ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

नुन्नावाला से ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनका एक साथी अभी फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
डोईवाला कोतवाली पुलिस के मुताबिक सतवीर सिंह निवासी नुन्नावाला, भानियावाला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके भाई गुरदेव सिंह का ट्रक 15 अगस्त को घर के बाहर खड़ा था। इसके बाद ट्रक मौके से गायब मिला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान घटनास्थल से लंढौरा, हरिद्वार तक करीब 83 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से चेक की गई। सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रक समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जौलीग्रांट चौकी प्रभारी उत्तम रमोला ने आरोपियों की पहचान इशरार पुत्र सराजू निवासी ग्राम जौरासी, नाजिम पुत्र अजीज निवासी मोहितपुर, थाना भगवानपुर, नदीम पुत्र शमीम उर्फ निवासी लंढौरा थाना मंगलौर जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। जबकि मामले में आसिफ पुत्र हसन निवासी ग्राम सिकारपुर, मंगलौर, हरिद्वार फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस ने तेज कर दिए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।

एम्स ने सेटेलाइट सेंटर के लिए चयनित भूमि पर कब्जा लिया

एम्स ऋषिकेश को राज्य सरकार की ओर से कुमाऊं मंडल में सेटेलाईट सेंटर निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण कर ली गई है। एम्स जल्द यहां सुपरस्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण शुरू करेगा।
कुमाऊं सेंटर ऑफ एम्स ऋषिकेश के लिए मंगलवार को राज्य सरकार की ओर से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान एम्स के अधिकारियों ने सेटेलाइट सेंटर के लिए चयनित भूमि पर कब्जा ले लिया है। इसके लिए एम्स के डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता की अगुवाई में संस्थान के अधिकारी उप निदेशक प्रशासन ले. कर्नल अच्युत रंजन मुखर्जी, अधिशासी अभियंता अजय गुप्ता व जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल मौके पर मौजूद रहे। गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा कुमाऊं मंडल के किच्छा, उधमसिंहनगर में एम्स के सेटेलाईट सेंटर के लिए 100 एकड़ भूमि हस्तांतरित की गई है। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह ने बताया कि उक्त हस्तांतरित भूमि पर एम्स एक से डेढ़ वर्ष में टर्सरी केयर सेंटर स्थापित करेगा।
कुमाऊं सेंटर ऑफ एम्स ऋषिकेश में सभी प्रकार की सुपरस्पेशलिटी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि संस्थान की प्राथमिकता रहेगी कि कुमाऊं मंडल के लोगों को सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उन्हें इलाज के लिए ऋषिकेश तक की दूरी तय नहीं करनी पड़े।

कोटद्वार में अग्निवीरो के भर्ती कार्यक्रम में उपस्थित होकर युवाओं का बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी एवं महिला बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के साथ कोटद्वार में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरो के भर्ती कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने भारत के प्रथम सीडीएस स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी और शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को विक्टोरिया क्रॉस गब्बर सिंह रावत का प्रतीक चिन्ह एवं खुंखरी भेंट की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रासटनगंज हेलीपैड पर भारतीय युवा मोर्चा द्वारा चलाई जाने वाली मोदी रसोई का भी उद्घाटन किया। मोदी रसोई अग्निवीर अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क रसोई का कार्य करेगी। इससे भर्ती में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को भोजन और आवास की समस्या से नही गुजरना पडेगा। उन्होंने भारतीय युवा मोर्चा की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान वीर भूमि के रूप में है उन्होंने कहा कि इस अग्निपथ योजना से देश को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत अनुशासित युवा मिलेंगे। ऐसे ही युवा नए भारत की नींव रखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना में भर्ती होने का सपना रखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए यह योजना अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। कहा कि सरकार ने तय किया है कि अग्निपथ योजना के तहत सेना में सेवा देने वाले युवाओं को सेवानिवृत्ति के बाद सरकारी सेवाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास व उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि अग्निवीर योजना से लगभग 10 लाख युवाओं को सेना में कार्य करने का अवसर और अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती में हुए पेपर लीक के मामले में 18 गिरफ्तारियां हो चुकी है और आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी तथा इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नही जायेगा और परीक्षार्थियों का कोई अहित नही होने दिया जायेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोटद्वार विधानसभा से जुड़ी बहुत सी महत्वपूर्ण घोषणाएं की।
1 कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा (स्वमेव मृगेंद्रता) व कण्वाश्रम का
सौन्दर्यीकरण।
2 कोटद्वार विधानसभा में प्रवेश द्वार का निर्माण।
3 अर्द्ध सैनिक बलों के लिए कैंटीन परिसर का निर्माण।
4 शहीद स्थल का निर्माण।
5 वन विभाग द्वारा मिनी जू का निर्माण।
6 सड़कों का विवरण मरम्मत एवं डामरीकरण हेतुः-
(क) चिल्लखाल-सिगड्डी-कोटद्वार पाखरों मोटर मार्ग-12 किमी।
(ख) कलालघाटी-मवाकोट मार्ग पर पुल-300 मीटर।
(ग) कोटद्वार कालागढ़ मोटर मार्ग के समीप कोल्हूचौड़ नदी पर पुल-100 मीटर।
(घ) लालपानी-सनेह मोटर मार्ग पर पुलिया निर्माण-4 पुलिया।
(न) तेली स्त्रोत नाले पर स्पान बाक्स कनवर्ट निर्माण-30 मीटर।
7 कोटद्वार विधानसभा के आन्तरिक रोड़ के सुधारीकरण के लिए 10 करोड़ रूपये।
8 नलकूपः-
(क) कोटद्वार क्षेत्र में बायीं खो नहर के पुनरुद्धार की योजना।
(ख) कोटद्वार क्षेत्र में सिगड्डी नहर की मरम्मत कार्य की योजना।
(ग) कोटद्वार क्षेत्र में मालन नदी पर बने बांयी मालन नहर के साईफन एवं सिल्ट ईजेक्टर की बाढ़ से सुरक्षा कार्य की योजना।
9 कोटद्वार विधानसभा में प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट लाइट की स्वीकृति।
10 कालागढ़ क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित कार्य।
11 कालागढ़ रामगंगा नदी के पावन तट पर मुक्तिधाम व स्नान घाट का निर्माण।
12 कोटद्वार विधानसभा में सुरक्षा हेतु सी.सी.टी.वी. कैमरों की आवश्यकता।
13 कोटद्वार पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग को चार धाम यात्रा मार्ग मे सम्मिलित करने हेतु।
14 चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा की सुविधा।
15 कोटद्वार विधानसभा के लिए इंडोर स्टेडियम।
16 कालागढ में चिकित्सा सुविधा हेतु एम्बुलेंस।
17 सिडकुल का विस्तारीकरण।
18 गंवई स्त्रोत मे जी.एम.ओ.यू. बस अड्डा के लिए वन विभाग द्वारा जमीन हस्तान्तरण हेतु स्वीकृति।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि अग्निपथ योजना से देश के उन युवाओं का सपना पूरा होगा जो सेना में भर्ती होना चाहते हैं। कहा कि यूएसए, यूनाइटेड किंगडम, रूस, इजराइल, चीन व फ्रांस जैसे देशों में भी युवा इस तरह की योजना से जुड़कर देश सेवा कर रहे है तथा भारत में भी युवा सैनिक योगदान देने के पश्चात राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत होंगे तथा प्रशिक्षण से बेहतर अनुभव प्राप्त करने के पश्चात समाज में अपना बहुविध योगदान प्रदान करेंगे।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हमें अपने युवाओं को सही दिशा दिखाने की जरूरत है। उन्हें भ्रमित होने से बचाने के लिए उन्हें अग्निपथ योजना की सही जानकारी देनी होगी। कहा कि अग्निपथ योजना देश हित की योजना है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि अग्निपथ भर्ती योजना भारत की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक क्रांतिकारी पहल है। अग्निपथ वह पथ है जहां पहुंचकर युवाओं को सुनहरे भविष्य के अवसरों के अनेकानेक मार्ग खुलेंगें।

आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के परिजन जिन्हे सम्मानित किया गया-’
1 एलओसी पर उरी सेक्टर में शहीद हुए कुंभीचौड निवासी शहीद हवलदार नरेंद्र सिंह की मां बचूली देवी।
2 कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हुए 17 गढ़वाल राइफल के शिवराजपुर निवासी शहीद हवलदार मदन सिंह की पत्नी जीना देवी।
3 जम्मू कश्मीर बांदीपुर गुरेज सेक्टर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए 15 गढ़वाल राइफल के शिवपुर निवासी शहीद राइफलमैन मनदीप सिंह की मां सुमन देवी।
4 आतंकवादियों से लड़ते शहीद हुए कालाबड निवासी शहीद नायब सूबेदार प्रेम सिंह बिष्ट की पत्नी सावित्री देवी।
5 पंजाब के बाटाला सेक्टर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए बीएसएफ के हेड कांस्टेबल घमंडपुर निवासी शहीद भरोसे लाल की पत्नी सावित्री देवी।
6 जम्मू-कश्मीर के बादीपुर में गोलाबारी में शहीद हुए लालपानी निवासी शहीद राइफलमैन रणवीर सिंह के पिता प्रेम सिंह।
इसके अतिरिक्त 104 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी मुरली सिंह रावत तथा राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित सशस्त्र सीमा बल से सेवानिवृत्ति ऊषा सजवान को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत पौड़ी शांति देवी, विधायक लैंसडोन दिलीप महंत, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, विधायक यमकेश्वर रेनु बिष्ट, जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पाण्डे, अध्यक्ष गौ सेवा आयोग राजेन्द्र अंथवाल, अध्यक्ष भाजपा संपत सिंह रावत, नगर मण्डल अध्यक्ष सुनील गोयल, स्वंतत्रता सेनानी मुरली सिंह रावत सहित विभागीय अधिकारी-कार्मिक, पार्टी पदाधिकारी तथा सम्मानित जनमानस उपस्थित रहे।

शहीद के घर पहुंचे सीएम, दी श्रद्धांजली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1984 में सियाचिन में ऑपरेशन मेघदूत के दौरान शहीद हुए लांसनायक चन्द्रशेखर हर्बाेला के पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद चंद्रशेखर हर्बाेला का पार्थिव शरीर 38 वर्ष के पश्चात बुधवार को उनके आवास पहुँचने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी एवं महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्या ने श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
बुधवार को जैसे ही शहीद चन्द्रशेखर हर्बाेला का पार्थिव शरीर डहरिया स्थित उनके आवास पर पहुँचा, पूरा क्षेत्र देश भक्ति नारों से गुंजायमान हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद चन्द्रशेखर के बलिदान को हमेशा याद रखा जायेगा। उन्होंने कहा देश के लिए बलिदान देने वाले उत्तराखण्ड के सैनिकों की स्मृति में सैन्य धाम की स्थापना की जा रही है। शहीद चन्द्रशेखर की स्मृतियों को भी सैन्य धाम में संजोया जायेगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार शहीद के परिवार के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी है। सरकार द्वारा शोक संतृप्त परिवार की हर सम्भव सहायता की जाएगी।
पुष्प चक्र अर्पित करने के पश्चात शहीद चन्द्रशेखर का पार्थिव शरीर चित्रशिला घाट रानीबाग के लिए रवाना हुआ, जहां शहीद को पूरे राजकीय सम्मान व आर्मी बैण्ड की धुन के साथ भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में लोगों द्वारा नम आंखों से शहीद को श्रद्धांजलि दी गई।

विभागीय सचिव को जनगणना कराने के निर्देश

आज दो वर्षों से स्थगित 2021 की जनगणना के आरंभ को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने विभागीय सचिव के साथ समीक्षा बैठक की।
बुधवार को विधानसभा स्थित कार्यालय पर कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने जनगणना एवं पुनर्गठन के सचिव चंद्रेश यादव के साथ समीक्षा बैठक की। डॉ अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2011 के बाद 2021 में जनगणना की जानी थी। मगर कोविड-19 के चलते जनगणना नहीं की जा सकी।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि जनगणना निदेशालय भारत सरकार के द्वारा जनगणना के संबंध में जो भी निर्देश दिए गए हैं, उन निर्देशों का यथा अनुपालन करते हुए इस वर्ष जनगणना आरंभ की जाए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के दिए गए निर्देशों के अनुसार आगामी जनगणना की जाए साथ ही पूरी कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए।
इस मौके पर सचिव जनगणना एवं पुनर्गठन चंद्रेश यादव ने बताया कि संभवतया माह अगस्त के बाद जनगणना शुरू की जाएगी। बता दें कि 2021 में कोरोना के चलते जनगणना नहीं हो पाई थी। तभी से दो वर्ष से जनगणना स्थगित चल रही है।

विश्व स्तर का हो उत्तराखण्ड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने बुधवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने सचिव आपदा को सेंटर की स्थापना में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सेंटर विश्व स्तर का बनाया जाना है।
मुख्य सचिव ने कहा कि हिमालयी राज्यों में भूस्खलन बहुत बड़ी समस्या है, परन्तु राष्ट्रीय स्तर में भी भूस्खलन से सम्बन्धित अध्ययन, शोध और न्यूनीकरण के लिए समर्पित कोई संस्थान उपलब्ध नहीं है। इस क्षेत्र में उत्तराखण्ड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर सिर्फ अन्य राज्यों को ही नहीं बल्कि देश-विदेश में सेवा उपलब्ध कराने में एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस सेंटर के कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विश्व स्तरीय विशेषज्ञता पर फोकस किया जाए। इस सेंटर में सम्बन्धित क्षेत्र से प्रोफेशनल्स को ही तैनात किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सम्बन्धित क्षेत्र में कार्य कर रहे नेशनल और इंटरनेशनल संस्थानों में कार्य कर रहे प्रोफेशनल्स से संपर्क किया जाए।
मुख्य सचिव ने उत्तराखण्ड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर शीघ्र ऑपरेशनल किए जाने हेतु प्रत्येक स्तर की तिथियां निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव आपदा डॉ. रंजीत सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने कैंप कार्यालय में फहराया तिरंगा, किया सम्मान

स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगाँठ पर कैबीनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने देश की आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा फहराया। मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
सोमवार को बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय पर कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शान से तिरंगा फहराया। इस मौके स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. शिव रतन शर्मा की पुत्री उमा शर्मा, स्व. सच्चिदानंद पैन्यूली के पुत्र एडवोकेट संपूर्णानंद पैन्यूली, स्व. बाघ सिंह बिष्ट के पुत्र बुद्धि सिंह बिष्ट, स्व. धनेश शास्त्री के पुत्र संजय शास्त्री, स्व. पुरुषोत्तम दत्त रतूड़ी के पुत्र डी पी रतूड़ी, स्व. बल्लभ भाई पांडेय के पुत्र भारतेन्दु शंकर पांडेय, स्व. देवीदत्त तिवारी के पुत्र वरिष्ठ पत्रकार हरीश तिवारी को शॉल ओढ़ाकर व पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता रविन्द्र राणा, मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, महामंत्री जयंत शर्मा, सुमित पंवार, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष नितिन सक्सेना, ब्रजेश शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, कविता शाह, संजीव पाल, सीमा रानी, पुनीता भंडारी, माधवी गुप्ता, राजवीर रावत, दीपक जुगरान, रूपेश गुप्ता, नरेंद्र रावत सहित स्थानीय व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, रेलवे रोड स्थित भाजपा ऋषिकेश मंडल कार्यालय पर कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर राष्ट्रगान गाकर मिष्ठान वितरित किया गया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. देवीदत्त तिवारी के पुत्र वरिष्ठ पत्रकार हरीश तिवारी को शॉल ओढ़ाकर व पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, वरिष्ठ भाजपा नेता इंद्र कुमार गोदवानी, कपिल गुप्ता, पार्षद रीना शर्मा, प्रभाकर सोनू, ब्रजेश शर्मा, राजू नरसिम्हा, राकेश चंद, सिमरन गाबा सहित भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या मौजूद रहे।

सीएम पहुंचे गैरसैंण, फहराया तिरंगा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर ग्रीष्मकालीन राजधानी, भराड़ीसैंण, गैरसैंण विधानसभा भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण नगर हेतु पेयजल योजना का निमार्ण कार्य, औषधीय एवं संगध पादप संस्थान औद्योगिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय मेहलचौरी गैरसैंण में कार्यालय भवन कक्षा कक्ष एवं सभागार का निर्माण कार्य, कर्णप्रयाग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क का सुधारीकरण एवं सौन्दर्यकरण किए जाने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा परिसर गैरसैंण में पौधारोपण भी किया।
विधानसभा गैरसैंण के प्रांगण से अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजादी की 75वीं गौरवशाली वर्षगांठ की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने देश की आजादी के संग्राम में अविस्मरणीय योगदान देने वाले उत्तराखंड राज्य के सेनानियों का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा यह देश के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर देने वाले सैन्य और अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों की स्मृति के सम्मुख नतमस्तक हो जाने अवसर है, उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं. यह अमृत महोत्सव हमारे देश के समस्त महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद सैनिकों को समर्पित है, इस समर्पण में अपने राष्ट्र को अभिनव और आत्मनिर्भर भारत में रूपांतरित करने का जन-जन का संकल्प भी समाहित है। इस महोत्सव के उपलक्ष्य पर फहराते तिरंगे से सुसज्जित हो कर देश का एक-एक घर दुनिया को यह सन्देश दे रहा है कि हमारे प्रधानमंत्री की सुदृढ़ इच्छाशक्ति, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में एक राष्ट्र के रूप में हम लोग बहुत शीघ्र उस महत्वाकांक्षी स्वप्न को साकार कर लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान पर भी काम किया जा रहा है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाईन पर तेजी से काम चल रहा है। चार धाम सड़क परियोजना द्वारा कनेक्टीवीटी को मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। इस वर्ष अब तक तीस लाख पंजीकृत श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन कर लिये है। पर्वतमाला परियोजना से रोपवे नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्र से अनुरोध किया है कि हिमालयी क्षेत्रों के लिए अलग से योजनाएं बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधीनस्थ चयन आयोग के भर्ती घोटाले में एक एक अपराधी को पकडा जा रहा है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही नौजवानों को नौकरी के लिए विलम्ब न हो, इसकी व्यवस्था भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत 13 स्थानों पर हैलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। जल जीवन मिशन में हर घर नल, नल से जल के अंतर्गत राज्य के ग्रामीण क्षेत्र के 7 लाख से अधिक परिवारों को पानी के कनेक्शन दिये जा चुके हैं, इसके अलावा राज्य के 38 छोटे नगरों में पेयजल के लिए 1600 करोड़ रूपए की उत्तराखण्ड अर्बन वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट महत्वपूर्ण पेयजल योजनाएं हैं, 952 करोड़ रूपए का उत्तराखण्ड क्लाईमेट रेन फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट भी स्वीकृत किया गया हैं, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत 31 नये सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लान्ट का निर्माण तथा 6 एस.टी.पी. का अपग्रेडेशन किया जा चुका है। गंगा नदी में प्रदूषण के रोकथाम के लिये 128 नालों को अवरुद्ध किया गया है। 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के लिये निविदा भी आमंत्रित कर दी गई हैं। 1930 करोड़ रूपए से टिहरी झील के विकास का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा अमृत योजना अन्तर्गत 7 शहरों में सीवरेज, पेयजल, ड्रेनेज, पार्क आदि के लिये 593 करोड़ रूपए की योजनाओं पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के चहुमुखी विकास के लिए समर्पित भाव से जुटी है लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के मंत्र पर सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा अपणि सरकार पोर्टल, ई-केबिनेट, ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाईन, सेवा का अधिकार और ट्रांसफर एक्ट की पारदर्शी व्यवस्था के चलते कार्यसंस्कृति में गुणात्मक सुधार हुआ है। इस सिलसिले में अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति 1064 पर शिकायत कर भ्रष्टाचार को समाप्त करने में योगदान कर सकता है। अपने वादे के अनुसार हमने समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है। समिति की तीन बैठकें भी हो चुकी हैं। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन की राशि को एक हजार रूपए प्रतिमाह से बढ़ाकर 1500 रूपए प्रतिमाह किया गया है। वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र पति व पत्नी दोनों को लाभ मिलेगा। शीघ्र ही हम गरीब परिवारों को तीन सिलेण्डर मुफ्त उपलब्ध करवाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की चारधाम सर्किट में आने वाले सभी मंदिरों और गुरूद्वारों में भौतिक ढांचे और परिवहन सुविधाओं के विस्तार किया जा रहा है, उन्होंने कहा कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर भी काम कर रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे नेटवर्क निर्माण के लिये पर्वत माला परियोजना पर कार्य किया जा रहा है, साथ ही मल्टीस्टोरी पार्किंग, केविटी पार्किंग व टनल पार्किंग भी विकसित की जा रही है। हमारी सरकार संवेदनशील सरकार है। हमने पर्यावरण मित्रों और शिक्षा मित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की है व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि को 5 लाख रूपए से बढ़ाकर 10 लाख रूपए किया है। उत्तराखण्ड देवभूमि ही नहीं, वीरभूमि भी है, देहरादून में भव्य सैन्य धाम की स्थापना की जा रही है। हमारी सरकार, शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना, जीवन ज्योति योजना, जन धन योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्जवला योजना जैसी तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसका सीधा मकसद अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में जोड़ने का है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि हम उत्तराखंड राज्य के 25वें वर्ष पर राज्य को प्रत्येक क्षेत्र में आगे ले जाएं। राज्य के विकास की यात्रा अकेले सरकार की नहीं अपितु सामूहिक यात्रा है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारा अभिमान है हमारी भारतीयता का प्रतीक है। तिरंगा हमें एक माला में पिरोता है और तिरंगे के नीचे हम सबको गर्व महसूस होता है। उन्होंने सीमा पर अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं राज्य आंदोलन में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य की स्थापना पर्वतीय क्षेत्रों को विकास को ध्यान में रखकर किया गया है और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। राज्य विधानसभा को हाईटेक किया जा रहा है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने गाड़ी से विधानसभा परिसर में आए स्कूल की प्रत्येक बच्चे को ₹501 की धनराशि देने की घोषणा भी की।
चिकित्सा स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने आजादी के अमृत महोत्सव की हार्दिक बधाई दी। आज हम सब आजादी की 75 वर्षगांठ मना रहे है और सौभाग्य है कि हम सब इसके साक्षी हैं। प्रदेश में प्रत्येक घर पर आज तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार स्वास्थ्य व शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। गैरसैंण में जल्द ही उप जिला चिकित्सालय खोला जाएगा।
इस दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल एवं थराली विधायक भोपाल राम टम्टा ने अतिथिगणों का अभिनंदन करते हुए सबको स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

एसटीएफ टीम को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर परेड ग्राउण्ड देहरादून में राज्य के मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशिष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया। पुलिस उप महानिरीक्षक सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस., उपनिरीक्षक रेखा दानू, कृपाल सिंह एवं मुख्य आरक्षी वेद प्रकाश भट्ट को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के क्रम में यूकेएसएसएससी परीक्षा धांधली की जांच कर रही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में एस.टी.एफ. की टीम को भी मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.टी.एफ. अजय सिंह, उप निरीक्षक दिलवर सिंह, नरोत्तम बिष्ट, उमेश कुमार एवं विपिन बहुगुणा को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया एवं फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज जो हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं वह स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम अमृत महोत्सव मना रहे हैं। महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद वीर जवानों को समर्पित अमृत महोत्सव, नए भारत, आत्मनिर्भर भारत का भी संकल्प है। देश के घर-घर में फहराता तिरंगा दुनिया को एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश दे रहा है। किसान का सम्मान हो, गरीब का कल्याण हो, युवा को अवसर हो, महिलाओं का उत्थान हो, तकनीक में नवाचार हो, विश्व पटल पर भारत की मजबूत पहचान हो, इतिहास की समस्याओं का स्थायी समाधान हो, ये सब प्रधानमंत्री जी की दृढ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। कोविड महामारी का जिस तरह से हमने सामना किया, उसकी पूरे विश्व में सराहना हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव किसी से छुपा नहीं है। पिछले आठ वर्षों में केन्द्र सरकार द्वारा 1 लाख 50 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। श्री केदारपुरी का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री के विजन, नेतृत्व एवं संकल्प का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान पर भी काम हो रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन और डोईवाला से गंगोत्री-यमुनोत्री रेललाइन के सर्वे की भारत सरकार द्वारा सहमति दी गई है। केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के साथ ही टनकपुर-पिथौरागढ़ की सड़क कनेक्टीवीटी में सुधार के लिए चारधाम ऑलवेदर सड़क परियोजना पर काफी कुछ काम किया जा चुका है। दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड बनने से दिल्ली से देहरादून केवल 2 घंटे में जा सकेंगे। केंद्र सरकार से पौंटा साहिब-देहरादून, बनबसा-कंचनपुर, भानियावाला-ऋषिकेश, काठगोदाम-लालकुंआ-हल्द्वानी बाईपास और रूद्रपुर बाईपास परियोजनाओं की महत्वपूर्ण सौगात मिली हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। ऊधमसिंहनगर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है। जल जीवन मिशन में “हर घर नल से जल” के अंतर्गत राज्य के ग्रामीण क्षेत्र के 7 लाख से अधिक परिवारों को कनेक्शन दिये जा चुके हैं। भारत सरकार द्वारा स्वीकृत ‘उत्तराखण्ड इंटिग्रेटेड हार्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट’ हॉर्टीकल्चर में मील का पत्थर साबित होगा। 38 छोटे नगरों में पेयजल के लिए 1600 करोड़ रूपए की उत्तराखण्ड अर्बन वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट’ महत्वपूर्ण पेयजल योजनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना से नैनीताल व ऊधमसिंहनगर के तराई क्षेत्र लाभान्वित होंगे। सौंग बांध परियोजना से देहरादून में वर्ष 2053 तक अनुमानित आबादी के लिए पेयजल आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के लिये निविदा भी आमंत्रित कर दी गई हैं। 1930 करोड़ रूपए से टिहरी लेक डेवलपमेंट का काम किया जा रहा है। अमृत योजना अन्तर्गत 7 शहरों में सीवरेज, पेयजल, ड्रेनेज, पार्क आदि के लिये 593 करोड़ रूपए की योजनाओं पर काम चल रहा है। ऊधमसिंहनगर में एम्स का सैटेलाईट सेंटर बनने से एक बड़ी आबादी को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार, उत्तराखण्ड के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित भाव से जुटी है। लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि पर खास तौर पर फोकस किया गया है। अपणि सरकार पोर्टल, ई-कैबिनेट, ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाइन, सेवा का अधिकार और ट्रांसफर एक्ट की पारदर्शी व्यवस्था के चलते कार्यसंस्कृति में गुणात्मक सुधार हुआ है। अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति 1064 पर शिकायत कर भ्रष्टाचार को समाप्त करने में योगदान कर सकता है। हमने अपने वादे के अनुसार समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है।समिति की तीन बैठकें भी हो चुकी हैं। हम गरीब परिवारों को तीन सिलेण्डर मुफ्त उपलब्ध करवाने जा रहे हैं। इसके लिये बजट में प्रावधान भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम सर्किट में आने वाले सभी मंदिरों और गुरुद्वारों में भौतिक ढांचे और परिवहन सुविधाओं के विस्तार की हमारी योजना है। हम कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर भी काम कर रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे नेटवर्क निर्माण के लिये पर्वत माला परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। सर्फेस पार्किंग के साथ ही मल्टीस्टोरी पार्किंग, केविटी पार्किंग व टनल पार्किंग भी विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि ही नहीं, वीरभूमि भी है। देहरादून में भव्य सैन्य धाम की स्थापना की जा रही है। हमारी सरकार, शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। उत्तराखण्ड राज्य के वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों को देय एकमुश्त अनुदान में वृद्धि की गई है। स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी विधवाओं की पेंशन को बढ़ाने के साथ ही उत्तराखण्ड से द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगना एवं वेटरन की पेंशन में भी वृद्धि की गई है। हमने उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में भी वृद्धि की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को देश से बाहर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने के लिये राज्य में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के गठन की स्वीकृति दी है।नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के लिये राज्य में 4457 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केन्द्रों में बाल वाटिकायें प्रारम्भ हो चुकी है। ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए केन्द्रीय स्टूडियो तथा राज्य के समस्त 13 जनपदों के 500 विद्यालयों में वर्चुअल क्लास रूम की स्थापना की जा चुकी है। उच्च शिक्षण संस्थानों में रिसर्च और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के उद्देश्य सेस्टार्ट-अप पॉलिसी लागू की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राज्य में निशुल्क जांच योजना प्रारम्भ की है। इसके तहत मरीजों को 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचों की निशुल्क सुविधा मिल रही है।आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना में 47 लाख 83 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक 5 लाख 40 हजार से अधिक मरीज मुफ्त में उपचार करा चुके हैं। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के उपचार पर अब तक 919 करोड़ से अधिक का व्यय किया जा चुका है। प्रधानमंत्री जी के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए हमने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना की शुरूआत की है। आंगनबाड़ी बहनों और आशा बहनों के मानदेय में बढ़ोतरी की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों के विकास को समर्पित है। सीमांत तहसीलों के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना भी प्रारम्भ की गई है। वोकल फॉर लोकल पर आधारित ‘एक जनपद दो उत्पाद’ योजना से स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं स्थानीय उत्पादों को विश्वस्तरीय पहचान मिलेगी। राज्य में समयबद्ध रूप से निवेश प्रस्तावों का ऑनलाइन निस्तारण किया जा रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में हम अचीवर्स की श्रेणी में आ गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए नई खेल नीति लाई गई है। स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर को अंतराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय बनाने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं। उभरते खिलाड़ियां को प्रोत्साहित करने के लिये मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छात्रवृत्तियोजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद के 150 बालक और 150 बालिकाओं को खेल छात्रवृत्ति की व्यवस्था की गई है। ग्रामीण स्तर पर ओपन जिम के लिये 10 करोड़ रूपए का बजट में प्राविधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होम स्टे योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। अभी तक 4060 होमस्टे पंजीकृत किये जा चुके हैं। ट्रैकिंग मार्गां पर भी होम स्टे को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। 16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों व जलस्त्रोतों को पुनर्जीवित करने की पहल बड़े स्तर पर की गई है। प्रत्येक जिले में वर्षा जल संचय के लिए झीलें विकसित की जा रही हैं। अमृत महोत्सव के तहत राज्य में 1250 अमृत सरोवर बनाये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत पांच वर्षों में प्रदेश में जैविक कृषि के क्षेत्र में निरंतर वृद्धि हुई है। 4485 जैविक क्लस्टर संचालित हैं। जैविक उत्पादों के विपणन के लिये जैविक आउटलेट भी स्थापित किये जा रहे हैं। हमारी सरकार, किसानों को तीन लाख रूपए और महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रूपए तक का ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध करा रही है।जिन किसान भाईयों के पास कृषि उपकरण नहीं हैं, उनके लिए ‘‘फार्म मशीनरी बैंक’’ योजना शुरू की है। इसके लिए 80 फीसदी तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिये हमारी सरकार ने गौ सदनों की स्थापना के लिये बजट प्राविधान को इस वर्ष छः गुना कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 120 मेगावाट की व्यासी जल विद्युत परियोजना का निर्माण पूर्ण कर उत्पादन प्रारम्भ किया जा चुका है। पिछले वर्षों में उत्तराखण्ड ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। तमाम सामाजिक-आर्थिक सूचकांकों में हम देश के अग्रणी राज्यों में हैं सतत् विकास लक्ष्य सूचकांक में वर्ष 2018 में हम 10वें स्थान पर थे और अब हमारा स्थान चौथा हो गया है। इन्स्पायर अवार्ड हेतु नामांकन में विद्यालयवार प्रतियोगिता के आधार पर पूरे देश में उत्तराखण्ड प्रथम स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। आने वाले तीन वर्षों में उत्तराखण्ड को प्रत्येक क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाने के लिये हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पहले मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में भी मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल, चन्दन राम दास, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, शासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

आजादी के नायकों को हमेशा याद किया जायेगा-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधु ने सचिवालय में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण करते हुए सभी को 76वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर हम कुछ न कुछ प्रण जरूर करते हैं, शहीदों को याद करते हैं साथ ही उन महापुरूषों को भी याद करते हैं जिन्होंने काफी संघर्ष करते हुए हमें आजादी दिलाई, उनसे हमें प्रेरणा भी मिलती है कि उन लोगों ने हमारे लिए इतना कुछ सहन किया एवं बलिदान दिया। हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम भी देश के लिए कुछ करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पूरे देश में ऐसा माहौल बन गया है कि तिरंगा सिर्फ हर घर में ही नहीं बल्कि हर हाथ में है और मैं यह मानता हूँ कि हर दिल में भी तिरंगा है। 75 वर्ष किसी भी देश की आजादी के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। प्रधानमंत्री ने अगले 25 सालों को अमृतकाल का समय बताया है, वर्तमान से लेकर 2047 तक इस देश को हमें कहां ले जाना है, उसकी योजना बनानी है एवं उस योजना को हमें धरातल पर उतारना है। केवल योजना बनाने से काम नहीं होता, जब तक हम उसे धरातल पर नही उतारते। इसके लिए सचिवालय परिवार के हर एक सदस्य का योगदान अपेक्षित है।
मुख्य सचिव ने सचिवालय परिवार की कार्यक्षमता पर विश्वास प्रकट करते हुए कहा कि हम सभी एक टीम के रूप में उसे पूर्ण अवश्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पूरे देश में हर तरफ तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा है, चाहे सड़के हो, टीवी हो या फिर आपका मोबाईल हो चारो ओर तिरंगा है, पूरा देश इस तिरंगे के जश्न में तथा इस आजादी के जश्न में डूब गया है। क्या हर वर्ष की तरह हम केवल विशेष अवसर पर ही तिरंगा फहरायेंगे और फिर उसे भूल जायेंगे। इस जश्न में हम कुछ न कुछ प्रण लें कि अपने देश को और अच्छा बनाने के लिए कुछ विशेष कार्य करेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि हम सभी ने बचपन से तिरंगे के विषय में पढ़ा है जाना है, परन्तु आज जब सुनामी की तरह पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है, तो फिर से तिरंगे के विषय में जानने की आवश्यकता है। तिरंगे का केसरिया रंग हिम्मत का, बलिदान का एवं जोश का प्रतीक है। आजादी से पहले इसका काफी महत्व था, क्योकि अंग्रेजी हुकूमत का अत्याचार चारो तरफ था और हर तरफ आजादी के लिए आंदोलन हो रहे थे। परन्तु आजादी के बाद आज भी केसरिया का महत्व कम नहीं हुआ है। आज भी देश को बलिदान की जरूरत है पर बलिदान की परिभाषा बदल गई है। आज भी हमें उतनी ही हिम्मत चाहिए। सचिवालय के संदर्भ पर बात की जाए तो आज भी कई निर्णयों पर बहुत हिम्मत की आवश्यकता है, क्योंकि कुछ स्वार्थी लोग अपने पक्ष में निर्णय करने हेतु काफी दबाव डलवाते हैं। हर निर्णय में हमें भारत प्रथम, उत्तराखण्ड प्रथम का मंत्र याद रखना चाहिए। दूसरा रंग सफेद शांति एवं सत्य का प्रतीक है। आज के दौर में सचिवालय के संदर्भ में शांति से अभिप्राय यह है कि जो समाज का निचला तबका है उन सब के मन की शांति एवं उनके उज्जवल भविष्य के लिए हम क्या अच्छा से अच्छा कार्य कर सकते हैं। शासन में उचित निर्णय लेने में देरी, गरीब वंचितों के लिए प्रताड़ित करने जैसा ही है। हमें हमेंशा सतर्क होने की आवश्यकता है। हम सभी शासन के उच्च स्तर में है हम सभी का कर्तव्य है कि पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, जिससे पिछड़ा समाज परेशान न हो। तिरंगे का हरा रंग खुशहाली का प्रतीक है। वर्तमान में भी हमें शासन के तौर पर यह देखना चाहिए कि हमारा निर्णय ऐसा होना चाहिए कि गरीबों की मदद हो सके और उनके जीवन में खुशहाली आ सके। हमारे तिरंगे का अशोक चक्र जिसे धर्म चक्र भी कहते हैं। इससे तात्पर्य है कि हमें हर कार्य में धर्म को अवश्य याद रखना चाहिए। धर्म क्या है यह आप सभी जानते हैं, क्या सही है क्या गलत यह जानना ही सही मायने में धर्म है।
मुख्य सचिव ने कहा कि हमें समय एवं परिवर्तन के साथ खुद को भी बदलना है। अगले 25 सालों के लिए देश के लिए योजना बन रही है। प्रदेश के लिए भी हमें योजना बनानी है। केवल विजन ही नही चाहिए, मिशन भी चाहिए। विजन में हमने यह देखना है कि अगले 25 सालों में प्रदेश को कहां ले जाना है मिशन में हमें दिल दिमाग और आत्मा के साथ काम करना है, तभी यह तिरंगे का सच्चा सम्मान होगा। केवल यह लम्बा इवेंट बनकर न रह जाए। हम सभी मिलकर कार्य करेंगे अपने तन मन धन से इस देश को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
इस दौरान मुख्य सचिव द्वारा सचिवालय एथलीट व फिटनेस क्लब के 42 सदस्यों को जिन्होंने 15 कि0मी0 दौड़ पूरी की थी उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही 28 से 30 मार्च 2022 को गुड़गांव हरियाणा में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज एथलेक्टिस प्रतियोगिता में 800 मी0 रेस में कांस्य पदक जीत कर सचिवालय के लिए पहला पदक लाने वाले अनुभाग अधिकारी एवं अध्यक्ष सचिवालय एथलीट व फिटनेस क्लब ललित चन्द्र जोशी को भी बधाई दी।
इस दौरान ध्वजारोहण के अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द बर्धन, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु व एल.फेनई सहित सभी सचिव, प्रभारी सचिव सहित सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।