सीएम ने किया 11वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन, देहरादून में 11वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेल कोटा पुनः प्रारंभ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न राज्यों एवं सशस्त्र बलों से पहुंचे तीरंदाज खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत की धरती तीरंदाजी की जननी रही है। तीरंदाजी जिसे भारतीय संस्कृति में धनुर्विद्या के नाम से जाना जाता रहा है, प्रमुख खेल होने के साथ ही युद्ध कला की एक प्राचीन विद्या भी रही है। त्रेतायुग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और भगवान परशुराम की धनुर्विद्या की बात करें या द्वापर युग में भीष्म, अर्जुन, कर्ण और वीर अभिमन्यु की धनुर्विद्या की बात करें, हमारा इतिहास महान योद्धाओं और वीर धनुर्धरों की वीरता और धनुर्विद्या का साक्षी रहा है। देहरादून की महान धरती तो स्वयं में महान धनुर्धर गुरु द्रोण की तपस्थली रही है। इस प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून में होना अपने आप में गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समृद्ध खेल संस्कृति का विकास हो रहा है जिसके परिणामस्वरूप हमारे खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय प्रदर्शन किया जा रहा है। राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई खेल नीति को लागू की गई है। खेल नीति में खिलाड़ियों के उन्नयन और उनके बुनियादी सुविधाओं के लिए व्यवस्था की गई है। खेल व्यक्ति के चहुंमुखी विकास के लिए लाभदायक हैं। खेल हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन और समूह में कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में हमारे युवाओं द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि उत्तराखण्ड में अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार हो रहा है। इस आयोजन में 19 राज्यों की पुलिस टीम समेत सशस्त्र बलों को मिलाकर कुल 26 टीमों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। 14 से 19 दिसम्बर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 316 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें 196 पुरुष और 120 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक कैंट सविता कपूर, उत्तराखण्ड आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तोमर, आयोजन सचिव मुख्तार मोहसिन, पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी, राष्ट्रीय और अंतरर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मौजूद थे।

ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप और महामंत्री विवेक बने

ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें प्रदीप कोहली को अध्यक्ष और विवेक तिवारी को महामंत्री बनाया गया।
शनिवार को कोयल घाटी स्थित एक होटल में ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रदीप कोहली को अध्यक्ष और विवेक तिवारी को महामंत्री, रवि नेगी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप कोहली ने कहा कि प्रत्येक वर्ष एसोसिएशन द्वारा ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता करवाई जाती है। अब आगामी प्रतियोगिता 25 मार्च 2023 को पावर लिफ्टिंग और आर्म्रेसलिंग तथा 26 मार्च बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। मौके पर शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष संजीव चौहान, महासचिव प्रवीण सजवाण, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, राकेश कुमार, नीरज शर्मा, आदेश कुमार, राजेंद्र सिंह बिष्ट, अमित कश्यप, देवेंद्र रांगड़, राजेश रावत, शशांक पंत, आशीष श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

भारतीय टीम के जनवरी में होने वाले ट्रायल के लिए किया क्वालीफाई

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में खेली जा रही 65वीं 10 मीटर एयर राइफल पुरूष वर्ग में देहरादून की स्नाइपर शूटर अकादमी के 4 शूटरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी जनवरी माह में होने वाले इंडियन टीम के ट्रायल्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
तिरुवनंतपुरम में 20 नवंबर से 9 दिसंबर तक राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। इस प्रतियोगिता में उत्त्तराखण्ड के शूटरों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसमें स्नाइपर शूटिंग अकादमी के 4 शूटरों अर्श ठाकुर, युवराज सिंह पुंडीर, उत्सव विश्नोई एवं शौर्य सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इंडियन टीम ट्रायल के लिए क्वालीफाई करने में कामयाबी हासिल की। स्नाइपर शूटिंग अकादमी के निदेशक श्री अनिल ठाकुर ने बताया कि जनवरी में दिल्ली में होने वाले भारतीय टीम के ट्रायल्स में प्रतिभाग करेंगे। यह ट्रायल नई दिल्ली स्थित करनी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित होंगे। बताया कि महिला वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2 दिसंबर से 10 दिसंबर तक होगी जिसमें अकादमी के 11 शूटर भाग लेंगे।

6वीं रॉयल चैंलेंज कप कराटे प्रतियोगिता के लिये खिलाडी हुए रवाना

उड़ान फाउंडेशन के द्वारा नोएडा गाजियाबाद इंडोर स्टेडियम में होने जा रही 6 वीं रॉयल चेलेंज कप ऑल इंडिया ट्रेडिशनल सोतोकाई कराटे डु चेम्पियनशिप- 2022 में प्रतिभाग करने जा रही ऋषिकेश उत्तराखंड की टीम को माल्यापर्ण कर जीत की शुभकामानाओं के साथ रवाना किया गया। इस दौरान पूर्व 26/11 के आतंकी हमले में शहीद हुवे पुलिस एवं सेना के जाबांज सैनिकों एवं निर्दाेष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि 27 नवम्बर को नोएडा में आयोजित होने जा रही नेशनल प्रतियोगिता में ऋषिकेश के 16 खिलाड़ी आरवी कंसवाल, नमामि थपलियाल, जिया बिष्ट, सिमरन पांडे, अविरल थपलियाल, प्रभाष, कृष्णा शर्मा, अक्षत रमोला, कृष्णा चंद रमोला, केशव सिंह, ऋषभ रतूड़ी, वर्णन कुरियाल, रोहित जोशी, अविरल थपलियाल, कीर्तन भंडारी, श्रेयांश जोशी प्रतिभाग करेंगे।

इससे पूर्व सभी खिलाड़ियों एवं कोच को कंप्लीट हेल्थ एंड मार्शल आर्ट एकेडमी के चेयरमैन ललित मोहन मिश्र, सूर्य किरण वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, उड़ान फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ राजे नेगी, समाजसेवी उत्तम सिह असवाल, अधिवक्ता पवन शुक्ला, व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालरा, नवीन गांधी, कराटे खिलाड़ी वरदान वर्मा, सिद्धार्थ कुमार, आकाश उनियाल, सुमित कुमार, चिराग धमीजा, मोहन राणा ने प्रतियोगिता में जीत की शुभकामनाएं देकर रवाना किया।

जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एसबीएम इंटर कॉलेज के छात्रों का चयन

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में 10 बालक और 5 बालिकाओं का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है।
जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के 10 बालक व 5 बालिकाओं कुल 15 बच्चों का चयन राज्य स्तर के लिए होने पर विधालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत द्वारा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए मैडल द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि एक प्रतिभावान खिलाड़ी जहां खेलों के माध्यम से अपने स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क का निर्माण करता है वहीं बेहतरीन भविष्य के निर्धारण में भी कामयाब होता है। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय में खिलाड़ियों का अपना पुराना इतिहास है जिन्होंने खेलों के माध्यम से सेना और पुलिस प्रशासन के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की सेवाओं के लिए चयनित होकर बेहतरीन भविष्य बनाया है।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक विकास नेगी ने बताया कि राज्य स्तरीय बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता नरेंद्र नगर एवं बालक वर्ग की राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता खदरी इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता यमुना प्रसाद त्रिपाठी, जितेंद्र बिष्ट, शिव प्रसाद बहुगुणा व विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि उपस्थित रहे।

एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता ने की सीएम से मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में 37वें नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चौंपियनशिप की 05 कि.मी. रेस वाक में अंडर 16 में स्वर्ण पदक विजेता हिमांशु कुमार एवं 10 कि.मी. रेस वाक में रजत पदक विजेता सचिन सिंह बोहरा ने भेंट की।

मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट को आगामी खेलों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगे भी राज्य सरकार द्वारा ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रशिक्षण आदि के लिए हर संभव मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मामा सीएम धामी को देख खिल उठे बच्चों के चेहरे

बनबसा स्पोर्ट्स स्टेडियम में राम दल द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के उपरांत फाइनल मैच का शुभारंभ किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम से समाज में फैल रहे नशे को समाप्त करने में इस प्रकार के आयोजन साकार होंगे तथा हम जन-जन को इस नशा मुक्ति अभियान से जोड़ते हुए वर्ष 2025 तक प्रदेश को नशा मुक्त प्रदेश बनाए जाने के संकल्प को साकार करने में कामयाब होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में नई खेल नीति लागू की गई है जिससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। साथ ही इसका लाभ गरीब तबके के प्रतिभावान को भी मिल रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व में आज हर खेल के मैदान में भारत का डंका बज रहा है और हर जगह भारत का झंडा लहरा रहा है।
इस अवसर पर आयोजक राम दल के अध्यक्ष कमलेश भट्ट, जिला पंचायत सदस्य बनबसा रेणु अग्रवाल, जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, नवीन बोरा, राम सिंह जेठी, पुष्कर कापड़ी, एम आर चंन्द, योगेश चंन्द, प्रशासन के उच्चाधिकारी आदि मौजूद रहे।

सीएम खेलने लगे कबड्डी, खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार स्थित पंतद्वीप मैदान पंहुचकर 48वीं राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी चैम्पियनशिप-2022 का द्वीप प्रज्जवलित कर शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने देश के 30 राज्यों से आये खिलाड़ियों के साथ सांकेतिक रुप से कबड्डी खेलते हुए खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ी खेल को खेल की भावना से खेलकर देश का नाम रोशन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार निरंतर खेल प्रेमियों के लिए कन्धे से कन्धा मिलाकर खड़ी है। उन्होने कहा कि जब भी वे खिलाडियों के बीच आते हैं तो उन्हे गौरव की अनुभूति होती है। कहा कि कबड्डी एक रोचक खेल है जिसे उन्होने बाल्यकाल में काफी खेला है। उन्होने कहा कि खिलाड़ियों के बीच आकर सकारात्मक उर्जा का संचार होता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ गांवों में छुपी खेल प्रतिभा को मंच देने का कार्य कर रही है। कहा कि ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ी जो अभाव या कमी के कारण अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पाते है उनके लिए प्रदेश सरकार समर्पण भाव से कार्य कर रही है। बच्चों में उर्जा का एक अलग ही स्तर होता है जिसे खेल में लगाकर खिलाड़ी नाम कमाने के साथ ही खेल को अपना प्रोफेशन बना सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल में हार जीत दो पहलू है जिसे खुले दिल से स्वीकर करना चाहिए। कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलकर प्रसिद्धि पाना सुखद होता है जिससे खिलाडी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज देश हर क्षेत्र आगे बढ़ रहा है, उन्होंने कहा कि खिलाड़ी कोई भी मुकाबला खेलने के लिए देश से बाहर जाते हैं तो प्रधानमंत्री उनसे स्वयं बातकर हौसला बढ़ाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खेलों में पारदर्शी तरीके से प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी योजना, खेल छात्रवृत्ति योजनाए लागू की हैं। प्रदेश में खिलाड़ियों को तैयारियों के लिए जरुरी सुविधा मिले इसके लिए नई खेल नीति लागू की गई है। उन्होंने कहा कि देहरादून में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के रुप में विकसित किया जा रहा है, इसके अलावा गावों में युवा सेहतमंद रहें इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ओपन जिम की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेल प्रोत्साहन राशि को भी बढ़ाने का काम किया है।
कार्यक्रम विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी रविद्र पुरी महाराज, हरिद्वार महापौर अनिता शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, रुड़की भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, उत्तखण्ड कबड्डी एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष बृजभूषण विद्यार्थी समेत जिलाधिकारी डा विनय शंकर पांडेय, एसएसपी अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी मौजूद रहे।

छोटे धामी का बड़ा धमाल, स्केटिंग में किया कमाल, प्रभाकर धामी ने राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और इसे सच साबित करने का कार्य किया है मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के छोटे बेटे प्रभाकर धामी ने। अपने स्केटिंग के खेल कौशल से विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर अपने नाम प्रभाकर के अनुरूप छोटी सी आयु में प्रसिद्धि प्राप्त की है। प्रभाकर के स्केटिंग की खास बात ये है कि उन्होंने इसे सीखने के लिए किसी कोच की मदद नहीं ली बल्कि स्वयं ही अपने दैनिक प्रयास के माध्यम से स्केटिंग के गुर सीखे।

कुछ दिन पूर्व प्रभाकर ने टोन्सब्रिज पब्लिक स्कूल में आयोजित 21वीं उत्तराखण्ड राज्य रोलर स्केटिंग चौंपियनशिप में भी अपना दमखम दिखाते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

प्रभाकर की मां गीता धामी ने बताया कि प्रभाकर को बचपन से ही स्केटिंग का शौक था, अक्सर स्कूल से आकर स्केटिंग खेलने की जिद और इस खेल के प्रति ललक से आज प्रभाकर के हौसले को और अधिक मजबूती मिलेगी। प्रभाकर की स्केटिंग खेल कौशल से लगता है कि आगे आने वाले समय में अवश्य वह इसके माध्यम से देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

एथलीट मानसी नेगी और सूरज पंवार उत्तराखंड की शानः सीएम


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से 37वें नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चौंपियनशिप की 10 कि.मी. रेस वाक में नेशनल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली मानसी नेगी और एथलीट सूरज पंवार ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों एथिलीट को एक-एक लाख रूपये की धनराशि देने की घोषणा की।

खेल विभाग की नियमावली के मानकों के अनुसार पदक जीतने पर जो धनराशि दी जाती है, इन दोंनों खिलाड़ियों को वह धनराशि भी दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट को आगामी खेलों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगे भी राज्य सरकार द्वारा ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर संभव मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने दोनों एथलीट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

इस अवसर पर उप क्रीडा अधिकारी एवं इन दोनों खिलाड़ियों के कोच अनूप बिष्ट एवं एथलीट मनीष बिष्ट मौजूद थे।