जाम में फंसे साहब तो याद आई ट्रैफिक व्यवस्था

ऋषिकेश।
साहब जाम में फंसे तो लोगों की समस्या का एहसास भी हुआ। बैठक में उन्होंने पुलिस से देहरादून तिराहे पर लगने वाले जाम के लिए ट्रैफिक प्लान पूछ डाला। हालांकि पुलिस ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर हटाए जा रहे अतिक्रमण की जानकारी देकर अपनी पीठ थपथपाई। आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों को चारधाम यात्रा के दौरान जाम से छुटकारा दिलाने के बारे में ठोस कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। हालांकि पुलिस एस्कार्ट के चलते आयुक्त की गाड़ी जाम में ज्यादा देर तक नहीं फंसी, नहीं तो ड्यूटी में लापरवाही के चलते एकाध सिपाही लाइन हाजिर जरूर हो जाता।

कृषि मंत्री ने दस रुपये भरपेट योजना का शुभारंभ किया

ऋषिकेश।
मंगलवार को दून तिराहा पर कृषिमंत्री सुबोध उनियाल ने डिवाइन भोजनालय का विधिवत शुभारंभ किया। कहा कि तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए संस्था के इस प्रयास से अन्य जनसंगठनों को भी प्रेरणा मिलेगी। सरकार संस्था के इस काम में सहयोग का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी तीर्थयात्रियों की बेहतर सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। क्लब अध्यक्ष महेश किंगर ने बताया कि भोजनालय में तीर्थयात्रियों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन दिया जाएगा। इस काम के लिए क्लब सदस्यों और समाजसेवियों द्वारा सहयोग किया गया है।
इस अवसर पर संस्था ने उनियाल के जरिए गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के छात्र व छात्रा की मां सुनीता देवी को उनकी शिक्षा के लिए 21 हजार का चेक सौंपा। कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, विनोद शर्मा, राजेन्द्र सेठी, अरविन्द भट्ट, दीपेश कोहली, आशु डंग, नवीन गांधी, कपिल गुप्ता, अनुराग शर्मा, श्रेयांश जैन, हितेश सडाला, किशोर मेहता, गिरीश इचपिलानी, शिव मोहन मिश्रा, जयेंद्र रमोला, चेतन शर्मा, सुभाष कोहली, इंद्रकुमार गोदवानी, डीडी सकलानी, जितेंद्र अग्रवाल, भगतराम कोठारी, यशपाल अग्रवाल आदि मौजूद थे।

बेजुबानों के साथ नियम-कायदों का कत्ल न हो

ऋषिकेश।
बूचड़खाने खोलने के लिए कई कड़े नियम कानून बनाये गये है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग से लाईसेंस तो अनिवार्य है ही, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व ग्राम सभा की एनओसी की भी जरुरत है। लोगों को साफ मांस मिले और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे, इसके लिए भी कई नियम बनाये गये है। हैरानी की बात है कि प्रशासन के निरीक्षण में 14 दुकानों के लाईसेंस व ग्राम सभा से एनओसी तो सभी के पास मिली। लेकिन साफ सफाई, पशुओं के टीकाकरण और हानिकारक अपशिष्ट को नष्ट करने की समुचित व्यवस्था किसी के पास नही थी।
टीम के सदस्यों ने बताया कि आमतौर पर ग्राम सभा की ओर से अपशिष्ट को नष्ट कराने के लिए व्यवस्था की जानी चाहिये। लेकिन निरीक्षण में ग्राम सभा सिर्फ एनओसी देने तक ही सीमित रही है। टीम ने ग्राम सभा की ओर से बूचड़खानों के लिए स्लाटर हाउस की कमी भी पाई। अब इस ओर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। टीम में तहसीलदार रेखा आर्य, नायब तहसीलदार केडी जोशी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी व पशु चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे।

शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान जरुरी: सुबोध उनियाल

ऋषिकेश।
शिक्षा के बदलते समय में छात्र-छात्राओ को व्यवहारिक पूर्ण ज्ञान दिया जाना जरूरी है। आज छात्र छात्राओं को किताबी ज्ञान की बदौलत शिखर तक ले जाये जाने का प्रयास किया जा रहा है। यह बात कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने हर्रावाला में कोर इंटरनेशनल स्कूल के उदघाटन के अवसर पर कही। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि हर छात्र में प्रतिभा छिपी होती है। लेकिन स्कूल के शिक्षकों का कर्तव्य है कि वे छात्र की प्रतिभा को समझे और उसे जिस क्षेत्र में उस छात्र की प्रतिभा प्रखर है, उसे आगे बढायें। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के संस्थापक लोकेश जैन, विरेश जैन, गौरव जैन ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि बच्चे दबाव में न बढ़े और बच्चों के माता पिता की जेब पर ज्यादा खर्चा न हो। उन्होंने बताया कि उनके स्कूल का क्रिकेटर युवराज की कंपनी स्पोर्टी बीन से समझौता हुआ है। जो बच्चों को खेल भी सिखायेगी। कार्यक्रम के दौरान रीना बिष्ट, अनुराधा, रूपाली, निहारिका, नीना जैन, प्रियंका रावत समेत अनेक शिक्षक, शिक्षिकायें व स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

एनएच, पीडब्ल्यूडी व पालिका ने अतिक्रमण चिन्हित कर निशान लगाये

ऋषिकेश।
प्रशासन के निर्देश पर पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत अतिक्रमण चिन्हित करने की कार्रवाई बुधवार से शुरु हो गयी है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंता छत्रपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कोयलघाटी से श्यामपुर तक अतिक्रमण चिन्हित किया। कुल चौड़ाई 24 मीटर सड़क के दोनों ओर 12-12 मीटर की लंबाई नापकर टीम ने अतिक्रमण पर निशान लगाये। पीडब्ल्यूडी ने बाईपास रोड, पशुलोक व देहरादून रोड में अतिक्रमण चिन्हित कर निशान लगाये। विभाग की ओर से बताया गया कि बाईपास रोड में 86, पशुलोक बैराज रोड में 112 व देहरादून रोड में 70 अतिक्रमण को चिन्हित किया गया है।
वहीं, नगर पालिका प्रशासन ने भी पालिका के मुख्य मार्गों से 118 अतिक्रमण चिन्हित करने की बात कही। सहायक अभियंता आंनद मिश्रवाण ने बताया कि चिन्हित अतिक्रमण के अतिरिक्त जब फोर्स उपलब्ध होगी तो पालिका के द्वारा नालियों से बाहर अतिक्रमण करने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। प्रशासन के निर्देश पर गुरुवार को भी विभाग अतिक्रमण चिन्हित करेंगे। एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि संबधित विभागों के अतिक्रमण चिन्हित करने की कार्रवाई पूरी होने पर फोर्स की डिमांड की जायेगी। फोर्स उपलब्ध होने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।

पुलिस ने दर्जनभर व्यापारियों के काटे चालान

ऋषिकेश।
एसपी देहात श्वैता चौबे के नेृतत्व में पुलिस ने घाट मार्ग, मुखर्जी मार्ग और क्षेत्र मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। घाट मार्ग पर व्यापारियों की दुकानें सड़क पर लगने पर पुलिस ने उनके चालान काटे। इस दौरान कुछ व्यापारी पुलिस से उलझे भी लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उनकी नहीं चली। एसपी ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू हो रही है लेकिन यात्रा से पहले ही शहर पर जाम एक बड़ी समस्या है। विभिन्न मार्गों पर सड़क पर खड़े ठेली वालों के कारण सड़क से वाहन निकालना मुश्किल हो जाता है जबकि कुछ मार्गों पर व्यापारियों ने अपनी दुकानें काफी आगे तक बढ़ा दी हैं। इसलिए अभियान चलाया जा रहा है। एसपी के मुताबिक करीब दर्जनभर व्यापारियों के चालान काटे गए हैं। सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार चलेगा। अभियान में एएसपी निहारिका भट्ट सहित पुलिस फोर्स मौजूद रही।

नालियों में कूड़ा फेंका तो कर्मचारी पर भी होगी कार्रवाई

ऋषिकेश।
नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने शनिवार को सफाई नायकों की बैठक ली। उन्होंने नगर की स्वच्छता के बारे में कई बिन्दुओं पर चर्चा की। तय हुआ कि रविवार से नगर के वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वार्डवार स्वच्छता अभियान में सभासद और स्थानीय लोगों की जन सहभागिता भी सुनिश्चित होगी। बताया कि एक बार नगर को पूर्णतया साफ करने का लक्ष्य रखा गया है जिसके बाद सफाई की रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक में पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने कर्मचारियों द्वारा नालियों में कूड़ा गिराने पर कार्रवाई के भी संकेत दिए। बताया कि पालिका सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने पर सोमवार से जुर्माना भी लगाने जा रही है। बैठक में मोहल्ला स्वच्छता समितियों को ही कूड़ा देने और कूड़े को डंपर तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। डंपर को समय से खाली करने और गंदगी न फैलाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिशासी अधिकारी वीपीएस चौहान, सफाई निरीक्षक सचिन रावत व अरविन्द डिमरी, सभासद रीना शर्मा, कुलदीप शर्मा, राधा रमोला, मधु मिश्रा, विजयलक्ष्मी भट्ट, अनिता बहल, देवेन्द्र प्रजापति, सफाई नायक नरेश, महेन्द्र, विनोद, विनेश, मुकेश, अमित, विक्रम, जितेन्द्र, राजेश आदि मौजूद थे।

पालिका के सभासद जांचेंगे हाजिरी

ऋषिकेश।
सफाई व्यवस्था के लिए हुई बैठक में बोर्ड के सदस्यों ने सफाई न होने पर गुरुवार को नाराजगी जताई। नाराजगी को और बल तब मिला जब पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने सदस्यों की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब मैं छोटा था और पालिका के संसाधन भी सीमित थे। तब देखते थे कि सड़क की सफाई और नालियां चकाचक रहती थीं। आज दो सफाई नायक, सफाई कर्मचारी, नाला गैंग होने के बाद भी सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार सफाई पर विशेष ध्यान रख रही है। ऐसे में सफाई को हर हाल में ठीक रखना पालिका की जिम्मेदारी है। बैठक में सफाई नायकों पर कर्मचारियों की हाजिरी में हेराफेरी करने व छुट्टी के नाम पैसे वसूलने की बात सामने आई। इस पर अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि सभासदों को हाजिरी जांचने का अधिकार सौंप देने चाहिए जिससे व्यवस्था में सुधार आएगा। कुछ सभासदों ने कर्मचारियों पर सड़क का कूड़ा नाली में गिराने की शिकायत की। बताया कि पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि कर्मचारी उल्टी झाड़ू लगा रहे है। सड़क का कूड़ा नालियों में गिरा रहे हैं। ऐसे में अगर कर्मचारी नालियां साफ नहीं करें तो कूड़ा नालियों में ही जमा रहता है। इसपर सफाई नायकों के साथ बोर्ड सदस्यों की बैठक कराने का भी निर्णय लिया गया। नाला गैंग के सदस्यों की संख्या भी बढ़ाने चर्चा हुई।

ठेका दूर न ले जाने पर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ऋषिकेश।
गुरुवार को क्षेत्र के ग्रामीण नाघाघेर, रानीपोखरी में एकत्रित हुए और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि कोर्ट ने शराब का ठेका पांच सौ मीटर दूर खोलने के निर्देश दिए हैं लेकिन ठेका मेन रोड से मात्र चार सौ मीटर दूर खोलने की योजना है। जहां ठेका खोला जा रहा है। वहां पर गैस गोदाम, हाट बाजार और बच्चों के खेलने का स्टेडियम भी है। गैस गोदाम होने के कारण यहां महिलाएं और बच्चे आते हैं। ठेका खुलने से उन्हें परेशानी होगी। उन्होंने ठेका अन्यत्र खोलने की मांग की। दूसरे दिन धरने पर बैठने वालों में बीना देवी, तारा देवी, राधा देवी, शांति देवी, ममता देवी, प्रमिला देवी, बसंती देवी, रुक्मणि देवी, अतर सिंह, अनिता देवी, रुकमा देवी आदि शामिल थे।

घर से बाहर कूड़ा सोच समझकर फेंके, जेब होगी ढीली

नीरु जोशी।
पालिका प्रशासन अब नगर में कूड़ा फैलाने वालों पर कार्रवाई कर सकेगा। शासन ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एव थूकना प्रतिषेध अधिनियम 2016 के तहत निकायों को कार्रवाई का अधिकार दे दिया है। इस अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों में कूड़ा फेंकना, एकत्र करना, व्यवसायिक प्रदूषण फैलाना, ऐसे खाद्य पदार्थ जो हानिकारक श्रेणी में आते है को सड़क किनारे सूखाता है, खाद, कचरा, राख, उद्यान अप्रदूषण चलते हुए या खड़े वाहन से सड़क में गिराता है तो पालिका को पूर्ण अधिकार होगा कि इस अधिनियम के तहत कार्रवाई कर सके।
अस्तबल, तबेले, पालतू मवेशियों का अपशिष्ट या गोबर को नालियों में नही बहाया जा सकेगा। सार्वजनिक स्थानों में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा आदि का सेवन करते हुए थूकने को भी अधिनियम में शामिल किया है। अधिनियम में उल्लेखित है कि निजी स्वामी अपने परिसर के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का उत्तरदायी होगा। निजी सड़क से लगे परिसर का स्वामी अपने परिसर के आधे या मध्य भाग तक सड़क की सफाई करवायेगा। अधिनियम के उल्लंघन करने पर पालिका को अधिकार होगा कि कार्रवाई करते हुए न्युन्तम दो सौ रुपये व अधिकतम पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूले।
लेकिन यदि कोई व्यक्ति बार बार अधिनियम का उल्लघंन करता है तो प्रतिदिन पांच सौ रुपये के हिसाब से पालिका अर्थदंड वसूलने की अधिकारी होगी। पालिका प्रशासन के द्वारा की गयी कार्रवाई में दोष सिद्ध होने पर अधिकतम पांच हजार का अर्थदंड या छ:माह की अवधि का कारावास या दोनों साथ देय होंगी। अधिनियम के अनुसार राज्य की नगर निकायों में भी इसके नियम लागू होंगे। इसकी अधिसूचना 30 नवबंर 2016 से राज्य में लागू हो गयी है। शासन ने 6 मार्च को नगर पालिका ऋषिकेश को पत्र भेजकर अधिनियम का पालन सुनिश्चित करवाने को निर्देशित किया है।

नगर पालिका ऋषिकेश को शासन ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकने एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के गजट की प्रति सलंग्न करते हुए पालन सुनिश्चित करवाने के लिए निर्देशित किया है। पत्र और अधिनियम का अवलोकन किया जा रहा है। शीघ्र ही अपनी टीम के साथ कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
सचिन रावत व अरविन्द डिमरी
सफाई निरीक्षक नगर पालिका ऋषिकेश।