्तन भंडारी, चिराग धमीजा, यस लाजरस ने सहयोग किया।

रणजी मैच में खिलवाने का झांसा देकर खिलाड़ी से ठगे आठ लाख रूपये

उत्तराखंड से रणजी मैच खिलवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने क्रिकेटर से आठ लाख रुपये हड़प लिए।

डालनवाला कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। धीरज कुमार निवासी राजपुरी उत्तम नगर नई दिल्ली ने बताया कि वह क्रिकेटर है और खेलने के लिये अलग-अलग राज्यों में जाता रहता है।

डालनवाला कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। धीरज कुमार निवासी राजपुरी उत्तम नगर नई दिल्ली ने बताया कि वह क्रिकेटर है और खेलने के लिये अलग-अलग राज्यों में जाता रहता है।

इसी दौरान दिल्ली में उसकी जान-पहचान अभिषेक गंगवार से हुई, वह भी क्रिकेट खेलने आया हुआ था। इसके बाद दूसरी बार उसकी मुलाकात अभिषेक गंगवार से किरतपुर, बिजनौर के मैदान पर वर्ष 2021 में हुई, तब अभिषेक गंगवार ने उससे कहा कि तुम कब तक ऐसे खेलते रहोगे।

देहरादून आओ आठ लाख रुपये दो तो वह उत्तराखंड में रणजी टीम से खिलवाएगा। आरोपित ने कहा कि उसकी उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन में अच्छी जान पहचान है। इस पर उसने आठ लाख रुपये दे दिए, लेकिन उसने मैच नहीं खिलवाये और रुपये हड़प लिए।

रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में इंडिया की हौसलाअफजाई को गर्वनर संग सीएम भी पहुंचे

रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का मैच भले ही डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुआ, लेकिन प्रदेशभर से आये लोगों से देहरादून का इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम खचाखच भरा था। (india legends beat england legends by 40 runs in road safety world series) इस मैच में इंडिया लीजेंड्स ने इंग्लैंड लीजेंड्स को 40 रनों से हरा दिया। राज्यपाल ले. ज. (रि.) गुरमीत सिंह, सीएम धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या भी दर्शकों का उत्साह बढ़ाने स्टेडियम पहुंचे।

इंडिया लीजेंड्स के लिए जैसे ही सचिन तेंदुलकर और नमन ओझा पारी की शुरुआत करने उतरे, स्टेडियम सचिन सचिन के नारों से गूंज उठा। सचिन ने भी फैंस को निराश नहीं किया और आकर्षक स्ट्रोक खेलकर 1998 के दौर की याद दिलाई। बारिश के कारण 15- 15 ओवर के मैच में सचिन की तूफानी पारी (20 गेंदों पर 40 रन, 3छक्के, 3 चौके) की बदौलत भारतीय लीजेंड्स ने 5 विकेट पर 170 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

सचिन और ओझा ने तूफानी शुरुआत दी, और 5 ओवर में ही 64 रन जोड़ डाले। लेकिन बीच मे अचानक 3 विकेट गिरने से पारी थोड़ा लड़खड़ाई। यूसुफ पठान के 11 गेंदों पर 27 और युवराज सिंह के 15 गेंदों पर 31 रन की बदौलत भारत ने 170 का पहाड़ से स्कोर खड़ा कर दिया। भारतीय बल्लेबाजों की तूफ़ानी पारियों ने दर्शकों का पैसा वसूल कर दिया। इंग्लैंड के लिए स्टीफन पैरी ने 3 विकेट चटकाए।

जवाब में इंग्लैंड ने ठोस शुरुआत की। लेकिन राजेश पवार ने दिमित्री को आउट कर पहली सफलता दिलाई। इसके बाद लगातार विकेट गिरते गए और इंग्लैंड 15 ओवर में 6 विकेट पर 130 रन ही बना सका। इंग्लैंड के लिए मस्टर्ड ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। भारत की ओर से राजेश पवार ने 3 विकेट चटकाए।

हमारे खिलाड़ियों का भरोसा बन रही नई खेल नीति-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन के लिये खेल पुरस्कारों की धनराशि में बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित कर रही है, युवाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, हमारे युवा मनोयोग से खेले और अच्छा प्रदर्शन करें तथा देश व प्रदेश के लिये अधिक से अधिक मैडल प्राप्त करें। इस दिशा में उनकी प्रतिभाओं को निखारने का हमारा प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कमी नही है।
राज्य में खिलाड़ियों के लिये बेहतर खेल प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है। खिलाडियों के हित में जो भी बेहतर प्रावधान करने जरूरी होंगे वह किये जायेंगे, हम नई खेल नीति लेकर आये हैं। नई खेल नीति में भी प्रावधान किया गया है जिन बच्चों में प्रतिभा व योग्यता है वह आगे आ सके इसके लिये खेल पुरस्कारों में बढ़ोतरी के साथ ही खिलाड़ियों के हित में अनेक कल्याणकारी कदम उठाये गये हैं।